Wednesday, April 29th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

खाद्य सुरक्षा को लेकर अलर्ट मोड में प्रशासन, होटल-ढाबों से लेकर मंडियों तक छापेमारी

Daily Archives: 29/04/2026

खाद्य सुरक्षा को लेकर अलर्ट मोड में प्रशासन, होटल-ढाबों से लेकर मंडियों तक छापेमारी

फल-सब्जियों के 33 सैंपल जांच के लिए भेजे, रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

देहरादून। चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन को देखते हुए प्रदेश में खाद्य सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने राज्यभर में सघन अभियान शुरू कर दिया है। विभाग के आयुक्त सचिन कुर्वे के मार्गदर्शन और अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी के नेतृत्व में टीमें सभी जनपदों में युद्धस्तर पर कार्रवाई कर रही हैं। खासतौर पर चारधाम यात्रा मार्गों, होटल-ढाबों, फल-सब्जी मंडियों और अस्थायी खाद्य दुकानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध हो सके।

यात्रा मार्गों पर कड़ी निगरानी

चारधाम यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु प्रदेश में पहुंचते हैं, ऐसे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखना बड़ी चुनौती होती है। इसे देखते हुए विभाग ने यात्रा रूट पर विशेष टीमें तैनात की हैं, जो लगातार निरीक्षण कर रही हैं। अधिकारियों के अनुसार, होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और फूड स्टॉल्स में साफ-सफाई, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और लाइसेंसिंग की गहन जांच की जा रही है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।

फलों और सब्जियों पर विशेष अभियान

इसी कड़ी में 28 अप्रैल को पूरे प्रदेश में फल और सब्जियों में कीटनाशकों और कृत्रिम रूप से पकाने वाले रसायनों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न जनपदों से कुल 33 नमूने एकत्रित किए गए। अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बाजार में बिक रहे फल और सब्जियां स्वास्थ्य के लिए सुरक्षित हों और उनमें हानिकारक रसायनों का अत्यधिक उपयोग न किया गया हो।

इन जिलों से लिए गए नमूने

अभियान के तहत हरिद्वार जनपद से सर्वाधिक 12 नमूने लिए गए, जिनमें तरबूज, खरबूजा, आम, केला, सेब, पपीता, करेला, भिंडी और परवल शामिल हैं। ऊधमसिंह नगर से 3 नमूने (तरबूज, केला, लौकी), बागेश्वर से 3 (आम, केला, अंगूर) और पिथौरागढ़ से 2 नमूने (तरबूज, लौकी) एकत्र किए गए। टिहरी और अल्मोड़ा से 2-2 नमूने लिए गए, जिनमें आम, सेब, तरबूज और बैंगन शामिल हैं। रुद्रप्रयाग से 2 (भिंडी, सेम), नैनीताल से 5 (सेब, आम, मौसंबी, टमाटर, लौकी) और चमोली से 2 नमूने (खीरा, केला) जांच के लिए संग्रहित किए गए।

जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई

अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशालाओं में भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी नमूने में मानकों से अधिक कीटनाशक या कृत्रिम पकाने वाले रसायन पाए जाते हैं, तो संबंधित व्यापारियों और आपूर्तिकर्ताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसमें लाइसेंस निलंबन, जुर्माना और कानूनी कार्रवाई भी शामिल हो सकती है।

जनता से सतर्क रहने की अपील

अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी ने आमजन और यात्रियों से अपील की है कि वे फल और सब्जियां खरीदते समय सतर्कता बरतें। अत्यधिक चमकदार या अस्वाभाविक रूप से पके हुए फलों से बचें और किसी भी संदिग्ध खाद्य सामग्री की सूचना तुरंत विभाग को दें। विभाग का कहना है कि जनसहयोग से ही खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।

आयुक्त सचिन कुर्वे का बयान

खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के आयुक्त सचिन कुर्वे ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान प्रदेश में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा राज्यभर में सघन अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें विशेष रूप से यात्रा मार्गों, होटल-ढाबों और खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच की जा रही है। फल और सब्जियों में कीटनाशकों तथा कृत्रिम पकाने वाले रसायनों के उपयोग को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने आमजन से अपील की कि वे जागरूक रहें और संदिग्ध खाद्य पदार्थों की जानकारी विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी ने बताया कि विभाग की टीमें लगातार फील्ड में सक्रिय हैं और यात्रा मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि फल और सब्जियों के नमूने लेकर उनकी जांच कराई जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की मिलावट या हानिकारक रसायनों के उपयोग को रोका जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट में यदि कोई भी नमूना मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाता है, तो संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। विभाग का उद्देश्य आमजन और यात्रियों को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।


शक में कत्ल: पत्नी के कथित प्रेमी की पति ने की हत्या, हत्या के बाद आरोपी ने किया सरेंडर

 नई दिल्ली- दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में रिश्तों के शक ने खूनी रूप ले लिया। एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के कथित प्रेमी समझे जाने वाले किरायेदार की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और पुलिस के सामने अपना गुनाह कबूल कर लिया।

पुलिस के मुताबिक इंदिरा कॉलोनी निवासी वीरेंद्र ने मंगलवार शाम खुद सूचना दी कि उसने अपने किरायेदार कन्हैया की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां झुग्गी के अंदर कन्हैया का शव बिस्तर पर पड़ा मिला। उसके गले पर गहरे वार और शरीर पर चाकू के कई निशान पाए गए। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी को पत्नी और किरायेदार के बीच संबंधों को लेकर शक था। इसी शक के चलते उसने कथित तौर पर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की जांच जारी है।

घटनास्थल से एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं, जबकि सीसीटीवी फुटेज में भी आरोपी की मौजूदगी की पुष्टि हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम के हर पहलू की जांच कर रही है।


आईपीएल 2026- सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला आज

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होगा मुकाबला 

नई दिल्ली। आईपीएल 2026 में बुधवार को सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस आमने-सामने होंगी। पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस इस मैच में जीत दर्ज कर अपने डगमगाते अभियान को पटरी पर लाने की कोशिश करेगी, जबकि हैदराबाद अपनी मजबूत बल्लेबाजी के दम पर बढ़त बनाए रखने के इरादे से उतरेगी। इस मुकाबले में सबकी नजरें इस बात पर टिकी रहेंगी कि स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा अंतिम एकादश में वापसी कर पाते हैं या नहीं।

मुंबई की चुनौती और खिलाड़ियों का फॉर्म

मुंबई इंडियंस के लिए इस सीजन में निरंतरता सबसे बड़ी समस्या बनी हुई है। रोहित शर्मा हैमस्ट्रिंग चोट के कारण पिछले कुछ मैचों से बाहर हैं, हालांकि उन्होंने नेट्स में अभ्यास शुरू कर दिया है। टीम प्रबंधन उनके खेलने पर अंतिम फैसला टॉस के समय लेगा।

कप्तान हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव का खराब फॉर्म टीम के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। तिलक वर्मा की शतकीय पारी के दम पर मुंबई ने एक समय वापसी के संकेत दिए थे, लेकिन चेन्नई के खिलाफ मिली हार ने टीम को फिर दबाव में डाल दिया है। वहीं, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी अभी तक प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे हैं।

प्लेइंग-11 में बदलाव की संभावना

मिचेल सैंटनर की चोट के बाद टीम में केशव महाराज को शामिल किया गया है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि विल जैक्स को अंतिम एकादश में मौका मिलता है या नहीं। टी20 विश्व कप में उनके प्रदर्शन को देखते हुए टीम प्रबंधन उन्हें आजमाने का फैसला कर सकता है।

हैदराबाद का मजबूत पक्ष

सनराइजर्स हैदराबाद इस समय संतुलित नजर आ रही है। टीम की बल्लेबाजी मजबूत है और कप्तान पैट कमिंस की वापसी से गेंदबाजी आक्रमण भी धारदार हुआ है।

अभिषेक शर्मा ने फॉर्म में वापसी के संकेत दिए हैं, जबकि ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन भी रन बना रहे हैं। हालांकि ट्रेविस हेड से टीम को अभी भी बड़ी पारी की उम्मीद है, जो इस सीजन में अभी तक पूरी तरह रंग में नहीं दिखे हैं।

संभावित प्लेइंग-11

मुंबई इंडियंस: क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या (कप्तान), तिलक वर्मा, शेरफेन रदरफोर्ड, विल जैक्स, जसप्रीत बुमराह, कृष भगत, एएम गजनफर, अश्विनी कुमार।

सनराइजर्स हैदराबाद: ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, अनिकेत वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, साकिब हुसैन, प्रफुल्ल हिंगे, ईशान मलिंगा।

मैच से जुड़ी अहम जानकारी
तारीख: 29 अप्रैल (बुधवार)
स्थान: वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई
समय: शाम 7:30 बजे (टॉस 7:00 बजे)
लाइव प्रसारण: स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क
लाइव स्ट्रीमिंग: जियोहॉटस्टार ऐप


जमीन हड़पने और फर्जी दस्तावेज मामले में AAP नेता अमन गोयल गिरफ्तार

फरीदाबाद- फरीदाबाद में सराय ख्वाजा थाना पुलिस ने आम आदमी पार्टी के व्यापार मंडल अध्यक्ष अमन गोयल को जमीन कब्जाने और फर्जी दस्तावेज तैयार करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी में है।

पुलिस के मुताबिक मामला सेक्टर-35 स्थित प्लॉट नंबर 71 से जुड़ा है, जिस पर स्वामित्व को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। शिकायतकर्ता माला शर्मा के पक्ष में सेशन कोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक फैसले आने के बावजूद आरोपी पर कब्जा करने की साजिश रचने के आरोप लगे हैं।

जांच में सामने आया है कि कथित तौर पर आरोपी ने अपने एक सहयोगी के साथ मिलकर फर्जी एग्रीमेंट तैयार कराया और दस्तावेजों में पिछली तारीख दिखाकर जमीन पर दावा मजबूत करने की कोशिश की। पुलिस इस पूरे मामले को धोखाधड़ी और साजिश के एंगल से जांच रही है।

थाना पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान फर्जी दस्तावेज तैयार करने में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जाएगी। मामले ने राजनीतिक और कारोबारी हलकों में भी हलचल पैदा कर दी है।


खन्ना में AAP नेता अविनाश जल्ला को रंगदारी की धमकियां, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा

खन्ना- खन्ना में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और आढ़ती एसोसिएशन पंजाब के उपाध्यक्ष अविनाश प्रीत सिंह जल्ला को लगातार जान से मारने की धमकियां मिलने से हड़कंप मच गया है। व्हाट्सऐप कॉल और ऑडियो मैसेज के जरिए कथित तौर पर रंगदारी मांगी जा रही है, जिसके बाद पुलिस ने उनकी सुरक्षा बढ़ा दी है।

जानकारी के मुताबिक विदेश में बैठे शगनप्रीत सिंह पर धमकी देने के आरोप लगे हैं। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी इसी गिरोह द्वारा गैंगस्टर नेटवर्क के जरिए आढ़तियों को निशाना बनाया गया था और पायल अनाज मंडी के एक कारोबारी से करीब एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी।

मामले में शगनप्रीत सिंह के पिता की गिरफ्तारी के बाद धमकियों का सिलसिला और तेज हो गया। आरोप है कि आढ़ती की दुकान पर फायरिंग की घटना भी सामने आई थी। अब अविनाश प्रीत सिंह जल्ला को सीधे कॉल कर धमकियां दिए जाने के बाद पुलिस अलर्ट मोड में है।

डीएसपी पायल हरमनदीप सिंह चीमा के मुताबिक पुलिस गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई कर चुकी है। नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और शूटरों को भी दबोचा जा चुका है। विदेश में बैठे आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तेज कर दी गई है। वहीं जल्ला की सुरक्षा के लिए गनमैन तैनात करने के साथ इलाके में पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गई है।


हीट वेव का कहर: स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, डॉक्टरों ने जारी की एडवाइजरी

गर्मी के पीक समय दोपहर में घर में रहना ही सुरक्षित, जरूरी हो तभी निकलें बाहर- डा. एस. के. झा

देहरादून। प्रदेश में लगातार बढ़ते तापमान और हीट वेव ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि की संभावना है, जिससे विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों और कामकाजी लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन जैसे मामलों में बढ़ोतरी की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सक्रिय मोड में आ गया है।

राजधानी देहरादून में बढ़ती गर्मी के मद्देनज़र डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे के बीच अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। अत्यावश्यक स्थिति में बाहर जाते समय सिर को छाते या कपड़े से ढकने और चेहरे को सुरक्षित रखने की हिदायत दी गई है। साथ ही शरीर में पानी की कमी से बचने के लिए पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थों का सेवन करने पर जोर दिया गया है।

चिकित्सकों ने खानपान में भी सावधानी बरतने की सलाह देते हुए तरबूज, नींबू पानी, जलजीरा और नारियल पानी जैसे पानी से भरपूर पेय पदार्थों को दैनिक आहार में शामिल करने की बात कही है।

रायपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस. के. झा ने बताया कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए सभी आयु वर्ग के लोगों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शरीर में पानी की कमी न होने दें और हल्के रंग के ढीले-ढाले कपड़े पहनें।

डॉ. झा ने विशेष रूप से धूम्रपान करने वालों को अधिक सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि वे अधिक मात्रा में पानी का सेवन करें, ताकि शरीर में डिहाइड्रेशन की समस्या न हो।

उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि हीट वेव के दौरान चक्कर आना, सिरदर्द, तेज बुखार, उल्टी या बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी अस्पताल में संपर्क करें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर स्थिति उत्पन्न कर सकती है।

प्रशासन ने भी आमजन से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और गर्मी से बचाव के सभी जरूरी उपाय अपनाएं। जागरूकता और सावधानी ही हीट वेव से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

सड़क किनारे जूस पीते समय बरतें सावधानी
डॉ. एस. के. झा ने लोगों को सड़क किनारे जूस का सेवन करते समय स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि गंदे पानी के उपयोग से संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। साथ ही गन्ने के जूस में बर्फ का कम से कम उपयोग करने की सलाह दी गई है।


महिला आरक्षण के समर्थन में मातृशक्ति ने निकाली महिला आक्रोश मशाल यात्रा

मेरे आह्वान पर महिला आक्रोश रैली में पहुंची हजारों की संख्या में मातृशक्ति का ह्रदय की गहराईयों से धन्यवाद व आभार- रेखा आर्या

देहरादून। महिला आरक्षण के मुद्दे को लेकर मातृशक्ति ने देहरादून में गांधी पार्क से घंटाघर तक महिला आक्रोश मशाल यात्रा निकाली। इस यात्रा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मंत्री रेखा आर्या सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और महिलाएं शामिल रहीं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि महिला आरक्षण देश की आधी आबादी के अधिकारों से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है और केंद्र सरकार महिलाओं को उनका हक दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कुछ विपक्षी दलों का रुख महिलाओं की आकांक्षाओं के विपरीत है, जिसे जनता देख रही है।

महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि हमारी परंपरा में महिलाओं को सम्मान जरूर मिला है, लेकिन अब जरूरत है कि उन्हें निर्णय लेने की प्रक्रिया में भी बराबरी का स्थान मिले। संसद और विधानसभाओं में एक-तिहाई आरक्षण से महिलाओं की भागीदारी मजबूत होगी और यह बदलाव देश के विकास को नई दिशा देगा।

मंत्री रेखा आर्या नें कहा कि इस रैली का आयोजन सौभाग्य से मुझे प्राप्त हुआ और मेरे आह्वान पर महिला आक्रोश रैली में पहुंची हजारों की संख्या में मातृशक्ति का ह्रदय की गहराईयों से धन्यवाद व आभार व्यक्त करती हूँ I

रेखा आर्या ने कहा कि महिला आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषय पर विपक्ष का रवैया निराशाजनक रहा है। महिलाओं की अपेक्षाओं के विपरीत जाकर जो रुख अपनाया गया है, उसे देश की महिलाएं भली-भांति समझ रही हैं। आने वाले समय में महिलाएं कांग्रेस और कांग्रेस समर्थित पार्टियों को हराकर मुंहतोड़ जवाब देंगी और इसका प्रभाव भी देखने को मिलेगा।

उन्होंने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को उनका अधिकार सुनिश्चित किया जाएगा और नारी सशक्तिकरण को और अधिक मजबूती मिलेगी।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, संगठन महामंत्री अजय कुमार, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, विधायक सविता कपूर, पार्वती दास आशा नौटियाल, सरिता आर्या, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट, राष्ट्रीय महिला महामंत्री दीप्ति रावत, शैलेंद्र कुमार, राज्यमंत्री मधु भट्ट,बाल अधिकार संरक्षण आयोग अध्यक्ष गीता खन्ना,महिला आयोग अध्यक्ष कुसुम कंडवाल समेत हजारों महिलाएं उपस्थित रही।


500 रुपये के विवाद में गैंगस्टर गुलफाम की हत्या, चचेरे भाई ने चाकू से किया हमला

गाजियाबाद –  मसूरी थाना क्षेत्र में महज 500 रुपये के लेनदेन को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मेरठ निवासी गैंगस्टर गुलफाम की उसके ही चचेरे भाई आरिफ ने चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस के अनुसार, गुलफाम मसूरी के रेलवे स्टेशन रोड स्थित किराए के मकान में रह रहा था और भूड़गढ़ी इलाके में सब्जी बेचने का काम करता था। सोमवार को आरिफ वहां पहुंचा और खीरा मांगने लगा। इसी दौरान गुलफाम ने पहले 500 रुपये की उधारी लौटाने की बात कही, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।

आरोप है कि नशे में धुत आरिफ ने गुस्से में चाकू निकालकर गुलफाम पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर हालत में घायल गुलफाम को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उसे गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी और मृतक चचेरे भाई होने के साथ-साथ साढ़ू भी थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।


अवैध प्लॉटिंग पर एमडीडीए का सख्त एक्शन, मेहुवाला में 10 बीघा जमीन पर विकसित हो रही अवैध कॉलोनी ध्वस्त

देहरादून- मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मेहुवाला क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्राधिकरण ने सख्ती दिखाते हुए यह कदम उठाया, जिससे अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया है।

सैक्टर वाइज टीमों से निगरानी तेज
एमडीडीए ने अवैध प्लॉटिंग पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सैक्टर वाइज टीमों का गठन किया है। ये टीमें नियमित रूप से क्षेत्र का निरीक्षण कर रही हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई कर रही हैं। प्राधिकरण का मानना है कि इस व्यवस्था से अवैध कॉलोनियों पर समय रहते रोक लगाई जा सकेगी और शहर का विकास योजनाबद्ध तरीके से होगा।

मेहुवाला में 10 बीघा जमीन पर चल रही थी प्लॉटिंग
प्राधिकरण की टीम को जांच के दौरान मेहुवाला माफी, निकट ईंट भट्टा क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग की जानकारी मिली। यहां कमल राठौर व अन्य द्वारा “श्रीराम इन्क्लेव” में करीब 10 बीघा भूमि पर बिना स्वीकृति प्लॉटिंग की जा रही थी। मामले की पुष्टि होने पर प्राधिकरण ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई संयुक्त सचिव गौरव चटवाल के निर्देशों पर की गई। मौके पर सहायक अभियंता विजय रावत, अवर अभियंता मुनेश राणा और सुपरवाइजर की टीम मौजूद रही। पूरी कार्रवाई नियमानुसार और प्रशासनिक निगरानी में संपन्न हुई। एमडीडीए की इस कार्रवाई से यह स्पष्ट हो गया है कि प्राधिकरण अब अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ पूरी तरह सख्त रुख अपना चुका है। आने वाले समय में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहने की संभावना है, जिससे शहर में अव्यवस्थित विकास पर रोक लगाई जा सके और नागरिकों के हितों की रक्षा हो सके।

आम जनता अधिकृत योजनाओं में ही निवेश करें – बंशीधर तिवारी
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा, “अवैध रूप से कॉलोनियां विकसित करना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे आम नागरिकों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। कई बार लोग बिना जांच-पड़ताल के ऐसे प्लॉट खरीद लेते हैं, जिससे भविष्य में उन्हें कानूनी और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। एमडीडीए ने सैक्टर वाइज टीमों का गठन कर निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया है। हमारी टीमें लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं और जहां भी अवैध गतिविधियां सामने आती हैं, वहां तत्काल कार्रवाई की जाती है। हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि देहरादून का विकास पूरी तरह नियोजित और सुरक्षित तरीके से हो। इसके लिए जरूरी है कि नियमों का सख्ती से पालन किया जाए। साथ ही, आम जनता से भी अपील है कि वे केवल अधिकृत योजनाओं में ही निवेश करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी प्राधिकरण को दें।”

अवैध निर्माण पर नहीं होगी कोई ढील – मोहन सिंह बर्निया
एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा, “प्राधिकरण अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रहा है। मेहुवाला में की गई कार्रवाई इसी का उदाहरण है। हमारी टीमें लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। जो लोग नियमों का उल्लंघन कर अवैध कॉलोनियां विकसित कर रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे। आम नागरिकों को भी सतर्क रहना चाहिए और केवल वैध स्वीकृति वाली परियोजनाओं में ही निवेश करना चाहिए।”


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp