Saturday, August 15th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

नशे की लत ने पहुंचाया सलाखों के पीछे, ऋषिकेश में वाहन चोरी का खुलासा

Daily Archives: 15/08/2026

नशे की लत ने पहुंचाया सलाखों के पीछे, ऋषिकेश में वाहन चोरी का खुलासा

ऋषिकेश। ऋषिकेश बस अड्डे के पास से चोरी हुए टाटा स्पेशियो वाहन के मामले का दून पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया वाहन भी बरामद कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उसने वाहन चोरी की घटना को अंजाम दिया था।

पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त 2026 को सुनील पोखरियाल निवासी ढालवाला, मुनि की रेती, टिहरी गढ़वाल ने ऋषिकेश बस अड्डे के पास पार्किंग से अपनी टाटा स्पेशियो वाहन संख्या UK01TA2069 चोरी होने की तहरीर दी थी। मामले में कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम का गठन किया गया।

घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई। इसी दौरान 14 अगस्त की रात पुलिस को सूचना मिली कि चोरी किया गया वाहन आईडीपीएल क्षेत्र के पास खड़ा है और आरोपी उसे कहीं अन्यत्र ले जाने की फिराक में है।

सूचना पर पुलिस ने आईडीपीएल क्षेत्र में बैरियर लगाकर वाहनों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट का एक सफेद चार पहिया वाहन पुलिस को आता दिखाई दिया। पुलिस को चेकिंग करते देख चालक ने वाहन को यू-टर्न लेकर भगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे रोक लिया।

पूछताछ में चालक की पहचान सागर थापा पुत्र राजू थापा, निवासी नवोदय नगर, थाना सिडकुल, जनपद हरिद्वार, उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने उक्त वाहन को ऋषिकेश बस अड्डे के पास खड्डा पार्किंग से चोरी करना स्वीकार किया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्मैक के नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है। कांवड़ मेले के दौरान पुलिस चेकिंग अधिक होने के कारण उसने चोरी किए गए वाहन को लेबर कॉलोनी क्षेत्र में सुनसान स्थान पर छिपा दिया था। वाहन की पहचान छिपाने के लिए उसने दोनों नंबर प्लेट तोड़कर फेंक दी थीं। बाद में वाहन को दूसरी जगह ले जाने के दौरान वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

बरामदगी

टाटा स्पेशियो वाहन संख्या UK01TA2069, सफेद रंग

गिरफ्तार आरोपी

सागर थापा पुत्र राजू थापा, निवासी नवोदय नगर, थाना सिडकुल, जनपद हरिद्वार, उम्र 30 वर्ष।

पुलिस टीम

उ0नि0 सुमित चौधरी, चौकी प्रभारी श्यामपुर

हे0का0 अमित राणा

का0 बिजेन्द्र पुण्डीर

का0 सुन्दर

 


एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर सम्पूर्ण जनपद में दून पुलिस द्वारा लगातार चलाया जा रहा सघन चेकिंग अभियान

जनपद की सीमाओं व आन्तरिक मार्गो पर संदिग्धों की तलाश हेतु लगातार की जा रही सघन चैकिंग* 

रेलवे स्टेशन, बस स्टेशनों, व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर डॉग स्क्वाड व बीडीएस टीम के साथ की जा रही आकस्मिक चेकिंग

देहरादून : एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर जनपद के नगर तथा देहात क्षेत्र में पुलिस द्वारा लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान जनपद के सभी सीमावर्ती चैक पोस्टों के साथ-साथ आन्तरिक मार्गों पर पुलिस द्वारा बाहरी व्यक्तियों/वाहनों की लगातार सघन चैकिंग सुनिश्चित की जा रही है, साथ ही बाहरी राज्यों से आने वाले व्यक्तियों से आवश्यक पूछताछ कर उनके सत्यापन की कार्यवाही की जा रही है।

इसके अतिरिक्त संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखते हुए संदिग्धों की तलाश हेतु रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन व भीड़ भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस द्वारा सुरक्षा के समुचित प्रबन्ध सुनिश्चित करते हुए लगातार प्रभावी गश्त की जा रही है। साथ ही उक्त स्थानों पर डॉग स्क्वाड व बम निरोधक दस्ते के साथ लगातार सघन चैकिंग करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों से आवश्यक पूछताछ की जा रही है।


विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने चंद्र मोहन सिंह नेगी राजकीय बेस हॉस्पिटल कोटद्वार का किया औचक निरीक्षण

कोटद्वार। विधानसभा अध्यक्ष उत्तराखंड एवं विधायक कोटद्वार ऋतु खण्डूडी भूषण ने शनिवार को चंद्र मोहन सिंह नेगी राजकीय बेस हॉस्पिटल, कोटद्वार का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने अस्पताल में उपचार ले रहे मरीजों एवं उनके परिजनों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना तथा अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से उपचार, दवाइयों, चिकित्सकों की उपलब्धता एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी फीडबैक प्राप्त किया।

इस दौरान अस्पताल में चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित मिले। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था भी अच्छी पाई गई। विधानसभा अध्यक्ष ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।

उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित की जाए तथा मरीजों को समय पर उपचार और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों। साथ ही अस्पताल परिसर में साफ-सफाई एवं स्वच्छता की व्यवस्था निरंतर बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर उपचार, सम्मानजनक व्यवहार और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सभी की जिम्मेदारी है।


टिहरी में प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने किया ध्वजारोहण, स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को किया नमन

टिहरी:  80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रताप इंटर कॉलेज बौराड़ी टिहरी में प्रभारी एवं कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने स्वतंत्रता सेनानियों तथा छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के त्याग, तपस्या और बलिदान का परिणाम है। आजादी के अमृतकाल में युवा पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण और देशहित के लिए समर्पित होकर कार्य करने का संकल्प लेना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और विभागीय योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी ली।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह अवसर देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों और शहीदों को स्मरण करने का है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड वीरों की भूमि है और सेना में हर पांचवां सैनिक उत्तराखंड से है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत निरंतर मजबूत राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शहीद सैनिकों एवं उनके परिजनों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। शहीदों के परिजनों को मिलने वाली अनुदान राशि में वृद्धि, सरकारी नौकरी तथा सैन्य पुरस्कारों के तहत दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि में बढ़ोतरी की गई है।

उन्होंने कहा कि आपदा को रोका नहीं जा सकता, लेकिन उसके प्रभाव को कम किया जा सकता है और प्रदेश सरकार द्वारा त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों के माध्यम से इसे सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने 1971 के युद्ध में 95 हजार पाकिस्तानी सैनिकों के आत्मसमर्पण तथा बालाकोट स्ट्राइक का उल्लेख करते हुए कहा कि यह नया भारत है, जो हर चुनौती का मजबूती से जवाब देना जानता है। उन्होंने बच्चों और युवाओं से इतिहास को जानने तथा विभाजन विभीषिका से संबंधित प्रदर्शनी को अवश्य देखने की अपील की।

कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानियों एवं उत्तराखंड आंदोलनकारियों के परिजनों को सम्मानित किया गया। स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिसके लिए उन्हें पुरस्कृत भी किया गया। इस दौरान श्रम विभाग द्वारा लाभार्थियों को किट वितरित की गई। मुख्य अतिथि द्वारा कृषि विभाग की ओर से फार्म मशीनरी बैंक योजना के तहत नरसिंह देवता उत्पादक समूह, ग्राम ग्वाड़ सारत्यूला को चार लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग द्वारा सचल हेल्थ चेकअप चिकित्सा वैन का शुभारंभ एवं निरीक्षण किया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण, नगर पालिका परिषद टिहरी अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, सदस्य उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग सुनीता देवी, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश, उपजिलाधिकारी कमलेश मेहता सहित विशाल जन समूह उपस्थित रहा।


देश का 80 वाँ स्वतंत्रता दिवस जनपद नैनीताल में धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

नैनीताल:  देश का 80 वाँ स्वतंत्रता दिवस जनपद नैनीताल में धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय नैनीताल के कलेक्ट्रेट परिसर में भव्य मुख्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें जनपद के प्रभारी मंत्री खजान दास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कलेक्ट्रेट परिसर में जनपद नैनीताल के प्रभारी मंत्री खजान दास ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत हुई।

समारोह में मंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, वीर नारियों को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया, साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में जनपद प्रभारी मंत्री ने सभी जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज हम उन वीर शहीदों को नमन करते हैं, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। आज का दिन हमें देश की एकता, अखंडता और बलिदान की याद दिलाता है। राज्य सरकार जनपद के सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पित है। हमारा प्रयास है कि हर गांव तक विकास पहुंचे और हर व्यक्ति आत्मनिर्भर बने।

उन्होंने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने और नैनीताल जनपद को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प दोहराया। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार पूरी पारदर्शिता और निष्ठा के साथ कार्य कर रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार प्रदेश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ जनता के हित में कार्य कर रही है। उत्तराखंड समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने वाला देश का पहला राज्य बन चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए भी लगातार कार्य कर रही है।महिलाओं को खुले में शौच के लिए न जाना पड़े, इसके लिए प्रदेश में शौचालयों का निर्माण कराया गया है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जनपदवासियों को स्वाधीनता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि स्वतंत्रता हमारा अधिकार है। स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में अपने अधिकारों के साथ जीवन जी रहे हैं। हमें राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने के लिए अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करना चाहिए।

इस अवसर पर विधायक नैनीताल सरिता आर्या,दर्जा राज्य मंत्री दिनेश आर्य, शांति मेहरा विमला अधिकारी, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे,पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद्र, अपर जिला अधिकारी विवेक राय, भाजपा प्रदेश कार्यकारी सदस्य गोपाल रावत भाजपा मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की,उपाध्यक्ष दया किशन पोखरिया डीएसए सचिव मनोज जोशी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि,गणमान्य नागरिक, विभागों के अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।

 


टिहरी पुलिस ने धूमधाम से मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस, 25 पुलिस कार्मिक रजत जयंती पदक से अलंकृत

नई टिहरी। देशभर में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। इसी क्रम में टिहरी जनपद में भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न पुलिस कार्यालयों, थानों एवं चौकियों में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए।

पुलिस लाइन चंबा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान उन्होंने पुलिस कार्मिकों को राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा एवं जनसेवा का संकल्प दिलाया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं वीर शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए पुलिस कार्मिकों से राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, ईमानदारी और अपने कर्तव्यों के प्रति पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर टिहरी पुलिस के 25 पुलिस कार्मिकों को रजत जयंती पदक से अलंकृत किया गया। पदक प्राप्त करने वाले पुलिस कार्मिकों को सम्मानित करते हुए एसएसपी ने उनके योगदान एवं कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।

इसी क्रम में पुलिस कार्यालय नई टिहरी सहित जनपद के समस्त थानों एवं चौकियों में भी ध्वजारोहण किया गया। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देते हुए स्वतंत्रता दिवस की गरिमा एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रदर्शित किया।

कार्यक्रम के दौरान एसएसपी श्रीमती श्वेता चौबे ने पुलिस कार्मिकों के साथ स्वतंत्रता दिवस की खुशियां साझा कीं और स्वयं मिठाई वितरित कर सभी को शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के त्याग एवं बलिदान से मिली आजादी की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। पुलिस बल राष्ट्र की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और आमजन की सेवा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।

 


एसजीआरआर विश्वविद्यालय तिरंगे के रंग में रंगा

जोश और जज्बे के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
ऽ छात्र-छात्राओं ने प्रस्तुत किए देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम

देहरादून। राष्ट्रभक्ति, गौरव और उत्साह से सराबोर वातावरण में श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय एवं एसजीआरआर समूह के सभी संस्थानों में 80वां स्वतंत्रता दिवस गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। तिरंगे के रंग में सजे विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रमों में देश के स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति अपने दायित्वों की भावना को अभिव्यक्त किया।

श्री दरबार साहिब परिसर में सज्जादानशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने सुबह 8ः00 बजे राष्ट्रध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों एवं शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय परिसर में कुलपति प्रो. (डॉ.) के. प्रतापन ने सुबह 9ः00 बजे राष्ट्रध्वज फहराया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आजादी का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक है, जब हम अपने अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों को भी समझें। विश्वविद्यालय का दायित्व केवल विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि ऐसे जिम्मेदार, संवेदनशील और सक्षम नागरिक तैयार करना है, जो समाज और राष्ट्र के विकास में सकारात्मक योगदान दे सकें। उन्होंने कहा कि एसजीआरआर विश्वविद्यालय शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और सेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को लगातार मजबूत कर रहा है।

कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेट्स ने अनुशासन और राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति गीत, नृत्य, कविताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। परिसर में गूंजते देशभक्ति के गीतों और भारत माता के जयघोष से वातावरण पूरी तरह राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत हो गया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. लोकेश गंभीर, सभी संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, फैकल्टी सदस्य, अधिकारी, कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने किया ध्वजारोहण

अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें 

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सूचना एवं लोकसंपर्क विभाग के महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने विभागीय परिसर में ध्वजारोहण किया । इस अवसर पर उन्होंने विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

महानिदेशक तिवारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान का स्मरण कराता है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर अपर निदेशक आशीष त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, उपनिदेशक मनोज श्रीवास्तव, रवि बिजारनीया, अर्चना सहित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


पिथौरागढ़ के मिनी स्टेडियम में प्रभारी मंत्री रेखा आर्या ने किया ध्वजारोहण

विकास और देशभक्ति का दिया संदेश

पिथौरागढ़। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर पिथौरागढ़ जनपद की प्रभारी मंत्री एवं उत्तराखंड सरकार की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने पुलिस लाइन स्थित ऐतिहासिक ‘मिनी स्टेडियम’ परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान की गूंज के साथ तिरंगे को सलामी दी गई और पूरे परिसर में देशभक्ति का वातावरण निर्मित हो गया।

समारोह में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने देश की आजादी के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने अपने भाषण में सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों को मजबूत बनाना और यहाँ की जनसुविधाओं का विस्तार करना सरकार की प्राथमिकता है।

शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क कनेक्टिविटी और स्वरोजगार के अवसरों को सुदूर गाँवों तक पहुँचाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।

मंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए नशा मुक्ति का संकल्प लेने और खेल तथा शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि पुलिस लाइन का यह मिनी स्टेडियम युवाओं की खेल प्रतिभाओं को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में चल रही सभी जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध सीमा में पूरा किया जाए।

इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों, खिलाड़ियों और समाजसेवियों को सम्मानित भी किया गया।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष गिरीश जोशी, मेयर कल्पना देवलाल, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद, मुख्य विकास अधिकारी डॉ दीपक सैनी, लक्ष्मी देवी, धर्म सिंह रावत, देवी दत्त जोशी, प्रेमा देवी, विमला चंद्र, कौशल्या देवी, दीपा देवी आदि उपस्थित रहे।


स्वतंत्रता हमें बहुत बड़ी कुर्बानियों के बाद मिली है, इसकी रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी- डीएम

स्वतंत्रता दिवस पर जिलाधिकारी डॉ0 आशीष चौहान ने कलेक्ट्रेट परिसर में किया ध्वजारोहण

देहरादून। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी डॉ0 आशीष चौहान ने कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रध्वज को सलामी दी तथा देश की स्वतंत्रता, एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ0 आशीष चौहान ने जनपदवासियों एवं कलेक्ट्रेट परिवार को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश को स्वतंत्रता बहुत बड़ी कुर्बानियों के बाद प्राप्त हुई है। स्वतंत्रता संग्राम में हजारों देशवासियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उनके त्याग, संघर्ष और बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में अपने दायित्वों का निर्वहन कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता को बनाए रखना और राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना हम सभी की बड़ी जिम्मेदारी है।

जिलाधिकारी ने कहा कि हम सभी जिस भी पद पर कार्यरत हैं और जो दायित्व हमें सौंपे गए हैं, उनका पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि शासकीय सेवा का उद्देश्य आमजन की सेवा और जनहित में कार्य करना है। प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का बेहतर ढंग से निर्वहन करते हुए शासन की योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में अपनी भूमिका निभाएं।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के प्रति अपने कर्तव्यों का पुनः स्मरण कराने का अवसर देता है। हमें स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देना चाहिए। उन्होंने सभी से अपने कार्यक्षेत्र में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम का माहौल रहा। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार, नगर मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह, मुख्य वैयक्तिक अधिकारी जिलाधिकारी वीरेंद्र सिंह सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी, कलेक्ट्रेट प्रेस के कार्मिक तथा जिला सूचना कार्यालय के कार्मिक उपस्थित रहे।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp