Thursday, August 27th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के मामले में आरोपी दोषी, 10 साल की सजा

Monthly Archives: August 2026

नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के मामले में आरोपी दोषी, 10 साल की सजा

रेवाड़ी। कोसली थाना क्षेत्र के एक गांव में करीब 17 वर्षीय नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और दुष्कर्म करने के मामले में फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट ने आरोपी को दोषी ठहराया है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश डॉ. मैनपाल रामावत की अदालत ने आरोपी गगन को 10 साल के कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही उस पर पांच हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। जुर्माना जमा नहीं करने पर दोषी को एक माह की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी।

पुलिस के मुताबिक, एक जनवरी 2025 को पीड़िता के भाई ने कोसली थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि उसकी करीब 17 वर्षीय बहन सुबह लगभग 10 बजे घर से बिना बताए चली गई थी। परिजनों ने आसपास और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद परिवार ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसके अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस से शिकायत की।

शिकायत के आधार पर कोसली थाना पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को नाबालिग महेंद्रगढ़ जिले के एक गांव में मिली। पुलिस पूछताछ में नाबालिग ने महेंद्रगढ़ निवासी गगन पर उसे बहला-फुसलाकर साथ ले जाने और दुष्कर्म करने का आरोप लगाया।

नाबालिग के बयान के आधार पर पुलिस ने मामले में पोक्सो एक्ट की संबंधित धाराएं जोड़ीं और आरोपी गगन को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने जांच पूरी करने के बाद अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने मामले से जुड़े साक्ष्य अदालत के सामने रखे और गवाहों के बयान दर्ज कराए। अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों और मामले के सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद गगन को दोषी करार दिया।

अदालत ने दोषी को 10 वर्ष के कारावास के साथ पांच हजार रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई। जुर्माना अदा नहीं करने पर उसे एक माह की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी।


डॉक्टर से मांगी पांच करोड़ की रंगदारी, गोली मारने की धमकी देने वाला आरोपी लोहरदगा से गिरफ्तार

रांची। अशोक नगर निवासी एक डॉक्टर से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और रकम नहीं देने पर गोली मारकर हत्या करने की धमकी देने के मामले में रांची पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। अरगोड़ा थाना में दर्ज मामले की तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने दीपक कुमार दास उर्फ दीपक (46) को लोहरदगा से पकड़ा। उसके पास से रंगदारी मांगने में इस्तेमाल किया गया सिम कार्ड भी बरामद किया गया है। आरोपी को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जा रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि डॉक्टर से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने की साजिश किसने तैयार की थी और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि डॉक्टर को निशाना बनाने की योजना किस तरह तैयार की गई।

तकनीकी जांच के दौरान पुलिस सबसे पहले उस मोबाइल नंबर की महिला धारक तक पहुंची, जिससे डॉक्टर को धमकी भरे फोन किए जा रहे थे। लोहरदगा में छापेमारी कर महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने बताया कि मोबाइल नंबर उसके नाम पर पंजीकृत है, लेकिन उसका इस्तेमाल उसका पति दीपक कुमार दास उर्फ दीपक करता था।

महिला से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दीपक को गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस उसके मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है।

पुलिस जांच में जमीन से जुड़े मामले के पहलू को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि जमीन संबंधी विवाद के बहाने डॉक्टर को निशाना बनाने की योजना किसने बनाई और रंगदारी की रकम तय करने से लेकर धमकी देने तक की पूरी प्रक्रिया में किन लोगों की भूमिका थी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों की जांच के बाद मामले में शामिल अन्य लोगों के नाम सामने आ सकते हैं। साथ ही पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के पीछे की पूरी साजिश का भी खुलासा होने की उम्मीद है।


मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में नया रिकॉर्ड, 2.35 लाख से ज्यादा खिलाड़ियों ने कराया पंजीकरण

मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी की तैयारियों को लेकर बैठक

देहरादून। मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में इस साल खिलाड़ियों के पंजीकरण ने नया रिकॉर्ड बनाया है। अब तक प्रदेशभर से 2.35 लाख से अधिक खिलाड़ियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। पिछले साल की तुलना में इस बार पंजीकरण की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई है। प्रतियोगिता को लेकर तैयारियों की समीक्षा के लिए खेल मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार को सचिवालय स्थित एनआईसी सभागार से सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक की।

बैठक में खेल मंत्री ने अधिकारियों को प्रतियोगिता से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रदेश के अधिक से अधिक प्रतिभावान खिलाड़ियों को मंच उपलब्ध कराना है। इसके लिए हर ब्लॉक से कम से कम 2,000 खिलाड़ियों का पंजीकरण कराने का लक्ष्य रखा गया है।

खेल मंत्री ने प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए जिला योजना से बजट बढ़ाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के आवास, भोजन और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं में किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए। आयोजन स्थलों पर खिलाड़ियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।

बैठक में बताया गया कि वर्ष 2025 में मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के लिए करीब 1.62 लाख खिलाड़ियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया था। वहीं, इस वर्ष अब तक यह आंकड़ा बढ़कर 2.35 लाख से अधिक हो चुका है। पंजीकरण की अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित है, ऐसे में आने वाले दिनों में खिलाड़ियों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।

इस वर्ष प्रतियोगिता में 8 से 14 वर्ष और 14 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे। इसके साथ ही महिला ओपन वर्ग में 20 से 25 वर्ष तक की महिलाएं भी प्रतिभाग कर सकेंगी। दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए भी अलग से प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

रेखा आर्या ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रतियोगिता के आयोजन से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को आयोजन के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

बैठक में विशेष प्रमुख खेल सचिव अमित सिन्हा, खेल निदेशक दीप्ति सिंह, अपर निदेशक अजय अग्रवाल, राजेश ममगाईं, उपनिदेशक शक्ति सिंह समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


रांची में बगोदर के मजदूर की चाकू मारकर हत्या, गांव पहुंचा शव तो मचा कोहराम

बगोदर (गिरिडीह)। रांची में गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के दामा गांव निवासी एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। स्वजन का आरोप है कि चाकू से हमला कर उसकी हत्या की गई है। गुरुवार सुबह मृतक का शव पैतृक गांव पहुंचा तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

दामा निवासी त्रिलोकी नाथ मिश्रा के 30 वर्षीय पुत्र उपेंद्र मिश्रा रांची की एक फैक्ट्री में मजदूरी करता था। करीब दो दिन पहले रांची में उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। स्वजन के मुताबिक, उपेंद्र पर चाकू से हमला किया गया था, जिससे उसकी जान चली गई। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारण और घटनाक्रम की पुलिस जांच कर रही है।

शव के गांव पहुंचने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंच गए। स्वजन के विलाप से माहौल गमगीन हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर बगोदर विधायक नागेंद्र महतो भी मृतक के घर पहुंचे और परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।

विधायक ने रांची के कोतवाली थाना पुलिस से फोन पर बातचीत कर घटना में शामिल लोगों की जल्द पहचान करने और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिया।

विधायक ने कहा कि राजधानी रांची में एक मजदूर की हत्या गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम समेत अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


कम खाना खाने के बावजूद क्यों बढ़ता है वजन? रोटी नहीं, ये आदतें हो सकती हैं जिम्मेदार

अगर वजन घटाने की कोशिश के बावजूद आपका वजन कम होने के बजाय बढ़ रहा है, तो इसकी वजह सिर्फ यह नहीं हो सकती कि आपने कितनी रोटियां खाईं। कई बार हम खाने की मात्रा पर तो नजर रखते हैं, लेकिन खाने के साथ ली जाने वाली दूसरी चीजों, शारीरिक गतिविधि, नींद और तनाव जैसी आदतों को नजरअंदाज कर देते हैं। ऐसे में कम खाना खाने के बावजूद शरीर का वजन बढ़ सकता है। आइए जानते हैं वे कौन-से कारण हैं, जिन पर वजन कम करते समय ध्यान देना जरूरी है।

दो रोटी खाने के बाद भी वजन क्यों बढ़ सकता है?

रोटी की संख्या कम करना अपने आप में वजन घटाने की गारंटी नहीं है। भोजन में इस्तेमाल होने वाला तेल, घी, मक्खन, दही, अचार, मिठाई और अन्य चीजें भी कुल कैलोरी बढ़ा सकती हैं। वजन में बदलाव मुख्य रूप से पूरे दिन की कुल कैलोरी खपत और शरीर द्वारा खर्च की जाने वाली ऊर्जा के संतुलन पर निर्भर करता है।

चाय और छोटे स्नैक्स भी डाल सकते हैं असर

कई बार मुख्य भोजन सीमित होता है, लेकिन दिनभर चाय, बिस्किट, नमकीन, जूस, मीठे पेय या दूसरे स्नैक्स लेते रहने से अतिरिक्त कैलोरी शरीर में पहुंचती रहती है। ये चीजें मात्रा में छोटी होती हैं, लेकिन बार-बार खाने पर इनका कुल असर काफी हो सकता है। इसलिए कुछ दिनों तक अपनी पूरी दिनचर्या और खान-पान का रिकॉर्ड रखना मददगार हो सकता है।

कम शारीरिक गतिविधि भी बन सकती है वजह

अगर आपका काम ज्यादातर बैठकर होता है और रोजाना चलना-फिरना या व्यायाम बहुत कम है, तो शरीर की ऊर्जा खपत भी कम हो सकती है। लंबे समय तक ऑफिस में बैठे रहना, लगातार मोबाइल या टीवी देखना और रोजाना कम कदम चलना वजन बढ़ने में योगदान दे सकता है।

नींद का बिगड़ा हुआ पैटर्न भी महत्वपूर्ण

वजन प्रबंधन में नींद की भूमिका को भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। लगातार कम नींद लेने से भूख और पेट भरा होने की अनुभूति को नियंत्रित करने वाले हार्मोन प्रभावित हो सकते हैं। इसके चलते कुछ लोगों में ज्यादा खाने या मीठे और अधिक कैलोरी वाले खाद्य पदार्थों की इच्छा बढ़ सकती है।

तनाव में बढ़ सकती है खाने की इच्छा

लगातार तनाव रहने पर कुछ लोगों का खान-पान प्रभावित हो जाता है। तनाव के दौरान मीठी चीजें, तला-भुना खाना या जंक फूड खाने की इच्छा बढ़ सकती है। अगर तनाव से निपटने के लिए बार-बार खाने की आदत बन जाए, तो इसका असर वजन पर पड़ सकता है।

थायरॉयड की समस्या को भी न करें नजरअंदाज

अगर वजन बढ़ने के साथ थकान, ठंड अधिक लगना, कब्ज, त्वचा का रूखा होना या बाल झड़ने जैसी परेशानियां भी लगातार बनी हुई हैं, तो डॉक्टर से सलाह लेना उचित है। कुछ मामलों में थायरॉयड की समस्या मेटाबॉलिज्म को प्रभावित कर सकती है और वजन में बदलाव से जुड़ी हो सकती है।

कब डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है?

यदि वजन बिना किसी स्पष्ट वजह के लगातार बढ़ रहा है या इसके साथ अत्यधिक थकान, शरीर में सूजन, सांस फूलना, कब्ज, ठंड अधिक लगना जैसे लक्षण भी दिखाई दे रहे हैं, तो विशेषज्ञ से परामर्श लेना बेहतर है। वजन कम करने के लिए केवल भोजन की मात्रा घटाने के बजाय संतुलित आहार, नियमित शारीरिक गतिविधि, पर्याप्त नींद और तनाव प्रबंधन पर भी ध्यान देना जरूरी है।

नोट: यह लेख सामान्य स्वास्थ्य संबंधी जानकारी के लिए है। किसी बीमारी, लगातार वजन बढ़ने या अन्य लक्षणों की स्थिति में डॉक्टर की सलाह लेना उचित है।

(साभार)


आंध्र प्रदेश में दर्दनाक सड़क हादसा, बस-ऑटो की टक्कर में 7 लोगों की मौत, कई घायल

CM नायडू ने दिए घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश

अमरावती। आंध्र प्रदेश के पलनाडू जिले में गुरुवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सात लोगों की जान चली गई। चिलकलुरिपेट इलाके में एक निजी बस और ऑटो-रिक्शा की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में छह महिलाओं समेत सात लोगों की मौत हुई है, जबकि चार बच्चों सहित आठ अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

15 यात्रियों से भरे ऑटो को बस ने मारी टक्कर

पुलिस के मुताबिक हादसा चिलकलुरिपेट में अड्डा रोड के पास हुआ। निजी बस विजयवाड़ा से तिरुपति की ओर जा रही थी। इसी दौरान बस की टक्कर सामने से आ रहे ऑटो-रिक्शा से हो गई। ऑटो में करीब 15 लोग सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में घायल आठ लोगों को गुंटूर के सरकारी जनरल अस्पताल और चिलकलुरिपेट के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार चार लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो घायलों की इलाज के दौरान गुंटूर में और एक की चिलकलुरिपेट अस्पताल में मौत हुई।

जन्मदिन समारोह से लौट रहे थे यात्री

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी यात्री चिलकलुरिपेट मंडल के वेलुरु गांव के रहने वाले थे। वे प्रकाशम जिले के कोंडामांजुलुर में आयोजित जन्मदिन समारोह में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनका ऑटो हादसे का शिकार हो गया।

पुलिस ने मृतकों की पहचान बोंटू बाबू, बोंटू मानेम्मा, संपूर्णम्मा, गंगम्मा, लक्ष्मम्मा, चौतुपल्ली स्वार्थम्मा और मारियम्मा के रूप में की है।

मुख्यमंत्री ने दिए बेहतर इलाज के निर्देश

हादसे की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को घायलों के इलाज में किसी भी तरह की कमी नहीं रहने देने के निर्देश दिए। साथ ही घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा।

उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने भी हादसे पर शोक जताया और जिला अधिकारियों से बातचीत कर घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

गृह मंत्री ने मांगी हादसे की रिपोर्ट

राज्य की गृह मंत्री वंगालपुडी अनीता ने पलनाडू के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से फोन पर घटना की जानकारी ली। उन्होंने हादसे में हुई मौतों, घायलों की स्थिति और राहत-बचाव कार्यों की जानकारी हासिल की।

गृह मंत्री ने पुलिस को दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच करने के निर्देश दिए हैं। जांच में बस की गति, चालक की संभावित लापरवाही और हादसे से जुड़ी अन्य परिस्थितियों को शामिल करने को कहा गया है। उन्होंने सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।


‘टॉक्सिक’ का बॉक्स ऑफिस पर धमाका, पहले दिन ही पार किया 100 करोड़ का आंकड़ा

लंबे इंतजार के बाद फिल्म ‘टॉक्सिक’ ने 26 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक दे दी है। रिलीज से पहले ही फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच खासा उत्साह देखने को मिल रहा था और सिनेमाघरों में भी इसका असर नजर आया। पहले दिन बड़ी संख्या में दर्शक फिल्म देखने पहुंचे और इसका सीधा फायदा बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर देखने को मिला। फिल्म ने ओपनिंग डे पर ही 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर शानदार शुरुआत की है।

पहले दिन कई बड़ी फिल्मों को छोड़ा पीछे

‘टॉक्सिक’ ने रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत पकड़ का संकेत दे दिया है। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ने पहले दिन 101.10 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इस प्रदर्शन के साथ फिल्म ने ‘पठान’, ‘एनिमल’, ‘जवान’ और ‘कल्कि 2898 एडी’ जैसी चर्चित फिल्मों के ओपनिंग डे कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है।

हिंदी वर्जन ने भी किया दमदार प्रदर्शन

फिल्म के अलग-अलग भाषाई वर्जन की बात करें तो हिंदी में ‘टॉक्सिक’ ने करीब 55 करोड़ रुपये कमाए। वहीं कन्नड़ वर्जन से 23.30 करोड़, तेलुगु से 16 करोड़, तमिल से 5.50 करोड़ और मलयालम वर्जन से 1.30 करोड़ रुपये की कमाई हुई। इन आंकड़ों ने फिल्म की मजबूत शुरुआत को और पुख्ता किया है।

वर्ल्डवाइड कलेक्शन भी शानदार

घरेलू बॉक्स ऑफिस के साथ फिल्म ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी अच्छी शुरुआत की है। भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन करीब 120.75 करोड़ रुपये बताया गया है, जबकि विदेशी बाजार से लगभग 20 करोड़ रुपये की कमाई हुई। इस तरह फिल्म का शुरुआती वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 140.75 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

‘आवारापन 2’ की कमाई पर पड़ा असर

वहीं, इमरान हाशमी और दिशा पाटनी की फिल्म ‘आवारापन 2’ की कमाई में बुधवार को बड़ी गिरावट देखने को मिली। माना जा रहा है कि नई रिलीज ‘टॉक्सिक’ की वजह से फिल्म के कलेक्शन पर असर पड़ा है। पहले सप्ताह में 113.50 करोड़ रुपये कमाने वाली ‘आवारापन 2’ ने दूसरे मंगलवार को 3.75 करोड़ रुपये जुटाए थे, जबकि बुधवार को इसकी कमाई घटकर महज 90 लाख रुपये रह गई। फिल्म का कुल कलेक्शन अब 143.65 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।

‘इनसिडियस: आउट ऑफ द फर्दर’ की रफ्तार धीमी

हॉरर फिल्म ‘इनसिडियस: आउट ऑफ द फर्दर’ की कमाई भी लगातार नीचे जा रही है। फिल्म ने ओपनिंग डे पर 2.85 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। पांचवें दिन इसकी कमाई 1.89 करोड़ रुपये रही, जबकि छठे दिन फिल्म ने करीब 50.70 लाख रुपये जुटाए। इसके साथ ही फिल्म का कुल कलेक्शन 16.26 करोड़ रुपये हो गया है।

‘इरुमुडी’ 100 करोड़ क्लब की ओर

21 अगस्त को रिलीज हुई रवि तेजा की फिल्म ‘इरुमुडी’ बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक अच्छा प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने मंगलवार को 12.20 करोड़ रुपये कमाए थे, जबकि बुधवार को इसका कलेक्शन 10.20 करोड़ रुपये रहा। अब फिल्म की कुल कमाई 85.25 करोड़ रुपये पहुंच गई है। मौजूदा रफ्तार को देखते हुए फिल्म जल्द ही 100 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर सकती है।


गोरखपुर में 50 हजार के इनामी बदमाश से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

गोरखपुर। लूट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश गुड्डू ढाढ़ी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। सहजनवा-पीपीगंज सीमा क्षेत्र में सिसई घाट के पास हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।

पुलिस के मुताबिक, पीपीगंज निवासी गुड्डू ढाढ़ी लूट के एक मामले में वांछित था। गुरुवार सुबह पुलिस टीम को उसके सिसई घाट के आसपास मौजूद होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया।

पुलिस टीम को देखते ही बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी और मौके से भागने का प्रयास किया। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा के लिए गोली चलाई। इस दौरान उसके पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर गया। पुलिसकर्मियों ने उसे मौके से पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से असलहा और कारतूस बरामद किए गए।

गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल उसका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार, गुड्डू ढाढ़ी के खिलाफ गोरखपुर समेत अलग-अलग जिलों के विभिन्न थानों में करीब 45 मुकदमे दर्ज हैं। उसकी लगातार आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

लूट के मामले में फरार होने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। मुठभेड़ के बाद गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।


रक्षाबंधन पर घर आई युवती की मौत, रेलवे स्टेशन के पास ऑटो में मिला शव

फिरोजाबाद। रक्षाबंधन के मौके पर गुरुग्राम से अपने घर आई एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गुरुवार सुबह उसका शव शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन के पास एक ऑटो में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।

नसीरपुर क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती गुरुग्राम में नौकरी करती थी। रक्षाबंधन के लिए वह बुधवार को अपने घर आई थी। शाम के समय उसने अपनी एक सहेली से फोन पर बात की और उससे मिलने के लिए घर से निकल गई। देर रात तक उसके वापस नहीं लौटने पर स्वजन ने उसकी तलाश शुरू कर दी।

गुरुवार सुबह करीब छह बजे पुलिस को रेलवे स्टेशन के पास एक ऑटो में युवती के बदहवास हालत में पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। युवती के एक पुरुष मित्र की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह और अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल दुष्कर्म की आशंका की जांच की जा रही है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।


त्योहारी सीजन में मिलावटखोरों पर शिकंजा, हल्द्वानी-रामनगर में खाद्य विभाग की छापेमारी

कई खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए

हल्द्वानी। रक्षाबंधन और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मद्देनजर नैनीताल जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर विभागीय टीमों ने हल्द्वानी ग्रामीण, कालाढूंगी, रामनगर और आसपास के क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों के विधिक और सर्वे नमूने एकत्र किए गए।

अभियान का उद्देश्य त्योहारों के दौरान बाजार में बिकने वाली मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना तथा मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक लगाना है।

हल्द्वानी-कालाढूंगी में लिए गए नमूने

हल्द्वानी और कालाढूंगी क्षेत्र में खाद्य विनिर्माण इकाइयों और प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। टीम ने उत्तराखंड जीरा पेय पदार्थ, कृष्णा सॉस, काजू, नूडल्स और अरहर दाल समेत कई खाद्य पदार्थों के नमूने लिए।

इनमें लामाचौड़ स्थित मंडाकिनी बेवरेजेज से उत्तराखंड जीरा पेय पदार्थ, कालाढूंगी के पीके फूड्स एंड केमिकल्स से कृष्णा सॉस, धमोला स्थित न्यूट्रीकॉन्सेप्ट फूड्स प्राइवेट लिमिटेड से काजू और लामाचौड़ की आशादीप एंटरप्राइजेज से नूडल्स का नमूना शामिल है। इसके अलावा कालाढूंगी मार्केट स्थित सुपरसैल्स जियारुरहमान से अरहर दाल का नमूना भी लिया गया।

निरीक्षण के दौरान एडीएम नैनीताल (प्रशासन) विवेक राय, सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी अजब सिंह रावत और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभय कुमार सिंह सहित विभागीय टीम मौजूद रही। सभी विधिक नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा जा रहा है।

रामनगर में चार प्रतिष्ठानों का निरीक्षण

रामनगर के चिलकिया क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान ने चार खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान मैसर्स जगदीश आटा मिल से आटा और शिवलालपुर स्थित मैसर्स मित्तल इंटरप्राइजेज से गरम खड़ा मसाला समेत खाद्य पदार्थों के नमूने संकलित किए गए।

हल्द्वानी ग्रामीण क्षेत्र में दूध-घी के नमूने

हल्द्वानी ग्रामीण क्षेत्र में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नंदकिशोर की टीम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान पंचायत घर स्थित शिवानी जनरल स्टोर से वनस्पति तथा देवलचौड़ स्थित ब्लिंक कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड से दूध और घी के नमूने लिए गए।

इसके साथ ही खोया, बर्फी, चाशनी, मोतीचूर और रसगुल्ले के सर्वे नमूने भी एकत्र किए गए हैं। इन नमूनों को खाद्य गुणवत्ता की जांच के लिए भेजा जा रहा है।

मिलावट मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा है कि त्योहारों के दौरान मिलावटी, नकली और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। खाद्य पदार्थों में मिलावट या खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और संबंधित नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि मिठाई और अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, साफ-सफाई, पैकेजिंग और लेबलिंग की जांच जरूर करें। किसी भी तरह की मिलावट या अनियमितता सामने आने पर इसकी सूचना खाद्य सुरक्षा विभाग को देने की अपील की गई है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp