Wednesday, July 8th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

सतपुली, स्यूंसी झील निर्माण से पैदा होंगे आजीविका के नए अवसर- महाराज

Daily Archives: 08/07/2026

सतपुली, स्यूंसी झील निर्माण से पैदा होंगे आजीविका के नए अवसर- महाराज

कुल्हाड में 123.18 लाख के मोटर मार्ग का शिलान्यास

बीरोंखाल (पौड़ी)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार प्रदेश में “विकास का नया अध्याय” लिख रही है। प्रदेश में कई बड़ी योजनाएं आगे बढ़ा रही है। सतपुली झील और स्यूंसी झील के निर्माण से चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से एक नये डेस्टीनेशन के रुप में विकसित हो रहा है।

उक्त बात प्रदेश के पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई, ग्रामीण निर्माण, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने अपने क्षेत्र भ्रमण के पांचवें दिन बुधवार को सतपुली मण्डल के अन्तर्गत ग्राम पंचायत कुल्हाड में 123.18 लाख की धनराशि से बनने वाली 2 किमी. कुल्हाड बैण्ड से किनसूर-भरवाडी-कैण्डुल-डलगांव-उमन-किनसूर मोटर मार्ग के शिलान्यास के अवसर पर कही। इस दौरान उन्होंने आम जनता की समस्याओं एवं शिकायतों को सुनने के साथ-साथ सरकार द्वारा चौबट्टाखाल विधानसभा में किये जा रहे विकास कार्यों से भी अवगत करवाया।

कैबिनेट मंत्री और चौबट्टाखाल महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन, जमरानी बांध और सौंग बांध जैसी बड़ी परियोजना पर तेज से काम चल रहा है। सतपुली में करीब 56 करोड़ रुपये की लागत से 750 मीटर लंबी झील बनाई जा रही है। झील बनने से वॉटर स्पोर्ट्स एक्टिविटी, पर्यटन और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे और यहां पैराग्लाइडिंग भी शुरू की जाएगी। जबकि बीरोंखाल विकासखंड में 123.41 करोड़ की लागत से बनने वाले स्यूंसी झील (बैराज) परियोजना से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, आजीविका के नए अवसर पैदा होंगे और जल संकट दूर होगा। यह बहुउद्देशीय परियोजना क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ-साथ जल संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाएगी।

उन्होंने सशक्त मंडल और सशक्त संगठन के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का भी अनुरोध किया।

इस अवसर पर भाजपा युवा नेता सुयश रावत, जिलाध्यक्ष कमल किशोर, मण्डल अध्यक्ष सरवेन्द्र, जिला मंत्री बृजमोहन, बूथ अध्यक्ष दिगम्बर, सुरेन्द्र सिंह, गबर सिंह, युवा मोर्चा अध्यक्ष अंकित, अनिता देवी, सुरेश कुमार, एसडीएम रेखा आर्य आदि कई अधिकारी भी मौजूद थे।


उत्तराखंड में मौसम का बड़ा अपडेट

आयुषी

उत्तराखंड में मानसून लगातार सक्रिय बना हुआ है। मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुककर हुई बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। जहां मैदानी इलाकों में लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली, वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के बाद ठंडक बढ़ने से मौसम सुहावना हो गया। इस बीच मौसम विभाग ने बुधवार को राज्य के कई पर्वतीय जिलों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।राजधानी देहरादून में मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे बारिश का सिलसिला शुरू हुआ, जो रुक-रुककर शाम करीब 4 बजे तक जारी रहा। दिनभर हुई हल्की और मध्यम बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लंबे समय से उमस से परेशान लोगों को राहत मिली।

शहर में कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली, हालांकि जनजीवन सामान्य बना रहा।मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के अनुसार, देहरादून का अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा है। सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक शहर में कुल 6.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई।मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक बुधवार को देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए इन क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

विभाग का कहना है कि कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं।लगातार हो रही बारिश को देखते हुए पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टान गिरने और सड़कें बाधित होने की आशंका बढ़ गई है। इसके अलावा नदी-नालों का जलस्तर भी तेजी से बढ़ सकता है। ऐसे में संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।मौसम विभाग और प्रशासन ने चारधाम यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों से मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा करने की अपील की है।

भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के किनारे न जाने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 24 घंटे उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण रहेंगे। कई स्थानों पर भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है, जबकि मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। बारिश के चलते तापमान में और गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।


देहरादून में 11 जुलाई से सजेगा ‘लोक संवर्धन पर्व’, जुटेंगे देशभर के अल्पसंख्यक हुनरमंद

देहरादून। समावेशी विकास और आत्मनिर्भरता को रफ्तार देने के लिए उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक बड़ा राष्ट्रीय आयोजन होने जा रहा है। केन्द्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय की ‘प्रधानमंत्री विकास योजना’ के अंतर्गत आगामी 11 से 15 जुलाई तक परेड ग्राउंड में पांच दिवसीय उत्तरी क्षेत्रीय ‘लोक संवर्धन पर्व’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। उत्तराखंड अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ विकास निगम के तत्वाधान में होने वाले इस राष्ट्रीय स्तर के छठे इवेंट का उद्घाटन सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री खजान दास करेंगे।

इस ग्रांड इवेंट में उत्तराखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों के अल्पसंख्यक कारीगर अपने स्वदेशी और पारंपरिक उत्पादों का प्रदर्शन व विपणन (बिक्री) करेंगे। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस श्रृंखला का छठा आयोजन पहली बार उत्तराखंड में हो रहा है। इससे पूर्व दिल्ली के राजघाट, दिल्ली हाट, आईएनए के साथ जम्मू कश्मीर तथा कोच्चि (करेल) में इसका सफल आयोजन हो चुका है।

मानसून को देखते हुए डीएम ने चाक-चौबंद व्यवस्था के दिए निर्देश

बुधवार को क्लेक्ट्रेट सभागार में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि इस प्रतिष्ठित आयोजन के 6वें इवेंट हेतु उत्तराखंड का चयन होना गर्व की बात है, इसलिए भव्यता में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। मानसून सीजन को देखते हुए उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर वॉटरप्रूफ टेंट, जल निकासी, पुख्ता सुरक्षा और फायर क्लीयरेंस की विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने जिला उद्योग केंद्र के माध्यम से ‘बायर-सेलर मीट’ और उद्यमियों के बीच संवाद सत्र का आयोजन कराने के साथ ही अल्पसंख्यक कल्याण से जुड़े एनजीओ को भी इसमें शामिल करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर निर्बाध बिजली, शुद्ध पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने और नगर निगम को शौचालयों की सफाई के साथ-साथ डेंगू के खतरे को देखते हुए फॉगिंग व दवाओं का नियमित छिड़काव के निर्देश दिए। पुलिस विभाग को सुचारू यातायात प्लान और आवश्यक सुरक्षा बलों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है।

स्थानीय कारीगरों को 40% आरक्षण और निःशुल्क स्टॉल
राज्य के लोक उत्सव ‘हरेला’ के पावन अवसर पर आयोजित हो रहे इस पर्व में कुल 160 स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें से 130 स्टॉल शिल्पकारों (कारीगरों) के लिए और 30 स्टॉल पारंपरिक व्यंजनों (फूड कोर्ट) के लिए होंगे। स्थानीय हुनर को बढ़ावा देने के लिए 40 प्रतिशत स्टॉल उत्तराखंड के कारीगरों के लिए आरक्षित रखे गए हैं।

चयन में इन्हें मिलेगी प्राथमिकता
मंत्रालय के मानकों के अनुसार, महिला और युवा कारीगरों, पहली बार भाग ले रहे हुनरमंदों, लुप्त हो रही कलाओं के जानकारों और छह अधिसूचित अल्पसंख्यक समुदायों (मुस्लिम, ईसाई, सिख, बौद्ध, जैन व पारसी) के लाभार्थियों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। खास बात यह है कि चयनित कारीगरों को ये स्टॉल पूरी तरह निःशुल्क आवंटित किए जाएंगे।

सांस्कृतिक संध्या बनेगी मुख्य आकर्षण
यह पांच दिवसीय पर्व 11 जुलाई से प्रतिदिन सुबह 11ः00 बजे से रात्रि 09ः00 बजे तक आम जनता के लिए खुला रहेगा। मेले को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए प्रतिदिन भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से आए कलाकार अपनी लोक संस्कृति और कला का रंग बिखेरेंगे।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, सिटी मजिस्ट्रेट राकेश चन्द्र तिवारी, सीओ पुलिस जगदीश चन्द्र पंत, महाप्रबंधक अल्पसंख्यक कल्याण निगम डॉ शाहिद सिद्दीकी, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्रालय निदेशक जगदीश कुमार, डीजीएम एनएमडीएफसी पीएस पानवीकर सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।


कानपुर में 24 घंटे में दो आत्महत्या के मामले, होटल मैनेजर और कोचिंग शिक्षक ने दी जान

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में पिछले 24 घंटों के भीतर आत्महत्या के दो अलग-अलग सनसनीखेज मामले सामने आए हैं। शहर के चकेरी और गुजैनी थाना क्षेत्रों में हुई इन घटनाओं में एक होटल मैनेजर और एक कोचिंग शिक्षक ने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पहली घटना चकेरी थाना क्षेत्र की है, जहां शिवकटरा के रहने वाले 25 वर्षीय सचिन तिवारी ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। सचिन रामादेवी इलाके के एक होटल में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे और महज दो महीने पहले ही उनकी पारुल नाम की युवती से शादी हुई थी। परिजनों के मुताबिक, सोमवार रात को वह घर लौटने और खाना खाने के बाद दोबारा होटल जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन वापस नहीं आए। काफी खोजबीन के बाद जब मंगलवार रात परिजन चकेरी थाने पहुंचे, तो पुलिस ने उन्हें एक अज्ञात शव की तस्वीर दिखाई, जिसकी पहचान सचिन के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि मंगलवार दोपहर सचिन ने भाभा नगर रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी थी। इस मामले में मृतक के परिजनों ने होटल मालिक और सचिन की एक पूर्व महिला मित्र पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है।

दूसरी घटना गुजैनी थाना क्षेत्र के जरौली फेज-दो की है, जहां अपनी कोचिंग चलाने वाले 38 वर्षीय धीरेंद्र कुमार शर्मा ने घर के भीतर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। धीरेंद्र के परिवार में उनकी पत्नी राधा, एक बेटी और एक बेटा हैं। बताया जा रहा है कि पत्नी राधा ने किसी बात को लेकर अपनी बेटी को डांट दिया था, जिसे लेकर धीरेंद्र का पत्नी से विवाद हो गया था। इसी बहस के बाद देर रात धीरेंद्र ने खौफनाक कदम उठाते हुए फांसी लगा ली। सुबह जब परिजन सोकर उठे, तो धीरेंद्र का शव फंदे से लटकता मिला, जिसके बाद घर में कोहराम मच गया। पुलिस दोनों ही मामलों में गहनता से जांच कर रही है।


मुरादाबाद में सनसनीखेज वारदात: महिला का गला रेतकर की हत्या, पहचान मिटाने के लिए चेहरा जलाकर जंगल में फेंका शव

मुरादाबाद: मुरादाबाद के पाकबड़ा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात बदमाशों ने एक महिला की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी। हत्यारों ने महिला की पहचान छुपाने की नीयत से उसके चेहरे को बुरी तरह से जला दिया और शव को मोढ़ा तैय्या गांव के पास एक सुनसान जंगल में फेंककर फरार हो गए। बुधवार सुबह जंगल में महिला का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते वहां ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, पाकबड़ा के मोढ़ा तैय्या गांव निवासी लल्लू सिंह का जंगल में एक खेत है। बुधवार सुबह करीब नौ बजे लल्लू सिंह का बेटा प्रदीप जब रोजाना की तरह खेत पर गया, तो उसने वहां एक महिला का लहूलुहान शव पड़ा देखा। महिला की गर्दन पर धारदार हथियार के गहरे निशान थे और उसका चेहरा झुलसा हुआ था। प्रदीप ने तुरंत इस खौफनाक मंजर की जानकारी गांव वालों को दी।

ग्रामीणों की सूचना मिलते ही पाकबड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत आसपास के गांवों के लोगों को बुलाकर मृतका की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन चेहरा जले होने के कारण कोई भी उसकी शिनाख्त नहीं कर सका। घटना की गंभीरता को देखते हुए फोंरेसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य और उंगलियों के निशान (फिंगरप्रिंट्स) एकत्र किए।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सीओ हाईवे वरुण कुमार ने भी घटनास्थल का दौरा किया और जांच के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। सीओ वरुण कुमार ने बताया कि मृतका की उम्र करीब 30 वर्ष के आसपास प्रतीत हो रही है। उसकी गर्दन पर किसी तेजधार हथियार से वार किया गया है और पहचान मिटाने के लिए चेहरे को केमिकल या किसी ज्वलनशील पदार्थ से जलाया गया है। पुलिस आसपास के थानों में हाल ही में दर्ज हुई गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है ताकि जल्द से जल्द मृतका की पहचान कर हत्यारों तक पहुंचा जा सके।


मुख्यमंत्री धामी ने श्रीराम कथा के समापन समारोह में लिया भाग

पूज्य मोरारी बापू के सान्निध्य में सनातन संस्कृति, श्रीराम के आदर्शों और आध्यात्मिक चेतना का दिया संदेश

उत्तराखंड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनाने की दिशा में तेजी से बढ़ रही सरकार, चारधाम यात्रा ने बनाए नए कीर्तिमान

कुंभ-2027 को दिव्य, भव्य और सुरक्षित बनाने का दोहराया संकल्प

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को प्रेमनगर आश्रम हरिद्वार में आयोजित पूज्य मोरारी बापू की श्रीराम कथा के समापन समारोह में श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि हरिद्वार की पावन धरा पर उन्हें अद्वितीय आध्यात्मिक सुख और आनंद की अनुभूति हो रही है। उन्होंने पूज्य मोरारी बापू का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मोरारी बापू केवल श्रीराम कथा के वाचक नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम के आदर्शों, विचारों और जीवन-दर्शन के जीवंत संवाहक हैं, जिन्होंने विश्वभर में भारतीय संस्कृति, सनातन दर्शन और अध्यात्म का संदेश पहुंचाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जब विश्व युद्ध, हिंसा और आतंकवाद जैसी चुनौतियों का सामना कर रहा है, तब भारत की सनातन संस्कृति का “वसुधैव कुटुम्बकम्” का संदेश पूरी मानवता के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सांस्कृतिक पुनर्जागरण का साक्षी बन रहा है और उत्तराखंड सरकार देवभूमि को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में स्थापित करने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। इसी उद्देश्य से केदारखंड-मानसखंड मंदिर माला मिशन, हरिद्वार-ऋषिकेश कॉरिडोर, शारदा कॉरिडोर तथा प्राचीन मंदिरों के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण की योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन और आध्यात्मिक यात्राओं ने इस वर्ष नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा में पिछले सभी रिकॉर्ड टूट रहे हैं और दो माह के भीतर ही 45 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इसी प्रकार हेमकुंड साहिब यात्रा में डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालु मत्था टेक चुके हैं, जबकि कैलाश मानसरोवर यात्रा में 55000 से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जहाँ पहले पूरे वर्ष में सीमित संख्या में ही यात्रियों को भेजा जाता था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 5 जुलाई को कैलाश मानसरोवर यात्रा के प्रथम दल को रवाना करने का सौभाग्य भी उन्हें प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि यह उत्तराखंड में विकसित हो रहे बेहतर बुनियादी ढांचे, सुरक्षित यात्रा प्रबंधन और श्रद्धालुओं की बढ़ती आस्था का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री ने आगामी कुंभ-2027 को दिव्य, भव्य और सुरक्षित बनाने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि कुंभ केवल आस्था का आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, आध्यात्मिक चेतना और सनातन संस्कृति का महापर्व है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास भी और विरासत भी के मंत्र के साथ देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान, आध्यात्मिक गरिमा और सनातन परंपरा के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि संतों के आशीर्वाद और जनसहभागिता से उत्तराखंड आध्यात्मिक और सांस्कृतिक क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।

कार्यक्रम में परमार निकेतन आश्रम ऋषिकेश के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती महाराज, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, राज्य मंत्री सुनील सैनी, देशराज कर्णवाल, नितिन गौतम, अजीत चौधरी, शोभाराम प्रजापति, आदेश सैनी, जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर एवं अन्य लोग मौजूद रहे।


सस्पेंस और मर्डर मिस्ट्री से भरपूर ‘रहूं मैं तेरे रूबरू’ का ट्रेलर हुआ रिलीज

सस्पेंस, रोमांस और मर्डर मिस्ट्री से भरपूर फिल्म ‘रहूं मैं तेरे रूबरू’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। ट्रेलर में रोमांच, एक्शन और सस्पेंस का जबरदस्त मिश्रण देखने को मिलता है। कहानी कई रहस्यमयी हत्याओं के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां हर वारदात का तरीका एक जैसा नजर आता है। जांच आगे बढ़ने के साथ सवाल उठता है कि आखिर इस सीरियल किलर का अगला निशाना कौन होगा और क्या उसे समय रहते रोका जा सकेगा।

ट्रेलर में एक व्लॉगर और उसकी गर्लफ्रेंड की यात्रा भी दिखाई गई है, जो छुट्टियां मनाने के दौरान खौफनाक घटनाओं के जाल में फंस जाते हैं। कहानी में प्यार, विश्वासघात और रहस्य एक साथ आगे बढ़ते हैं, जिससे फिल्म में लगातार नए ट्विस्ट देखने को मिलते हैं। साथ ही, इंटरनेट और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव तथा उसके नकारात्मक पहलुओं को भी कहानी में शामिल किया गया है।

फिल्म का निर्देशन इंद्र दास ने किया है, जबकि इसका निर्माण सुमन सौरभ ने एसएस एंटरटेनमेंट वर्ल्ड के बैनर तले किया है। फिल्म में आर्य कुमार, नीता शेट्टी और पीहू बिस्वास मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। ‘रहूं मैं तेरे रूबरू’ 17 जुलाई 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

(साभार)


मेसी के लिए नियम अलग? VAR फैसले पर बवाल, मिस्र बोला- अर्जेंटीना को बाहर नहीं होने देना चाहता था FIFA

फीफा विश्व कप 2026 के प्री-क्वार्टर फाइनल में अर्जेंटीना की मिस्र पर 3-2 से रोमांचक जीत के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। मैच के बाद मिस्र के मुख्य कोच होसाम हसन ने रेफरी और VAR के फैसलों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि FIFA नहीं चाहता था कि मौजूदा विश्व चैंपियन अर्जेंटीना और स्टार खिलाड़ी Lionel Messi टूर्नामेंट से बाहर हों।

मुकाबले में मिस्र ने शानदार शुरुआत करते हुए 2-0 की बढ़त बना ली थी। हालांकि दूसरे हाफ में एक ऐसा मोड़ आया जिसने पूरे मैच की दिशा बदल दी। मिस्र के खिलाड़ी मोस्तफा जिको का एक गोल VAR समीक्षा के बाद रद्द कर दिया गया। रेफरी ने गोल बनने से पहले हुए एक फाउल को आधार बनाकर यह फैसला सुनाया। इस निर्णय के बाद मिस्र के खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ ने कड़ा विरोध जताया और इसे मैच का टर्निंग पॉइंट बताया।

इसके बाद अर्जेंटीना ने जबरदस्त वापसी की। पहले गोल से अंतर कम किया, फिर मेसी ने बराबरी का गोल दागा और आखिर में इंजरी टाइम में विजयी गोल कर टीम को 3-2 से जीत दिलाते हुए क्वार्टर फाइनल में पहुंचा दिया।

मैच खत्म होने के बाद होसाम हसन ने बेहद तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसा लगा जैसे कुछ बाहरी ताकतें चाहती थीं कि अर्जेंटीना और मेसी विश्व कप में बने रहें। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मिस्र के पक्ष में पेनाल्टी की अपील पर VAR ने ध्यान नहीं दिया, जबकि अर्जेंटीना के पक्ष में VAR का इस्तेमाल किया गया। उनके अनुसार उनकी टीम के साथ निष्पक्ष व्यवहार नहीं हुआ।

मिस्र के खिलाड़ी मोस्तफा जिको ने भी मैच के बाद अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि रेफरी के फैसलों ने पूरी टीम की मेहनत पर पानी फेर दिया। सोशल मीडिया पर भी VAR के फैसलों को लेकर तीखी बहस छिड़ गई। कुछ प्रशंसकों ने रेफरी पर पक्षपात के आरोप लगाए, जबकि कई फुटबॉल विशेषज्ञों का कहना है कि VAR ने मौजूदा नियमों के अनुसार ही निर्णय लिया था और फाउल मिलने पर गोल रद्द किया जाना नियमों के अनुरूप था।

फिलहाल FIFA की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि फुटबॉल जगत में इस मुकाबले की रेफरिंग और VAR के इस्तेमाल को लेकर चर्चा लगातार तेज है। आरोप गंभीर हैं, लेकिन अब तक इनके समर्थन में कोई आधिकारिक या स्वतंत्र साक्ष्य सामने नहीं आया है।


सप्तक्रांति एक्सप्रेस में महिला से बदसलूकी: सहयात्री की गंदी हरकत पर पीड़िता ने मिलाई रेलवे हेल्पलाइन, RPF ने ट्रेन से ही दबोचा

बेतिया (पश्चिम चंपारण)। आनंद विहार टर्मिनल से मुजफ्फरपुर जा रही सप्तक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस में महिला यात्री के साथ कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को ट्रेन के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया। मामले में कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, महिला अपने परिवार के साथ ट्रेन के एस-2 कोच में यात्रा कर रही थी। इसी दौरान एक युवक उसके पास आकर बैठ गया। आरोप है कि कुछ देर बाद उसने महिला के साथ अभद्र व्यवहार और अशोभनीय हरकतें शुरू कर दीं।

महिला ने पहले आरोपी का विरोध किया, लेकिन जब उसकी हरकतें नहीं रुकीं तो उसने तुरंत रेलवे हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही आरपीएफ की टीम सक्रिय हो गई और ट्रेन में मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया। बाद में उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।

आरपीएफ के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान बगहा जिले के नवका टोला निवासी राजाराम कुमार के रूप में हुई है। वहीं, पीड़िता मुजफ्फरपुर जिले की रहने वाली है। अधिकारियों ने महिला का बयान दर्ज कर लिया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

आरपीएफ अधिकारियों का कहना है कि महिला यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की प्राथमिक जिम्मेदारी है। ऐसे मामलों में शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जाती है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाते हैं।


मंदिर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो का शीशा तोड़ बैग चोरी, आयकर विभाग का गोपनीय डाटा भी गायब

बहादुरगढ़: बहादुरगढ़ में वाहनों के शीशे तोड़कर कीमती सामान उड़ाने वाले गिरोह का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामले में, बदमाशों ने दिल्ली-रोहतक रोड पर स्थित हनुमान मंदिर के बाहर खड़ी एक स्कॉर्पियो-एन गाड़ी को अपना निशाना बनाया। अज्ञात चोर गाड़ी का शीशा तोड़कर उसके अंदर रखा एक बैग चोरी कर ले गए, जिसमें नकदी और जरूरी दस्तावेजों के अलावा आयकर विभाग (Income Tax Department) का बेहद गोपनीय डाटा भी मौजूद था। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में सेक्टर-6 के रहने वाले अजय छिल्लर ने बताया कि वह दिल्ली आयकर विभाग में इंस्पेक्टर (निरीक्षक) के पद पर तैनात हैं। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे वह अपनी स्कॉर्पियो-एन गाड़ी से दिल्ली-रोहतक रोड स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन करने आए थे। उन्होंने अपनी गाड़ी को स्टैनफोर्ड स्कूल के पास, मेट्रो पिलर नंबर-856 के निकट सड़क किनारे पार्क किया और मंदिर चले गए। महज 20 मिनट बाद जब वह वापस लौटे, तो गाड़ी की खिड़की का शीशा टूटा हुआ था और सीट पर रखा उनका बैग गायब था।

पीड़ित इंस्पेक्टर के मुताबिक, चोरी गए बैग में 4,000 रुपये कैश, विभिन्न बैंकों के क्रेडिट व डेबिट कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, तीन पेन ड्राइव, एक सैंडिस्क हार्ड डिस्क, पीएसए टोकन और कुछ पारिवारिक तस्वीरें थीं। सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि चोरी हुई हार्ड डिस्क और पेन ड्राइव में आयकर विभाग के काम से जुड़ा बेहद संवेदनशील और गोपनीय डाटा स्टोर था।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। वारदात वाली जगह और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द दबोचा जा सके।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp