Tuesday, August 11th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

तमकनाला आपदा पर CM धामी की सीधी नजर

Monthly Archives: August 2026

तमकनाला आपदा पर CM धामी की सीधी नजर

राहत-बचाव से लेकर कनेक्टिविटी बहाली तक हर मोर्चे पर त्वरित कार्रवाई

CM धामी लगातार कर रहे मॉनिटरिंग, अधिकारियों को ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर स्थिति का आकलन करने के निर्देश

प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति निर्बाध रखने और वैकल्पिक मार्ग तलाशने के निर्देश

निचले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता, लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

SEOC से 24×7 निगरानी, राहत-बचाव तंत्र अलर्ट मोड पर

देहरादून। चमोली जनपद के ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर तमकनाला में बेली ब्रिज बहने की घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पूरे घटनाक्रम की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। मंगलवार को भी मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी चमोली एवं गढ़वाल मंडल आयुक्त से स्थिति की जानकारी लेते हुए राहत-बचाव, आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और कनेक्टिविटी बहाली को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में राशन, खाद्य सामग्री, दवाइयों एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होनी चाहिए। आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों एवं अन्य उपलब्ध माध्यमों से ग्रामीणों तक जरूरी सामग्री पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर आवाजाही को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए सभी संभावित विकल्पों पर तत्काल कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति एवं नुकसान का स्वयं आकलन करने को कहा, ताकि राहत और पुनर्व्यवस्था से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो।

बदलते मौसम और बढ़ते जलप्रवाह को देखते हुए मुख्यमंत्री ने निचले क्षेत्रों तथा नदी-नालों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जाए और आवश्यकता पड़ने पर लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की पूरी तैयारी रखी जाए।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) से भी चमोली सहित प्रदेश के सभी संवेदनशील क्षेत्रों पर 24×7 नजर रखी जा रही है। जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव दलों को तत्काल सक्रिय किया जा सके।

सोमवार को चमोली जनपद के ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर तमकनाला में अचानक अत्यधिक जलप्रवाह बढ़ने के कारण 123 बीआरटीएफ, सुराईथोटा द्वारा निर्मित बेली ब्रिज बह गया था। तेज बहाव की चपेट में एक व्यक्ति और एक कैंपर वाहन के बहने की सूचना भी प्राप्त हुई थी।

घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और राहत-बचाव कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। एसडीआरएफ एवं एनडीआरएफ की टीमों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। स्थानीय प्रशासन, पुलिस एवं संबंधित विभागों की टीमें भी मौके पर राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हैं।

संकट के बीच सरकार का फोकस—सुरक्षा, राहत और कनेक्टिविटी

तमकनाला की घटना के बाद सरकार की प्राथमिकता केवल राहत एवं बचाव कार्यों तक सीमित नहीं है। प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति, वैकल्पिक कनेक्टिविटी और आवाजाही की शीघ्र बहाली पर भी समान रूप से काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री धामी की लगातार मॉनिटरिंग और अधिकारियों को ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर त्वरित निर्णय लेने के निर्देश राज्य सरकार की प्रो-एक्टिव आपदा प्रबंधन नीति को दर्शाते हैं। प्राकृतिक आपदाओं को रोका नहीं जा सकता, लेकिन समय पर सतर्कता, बेहतर समन्वय और त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई से उनके प्रभाव को कम किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि कठिन परिस्थितियों में प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ प्रभावित क्षेत्रों में जल्द से जल्द सामान्य स्थिति बहाल करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


देहरादून में वाहन चोर गिरोह का खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार, 13 दोपहिया वाहन बरामद

देहरादून। पटेलनगर पुलिस ने वाहन चोरी की लगातार सामने आ रही घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 13 दोपहिया गाड़ियां बरामद की हैं। बरामद वाहनों में कई रॉयल एनफील्ड बुलेट के अलावा एक्टिवा, स्प्लेंडर और सिटी 100 मोटरसाइकिल शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, चंद्रबनी चोयला निवासी आदित्य और शक्ति विहार माजरा निवासी दीपक सिंघल ने अपनी-अपनी रॉयल एनफील्ड बुलेट चोरी होने की शिकायत पटेलनगर कोतवाली में दर्ज कराई थी। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

वाहन चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पटेलनगर पुलिस ने अलग-अलग टीमों का गठन किया। टीमों ने घटनास्थलों का निरीक्षण करने के साथ आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा पूर्व में वाहन चोरी के मामलों में सामने आए आरोपियों की गतिविधियों और मौजूदा स्थिति की भी जानकारी जुटाई गई।

लगातार निगरानी और जांच के बाद 10 अगस्त को पुलिस टीम ने हरिद्वार बाईपास रोड स्थित कबाड़ी बाजार के पास नवनिर्मित सड़क पर चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर दो संदिग्धों को पकड़ लिया। उनके पास से चोरी की दो बुलेट मोटरसाइकिल बरामद हुईं। पूछताछ में दोनों ने देहरादून के अलग-अलग इलाकों से कई दोपहिया वाहन चोरी करने की बात स्वीकार की।

निशानदेही पर बरामद हुईं 13 गाड़ियां

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने पांच अन्य रॉयल एनफील्ड बुलेट समेत कुल 13 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए। इनमें बुलेट के अलावा तीन एक्टिवा स्कूटी, दो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और एक सिटी 100 बाइक भी शामिल है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में दो अन्य चोरी के वाहनों के बारे में भी जानकारी दी है। इनमें एक रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल हरिद्वार के श्यामपुर थाने में और दूसरा वाहन पानीपत, हरियाणा में पुलिस द्वारा सीज किया जाना बताया गया है। इन वाहनों की बरामदगी के लिए पुलिस टीम रवाना की गई है।

सुनसान जगहों पर खड़े वाहनों को बनाते थे निशाना

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले अलग-अलग इलाकों में घूमकर सुनसान स्थानों पर खड़े दोपहिया वाहनों की रेकी करते थे। मौका मिलते ही वाहनों को चोरी कर लेते थे। पुलिस से बचने के लिए चोरी की गाड़ियों की नंबर प्लेट निकाल दी जाती थी और उन्हें गलियों के रास्ते पहले से तय स्थानों पर छिपा दिया जाता था।

आरोपियों के मुताबिक, सही ग्राहक मिलने पर चोरी के वाहनों को बेच दिया जाता था। इसके अलावा कुछ वाहनों को नंबर प्लेट हटाकर अपने परिचितों को किराये पर भी दिया जाता था। पुलिस का कहना है कि आरोपी चोरी किए गए वाहनों को देहरादून से बाहर ले जाकर बेचने की तैयारी में थे और इसके लिए ग्राहकों की तलाश कर रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 23 वर्षीय विवेक सिंह विश्नोई, निवासी श्यामपुर कांगड़ी, हरिद्वार और 20 वर्षीय गुरप्रीत सिंह, निवासी टाटवाला, श्यामपुर कांगड़ी, हरिद्वार के रूप में की है।

पुलिस के मुताबिक, बरामद वाहनों में पटेलनगर, नगर कोतवाली, क्लेमेंटटाउन और नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्रों से संबंधित बुलेट भी शामिल हैं। अन्य वाहनों के संबंध में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम को मिलेगा ढाई हजार रुपये का इनाम

वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करने वाली पुलिस टीम के प्रयासों की एसएसपी देहरादून ने सराहना की है। टीम को 2,500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की गई है।

कार्रवाई में पटेलनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह गुसाईं, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रमोद शाह, उपनिरीक्षक प्रवीण पुंडीर, उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, उपनिरीक्षक विनय मित्तल समेत एसओजी और पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे।


ताकुला चुंगी के पास 100 मीटर गहरी खाई में गिरी कार,चार लोग घायल

नैनीताल। हल्द्वानी से नैनीताल की ओर आ रही एक कार मंगलवार को अनियंत्रित होकर गहरे हादसे का शिकार हो गई। ताकुला पुरानी चुंगी के पास चालक के नियंत्रण खोने से कार सड़क किनारे करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हालांकि, स्थानीय लोगों की तत्परता और पुलिस के समय पर रेस्क्यू अभियान ने एक बड़ी अनहोनी को टाल दिया। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हुए हैं, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है।

 जानकारी के अनुसार, कार (UK 07 AM 7810) में चार लोग सवार थे। इनमें पिथौरागढ़ निवासी नवीनचंद्र भट्ट (28), कैलाश चंद्र भट्ट (66), देवीदत्त भट्ट (63) और टिहरी गढ़वाल निवासी नितेश (23) शामिल थे। ताकुला पुरानी चुंगी के पास पहुंचते ही वाहन अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।

इस भयावह दृश्य को स्थानीय निवासी बसंत मेहरा ने देख लिया और बिना समय गंवाए पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिस ने मिलकर  रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद, सभी चार घायलों को करीब 100 मीटर गहरी खाई से सुरक्षित बाहर निकाला गया और 100 मीटर गहरी खाई से सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

सभी घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। मामले की जानकारी देते हुए एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि सभी घायल खतरे से बाहर हैं और उपचाररत हैं। उन्होंने यह भी कहा, “किस्मत अच्छी थी कि कार कुछ फीट और नीचे नहीं गई, अन्यथा यह एक बहुत बड़ा और गंभीर हादसा हो सकता था। भगवान का शुक्र है कि सभी सुरक्षित हैं।”


सोने-चांदी के दाम में फिर उछाल, सोना 1.55 लाख के पार, चांदी भी 2.40 लाख के करीब

जानिए आज क्या है ताजा भाव

नई दिल्ली। भारतीय सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में तेजी का सिलसिला जारी है। सोमवार को कारोबार के दौरान दोनों कीमती धातुओं के भाव में उतार-चढ़ाव देखने को मिला था, लेकिन दिन खत्म होते-होते कीमतों में जोरदार बढ़ोतरी दर्ज की गई। मंगलवार, 11 अगस्त को भी घरेलू वायदा बाजार से लेकर अंतरराष्ट्रीय बाजार तक सोना और चांदी मजबूती के साथ कारोबार करते नजर आए।

इंटरनेशनल मार्केट में भी बढ़े Gold-Silver के भाव

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों में तेजी दर्ज की गई। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे कॉमेक्स पर सोने का भाव लगभग 1.22 फीसदी बढ़कर 4,473.50 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।

इसी तरह चांदी की कीमत में भी बढ़त देखी गई। कॉमेक्स पर चांदी करीब 1.02 फीसदी की तेजी के साथ 65.940 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार करती नजर आई।

MCX पर सोने ने पकड़ी रफ्तार

घरेलू वायदा बाजार यानी मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर भी मंगलवार को सोने और चांदी दोनों में तेजी रही। कारोबार के दौरान सोने की कीमत में करीब 1,997 रुपये की बढ़त दर्ज की गई और यह 1,55,096 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास पहुंच गया।

वहीं चांदी की कीमत में करीब 2,708 रुपये का उछाल आया। इसके बाद MCX पर चांदी 2,39,575 रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास कारोबार करती दिखाई दी।

आज कितने रुपये है सोने का भाव?

11 अगस्त को भारतीय बाजार में अलग-अलग कैरेट के सोने के भाव भी ऊंचे स्तर पर बने हुए हैं। उपलब्ध बाजार भाव के मुताबिक, 24 कैरेट सोना करीब 1,55,210 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास कारोबार कर रहा है।

वहीं 22 कैरेट सोने का भाव करीब 1,42,276 रुपये प्रति 10 ग्राम और 18 कैरेट सोना करीब 1,16,408 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास बना हुआ है।

चांदी भी 2.40 लाख रुपये के करीब

सोने के साथ-साथ चांदी की कीमत में भी मजबूत तेजी देखने को मिल रही है। भारतीय बाजार में चांदी का भाव करीब 2,40,340 रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास पहुंच गया है।

इस तरह मंगलवार को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों बाजारों में सोने-चांदी की कीमतें मजबूत रुख के साथ कारोबार करती नजर आ रही हैं। हालांकि, शहर, ज्वेलर और टैक्स के आधार पर खुदरा कीमतों में कुछ अंतर हो सकता है।


हल्द्वानी में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, डेयरी प्रतिष्ठानों से पनीर और घी के नमूने लिए

हल्द्वानी:  खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में डेयरी एवं दुग्ध उत्पाद बेचने वाले प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। अभियान के दौरान पनीर और घी समेत कई दुग्ध उत्पादों के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

सहायक खाद्य आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी नैनीताल अजब सिंह रावत के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में करीब आधा दर्जन खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। टीम ने डेयरी उत्पादों की गुणवत्ता, मानकों और लेबलिंग की जांच की।

यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 30(2) के तहत आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड द्वारा 7 अगस्त 2026 को जारी प्रतिबंधात्मक आदेश के अनुपालन में की गई। आदेश के तहत ऐसे अमानकीकृत डेयरी एनालॉग अथवा गैर-दुग्ध उत्पादों के निर्माण, भंडारण, परिवहन, वितरण और बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया है, जो वास्तविक दुग्ध उत्पाद होने का भ्रम पैदा करते हैं।

बाजपुर से आए वाहन से पनीर और घी के नमूने लिए 

अभियान के दौरान नगर निगम हल्द्वानी क्षेत्र में बाजपुर से आ रहे एक वाहन से पनीर और देसी घी के नमूने लिए गए। इसके अलावा सोशल मीडिया के माध्यम से मिली सूचना के आधार पर संदेह के दृष्टिगत गोवर्धन घी का नमूना भी जांच के लिए संग्रहित किया गया। एक अन्य डेयरी प्रतिष्ठान से मदर डेयरी घी का नमूना भी लिया गया।

सभी नमूनों को नियमानुसार सील और सुरक्षित कर राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया गया है। विभाग के अनुसार जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही संबंधित खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मानकों के संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट आने से पहले किसी उत्पाद को असुरक्षित नहीं माना जाएगा

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट प्राप्त होने से पहले किसी भी उत्पाद को अधोमानक या असुरक्षित घोषित नहीं किया जा रहा है। जांच में यदि किसी खाद्य पदार्थ में निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित खाद्य कारोबार संचालक के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा उसके अधीन बनाए गए नियमों और विनियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने कहा कि अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना तथा भ्रामक एवं अमानकीकृत डेयरी और गैर-दुग्ध उत्पादों के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन सुनिश्चित करना है। खाद्य सुरक्षा विभाग के मुताबिक आकस्मिक निरीक्षण और नमूना संग्रह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

निरीक्षण टीम में अजब सिंह रावत, सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी, नैनीताल तथा अभय कुमार सिंह, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी, हल्द्वानी नगर निगम मौजूद रहे।


शिक्षा सुविधाओं के विकास को लेकर संसद में अजय भट्ट ने उठाया सवाल

नई दिल्ली/नैनीताल- ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट ने लोकसभा में उत्तराखंड में शैक्षणिक सुविधाओं के विकास और केंद्र सरकार की ओर से दी जा रही वित्तीय सहायता को लेकर सवाल उठाया। उन्होंने बीते तीन वर्षों में शिक्षा सुविधाओं पर हुए खर्च और भविष्य की योजनाओं का ब्यौरा मांगा। अतारांकिक सवाल के जवाब में शिक्षा मंत्रालय के राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने जवाब में बताया कि उत्तराखंड में शिक्षा सुविधाओं के विकास के लिए समग्र शिक्षा, पीएम श्री और उल्लास जैसी केंद्र प्रायोजित योजनाओं के तहत सहायता दी जा रही है। पीएम श्री योजना के तहत उत्तराखंड के 241 स्कूलों का चयन किया गया है।

मंत्रालय के अनुसार, वर्ष 2023-24 से 2025-26 के बीच उत्तराखंड में समग्र शिक्षा के तहत करीब 2,042 करोड़ रुपये, पीएम श्री योजना में करीब 155 करोड़ रुपये और उल्लास योजना के तहत करीब 4 करोड़ रुपये खर्च किए गए।

इन योजनाओं के तहत स्कूलों में अतिरिक्त कक्षाओं, विज्ञान व कंप्यूटर प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, शौचालय, पेयजल, आईसीटी लैब और स्मार्ट क्लास जैसी सुविधाओं के विकास के साथ विद्यार्थियों को निःशुल्क वर्दी-पाठ्यपुस्तक और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए समावेशी शिक्षा की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

मंत्रालय ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण, समान और समावेशी शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर विभिन्न योजनाओं को आगे बढ़ा रहे हैं।


केला खाने का सही समय क्या है? जानिए सुबह, दोपहर या रात में कब खाना ज्यादा बेहतर

केला रोजमर्रा की डाइट में शामिल किए जाने वाले सबसे आसान और पौष्टिक फलों में से एक है। यह न सिर्फ आसानी से मिल जाता है, बल्कि इसमें कार्बोहाइड्रेट, फाइबर, पोटैशियम और विटामिन B6 जैसे कई जरूरी पोषक तत्व भी मौजूद होते हैं। हालांकि, केला खाने को लेकर अक्सर यह सवाल पूछा जाता है कि इसे सुबह खाना बेहतर है या रात में, क्या इसे खाली पेट खाया जा सकता है और क्या दूध के साथ केला लेना सही रहता है। आइए जानते हैं केला खाने से जुड़ी जरूरी बातें।

कैसा केला खाना बेहतर माना जाता है?

केला खरीदते समय उसकी पकने की अवस्था पर ध्यान देना जरूरी है। अच्छी तरह पका केला सामान्य तौर पर नरम और स्वाद में मीठा होता है। वहीं, कम पके केले में रेजिस्टेंट स्टार्च की मात्रा अपेक्षाकृत अधिक हो सकती है। पकने के साथ केले की बनावट और स्टार्च की प्रकृति में बदलाव आता है। हालांकि, कच्चे या कम पके केले को खराब नहीं माना जाता, बल्कि उन्हें अलग-अलग व्यंजनों में भी इस्तेमाल किया जाता है।

दिन में कितने केले खाएं?

केला कार्बोहाइड्रेट और ऊर्जा देने वाले पोषक तत्वों का अच्छा स्रोत है, इसलिए इसे नाश्ते, स्नैक या एक्सरसाइज के आसपास डाइट में शामिल किया जा सकता है। लेकिन हर व्यक्ति के लिए केले की एक जैसी मात्रा तय नहीं की जा सकती। उम्र, शारीरिक गतिविधि, रोजाना की कैलोरी जरूरत और बाकी खान-पान को ध्यान में रखकर इसकी मात्रा तय करनी चाहिए।

क्या दूध के साथ केला खाना सही है?

केले और दूध से बना शेक या स्मूदी काफी लोकप्रिय है। जिन लोगों को दूध और केला आसानी से पचता है, वे दोनों को अपनी सामान्य डाइट का हिस्सा बना सकते हैं। केले से कार्बोहाइड्रेट और दूध से प्रोटीन सहित कई पोषक तत्व मिलते हैं। हालांकि, जिन लोगों को दूध से गैस, पेट फूलने या पाचन संबंधी परेशानी होती है, उन्हें इस कॉम्बिनेशन से असहजता महसूस हो सकती है।

क्या रात में केला खाने से नुकसान होता है?

केला सिर्फ सुबह खाना चाहिए और रात में इसे खाने से नुकसान होता है, ऐसा कोई सामान्य नियम नहीं है। एक स्वस्थ व्यक्ति अपनी जरूरत और डाइट के अनुसार दिन में किसी भी समय केला खा सकता है। हालांकि, कुछ लोगों को रात में केला खाने के बाद पेट भारी लग सकता है या गैस जैसी परेशानी हो सकती है। ऐसी स्थिति में रात के समय केला खाने से बचना बेहतर विकल्प हो सकता है।

केला अकेले नहीं, संतुलित डाइट के साथ खाएं

केला पोषक तत्वों से भरपूर फल है, लेकिन इसे किसी बीमारी का इलाज या चमत्कारी खाद्य पदार्थ समझना सही नहीं है। शरीर को बेहतर पोषण देने के लिए डाइट में अलग-अलग तरह के फल, सब्जियां, साबुत अनाज, दालें, प्रोटीन और स्वस्थ वसा को शामिल करना जरूरी है। ऐसे में केला संतुलित आहार का एक सुविधाजनक और पौष्टिक हिस्सा बन सकता है।

इन लोगों को केला खाते समय सावधानी बरतनी चाहिए

अगर किसी व्यक्ति को केले या किसी अन्य खाद्य पदार्थ से एलर्जी या असहिष्णुता है, तो उसे सेवन के बाद होने वाले लक्षणों पर ध्यान देना चाहिए। वहीं, डायबिटीज, किडनी से जुड़ी समस्या या किसी अन्य मेडिकल कंडीशन से जूझ रहे लोगों को अपनी डाइट में बड़ा बदलाव करने से पहले डॉक्टर या योग्य डाइटीशियन से सलाह लेनी चाहिए।

कुल मिलाकर, केला खाने का कोई एक निश्चित समय सभी लोगों के लिए जरूरी नहीं है। अपनी दिनचर्या, पाचन क्षमता और पोषण संबंधी जरूरतों के अनुसार इसे डाइट में शामिल किया जा सकता है। किसी एक फल पर निर्भर रहने के बजाय अलग-अलग पौष्टिक खाद्य पदार्थों को भोजन का हिस्सा बनाना ज्यादा महत्वपूर्ण है।

नोट: यह लेख उपलब्ध मेडिकल रिपोर्ट्स और सामान्य पोषण संबंधी जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है। किसी विशेष बीमारी या स्वास्थ्य स्थिति में डाइट से जुड़ा निर्णय लेने से पहले विशेषज्ञ की सलाह लेना उचित है।

(साभार)


पीएम मोदी समेत NDA सांसदों ने लहराया तिरंगा, झारखंड छात्र प्रदर्शन पर संसद में प्रदर्शन

‘वंदे मातरम’ के साथ शुरू हुआ कार्यक्रम

नई दिल्ली। संसद सत्र के बीच राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के सांसदों की मंगलवार को अहम बैठक हुई। संसद पुस्तकालय में आयोजित ‘मंगल मिलन’ बैठक की शुरुआत ‘वंदे मातरम’ के उद्घोष के साथ हुई। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन समेत NDA के कई नेता हाथों में तिरंगा लिए नजर आए।

बैठक के बाद NDA सांसदों ने संसद परिसर में झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन से जुड़े मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन भी किया। सांसदों ने आरोप लगाया कि झारखंड में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ उचित व्यवहार नहीं किया जा रहा है। इस मुद्दे को संसद में भी प्रमुखता से उठाने की तैयारी है।

छात्रों के मुद्दे पर विपक्ष को घेरने की तैयारी

NDA सांसद संसद में पोस्टर के साथ पहुंचने की तैयारी में हैं। इन पोस्टरों के जरिए सरकार की ओर से छात्रों के प्रदर्शन पर चर्चा की मांग और विपक्ष के रुख को लेकर सवाल उठाए जाएंगे। साथ ही झारखंड सरकार पर प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ कथित कार्रवाई का मुद्दा भी उठाया जाएगा।

NDA सांसदों का कहना है कि सरकार महत्वपूर्ण विषयों पर सदन में चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष की ओर से लगातार हंगामे के कारण संसद की कार्यवाही प्रभावित हो रही है। ऐसे में सत्ता पक्ष की रणनीति संसद में विपक्ष को इन मुद्दों पर घेरने की है।

पिछली बैठक में सरकार की उपलब्धियों पर हुई थी चर्चा

इससे पहले पिछले सप्ताह हुई ‘मंगल मिलन’ बैठक के बाद भाजपा सांसदों ने सरकार के कामकाज और विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति का जिक्र किया था। बैठक में रोजगार, आर्थिक विकास, खेल, गरीबी उन्मूलन और संसद की कार्यवाही जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई थी।

भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने दावा किया था कि भारत तेजी से आर्थिक और सामाजिक विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने रोजगार की स्थिति में सुधार और बेरोजगारी में कमी का जिक्र करते हुए कहा था कि बड़ी संख्या में लोग गरीबी से बाहर आए हैं।

वहीं, भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने विपक्ष पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा के बजाय विपक्ष हंगामा कर रहा है। बैठक में सांसदों से सदन की कार्यवाही के दौरान नियमित रूप से उपस्थित रहने और जरूरी विधेयकों को पारित कराने में सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर दिया गया था।

क्या है ‘मंगल मिलन’ बैठक?

‘मंगल मिलन’ NDA संसदीय दल की साप्ताहिक रणनीतिक बैठक का नया स्वरूप है। इसका मुख्य उद्देश्य गठबंधन के घटक दलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और संसद की कार्यवाही को लेकर साझा रणनीति तैयार करना है।

संसद सत्र के दौरान इस बैठक में आगामी कार्यवाही, महत्वपूर्ण मुद्दों और सरकार की प्राथमिकताओं पर चर्चा की जाती है। साथ ही सहयोगी दलों के सांसदों के बीच तालमेल और सदन में उनकी भूमिका को लेकर भी रणनीति बनाई जाती है।

बैठक में भाजपा के अलावा शिवसेना, लोक जनशक्ति पार्टी (LJP), तेलुगु देशम पार्टी (TDP), जनता दल यूनाइटेड (JDU) समेत NDA के विभिन्न सहयोगी दलों के नेता हिस्सा लेते हैं। इसका उद्देश्य गठबंधन के सांसदों को एक साझा रणनीति के तहत संसद में प्रभावी तरीके से अपनी बात रखने के लिए तैयार करना है।


मिचेल मार्श ने रचा इतिहास, एक साल में 1500 टी20 रन बनाने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई खिलाडी बने

नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के टी20 कप्तान मिचेल मार्श का बल्ला साल 2026 में लगातार जमकर बोल रहा है। दुनियाभर की टी20 लीग में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी का जलवा दिखा रहे मार्श ने अब एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। वह एक कैलेंडर वर्ष में 1500 टी20 रन का आंकड़ा पार करने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने यह कारनामा द हंड्रेड में सनराइजर्स लीड्स की ओर से खेलते हुए किया।

वेल्श फायर के खिलाफ सोमवार को लीड्स में खेले गए मुकाबले में मार्श ने महज 34 गेंदों में 50 रन की तेज पारी खेली। उनकी इस पारी के साथ ही 2026 में उनके टी20 रनों की संख्या बढ़कर 1502 रन हो गई। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के टिम डेविड का पिछला रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया।

टिम डेविड का रिकॉर्ड हुआ ध्वस्त

ऑस्ट्रेलिया की ओर से एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा टी20 रन बनाने का रिकॉर्ड इससे पहले टिम डेविड के नाम था। उन्होंने 2022 में कुल 73 टी20 मुकाबले खेलते हुए सात अलग-अलग टीमों का प्रतिनिधित्व किया था और 1461 रन बनाए थे। अब मार्श ने इस आंकड़े को पार करते हुए नया ऑस्ट्रेलियाई रिकॉर्ड कायम कर दिया है।

मार्श ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए खेलने के अलावा दुनिया की कई बड़ी फ्रेंचाइजी टी20 प्रतियोगिताओं में भी नजर आते हैं। उनकी तेजतर्रार बल्लेबाजी और बड़े शॉट लगाने की क्षमता उन्हें टी20 क्रिकेट में एक प्रभावशाली खिलाड़ी बनाती है।

आईपीएल से लेकर द हंड्रेड तक मचाया धमाल

2026 में मिचेल मार्श के प्रदर्शन पर नजर डालें तो उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए सात टी20 मैचों में 230 रन बनाए हैं। वहीं आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स की तरफ से खेलते हुए उन्होंने 13 मुकाबलों में 563 रन बनाए।

इसके अलावा बिग बैश लीग में पर्थ स्कॉर्चर्स के लिए मार्श ने आठ मैचों में 335 रन जोड़े। द हंड्रेड के मौजूदा सीजन में भी उनका बल्ला खूब चला है। अब तक सात मुकाबलों में वह 374 रन बना चुके हैं। इन सभी टूर्नामेंटों के प्रदर्शन को जोड़ने के बाद उनके 2026 के टी20 रनों का आंकड़ा 1500 के पार पहुंच गया है।

द हंड्रेड में भी बड़ा रिकॉर्ड निशाने पर

मिचेल मार्श के पास अब द हंड्रेड के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम करने का भी मौका है। फिलहाल यह रिकॉर्ड इंग्लैंड के बल्लेबाज जेम्स विंस के नाम दर्ज है, जिन्होंने 2024 में सदर्न ब्रेव के लिए खेलते हुए एक सीजन में 424 रन बनाए थे।

मार्श मौजूदा सीजन में 374 रन बना चुके हैं और विंस के रिकॉर्ड से महज 50 रन दूर हैं। अगर वह आगामी मुकाबलों में 51 रन और जोड़ लेते हैं, तो द हंड्रेड के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे।

इस तरह मिचेल मार्श के पास 2026 में दो बड़े रिकॉर्ड अपने नाम करने का शानदार मौका है। एक ओर वह ऑस्ट्रेलिया के लिए एक कैलेंडर वर्ष में सर्वाधिक टी20 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन चुके हैं, वहीं अब उनकी नजर द हंड्रेड के सीजन रिकॉर्ड पर है।


‘7 डॉग्स’ का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज, 21 अगस्त को होगी फिल्म रिलीज

सलमान खान और संजय दत्त की इंटरनेशनल एक्शन फिल्म ‘7 डॉग्स’ को लेकर फैंस का इंतजार अब खत्म होने वाला है। फिल्म का नया ट्रेलर रिलीज हो चुका है, जिसमें सलमान और संजय दत्त के साथ मिस्र के स्टार अहमद एज और करीम अब्देल अजीज दमदार एक्शन करते नजर आ रहे हैं। फिल्म में हॉलीवुड की मशहूर अदाकारा मोनिका बेलुची और जियानकार्लो एस्पोसिटो भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। ट्रेलर के साथ भारत में फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया गया है।

21 अगस्त को सिनेमाघरों में आएगी ‘7 डॉग्स’

बड़े बजट की यह एक्शन फिल्म दुनियाभर में रिलीज की जाएगी। भारत में दर्शक इसे 21 अगस्त से सिनेमाघरों में देख सकेंगे। फिल्म को हिंदी और अंग्रेजी भाषाओं में रिलीज किया जाएगा। सलमान खान और संजय दत्त की मौजूदगी के चलते भारतीय दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर खास उत्साह देखने को मिल रहा है।

हॉलीवुड और मिडिल ईस्ट के सितारों का जबरदस्त कॉम्बिनेशन

‘7 डॉग्स’ की खासियत इसका इंटरनेशनल स्टारकास्ट है। फिल्म में बॉलीवुड के साथ मिस्र, हॉलीवुड और मिडिल ईस्ट के कलाकार एक साथ नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण सेला स्टूडियोज ने जनरल एंटरटेनमेंट अथॉरिटी और रियाद सीजन के सहयोग से किया है।

फिल्म का निर्देशन आदिल अल अरबी और बिलाल फल्लाह ने किया है। यह जोड़ी इससे पहले ‘बैड बॉयज फॉर लाइफ’ और ‘बैड बॉयज: राइड ऑर डाई’ जैसी एक्शन फिल्मों के निर्देशन के लिए जानी जाती है। फिल्म की कहानी और स्क्रीनप्ले में तुर्की अललशेख की भी अहम भूमिका है।

ड्रग माफिया के खिलाफ जंग की कहानी

फिल्म की कहानी ड्रग माफिया और उनके खिलाफ मोर्चा लेने वाले किरदारों के इर्द-गिर्द घूमती है। नए ट्रेलर में तेज रफ्तार एक्शन, खतरनाक स्टंट और इंटरनेशनल लोकेशन की झलक देखने को मिलती है। फिल्म की स्टारकास्ट और बड़े स्तर पर फिल्माए गए एक्शन सीक्वेंस इसे रिलीज से पहले ही चर्चा में ला रहे हैं।

(साभार)


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp