Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

आधी रात को चोरो ने कर डाला घर साफ, चुराए लाखों के ज़ेवरात

Category Archives: क्राइम

आधी रात को चोरो ने कर डाला घर साफ, चुराए लाखों के ज़ेवरात

बीकानेर। राजस्थान के बीकानेर जिले के लूणकरणसर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चुरा ली। यह वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिससे पुलिस को जांच में अहम सुराग मिले हैं।

बरामदे में सो रहे थे घरवाले 

घटना लूणकरणसर कस्बे के वार्ड नंबर 32 में स्थित शीशपाल जाट के घर में शुक्रवार आधी रात में हुई। परिवार के लोग बरामदे में सो रहे थे, इसी बीच अज्ञात चोर घर की पीछे वाली दीवार फांदकर अंदर घुसे और एक कमरे का ताला तोड़ दिया।

लाखों के जेवर हुए चोरी

कमरे में रखे बक्सों से चोर करीब 15-20 हजार रुपये नकद के साथ करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण ले गए। चोरी किए गए जेवरात में 10 तोले की सोने की मोहर, 2 तोले का कड़ा, 4 सोने की अंगूठियां, डेढ़ तोले के झुमके, बाली, लूंग, बच्चों के छोटे आभूषण और 900 ग्राम चांदी की पाजेब शामिल हैं। इतना ही नहीं, चोर घर से हिसाब-किताब की एक डायरी भी उठा ले गए है।

सीसीटीवी में कैद हुए चोर

शनिवार सुबह जब परिजन जागे और दरवाजा खुला देखा, तब चोरी का खुलासा हुआ। सूचना पर थानाधिकारी गणेश कुमार मौके पर पहुंचे और डॉग स्क्वॉड व फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य एकत्र किए।पास के मकान में लगे सीसीटीवी फुटेज में रात 2:27 बजे दो चोर घर के पीछे दीवार के पास खड़े दिखे। कुछ ही देर बाद एक चोर दीवार फांदकर अंदर गया और लगभग 35 मिनट बाद सफेद कपड़े की पोटली लेकर वापस लौटा, जिसे उसने बाहर खड़े साथी को थमा दिया।

पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं, और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।


अमेठी में हिंसक भिड़ंत, पुरानी रंजिश ने ली युवक की जान, छह लोग घायल

उत्तर प्रदेश। राज्य के अमेठी जिले में शनिवार रात दो पक्षों के बीच चल रहे पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद मामला देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हुए हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि अन्य छह लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर है।

पुरानी रंजिश ने लिया हिंसक रूप

घटना शनिवार रात करीब 8 बजे संग्रामपुर थाना क्षेत्र के मिसरौली बड़गांव की है। गांव में दो परिवारों के बीच लंबे समय से रंजिश चली आ रही थी। उसी कड़ी में शनिवार को किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई।

हमले में कल्लू यादव की मौत

आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने पहले से ही घात लगाकर हमला किया। उनके पास लाठी-डंडों और धारदार हथियार थे। हमले में 45 वर्षीय कल्लू यादव को गंभीर चोटें आईं। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

झड़प में छह लोग घायल

संघर्ष में कल्लू यादव के भाई लल्लू यादव सहित छह लोग घायल हुए हैं। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।

पहले भी हो चुके कई झगडे

मृतक के परिजनों ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार पंचायतें हो चुकी हैं, लेकिन पुराना विवाद खत्म नहीं हो सका। परिजनों का आरोप है कि हमलावर सुनियोजित तरीके से पहले से घात लगाए बैठे थे।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। गांव में सुरक्षा को देखते हुए फोर्स तैनात कर दी गई है। थाना प्रभारी बृजेश सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।


सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड से जुड़ा खुलासा: फर्जी पासपोर्ट गिरोह का पर्दाफाश

चंडीगढ़। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई और साथी सचिन थापर के फर्जी पासपोर्ट बनवाने में शामिल दो आरोपियों को सेक्टर-34 थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरमीत सिंह उर्फ टिटू चंद (निवासी बाबा नामदेव कॉलोनी, कपूरथला, पंजाब) और अरजीत कुमार उर्फ टोनी उर्फ पाजी (निवासी रानी बाग, दिल्ली) के रूप में हुई है। पुलिस ने गुरुवार को दोनों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड से जुड़ा बड़ा खुलासा

पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपियों ने सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में शामिल अनमोल बिश्नोई और सचिन थापर के लिए फर्जी पासपोर्ट तैयार करवाए, जिसकी मदद से वे विदेश भागने में सफल रहे।

कैथल के परिवार से 78 लाख की ठगी

गिरफ्तार आरोपियों ने हरियाणा के कैथल निवासी मनजीत सिंह और उसके परिवार को ग्रीस भेजने का झांसा देकर ₹78 लाख रुपये की ठगी की। हरमीत सिंह ने खुद को “गुरु टूर एंड ट्रैवल्स” (चंडीगढ़, सेक्टर-34ए) का मालिक बताते हुए संपर्क किया। आरोपियों ने मनजीत से अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर करवाई। ट्रांजैक्शन में हरमीत सिंह, अरजीत कुमार और अनुराग मल्हा के बैंक खाते इस्तेमाल हुए।

फर्जी वीजा और डमी टिकट का खेल

मनजीत सिंह को फर्जी वीजा और डमी टिकट सौंपे गए। 19 सितंबर 2022 को जब उनका परिवार हवाई यात्रा के लिए एयरपोर्ट पहुंचा, तो इमिग्रेशन अधिकारियों ने वीजा को फर्जी घोषित कर यात्रा से रोक दिया।इसके बाद हरमीत सिंह का ऑफिस बंद मिला। आरोपियों ने मनजीत को धमकाना शुरू कर दिया।

आरोपियों का आपराधिक इतिहास

  • अरजीत कुमार के खिलाफ पहले से 8 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। हरमीत सिंह पर 5 केस दर्ज हैं। हरमीत सिंह फर्जी पासपोर्ट, आधार कार्ड, वोटर आईडी, शैक्षिक प्रमाणपत्र आदि बनाने में माहिर है, जबकि अरजीत फर्जी दस्तावेजों के जरिए ठगी और धोखाधड़ी में लिप्त रहा है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि अरजीत कुमार को दिल्ली स्पेशल सेल पहले भी गिरफ्तार कर चुकी है, और वह फिलहाल जमानत पर बाहर था।

जांच जारी, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस नेटवर्क के जरिए कितने अन्य अपराधियों को विदेश भगाया गया।


अंतरराज्यीय नशा तस्करी गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार, 105 ग्राम स्मैक बरामद

सहारनपुर। चिलकाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय नशा तस्करी गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 105 ग्राम स्मैक, तीन मोबाइल फोन और ₹2,570 नकद बरामद हुए हैं। बरामद स्मैक की बाजार कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है।

सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई

पुलिस को सूचना मिली थी कि तीन व्यक्ति दुमझेड़ा कच्चा-पक्का मार्ग पर नशीला पदार्थ लेकर खड़े हैं। सूचना मिलते ही एसआई अंकित कुमार के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी

  1. अजीम — निवासी ग्राम खुर्द, थाना जनकपुरी

  2. शहबाज — निवासी ग्राम घाघेरकी, थाना कोतवाली देहात

  3. शाहनूर — निवासी ग्राम जलालपुर डाडा, थाना भगवानपुर, हरिद्वार

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे जल्दी पैसा कमाने के लालच में नशे का कारोबार कर रहे थे और स्मैक को इधर-उधर बेचते थे।

एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई

पुलिस ने तीनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट (Narcotic Drugs and Psychotropic Substances Act) के तहत चालान कर जेल भेज दिया है। पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क और सप्लाई चैन की गहन जांच कर रही है।


लखनऊ: ग्राहक बनकर आई महिला रिद्धि ज्वैलर्स से सोने की बाली चुराकर फरार

लखनऊ। गाजीपुर थाना क्षेत्र स्थित भूतनाथ मार्केट की एक ज्वेलरी शॉप में सोने की बाली चोरी की वारदात सामने आई है। रिद्धि ज्वैलर्स नामक दुकान में बृहस्पतिवार दोपहर एक महिला ग्राहक बनकर पहुंची और मौका पाकर सोने की एक जोड़ी बाली चुरा ली

सीसीटीवी में कैद हुई चोरी

दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में महिला की यह करतूत साफ तौर पर कैद हो गई है। घटना का पता उस समय चला जब दुकान के मालिक ने स्टॉक मिलान किया, जिसमें एक जोड़ी सोने की बाली कम पाई गई।

पुलिस कर रही जांच

गाजीपुर थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर महिला की पहचान और पता लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


बरेली में मुठभेड़ के बाद दो इनामी बदमाश गिरफ्तार, लूट की चेन और असलहे बरामद

बरेली। प्रेमनगर थाना पुलिस ने बृहस्पतिवार तड़के कुदेशिया फाटक के पास मुठभेड़ के बाद 25-25 हजार रुपये के इनामी दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान सलमान (निवासी लोको कॉलोनी नई बस्ती, थाना सिविल लाइंस, अलीगढ़) और इस्लाम कादिर (निवासी बानखाना, प्रेमनगर, बरेली) के रूप में हुई है। मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाशों को पैर में गोली लगी, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

चेन स्नेचिंग की दो वारदातें कबूल कीं

पुलिस पूछताछ में दोनों बदमाशों ने स्वीकार किया कि उन्होंने:

  • 1 अगस्त को शास्त्री नगर मंदिर के पास

  • 3 अगस्त को राजेंद्र नगर में

दो अलग-अलग महिलाओं से सरेराह सोने की चेन लूट की घटनाओं को अंजाम दिया था। उन्होंने बताया कि लूटी गई एक चेन को बेच दिया गया था।

ऐसे हुई मुठभेड़

प्रेमनगर थाना प्रभारी आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि पुलिस टीम तड़के करीब 5 बजे गश्त पर थी, तभी सूचना मिली कि दो संदिग्ध व्यक्ति कुदेशिया फाटक से चंपतराय बाग की ओर जा रहे हैं। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की, लेकिन संदिग्धों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दोनों को पैर में गोली मारकर दबोच लिया।

बरामदगी

पुलिस ने मौके से 315 बोर के दो तमंचे चार खोखे चोरी की मोटरसाइकिल 45,000 रुपये नकद एक लूटी गई सोने की चेन बरामद की है।

बदमाशों पर दर्ज हैं कई मामले

  • सलमान के खिलाफ अलीगढ़ और बरेली में कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं।

  • इस्लाम कादिर पर पांच आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

  • बाइक भी अलीगढ़ से चोरी की गई थी, जिसका इस्तेमाल वारदातों में किया गया।

पुलिस सतर्क, अपराधियों पर सख्त कार्रवाई जारी

इस कार्रवाई को पुलिस की तत्परता और सूझबूझ का नतीजा माना जा रहा है। पुलिस ने बदमाशों को पकड़कर दो बड़ी लूट की घटनाओं का खुलासा किया है। आगे की जांच के लिए बदमाशों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और उनके नेटवर्क की तलाश की जा रही है।


300 रुपये में iPhone का लालच, छात्र ने गंवाए 2.68 लाख रुपये

उत्तर प्रदेश: जिले के घोसी कोतवाली क्षेत्र के पूनापार गांव के अहिरौली निवासी राणा प्रताप यादव के परिवार के साथ एक ऑनलाइन धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। 10वीं कक्षा में पढ़ने वाले उनके बेटे ने 300 रुपये में Apple iPhone पाने के लालच में आकर लगातार ठगी के जाल में फंसते हुए कुल 2.68 लाख रुपये गवां दिए। मामले में कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ऐसे हुआ ऑनलाइन फ्रॉड

बताया गया कि छात्र 24 अप्रैल को इंस्टाग्राम चला रहा था, तभी एक विज्ञापन दिखा जिसमें दावा किया गया कि मात्र ₹300 में iPhone मोबाइल मिल रहा है। लालच में आकर छात्र ने विज्ञापन में दिए गए फोन नंबर पर ₹300 भेज दिए।

इसके बाद छात्र को अज्ञात नंबर से कॉल आया, जिसमें कहा गया कि मोबाइल भेजने के लिए पार्सल शुल्क लगेगा। फिर एक के बाद एक अलग-अलग बहानों से पैसे मांगे गए — कभी पार्सल टैक्स, कभी जीएसटी, कभी बीमा राशि तो कभी रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर। इस प्रकार 29 अप्रैल तक छात्र ने कुल ₹2,68,024 रुपये ठगों के खाते में भेज दिए।

कोई जवाब न मिलने पर दर्ज कराई शिकायत

कई दिन तक जब छात्र ने कॉल और मैसेज किए लेकिन जवाब नहीं मिला, तब परिवार को ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद राणा प्रताप यादव ने स्थानीय पुलिस से संपर्क किया और मामला कोर्ट में ले जाया गया।

पुलिस कर रही जांच

घोसी कोतवाली प्रभारी प्रमेंद्र सिंह ने बताया कि, “ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले में पीड़ित की तहरीर पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों का पता लगाने के लिए साइबर सेल की मदद ली जाएगी।”


ज्वालापुर में सराफा कारोबारी के घर चोरी, कीमती सामान लेकर फरार हुई दो नौकरानियां

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, छानबीन तेज, आसपास के इलाकों में दबिश, जल्द गिरफ्तारी का दावा

हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में एक सराफा कारोबारी के घर काम करने वाली नेपाली मूल की दो घरेलू नौकरानियों ने परिवार के तीन सदस्यों को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और घर से कीमती सामान लेकर फरार हो गईं। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पुलिस के अनुसार, आरके एनक्लेव, आर्यनगर निवासी यशपाल मल्होत्रा के घर दोनों नौकरानियों ने यशपाल, उनकी पत्नी जीत मल्होत्रा और चार वर्षीय पोते शिवा को दोपहर का खाना परोसा। खाना खाने के बाद तीनों बेहोश हो गए। इस दौरान आरोपित महिलाएं घर से सामान चोरी कर भाग निकलीं।

शाम को होश आने पर पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी। वरिष्ठ उप निरीक्षक नितिन चौहान टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें दोनों आरोपित घर से निकलते हुए दिख रही हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।


अभिनेत्री हुमा कुरैशी के चचेरे भाई की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली – बॉलीवुड अभिनेत्री हुमा कुरैशी के चचेरे भाई आसिफ कुरैशी की दिल्ली में हत्या कर दी गई है। यह दर्दनाक घटना निजामुद्दीन के भोगल क्षेत्र में सामने आई, जहां स्कूटी पार्किंग को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

पुलिस के अनुसार, सोमवार रात लगभग 10:30 बजे झगड़ा उस वक्त हुआ जब पीड़ित और आरोपियों के बीच पार्किंग को लेकर कहासुनी हो गई। यह बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपियों में से एक ने आसिफ कुरैशी पर नुकीली चीज़ (संभवत: पोकर) से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान आसिफ कुरैशी, पुत्र इलियास कुरैशी के रूप में हुई है, जो जंगपुरा इलाके के निवासी थे। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 103(1)/3(5) के तहत FIR नंबर 233/25 दर्ज की है। दोनों आरोपी, जिनके नाम उज्ज्वल और गौतम बताए गए हैं, को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।


दिल्ली में नकली जीवनरक्षक दवाओं का रैकेट बेनकाब, छह गिरफ्तार

नई दिल्ली – दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने एक ऐसे संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो जीवनरक्षक नकली दवाओं का निर्माण और वितरण कर रहा था। पुलिस ने गिरोह के सरगना राजेश मिश्रा समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके कब्जे से जॉनसन एंड जॉनसन, जीएसके और एल्केम जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों की हजारों नकली दवाएं बरामद की गई हैं।

गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार लोगों की पहचान मोहम्मद आलम, मोहम्मद सलीम, परमानंद, मोहम्मद ज़ुवैर, प्रेम शंकर प्रजापति और राजेश मिश्रा के रूप में हुई है। यह रैकेट हरियाणा, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में फैला हुआ था।

जांच कैसे शुरू हुई

अपराध शाखा के डीसीपी हर्ष इंदौरा ने बताया कि इंस्पेक्टर पवन कुमार की टीम को खुफिया जानकारी मिली थी। पुलिस ने 30 जुलाई को सिविल लाइंस स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर मोहम्मद आलम और सलीम को नकली दवाओं से भरी वैगनआर कार के साथ गिरफ्तार किया।

फर्ज़ी दवाओं की पुष्टि

पकड़ी गई दवाओं की जांच जॉनसन एंड जॉनसन और जीएसके के कानूनी और तकनीकी प्रतिनिधियों की मदद से की गई। प्रयोगशाला परीक्षणों से भी उनकी नकली होने की पुष्टि हुई।

फेसबुक से जुड़ते थे नकली सप्लायर से

गिरोह के सदस्य अक्सर फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए नकली दवा सप्लायर से संपर्क करते थे। दवाएं महराजगंज, करनाल, गोरखपुर जैसे क्षेत्रों से आती थीं।

कैसे होता था लेन-देन और डिस्ट्रीब्यूशन

  • भुगतान मोबाइल वॉलेट और बारकोड स्कैनर के जरिए होता था

  • रिटेल डिस्ट्रीब्यूशन झोलाछाप डॉक्टरों और मेडिकल स्टोरों के माध्यम से

  • परिवहन के लिए निजी वाहन और कूरियर सेवा का उपयोग

  • वित्तीय ट्रांजैक्शन रिश्तेदारों के खातों से किए जाते थे

नकली दवाओं का निर्माण यूनिट

गिरोह का मुख्य सरगना राजेश मिश्रा (गोरखपुर) है, जिसने अपने अनुभव का फायदा उठाकर जींद (हरियाणा) में परमानंद के साथ मिलकर गुप्त फैक्ट्री चलाई। यहां नकली अल्ट्रासेट, ऑगमेंटिन, पैंटॉप डीएसआर, कनकोर्ट इंजेक्शन जैसी दवाएं बनाई जाती थीं।

बरामद दवाएं और सामग्री

दवा मात्रा
अल्ट्रासेट (J&J) 9015 गोलियां
ऑगमेंटिन 625 6100 गोलियां
पैन-40 1200 गोलियां
बेटनोवेट-एन क्रीम 1166 ट्यूब्स
एमोक्सिसिलिन 25650 गोलियां
पीसीएम 5900 गोलियां
पैन डीएसआर 2700 गोलियां
कनकोर्ट इंजेक्शन (स्टेरॉयड) 74 डिब्बे
प्रोयको स्पास 12000 गोलियां

इसके अलावा:

  • 150 किलो खुली गोलियां

  • 20 किलो खुले कैप्सूल

  • फॉइल रोल्स, पैकिंग मशीनें

  • हजारों दवाओं के डिब्बे और रैपर

कानूनी कार्रवाई जारी

पुलिस ने बताया कि पूरे नेटवर्क को समाप्त करने के लिए अन्य राज्यों में भी कार्रवाई की जा रही है। यह रैकेट केवल दवाओं की जालसाजी नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp