Monday, April 13th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

मुख्यमंत्री धामी ने बाबा नीब करौरी महाराज पर आधारित फिल्म के प्रोमो और पोस्टर का किया लोकार्पण

Daily Archives: 13/04/2026

मुख्यमंत्री धामी ने बाबा नीब करौरी महाराज पर आधारित फिल्म के प्रोमो और पोस्टर का किया लोकार्पण

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को बाबा नीब करौरी महाराज पर आधारित फिल्म के प्रोमो और पोस्टर का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह फिल्म केवल एक सिनेमाई प्रस्तुति नहीं, बल्कि श्रद्धा, भक्ति और मानवता के उच्च आदर्शों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाने का सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि बाबा नीब करौरी महाराज का दिव्य जीवन आज भी करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनकी शिक्षाएँ सरलता, करुणा, सेवा और भक्ति के मार्ग पर चलने का संदेश देती हैं, जो वर्तमान समय में अत्यंत प्रासंगिक हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विषयों पर आधारित प्रयास भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों के संरक्षण एवं प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह फिल्म समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करेगी और नई पीढ़ी को अपने सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने में सहायक सिद्ध होगी।

मुख्यमंत्री ने फिल्म से जुड़े सभी कलाकारों, निर्देशक एवं निर्माता दल को इस आध्यात्मिक प्रयास के लिए बधाई और शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर योगगुरु स्वामी रामदेव, स्वामी चिदानंद सरस्वती, फिल्म निर्देशक शरद सिंह ठाकुर सहित अन्य कलाकार उपस्थित रहे।


वाराणसी होटल में विवाद के बाद युवती को मारी गोली, आरोपी गिरफ्तार

 वाराणसी। वाराणसी के कैंट इलाके में स्थित एक होटल में ठहरे युवक-युवती के बीच विवाद के बाद फायरिंग की घटना सामने आई है। इस घटना में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके बाद आरोपी युवक उसे खुद अस्पताल लेकर पहुंचा।

पुलिस के अनुसार, दोनों कुछ दिनों से होटल में साथ ठहरे हुए थे। शनिवार दोपहर किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जो अचानक हिंसक रूप ले बैठी। आरोप है कि गुस्से में युवक ने अवैध हथियार से फायर कर दिया, जिससे युवती घायल हो गई।

घटना के बाद आरोपी ने घबराहट में किसी को सूचaना देने के बजाय युवती को होटल से नीचे लाकर निजी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल प्रशासन को मामला संदिग्ध लगा, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में आरोपी ने पुलिस को गलत जानकारी देने की कोशिश की, लेकिन बाद में पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर उसकी पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया। घटना में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया है।

जांच में सामने आया है कि दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे और युवती शहर में रहकर पढ़ाई कर रही थी। घटना के बाद युवती का इलाज जारी है और डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है, ताकि घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आ सके।


महिलाओं को सशक्त नेतृत्व की दिशा देगा नारी शक्ति वंदन अधिनियम- रेखा आर्या

हरिद्वार। हरिद्वार में आयोजित प्रेस वार्ता में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश के लोकतांत्रिक इतिहास में एक ऐतिहासिक कदम है, जो महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करेगा।

सोमवार को कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने पार्टी के तमाम पदाधिकारियों के साथ होटल ग्रैंड पार्क में आयोजित नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन सुना।

रेखा आर्या ने कहा कि महिलाओं को राजनीतिक आरक्षण देने का विचार करीब चार दशक से चर्चा में रहा है। इसके बाद कई बार प्रयास हुए और 2010 में यह विधेयक राज्यसभा से पारित भी हुआ, लेकिन लोकसभा में लंबित रह गया।

मंत्री ने कहा कि वर्षों तक कई राजनीतिक दलों ने अपने घोषणापत्र में महिला आरक्षण का जिक्र किया, लेकिन इसे लागू करने के लिए ठोस इच्छाशक्ति नहीं दिखाई।

रेखा आर्या ने कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार ने इस महत्वपूर्ण विधेयक को संसद के विशेष सत्र में प्राथमिकता देकर पारित कराया, जो मजबूत नेतृत्व और स्पष्ट नीयत का उदाहरण है।

उन्होंने बताया कि इस अधिनियम के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में 33 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। इससे महिलाएं न केवल नीति निर्माण में भाग लेंगी, बल्कि निर्णय लेने में भी अग्रणी भूमिका निभाएंगी।

मंत्री ने कहा कि इस कानून से नीतियां अधिक संवेदनशील और समावेशी बनेंगी, महिलाओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता मिलेगी और समाज में उनके प्रति सम्मान बढ़ेगा। साथ ही, यह नई पीढ़ी की बेटियों को नेतृत्व के लिए प्रेरित करेगा। अंत में रेखा आर्या ने कहा कि अब नारी केवल अपेक्षा करने वाली नहीं, बल्कि निर्णय लेने वाली और समाज को दिशा देने वाली सशक्त शक्ति के रूप में उभरेगी।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रीता चमोली, जिला अध्यक्ष हरिद्वार आशुतोष शर्मा, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, नपेंद्र चौधरी, नीतीश वालिया, प्रेम शंकर, डॉक्टर चित्रा, विपिन चौधरी आदि उपस्थित रहे।


नोएडा में कर्मचारियों का हिंसक प्रदर्शन, गाड़ियों में की तोड़फोड़

कंपनी गेट से सड़कों तक हंगामा, पुलिस की गाड़ियों को भी बनाया निशाना

नोएडा। नोएडा में वेतन वृद्धि और बेहतर कार्य परिस्थितियों की मांग को लेकर प्राइवेट कंपनी के कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन अब हिंसक रूप ले चुका है। सोमवार को हालात अचानक बिगड़ गए, जब प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव के बाद कई जगहों पर तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आईं।

पिछले तीन दिनों से धरने पर बैठे कर्मचारियों का गुस्सा सोमवार सुबह फूट पड़ा। गौतम बुद्ध नगर के विभिन्न इलाकों में प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर उतरकर जमकर हंगामा किया। इस दौरान कई वाहनों में आग लगा दी गई और पुलिस की गाड़ियों को भी निशाना बनाया गया। कंपनी परिसर के अंदर भी तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं, जिसमें संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा।

स्थिति तब और गंभीर हो गई जब प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, हिंसक घटनाओं के चलते शहर के कई हिस्सों में लंबा जाम लग गया, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

सेक्टर-84, नोएडा और फेज-2, नोएडा में सबसे ज्यादा नुकसान की खबरें सामने आई हैं, जहां कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। हालात पर काबू पाने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, हालांकि इलाके में तनाव अभी भी बना हुआ है।

प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को शांत कराने की कोशिश की। भीड़ के उग्र होने पर हल्का बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रित किया गया, जिसके बाद कुछ इलाकों में हालात सामान्य होने लगे हैं।

कर्मचारियों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन वेतन भुगतान में देरी कर रहा है और कामकाजी परिस्थितियां भी संतोषजनक नहीं हैं। बढ़ती महंगाई के बीच वर्तमान वेतन में गुजारा करना मुश्किल हो रहा है, जिस कारण वे लंबे समय से वेतन वृद्धि और अन्य सुविधाओं की मांग कर रहे हैं।

प्रशासन ने एक दिन पहले ही कर्मचारी प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कई मांगों पर सहमति जताई थी। इनमें ओवरटाइम का दोगुना भुगतान, समय पर वेतन और बोनस का भुगतान, साप्ताहिक अवकाश और कर्मचारियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करना शामिल है। इसके बावजूद कर्मचारियों का आक्रोश शांत नहीं हुआ और आंदोलन ने उग्र रूप ले लिया।

फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है। साथ ही, कर्मचारियों की मांगों पर जल्द समाधान निकालने के प्रयास जारी हैं, ताकि हालात पूरी तरह सामान्य हो सकें।


बीच-बचाव करने गए मजदूर की गोली मारकर हत्या, 14 हमलावरों पर केस दर्ज

खडूर साहिब (पंजाब)- तरनतारन के एक सीमावर्ती गांव में आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक मजदूर की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

पुलिस के अनुसार, गांव में दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो रही थी। इसी दौरान 50 वर्षीय मजदूर ने बीच में पड़कर मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उसे ही निशाना बना लिया। कुछ देर बाद आरोपी हथियारों के साथ दोबारा लौटे और फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें मजदूर की मौत हो गई।

 इस घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने थाने के बाहर प्रदर्शन किया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कई नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


मुख्यमंत्री धामी ने जलियांवाला बाग के अमर शहीदों को दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री ने जलियांवाला बाग हत्याकांड को भारतीय इतिहास का एक अत्यंत दुखद और हृदय विदारक अध्याय बताया

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जलियांवाला बाग के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि माँ भारती की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीरों का बलिदान सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।

मुख्यमंत्री ने 13 अप्रैल 1919 की घटना को भारतीय इतिहास का एक अत्यंत दुखद और हृदय विदारक अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि उस दिन निहत्थे और निर्दोष भारतीयों पर हुए अत्याचार ने पूरे देश की चेतना को झकझोर कर रख दिया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जलियांवाला बाग के शहीदों का साहस, त्याग और अटूट देशभक्ति हमें हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की सीख देती है। उन्होंने सभी से इन वीरों के बलिदान को स्मरण करते हुए देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।


‘धुरंधर द रिवेंज’ का बॉक्स ऑफिस पर जलवा बरकरार, फिल्म ने अब तक कमाए इतने करोड़ रुपये

सिनेमाघरों में इन दिनों कई बड़ी फिल्में दर्शकों को आकर्षित कर रही हैं। बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक, अलग-अलग जॉनर की फिल्मों के बीच बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त मुकाबला देखने को मिल रहा है। खास तौर पर रणवीर सिंह की ‘धुरंधर द रिवेंज’, मृणाल ठाकुर की ‘डकैत’ और हॉलीवुड की ‘प्रोजेक्ट हेली मेरी’ दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई हैं।

19 मार्च को रिलीज हुई रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर द रिवेंज’ ने शुरुआत से ही बॉक्स ऑफिस पर शानदार पकड़ बनाई। पहले हफ्ते में फिल्म ने 674.17 करोड़ रुपये की दमदार कमाई की, जबकि दूसरे हफ्ते में इसकी रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ी और फिल्म ने 263.65 करोड़ रुपये का कारोबार किया। तीसरे हफ्ते में कलेक्शन में और गिरावट देखने को मिली, जहां फिल्म ने 110.60 करोड़ रुपये अपने खाते में जोड़े।

हालांकि, तीन हफ्तों बाद भी फिल्म की कमाई जारी है और यह दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में सफल हो रही है। रिलीज के 25 दिन पूरे होने पर तीसरे रविवार को फिल्म ने 14.70 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इसके साथ ही ‘धुरंधर द रिवेंज’ का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 1083.67 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है, जो इसे साल की बड़ी हिट फिल्मों में शामिल करता है।

‘प्रोजेक्ट हेल मेरी’
26 मार्च को भारत में रिलीज होने वाली फिल्म ‘प्रोजेक्ट हेल मेरी’ ने रविवार को 4.05 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। शनिवार को फिल्म ने 4.10 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। दूसरे हफ्ते में इसने 20.30 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। पहले हफ्ते में फिल्म ने 24.70 करोड़ रुपये कमाए थे। इस फिल्म का टोटल कलेक्शन 55.01 करोड़ रुपये हो गया है।

‘डकैत’ 
साउथ की फिल्म ‘डकैत’ ने रिलीज के तीसरे दिन यानी रविवार को 6.40 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। शनिवार को इसने 6.85 करोड़ रुपये कमाए थे। पहले दिन इसकी कमाई 6.55 करोड़ रुपये थी। इस तरह से इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर कुल 19.80 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। इसमें मृणाल ठाकुर और अदिवि शेष अहम किरदार में हैं। यह फिल्म तेलुगु और हिंदी में रिलीज हुई है।

(साभार)


बाइक सवार बदमाशों से छिनैती करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

आगरा – पुलिस ने छिनैती और लूट की वारदातों में शामिल दो युवकों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक और नकदी बरामद की गई है।

जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले एक महिला से दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने मोबाइल और गले की चेन छीन ली थी। घटना के बाद पीड़िता ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की।

मामले की जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के बारे में अहम सुराग मिले। इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों को एक स्थान के पास से दबोच लिया।

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता अपने रिश्तेदार के यहां से दूसरे स्थान जा रही थी, तभी रास्ते में बाइक सवार युवकों ने उसे निशाना बनाया और छिनैती कर फरार हो गए थे।


आगरा की किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने वाला युवक कर्नाटक से गिरफ्तार

आगरा- आगरा पुलिस ने एक किशोरी के अपहरण के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को  गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने नाबालिग लड़की को भी सुरक्षित बरामद कर लिया है, जिसके बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है।

पुलिस के अनुसार, मामला बरहन क्षेत्र के एक गांव का है, जहां रहने वाली किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाया गया था। इस घटना के बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी।

 पुलिस ने आरोपी को कर्नाटक से गिरफ्तार कर लिया और किशोरी भी मिल गई है। फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


मुख्यमंत्री धामी से मिले प्रसिद्ध फिल्म निर्माता-निर्देशक मधुर भंडारकर

उत्तराखंड को फिल्म निर्माण का हब बनाने पर हुई अहम चर्चा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनके शासकीय आवास पर प्रसिद्ध फिल्म निर्माता-निर्देशक मधुर भंडारकर ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड को फिल्म निर्माण के क्षेत्र में एक प्रमुख गंतव्य के रूप में विकसित करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में राज्य में फिल्म निवेश को बढ़ावा देने, शूटिंग के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने और उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच पर स्थापित करने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार की उद्योगोन्मुख फिल्म नीति के तहत फिल्म निर्माताओं को सब्सिडी, टैक्स में छूट और सिंगल विंडो सिस्टम के जरिए सरल व समयबद्ध अनुमतियां प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इससे न केवल राज्य में निवेश बढ़ेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp