Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

गुरुद्वारे की गुल्लक तोड़कर 12 हजार की नकदी चोरी, सिख समाज में रोष

Category Archives: क्राइम

गुरुद्वारे की गुल्लक तोड़कर 12 हजार की नकदी चोरी, सिख समाज में रोष

डोईवाला। गुरुद्वारा दशमेश दरबार 40 मुक्ते, फतेहपुर टांडा में अज्ञात चोरों ने गुल्लक तोड़कर नकदी चोरी कर ली। घटना 29 जुलाई की रात की है। गुरुद्वारा कमेटी प्रबंधक साहब सिंह की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

तहरीर के अनुसार, देर रात तीन से चार अज्ञात व्यक्ति गुरुद्वारे में घुसे और दानपात्र को तोड़कर 10–12 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। सुबह पाठ करने पहुंचे ज्ञानी ने चोरी की घटना देख कमेटी को सूचना दी।

घटना से सिख समाज में आक्रोश है और गुरुद्वारा कमेटी पदाधिकारियों ने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक कमल कुमार लुंठी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।


गौलापार मासूम हत्याकांड: सिर काटकर जलाने की कोशिश, गोशाला में किया दफन

हल्द्वानी। गौलापार क्षेत्र के मासूम हत्याकांड में पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपी ने 10 वर्षीय बच्चे की हत्या के बाद उसका सिर धड़ से अलग कर जलाने का प्रयास किया था। असफल होने पर उसने सिर और कटे हाथ को अपनी गोशाला में दफन कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, गौलापार निवासी बंटाईदार के बेटे की हत्या के बाद 9 अगस्त को आरोपी निखिल जोशी की निशानदेही पर उसकी गोशाला से सिर और हाथ बरामद किए गए थे। पोस्टमार्टम में बच्चे के सिर के बाल जले हुए पाए गए हैं, जिससे जलाने की कोशिश की पुष्टि हुई है।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने पहले गला घोंटकर मासूम की हत्या की, फिर पेट्रोल डालकर सिर को जलाने का प्रयास किया। बाल तो जल गए, लेकिन सिर का बाकी हिस्सा नहीं जल सका। इसके बाद उसने सिर और कटे हाथ को गोशाला में गड्ढा खोदकर दफन कर दिया।

यह था मामला
बरेली के शाही क्षेत्र का एक किसान परिवार गौलापार में रह रहा था। 4 अगस्त को दोपहर करीब 12:30 बजे उनका 10 साल का बेटा लापता हो गया। सीसीटीवी में उसकी अंतिम लोकेशन घर के पीछे गली में मिली। संदेह के आधार पर पुलिस ने एक परिवार के पांच सदस्यों को हिरासत में लिया। बाद में आरोपी निखिल जोशी के घर के पास से बच्चे का धड़, सिर और एक हाथ बरामद हुए। सिर और हाथ की बरामदगी के लिए परिजनों ने तीन दिन तक धरना भी दिया था।

एसएसपी पीएन मीणा ने बताया कि मामले का खुलासा हो चुका है और अब पोस्टमार्टम व फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।


चाणक्यपुरी थार हादसा: आरोपी के पास से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद

नई दिल्ली। चाणक्यपुरी में थार गाड़ी से दो लोगों को कुचलने के मामले में नया खुलासा हुआ है। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने हादसे से पहले भारी मात्रा में मादक पदार्थ खरीदे थे। शकरपुर निवासी आशीष उर्फ बच्चा, जिसने यह थार गाड़ी किराये पर ली थी, की गाड़ी से कोकीन, एलएसडी, एमडी, गांजा, चरस समेत नशीले पदार्थ और नकदी बरामद की गई।

चाणक्यपुरी थाना पुलिस ने आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। जांच अधिकारी एसआई सूरज भान के अनुसार गाड़ी से कोकीन (0.30 ग्राम), एलएसडी (2.6 ग्राम), एमडी (23.47 ग्राम), गांजा (21.26 ग्राम), तंबाकू (15.49 ग्राम), चरस (4.17 ग्राम), 25,000 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और शराब की बोतलें बरामद हुईं।

आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह गुरुग्राम में पार्टी करके लौट रहा था और रात में गांजे का सेवन किया था। ड्राइविंग के दौरान मोड़ पर झपकी आने से गाड़ी पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे दो लोगों की मौत हो गई। हालांकि उसने दावा किया कि वह ज्यादा नशे में नहीं था।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी अक्सर मौजमस्ती के लिए महंगी गाड़ियां किराये पर लेता था। वह बीए द्वितीय वर्ष में पढ़ाई छोड़ चुका है और उसके पिता ऑटो चालक हैं। पुलिस अब रिमांड अवधि में मादक पदार्थ के सप्लायर तक पहुंचने के लिए दबिश देगी।


चाणक्यपुरी में झपटमारी: आर्मी नायक के गले से सोने की चेन ले उड़े बदमाश

नई दिल्ली। दिल्ली के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले एंबेसी इलाके चाणक्यपुरी में आपराधिक वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। कांग्रेस की महिला सांसद के साथ हुई झपटमारी के कुछ दिन बाद ही अब भारतीय सेना के एक नायक को बदमाशों ने निशाना बना लिया। बुलेट पर सवार दो युवकों ने उनकी सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए।

चाणक्यपुरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर झपटमारों की तलाश शुरू कर दी है। नई दिल्ली जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, चाणक्यपुरी से लेकर राजौरी गार्डन और विकासपुरी तक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, लेकिन बुलेट सवार आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला। कैमरों में मोटरसाइकिल का नंबर प्लेट साफ दिखाई नहीं दे रहा है, आशंका है कि आरोपियों ने नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ की थी।

पीड़ित की पहचान राजनगर, पालम निवासी सुरेंद्र मलिक (34) के रूप में हुई है, जो भारतीय सेना में नायक (एलडी) के पद पर आर्मी मुख्यालय में तैनात हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 9 अगस्त को वह अपनी पत्नी और बेटी को निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन छोड़कर लौट रहे थे। स्कूटी पर अपने तीन वर्षीय बेटे के साथ घर लौटते समय बदमाशों ने यह वारदात को अंजाम दिया।


रियल एस्टेट फर्म संचालक पर ₹10 लाख की ठगी का आरोप

लखनऊ। कृष्णानगर के विनय नगर निवासी संपत राय ने विभूतिखंड में रहने वाले बीबीआर सिक्योरिटी सर्विस और रियल एस्टेट फर्म संचालक समरेंद्र पर निवेश के नाम पर दस लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है। डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह के आदेश पर विभूतिखंड पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

संपत राय के अनुसार, समरेंद्र उनका परिचित है और 2020 में उसने अपनी फर्म के जरिये विभिन्न प्रॉपर्टी में निवेश कराने का झांसा दिया। बातों में आकर पीड़ित ने उसी साल चेक के माध्यम से 11 लाख रुपये आरोपी को दिए। आरोप है कि लाभ होने के बावजूद आरोपी ने संपत्ति बेचकर मुनाफा नहीं दिया। चार साल तक चक्कर कटवाने के बाद आरोपी ने केवल एक लाख रुपये लौटाए और बाकी रकम मांगने पर हत्या की धमकी दी। पीड़ित का कहना है कि समरेंद्र ठगी के एक पुराने मामले में जेल भी जा चुका है। इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

इसी तरह, विभूतिखंड निवासी मेसर्स आदित्य ल्यूब्स फर्म के संचालक शैलेंद्र अग्रवाल ने बड़ी जुगौली निवासी अपने सेल्स स्टाफ आलोक निषाद पर दो लाख रुपये गबन करने का आरोप लगाया है। गाजीपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

शैलेंद्र के मुताबिक, आलोक 2022 से फर्म में कार्यरत था और इंदिरानगर क्षेत्र में दुकानदारों से उधारी वसूलने की जिम्मेदारी संभालता था। आरोप है कि उसने दुकानदारों से दो लाख रुपये वसूलकर अपने निजी खाते में जमा कर लिए। गबन का खुलासा ऑडिट के दौरान हुआ। पूछताछ में आरोपी ने रकम लेने की बात कबूल की, लेकिन रकम लौटाने के बजाय धमकी देने लगा। इंस्पेक्टर विकास राय ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है।


सोशल मीडिया पर देवी-देवताओं पर अभद्र टिप्पणी, आरोपी गिरफ्तार

बरेली (रिठौरा): देवी-देवताओं पर अभद्र टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर सोमवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

कस्बे के मोहल्ला धर्मपुर निवासी रामौतार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर हिंदू देवी-देवताओं को लेकर अभद्र टिप्पणी की थी। इस पर हिंदू संगठनों ने शिकायत दर्ज कराई। चौकी इंचार्ज वैभव गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। थाना हाफिजगंज प्रभारी पवन कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया।

इसके अलावा, करीब एक माह पहले बाइक सेल प्वाइंट पर हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने लभेड़ा उर्फ बुलंद नगर निवासी अनवर और आशिक को भी गिरफ्तार कर लिया है।


“योगा ट्रेनर ज्योति मर्डर केस: 11 दिन बाद भी आरोपी फरार, गला घोंटने की आशंका

हल्द्वानी। हल्द्वानी शहर के मुखानी क्षेत्र में योगा ट्रेनर ज्योति मेर हत्याकांड की गुत्थी 11 दिन बाद भी पुलिस नहीं सुलझा पाई है। मृतका के गले और पसलियों पर मिले निशान से गला घोंटकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

मामला 31 जुलाई का है, जब 30 वर्षीय योग प्रशिक्षिका ज्योति मेर अपने किराए के कमरे में संदिग्ध हालात में मृत पाई गई थीं। मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने योगा सेंटर संचालक अभय और अजय यदुवंशी, दो सगे भाइयों, के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पोस्टमार्टम में ज्योति के गले और पसलियों पर गहरे चोट के निशान पाए गए। आशंका है कि हत्यारों ने पेट पर बैठकर गला घोंटकर उनकी जान ली। घटना से जुड़े एक संदिग्ध को ज्योति के कमरे से मास्क पहनकर जाते हुए सीसीटीवी फुटेज में देखा गया है।

हत्याकांड के पीछे की रंजिश और वजह का खुलासा आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही संभव होगा। फिलहाल पुलिस और एसओजी की दो टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।


गांव पाटोदा में नेपाली महिला ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

मानसिक तनाव से जूझ रही थी, तीन दिन बाद हुआ पोस्टमार्टम

हरियाणा। झज्जर के गांव पाटोदा में काम कर रही एक नेपाली महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान 27 वर्षीय ओमदेवी, पत्नी बिशम्बर साहनी, निवासी रोतहट जिला (नेपाल) के रूप में हुई है। वह दो माह पहले अपने पति के साथ मजदूरी के लिए यहां आई थी और पोल्ट्री फार्म में काम कर रही थी।

घटना 8 अगस्त की रात की है, जब ओमदेवी ने अपने कमरे में पंखे से साड़ी बांधकर फंदा लगा लिया। सूचना मिलने पर माछरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीन दिन तक मायके पक्ष के आने का इंतजार किया, लेकिन कोई न पहुंचने पर सोमवार को पति के बयान के आधार पर पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि महिला मानसिक रूप से परेशान थी। ओमदेवी के तीन बच्चे हैं—दो बेटियां और एक बेटा—जिन्हें वह नेपाल में छोड़कर पति के साथ झज्जर में काम करने आई थी।


डिलीवरी बॉय और उसके दोस्त पर किया चापड़ से वार, दोनों युवक गंभीर रूप से घायल

वाराणसी। उत्तरप्रदेश के वाराणसी जिले के जैतपुरा थाना क्षेत्र में शनिवार रात आपसी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। ढेलवरिया इलाके में दो युवकों पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिसमें एक डिलीवरी बॉय और उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बीच बचाव में दोस्त की कटी अंगुली

शनिवार देर रात ढेलवरिया इलाके में 21 वर्षीय डिलीवरी बॉय अन्नू सोनकर पर चापड़ से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। अन्नू को बचाने पहुंचे उसके दोस्त सूरज मौर्या (23) पर भी हमला किया गया, जिसमें उसकी अंगुली कट गई।

दोनों घायलों की हालत गंभीर

परिजनों ने दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। अन्नू की हालत गंभीर होने पर उसे ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, जबकि सूरज का इलाज महमूरगंज स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

चापड़ और पंच से किया हमला

घटना के समय अन्नू पास के एक दुकान से सामान लेने गया था। इसी दौरान इलाके के रहने वाले बच्चा सोनकर और राहुल शर्मा ने उस पर हमला कर दिया। अन्नू के मुताबिक, दोनों ने पहले उसे घेरा और फिर चापड़ और पंच से हमला किया। शोर सुनकर पास ही खड़ा सूरज उसे बचाने आया, जिस पर भी चापड़ से वार कर दिया गया।

विवाद बना हमले की वजह 

चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर जैतपुरा थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। थानाध्यक्ष बृजेश मिश्रा ने बताया कि कुछ दिन पहले दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था और उसी रंजिश में यह हमला किया गया है। फिलहाल आरोपी बच्चा सोनकर और राहुल शर्मा फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं।


साइबर ठग ने इस बार एसीएमओ को लगाई सेंध, किस्तों में कटते रहे पैसे

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के एक वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी साइबर ठगी का शिकार हो गए। ठगों ने व्हाट्सएप के जरिए भेजी गई एक संदिग्ध एप्लिकेशन फाइल के ज़रिए उनके मोबाइल फोन को हैक कर लिया और कुछ ही समय में उनके बैंक खाते से 4.19 लाख रुपये उड़ा लिए। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।

बाजोरिया रोड निवासी और स्वास्थ्य विभाग में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एसीएमओ) के पद पर तैनात डॉ. आदित्यपाल सिंह ने बताया कि 24 जुलाई को उनके व्हाट्सएप पर एक अज्ञात नंबर से एक संदिग्ध APK फाइल भेजी गई थी। उन्होंने अनजाने में उस फाइल को डाउनलोड कर लिया।

फाइल खोलने के कुछ ही मिनटों के भीतर उनके भारतीय स्टेट बैंक (SBI) खाते से कई ट्रांजैक्शनों में कुल 4.19 लाख रुपये निकल गए। ठगी का पता चलते ही उन्होंने तुरंत साइबर क्राइम थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, यह पता लगाया जा रहा है कि ठगों ने जो फाइल भेजी थी, वह कहां से जनरेट हुई थी और ट्रांजेक्शन के बाद रकम किस खाते में ट्रांसफर की गई।

साइबर एक्सपर्ट्स की मदद से उस फर्जी ऐप और संबंधित लिंक की तकनीकी पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने लोगों को ऐसे अज्ञात नंबरों से आई फाइलों को डाउनलोड न करने की अपील की है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp