Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

चाकू की नोक पर लूट, फिर वीडियो बनाकर वसूले ऑनलाइन पैसे

Category Archives: क्राइम

चाकू की नोक पर लूट, फिर वीडियो बनाकर वसूले ऑनलाइन पैसे

नई दिल्ली। बिंदापुर इलाके में बदमाशों ने ड्राइवर से चाकू की नोक पर मोबाइल फोन और नकदी लूटने के बाद, उसे फंसाने की धमकी देकर ऑनलाइन पैसे भी वसूल लिए। घटना 11 अगस्त की है।

मूल रूप से हस्तिनापुर (मेरठ) निवासी और दिल्ली के जनकपुरी स्थित ट्रांसपोर्ट कंपनी में ड्राइवर के रूप में कार्यरत बॉबी कुमार ने पुलिस को बताया कि बिंदापुर थाने के पास दो युवकों ने उसे घेर लिया। एक बदमाश ने कमर में चाकू लगाकर उसका मोबाइल फोन और 1,600 रुपये छीन लिए।

इसके बाद बदमाशों ने पीड़ित के हाथ में चमकीली पन्नी और पाइप पकड़ाकर उसका वीडियो बनाया। फिर धमकी दी कि यह वीडियो पुलिस को देकर उसे पकड़वा देंगे। डर के माहौल में पीड़ित को अपने पेटीएम खाते से 1,000 रुपये ट्रांसफर करने पड़े। पैसे लेने के बाद बदमाश उसका मोबाइल वापस देकर वहां से भाग गए।

पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।


सोशल मीडिया पर पिस्टल लहराने वाले 9 बदमाश गिरफ्तार, 24 पिस्टल और 30 कारतूस बरामद

नई दिल्ली। बाहरी उत्तरी जिला पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पिस्टल लहराकर लोगों में डर फैलाने वाले नौ बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 24 पिस्टल और 30 कारतूस बरामद किए हैं। विशेष अभियान के तहत तीन अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर यह कार्रवाई की गई।

जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी. स्वामी के अनुसार, हथियार रखने वाले बदमाशों की पहचान के लिए साइबर पेट्रोलिंग शुरू की गई। इसके तहत पुलिस ने सैकड़ों लोगों के इंस्टाग्राम, फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया अकाउंट की जांच की। 12 अगस्त की देर रात वाहन चोरी निरोधक शाखा ने खेड़ागढ़ी निवासी यामीन, मुकुंदपुर निवासी श्रीराम और आदित्य को गिरफ्तार किया।

स्पेशल स्टाफ ने मामूरपुर नरेला निवासी आकाश और बवाना निवासी अमरजीत बवाना को गैस एजेंसी जाने वाली सड़क पर पार्क के पास से पकड़ा, जिनके पास से 10 पिस्टल और 9 कारतूस बरामद हुए। वहीं शाहबाद डेयरी, भलस्वा डेयरी, एनआईए और थाना स्वरूप नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने शाहबाद डेयरी निवासी सोनल मिश्रा, जेजे कॉलोनी निवासी मोमिन खान, नूर हसन और नाथूपुरा निवासी आनंद को गिरफ्तार किया। इनके पास से भी एक-एक पिस्टल और कारतूस मिले।

जांच में सामने आया कि यामीन पर पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह नीरज बवाना गिरोह के सहयोगी संजू सहरावत का साथी है। सोनल मिश्रा पर लूटपाट, झपटमारी, चोरी और शस्त्र अधिनियम के 14 मामले दर्ज हैं। मोमिन खान पर शस्त्र अधिनियम, एनडीपीएस और अन्य अपराधों के 4 मामले, जबकि नूर मोहम्मद पर 50 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पूछताछ में श्रीराम ने बताया कि वह इलाके में खौफ फैलाने के लिए सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन करता था। आदित्य ने भी यही मकसद बताया और स्वीकार किया कि वह दोस्तों के सामने ताकत दिखाने के लिए कभी-कभी हवा में गोलियां चलाता था।


बदायूं में माँ बेटी की हत्या, मौसेरे भाई पर गहराया शक, पुलिस जांच रही कई एंगल

बदायूं। उत्तरप्रदेश जिले के दातागंज थाना क्षेत्र के बीरमपुर गांव में गुरुवार रात को मां-बेटी की गला रेतकर हत्या कर दी गई। माँ बेटी के हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, वहीं घटनास्थल के पास रहने वाले मौसेरे भाई के हाथ में चोट के निशान मिलने पर उसे हिरासत में ले लिया गया है।

घटना के वक़्त दोनों माकन में अकेली 

बीरमपुर गांव निवासी 75 वर्षीय शांति देवी और उनकी 42 वर्षीय बेटी जयंती की गुरुवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के समय दोनों अपने नए मकान में अकेली थीं। सूचना पर थाना पुलिस के साथ-साथ आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

पति की मौत के बाद रहने लगी मायके

जयंती की शादी वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव रोटा निवासी गजेंद्र सिंह से हुई थी, जिनकी करीब 12 साल पहले मौत हो चुकी थी। पति की मौत के बाद जयंती अपनी मां के साथ मायके में रहने लगी थीं। उन्होंने ससुराल से जुड़े जमीन विवाद में कानूनी लड़ाई जीतने के बाद 11 बीघा जमीन पाई थी, जिसमें से 9 बीघा बेचकर नया मकान बनवाया और मां के साथ वहीं रहने लगीं।बताया जा रहा है कि हजरतपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला उनका मौसेरा भाई विपिन भी पास में ही मकान बनाकर रहने लगा था। वारदात के वक्त वह भी वहीं था।

विपिन के हाथ से मिले चाकू के घाव

पुलिस जांच के दौरान विपिन के हाथ में चाकू से कटे घाव मिले। पूछताछ में उसने दावा किया कि पांच बदमाश घर में घुसे थे, जिन्होंने मां-बेटी की हत्या कर दी। विपिन का कहना है कि जब उसने एक बदमाश को पकड़ने की कोशिश की तो हमलावर ने उसके हाथ पर वार कर दिया और सभी फरार हो गए।हालांकि, पुलिस को उसकी कहानी पर संदेह हुआ, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया है। पूछताछ जारी है।

पुलिस जांच रही कई एंगल

एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार ने बताया कि मां-बेटी की हत्या चाकू से गला रेतकर की गई है। हत्या के पीछे का मकसद अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। जल्द ही वारदात का खुलासा कर हत्यारों को जेल भेजा जाएगा।

मौसेरे भाई पर गहराया शक

अब तक की जांच में पुलिस की नजर सबसे ज्यादा विपिन पर टिकी है। प्रारंभिक साक्ष्य और परिस्थितियों के आधार पर माना जा रहा है कि हत्या में उसी की संलिप्तता हो सकती है। पुलिस पैसों के लेनदेन या जमीन से जुड़े विवाद की भी जांच कर रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि देर शाम तक पुलिस इस हत्याकांड का खुलासा कर सकती है।


गाली-गलौज का विरोध करने पर युवक पर 22 बार चाकू से हमला, हालत नाजुक

नई दिल्ली। आदर्श नगर स्थित आजादपुर गांव में मंगलवार रात एक युवक पर बदमाशों ने 22 बार चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोप है कि युवक ने गाली-गलौज का विरोध किया, जिसके बाद हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

वारदात के बाद बदहवास परिजनों ने 26 वर्षीय दीपक सिंह को रिक्शे में डालकर बाबू जगजीवन राम अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि रात में कुछ लोग इलाके में गाली-गलौज कर रहे थे। दीपक ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। परिजनों का आरोप है कि हमलावर नशे का धंधा करते हैं।

पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया
पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। कई टीमें आरोपियों की तलाश में लगी हैं। दीपक अपने परिवार के साथ आजादपुर गांव, रेलवे रोड, पथवारी मंदिर के पास रहता है। परिवार में मां विद्या देवी, दो बड़े भाई रंजीत सिंह और भीष्म सिंह हैं। दीपक एक निजी अस्पताल में वार्ड बॉय के रूप में काम करता है और शाम को घर के पास अंडे की रेहड़ी लगाता है।


घरेलू सहायिका ने रची 30 लाख की चोरी की साजिश, तीन आरोपी गिरफ्तार

गुरुग्राम। सेक्टर-43 स्थित अपराध शाखा पुलिस ने 30 लाख रुपये के आभूषण, 1.55 लाख रुपये नकद और एक लाइसेंसी पिस्टल चोरी करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह चोरी 2 अगस्त को सेक्टर-53 के सरस्वती कुंज में एक घर से की गई थी, जिसमें घर में काम करने वाली घरेलू सहायिका नेहा की अहम भूमिका सामने आई है।

गिरफ्तार आरोपी:

  • नेहा, निवासी चकरी गांव, झांसी (यूपी)

  • रणवीर सिंह, निवासी महाराजपुर, संबल (यूपी)

  • हरिओम, निवासी दिबई, बुलंदशहर (यूपी)

चोरी की साजिश ऐसे रची गई

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी नेहा उस घर में घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी। 2 अगस्त को जब शिकायतकर्ता के पिता का दिवंगत हो जाना हुआ, तब घर के सभी सदस्य व्यस्त थे। इसी दौरान नेहा ने अपने साथियों रणवीर और हरिओम के साथ चोरी की योजना बनाई।

रणवीर ने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर घर में घुसकर अलमारी से लॉकर (तिजोरी) चोरी की और बाद में उसे काटकर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, पिस्टल और कारतूस निकाल लिए।

बरामदगी में क्या मिला:

  • सोने की 7 चिड़िया, 8 अंगूठियां, 2 चेन, 10 जोड़ी बालियां, 1 कान की चेन, 1 लॉकेट, 1 ब्रेसलेट, 2 नेकलेस,

  • सोने का 1 बिस्किट, चांदी की 4 अंगूठियां,

  • 1.55 लाख रुपये नकद,

  • 1 पिस्टल, 7 कारतूस,

  • चोरी में प्रयुक्त एक कार।


पंजाब: लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो वांछित शूटर गिरफ्तार, नेपाल से लौटकर कर रहे थे बड़ी साजिश

 चंडीगढ़- पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) को बड़ी कामयाबी मिली है। टीम ने शंभू गांव के पास पटियाला-अंबाला हाईवे से लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जो कई राज्यों की पुलिस के लिए सिरदर्द बने हुए थे।

प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपी हाल ही में एक हत्या को अंजाम देने के बाद नेपाल फरार हो गए थे। वहां से वे कथित रूप से विदेशी सरगनाओं के इशारे पर पंजाब लौटे, जहां वे किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।

कई राज्यों में दर्ज हैं संगीन आपराधिक मामले

गिरफ्तार दोनों अपराधियों के खिलाफ पंजाब, दिल्ली, राजस्थान और गुजरात में हत्या, लूट और हथियार अधिनियम सहित 15 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वे फाजिल्का में भारत रतन उर्फ विक्की की हत्या के मामले में भी वांछित थे।

हथियार बरामद

गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक ग्लॉक 9 मिमी पिस्तौल और 6 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ थाना राज्य अपराध शाखा, एसएएस नगर में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आगे की जांच जारी है।


पुरानी दुश्मनी में भड़की हिंसा, तलवारों से हमला कर तीन लोग घायल

हरियाणा/ कुरुक्षेत्र-  बुधवार रात कुबेर कॉलोनी में पुरानी रंजिश ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। करीब आठ बजे एक मकान पर हथियारों से लैस लोगों ने हमला कर दिया, जिसमें एक महिला और उनके बेटे सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के बाद आरोपी मौके पर अपनी कार और दो बाइकें छोड़कर फरार हो गए। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की और सबूत जुटाए।

घायल युवक राहुल ने बताया कि हमलावरों में से एक उसका पूर्व मित्र हर्ष था। दोनों के बीच छह-सात महीने पहले किसी विवाद को लेकर कहासुनी हुई थी, जो थाने तक पहुंची थी। उस समय सामाजिक पंचायत के ज़रिए मामला सुलझा लिया गया था, लेकिन मनमुटाव बना रहा।

बुधवार रात, हर्ष अपनी मां और 10-15 लोगों के साथ कार व बाइकों पर सवार होकर राहुल के घर आ धमका। आरोप है कि उन्होंने सबसे पहले बाहर रखी चारपाई को टक्कर मारी और फिर घर में घुसकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। शोर सुनकर जब राहुल नीचे आया तो उस पर तलवार से हमला कर दिया गया।

राहुल ने बचाव में पास पड़े ईंट-पत्थरों से जवाबी हमला किया, जिसमें हर्ष और उसकी मां अंजली को भी चोटें आईं। इसके बाद सभी हमलावर मौके से भाग निकले।

हमले के कुछ देर बाद, राहुल के पिता को एक धमकी भरा कॉल आया, जिसमें पूरे परिवार को खत्म करने की बात कही गई। यह कॉल कथित रूप से हर्ष की ओर से की गई थी। राहुल के पिता ने कॉल रिकॉर्डिंग पुलिस को सौंप दी है।

थाना कृष्णा गेट के प्रभारी निरीक्षक बलजीत सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्रित कर लिए हैं। अभी तक एक पक्ष की ओर से शिकायत मिली है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी।


रक्षाबंधन की रात चचेरे भाई ने की नाबालिग बहन की हत्या, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश- औरैया जिले के बिधूना क्षेत्र के एक गांव में रक्षाबंधन की रात रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 14 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी गई। आरोपी कोई और नहीं, बल्कि उसका ही चचेरा भाई निकला। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे जेल भेज दिया गया है।

घटना का खुलासा

रक्षाबंधन की रात कक्षा आठ में पढ़ने वाली छात्रा अपने ताऊ के घर गई थी। वहां से रात करीब 10 बजे वह अपने घर लौटी। अगली सुबह जब पिता ने बेटी को देर तक न उठते देखा तो वह घर पहुंचे, जहां बरामदे में चारपाई पर किशोरी का शव मिला। शव के पास चादर और कपड़े खून से सने हुए थे।

पुलिस जांच और गिरफ्तारी

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किशोरी के साथ दुष्कर्म और गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई। इसके बाद पिता की तहरीर पर किशोरी के चचेरे भाई समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस व स्वॉट टीम ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें किशोरी के चचेरे भाई ने जुर्म कबूल कर लिया। उसने स्वीकार किया कि वारदात के वक्त वह शराब के नशे में था और बहन के विरोध के बावजूद उसने अपराध को अंजाम दिया।

अपराध छुपाने की कोशिश

पुलिस के अनुसार, आरोपी टीवी पर अपराध संबंधी कार्यक्रम (जैसे क्राइम पेट्रोल) देखकर अपराध के तरीकों से परिचित था। उसने साक्ष्य मिटाने का प्रयास भी किया, लेकिन खून से सनी चादर व कपड़ों से सच सामने आ गया। आरोपी ने बहन को किसी को कुछ न बताने के डर से उसकी हत्या कर दी थी।

अंतिम संस्कार में भी शामिल रहा आरोपी

घटना के बाद आरोपी पूरे समय ग्रामीणों के बीच बना रहा और यहां तक कि अंतिम संस्कार में भी भाग लिया। उसने शव को कंधा दिया, जिससे पुलिस को उस पर शक हुआ। सोमवार और मंगलवार को वह पुलिस की गतिविधियों पर नजर रख रहा था, जिससे पुलिस को उस पर संदेह हुआ और जांच का दायरा उसी की ओर बढ़ा।

अन्य आरोपियों की स्थिति

पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था, लेकिन मुख्य आरोपी के इकबालिया बयान के बाद चार अन्य लोगों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। हालांकि, पुलिस उनकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और किसी को भी क्षेत्र छोड़ने की अनुमति नहीं दी गई है।

पुलिस का बयान

कोतवाल मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि चारों नामजद आरोपियों को रिहा कर दिया गया है लेकिन वे पुलिस निगरानी में रहेंगे। मुख्य आरोपी को इटावा जेल भेजा गया है।


रुड़की में दिनदहाड़े व्यापारी पर फायरिंग, आरोपी फरार

सीसीटीवी में कैद हुए दोनों हमलावर, पुलिस ने शुरू की तलाश

रुड़की। शहर में दिनदहाड़े दो बाइक सवार युवकों ने एक व्यापारी को गोली मारकर घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए, जबकि मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। मामले में पुरानी रंजिश को कारण माना जा रहा है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के गणेशपुर मोहल्ले में निखिल शर्मा पुत्र नितिन शर्मा की सेनेट्री की दुकान है। बुधवार दोपहर करीब दो बजे, निखिल दुकान पर बैठे थे, तभी बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से निखिल घायल हो गए। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन इससे पहले ही दोनों आरोपी भाग निकले।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज में दोनों हमलावर कैद हो गए हैं। आरोपियों की पहचान अक्षित उर्फ शिकारी निवासी मुंडलाना (कोतवाली मंगलौर) और देव गुर्जर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों ने पुरानी रंजिश के चलते यह हमला किया।

निखिल शर्मा ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।


वर्षों पुराने विवाद ने लिया खूनी रूप, अधेड़ पर किया कुल्हाड़ी से वार, इलाज़ के दौरान मौत

राजस्थान। जयपुर जिले के मौजमाबाद थाना क्षेत्र स्थित धमाना ग्राम पंचायत में मंगलवार सुबह ज़मीन के रास्ते को लेकर चल रहा विवाद अचानक खूनी संघर्ष में बदल गया। वर्षों पुराना आपसी तनाव उस समय हिंसा में तब्दील हो गया, जब एक पक्ष के किसान बजरंग कसवां (50) पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया गया। अस्पताल पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

विवाद बना हत्या की वजह

पुलिस के अनुसार, बजरंग कसवां और पड़ोसी रामेश्वर डूडी के परिवारों के बीच रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी मारपीट में बदल गई। देखते ही देखते दोनों ओर से दर्जनों लोग लाठी, डंडे और धारदार हथियार लेकर भिड़ गए।

बजरंग पर कुल्हाड़ी से किया वार

संघर्ष के दौरान बजरंग कसवां के सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया गया, जिससे वे लहूलुहान होकर गिर पड़े। इसके बावजूद हमलावरों ने उन पर लाठी-डंडों से वार जारी रखा। घटना की सूचना पर मौजमाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और झगड़े को शांत कराते हुए घायलों को अस्पताल भिजवाया।

इलाज़ के दौरान हुई बजरंग की मौत

पुलिस ने बताया कि छह घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि गंभीर रूप से घायल बजरंग को एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों के लोग हिंसक झड़प करते दिख रहे हैं। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है और दोनों पक्षों के कई लोगों को हिरासत में लिया है। मामले की जांच जारी है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp