Thursday, August 27th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

नेपाल-चीन सीमा पर बाढ़ से भारी तबाही, 165 लोगों की मौत

Monthly Archives: August 2026

नेपाल-चीन सीमा पर बाढ़ से भारी तबाही, 165 लोगों की मौत

सैकड़ों लोग अब भी लापता

काठमांडू। नेपाल-चीन सीमा के रासुवागढ़ी और तिब्बत के ग्यिरोंग इलाके में आई विनाशकारी बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचा दी है। बाढ़ और मलबे की चपेट में आए क्षेत्रों में राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। नेपाल के राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक अब तक 165 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि मृतकों की पहचान का काम चल रहा है।

अधिकारियों के अनुसार नेपाल और चीन के तिब्बत क्षेत्र में करीब 1,500 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। इनमें बड़ी संख्या विदेशी नागरिकों की है। आपदा के बाद दुर्गम पहाड़ी इलाकों में फंसे लोगों तक पहुंचने और उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए हेलीकॉप्टरों की मदद ली जा रही है। राहत दल प्रभावित क्षेत्रों में जरूरी सामान भी पहुंचा रहे हैं।

बढ़ सकता है मृतकों का आंकड़ा

नेपाल पुलिस ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या अभी और बढ़ सकती है। तलाशी अभियान दोबारा शुरू होने के बाद प्रभावित इलाकों से और शव मिलने की संभावना जताई जा रही है। यह हादसा उस पर्वतीय क्षेत्र में हुआ है, जो ल्हासा को काठमांडू से जोड़ता है और जहां बड़ी संख्या में पर्यटक, ट्रेकर्स और तीर्थयात्री आवाजाही करते हैं।

नेपाल में लापता लोगों में बड़ी संख्या विदेशी नागरिकों की बताई गई है। अधिकारियों के मुताबिक लापता विदेशी नागरिकों में भारत, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन और कनाडा समेत कई देशों के नागरिक शामिल हैं। वहीं, चीन के सरकारी प्रसारक सीसीटीवी के अनुसार तिब्बत के ग्यिरोंग काउंटी में भी सैकड़ों लोग लापता हैं, जिनमें विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।

वीडियो में दिखी बाढ़ की भयावह तस्वीर

आपदा के बाद सामने आए सत्यापित वीडियो में सीमा क्षेत्र में पानी और मलबे का तेज बहाव दिखाई दे रहा है। बाढ़ का वेग इतना अधिक था कि कई लोग और वाहन इसकी चपेट में आ गए। नेपाल के प्रभावित इलाकों में कई घर, सड़कें और बिजली से जुड़ी परियोजनाएं भी बाढ़ के पानी और मलबे में बह गईं।

बाढ़ से बचने वाले लोगों ने तबाही का भयावह मंजर बताया। एक बुजुर्ग survivor ने बताया कि अचानक उनकी ओर मलबे का तेज बहाव आने लगा। उन्होंने अपनी पत्नी को बचाने की कोशिश की और उसे छत तक ले जाने का प्रयास किया, लेकिन वह मलबे की धारा में बह गई। कई घंटे बाद हेलीकॉप्टर की मदद से उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।

एक अन्य व्यक्ति ने बताया कि उसने पेड़ को पकड़कर किसी तरह अपनी जान बचाई। उसके सामने वह मकान देखते ही देखते मलबे में समा गया, जहां वह काम करता था।

ग्लेशियर टूटने से बाढ़ की आशंका

नेपाली अधिकारियों की शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि क्षेत्र में ग्लेशियर के निचले हिस्से के टूटने या ढहने से अचानक बड़े पैमाने पर पानी और मलबे का बहाव पैदा हुआ। शुरुआती तौर पर इसे भूकंप से जोड़कर देखा गया था, लेकिन अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के मुताबिक दर्ज की गई भूकंपीय गतिविधि संभवतः ग्लेशियर की चट्टानों और बर्फ के ढहने से पैदा हुई थी।

इस बीच चीन के अधिकारियों ने ग्यिरोंग क्षेत्र में एक झील से जुड़े संभावित खतरे को भी चिह्नित किया है। यह झील नेपाल-तिब्बत सीमा क्रॉसिंग के ऊपरी हिस्से में स्थित है। अधिकारियों को आशंका है कि वहां जलस्तर या भू-स्खलन से जुड़ी नई स्थिति पैदा होने पर राहत और बचाव कार्य और मुश्किल हो सकते हैं। प्रभावित इलाकों में टीमें लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।


पहाड़गंज में झुग्गी विवाद ने लिया खूनी रूप, मामा ने कैंची से हमला कर भांजे की जान ली

नई दिल्ली। मध्य दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में झुग्गी को लेकर चल रहा विवाद मंगलवार रात खूनी संघर्ष में बदल गया। आराम बाग झुग्गी बस्ती में 19 वर्षीय युवक की उसके सगे मामा ने कैंची से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के समय आरोपित नशे में बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पहाड़गंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करते हुए आरोपित रवि को करीब दो घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल कैंची के अलावा एक छोटी तलवार भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपित के खिलाफ पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें पहाड़गंज थाने में हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मामला, सदर बाजार थाने में मारपीट और नबी करीम थाने में चोट पहुंचाने तथा आर्म्स एक्ट से संबंधित केस शामिल हैं।

मध्य जिला पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि मृतक युवक अपने परिवार के साथ आराम बाग झुग्गी बस्ती में रहता था और ई-रिक्शा चलाकर परिवार का गुजारा करता था। उसका मामा रवि नबी करीम के मुल्तानी ढांडा क्षेत्र में रहता है और वह भी ई-रिक्शा चलाता है। दोनों परिवारों के बीच झुग्गी को लेकर पहले से विवाद चल रहा था।

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब 7:15 बजे रवि नशे की हालत में अपने भांजे के घर पहुंचा। झुग्गी को लेकर दोनों पक्षों के बीच बातचीत के दौरान कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर रवि ने कैंची से युवक पर हमला कर दिया। हमले में युवक की दाहिनी जांघ और बांह पर गंभीर चोटें आईं।

घायल युवक को स्वजन और आसपास के लोग तत्काल लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। रात करीब 8:05 बजे एक पड़ोसी ने पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने आरोपित की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी और लगभग दो घंटे के भीतर उसे पकड़ लिया। पुलिस अब झुग्गी विवाद की पृष्ठभूमि, हत्या के कारण और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।


मुख्यमंत्री के निर्देशों पर श्रीनगर व कोटद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई

जिलाधिकारी के निर्देशन में 16 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, 10 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित

पौड़ी- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में आगामी रक्षाबंधन तथा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन तथा खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा विशेष जांच एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान के तहत श्रीनगर और कोटद्वार क्षेत्र में सैंपलिंग एवं निरीक्षण की कार्रवाई की गयी।

जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम, 2006 के तहत की गई कार्रवाई के दौरान कुल 16 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान 10 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए, जिनमें 05 विधिक एवं 05 सर्विलांस नमूने शामिल हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। संग्रहित नमूनों में 06 नमूने मिठाई एवं नमकीन तथा 04 नमूने अन्य खाद्य पदार्थों के हैं। मिल्क एवं मिल्क प्रोडक्ट का कोई नमूना नहीं लिया गया।

अभियान के दौरान मिठाई एवं स्वीट शॉप संचालकों को प्रतिष्ठानों में स्वच्छता मानकों का कड़ाई से अनुपालन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बिना लेबल एवं बिना तिथि अंकित पैक्ड खाद्य सामग्री, जिसमें बेकरी उत्पाद एवं नमकीन शामिल थे, को नियमानुसार नष्ट कराया गया।

सहायक आयुक्त खाद्य पी सी जोशी ने बताया कि खाद्य कारोबारकर्ताओं को खाद्य सुरक्षा मानकों, स्वच्छता एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री के संबंध में जागरूक किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्वों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा सैंपलिंग और निरीक्षण की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

इस अवसर पर श्रीनगर में सहायक आयुक्त खाद्य पी सी जोशी, तहसीलदार दीपक भंडारी एवं वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रचना लाल तथा कोटद्वार में तहसीलदार सनवाल, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप मिश्रा एवं राजस्व उपनिरीक्षक अमित नेगी उपस्थित रहे।


सैनिक परिवारों को उच्च शिक्षा में बड़ी राहत, गढ़वाल राइफल्स और सीआईएमएस ग्रुप के बीच MOU

देहरादून/लैंसडाउन। देश की सुरक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों के परिवारों और सैन्य समुदाय से जुड़े विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी राहत देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। सीआईएमएस एंड यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज, देहरादून और गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर, लैंसडाउन के बीच सुपर-300 मिशन एजुकेशन स्कीम के तहत एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर किए गए।

इस समझौते के माध्यम से वीर नारियों, वीर माताओं, देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों के आश्रितों, चार वर्ष की सेवा पूर्ण कर चुके अग्निवीरों तथा उनके आश्रितों को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण आर्थिक राहत प्रदान की जाएगी।

दो श्रेणियों में मिलेगी फीस में छूट

MOU के अनुसार पहली श्रेणी में शामिल पात्र वीर नारियों, वीर माताओं, बलिदानी सैनिकों के आश्रितों तथा चार वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले अग्निवीरों को संस्थान में उपलब्ध पात्र पाठ्यक्रमों में ट्यूशन फीस में 100 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी।

वहीं दूसरी श्रेणी में सेवारत एवं सेवानिवृत्त सैनिकों तथा उनके आश्रितों को ट्यूशन फीस में 40 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।

MOU पर हस्ताक्षर की प्रक्रिया गढ़वाल रेजिमेंटल सेंटर, लैंसडाउन के सुरजन सिंह ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान संपन्न हुई। कार्यक्रम में सेंटर के विभिन्न सैन्य अधिकारियों सहित 300 से अधिक जवानों ने प्रतिभाग किया।

सैनिक परिवारों के बच्चों के बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम : ब्रिगेडियर विनोद नेगी

इस अवसर पर गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद नेगी ने कहा कि इस अनुबंध से गढ़वाल राइफल्स से जुड़े सैनिकों और उनके परिवारों को शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण लाभ मिलेगा। उन्होंने सीआईएमएस एंड यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज की इस पहल को अनूठा एवं सराहनीय प्रयास बताते हुए ग्रुप के चेयरमैन का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि MOU के तहत दो श्रेणियों में शिक्षा शुल्क में राहत का प्रावधान किया गया है। पात्र वीर नारियों, वीर माताओं, बलिदानी सैनिकों के आश्रितों और चार वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले अग्निवीरों को 100 प्रतिशत ट्यूशन फीस माफी, जबकि सेवारत एवं सेवानिवृत्त सैनिकों तथा उनके आश्रितों को 40 प्रतिशत ट्यूशन फीस की छूट मिलेगी। यह पहल सैनिक परिवारों के बच्चों के बेहतर भविष्य के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

सैनिक परिवारों की सेवा करना हमारे लिए सौभाग्य : एडवोकेट ललित मोहन जोशी

सीआईएमएस एंड यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के चेयरमैन एडवोकेट ललित मोहन जोशी ने कहा कि गढ़वाल राइफल्स की वीर नारियों, वीर माताओं, बलिदानी सैनिकों के आश्रितों और अग्निवीरों के सम्मान में संस्थान की ओर से विभिन्न पाठ्यक्रमों में पात्र लाभार्थियों को उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।

उन्होंने कहा कि संस्थान की ओर से चिकित्सा शिक्षा, पैरामेडिकल, प्रबंधन, कंप्यूटर साइंस, होटल मैनेजमेंट, लॉ एवं अन्य व्यावसायिक क्षेत्रों में शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने का उद्देश्य यही है कि देश की रक्षा में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों के परिवारों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में आर्थिक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।

एडवोकेट ललित मोहन जोशी ने कहा कि गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर के साथ यह अनुबंध सैनिक परिवारों की सेवा करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा, “सैनिकों और उनके परिवारों के प्रति सम्मान केवल शब्दों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके बच्चों की शिक्षा और भविष्य को मजबूत बनाने के लिए ठोस प्रयास किए जाने चाहिए।”

उन्होंने कहा कि यह पहल सैनिक परिवारों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ-साथ उनके बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर करियर और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में आगे बढ़ाने का माध्यम बनेगी।

नशामुक्त युवा अभियान को लेकर भी जवानों को किया जागरूक

कार्यक्रम के दौरान सीआईएमएस एंड यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के प्रतिनिधियों एवं गढ़वाल रेजिमेंटल सेंटर के सैन्य अधिकारियों ने MOU से जुड़ी व्यवस्थाओं और सैनिक परिवारों को मिलने वाले शैक्षणिक लाभों पर विस्तार से चर्चा की।

इस अवसर पर सजग इंडिया के माध्यम से युवाओं के बीच चलाए जा रहे नशामुक्त युवा अभियान के बारे में भी सैन्य अधिकारियों एवं जवानों को जानकारी दी गई।

सजग इंडिया के अध्यक्ष एवं शिक्षाविद ललित जोशी ने सैन्य अधिकारियों एवं जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि “आज नशा आतंक का एक बड़ा हथियार बन चुका है। आने वाली पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। हमें मिलकर युवाओं को जागरूक करना होगा, ताकि युवा अपने परिवार के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।”

उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, फिटनेस अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

ये सैन्य अधिकारी एवं जवान रहे उपस्थित

कार्यक्रम में कर्नल मनोज उनियाल, कर्नल जगत सिंह नेगी, सेवानिवृत्त कर्नल राजकुमार सैनी, लेफ्टिनेंट कर्नल संजीव, लेफ्टिनेंट कर्नल प्रताप सिंह, लेफ्टिनेंट कर्नल आर. डी. वर्मा, लेफ्टिनेंट कर्नल धनेश, मेजर दिलबाग सिंह, कैप्टन नवजोत, लेफ्टिनेंट कर्नल एस. शेखर, लेफ्टिनेंट कर्नल विजय तोमर, मेजर इंद्रमणि, मेजर फ्रांसिस, सूबेदार मेजर नंद किशोर, सूबेदार मेजर पुरन सिंह, सूबेदार मेजर सुखबीर सिंह, नायब सूबेदार नागेंद्र सिंह नेगी , सूबेदार हीरा सिंह सहित गढ़वाल रेजिमेंटल सेंटर के 300 से अधिक जवान उपस्थित रहे।

यह MOU सैनिक परिवारों के सम्मान, शिक्षा के अधिकार और उनके बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण सामाजिक एवं शैक्षणिक पहल के रूप में देखा जा रहा है।


प्रेमनगर क्षेत्र में आबकारी विभाग की छापेमारी, 19 पेटी शराब बरामद

देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के कंडोली-बिडौली इलाके में आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने देर रात कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की तस्करी और बिक्री के मामले का खुलासा किया। प्रभारी सहायक आबकारी आयुक्त प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान टीम ने एक चारपहिया वाहन और तीन स्कूटी को कब्जे में लिया। मौके से कुल 19 पेटी शराब बरामद की गई।

बरामद शराब में 10 पेटी अंग्रेजी एवं इंपोर्टेड शराब तथा 9 पेटी बीयर शामिल है। विभाग के अनुसार, शराब की बोतलों पर ‘फॉर सेल इन चंडीगढ़ ओनली’ अंकित था। प्रारंभिक जांच में पता चला कि शराब हरियाणा से लाकर बिडौली क्षेत्र में कथित तौर पर कॉलेज छात्रों को होम डिलीवरी के माध्यम से बेची जा रही थी।

कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी बताए जा रहे विक्रांत उर्फ गर्वित ने अपना चारपहिया वाहन मौके पर छोड़ दिया और फरार हो गया। आबकारी टीम ने मौके से अंकुश, सौरभ और महिला आरोपी पिंकी को गिरफ्तार किया। तीनों हरियाणा के निवासी बताए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 63/72 के तहत कार्रवाई की गई है। सभी आरोपियों को देहरादून न्यायालय में पेश किया जा रहा है। वहीं फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।

इस कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक मसूरी दिवाकर चौधरी, जयवीर सिंह, उप आबकारी निरीक्षक उमराव सिंह राठौर, आशीष प्रकाश, अर्जुन सिंह, हेड कांस्टेबल राकेश नाथ, गोविंद सिंह, हेमंत, नौशाद और रीनू कुमार समेत आबकारी विभाग के अन्य कर्मचारी शामिल रहे।


मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या, एनटीपीसी के प्रतिबंधित क्षेत्र में झाड़ियों में मिला शव

कांटी (मुजफ्फरपुर)। थाना क्षेत्र के कोठिया गांव स्थित एनटीपीसी के प्रतिबंधित क्षेत्र एस डाईक लैगून-एक में बुधवार को दिनदहाड़े 45 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसका शव झाड़ियों के बीच मिला। मृतक की पहचान गांव निवासी गणेश सहनी के पुत्र शंभू सहनी के रूप में हुई है। वह ट्रैक्टर पर छाई ढुलाई का काम करता था।

ग्रामीणों के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 10 बजे लैगून-एक की ओर से कई राउंड गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे तो झाड़ियों में शंभू सहनी का शव पड़ा मिला। बताया गया कि उसके सिर में गोली मारी गई थी। ग्रामीणों के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो चुके थे।

घटना की जानकारी मिलते ही कांटी पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीपीओ पश्चिमी वन सुचित्रा कुमारी की मौजूदगी में घटनास्थल की जांच की गई। एफएसएल की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस हत्या के कारणों और वारदात में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, लैगून-एक क्षेत्र में छाई उठाव पर प्रतिबंध है। इसके बावजूद रात के समय कथित तौर पर चोरी-छिपे छाई की कटाई किए जाने की चर्चा है। बताया जा रहा है कि शंभू सहनी भी छाई कटाई के काम में मजदूरी करता था। इसी कारण पुलिस इस पहलू को भी जांच के दायरे में रखकर आगे बढ़ रही है।

मृतक के स्वजनों ने गांव के कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतक की पत्नी सुनीता देवी ने पुलिस को कुछ ग्रामीणों के बारे में जानकारी देते हुए हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है। साथ ही मृतक के परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और जांच के आधार पर हत्या की वास्तविक वजह सामने आएगी। मामले में पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।


‘जीवन भीमा योजना’ का ट्रेलर रिलीज, डबल रोल में नजर आएंगे अरशद वारसी

अरशद वारसी की आगामी फिल्म ‘जीवन भीमा योजना’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। ट्रेलर में कॉमेडी, एक्शन और जबरदस्त कंफ्यूजन देखने को मिल रहा है। फिल्म में अरशद वारसी पहली बार दोहरी भूमिका में नजर आएंगे, जबकि संजीदा शेख भी एक दिलचस्प किरदार के साथ दर्शकों का मनोरंजन करती दिखाई देंगी।

फिल्म की कहानी में अरशद वारसी जीवन और भीमा नाम के दो किरदार निभा रहे हैं। ट्रेलर की शुरुआत एक रहस्यमयी सीन से होती है, जिसमें किसी शख्स को जान से मारने की कोशिश करते हुए दिखाया जाता है। इसके बाद कहानी में संजीदा शेख की एंट्री होती है, जो फिल्म में जीवन की पत्नी योजना का किरदार निभा रही हैं।

ट्रेलर में दिखाया गया है कि जीवन ने एक करोड़ रुपये की बीमा पॉलिसी ली थी। इसके बाद उसकी मौत से पहले एक और करोड़ रुपये की बीमा पॉलिसी कराए जाने की बात सामने आती है। यहीं से कहानी में पैसों को लेकर दिलचस्प मोड़ आता है और कई किरदारों के बीच गलतफहमी का सिलसिला शुरू हो जाता है।

फिल्म में विजय राज विनायक के किरदार में नजर आएंगे, जिसकी नजर बीमा की रकम पर है। इसी दौरान उसका सामना भीमा से होता है और वह उसे जीवन समझ बैठता है। इसके बाद पहचान की इस उलझन से कॉमेडी और एक्शन का सिलसिला शुरू हो जाता है।

ट्रेलर में कई किरदार एक-दूसरे को लेकर भ्रमित नजर आते हैं। यही कंफ्यूजन फिल्म की कहानी को आगे बढ़ाता है और इसे डार्क कॉमेडी का अंदाज देता है।

निर्देशक अभिषेक डोगरा के मुताबिक, ‘जीवन भीमा योजना’ आम लोगों की कहानी है, जो एक असाधारण फैसला लेते हैं और फिर उसके परिणामों से जूझते हैं। उन्होंने बताया कि फिल्म भले ही डार्क कॉमेडी पर आधारित है, लेकिन इसकी कहानी के पीछे मानवीय भावनाएं भी जुड़ी हैं।

निर्देशक ने अरशद वारसी के दोनों किरदारों की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने दोनों भूमिकाओं को बेहद प्रभावी ढंग से निभाया है।

फिल्म का निर्देशन अभिषेक डोगरा ने किया है और इसका निर्माण स्टारबीम वेंचर्स लिमिटेड के बैनर तले हुआ है। फिल्म में अरशद वारसी और संजीदा शेख के साथ विजय राज, बृजेन्द्र काला और पूजा चोपड़ा भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। ‘जीवन भीमा योजना’ 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।


बांदा के भुजरख गांव में एक ही दिन दो मौतें, पत्नी से विवाद के बाद युवक ने दी जान; किशोरी ने भी उठाया कदम

बांदा। तिंदवारी थाना क्षेत्र के भुजरख गांव में मंगलवार को अलग-अलग घटनाओं में एक युवक और कक्षा नौ की छात्रा की मौत से गांव में शोक का माहौल बन गया। 28 वर्षीय युवक ने पत्नी से विवाद के बाद कथित तौर पर फंदा लगाकर जान दे दी। वहीं, दोपहर में 15 वर्षीय किशोरी ने भी घर में फंदा लगा लिया। दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, भुजरख निवासी 28 वर्षीय संजय वर्मा मुंबई में मजदूरी करता था। नागपंचमी के अवसर पर वह गांव आया था और अपनी पत्नी मुस्कान को भी उसके मायके मुंगुस गांव से घर लेकर आया था। दोनों अलग मकान में रहते थे। परिजनों के मुताबिक, मंगलवार देर रात करीब 11:08 बजे पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। इसके बाद संजय ने घर के टीनशेड में लगे लोहे के पाइप से रस्सी के सहारे फंदा लगा लिया।

घटना की जानकारी पत्नी मुस्कान ने फोन के माध्यम से संजय के पिता बलवीर को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी संदीप कुमार पटेल के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी।

घर में अकेली थी 15 वर्षीय किशोरी

इसी गांव में मंगलवार दोपहर करीब 2:40 बजे एक अन्य घटना में कक्षा नौ में पढ़ने वाली 15 वर्षीय मोनी वर्मा ने कथित तौर पर घर के अंतिम कमरे में फंदा लगा लिया। घटना के वक्त वह घर में अकेली थी।

परिजनों के अनुसार, मोनी ने सुबह उठकर परिवार के सदस्यों के लिए चाय बनाई थी। उसके पिता रामसुफल काम से खेत चले गए थे, जबकि मां कुसमा रिश्तेदारी में बबेरू गई थीं। मोनी ने अपने भाई दीपक के हाथ पिता के लिए खाना भी खेत पर भेजा था। खाना पहुंचाने के बाद जब दीपक घर लौटा तो घटना का पता चला। इसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।

पुलिस ने दोनों घटनाओं की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों मामलों में मौत के कारणों को लेकर अभी स्पष्ट निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।


घरेलू विवाद में पिता ने छह माह के बेटे को पटक दिया, मासूम की मौत; आरोपी गिरफ्तार

कटकमसांडी (हजारीबाग)। लुपुंग गांव में घरेलू विवाद के दौरान एक दर्दनाक घटना सामने आई है। मां और पत्नी के बीच चल रही कहासुनी के बीच एक व्यक्ति ने कथित तौर पर गुस्से में अपने छह माह के बेटे को उठाकर कुएं के पास पटक दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, लुपुंग निवासी आकाश कुमार के घर में मंगलवार को उसकी मां और पत्नी के बीच किसी घरेलू मुद्दे को लेकर विवाद हो रहा था। इसी दौरान आकाश कथित रूप से अपना आपा खो बैठा और उसने अपने छह माह के पुत्र अंश कुमार को उठाकर पटक दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के बाद परिजन बच्चे को इलाज के लिए ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इससे पहले ही उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी पिता आकाश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बुधवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद को घटना की वजह माना जा रहा है। हालांकि, घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है और पुलिस साक्ष्य जुटाने में लगी है। मासूम की मौत से पूरे गांव में मातम का माहौल है।


मनोज झा और विमल पुरवाल की माताओं के निधन पर सीएम धामी ने जताया शोक

देहरादून- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दैनिक जागरण के संपादक मनोज झा की माताजी तथा हिंदुस्तान समाचार पत्र के मुख्य संवाददाता विमल पुरवाल की माताजी के निधन पर बुधवार को उनके देहरादून स्थित आवास पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की।

मुख्यमंत्री ने दोनों शोक संतप्त परिवारों को सांत्वना दी। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp