Friday, November 27, 2026
6:20 AM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

रेवाड़ी में बुजुर्ग को 16 दिन तक डिजिटल अरेस्ट रखकर 23 लाख की ठगी, खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर लगाया चूना

रेवाड़ी में बुजुर्ग को 16 दिन तक डिजिटल अरेस्ट रखकर 23 लाख की ठगी, खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर लगाया चूना

रेवाड़ी में बुजुर्ग को 16 दिन तक डिजिटल अरेस्ट रखकर 23 लाख की ठगी, खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर लगाया चूना

रेवाड़ी। साइबर अपराधियों ने सरकारी जांच एजेंसी का अधिकारी बनकर एक बुजुर्ग को मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में फंसाने की धमकी दी और उनसे करीब 23 लाख रुपये ऐंठ लिए। ठगों ने पीड़ित को लगातार 16 दिनों तक वीडियो कॉल के जरिए डिजिटल अरेस्ट रखा। इस दौरान वे उनकी गतिविधियों पर नजर रखते रहे और जांच के नाम पर मानसिक दबाव बनाते रहे। आरोपितों ने बुजुर्ग का विश्वास जीतने के लिए आरबीआई के लेटर पैड जैसा दिखने वाला फर्जी दस्तावेज भी भेजा। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, गांव जैनाबाद निवासी सरजीत को 16 अक्टूबर को एक अनजान नंबर से फोन आया। वीडियो कॉल पर बात करने वाले व्यक्ति ने अपनी पहचान दिल्ली के बाराखंभा रोड स्थित कार्यालय के सीबीआई अधिकारी विजय तिवारी के रूप में बताई।

उसने सरजीत को बताया कि मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक मामले की जांच में उनका नाम सामने आया है। आरोपित ने दावा किया कि पंकज शर्मा नाम के व्यक्ति के घर से उनके नाम की आईसीआईसीआई बैंक की पासबुक मिली है। सरजीत ने बैंक में खाता होने से इनकार किया, लेकिन ठगों ने उनके आधार कार्ड से संबंधित जानकारी बताकर उन्हें अपने झांसे में ले लिया।

आरोपितों ने बुजुर्ग होने का हवाला देते हुए दावा किया कि सुप्रीम कोर्ट से उन्हें घर पर रहकर ही जांच में शामिल होने की अनुमति मिल सकती है। इसके बाद उनकी कॉल डिटेल, संपत्ति, यात्रा और बैंक खातों के लेन-देन की जांच करने की बात कही गई।

ठगों ने सरजीत से बैंक खातों की जानकारी हासिल करने के बाद उनका पीपीएफ खाता बंद करवाकर उसमें जमा रकम बचत खाते में स्थानांतरित करने को कहा। हालांकि, बैंक ने नियमों का हवाला देते हुए खाता बंद करने से मना कर दिया।

ठगी के दौरान आरोपितों ने सरजीत को हर घंटे अपनी लोकेशन बताने और मैसेज के माध्यम से ‘आई एम सेफ एट होम’ लिखकर भेजने का निर्देश दिया। 27 अक्टूबर को उन्हें आरबीआई के लेटर पैड जैसा दिखने वाला एक फर्जी दस्तावेज भेजा गया, जिसमें बैंक खाते का विवरण दिया गया था।

ठगों ने दावा किया कि आरबीआई की टीम जांच के लिए पहुंच चुकी है। उनकी बातों में आकर सरजीत ने बताए गए बैंक खाते में आरटीजीएस के माध्यम से 11 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।

इसके बाद 30 अक्टूबर को आरोपितों ने बताया कि उनकी तीन जांच पूरी हो चुकी हैं और अब पीपीएफ खाते से संबंधित जांच बाकी है। इसके लिए 12 लाख रुपये जमा कराने को कहा गया। सरजीत ने परिचितों से रकम उधार ली और 31 अक्टूबर को दूसरे बैंक खाते में 12 लाख रुपये और ट्रांसफर कर दिए।

दो नवंबर को ठगों ने उनसे फिर 12 लाख रुपये भेजने का दबाव बनाया। इस बार सरजीत को शक हुआ और उन्होंने अपने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। परिवार की सलाह पर उन्होंने 17 नवंबर को साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब साइबर थाना पुलिस ठगी में शामिल लोगों की पहचान करने के साथ-साथ उन बैंक खातों की भी जांच कर रही है, जिनमें पीड़ित से रकम ट्रांसफर कराई गई थी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp