Tuesday, November 17, 2026
7:39 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

अमृतसर में दिनदहाड़े फायरिंग, कार सवार युवक को गोली मारकर फरार हुए हमलावर

Category Archives: क्राइम

अमृतसर में दिनदहाड़े फायरिंग, कार सवार युवक को गोली मारकर फरार हुए हमलावर

अमृतसर: पंजाब के अमृतसर के 88 फुट रोड क्षेत्र से कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ कुछ अज्ञात हमलावरों ने एक कार का पीछा करते हुए उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस जानलेवा हमले में कार सवार एक युवक गोली लगने से गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल युवक की पहचान सिमरनजीत सिंह उर्फ बिल्ला के रूप में हुई है।

इस पूरी वारदात का एक खौफनाक सीसीटीवी (CCTV) वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि सिमरनजीत सिंह अपनी कार से जा रहा था, तभी अचानक पीछे से दौड़ते हुए आए दो युवकों ने उस पर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। फायरिंग के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। अचानक हुई इस गोलीबारी से पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर वायरल वीडियो और आसपास के सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है।

डीसीपी (DCP) जगजीत सिंह वालिया ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि तकनीकी साक्ष्यों और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया है। हमला किस रंजिश के तहत किया गया, इसकी भी गहनता से पड़ताल की जा रही है।


खालिस्तानी-गैंगस्टर नेटवर्क के नाम पर 10 करोड़ की रंगदारी मांगने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा (क्राइम ब्रांच) ने सुरक्षा बलों और सेना के लिए हथियार बनाने वाली एक प्रमुख कंपनी के संस्थापक और प्रबंध निदेशक (MD) साहिल लूथरा को जान से मारने की धमकी देने और 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में पंजाब से तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी खालिस्तानी आतंकियों और गैंगस्टरों के गठजोड़ के नाम पर पीड़ित को धमका रहे थे।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान तरनतारन निवासी गुरपिंदर सिंह उर्फ प्रिंस (32), शमशेर सिंह उर्फ सैम (35) और अमृतसर निवासी जसवंत सिंह (59) के रूप में हुई है। मुख्य आरोपी जसवंत सिंह पंजाब पुलिस का पूर्व एएसआई (ASI) है, जिसे सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। बर्खास्तगी के बाद वह पीड़ित साहिल लूथरा की ही कंपनी में नौकरी करने लगा था और कंपनी के पंजाब डिवीजन का काम संभाल रहा था।

अपराध शाखा के विशेष आयुक्त एचजीएस धालीवाल ने बताया कि इस मामले की शिकायत 17 अक्तूबर 2025 को चाणक्यपुरी थाने में दर्ज कराई गई थी। पीड़ित साहिल लूथरा को अगस्त और सितंबर में कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नाम से धमकी भरे कॉल्स और मैसेज आए थे। इसके बाद 4 जून 2026 को उन्हें एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप पर वॉयस नोट भी मिला। 10 जून को मामला क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया।

पुलिस उपायुक्त संजीव कुमार यादव की टीम ने तकनीकी सर्विलांस और कॉल डिटेल की मदद से तीनों आरोपियों को पंजाब से दबोच लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि पूर्व एएसआई जसवंत सिंह के कहने पर स्पेन में बैठे मन्नी नामक व्यक्ति ने धमकी भरे मैसेज भेजे थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से 5 मोबाइल फोन बरामद किए हैं और उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।


एसटीएफ एवं देहरादून पुलिस की संयुक्त कार्यवाही में अवैध अंग्रेजी शराब का बड़ा जखीरा बरामद, ट्रक चालक गिरफ्तार

पंजाब के मोहाली से अवैध रूप से लाई जा रही पंजाब मार्का अंग्रेजी शराब की कुल 80 पेटियां बरामद की गईं।

 कार्यवाही के दौरान शराब से भरा एक ट्रक तथा उसके चालक को थाना पटेलनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

उत्तराखण्ड को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से एसटीएफ द्वारा अवैध शराब तस्करों के विरुद्ध लगातार प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई जारी है

देहरादून- पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड दीपम सेठ द्वारा राज्य में हरियाणा, पंजाब एवं दिल्ली से लाई जा रही अवैध शराब के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। उक्त निर्देशों के क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ द्वारा अपनी टीमों को नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया है।

इसी क्रम में  एसटीएफ देहरादून एवं थाना पटेलनगर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा कार्यवाही करते हुए पंजाब से लाई जा रही अवैध अंग्रेजी शराब से भरे एक ट्रक को थाना पटेलनगर क्षेत्र में रोककर चेक किया गया। तलाशी के दौरान ट्रक से कुल 80 पेटी पंजाब मार्का अंग्रेजी शराब बरामद हुई तथा ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में थाना पटेलनगर में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पूछताछ में अभियुक्त द्वारा बताया गया कि उक्त शराब मोहाली पंजाब से लायी गयी है तथा यहां पर फुटकर में बेची जानी थी ।

एसएसपी एसटीएफ ने बताया कि उत्तराखण्ड में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध एसटीएफ की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी तथा ऐसे तत्वों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बरामदगी का विवरण:
कुल 80 पेटी पंजाब मार्का अंग्रेजी शराब (रायस्टैग, मैकडावल,इंपीरियल ब्लू), व एक ट्रक
गिरफ्तार अभियुक्त:
जगजीत सिंह पुत्र हरदीत सिंह, निवासी ग्राम बुडनपुर, थाना बनूर, जिला मोहाली, पंजाब।


पिस्टल के शो-ऑफ के दौरान गोली चलाने वाले अभियुक्त को पुलिस ने किया गिरफ्तार

अभियुक्त की लापरवाही से चली गोली से एक युवक हुआ था घायल

अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पिस्टल को पुलिस ने किया बरामद

देहरादून- दिनाँक 19-06-2026 को वादी हंसराज सैनी पुत्र रोहताश सैनी निवासी भोगपुर थाना पथरी जिला हरिद्वार द्वारा कोतवाली पटेलनगर पर प्रार्थना पत्र दिया कि दिनांक – 19/6/2026 को सुबह समय करीब 2.30 बजे ओम सिटी स्थित किराये के मकान में वह अपने 02 अन्य साथियों 01: गोपाल शर्मा उर्फ भिंडी तथा 02: शुभम अग्रवाल को अपने पास पूर्व से ही रखी एक पिस्टल को दिखा रहा था, इस दौरान गोपाल शर्मा उर्फ भिण्डी द्वारा उक्त पिस्टल को अपने पास लेकर चैक करने के दौरान अचानक चली गोली उसकी नाक की बराबर में लग गई, जिससे वह घायल हो गया। वादी द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर कोतवाली पटेलनगर पर मु0अ0सं0-382/2026 धारा 110 बीएनएस बनाम गोपाल शर्मा उर्फ भिन्डी पंजीकृत किया गया।

घटना की गम्भीरता के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशों पर तत्काल कोतवाली पटेलनगर पर पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा घटनास्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेजों को चैक कर घटना में शामिल नामजद अभियुक्त की तलाश हेतु मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया तथा मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर दिनांक: 19-06-26 को अभियुक्त गोपाल शर्मा उर्फ भिंडी पुत्र रूपलाल शर्मा को ओमसिटी के बाहर सडक से गिरफ्तार किया गया ।

पूछताछ का विवरण:-

पूछताछ में अभियुक्त गोपाल शर्मा उर्फ भिण्डी द्वारा बताया गया कि वो दिनांक: 18/19-06-26 की रात्रि में अपने दोस्त शुभम अग्रवाल के साथ घूम रहा था, इस दौरान उसके साथी हंसराज, जिसे वह पिछले 09-10 वर्षों से जानता है तथा उसके साथ प्रापर्टी डीलिंग का कार्य करता है, के द्वारा उसे फोन कर एक नया सामान (पिस्टल) खरीदने की जानकारी देते हुए रात्रि में अपने ओमसिटी स्थित फ्लैट में बुलाया गया। जहां देर रात्रि वे दोनों हंसराज के फ्लैट में पहुंचे, जहां उसके द्वारा उन्हें एक पिस्टल दिखाते हुए बताया कि वह उसे 65 हजार रूपये में खरीदकर लाया है। इस बीच उक्त पिस्टल को चैक करने के दौरान अचानक उसके हाथ से पिस्टल का ट्रिगर दब जाने से पिस्टल से निकली गोली हंसराज की नाक के बगल में लग गई और वह नीचे गिर गया।

घटना के बाद अभियुक्त द्वारा हंसराज को पिस्टल का लाइसेंस न होने तथा पुलिस द्वारा उसे भी अवैध पिस्टल रखने पर गिरफ्तार करने की बात कहते हुए डराया गया तथा छत में घूमने के दौरान अज्ञात व्यक्ति द्वारा चलाई गई गोली से घायल होने की झूठी कहानी गढने को कहा गया तथा योजना के मुताबिक हंसराज के चेहरे से निकल रहे खून की कुछ बूंदे छत पर गिराकर नीचे कमरे में फैले खून को साफ किया गया। इसके उपरान्त अभियुक्त गोपाल शर्मा अपने साथी शुभम अग्रवाल के साथ स्कूटी से घायल हसंराज को इन्द्रेश अस्पताल ले गये तथा इस दौरान गोपाल शर्मा द्वारा पिस्टल को ओम सिटी के पास झाडियों में फेंक दिया, जिसे पुलिस द्वारा अभियुक्त गोपाल शर्मा उर्फ भिन्डी की निशानदेही पर बरामद किया गया। अभियुक्त पर पूर्व में भी बलवे व मारपीट का अभियोग पंजीकृत है।

विवरण गिरफ्तार अभियुक्त :-

गोपाल शर्मा उर्फ भिंडी पुत्र रूपलाल शर्मा निवासी 108 गुरूरोड, थाना पटेलनगर, देहरादून, उम्र- 28 वर्ष

बरामदगी:

1- 01 पिस्टल 32 बोर (घटना में प्रयुक्त)

आपराधिक इतिहास अभियुक्त गोपाल शर्मा उर्फ भिन्डी

मु0अ0सं0- 173/2024, धारा 147/279/323/352/427 भादवि, कोतवाली पटेलनगर, देहरादून

पुलिस टीम :-

1- निरी० विनोद सिंह गुंसाई, प्रभारी कोतवाली पटेलनगर
2- व0उ0नि0 प्रमोद शाह, कोतवाली पटेलनगर
3- उ0नि0 प्रवीण सिंह पुण्डीर, चौकी प्रभारी बाजार
4- उ0नि0 विनोद कुमार
5- का0 विपिन कुमार
6- का0 शिवराज सिंह
7- का0 बृजमोहन सिंह
8- का0 कैलाश पवाँर


यातायात पुलिस की सजगता से स्कूटी चोरी की घटना का हुआ खुलासा

घटना को अंजाम देने वाले 01 विधि विवादित किशोर को लिया संरक्षण में

देहरादून- दून चौक/बुद्धा चौक पर नियुक्त सीपीयू कर्मियों द्वारा ड्यूटी के दौरान दून चौक पर एक नाबालिग उम्र 12 वर्ष को खतरनाक तरीके से स्कूटी चलाने पर रोकते हुए चैक किया गया तो स्कूटी सवार नाबालिग स्कूटी संख्या: यू0के0-07- बीएन-5981 के सम्बन्ध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे पाया, जिस पर वाहन के पंजीकरण संख्या के आधार पर वाहन स्वामी से सम्पर्क किया गया तो वाहन स्वामी हरिओम पुत्र मथुरा प्रसाद निवासी मल्लूगंज, पलटन बाजार, देहरादून द्वारा बताया गया कि उक्त स्कूटी आज प्रातः लगभग 10ः00 बजे निरंजनपुर मंडी क्षेत्र से चोरी हो गई थी तथा वह इसकी प्राथमिकी दर्ज कराने हेतु थाना जा रहे थे। उक्त प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए सीपीयू कर्मियों द्वारा तत्काल यातायात कंट्रोल के माध्यम से सूचना प्रसारित की गई, तत्पश्चात चौकी धारा, थाना कोतवाली नगर को सूचित कर नाबालिग को स्कूटी सहित उनके सुपुर्द किया गया।

पुलिस टीम:-

1- हे०का० सहदीप
2- कां० अमरीश कुमार


कर्ज से बचने के लिए रची अपहरण की साजिश, पुलिस जांच में खुली पोल

औरेया: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के बिधूना क्षेत्र से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक व्यक्ति ने कर्ज के रुपये चुकाने से बचने के लिए खुद के ही अपहरण की झूठी कहानी रच डाली। शातिर शख्स ने अस्पताल के एक सुरक्षाकर्मी (चौकीदार) के जरिए यूपी-112 पर अपने किडनैपिंग की सूचना दिलवा दी। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी और शुरुआती जांच में ही इस पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया। पुलिस अब झूठी सूचना देकर गुमराह करने के आरोप में विधिक कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

पुलिस जांच में सामने आया कि मथुरा जनपद के रहने वाले बृज प्रसाद से पश्चिम बंगाल के मूल निवासी शक्ति घोष ने कुछ साल पहले पैसे उधार लिए थे। काफी समय बीत जाने के बाद भी शक्ति घोष उधारी के रुपये वापस नहीं कर रहा था। पीड़ित बृज प्रसाद ने पुलिस को बताया कि शक्ति घोष वर्तमान में दिल्ली में रहता है। हाल ही में शक्ति ने रुपये चुकाने का भरोसा दिया और बृज प्रसाद को अपने साथ कार से प्रयागराज चलने को कहा।

 बृज प्रसाद उसकी बातों में आ गया और दोनों कार से प्रयागराज के लिए रवाना हुए। गुरुवार की रात औरैया के चिचौली पहुंचते ही उनकी कार बीच रास्ते में खराब हो गई। रात अधिक होने के कारण दोनों को चिचौली स्थित ‘सौ शैया अस्पताल’ के परिसर में बने एक साथी डॉक्टर के घर पर पनाह लेनी पड़ी।

शुक्रवार की सुबह शक्ति घोष ने कर्जदार से पीछा छुड़ाने और लेनदेन से बचने के लिए एक खतरनाक पैंतरा आजमाया। उसने अस्पताल के चौकीदार को गुमराह कर यूपी-112 पर फोन करवाया कि उसका अपहरण हो गया है। अपहरण की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। जब पुलिस ने बारीकी से छानबीन की और दोनों पक्षों को आमने-सामने बिठाकर पूछताछ की, तो अपहरण की बात पूरी तरह झूठी निकली।

सीओ बिधूना पी. पुनीत मिश्र ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि यह पूरी तरह से आपसी लेनदेन का विवाद है। पैसे न देने पड़े, इसलिए खुद के अपहरण की अफवाह फैलाई गई थी। झूठी सूचना देकर पुलिस को परेशान करने और सरकारी तंत्र का समय बर्बाद करने के मामले में आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


गुरुग्राम के ज्वेलरी शोरूम में दंपती बनकर पहुंचे शातिर, 4.5 लाख के सोने के झुमके लेकर फरार

गुरुग्राम: साइबर सिटी के व्यस्ततम इलाके सदर बाजार स्थित एक नामचीन ज्वेलरी शोरूम में चोरी की एक अनोखी और शातिर वारदात सामने आई है। यहाँ खुद को पति-पत्नी बताने वाले एक महिला और पुरुष ने सोने का झुमका खरीदने और उसे बुक करने के बहाने करीब साढ़े चार लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। शोरूम प्रबंधन की शिकायत पर गुरुग्राम की शहर थाना पुलिस ने शुक्रवार को संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

 सदर बाजार के ‘श्रीराम ज्वेलर्स’ में सेल्सवूमेन के तौर पर कार्यरत शालू सिंह ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि बीते दिनों एक महिला और पुरुष ग्राहक बनकर दुकान पर आए थे। उन्होंने स्टाफ से सोने के झुमके दिखाने की मांग की। काफी देर तक आभूषण देखने के बाद दोनों ने एक जोड़ी झुमके पसंद किए। शातिर ठगों ने शोरूम के स्टाफ का विश्वास जीतने के लिए महज 500 रुपये की टोकन मनी दी और झुमके को बुक कराकर वहां से चले गए। जब तय तारीख बीतने के बाद भी दोनों वापस नहीं लौटे, तो शोरूम की तरफ से उनके दिए नंबर पर संपर्क किया गया, लेकिन वह स्विच ऑफ मिला।

 गुरुवार को जब शोरूम के कर्मचारी साप्ताहिक स्टॉक का मिलान कर रहे थे, तब सोने के झुमकों की एक जोड़ी कम पाई गई। इसके बाद जब शोरूम के भीतर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज को खंगाला गया, तो स्टाफ के होश उड़ गए। फुटेज में साफ नजर आया कि आभूषण देखने के बहाने उक्त महिला और पुरुष ने बड़ी ही चालाकी से साढ़े चार लाख रुपये के झुमके पार कर दिए थे।

पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, चोरी हुए झुमके 22 कैरेट सोने के थे, जिनका कुल वजन लगभग 28.58 ग्राम था। अंतरराष्ट्रीय बाजार और मौजूदा दरों के हिसाब से इनकी कीमत करीब 4.5 लाख रुपये आंकी गई है। शहर थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और फुटेज में दिख रहे संदिग्ध चेहरे के आधार पर आरोपियों को दबोचने के लिए टीमें रवाना कर दी हैं।


दिल्ली में घरेलू विवाद बना मासूम की मौत का कारण, पिता गिरफ्तार

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के दक्षिण-पूर्वी जिले के जैतपुर इलाके से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ पारिवारिक कलह के दौरान एक सिरफिरे पिता ने अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों की बेरहमी से पिटाई कर दी। इस दर्दनाक हमले में गंभीर रूप से घायल हुए दो वर्षीय मासूम बच्चे की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की कानूनी तफ्तीश शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह खौफनाक घटना जैतपुर के मिथापुर स्थित लखपत कॉलोनी पार्ट-2 की है। 19 जून 2026 की दोपहर करीब 1:30 बजे पुलिस को पीसीआर (PCR) के जरिए घरेलू हिंसा की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पीड़िता और शिकायतकर्ता आरती ने पुलिस को बताया कि उसका पति चंदन शर्मा (34 वर्ष), जो पेशे से बढ़ई (Carpenter) है, अत्यधिक शराब और नशे का आदी है। वारदात के दिन घरेलू विवाद के बाद चंदन ने आपा खो दिया और अपनी पत्नी व दोनों नाबालिग बच्चों पर लात-घूंसों से अंधाधुंध हमला कर दिया।

आरोपी पिता की इस हैवानियत में दो साल का मासूम बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे आनन-फानन में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जिंदगी और मौत से जूझते हुए मासूम ने 20 जून 2026 की सुबह दम तोड़ दिया। बच्चे की मौत के बाद से ही पीड़ित मां और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

 दिल्ली पुलिस ने वारदात के दिन ही (19 जून) भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित गंभीर धाराओं और जुवेनाइल जस्टिस (JJ) एक्ट के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली थी। बच्चे की मौत के बाद मामले में हत्या की धाराएं भी जोड़ी जा रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी चंदन शर्मा को सलाखों के पीछे भेज दिया गया है। पुलिस घटनास्थल से सभी जरूरी साक्ष्य और गवाह जुटा रही है ताकि आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाकर पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय दिलाया जा सके।


शिमला स्कूल संचालिका हत्याकांड में बड़ा खुलासा, गिरफ्तार शूटर 7 दिन की पुलिस रिमांड पर

शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली स्थित सरस्वती पैराडाइज इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल की संचालिका मनीषा मित्तल हत्याकांड की जांच तेज हो गई है। पुलिस अदालत ने मामले में गिरफ्तार दोनों शूटरों को सात दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। इसी बीच, वारदात के दौरान का एक बेहद खौफनाक सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस फुटेज में नकाबपोश हमलावर अचानक मनीषा मित्तल पर अंधाधुंध गोलियां चलाते हुए साफ नजर आ रहे हैं।

 पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, शूटरों ने मनीषा मित्तल को बेहद करीब से निशाना बनाया और उनके सिर पर तीन गोलियां दागीं। इनमें से दो गोलियां सिर के आर-पार हो गईं, जबकि एक गोली पोस्टमार्टम के दौरान मृतका के सिर के भीतर से बरामद की गई है। पुलिस ने घटनास्थल से कारतूस के खाली खोखे भी जब्त किए हैं।

पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए बीते सोमवार को हरियाणा के रोहतक से दो शूटरों को गिरफ्तार किया था। पकड़े गए आरोपियों की पहचान आशीष अहलावत (22 वर्ष, निवासी झज्जर) और दीपक (25 वर्ष, निवासी रोहतक) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, इन दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से ही अवैध वसूली और आर्म्स एक्ट के कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसे देखते हुए पुलिस इस पूरी वारदात को ‘सुपारी किलिंग’ (Contract Killing) और आपसी रंजिश के कोण से जोड़कर देख रही है।

 इस हत्याकांड की कड़ियों को जोड़ते हुए एक बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। बीती 13 जून को जिस दिन मनीषा मित्तल की गोली मारकर हत्या की गई, ठीक उसी दिन स्कूल प्रबंधन समिति (SMC) का तीन साल का कार्यकाल भी पूरा हुआ था। 14 जून 2023 को गठित इस समिति के चेयरमैन मनीषा के भाई हिमांक मित्तल थे। हालांकि, हिमांक मित्तल का दावा है कि उनका इस घटना से कोई लेना-देना नहीं है और उन पर भी हमला हुआ था।

 वारदात के बाद अभिभावकों की भारी मांग और सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूल का नियंत्रण पूरी तरह से अपने हाथों में ले लिया है। प्रशासन ने स्कूल प्रबंधन को आगामी तीन दिनों के भीतर सभी महत्वपूर्ण दस्तावेज और रिकॉर्ड सौंपने के सख्त आदेश जारी किए हैं। वर्तमान में स्कूल के संचालन के लिए एक प्रशासक नियुक्त किया गया है, जिन्हें अगले छह महीनों के भीतर नई कार्यकारिणी का गठन करने की जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस रिमांड के दौरान शूटरों से पूछताछ कर रही है ताकि इस हत्याकांड के मुख्य मास्टरमाइंड को बेनकाब किया जा सके।


नीट परीक्षा से ठीक पहले 22 वर्षीय छात्र ने किया सुसाइड, सोशल मीडिया पर साझा किया आखिरी वीडियो

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद अंतर्गत प्रताप विहार क्षेत्र से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ नीट (NEET) परीक्षा की तैयारी कर रहे 22 वर्षीय एक छात्र ने अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान प्रताप विहार के ए-ब्लॉक निवासी जतिन कुमार के रूप में हुई है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस आत्मघाती कदम को उठाने से ठीक पहले छात्र ने अपने मोबाइल से एक मिनट चार सेकंड का वीडियो भी रिकॉर्ड किया था, जिसमें उसने अपनी मानसिक स्थिति का जिक्र किया था।

 सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) उपासना पांडेय ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 8:15 बजे पुलिस को कंट्रोल रूम (डायल-112) के माध्यम से सूचना मिली कि सेक्टर-9, प्रताप विहार में एक युवक ने सुसाइड कर लिया है। सूचना मिलते ही विजयनगर थाना पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस को जतिन का शव कमरे के फर्श पर पड़ा हुआ मिला और पंखे पर बंधा हुआ फंदा टूटा हुआ था, जिससे आशंका है कि वजन न सह पाने के कारण फंदा टूट गया।

 परिजनों के मुताबिक, जतिन पिछले काफी समय से मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) की तैयारी में जुटा हुआ था और आगामी 21 जून को उसकी परीक्षा होनी थी। बृहस्पतिवार रात करीब 12 बजे तक परिजनों ने उसे कमरे में टहलते और पढ़ाई करते देखा था, जिसके बाद सभी सोने चले गए। सुबह जब उसे जगाने के लिए कमरे का दरवाजा खटखटाया गया, तो वह मृत अवस्था में पाया गया।

 पुलिस को जांच के दौरान जतिन के मोबाइल से रात करीब 12 बजे रिकॉर्ड किया गया एक वीडियो मिला है। वीडियो में जतिन ने अपने स्टडी रूम को दिखाते हुए कहा, “हाय, मेरा नाम जतिन है। मैं आज कुछ अलग करने की सोच रहा हूं। मेरे ऊपर किसी भी चीज का कोई दबाव नहीं है। मैं परेशान नहीं हूं, बिल्कुल चिल हूं। हां, थोड़ा डिप्रेस्ड (अवसादग्रस्त) हूं। मुझे नीट परीक्षा की भी कोई टेंशन नहीं है। पापा ने कह दिया है कि टेंशन मत लो, नीट निकलता है तो ठीक है… मैं फिर भी इसका प्रयास करना चाहता हूं। अगर सफल होता हूं तो आप लोग यह वीडियो देखेंगे।”

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के पिता एक सरकारी विभाग में कार्यरत हैं और उसकी एक छोटी बहन है। पुलिस छात्र के दोस्तों और सोशल मीडिया प्रोफाइल की भी जांच कर रही है ताकि अवसाद के अन्य कारणों का पता लगाया जा सके। इस घटना के बाद से ही इलाके के छात्रों और अभिभावकों में शोक की लहर है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp