Friday, November 20, 2026
5:01 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

गर्मी का बढ़ेगा असर, मानसून से पहले राहत की उम्मीद नहीं

Category Archives: राष्ट्रीय

गर्मी का बढ़ेगा असर, मानसून से पहले राहत की उम्मीद नहीं

मौसम विभाग की चेतावनी—11 जून तक तापमान रहेगा उछाल पर

देहरादून। उत्तराखंड में अगले कुछ दिन गर्मी का प्रभाव और अधिक तेज़ हो सकता है, क्योंकि 10 जून तक पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम विभाग ने बताया कि राज्य में इस वर्ष मानसून सामान्य से करीब छह दिन पहले, यानी 11 जून को पहुंच सकता है। लेकिन इससे पहले लोगों को चटक धूप और बढ़ती गर्मी का सामना करना पड़ेगा।

पिछले सप्ताह की हल्की बारिश से लोगों को कुछ राहत जरूर मिली थी, लेकिन अब गर्मी फिर से अपना जोर दिखा रही है। खासतौर पर मैदानी क्षेत्रों जैसे देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में भी दिन के समय गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है।

तापमान में हल्की बढ़ोतरी, धूप से झुलसा दिन

शनिवार को राजधानी देहरादून में अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 21.7 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से हल्का कम रहा। हालांकि तापमान सामान्य के आसपास है, लेकिन धूप की तीव्रता ने गर्मी का अनुभव बढ़ा दिया।

मानसून की पूर्व दस्तक और वैज्ञानिकों की चेतावनी

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, “इस बार उत्तराखंड में मानसून जल्दी दस्तक दे सकता है। 11 जून के आसपास मानसून की पहली बारिश होने की उम्मीद है, लेकिन उससे पहले गर्म हवाएं और तेज धूप लोगों को परेशान करेंगी। तापमान में और वृद्धि हो सकती है।”


युवाओं में तेजी से बढ़ रही बीमारियां

वरिष्ठ फिजिशियन डा. केपी जोशी ने किया आगाह जीवनशैली को बताया बड़ा कारण

देहरादून। देश की युवा पीढ़ी, जिसे राष्ट्र की ताकत माना जाता है, अब तेजी से बीमार होती जा रही है। अस्पतालों में 18 से 35 वर्ष के युवा बड़ी संख्या में थकान, मोटापा, हार्ट अटैक, शुगर और अन्य गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। वरिष्ठ फिजिशियन डा. केपी जोशी ने इस स्थिति को चिंताजनक बताते हुए कहा कि यह सिर्फ स्वास्थ्य नहीं, बल्कि देश के भविष्य पर भी सीधा खतरा है। स्वस्थ युवा ही स्वस्थ भारत की नींव हैं। बीमार होती युवा पीढ़ी सिर्फ व्यक्तिगत नहीं, बल्कि सामाजिक और राष्ट्रीय संकट है। समय रहते चेतना ही इसका सबसे बड़ा इलाज है।

युवाओं की सेहत गिर रही, आंकड़े चिंताजनक
प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में डा. जोशी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में युवाओं में मेटाबोलिक सिंड्रोम, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग, और किडनी से जुड़ी समस्याएं बहुत तेजी से बढ़ी हैं। छोटे-छोटे काम करने में थकावट, बार-बार बीमार पड़ना, और मानसिक तनाव अब आम शिकायतें बन चुकी हैं।ऐसा नहीं है कि ये बीमारियां अचानक आई हैं, बल्कि यह हमारी दिनचर्या और खानपान की बिगड़ी हुई दशा का परिणाम हैं।

बीमारियों के पीछे ये हैं बड़े कारण:
अस्वस्थ खानपान – जंक फूड, तली चीजें, कोल्ड ड्रिंक का बढ़ता चलन

व्यायाम की कमी – मोबाइल और लैपटॉप पर घंटों समय बिताना

नींद की अनदेखी – देर रात तक जागना और नींद पूरी न करना

नशे की लत – सिगरेट, शराब और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन

तनाव और प्रतिस्पर्धा – करियर और पढ़ाई का दबाव

मिलावटी और रसायनयुक्त भोजन – शरीर के अंगों पर पड़ रहा गहरा असर

ऑक्सीडेन्ट – भोजन में छिपा धीमा ज़हर
डा. जोशी ने बताया कि आज का भोजन स्वाद में भले बेहतर हो, लेकिन उसमें मौजूद रसायन शरीर के पाचन तंत्र, लीवर और हार्मोन सिस्टम को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
हमारे भोजन में आज जो केमिकल आ गए हैं, वे सीधे हमारे शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली पर हमला कर रहे हैं।

युवाओं की कार्यक्षमता पर असर

पढ़ाई में मन न लगना

थकान और चिड़चिड़ापन

काम के प्रति अरुचि

सामाजिक दूरी और अकेलापन जी

रिश्तों में तनाव

डा. जोशी की अपील – जीवनशैली सुधारें
डा जोशी ने कहा कि अब समय आ गया है कि युवा खुद को जागरूक करें। सरकार, स्कूल-कॉलेज और परिवार को भी मिलकर इस दिशा में काम करना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिए कि युवाओं को अपने खानपान पर ध्यान देना चाहिए, व्यायाम को दिनचर्या में शामिल करना चाहिए और डिजिटल डिटॉक्स की ओर बढ़ना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर हम अभी नहीं जागे तो आने वाले समय में हालात और भी खराब हो सकते हैं।

समाधान के सुझाव:

सुबह की सैर और योग को बनाएं आदत

पैकेज्ड फूड की बजाय घर का ताजा खाना खाएं

नींद पूरी करें, तनाव कम करें

स्क्रीन टाइम सीमित करें

परिवार और दोस्तों के साथ संवाद बढ़ाएं


गुरु तेग बहादुर की 350वीं पुण्यतिथि पर भावपूर्ण नाटक प्रस्तुत, युवाओं को दिया प्रेरणा संदेश

देहरादून में ‘हिंद दी चादर’ नाटक का भव्य मंचन, गुरु तेग बहादुर की शहादत को दी श्रद्धांजलि

देहरादून। गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहादत दिवस के अवसर पर रविवार को देहरादून के दून मेडिकल कॉलेज सभागार में ‘हिंद दी चादर’ नाटक का प्रभावशाली मंचन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उत्तराखंड सिख कोऑर्डिनेशन कमेटी और श्री गुरु तेग बहादुर चैरिटेबल चिकित्सालय के संयुक्त प्रयास से किया गया।

इस कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री नजिंदर सिंह सिरसा ने विशेष रूप से शिरकत की। नाटक के माध्यम से दर्शकों को गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान, साहस और धर्म रक्षा के इतिहास से अवगत कराया गया।

“गुरु परंपरा ने राष्ट्र को जोड़ा है”

मुख्यमंत्री धामी ने अपने संबोधन में कहा कि ‘हिंद दी चादर’ कोई साधारण प्रस्तुति नहीं, बल्कि यह समाज के लिए एक दिशा देने वाला संदेश है। “हमारे गुरुओं ने सदा राष्ट्र को सर्वोपरि रखा है। उनका जीवन त्याग, बलिदान और सामाजिक एकता का प्रतीक है।”

उन्होंने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह जी के साहिबजादों का इतिहास आज की युवा पीढ़ी को पढ़ाया जाना चाहिए, ताकि वे अपने गौरवशाली अतीत से प्रेरणा ले सकें।

हेमकुंड रोपवे से श्रद्धालुओं को मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना पर शीघ्र काम शुरू होने जा रहा है। इस सुविधा के बाद श्रद्धालुओं की यात्रा न केवल सुविधाजनक होगी, बल्कि राज्य में पर्यटन को भी नई ऊंचाई मिलेगी।

ऐतिहासिक विरासत को जीवंत करता मंचन

‘हिंद दी चादर’ नाटक ने दर्शकों को उस समय में ले जाकर खड़ा कर दिया, जब गुरु तेग बहादुर जी ने धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था। प्रस्तुति के बाद पूरे सभागार में श्रद्धा और गर्व का माहौल देखने को मिला।


ऋषिकेश हाईवे पर बड़ा हादसा, तेज रफ्तार और गलत दिशा बनी हादसे की वजह

बस में सवार अधिकतर लोग सुरक्षित, कार के चार यात्री घायल

ऋषिकेश (उत्तराखंड) – रविवार तड़के ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कौडियाला के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से गोपेश्वर जा रही उत्तराखंड रोडवेज की बस और हरियाणा के यात्रियों से भरी एक कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में कई लोग घायल हुए, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए ऋषिकेश के सरकारी अस्पताल भेजा गया।

यह घटना सुबह करीब पांच बजे के आसपास की बताई जा रही है। रोडवेज बस नियमित सेवा के तहत कौडियाला होते हुए गोपेश्वर की ओर जा रही थी, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रही कार ने नियंत्रण खो दिया और विपरीत दिशा में आकर बस से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार यात्रियों को बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार में चार लोग सवार थे, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें एंबुलेंस की मदद से तुरंत ऋषिकेश राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि घायलों को प्राथमिक उपचार दिया जा चुका है और जरूरी परीक्षण किए जा रहे हैं।

गनीमत यह रही कि रोडवेज बस में सवार अन्य करीब 30 यात्री बाल-बाल बच गए। हालांकि कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं, लेकिन किसी को गंभीर नुकसान नहीं हुआ। बस चालक ने दुर्घटना की सूचना तत्काल पुलिस और परिवहन विभाग को दी।


सीएम धामी ने किया 126 करोड़ की 27 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास

शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और सीवरेज से जुड़ी योजनाओं से नैनीताल को मिलेगा नया विकास मॉडल

नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को लालकुआं, नैनीताल में आयोजित कार्यक्रम में नैनीताल जनपद की लगभग 126 करोड़ 69 लाख लागत की 27 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में शिक्षा, सड़क, चिकित्सा, सिंचाई, सीवरेज, नगर विकास, सौंदर्यीकरण और निराश्रित गौवंश संरक्षण से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। इस दौरान 25.93 करोड़ की लागत से 9 योजनाओं का लोकार्पण और 100.76 करोड़ की लागत से 18 योजनाओं का शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि ये परियोजनाएं क्षेत्र की आधारभूत संरचना को मजबूत बनाएंगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएंगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हो रहे देशव्यापी विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि भारत आज रक्षा, विज्ञान, खेल और अवसंरचना सहित प्रत्येक क्षेत्र में अग्रणी बन रहा है। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’, धारा-370 की समाप्ति और कश्मीर में रेल ब्रिज के निर्माण का उल्लेख करते हुए देश की बदलती शक्ति और संकल्प का उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नैनीताल जनपद को आदर्श जिला बनाने की दिशा में मानसिक चिकित्सालय, कैंसर संस्थान, आयुष अस्पताल, ओपन जिम, अंबेडकर पार्क, रिंग रोड, बाईपास रोड, एस्ट्रो पार्क, पोलिनेटर पार्क और खेल विश्वविद्यालय जैसी परियोजनाएं तेज़ी से क्रियान्वित की जा रही हैं। हल्द्वानी को क्लीन एंड ग्रीन सिटी बनाने के लिए वेस्ट मैनेजमेंट और सीवरेज प्रबंधन योजनाएं शुरू की गई हैं, जबकि जाम की समस्या को दूर करने के लिए मल्टी-स्टोरी पार्किंग का निर्माण कराया जा रहा है। जमरानी बहुउद्देश्यीय बांध परियोजना और खुरपिया में इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी जैसे प्रयास तराई क्षेत्र को दीर्घकालिक लाभ देंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार केवल विकास ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक समरसता की रक्षा के लिए भी पूर्णतः प्रतिबद्ध है। धर्मांतरण, लव जिहाद, लैंड जिहाद आदि के विरुद्ध कठोर कदम उठाए गए हैं। समान नागरिक संहिता लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य है और यहां देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून भी लागू किया गया है। गौवंश संरक्षण हेतु “गौ संरक्षण कानून” के तहत ठोस प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कहा कि राज्य सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई है और पिछले तीन वर्षों में 200 से अधिक भ्रष्टाचारियों को जेल भेजा गया है। उन्होंने जनता से अपील की कि उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए विकास यात्रा में सभी नागरिकों को सहभागी बनना होगा।

इन योजनाओं का किया गया लोकार्पण

ओखलकांडा में क्षतिग्रस्त 11 नहरों का पुनर्निर्माण, भीमताल में जिला आयुर्वेदिक भवन, रामगढ़ में मल्ला सूफी-रूसानी-दीगड़-कफूवा लोधिया मोटर मार्ग, बेतालघाट में मल्ली सेठी लिफ्ट सिंचाई योजना, हल्द्वानी में पशु चिकित्सालय में वाहनों की पार्किंग एवं पशुओं हेतु ओटी निर्माण, कालाढूंगी में पशु चिकित्सालय भवन, गंगापुर कबडवाल में गौशाला निर्माण (फेज-1), रामनगर में राजकीय पॉलीटेक्निक भवन और पाण्डे नवाड़ हल्द्वानी में पुनर्वास केंद्र का जीर्णोद्धार।

इन योजनाओं का किया गया शिलान्यास

इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बाढ़ सुरक्षा कार्य, फतेहपुर, कमलुवागांजा, गुनीपुर, पनियाली एवं बच्चीनगर में क्षतिग्रस्त नहरों का निर्माण, कोटाबाग में पॉलीटेक्निक भवन, रामपुर चकलुवा में नलकूप निर्माण, कैंचीधाम परिसर का विकास, भवाली में पर्यटक आवास गृह की मरम्मत, नैनीताल में पर्यटन कार्यालय भवन निर्माण, ग्रामीण मोटर मार्गों का पुनर्निर्माण एवं सुधार, झीड़ापानी वाटरफॉल का विकास, विभिन्न स्थानों पर नलकूप निर्माण, हल्द्वानी में राजपुरा और पर्वतीय मोहल्ला सीवरेज योजनाएं, लालकुआं में गौशाला निर्माण (फेज-2) तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज हल्द्वानी में पुस्तकालय का पुनरुद्धार कार्य।

इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, विधायक बंशीधर भगत, मोहन सिंह बिष्ट, रामसिंह कैड़ा, मेयर गजराज बिष्ट, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, रेनू अधिकारी, दिनेश आर्य, दीपक मेहरा, सुरेश भट्ट, शंकर कोरंगा, जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, पान सिंह मेवाड़ी, रंजन बर्गली, कमलेश कबडवाल, दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा, पूर्व विधायक नवीन दुम्का सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कार्यालय के आयुक्त/सचिव दीपक रावत, डीआईजी रिद्धिमा अग्रवाल, जिलाधिकारी वंदना सिंह, एसएसपी पीएन मीणा, अपर जिलाधिकारी विवेक रॉय और नगर आयुक्त ऋचा सिंह भी मौजूद थे।


केदारनाथ यात्रा के दौरान क्रिस्टल एविएशन हेलिकॉप्टर की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग

सुरक्षा जांच और तकनीकी निरीक्षण को लेकर अधिकारियों ने की समीक्षा शुरू

प्रियांश कुकरेजा

रुद्रप्रयाग। आज, 7 जून 2025 को उत्तराखंड के केदारनाथ धाम में एक हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग ने एक बड़े हादसे को टाल दिया। क्रिस्टल एविएशन कंपनी का यह हेलिकॉप्टर सिरसी हेलीपैड से केदारनाथ के लिए उड़ान भर रहा था, जब उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी के कारण पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए हेलिकॉप्टर को हाइवे पर सुरक्षित लैंड कर लिया। इस घटना में सह-पायलट को मामूली चोटें आईं, जबकि अन्य सभी यात्री सुरक्षित रहे।

यह घटना केदारनाथ यात्रा के दौरान हुई, जब बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे थे। इससे पहले भी पिछले महीने दो हेलिकॉप्टर हादसे हुए थे, जिससे इलाके में हवाई यात्रा को लेकर पहले ही चिंता बढ़ी हुई है। अधिकारियों ने इस घटना के बाद सुरक्षा उपायों की समीक्षा शुरू कर दी है।

इस घटना से यह स्पष्ट होता है कि पायलट की सूझबूझ और समय पर लिया गया फैसला से एक बड़ा हादसा टल गया, और सभी यात्री सुरक्षित रहे। हालांकि, इस घटना ने हवाई यात्रा की सुरक्षा और तकनीकी निरीक्षण की आवश्यकता को भी उजागर किया है।


भारत ने आतंकवाद पर अपनाया कड़ा रुख- डॉ. एस. जयशंकर

भारत-ब्रिटेन के बीच रणनीतिक साझेदारी पर मंथन

नई दिल्ली। नई दिल्ली में शनिवार को भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड लैमी से मुलाकात की। लैमी अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत की दो दिवसीय यात्रा पर पहुंचे हैं। इस मुलाकात में दोनों देशों के बीच रणनीतिक संबंधों, व्यापारिक सहयोग और क्षेत्रीय सुरक्षा मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। डॉ. जयशंकर ने स्पष्ट किया कि भारत आतंकवाद के प्रति ‘शून्य सहनशीलता’ की नीति पर कायम है और इस रुख को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सहयोगियों से भी समझने और समर्थन देने की अपेक्षा करता है।

आतंकवाद के मुद्दे पर भारत का स्पष्ट संदेश

बैठक के दौरान विदेश मंत्री जयशंकर ने हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की निंदा करने और भारत के साथ खड़े होने के लिए ब्रिटेन का आभार जताया। उन्होंने दोहराया कि आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति बिल्कुल स्पष्ट है—”हम आतंक और उसके समर्थकों के लिए कोई जगह नहीं छोड़ेंगे और पीड़ितों तथा हमलावरों को कभी बराबरी पर नहीं रखेंगे।”

व्यापार समझौते और सीमा पार आतंकवाद पर चर्चा

जयशंकर ने भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया, जो द्विपक्षीय संबंधों में नई ऊर्जा भरने का कार्य करेगा। साथ ही भारत ने ब्रिटिश प्रतिनिधिमंडल के समक्ष सीमा पार आतंकवाद का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया, जिसमें पाकिस्तान की भूमिका का ज़िक्र किया गया।

ब्रिटेन की क्षेत्रीय स्थिरता में रुचि

ब्रिटेन के विदेश मंत्री लैमी ने भारत दौरे से पूर्व पाकिस्तान की यात्रा की थी, जहां उन्होंने भारत-पाक के बीच 10 मई को हुए संघर्ष विराम समझौते को बनाए रखने की वकालत की थी। भारत यात्रा के दौरान भी लैमी ने दक्षिण एशिया में स्थिरता और शांति की आवश्यकता पर बल दिया।


जलवायु परिवर्तन की मार झेल रहा पूर्वोत्तर भारत

मोनिका 

हर बदलाव के पीछे कोई न कोई असर जरूर छिपा होता है — चाहे वह बदलाव कितना ही छोटा क्यों न हो। कई विचारकों और वैज्ञानिकों ने यह बात पहले ही कही है कि हमारे हर कर्म का कोई-न-कोई परिणाम ज़रूर होता है। न्यूटन का तीसरा नियम भी यही बताता है: हर क्रिया की समान और विपरीत प्रतिक्रिया होती है। और जब हम इतने छोटे बदलावों के इतने बड़े परिणामों की बात कर रहे हैं, तो सोचिए उन बदलावों का क्या असर होगा जो मानव जाति रोज़ बड़े पैमाने पर कर रही है — जैसे तेज़ी से बढ़ती जनसंख्या, पेड़ों की कटाई, बेतरतीब शहरीकरण, और बढ़ता कचरा। ये सभी बदलाव जलवायु परिवर्तन की रफ्तार को और तेज कर रहे हैं।

जब मानव गतिविधियों का प्रभाव इतना गहरा है, तो जलवायु में बड़े पैमाने पर बदलाव कोई चौंकाने वाली बात नहीं होनी चाहिए।

पूर्वोत्तर भारत: जलवायु परिवर्तन की सीधी मार

हाल के हफ्तों में पूर्वोत्तर भारत, विशेष रूप से असम, जलवायु परिवर्तन की इस मार का बड़ा उदाहरण बनकर उभरा है। जैसे ही मानसून की शुरुआत हुई, इस क्षेत्र में भारी बारिश और बाढ़ ने तबाही मचा दी। असम की भौगोलिक स्थिति — जहां ऊँचाई से नीचे की ओर बहने वाली नदियाँ और विस्तृत मैदानी क्षेत्र हैं — प्राकृतिक आपदाओं को और अधिक गंभीर बना देती है।

ब्रह्मपुत्र नदी, जो बार-बार अपना रास्ता बदलती है, इस क्षेत्र में बाढ़ का सबसे बड़ा कारण बनती जा रही है। अब जलवायु परिवर्तन के कारण भारी और अनियमित बारिश इस समस्या को और भी जटिल बना रही है।

तबाही के आंकड़े और मानवीय संकट

इस बार की बाढ़ में अब तक 6.8 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। असम के 66 राजस्व सर्किलों और 21 जिलों के लगभग 1500 गांव जलमग्न हो चुके हैं। अब तक 52 लोगों की जान जा चुकी है।

ब्रह्मपुत्र और अन्य नदियों का जलस्तर चेतावनी के स्तर को पार कर चुका है, जिससे स्थानीय लोगों के लिए हालात बेहद गंभीर बन गए हैं। हजारों लोगों को अपने घर छोड़कर राहत शिविरों में जाना पड़ा है। कई इलाकों में सेना और एनडीआरएफ की टीमें राहत और बचाव कार्यों में लगी हुई हैं। अरुणाचल प्रदेश में भूस्खलन की घटनाएं भी सामने आई हैं।

प्रकृति का संतुलन बिगड़ता जा रहा है

जब पारिस्थितिक तंत्र (ecosystems) के चारों ओर का वातावरण तेजी से बदलता है, तो उसका सीधा असर वहां रहने वाले जीवों और मनुष्यों पर पड़ता है। असम और पूर्वोत्तर भारत में इस बार की बारिश और बाढ़ ने हमें फिर से यह याद दिला दिया है कि प्रकृति के साथ संतुलन बनाए रखना कितना आवश्यक है।

अब समय आ गया है कि हम अपने पर्यावरण के प्रति किए गए कर्मों पर विचार करें और उनके नतीजों को गंभीरता से लें। यदि अब भी हम नहीं जागे, तो आने वाले वर्षों में असम जैसी आपदाएं और भी भयावह रूप में सामने आएंगी।


रुद्रप्रयाग में बड़ा हादसा टला, हेलीकॉप्टर में आई तकनीकी खराबी, सड़क पर करवाई इमरजेंसी लैंडिंग

पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, सभी यात्री सुरक्षित

रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग जिले के बडासू इलाके में उस समय हड़कंप मच गया जब केदारनाथ जा रहा एक हेलिकॉप्टर तकनीकी समस्या के चलते बीच सड़क पर आपातकालीन लैंडिंग करने को मजबूर हुआ। यह हेलिकॉप्टर श्रद्धालुओं को लेकर धाम की ओर जा रहा था, लेकिन उड़ान के कुछ ही समय बाद पायलट ने सतर्कता दिखाते हुए सुरक्षित लैंडिंग कर दी।

हेलिकॉप्टर में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें पांच यात्री, एक पायलट और सह-पायलट शामिल थे। सह-पायलट को मामूली चोट आई है, जबकि अन्य सभी सुरक्षित हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया।

क्रिस्टल एविएशन का यह हेलिकॉप्टर सिरसी से उड़ान भरने के बाद किसी तकनीकी खराबी के कारण सड़क पर उतारा गया। CEO यूकाडा सोनिका ने बताया कि हेलीपैड से थोड़ी ही दूरी पर पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए सतर्कता से लैंडिंग की। मामले की जानकारी DGCA को दे दी गई है और अन्य हेली सेवाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुचारु रूप से जारी हैं।

गौरतलब है कि यह पहला मामला नहीं है। पिछले महीने केदारनाथ में लैंडिंग के दौरान एम्स ऋषिकेश की हेली एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। वहीं 8 मई को गंगोत्री के पास गंगनानी क्षेत्र में एक हेलिकॉप्टर क्रैश में छह लोगों की जान चली गई थी, जिसमें पांच महिलाएं भी शामिल थीं। यह हादसा इतना गंभीर था कि हेलिकॉप्टर के दो टुकड़े हो गए थे और दो शव अंदर ही फंसे रह गए थे जिन्हें काटकर निकाला गया।


राहुल गांधी का भाजपा पर बड़ा हमला, महाराष्ट्र चुनाव को बताया ‘मैच फिक्सिंग’

मतदाता सूची से लेकर फर्जी मतदान तक पांच चरणों में गिनाई गई चुनावी धांधलियां

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर भारतीय लोकतंत्र की निष्पक्षता पर उंगली उठाई है। इस बार उनका निशाना महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव रहा, जिसे उन्होंने ‘मैच फिक्सिंग’ की तरह बताया। राहुल ने सोशल मीडिया पर एक विस्तृत पोस्ट साझा करते हुए दावा किया कि चुनाव के दौरान पांच योजनाबद्ध तरीकों से प्रक्रिया को प्रभावित किया गया।

अपने लेख में उन्होंने विस्तार से बताया कि कैसे— चुनाव आयोग की नियुक्तियों में गड़बड़ी, फर्जी नामों की एंट्री, कृत्रिम रूप से मतदान प्रतिशत बढ़ाना, लक्षित फर्जी मतदान और अंत में सबूतों को छुपाने जैसे हथकंडे अपनाए गए।

राहुल गांधी ने सवाल किया कि अगर चुनाव इस तरह ‘प्रबंधित’ किए जाएंगे, तो लोकतंत्र पर आमजन का भरोसा कैसे बचेगा? उन्होंने जनता से आग्रह किया कि वे खुद तथ्यों को जांचें और जवाब मांगें।

अमेरिका में भी उठाया था चुनाव आयोग पर सवाल
राहुल गांधी पहले भी चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा चुके हैं। अप्रैल 2024 में बोस्टन (अमेरिका) में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने आरोप लगाया था कि चुनाव आयोग अब स्वतंत्र नहीं रहा और मतदान आंकड़ों में भारी गड़बड़ी दिखी थी। उन्होंने कहा कि अंतिम दो घंटे में 65 लाख वोट गिरना संभव नहीं था।

महायुति को भारी जीत, विपक्ष की कमजोर पकड़
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपा, शिंदे गुट और अजित पवार की एनसीपी वाली महायुति ने मिलकर 230 सीटों पर कब्जा किया, जबकि विपक्षी महा विकास अघाड़ी केवल 46 सीटें जीत पाई। राहुल गांधी का आरोप है कि यह जीत सामान्य जनादेश नहीं, बल्कि योजनाबद्ध हस्तक्षेप का नतीजा थी।

भविष्य की चेतावनी
राहुल गांधी ने कहा कि अगर यह ट्रेंड नहीं रुका, तो अगली बार यही मॉडल बिहार, बंगाल या अन्य राज्यों में दोहराया जाएगा। उन्होंने इसे लोकतंत्र की सेहत के लिए खतरनाक बताया।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp