Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

दहेज हत्या में आरोपी पति व ननद पहुँचे सलाखों के पीछे

Category Archives: क्राइम

दहेज हत्या में आरोपी पति व ननद पहुँचे सलाखों के पीछे

दहेज हत्या के प्रकरण में त्वरित कार्यवाही हेतु एसएसपी देहरादून द्वारा क्षेत्राधिकारी डोईवाला के नेतृत्व में विशेष टीम का किया था गठन

देहरादून। डोईवाला क्षेत्र में शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत के मामले में देहरादून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मृतका के पति और ननद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और मृतका द्वारा अपनी मां को भेजे गए वीडियो के आधार पर दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। मामले की विवेचना जारी है, जबकि अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल) निवासी सीमा कंडारी ने कोतवाली डोईवाला में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी पुत्री सृष्टि कंडारी, जिसकी शादी नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुई थी, विवाह के बाद से लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित की जा रही थी। शिकायत में पति, सास और ननद पर सृष्टि की हत्या का आरोप लगाया गया।

तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने जांच की जिम्मेदारी क्षेत्राधिकारी डोईवाला वंदना वर्मा को सौंपते हुए विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

जांच के दौरान पुलिस ने परिजनों और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए। इसी दौरान मृतका की मां ने पुलिस को एक वीडियो उपलब्ध कराया, जिसे सृष्टि ने अपनी मौत से पहले भेजा था। पुलिस के मुताबिक, वीडियो में सृष्टि ने शादी के बाद से ससुराल पक्ष द्वारा लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किए जाने की बात कही थी। इस वीडियो को जांच में अहम साक्ष्य माना जा रहा है।

प्रारंभिक जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 1 अगस्त 2026 को हर्रावाला स्थित लक्ष्मण एन्क्लेव से मामले में नामजद पति सौरभ खत्री (36) और ननद सुरभि खत्री उर्फ चारू (37) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों से पूछताछ की जा रही है और उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, दहेज हत्या के इस मामले ने क्षेत्र में गंभीर चर्चा का विषय बना दिया है।


सार्वजनिक स्थान पर विवाद कर शांति भंग करने वाले तीन लोगों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

ठेली लगाने को लेकर दोनो पक्षो ले मध्य हुआ था विवाद

ऋषिकेश। पुराना रेलवे स्टेशन क्षेत्र में ठेली लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद कोतवाली तक पहुंच गया। पुलिस दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास कर रही थी, लेकिन इसी दौरान दोनों पक्ष थाने के भीतर ही आपस में भिड़ गए। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार 31 जुलाई 2026 को पुराना रेलवे स्टेशन ऋषिकेश में ठेली लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। मामला सुलझाने के लिए दोनों पक्ष कोतवाली ऋषिकेश पहुंचे, जहां पुलिसकर्मियों ने उन्हें शांत कर आपसी सहमति से विवाद समाप्त करने का प्रयास किया।

बताया गया कि बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच फिर से कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते मामला थाने के भीतर ही मारपीट और हंगामे तक पहुंच गया। पुलिस द्वारा रोकने और समझाने के बावजूद संबंधित लोग शांत नहीं हुए और लगातार विवाद करते रहे।

स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए काजल (35 वर्ष), संगीता (30 वर्ष) और देव कुमार (38 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। तीनों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170/126/135 के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक शांति भंग करने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


गोकशी की घटनाओं को अंजाम देने वाले आरोपी को दून पुलिस ने किया गिरफ्तार

आभियुक्त द्वारा पूर्व में भी अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर दिया था गौकशी की घटनाओं को अंजाम

देहरादून। सहसपुर क्षेत्र के खुशहालपुर गांव में गौकशी की सूचना पर पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मौके से पुलिस ने अवैध गौमांस के साथ गौकशी में इस्तेमाल किए गए चाकू और कुल्हाड़ी बरामद की है। हालांकि, आरोपी के अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

पुलिस के अनुसार, कोतवाली सहसपुर को सूचना मिली थी कि ग्राम खुशहालपुर में कुछ लोग गौकशी की घटना को अंजाम दे रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने सावेज पुत्र दिलबहार (22 वर्ष), निवासी खुशहालपुर को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से अवैध गौमांस, दो चाकू और एक कुल्हाड़ी बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ उत्तराखंड गौवंश संरक्षण अधिनियम, 2007 की धारा 3/5/11 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने खुलासा किया कि उसने अपने कई साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि मुशर्रफ उर्फ काला, शादाब उर्फ फोती, लालू, शमीम, समीर उर्फ टीटला, आफताब, आशिफ उर्फ नानू, अमीर उर्फ कुर्बान और सलमान उर्फ मुल्ला भी इस घटना में शामिल थे। पुलिस इन सभी आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

जांच के दौरान आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ पूर्व में सेलाकुई और सहसपुर क्षेत्र में भी गौकशी की कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इन मामलों में पहले से ही संबंधित थानों में मुकदमे दर्ज हैं और जांच चल रही है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ सहसपुर थाने में गौवंश संरक्षण अधिनियम के तहत दो मुकदमे तथा विकासनगर कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत भी मामला दर्ज है।

फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


ऋषिकेश में दुकान पर कब्जे को लेकर हंगामा, लोक शांति भंग करने के आरोप में तीन युवक गिरफ्तार

देहरादून:  ऋषिकेश में दुकान पर कब्जे को लेकर हुए विवाद के बाद सार्वजनिक स्थान पर हंगामा कर रहे तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जिलेभर में सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग और लोक शांति भंग करने वाले लोगों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 29 जुलाई को ऋषिकेश पुलिस को सूचना मिली कि वीरभद्र रोड स्थित साई मेडिकोज पर कुछ लोग दुकान पर कब्जे को लेकर विवाद कर रहे हैं।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने पाया कि अभिषेक, अक्षित और दिक्षे नामक तीन युवक मेडिकल स्टोर के संचालक प्रदीप सेमवाल के साथ विवाद कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन तीनों कथित रूप से और अधिक आक्रामक हो गए तथा मारपीट का प्रयास करने लगे। मौके पर कानून-व्यवस्था बिगड़ने और संज्ञेय अपराध की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी

अभिषेक (22 वर्ष), निवासी आवास विकास, ऋषिकेश

अक्षित (19 वर्ष), निवासी पशुलोक विस्थापित, आईडीपीएल, ऋषिकेश

दिक्षे (22 वर्ष), निवासी रामगढ़, दिल्ली

पुलिस टीम 

उपनिरीक्षक योगेन्द्र दत्त, कांस्टेबल कुलदीप और कांस्टेबल ब्रिजेश शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर शांति भंग करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


पटेलनगर क्षेत्र में हुई चेन स्नेचिंग की घटना का दून पुलिस ने किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

अभियुक्त के कब्जे से घटना में छीनी गई चेन हुई बरामद

देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में महिला से चेन स्नैचिंग की वारदात का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से छीनी गई सोने की चेन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी नशे की लत पूरी करने के लिए वारदात को अंजाम देता था और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पटेलनगर थाना क्षेत्र में महिला से चेन स्नैचिंग की घटना का देहरादून पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में छीनी गई पीली धातु की चेन और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, 27 जुलाई को बंजारावाला स्थित हनुमान एन्क्लेव निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि भद्री गेस्ट हाउस के पास बाइक सवार एक अज्ञात युवक ने झपट्टा मारकर उनके गले से चेन छीन ली और मौके से फरार हो गया। शिकायत के आधार पर पटेलनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संदिग्धों की तलाश शुरू की गई। लगातार की गई जांच और सुरागरसी के आधार पर 29 जुलाई को पुलिस ने आरोपी शहजाद अली (29) को चंद्रबनी रोड, पटेलनगर से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और अपने एक साथी के साथ दिल्ली से देहरादून आया था। नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए दोनों ने मिलकर चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी किसी अन्य वारदात की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में चोरी, चेन स्नैचिंग, आर्म्स एक्ट समेत डेढ़ दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी के फरार साथी की तलाश में जुटी है।


शादी के 8 महीने बाद शिक्षिका की संदिग्ध मौत, पति समेत तीन पर मुकदमा दर्ज

पुलिस कर रही जांच

देहरादून। टिहरी जिले में तैनात एक शिक्षिका की शादी के महज आठ महीने बाद हुई संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतका की मां की शिकायत पर डोईवाला पुलिस ने पति, सास और ननद के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

मां की शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा

पुलिस के अनुसार, मृतका सृष्टि कंडारी की मां सीमा कंडारी ने आरोप लगाया है कि विवाह के बाद से उनकी बेटी को दहेज और अन्य बातों को लेकर लगातार मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। शिकायत के आधार पर डोईवाला थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

मौत से पहले बनाया था वीडियो

जानकारी के मुताबिक, सृष्टि ने अपनी मौत से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसमें उसने कथित तौर पर अपनी परेशानियों और ससुराल पक्ष द्वारा किए जा रहे उत्पीड़न का जिक्र किया। वीडियो बनाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस वीडियो की भी जांच कर रही है।

नवंबर 2025 में हुई थी शादी

सृष्टि कंडारी टिहरी गढ़वाल के कीर्तिनगर विकासखंड स्थित राजकीय इंटर कॉलेज रिगोली (मल्ली) में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। उनकी शादी नवंबर 2025 में देहरादून निवासी सौरभ खत्री से हुई थी, जो सचिवालय में निजी सचिव के पद पर कार्यरत हैं।

प्रताड़ना के गंभीर आरोप

मृतका की मां का आरोप है कि शादी के बाद उनकी बेटी को लगातार अपमानित किया जाता था और परिवार में होने वाली घटनाओं के लिए भी उसे जिम्मेदार ठहराया जाता था। उनका कहना है कि सृष्टि कई बार फोन पर अपनी प्रताड़ना की जानकारी देती थी। शिकायत में पति, सास, ननद और अन्य परिजनों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

पुलिस जुटा रही साक्ष्य

डोईवाला थाना प्रभारी राकेश गुसाईं ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पुलिस मृतका के परिजनों के बयान दर्ज कर रही है और अन्य साक्ष्य भी एकत्र किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की निष्पक्ष जांच में जुटी हुई है।


गुंडा एक्ट में जिलाबदर किये गए अभियुक्त को पुलिस ने किया गिरफ्तार

अभियुक्त निर्धारित अवधि से पूर्व ही जिले की सीमा में प्रवेश कर चोरी का कर रहा था प्रयास

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान के तहत विकासनगर पुलिस ने जिलाबदर किए गए एक आदतन अपराधी को दोबारा जनपद की सीमा में प्रवेश करने पर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को छह माह के लिए देहरादून जनपद से बाहर रहने का आदेश दिया गया था, लेकिन वह निर्धारित अवधि पूरी होने से पहले ही विकासनगर क्षेत्र में पहुंच गया। पुलिस ने उसके खिलाफ गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के तहत नया मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई की रात मुखबिर से सूचना मिली कि जिलाबदर किया गया आरोपी आसिफ विकासनगर क्षेत्र में घूम रहा है और किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सिनेमा गली, विकासनगर के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

छह माह के लिए किया गया था जिलाबदर

पुलिस ने बताया कि आरोपी आसिफ पुत्र राशिद निवासी मुस्लिम बस्ती, विकासनगर को जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर 4 मई 2026 से छह माह के लिए देहरादून जनपद की सीमाओं से बाहर रहने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद उसने आदेश का उल्लंघन करते हुए समय से पहले जिले में प्रवेश किया, जिसके बाद उसके खिलाफ गुण्डा नियंत्रण अधिनियम, 1970 की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

कई संगीन मामलों में दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस के मुताबिक, 27 वर्षीय आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ विकासनगर कोतवाली में आर्म्स एक्ट, लूट, डकैती, धमकी और अन्य गंभीर अपराधों सहित कुल 15 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने के कारण उसे पहले जिलाबदर की कार्रवाई का सामना करना पड़ा था।

अपराधियों पर जारी रहेगा अभियान

देहरादून पुलिस ने कहा कि ऑपरेशन प्रहार के तहत जिले में सक्रिय अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


देहरादून पुलिस का त्वरित एक्शन, 24 घंटे में बुलेट चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। देहरादून पुलिस ने बुलेट मोटरसाइकिल चोरी की वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी की गई बाइक भी बरामद कर ली है। पूछताछ में आरोपियों ने नशे की लत के चलते वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

देहरादून के बल्लूपुर चौक से चोरी हुई बुलेट मोटरसाइकिल के मामले में बसंत विहार थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की गई बुलेट मोटरसाइकिल बरामद कर ली।

पुलिस के अनुसार, शांति विहार लाइन नंबर-2, कोलागढ़ निवासी गौरव कुमार बाबरी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी बुलेट मोटरसाइकिल (UK-07-AU-3540) बल्लूपुर चौक से अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर थाना बसंत विहार में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संदिग्धों की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर इंदिरा नगर क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया गया, जहां से दो संदिग्धों को चोरी की गई बुलेट के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिंगारा सिंह (50) निवासी फाजिल्का, पंजाब और अमित कोरी (27) निवासी मुरादनगर, गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और दिहाड़ी मजदूरी करते हैं। उन्होंने बताया कि बाइक में चाबी लगी होने का फायदा उठाकर उसे चोरी किया और हरिद्वार ले गए थे। इसके बाद वे एक और वारदात को अंजाम देने की नीयत से दोबारा देहरादून पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई थंडरबोल्ट बुलेट मोटरसाइकिल (UK-07-AU-3540) बरामद कर ली है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

इस कार्रवाई को सफल बनाने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सुनील नेगी (चौकी प्रभारी इंदिरानगर), हेड कांस्टेबल जितेंद्र सिंह, कांस्टेबल हेमंती नंदन बहुगुणा और कांस्टेबल अनुज शामिल रहे।


सेलाकुई में चोरी और वाहन चोरी का खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार

देहरादून:  देहरादून पुलिस ने सेलाकुई थाना क्षेत्र में चोरी और वाहन चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राजावाला से चोरी किए गए सीवर के लोहे के ढक्कन बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार 28 जुलाई को जमनपुर निवासी फिरोज ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सेलाकुई इंडस्ट्रियल एरिया स्थित ईडी कंपनी के बाहर खड़ी उनकी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (यूके-16-डी-8468) अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर थाना सेलाकुई में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सेलाकुई बाजार की पुरानी चौकी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर साहिल अंसारी (21 वर्ष) को चोरी की गई मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने कुछ दिन पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राजावाला में हुई चोरी की वारदात को भी कबूल किया। उसकी निशानदेही पर उस मामले में चोरी किए गए सीवर के लोहे के ढक्कन भी बरामद कर लिए गए।

गिरफ्तार आरोपी:

साहिल अंसारी पुत्र सलाउद्दीन अंसारी, मूल निवासी देवडाड़, जिला गोड्डा (झारखंड), हाल निवासी जमनपुर, सेलाकुई, देहरादून।

बरामदगी:

चोरी की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (यूके-16-डी-8468)

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राजावाला से चोरी किए गए सीवर के लोहे के ढक्कन

पुलिस टीम

उपनिरीक्षक सुमेर सिंह, महिला उपनिरीक्षक शशि राणा, कांस्टेबल वीर सिंह और कांस्टेबल सुशील कुमार शामिल रहे।


प्रेमनगर में 2 लाख की स्मैक के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार, छात्रों को बेचने की थी तैयारी

देहरादून:  उत्तराखंड को “ड्रग्स फ्री देवभूमि” बनाने के अभियान के तहत दून पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखते हुए प्रेमनगर क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 2 लाख रुपये कीमत की 6 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कोतवाली प्रेमनगर पुलिस ने 28 जुलाई को सघन चेकिंग अभियान के दौरान अमन कुमार (28 वर्ष) निवासी केहरी गांव, थाना प्रेमनगर को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पैसों की जरूरत के कारण नशे की तस्करी में शामिल हुआ था। उसने स्मैक एक अज्ञात युवक से खरीदी थी और उसे छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर देहरादून में पढ़ने वाले छात्रों और नशे के आदी लोगों को ऊंचे दामों पर बेचने की योजना थी। हालांकि इससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।

बरामदगी

6.00 ग्राम अवैध स्मैक
अनुमानित कीमत: ₹2 लाख

पुलिस टीम

उपनिरीक्षक अमित शर्मा, चौकी प्रभारी झाझरा
कांस्टेबल निर्भय नारायण
कांस्टेबल वीरेंद्र यादव


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp