Wednesday, August 19th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे ठप: भल्लेगांव बागवान के पास पहाड़ी से भारी मलबा गिरने से बंद हुआ मार्ग

Monthly Archives: August 2026

ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे ठप: भल्लेगांव बागवान के पास पहाड़ी से भारी मलबा गिरने से बंद हुआ मार्ग

 देवप्रयाग। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर भल्लेगांव-बागवान के पास पहाड़ी से अचानक भारी मात्रा में चट्टानी मलबा सड़क पर आ गिरा। मलबा सड़क पर जमा होने के कारण हाईवे पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

घटना की सूचना मिलते ही देवप्रयाग पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वाहनों को तहसील क्षेत्र के अलग-अलग सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया। इससे यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो और जाम की स्थिति नियंत्रित रहे, इसके लिए पुलिस लगातार मौके पर निगरानी कर रही है।

मार्ग बंद होने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की टीम ने सड़क को खोलने का काम शुरू कर दिया है। मौके पर जेसीबी मशीनों की मदद से पहाड़ी से आए मलबे और चट्टानों को हटाया जा रहा है।

पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के मुताबिक, सड़क से मलबा पूरी तरह हटने के बाद यातायात को दोबारा सुचारू किया जाएगा।


AAP के वरिष्ठ नेता दलजीत राजू को फिर मिली फिरौती की धमकी भरी कॉल

फगवाड़ा। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और बीसी विंग के प्रभारी दलजीत राजू को कथित तौर पर लगातार फिरौती की धमकियां मिलने का मामला सामने आया है। बुधवार को भी उन्हें धमकी भरी कॉल आने की जानकारी मिली है। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार, दलजीत राजू को पिछले कुछ समय से कथित तौर पर फिरौती की मांग को लेकर धमकी भरे फोन किए जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की ओर से उनकी सुरक्षा में जवान भी तैनात किए गए हैं। इसके बावजूद धमकी भरी कॉल का सिलसिला जारी रहने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

बुधवार को एक बार फिर दलजीत राजू को कथित तौर पर धमकी भरा फोन आया। लगातार हो रही इस तरह की कॉल के बावजूद अभी तक धमकी देने वाले व्यक्ति तक पुलिस के पहुंचने की स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

इस मामले ने पुलिस की कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा तेज कर दी है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक आरोपी की पहचान या उसकी गिरफ्तारी को लेकर आधिकारिक विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

दलजीत राजू की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस प्रशासन के सामने धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने की चुनौती है। पुलिस कॉल से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है या नहीं, इस संबंध में भी आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

फिलहाल लगातार मिल रही कथित धमकियों के बीच पुलिस प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।


मुख्य सचिव ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के दिए निर्देश

सड़क सुरक्षा को लेकर गठित अनुश्रवण समिति की बैठक

देहरादून। उत्तराखंड में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए शासन ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में बुधवार को हुई सड़क सुरक्षा अनुश्रवण समिति की बैठक में दुर्घटनाओं के कारणों, ब्लैक स्पॉट, सड़क डिजाइन और जनपद स्तरीय सड़क सुरक्षा समितियों के कामकाज की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ समयबद्ध तरीके से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

वैज्ञानिक तरीके से होगी हादसों की वजहों की जांच

मुख्य सचिव ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं के कारणों का केवल सामान्य आकलन करने के बजाय उनका वैज्ञानिक विश्लेषण किया जाना चाहिए। सड़क की डिजाइन, रोड ज्योमेट्री और तकनीकी खामियों की भी बारीकी से जांच हो। जिन स्थानों पर सड़क की संरचना या डिजाइन दुर्घटनाओं की वजह बन रही है, वहां तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए जाएं।

उन्होंने रोड सेफ्टी ऑडिट को प्राथमिकता देने के साथ बस अड्डों का भी नियमित ऑडिट कराने के लिए टीम गठित करने को कहा। ऑडिट के दौरान सामने आने वाली कमियों और सुझावों पर संबंधित विभागों को गंभीरता से कार्रवाई करनी होगी।

हेलमेट और यातायात नियमों पर सख्ती

मुख्य सचिव ने दोपहिया वाहन चालकों और पीछे बैठने वाले यात्रियों के लिए हेलमेट के अनिवार्य इस्तेमाल को प्रभावी ढंग से लागू कराने के निर्देश दिए। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।

उन्होंने परिवहन और पुलिस विभाग को प्रवर्तन कार्रवाई की नियमित समीक्षा करने तथा सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ब्लैक स्पॉट का होगा थर्ड पार्टी ऑडिट

बैठक में ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान कर वहां रोड सेफ्टी एवं थर्ड पार्टी ऑडिट कराने पर जोर दिया गया। मुख्य सचिव ने शेष ब्लैक स्पॉट के सुधार कार्यों को भी तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

पर्वतीय क्षेत्रों में क्रैश बैरियर, पैराफिट और अन्य सुरक्षा उपायों को लेकर वन एवं लोक निर्माण विभाग की ओर से की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। साथ ही दूसरे राज्यों में अपनाई जा रही बेहतर सड़क सुरक्षा व्यवस्थाओं का अध्ययन कर उन्हें उत्तराखंड में लागू करने की संभावनाएं तलाशने को कहा गया।

हर दो-तीन माह में चलेगा जागरूकता अभियान

मुख्य सचिव ने सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियानों को महज औपचारिकता तक सीमित नहीं रखने के निर्देश दिए। उन्होंने हर दो-तीन महीने में व्यापक स्तर पर अभियान चलाने और इसके लिए सालभर का प्रचार-प्रसार कैलेंडर तैयार करने को कहा।

पुलिस, स्वास्थ्य और परिवहन विभाग को दुर्घटना के बाद रेस्क्यू और त्वरित उपचार से संबंधित संयुक्त वर्कशॉप आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा स्थानीय सिनेमाघरों में सड़क सुरक्षा से जुड़ी जागरूकता फिल्में प्रदर्शित कराने को कहा गया।

स्कूलों में बनेंगे सड़क सुरक्षा क्लब

शिक्षा और परिवहन विभाग के समन्वय से विद्यालयों में सड़क सुरक्षा क्लब स्थापित कर उन्हें सक्रिय रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने कहा कि विद्यार्थियों और युवाओं के बीच यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाना जरूरी है।

उन्होंने राहवीर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने और हिट एंड रन के लंबित मामलों की सूची संबंधित जिलाधिकारियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारियों को अपने-अपने जिलों में ऐसे मामलों की समीक्षा कर जल्द निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।

मुख्य सचिव ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए केवल यातायात नियमों का प्रवर्तन पर्याप्त नहीं है। इसके लिए सड़क इंजीनियरिंग, वाहनों की स्थिति, चालक के व्यवहार, जन-जागरूकता और दुर्घटना के बाद त्वरित उपचार—सभी पहलुओं पर एक साथ काम करना होगा।

बैठक में सचिव रविनाथ रमन, डॉ. रणवीर सिंह चौहान समेत संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न जिलों के जिलाधिकारी मौजूद रहे।


भारत ने श्रीलंका को पहले टेस्ट मैच में 165 रन से हराया

मानव सुथार की फिरकी का कहर, 10 विकेट लेकर भारत को दिलाई शानदार जीत

नई दिल्ली। भारत ने अपने ऐतिहासिक 600वें टेस्ट मैच को यादगार बनाते हुए श्रीलंका को गॉल में खेले गए पहले टेस्ट में 165 रन से हरा दिया। भारत की ओर से मानव सुथार ने दूसरी पारी में शानदार गेंदबाजी करते हुए छह विकेट झटके और श्रीलंका की पूरी टीम 206 रन पर सिमट गई। इस जीत के साथ शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।

भारत ने श्रीलंका के सामने जीत के लिए 372 रन का लक्ष्य रखा था। पांचवें दिन श्रीलंका ने चार विकेट पर 84 रन से आगे खेलना शुरू किया, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने उसकी पारी ज्यादा देर नहीं टिक सकी। कप्तान धनंजय डिसिल्वा और सोनल दिनुषा ने पांचवें विकेट के लिए 95 रन जोड़कर कुछ देर भारतीय टीम को परेशान जरूर किया, लेकिन उनके आउट होते ही श्रीलंका की पारी बिखर गई।

धनंजय 59 रन बनाकर रवींद्र जडेजा का शिकार बने, जबकि सोनल दिनुषा 84 रन की पारी खेलकर आउट हुए। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट निकालते हुए श्रीलंका को 206 रन पर ऑलआउट कर दिया। मानव सुथार ने छह विकेट लिए, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा को दो और जडेजा तथा मोहम्मद सिराज को एक-एक सफलता मिली।

भारत ने पहली पारी में बनाए थे 462 रन

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने पहली पारी में 462 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। देवदत्त पडिक्कल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 167 रन की बड़ी पारी खेली। उनके अलावा केएल राहुल ने 82 और ध्रुव जुरेल ने 51 रन बनाए।

जवाब में श्रीलंका की पहली पारी 284 रन पर समाप्त हुई। सोनल दिनुषा ने 100 और निरोशन डिकवेला ने 80 रन बनाकर टीम को फॉलोऑन से बचाया। भारत को पहली पारी में 178 रन की बढ़त मिली।

दूसरी पारी में पंत ने संभाला मोर्चा

भारत की दूसरी पारी 193 रन पर समाप्त हुई। ऋषभ पंत ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 66 रन बनाए, जबकि देवदत्त पडिक्कल ने 44 और केएल राहुल ने 35 रन का योगदान दिया। कप्तान शुभमन गिल आठ रन बनाकर आउट हुए।

पहली पारी की बढ़त को मिलाकर भारत ने श्रीलंका के सामने 372 रन का लक्ष्य रखा। श्रीलंकाई गेंदबाजों में असिथा फर्नांडो ने चार विकेट लिए, जबकि प्रभात जयसूर्या को तीन सफलता मिलीं।

गॉल में भारत ने दोहराया 2017 का प्रदर्शन

इस जीत के साथ भारत ने गॉल में लगातार दूसरी टेस्ट जीत दर्ज की है। इससे पहले भारतीय टीम ने जुलाई 2017 में इसी मैदान पर श्रीलंका को 304 रन से हराया था। गॉल में भारत और श्रीलंका के बीच अब तक छह टेस्ट हुए हैं, जिनमें दोनों टीमों ने तीन-तीन मुकाबले जीते हैं।

गौर करने वाली बात यह भी है कि 2014 के बाद गॉल में खेले गए 28 टेस्ट मैचों में केवल एक मुकाबला ड्रॉ रहा है। बाकी मैचों में हार-जीत का फैसला हुआ है।

मानव सुथार बने जीत के हीरो

भारत की जीत में मानव सुथार का प्रदर्शन सबसे खास रहा। उन्होंने पूरे मैच में 10 विकेट अपने नाम किए। पहली पारी में सुथार ने चार विकेट लिए थे, जबकि दूसरी पारी में छह बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।

हालांकि मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले देवदत्त पडिक्कल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने पहली पारी में 167 रन बनाने के बाद दूसरी पारी में भी 44 रन की उपयोगी पारी खेली।

अब दोनों टीमों के बीच सीरीज का दूसरा और आखिरी टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो में खेला जाएगा। भारत की नजरें सीरीज जीतकर श्रीलंका दौरे का शानदार अंत करने पर होंगी।


दाबाद में विवाहिता का फंदे पर मिला शव, मायके वालों ने लगाया हत्या कर लटकाने का आरोप

मुरादाबाद। मैनाठेर थाना क्षेत्र के लालपुर हमीर गांव में बुधवार सुबह एक विवाहिता का शव कमरे में फंदे से लटका मिलने के बाद हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान अंजाना उर्फ अंजुम के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और ससुराल वालों पर हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।

घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही ससुराल पक्ष के लोग घर से निकलकर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

जानकारी के अनुसार लालपुर हमीर गांव निवासी मुदस्सिर का निकाह वर्ष 2016 में अंजाना उर्फ अंजुम से हुआ था। दंपती के चार बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से पति के किसी अन्य महिला से फोन पर बातचीत करने को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।

परिजनों के मुताबिक, अंजुम को जब इस संबंध में जानकारी हुई तो पति-पत्नी के बीच अक्सर कहासुनी होने लगी थी। बुधवार सुबह उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला।

विवाहिता की मौत की खबर मिलते ही उसके मायके पक्ष के लोग गांव पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि अंजुम की हत्या करने के बाद शव को फंदे पर लटकाया गया है। आरोपों के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी।

प्रभारी निरीक्षक किरनपाल सिंह ने बताया कि मामले में शिकायत के आधार पर आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस घटना के कारणों और विवाहिता की मौत के पीछे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।


सलेड़ी -खेरोला से खड़की-नौकुचियाताल(भीमताल) बाईपास मोटर मार्ग के निर्माण कार्य का शुभारम्भ

बाईपास का निर्माण होने के बाद स्थानीय जानता को मिलेगा रोजगार जाम से मिलेगा निजात- मंत्री कैड़ा

भीमताल। लंबे समय से सड़क सुविधा की मांग कर रहे भीमताल ब्लॉक के ग्रामीणों को अब राहत मिलने जा रही है। सलेड़ी, खेरोला, खड़की, सिलोटी और नौकुचियाताल को जोड़ने वाले प्रस्तावित बाईपास मोटर मार्ग का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। मंत्री राम सिंह कैड़ा ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

ग्रामीण लंबे समय से इस मोटर मार्ग के निर्माण की मांग उठा रहे थे। सड़क सुविधा के अभाव में लोगों को रोजमर्रा का सामान मुख्य मार्ग तक पहुंचाने में परेशानी होती थी। वहीं मरीजों को घोड़े या कंधे के सहारे मुख्य सड़क तक लाने की मजबूरी बनी हुई थी। नौकुचियाताल आने-जाने वाले ग्रामीणों और पर्यटकों को भी भीमताल होकर लंबा रास्ता तय करना पड़ता था, जिससे भीमताल के तल्ली ताल क्षेत्र में अक्सर जाम की समस्या बनी रहती थी।

शासन से मंजूरी के बाद शुरू हुआ काम

ग्रामीणों की मांग पर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को राज्य योजना के तहत बाईपास मोटर मार्ग की डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री से सड़क निर्माण के लिए बजट स्वीकृत करने का आग्रह किया। शासन से धनराशि स्वीकृत होने के बाद अब निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि बाईपास मार्ग बनने से क्षेत्र के ग्रामीणों और पर्यटकों का आवागमन आसान होगा। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि मार्ग के निर्माण से भीमताल के तल्ली ताल क्षेत्र में यातायात का दबाव और जाम की समस्या कम करने में भी मदद मिलेगी। इसका लाभ भीमताल विधानसभा के साथ ही कुमाऊं क्षेत्र के लोगों को भी मिलेगा।

गुणवत्ता के साथ जल्द काम पूरा करने के निर्देश

मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और निर्धारित समय में सड़क का काम पूरा करने के निर्देश दिए। निर्माण शुरू होने पर ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया तथा लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने पर आभार जताया।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों के डामरीकरण और नए मार्गों के निर्माण का काम लगातार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने क्षेत्रीय जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विकास कार्यों को गति देने के लिए सरकार और विभागीय स्तर पर लगातार काम किया जा रहा है।


जापानी तकनीक का लाभ छोटे किसानों तक पहुंचाएं, कृषि लागत घटाकर उत्पादकता बढ़ाएं: शिवराज सिंह चौहान

यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट में केंद्रीय कृषि मंत्री ने कृषि क्षेत्र में तकनीकी सहयोग बढ़ाने का किया आह्वान

जापान समेत वैश्विक निवेश के लिए मजबूत डेस्टिनेशन बना है उत्तर प्रदेश

छोटे और सीमांत किसानों के लिए उपयोगी मशीनरी विकसित करने पर जोर, गांव के युवाओं को रोजगार से जोड़ने की अपील

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश और जापान के बीच निवेश, तकनीक और औद्योगिक सहयोग को नई गति देने के उद्देश्य से आयोजित यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट-2026 में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कृषि क्षेत्र में जापानी तकनीक और विशेषज्ञता का लाभ भारतीय किसानों तक पहुंचाने पर जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश को जापानी कंपनियों के निवेश के लिए मजबूत डेस्टिनेशन बताया।

उन्होंने कहा कि भारत और जापान की साझेदारी केवल निवेश तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसका लाभ किसानों, युवाओं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था तक पहुंचना चाहिए। भारत में विशाल बाजार, बड़ी युवा आबादी और कृषि क्षेत्र की व्यापक संभावनाएं हैं। ऐसे में जापान के साथ तकनीकी और औद्योगिक सहयोग से कृषि में नई संभावनाओं के द्वार खुल सकते हैं। उन्होंने जापानी उद्योग और संस्थानों से ऐसी तकनीक और मशीनरी विकसित करने का आग्रह किया, जो छोटे और सीमांत किसानों के लिए भी उपयोगी और आसानी से उपलब्ध हो।

यूपी का महत्वपूर्ण पार्टनर है जापान
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अपनी बड़ी कंज्यूमर मार्केट, कुशल मानव संसाधन, बेहतर कनेक्टिविटी, तेजी से विकसित होते इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेश-अनुकूल नीतियों के कारण वैश्विक निवेश के लिए मजबूत डेस्टिनेशन बनकर उभरा है। जापान उत्तर प्रदेश का विशेष और महत्वपूर्ण पार्टनर है तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की हालिया जापान यात्रा ने दोनों पक्षों के संबंधों को और मजबूत किया है। उत्तर प्रदेश में शक्ति, परंपरा, प्रतिभा, इंफ्रास्ट्रक्चर, निवेश, इनोवेशन और बड़े बाजार की क्षमता मौजूद है। उन्होंने जापानी उद्योग जगत का आह्वान करते हुए कहा कि जापान की तकनीकी विशेषज्ञता और उत्तर प्रदेश के टैलेंट एवं बाजार की संभावनाओं को साथ लाकर रोजगार, इनोवेशन और सस्टेनेबल ग्रोथ के असीमित नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं।

किसानों की उत्पादकता बढ़ाने की जरूरत
कृषि मंत्री ने कहा कि आज जरूरत ऐसी तकनीक की है, जिससे किसानों की उत्पादकता बढ़े, पानी की खपत और उत्पादन लागत कम हो तथा किसानों की आय में वृद्धि हो। कृषि क्षेत्र में होने वाली रिसर्च का सीधा लाभ खेत तक पहुंचना चाहिए। रिसर्च केवल पेपर तक सीमित न रहे, बल्कि उसे ऐसे उत्पाद और तकनीक में बदला जाए, जिसे किसान आसानी से अपना सकें।

ग्रामीण युवाओं को भी विकास यात्रा से जोड़ने पर जोर
केंद्रीय मंत्री ने कृषि तकनीक के साथ गांव के युवाओं को जोड़ने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि नई कृषि मशीनरी और तकनीक के संचालन, रखरखाव तथा उससे जुड़े व्यवसायों में ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के अवसर पैदा किए जा सकते हैं। इससे गांव का युवा विकास यात्रा का केवल दर्शक नहीं, बल्कि उसका सक्रिय भागीदार बनेगा। उन्होंने जापान से कृषि तकनीक के क्षेत्र में भारत को ग्लोबल सेंटर बनाने में सहयोग करने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एग्रीकल्चर और मैन्युफैक्चरिंग के बीच बेहतर तालमेल से किसानों के लिए उपयोगी तकनीक विकसित की जा सकती है।

भारत-जापान संबंध केवल निवेश तक सीमित नहीं
शिवराज सिंह चौहान ने भारत और जापान के संबंधों को दो देशों के साथ-साथ दो संस्कृतियों के बीच मजबूत साझेदारी बताया। उन्होंने कहा कि भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक शक्ति तथा जापान की तकनीकी दक्षता और औद्योगिक क्षमता मिलकर विकास की नई राह तैयार कर सकती है। जापान के साथ भारत की साझेदारी को केवल निवेश के नजरिये से नहीं देखा जाना चाहिए। तकनीक, इनोवेशन, स्किल डेवलपमेंट, मैन्युफैक्चरिंग और रोजगार के क्षेत्र में दीर्घकालिक सहयोग इसका महत्वपूर्ण हिस्सा होना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट-2026 का आयोजन 18 से 23 अगस्त तक उत्तर प्रदेश और दिल्ली में किया जा रहा है। इसमें 200 से अधिक जापानी उद्योगपति, सीईओ, कारोबारी प्रतिनिधि और नीति-निर्माता हिस्सा ले रहे हैं। यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट-2026 में जापानी कंपनियों के लिए एडवांस्ड टेक्नोलॉजी, ग्रीन हाइड्रोजन, रिन्यूएबल एनर्जी, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, सेमीकंडक्टर, ऑटोमोटिव कंपोनेंट्स, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, स्किल डेवलपमेंट और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में निवेश के अवसर प्रस्तुत किए जा रहे हैं।


लुधियाना में पिज्जा शॉप के अंदर घुसे हमलावर, तीन राउंड फायरिंग कर हुए फरार

लुधियाना। भाई रणधीर सिंह नगर इलाके में देर रात एक पिज्जा दुकान पर गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि कुछ हमलावर दुकान के अंदर पहुंचे और लगातार तीन राउंड फायर करने के बाद वहां से फरार हो गए। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग अपने कब्जे में ले ली है। फुटेज में संदिग्ध हमलावर दुकान के भीतर जाते और गोली चलाते नजर आ रहे हैं। जांच टीम अब फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान करने के साथ ही उनके आने और भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है।

फायरिंग की घटना के बाद सोशल मीडिया पर ‘गोपी लाहौरिया ग्रुप’ नाम के पेज से वारदात की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। हालांकि पुलिस इस पोस्ट की वास्तविकता की जांच कर रही है। अभी यह पुष्टि नहीं हुई है कि पोस्ट घटना में शामिल लोगों ने ही की है या किसी अन्य व्यक्ति ने।

पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे दूसरे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि हमलावरों की पहचान और उनकी गतिविधियों से जुड़े अहम सुराग मिल सकें।

जांच एजेंसियां अब गोलीबारी के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी हैं। पुलिस पुरानी रंजिश, धमकी, रंगदारी या किसी अन्य आपराधिक विवाद समेत विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर सामने आ रहे दावों को बिना सत्यापन सही नहीं मानने की अपील की है। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की तलाश जारी है।


कटक में नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म केस में होटल कर्मचारी गिरफ्तार, दो आरोपी पहले ही पकड़े गए

कटक। कटक के बादामबाड़ी थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने होटल कर्मचारी ज्ञान रंजन सेठी को केंद्रापड़ा जिले से पकड़ा है। इस मामले में पुलिस पहले ही दो नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले चुकी है।

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता कटक के एक कॉलेज में प्लस-टू की छात्रा है। उसी कॉलेज में पढ़ने वाले दो नाबालिग छात्रों से उसकी पहचान थी। आरोप है कि दोनों ने इसी जान-पहचान का फायदा उठाकर छात्रा को बादामबाड़ी इलाके के एक होटल में बुलाया और वहां उसके साथ अपराध किया।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि होटल कर्मचारी ज्ञान रंजन सेठी ने दोनों नाबालिगों को बिना जरूरी दस्तावेजों के कमरा उपलब्ध कराने में कथित तौर पर मदद की थी। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था।

पीड़िता ने घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने 12 अगस्त को दोनों नाबालिग आरोपियों को पकड़ लिया था। पूछताछ और जांच के दौरान होटल कर्मचारी की भूमिका सामने आई।

पुलिस को सूचना मिली कि ज्ञान रंजन सेठी केंद्रापड़ा जिले में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने संभावित ठिकाने पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। मेडिकल जांच कराने के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


मां को गोली मारने के बाद बेटे ने लाठी से पिता को पीटा, दोनों की मौत; महिला गंभीर घायल

उदयपुर। चित्तौड़गढ़ जिले के गंगरार थाना क्षेत्र के सुवाणियां गांव में पारिवारिक विवाद ने सोमवार रात खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि 55 वर्षीय भगवान लाल ने अपनी दूसरी पत्नी भोमली को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। मां की मौत से गुस्साए 22 वर्षीय बेटे अनिल ने इसके बाद पिता पर लाठी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से भगवान लाल की भी मौके पर मौत हो गई।

इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंची भगवान लाल की लिव-इन पार्टनर तारा भी लाठी की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे पहले चित्तौड़गढ़ जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उदयपुर रेफर किया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

पुलिस के मुताबिक, भैरूसिंह जी का खेड़ा निवासी भगवान लाल की दो शादियां हुई थीं। पहली पत्नी लाडू से उसकी दो बेटियां हैं, जबकि दूसरी पत्नी भोमली से दो बेटे और दो बेटियां हैं। पिछले कुछ समय से भगवान लाल दोनों पत्नियों से अलग सुवाणियां में 35 वर्षीय तारा के साथ लिव-इन रिलेशन में रह रहा था। दोनों खेत पर रहते थे।

सोमवार रात परिवार के कुछ लोग खेत पर पहुंचे और भगवान लाल से घर वापस लौटने को कहा। शुरुआत में बातचीत सामान्य थी, लेकिन बाद में मामला विवाद में बदल गया। गाली-गलौज के बीच स्थिति बिगड़ गई और आरोप है कि भगवान लाल ने अपनी दूसरी पत्नी भोमली पर गोली चला दी।

गोली लगने से भोमली गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

मां की मौत की खबर से अनिल आक्रोशित हो गया। उसने पास में पड़ी लाठी उठाकर अपने पिता भगवान लाल पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में गंभीर चोट लगने के कारण भगवान लाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

इसी दौरान झगड़ा शांत कराने पहुंची तारा पर भी अनिल ने कथित तौर पर लाठी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल तारा को उपचार के लिए उदयपुर रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही गंगरार थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की, जबकि एफएसएल टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। दोनों मृतकों के शवों को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया।

घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने मृतक के बेटे अनिल और उसकी पहली पत्नी लाडू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

गंगरार डीएसपी उदय सिंह चुंडावत के अनुसार, शुरुआती जांच में घटना के पीछे पारिवारिक विवाद सामने आया है। पुलिस परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि विवाद अचानक हिंसक हुआ या इसके पीछे पहले से कोई पारिवारिक रंजिश थी।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp