Saturday, August 22nd, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

क्या आपको भी लगती है सुबह उठते ही तेज भूख? तो जान लीजिये इसके पीछे की 5 बड़ी वजहें

Monthly Archives: August 2026

क्या आपको भी लगती है सुबह उठते ही तेज भूख? तो जान लीजिये इसके पीछे की 5 बड़ी वजहें

सुबह आंख खुलते ही अगर आपको तेज भूख महसूस होती है, तो हर बार इसे किसी बीमारी से जोड़ना जरूरी नहीं है। रात के खाने और सुबह के नाश्ते के बीच कई घंटों का अंतर होने के कारण सुबह भूख लगना शरीर की सामान्य प्रक्रिया हो सकती है। हालांकि, कुछ लोगों में यह भूख सामान्य से काफी अधिक होती है और बार-बार महसूस हो सकती है। ऐसे में इसके पीछे खान-पान, नींद और दिनचर्या से जुड़े कई कारण हो सकते हैं।

सुबह की तेज भूख को समझने के लिए यह देखना जरूरी है कि रात में आपने क्या और कितना खाया था, आपकी नींद कैसी रही और दिनभर आपकी शारीरिक गतिविधि कितनी रही। कुछ मामलों में लगातार बढ़ी हुई भूख किसी स्वास्थ्य समस्या से जुड़ी भी हो सकती है।

सुबह उठते ही ज्यादा भूख लगने की वजह

1. रात का भोजन कम होना
अगर रात में आपने जरूरत से कम खाना खाया है या भोजन पर्याप्त पौष्टिक नहीं था, तो सुबह शरीर को अधिक ऊर्जा की जरूरत महसूस हो सकती है। इसका असर तेज भूख के रूप में दिखाई दे सकता है।

2. डाइट में प्रोटीन और फाइबर की कमी
प्रोटीन और फाइबर पेट को लंबे समय तक भरा रखने में मदद करते हैं। रात के भोजन में इनकी कमी होने पर सुबह जल्दी भूख लग सकती है। दाल, अंडे, पनीर, दही, सब्जियां और साबुत अनाज जैसे विकल्प संतुलित डाइट का हिस्सा हो सकते हैं।

3. रात में ज्यादा मीठा या प्रोसेस्ड फूड खाना
देर रात अधिक मीठी चीजें या अत्यधिक प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थ खाने से अगले दिन भूख और खाने की इच्छा प्रभावित हो सकती है। इसलिए रात के भोजन को संतुलित रखना बेहतर माना जाता है।

4. नींद पूरी न होना
नींद की कमी शरीर में भूख और पेट भरे होने की भावना को नियंत्रित करने वाले हार्मोन को प्रभावित कर सकती है। यही वजह है कि कम नींद लेने के बाद कुछ लोगों को अगले दिन सामान्य से ज्यादा भूख लग सकती है।

5. ज्यादा एक्सरसाइज या शारीरिक मेहनत
अगर आपने पिछले दिन सामान्य से अधिक व्यायाम किया है या ज्यादा शारीरिक मेहनत की है, तो शरीर को अतिरिक्त ऊर्जा की आवश्यकता हो सकती है। ऐसे में सुबह तेज भूख लगना स्वाभाविक हो सकता है।

क्या सुबह ज्यादा भूख लगना डायबिटीज का संकेत है?

केवल सुबह तेज भूख लगने के आधार पर डायबिटीज की आशंका नहीं जताई जा सकती। लेकिन अगर भूख बढ़ने के साथ बहुत ज्यादा प्यास लगना, बार-बार पेशाब आना, बिना वजह वजन कम होना, कमजोरी या लगातार थकान जैसे लक्षण भी दिखाई दें, तो ब्लड शुगर की जांच कराना और डॉक्टर से सलाह लेना उचित है।

सुबह की भूख को संतुलित रखने के तरीके

सुबह की भूख को नियंत्रित करने के लिए सबसे पहले रात के भोजन और दैनिक दिनचर्या पर ध्यान देना जरूरी है।

रात का खाना संतुलित और पौष्टिक रखें।
भोजन में पर्याप्त प्रोटीन और फाइबर शामिल करें।
देर रात ज्यादा मीठी और अत्यधिक प्रोसेस्ड चीजें खाने से बचें।
रोज पर्याप्त और अच्छी नींद लेने की कोशिश करें।
सुबह उठने के बाद पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं।
नाश्ते में सिर्फ मीठी चीजों के बजाय प्रोटीन, फाइबर और पौष्टिक कार्बोहाइड्रेट को शामिल करें।
भूख को लगातार दबाने के बजाय शरीर की जरूरत के अनुसार संतुलित भोजन करें।

कब सावधान होने की जरूरत है?

अगर सुबह की तेज भूख लंबे समय तक बनी हुई है और इसके साथ अचानक वजन बढ़ना या कम होना, अत्यधिक प्यास, बार-बार पेशाब, कमजोरी, चक्कर या बहुत ज्यादा थकान जैसे लक्षण भी नजर आ रहे हैं, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। खासकर तब, जब खान-पान और दिनचर्या में कोई बड़ा बदलाव न हुआ हो और इसके बावजूद भूख असामान्य रूप से बढ़ गई हो।

ऐसी स्थिति में किसी स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सलाह लेकर उचित जांच कराना बेहतर रहेगा।

नोट: यह लेख सामान्य स्वास्थ्य संबंधी जानकारी के लिए है। किसी भी लगातार या असामान्य लक्षण की स्थिति में डॉक्टर की सलाह लेना उचित है।

(साभार)


वाराणसी में घर में लाखों की चोरी, 2 लाख नकदी समेत 20 लाख के जेवरात ले उड़े चोर

वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के नरोत्तमपुर में चोरों ने एक मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये की नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। साईं पूजा स्कूल के पास रहने वाले दीपक सिंह के घर में देर रात चोरी की वारदात हुई। चोर घर की आलमारी और बेड का बॉक्स खंगालकर करीब दो लाख रुपये नकद और लगभग 20 लाख रुपये के आभूषण लेकर फरार हो गए।

बताया गया कि दीपक सिंह की मां सांस संबंधी बीमारी से परेशान हैं। उनकी देखभाल के लिए दीपक और उनकी पत्नी ऑक्सीजन मशीन के साथ मां के पास ही सोते हैं। वहीं, दीपक का छोटा भाई सुरेश सिंह बीएचयू अस्पताल में आउटसोर्सिंग कर्मचारी है और वह अपने परिवार के साथ घर की छत पर सो रहा था।

परिवार के मुताबिक सुबह करीब पांच बजे महिलाएं उठीं तो कमरे में सामान अस्त-व्यस्त देखकर उन्हें चोरी का पता चला। घर की आलमारी खुली थी और बेड का बॉक्स भी खुला हुआ था। जांच करने पर दीपक की पत्नी के गहने और घर में रखी करीब दो लाख रुपये की नकदी गायब मिली।

सुरेश सिंह ने बताया कि उनकी मां की तबीयत खराब होने के कारण दीपक रात करीब दो बजे तक जाग रहे थे। आशंका है कि इसके बाद चोर घर में दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। चोरी हुए ज्यादातर आभूषण बेड के बॉक्स में रखे थे। परिजनों के मुताबिक इनकी मौजूदा कीमत करीब 20 लाख रुपये से अधिक है।

घटना की जानकारी मिलते ही लंका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने परिवार से जानकारी जुटाने के साथ चोरी की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल चोरों का सुराग नहीं लग सका है और पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है।


वाराणसी में एमएससी छात्र निकला गांजा तस्कर, 10.11 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार

वाराणसी। लंका थाना पुलिस ने रमना बजबजा प्लांट के पास कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया युवक उदय प्रताप कॉलेज से एमएससी की पढ़ाई कर रहा है। उसके पास से 10.11 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिलने के बाद रमना चौकी प्रभारी पवन पांडेय ने पुलिस टीम के साथ इलाके में घेराबंदी की। इसी दौरान मोटरसाइकिल से जा रहे हरिओम सिंह निवासी फुलवरिया, कैंट को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से गांजा बरामद होने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में पुलिस को आरोपी से गांजा तस्करी से जुड़े कई अहम सुराग मिलने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बताया कि वह बिहार से गांजा लाकर वाराणसी के अलग-अलग इलाकों में ग्राहकों को बेचता था। घाटों, होटल क्षेत्रों और अन्य स्थानों पर इसकी सप्लाई की जाती थी।

आरोपी ने पुलिस को यह भी बताया कि सावन के दौरान गांजे की मांग बढ़ने के कारण वह अधिक मात्रा में इसकी बिक्री कर रहा था। ग्राहक की मांग पर गांजा लेकर रमना की ओर जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।


पांच साल में 34 हजार युवाओं को मिली सरकारी नौकरी, सीएम धामी ने गिनाईं उपलब्धियां

मुख्यमंत्री धामी ने “The Economic Times World Leaders Forum 2026” कार्यक्रम में किया प्रतिभाग

देहरादून/नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में आयोजित ‘द इकोनॉमिक टाइम्स वर्ल्ड लीडर्स फोरम 2026’ में उत्तराखंड की विकास यात्रा और सरकार की प्राथमिकताओं को सामने रखा। उन्होंने कहा कि राज्य विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाते हुए आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने सुशासन, समान नागरिक संहिता, रोजगार, निवेश, पर्यटन, सीमांत क्षेत्रों के विकास और आधुनिक तकनीक को राज्य की प्रगति का प्रमुख आधार बताया।

यूसीसी को बताया सुशासन का मॉडल

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू कर राज्य ने समान अधिकार और सुशासन की दिशा में नई पहल की है। उनके अनुसार, यूसीसी लागू होने के बाद समाज में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है और महिलाओं, बच्चों तथा बुजुर्गों के अधिकारों को मजबूती मिली है। उन्होंने इसे देश के अन्य राज्यों के लिए भी समानता और न्याय की दिशा में प्रेरणादायक कदम बताया।

34 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी

रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य गठन के बाद करीब दो दशकों में लगभग 16 हजार सरकारी नियुक्तियां हुई थीं, जबकि पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी गई है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता को प्राथमिकता दी गई है। नकल और पेपर लीक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए करीब 100 लोगों को जेल भेजा गया है।

मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में भी किए जा रहे बदलावों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सभी वर्गों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शिक्षा व्यवस्था में सुधार किए जा रहे हैं। साथ ही सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है।

निवेश के लिए बनाई गईं 30 से अधिक नई नीतियां

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के बाद उत्तराखंड की औद्योगिक पहचान में बदलाव आया है। निवेश प्रस्तावों को जमीन पर उतारने के लिए राज्य में 30 से अधिक नई नीतियां बनाई गई हैं। सरकार का लक्ष्य केवल एमओयू करना नहीं, बल्कि निवेश को वास्तविक परियोजनाओं में बदलना है। उन्होंने कहा कि मजबूत कानून-व्यवस्था और निर्बाध बिजली जैसी सुविधाओं के साथ निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया जा रहा है।

रेल, सड़क और हवाई कनेक्टिविटी पर फोकस

मुख्यमंत्री ने राज्य में बुनियादी ढांचे के विस्तार की जानकारी देते हुए कहा कि सड़क, रेल और रोपवे कनेक्टिविटी को मजबूत किया जा रहा है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना को उत्तराखंड की कनेक्टिविटी के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि लगभग 125 किलोमीटर लंबी यह परियोजना पर्वतीय क्षेत्रों में पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देगी।

उन्होंने दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का भी उल्लेख किया और कहा कि इससे दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय कम हुआ है। देहरादून से देश के प्रमुख शहरों के लिए 50 से अधिक हवाई सेवाएं उपलब्ध होने की बात भी उन्होंने कही। पंतनगर में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट को औद्योगिक और लॉजिस्टिक विकास के लिहाज से अहम बताया।

चारधाम और विंटर टूरिज्म से बढ़ रही आर्थिक गतिविधियां

मुख्यमंत्री ने पर्यटन को उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए कहा कि चारधाम, कांवड़ और आदि कैलाश यात्राओं में लगातार बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। उन्होंने चारधाम यात्रा के पहले चरण में 47 लाख से अधिक श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रा में करीब 4.80 करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि सरकार पर्यटन को केवल एक मौसम तक सीमित रखने के बजाय बारह महीने पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा दे रही है। धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन के साथ साहसिक और विंटर टूरिज्म पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। हर्षिल-मुखवा जैसे क्षेत्रों को शीतकालीन पर्यटन केंद्रों के रूप में विकसित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, विंटर टूरिज्म से होमस्टे, होटल, ढाबे, परिवहन और स्थानीय उत्पादों से जुड़े लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि पहाड़ों के लोगों को रोजगार के लिए पलायन न करना पड़े और उन्हें अपने क्षेत्र में ही आजीविका के अवसर मिलें।

सीमांत गांवों को ‘प्रथम गांव’ के रूप में विकसित करने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि आदि कैलाश समेत सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देकर स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। सीमांत गांवों को ‘प्रथम गांव’ की अवधारणा के तहत विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। इन क्षेत्रों में सड़क, कनेक्टिविटी, पर्यटन और रोजगार से जुड़ी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।

एआई और तकनीक को भविष्य की अर्थव्यवस्था का आधार बताया

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में भी आगे बढ़ रहा है। राज्य में नवाचार नीति लागू की गई है और आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में वही राज्य आगे रहेंगे जो एआई, विज्ञान और तकनीकी नवाचार को तेजी से अपनाएंगे।

जनवरी 2027 के कुंभ का दिया न्योता

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड केवल विकास परियोजनाओं में ही नहीं, बल्कि बड़े धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों की तैयारियों में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने जनवरी 2027 में हरिद्वार में होने वाले कुंभ के लिए सरकार की तैयारियों की जानकारी दी और देशवासियों से कुंभ में शामिल होने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की विकास यात्रा का लक्ष्य सिर्फ आर्थिक वृद्धि नहीं, बल्कि ऐसा समावेशी और सतत विकास मॉडल तैयार करना है, जिसमें युवाओं के लिए रोजगार, महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता, सीमांत क्षेत्रों के लिए नए अवसर और आम नागरिकों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित हो सकें।


कैनाल रोड पर दर्दनाक हादसा, महिला की मौत; कार चालक समेत दो गिरफ्तार

देहरादून:  राजपुर थाना क्षेत्र के कैनाल रोड पर देर रात हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला घायल है। पुलिस ने कार चालक समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 21-22 अगस्त की मध्यरात्रि करीब 12:45 बजे 112 के माध्यम से कैनाल रोड पर दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना पर राजपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। वहां UP14DE 0052 नंबर की आई-20 कार, स्कूटी UK07AD 5929 और मोटरसाइकिल UK02BO 7044 क्षतिग्रस्त हालत में मिले।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक ने सड़क किनारे खड़े स्कूटर और मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे स्कूटी पर सवार दो महिलाएं घायल हो गईं। दोनों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने मौके से कार चालक सुमित यादव (20) निवासी काठबंगला बस्ती भाग-2, राजपुर, देहरादून और उसके साथी हाशिम (24) निवासी सुमन नगर, राजपुर को हिरासत में लिया। पूछताछ में चालक ने बताया कि काठबंगला से कैनाल रोड की ओर आते समय कार के ब्रेक नहीं लग पाए, जिसके कारण वाहन सड़क किनारे खड़े वाहनों से टकरा गया।

हादसे में घायल नैना राजपूत (26) पत्नी अभिषेक मेहरा, निवासी पोहली, दूधली, डोईवाला, देहरादून की उपचार के दौरान मैक्स अस्पताल में मृत्यु हो गई। वहीं दूसरी घायल महिला निधि कश्यप का दून अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर थाने में दाखिल कर लिया है। मृतका के पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार दोनों आरोपियों के विरुद्ध संगीन धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर घटना की विस्तृत जांच और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


‘द रिवोल्यूशनरीज’ का ‘जय दुर्गा’ गाना रिलीज, भक्ति के साथ दिखा वीरता का रंग

आजादी से पहले के भारत और 1857 की क्रांति की पृष्ठभूमि पर बनी बहुप्रतीक्षित वेब सीरीज ‘द रिवोल्यूशनरीज’ को लेकर दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। सीरीज के प्रमुख किरदारों की झलक सामने आने के बाद अब इसका नया गाना ‘जय दुर्गा’ रिलीज कर दिया गया है। भक्ति और वीरता के भाव से भरपूर यह गीत सीरीज की कहानी के संघर्ष और देशभक्ति के रंग को और गहरा करता नजर आता है।

दमदार आवाजों से सजा ‘जय दुर्गा’

‘जय दुर्गा’ को श्रेयस प्रशांत पुराणिक ने कंपोज किया है। गाने को श्रेयस प्रशांत पुराणिक, राजा हसन, अल्तमश फरीदी और दिव्या कुमार ने अपनी आवाज दी है। इसके बोल सिद्धार्थ-गरिमा ने लिखे हैं। गाने का फिल्मांकन भी भव्य अंदाज में किया गया है, जिसमें मां दुर्गा को शक्ति, सुरक्षा और उम्मीद के प्रतीक के तौर पर प्रस्तुत किया गया है।

भक्ति के साथ दिखा शक्ति और संघर्ष का भाव

गाने में मां भवानी को उस दिव्य शक्ति के रूप में दिखाया गया है, जिससे संकट के समय साहस और ऊर्जा मिलती है। गीत का जोशीला संगीत और भक्ति से जुड़ी थीम सीरीज की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि के साथ मेल खाती है। इसमें अच्छाई की बुराई पर जीत और अन्याय के खिलाफ संघर्ष का संदेश भी उभरकर सामने आता है।

11 सितंबर से स्ट्रीम होगी सीरीज

निखिल आडवाणी के निर्देशन में बनी ‘द रिवोल्यूशनरीज’ एक पीरियड ड्रामा सीरीज है। इसे एम्मे एंटरटेनमेंट के बैनर तले मोनिषा आडवाणी और मधु भोजवानी ने प्रोड्यूस किया है। सीरीज में आजादी से पहले के दौर के उन क्रांतिकारियों की कहानी को केंद्र में रखा गया है, जिनके योगदान को अपेक्षाकृत कम चर्चा मिली।

‘द रिवोल्यूशनरीज’ 11 सितंबर 2026 से प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम की जाएगी।

भुवन बाम समेत ये कलाकार निभाएंगे अहम किरदार

सीरीज में भुवन बाम को स्वतंत्रता सेनानी रासबिहारी बोस की भूमिका में देखा जाएगा। वहीं ‘लापता लेडीज’ फेम प्रतिभा रांटा प्रतिभा लाहिड़ी का किरदार निभा रही हैं। गुरफतेह सिंह पीरजादा यतीन्द्रनाथ मुखर्जी की भूमिका में नजर आएंगे। इसके अलावा रोहित सराफ भी सीरीज का हिस्सा हैं और वे क्रांतिकारी सचिंद्र नाथ सान्याल का किरदार निभाते दिखाई देंगे।


रुड़की में चार बाइकों की हुई आमने-सामने भिड़ंत, तीन युवकों की मौत

कई युवक घायल

रुड़की। कलियर रोड पर शुक्रवार रात चार बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गयी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि दुर्घटना रात करीब साढ़े दस बजे हुई। चार बाइक आपस में टकरा गईं, जिससे सभी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही कलियर कोतवाली और सिविल लाइन पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस के अनुसार, हादसे में अयान (18), पुत्र शहजाद, निवासी बिजौली, राजू (24), पुत्र कदम सिंह, निवासी रहमतपुर और राजीव (22), पुत्र मोलाड, निवासी रहमतपुर की मौत हुई है। वहीं घायलों में आदित्य (25), पुत्र सुरेंद्र, निवासी खंजर रोड और साहबान, पुत्र मुराद, निवासी बिजौली समेत अन्य युवक शामिल बताए गए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइकों की टक्कर इतनी जोरदार थी कि इसकी आवाज आसपास के इलाके में सुनाई दी। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी और राहत-बचाव में जुट गए।

पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।


बिलावर एसिड अटैक केस में कोर्ट का बड़ा फैसला, दोषी विपुल को उम्रकैद और मां को 10 साल की सजा

जम्मू। कठुआ की अदालत ने वर्ष 2021 के चर्चित बिलावर एसिड अटैक मामले में दोषी पाए गए विपुल शर्मा और उसकी मां रेवा देवी को सजा सुनाई है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश प्रवीन पंडोह की अदालत ने विपुल शर्मा को उम्रकैद, जबकि रेवा देवी को 10 साल के कठोर कारावास की सजा दी। अदालत ने दोनों पर आर्थिक दंड भी लगाया है।

अदालत के आदेश के मुताबिक विपुल शर्मा पर एक लाख रुपये और रेवा देवी पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। जुर्माना जमा नहीं करने की स्थिति में दोनों को तीन-तीन महीने की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी।

मामला दो अगस्त 2021 का है। बिलावर के ढेर फिंटर इलाके में कथित संयुक्त भूमि पर निर्माण को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान विवाद बढ़ने पर एक ही परिवार के चार लोगों पर तेजाब से हमला किया गया था।

अदालत ने सुनवाई के दौरान पाया कि विपुल शर्मा ने दो पीड़ितों पर तेजाब डाला था। इनमें से एक व्यक्ति के सिर, चेहरे, हाथ और छाती पर गंभीर चोटें आई थीं। वहीं, रेवा देवी ने एक पीड़ित के पैर पर तेजाब फेंका था।

मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने कुल 22 गवाह पेश किए। अदालत ने कहा कि घायल पीड़ितों की गवाही मेडिकल और फॉरेंसिक साक्ष्यों से भी मेल खाती है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कोर्ट ने माना कि अभियोजन पक्ष आरोपों को संदेह से परे साबित करने में सफल रहा।

अदालत ने दोनों दोषियों को अपराध की गंभीरता को देखते हुए सजा में किसी तरह की राहत देने का आधार नहीं पाया।

कोर्ट ने दोनों दोषियों से वसूले जाने वाले कुल 1.50 लाख रुपये के जुर्माने को चारों पीड़ितों के बीच बांटने का निर्देश दिया है। इसमें पहले पीड़ित को 60 हजार, दूसरे को 40 हजार और तीसरे व चौथे पीड़ित को 25-25 हजार रुपये दिए जाएंगे।

इसके अलावा अदालत ने जम्मू-कश्मीर पीड़ित मुआवजा योजना के तहत अतिरिक्त मुआवजे की भी सिफारिश की है। इसके तहत पहले और दूसरे पीड़ित को चार-चार लाख रुपये, जबकि तीसरे और चौथे पीड़ित को तीन-तीन लाख रुपये दिए जाने की सिफारिश की गई है।


मुंगेर में विवाहिता का फंदे से लटका मिला शव, मायके वालों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

मुंगेर। वासुदेवपुर थाना क्षेत्र के चुरंबा गांव में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक विवाहिता का शव उसके ससुराल स्थित कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान 25 वर्षीय तमन्ना परवीन, पत्नी मु. सैफ अली के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

वासुदेवपुर और पूरबसराय थाने की पुलिस ने एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

तमन्ना की मौत की खबर मिलते ही उसके मायके में मातम पसर गया। मृतका की तीन साल की बेटी है। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही तमन्ना को दहेज की अतिरिक्त मांग को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था।

मृतका के पिता मुन्ना खां ने पुलिस को दिए बयान में ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि करीब पांच साल पहले तमन्ना का निकाह सैफ अली से हुआ था। शादी के दौरान परिवार की क्षमता के अनुसार दान-दहेज दिया गया था, लेकिन कुछ समय बाद ससुराल पक्ष की ओर से 10 लाख रुपये नकद और बुलेट मोटरसाइकिल की मांग की जाने लगी।

पिता के मुताबिक मांग पूरी नहीं होने पर तमन्ना के साथ कथित तौर पर मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की जाती थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सैफ अली विदेश जाने के लिए मायके से आर्थिक मदद चाहता था। बाद में उसके विदेश चले जाने के बाद भी तमन्ना पर सास, ससुर और देवर की ओर से दबाव बनाए जाने का आरोप है।

मृतका के पिता ने आशंका जताई है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर तमन्ना की हत्या की गई और बाद में घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया। हालांकि, इन आरोपों की अभी पुलिस स्तर से पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।


देहरादून में 11.90 लाख मतदाताओं की मैपिंग पूरी, 5.47 लाख लोगों को नोटिस

मतदाता पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों के साथ डीएम की अहम बैठक

देहरादून। जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत निर्वाचन विभाग ने प्रक्रिया तेज कर दी है। ऋषिपर्णा सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ बैठक कर पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील की।

जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में अब तक 11,90,805 मतदाताओं की मैपिंग पूरी की जा चुकी है। वर्ष 2003 की मतदाता सूची में दर्ज विवरण में विसंगतियां पाए जाने अथवा आवश्यक विवरण उपलब्ध नहीं कराने पर 5,47,617 लोगों को बीएलओ के माध्यम से नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें से 3,95,772 लोगों की सुनवाई पूरी हो चुकी है, जबकि 1,52,170 मामलों में सुनवाई जारी है।

मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने के लिए अब तक 39,025 नागरिकों ने प्रारूप-6 में आवेदन किया है। वहीं, नाम हटाने के लिए प्रारूप-7 में 10,235 दावे एवं आपत्तियां प्राप्त हुई हैं। इसके अलावा मतदाता सूची में नाम या अन्य विवरण में संशोधन के लिए 10,718 लोगों ने प्रारूप-8 के तहत आवेदन किया है।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रारूप-7 के तहत प्राप्त प्रत्येक आपत्ति पर संबंधित बीएलओ द्वारा संबंधित व्यक्ति को व्यक्तिगत रूप से नोटिस दिया जाएगा। नोटिस मिलने के सात दिन बाद ही सुनवाई शिविर आयोजित किया जाएगा। बूथ स्तर पर होने वाली सुनवाई में संबंधित मतदाता और आपत्ति दर्ज कराने वाले व्यक्ति, दोनों को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर मिलेगा।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि जिले में 96,187 ऐसे मतदाता चिन्हित किए गए हैं, जिनके नाम उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड दोनों राज्यों की मतदाता सूचियों में दर्ज हैं। ऐसे मतदाताओं को स्वेच्छा से किसी एक राज्य में अपना नाम रखने का विकल्प दिया जाएगा। बीएलओ घर-घर जाकर इन मतदाताओं को जानकारी देंगे और उनकी इच्छा के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

डॉ. चौहान ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि नोटिस प्राप्त करने वाले नागरिकों को संबंधित बूथ तक पहुंचाने में अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से सहयोग करें। उन्होंने कहा कि इससे दावे और आपत्तियों का निष्पक्ष, प्रभावी एवं पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जा सकेगा।

उन्होंने चेतावनी दी कि प्रारूप-7 में झूठी या मिथ्या घोषणा प्रस्तुत करने वालों के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, संयुक्त मजिस्ट्रेट डॉ. हर्षिता, सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र प्रसाद देवली सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी उपस्थित रहे।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp