Saturday, April 18th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

घरेलू विवाद बना जानलेवा, पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट

Daily Archives: 18/04/2026

घरेलू विवाद बना जानलेवा, पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट

देहरादून –  जौलीग्रांट क्षेत्र में घरेलू विवाद ने एक दर्दनाक मोड़ ले लिया, जहां एक पति ने अपनी पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई।

घटना पाल मोहल्ला की है, जहां किराए पर रह रहे दंपति के बीच शुक्रवार शाम कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी पति गोपाल (39) ने अपनी पत्नी प्रतिभा (30) पर चाकू से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि उसने महिला के पेट पर कई वार किए।

घटना के बाद घायल प्रतिभा को तुरंत जौलीग्रांट अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान शनिवार सुबह उसने दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के पीलीभीत का रहने वाला है और जौलीग्रांट में मजदूरी करता था। मृतका के भाई विवेक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


पीलीभीत में दिनदहाड़े जमीन विक्रेता के अपहरण की कोशिश, भीड़ ने बचाई जान

पीलीभीत। पीलीभीत जिले के पूरनपुर इलाके में दिनदहाड़े एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां रजिस्ट्री कार्यालय के बाहर जमीन बेचने आए व्यक्ति को जबरन कार में बैठाकर अगवा करने की कोशिश की गई। पीड़ित की सूझबूझ और मौके पर मौजूद लोगों की तत्परता से बड़ी वारदात टल गई, लेकिन आरोपी लाखों रुपये की रकम दिए बिना मौके से फरार हो गए।

जबरन कार में बैठाकर ले जाने की कोशिश
मामला पूरनपुर तहसील क्षेत्र के गांव चित्तरपुर का है। यहां के निवासी बाबूराम अपनी जमीन की रजिस्ट्री कराने उप निबंधक कार्यालय पहुंचे थे। आरोप है कि तय समय पर पहुंचे खरीदार और उसके साथियों ने अचानक उन्हें घेर लिया और जबरदस्ती कार में बैठा लिया। बताया जा रहा है कि जमीन की कीमत करीब 90 लाख रुपये तय हुई थी, लेकिन रकम देने के बजाय आरोपी उन्हें अपने साथ ले जाने लगे।

शोर मचाने पर बची जान
खतरा भांपते ही बाबूराम ने शोर मचाना शुरू कर दिया, जिससे आसपास मौजूद लोग सतर्क हो गए। भीड़ ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कार को घेर लिया और पीड़ित को आरोपियों के कब्जे से छुड़ा लिया। इस दौरान हड़कंप मच गया और मौके का फायदा उठाकर आरोपी फरार हो गए।

पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।


मुख्यमंत्री धामी ने चार धाम जाने वाली बसों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

श्रद्धालुओं के लिए स्थापित निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का भी किया निरीक्षण

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को ऋषिकेश में चार धाम जाने वाली बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए स्थापित निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का भी निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री ने देश भर से आए श्रद्धालुओं का उत्तराखंड में स्वागत करते हुए कहा कि चारधाम यात्रा – आस्था, साधना और आत्मा को जोड़ने का मार्ग है। यह यात्रा हर कठिनाई को पार करने की शक्ति देती है। उन्होंने कहा सरकार का संकल्प है कि यात्रा सुगम, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और दिव्य हो। चारधाम यात्रा करोड़ों श्रद्धालुओं को आत्मिक शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करती है।

मुख्यमंत्री ने कहा माँ गंगा के आशीर्वाद से यात्रा हर साल नया कीर्तिमान रच रही है। उन्होंने कहा राज्य सरकार सुरक्षित चारधाम यात्रा के लिए दृढ़ संकल्पित है, वे स्वयं लगातार यात्रा की तैयारियों की नियमित समीक्षा कर रहे हैं। सरकार का लक्ष्य, हर श्रद्धालु को सुरक्षा, सम्मान और दिव्य अनुभव प्रदान कराना है। हर श्रद्धालु देवभूमि में बिताए गए पलों की स्वर्णिम स्मृतियाँ अपने साथ लेकर जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने सभी श्रद्धालुओं से धार्मिक स्थलों एवं यात्रा मार्ग में विशेष स्वच्छता बनाए रखने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा उत्तराखंड के कण-कण में भगवान का वास है, इस पवित्रता को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ने इस वर्ष ग्रीन चारधाम यात्रा और प्लास्टिक मुक्त केदारनाथ धाम का लक्ष्य निर्धारित किया है। सरकार द्वारा यात्रा मार्गों पर नियमित सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। सभी वाहनों में डस्टबिन रखना अनिवार्य किया गया है। उन्होंने कहा जैसे हम अपने घर के मंदिर को साफ और पवित्र रखते हैं, वैसे ही देवभूमि को भी स्वच्छ और पवित्र बनाए रखना है।

मुख्यमंत्री ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यात्रा को और अधिक सुगम बनाने के लिए कई ऐतिहासिक कार्य किए जा रहे हैं। हाल ही में ₹ 12 हजार करोड़ की लागत से बने दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का लोकार्पण हुआ है, जिससे यात्रा सुगम और तेज हो गई है। केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में पुनर्निर्माण कार्य गतिमान हैं। गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब में भी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा ऑल वेदर रोड परियोजना के अंतर्गत यात्रा मार्गों को सुगम बनाया गया है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में गौरीकुंड से केदारनाथ धाम और गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब तक के लिए रोपवे परियोजनाओं का कार्य भी आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा चारधाम यात्रा लाखों लोगों की आजीविका का आधार है। इसलिए यात्रा के दौरान स्थानीय उत्पादों, रोजगार और अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने यात्रियों से अधिक से अधिक स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करने का भी आवाहन किया।

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य सरकार, यात्रियों की सुविधा, सुगमता और स्वास्थ्य को लेकर पूरी संवेदनशीलता से कार्य कर रही है। उन्होंने यात्रियों से निवेदन करते हुए कहा कि सरकार द्वारा जारी एडवाइजरी का अवलोकन अवश्य करें। आवश्यकता पड़ने पर स्वास्थ्य जांच करने के बाद ही यात्रा में आए। उन्होंने बताया केदारनाथ में मेडिकल अस्पताल तैयार हो गया है। बद्रीनाथ में 50 बेड का अस्पताल जून तक तैयार हो जाएगा। यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं की गई है।

कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि परिवहन विभाग लगातार आगामी यात्रा की तैयारी कर रहा है। हमारा कर्तव्य है कि प्रदेश में आने वाले हर श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम और सुरक्षित हो। उन्होंने बताया इस वर्ष यात्रा मार्ग में सिंगल लेन सड़कों, लैंडस्लाइड जोन, जैसे स्थानों पर शटल सर्विस की शुरुवात की गई है। इसके साथ मूवेबल शटल सर्विस के लिए हेल्पलाइन नंबर भी उपलब्ध करवाया जाएगा। विभिन्न स्थानों पर एल.ई.डी लगाकर लोगों को जानकारियां दी जाएंगी।

इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक प्रेमचंद्र अग्रवाल, मेयर शंभू पासवान, अध्यक्ष हेमकुंड गुरुद्वारा ट्रस्ट नरेंद्रजीत बिंद्रा, भास्करानंद भारद्वाज, जितेंद्र नेगी, अजय सिंह, मनोज ध्यानी, संजय शास्त्री, भोपाल सिंह नेगी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।


कृषि मंत्री गणेश जोशी ने अपने शासकीय आवास में निकाला शहद

30 बक्सों से निकला 60 किलोग्राम से अधिक शहद

देहरादून। प्रदेश के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने अपने शासकीय आवास में शहद उत्पादन के लिए स्थापित किए गए मधुमक्खी के बक्सों से शहद निकाला। उन्होंने जानकारी दी कि 30 बक्सों से लगभग 60 किलोग्राम शहद निकाला गया। उन्होंने इस कार्य के तकनीकी विशेषज्ञों से शहद उत्पादन की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।

कृषि मंत्री ने कहा उत्तराखण्ड में 9000 से अधिक कृषक मधुमक्खी पालन व्यवसायिक रूप से कर रहे हैं, जिससे लगभग 3300 एमटी का उत्पादन हो रहा है। इसके अतिरिक्त कई कृषक छोटे स्केल पर भी मधुमक्खी पालन कर रहे हैं। कृषिको द्वारा मुख्यतः इन्डिका और मेलिफेरा प्रजातियों से शहद का उत्पादन किया जा रहा है। कृषि मंत्री ने बताया कि हमारी सरकार ने हर जिले में एक मधुग्राम और जनपद चम्पावत व देहरादून में दो मधुग्राम भी चयनित किये गये हैं। मंत्री जोशी ने कहा कि मधुमक्खी उत्पादन से कृषक अपने आय को बढ़ा सकते हैं और यह उन कृषकों के लिए अत्यधिक लाभदायक है जिनके पास भूमि उपलब्ध नहीं है।

उन्होंने बताया कि उत्तराखण्ड में शहद के प्रसंस्करण हेतु 13 मधु प्रसंस्करण इकाईयॉ स्थापित हैं, जिनकी प्रसंस्करण क्षमता 200 मै0टन प्रतिदिन से भी अधिक है। राज्य में मौनपालन को बढ़ावा देने हेतु केन्द्रपोषित बागवानी मिशन योजनान्तर्गत 40 प्रतिशत अनुदान, राज्य सेक्टर की मधुग्राम योजनान्तर्गत 40 प्रतिशत टॉपअप प्रदान करते हुए कुल 80 प्रतिशत अनुदान से लाभान्वित किया जा रहा है। पर-परागण के लिए परिवहन पर 750 रुपये प्रति मौनबॉक्स अनुदान प्रदान किया जा रहा है। केन्द्रपोषित राष्ट्रीय मधुमक्खीपालन एवं शहद मिशन योजनान्तर्गत मौनपालन से सम्बन्धित इकाई स्थापना हेतु 90 प्रतिशत अनुदान प्रदान किया जा रहा है।

कृषि मंत्री जोशी ने कहा प्रदेश को शहद एवं सह-मौन उत्पादों के क्षेत्र में विशिष्ट स्थान दिलाने हेतु सरकार द्वारा 110 करोड़ से अधिक की लागत से मौनपालन नीति अनुमोदित की गयी है, जिसके अन्तर्गत विस्तृत वेल्यूचैन स्थापित करते हुए मौनपालकों तथा कृषकों को 80 प्रतिशत तक अनुदान से लाभान्वित करने की व्यवस्था की गयी है। उत्तराखण्ड में उत्पादित होने वाला शहद उच्च गुणवत्ता युक्त है। सरकार के विभिन्न प्रयासों के माध्यम से शहद उत्पादन के लिए किसानों को बेहतर सुविधाएं और प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा सरकार का प्रयास है कि किसानों की आय दोगुनी हो उस दिशा में यह शहद उत्पादन से जुड़कर कृषक अधिक से अधिक लाभ प्राप्त कर सकते है।

इस अवसर पर बागवानी मिशन के निदेशक महेन्द्र पाल, मुख्य उद्यान अधिकारी डा0 डी0के0 तिवारी, पिंकी स्वयं सहायता समूह से पिंकी, किरन आदि सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।


गाजियाबाद में 300% मुनाफे का झांसा, दो लोगों से 63 लाख की साइबर ठगी

गाजियाबाद –  साइबर ठगी के दो बड़े मामले सामने आए हैं, जहां ठगों ने शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच देकर लाखों रुपये हड़प लिए। क्रॉसिंग रिपब्लिक निवासी एक आईटी पेशेवर से करीब 52 लाख रुपये ठगे गए, जबकि लोहिया नगर निवासी एक अन्य व्यक्ति से 11.41 लाख रुपये की ठगी की गई।

पुलिस के अनुसार, आईटी प्रोफेशनल गिरीश सिंह को मार्च में एक अज्ञात कॉल आई, जिसमें शेयर ट्रेडिंग में 300 प्रतिशत तक मुनाफे का झांसा दिया गया। इसके बाद उन्हें एक ऐप डाउनलोड कराकर निवेश करने के लिए कहा गया। 2 मार्च से 28 मार्च के बीच उन्होंने करीब 52 लाख रुपये निवेश किए। शुरुआती तौर पर उनके खाते में मुनाफा दिखाया गया, लेकिन जब उन्होंने पैसे निकालने की कोशिश की तो सफल नहीं हो सके।

ठगों ने पैसे निकालने के लिए अतिरिक्त रकम जमा करने की मांग की, जिससे शक होने पर पीड़ित ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

वहीं, लोहिया नगर निवासी प्रदीप कुमार शर्मा के साथ भी इसी तरह की ठगी की गई। उन्हें कॉल कर शेयर ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर 11.41 लाख रुपये लगवाए गए, लेकिन जब उन्होंने मुनाफा निकालना चाहा तो उनसे भी अतिरिक्त पैसे मांगे गए।

एडीसीपी अपराध पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि दोनों मामलों में साइबर थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है। पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि ऐसे निवेश प्रस्तावों से सतर्क रहें।


श्री राम हमें मर्यादा, आदर्श जीवन, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं- गणेश जोशी

मथुरा में आयोजित श्रीराम कथा में पहुंचे कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी

मथुरा। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज उत्तरप्रदेश के जनपद मथुरा स्थित गऊ ग्राम परखम में दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति द्वारा आयोजित श्रीराम कथा के समापन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने व्यासपीठ पर विराजमान निरंजन पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज के मुखारविंद से श्री राम कथा का श्रवण किया।

कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने व्यासपीठ पर विराजमान महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज से आशीर्वाद प्राप्त कर प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि की कामना की और आयोजकों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं भी दीं। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि श्री राम हमें मर्यादा, आदर्श जीवन, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उनका जीवन हम सभी के लिए अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं को सशक्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने वृंदावन में श्री बांके बिहारी के दर्शन किए। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की विशेष पूजा-अर्चना कर श्री बांके बिहारी का आशीर्वाद लिया और प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि की कामना की। इसके साथ ही कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने वृंदावन में इस्कॉन द्वारा स्थापित वृंदावन चंद्रोदय मंदिर में भगवान कृष्ण के दर्शन पूजन कर उनके आशीर्वाद लिया।


आगरा में छत काटकर डकैती, बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर लूटी 30 किलो चांदी

आगरा –  एत्माद्दौला इलाके में शुक्रवार देर रात एक बड़ी डकैती की वारदात सामने आई, जहां बदमाशों ने घर की छत काटकर अंदर घुसते हुए परिवार को बंधक बना लिया। हथियारों के बल पर की गई इस वारदात में करीब 30 किलो से अधिक चांदी और फैक्ट्री से जुड़ा कीमती सामान लूट लिया गया।

जानकारी के अनुसार, प्रकाश नगर के नगला छीदामी निवासी रामदत्त अपने घर में ही चांदी के आभूषण बनाने का काम करते हैं। देर रात करीब दो बजे छह नकाबपोश बदमाश छत का लेंटर काटकर घर में दाखिल हुए। आहट सुनकर परिवार के लोग जाग गए, लेकिन बदमाशों ने तमंचा और पिस्टल दिखाकर सभी को डराया और बंधक बना लिया।

विरोध करने पर बदमाशों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। इसके बाद उन्होंने मुख्य दरवाजा खोलकर अपने अन्य साथियों को भी अंदर बुला लिया और घर में रखी बड़ी मात्रा में चांदी व अन्य कीमती सामान समेट लिया।

घटना के बाद बदमाश आसानी से फरार हो गए। वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि सूचना देने पर पुलिस ने देर से पहुंचकर उनसे ही सवाल-जवाब किए।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।


ऊना में रैगिंग का मामला, छात्र से मारपीट करने वाला आरोपी निष्कासित

पंडोगा (ऊना)। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में स्थित पंडोगा के केसी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट में रैगिंग का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। हॉस्टल में रह रहे एक छात्र के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई, जिसके बाद संस्थान और पुलिस दोनों ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी।

पीड़ित छात्र ने बताया कि गुरुवार रात उसी संस्थान में पढ़ने वाले एक अन्य छात्र ने उसके साथ मारपीट की। घटना के बाद छात्र ने संस्थान निदेशक को ऑनलाइन शिकायत भेजी, जिस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की गई।

संस्थान प्रबंधन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक जांच कमेटी गठित की। प्रारंभिक जांच में आरोपी छात्र को दोषी पाए जाने पर उसे संस्थान से निष्कासित कर दिया गया। साथ ही संस्थान की ओर से पुलिस थाना हरोली में शिकायत दर्ज करवाई गई, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। वहीं, संस्थान के निदेशक विवेक परिहार ने स्पष्ट किया कि रैगिंग के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद छात्रों और अभिभावकों में चिंता का माहौल है, जबकि प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मामले में निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


सीएम धामी ने तात्या टोपे की पुण्यतिथि पर किया नमन, उनकी वीरता और बलिदान को किया याद

धामी बोले—तात्या टोपे का संघर्ष देशभक्ति का अनुपम उदाहरण

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानी तात्या टोपे की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने तात्या टोपे को माँ भारती का अमर सपूत बताते हुए उनके साहस और बलिदान को नमन किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि 1857 की क्रांति में तात्या टोपे ने अपने अद्वितीय युद्ध कौशल, नेतृत्व क्षमता और दृढ़ संकल्प से अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी थी। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने जिस रणनीति और साहस के साथ संघर्ष किया, वह देशभक्ति का अनुपम उदाहरण है।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे महान स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।


आईपीएल 2026- रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मुकाबला आज

बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होगा हाई-वोल्टेज मुकाबला

नई दिल्ली। आईपीएल 2026 में शनिवार को यानि आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मुकाबला खासा रोमांचक रहने की उम्मीद है। बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाले इस मैच में सभी की नजरें आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार पर टिकी होंगी, जिन्होंने इस सीजन मिडिल ओवर्स में धमाकेदार बल्लेबाजी से अलग पहचान बनाई है।

मिडिल ओवर्स में पाटीदार का जलवा
टी20 क्रिकेट में आमतौर पर पावरप्ले और डेथ ओवर्स चर्चा में रहते हैं, लेकिन पाटीदार ने 6 से 16 ओवर के बीच अपने प्रदर्शन से मैच का रुख बदल दिया है। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 223.86 रहा है, जो लीग औसत (151.39) से काफी ज्यादा है। खास बात यह है कि उन्होंने मिडिल ओवर्स में 18 छक्के जड़े हैं, जबकि उनके बाकी टीममेट्स मिलकर 17 छक्के ही लगा पाए हैं। ऐसे में दिल्ली के स्पिनर अक्षर पटेल और कुलदीप यादव के खिलाफ उनकी टक्कर देखने लायक होगी।

केएल राहुल पर भी रहेंगी निगाहें
दिल्ली कैपिटल्स के लिए केएल राहुल अहम भूमिका में होंगे। पिछले सीजन उन्होंने बेंगलुरु में 93* रन की मैच जिताऊ पारी खेली थी। आरसीबी के खिलाफ उनका औसत 71.1 और स्ट्राइक रेट 144 है। हालांकि, हाल के समय में लेग स्पिन के खिलाफ उनकी कमजोरी सामने आई है, जिसे आरसीबी भुनाने की कोशिश करेगी।

जितेश शर्मा फिनिशर की भूमिका में
आरसीबी के लिए जितेश शर्मा भी अहम कड़ी साबित हो सकते हैं। टॉप ऑर्डर के अच्छा प्रदर्शन करने के कारण उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले हैं, लेकिन वह टीम के लिए एक मजबूत फिनिशर का काम कर सकते हैं। उनके साथ टिम डेविड और रोमारियो शेफर्ड जैसे पावर हिटर्स टीम को मजबूती देते हैं।

पिच रिपोर्ट
एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है, लेकिन पिछले मुकाबले में यहां धीमी पिच देखने को मिली थी, जहां गेंद रुककर आ रही थी और स्कोर कम रहा। ऐसे में इस मैच में पिच का व्यवहार अहम भूमिका निभा सकता है।

मैच से जुड़ी अहम जानकारी

तारीख: 18 अप्रैल 2026 (शनिवार)
स्थान: एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम, बेंगलुरु
समय: दोपहर 3:30 बजे (टॉस 3:00 बजे)
प्रसारण: स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क
लाइव स्ट्रीमिंग: जियोहॉटस्टार ऐप

 


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp