Wednesday, November 18, 2026
12:46 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

घरेलू विवाद में पति बना हैवान, महिला पर चाकू से किया जानलेवा हमला

Category Archives: क्राइम

घरेलू विवाद में पति बना हैवान, महिला पर चाकू से किया जानलेवा हमला

हनुमानगढ़ – शहर की भट्टा कॉलोनी में घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां एक महिला पर उसके पति द्वारा चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार परमजीत कौर और उसके पति परमजीत सिंह के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पति ने गुस्से में आकर महिला पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले के दौरान महिला की पीठ में चाकू गहराई तक धंस गया, जिससे उसकी हालत बेहद गंभीर हो गई।

घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग तुरंत घायल महिला को अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया, जहां ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों की टीम ने तत्काल ऑपरेशन कर शरीर में फंसा चाकू बाहर निकाला।

डॉक्टरों के मुताबिक महिला के शरीर पर कई अन्य चोटों के निशान भी मिले हैं। फिलहाल उसे अस्पताल में निगरानी में रखा गया है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद को हमले की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।


बवानीखेड़ा तहसील में विजिलेंस का छापा, पटवारी और वकील रिश्वत लेते गिरफ्तार

भिवानी- भिवानी जिले के बवानीखेड़ा तहसील कार्यालय में विजिलेंस विभाग ने रिश्वतखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटवारी और एक वकील को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों के बीच चर्चा का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार परवीन नामक व्यक्ति ने विजिलेंस विभाग को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि खेवट तकसीम के काम के बदले नरेंद्र पटवारी द्वारा एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत में यह भी कहा गया कि रकम वकील भूपेंद्र के माध्यम से ली जानी थी।

शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। इंस्पेक्टर जगजीत के नेतृत्व में टीम ने जिला मत्स्य अधिकारी एवं ड्यूटी मजिस्ट्रेट सुरेंद्र सिंह की मौजूदगी में तहसील कार्यालय में छापा मारा। इस दौरान पटवारी नरेंद्र और वकील भूपेंद्र को कथित रिश्वत लेते हुए मौके पर ही पकड़ लिया गया।

विजिलेंस विभाग ने आरोपियों के कब्जे से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली है। दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

अधिकारियों का कहना है कि सरकारी दफ्तरों में भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और रिश्वत लेने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।


गोहाना में पिता पर बेटे की हत्या की कोशिश का आरोप, मां ने बचाई मासूम की जान

जींद- हरियाणा के गोहाना से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता पर अपने ही सात वर्षीय बेटे की जान लेने की कोशिश का आरोप लगा है। पीड़ित महिला ने अपने पति के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस और बाल कल्याण समिति से कार्रवाई की मांग की है।

महिला हसीना ने एसपी जींद को दी शिकायत में बताया कि उसका पति अकबर अक्सर उसके और बच्चों के साथ मारपीट करता था। आरोप है कि 15 मई की रात छोटा बेटा खाने के लिए कुछ मांग रहा था, तभी आरोपी पिता गुस्से में आ गया और बच्चे की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी।

शिकायत के मुताबिक आरोपी ने बच्चे को जमीन पर लिटाकर उसके ऊपर बैठ गया और उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया, जिससे बच्चे का दम घुटने लगा। मां ने किसी तरह बेटे को छुड़ाया। इस दौरान घर में मौजूद अन्य बच्चों ने घटना का वीडियो भी बना लिया।

घटना के बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद महिला अपने मायके जींद पहुंची और बेटे को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों का कहना है कि बच्चा ठीक से खाना नहीं खा पा रहा और लगातार उल्टियां हो रही हैं।

महिला का आरोप है कि अगले दिन आरोपी जींद पहुंच गया और परिवार को जान से मारने की धमकी देने लगा। डर के चलते डायल 112 पर सूचना दी गई, लेकिन पुलिस द्वारा आरोपी को बिना कार्रवाई छोड़ देने का आरोप भी लगाया गया है। अब पीड़िता ने एसपी से आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।


क्राइम ब्रांच के गुप्त ऑपरेशन में हनीट्रैप गिरोह का भंडाफोड़, कई आरोपी गिरफ्तार

निजी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कारोबारी से मांगी मोटी रकम

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में एक बड़े शराब कारोबारी को ब्लैकमेल कर करोड़ों रुपये की उगाही करने के मामले ने सनसनी फैला दी है। क्राइम ब्रांच ने इस हाई-प्रोफाइल मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत कई लोगों को हिरासत में लिया है। आरोप है कि कारोबारी को निजी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर भारी रकम मांगी जा रही थी। जांच में एक पुलिसकर्मी की संदिग्ध भूमिका भी सामने आई है, जिसके बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस अब इस गिरोह के नेटवर्क और अन्य संभावित मामलों की गहन जांच कर रही है।

पुराने परिचय से शुरू हुआ ब्लैकमेल का खेल

पुलिस अधिकारियों के अनुसार इंदौर के बाणगंगा क्षेत्र में रहने वाले शराब कारोबारी ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनकी पहचान द्वारकापुरी निवासी अलका दीक्षित से पहले से थी। अलका पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। कारोबारी का आरोप है कि इसी परिचय के जरिए उन्हें एक बड़े निवेशक बताने वाले लाखन चौधरी से मिलवाया गया, जिसने प्रॉपर्टी कारोबार में साझेदारी का प्रस्ताव रखा।

साझेदारी ठुकराने पर बढ़ा दबाव

कारोबारी के मुताबिक जब उन्होंने व्यापार में हिस्सेदारी देने से इनकार कर दिया, तो उन पर लगातार दबाव बनाया जाने लगा। आरोप है कि बाद में उन्हें निजी फोटो और वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी दी गई। शिकायत में यह भी कहा गया कि कुछ दिन पहले आरोपियों ने सुपर कॉरिडोर क्षेत्र में कारोबारी के साथ मारपीट की और बड़ी रकम की मांग करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

क्राइम ब्रांच ने चलाया गुप्त अभियान

मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर क्राइम ब्रांच ने विशेष ऑपरेशन शुरू किया। वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में कई टीमों का गठन कर अलग-अलग स्थानों पर एक साथ दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान अलका दीक्षित, उसके बेटे जयदीप और लाखन चौधरी को हिरासत में लिया गया। इसके बाद मामले की कथित मुख्य सूत्रधार श्वेता विजय जैन को भी भोपाल से पकड़कर इंदौर लाया गया।

पुलिसकर्मी की भूमिका से जांच में आया नया मोड़

जांच के दौरान इंटेलिजेंस शाखा में तैनात एक हेड कॉन्स्टेबल की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई। पुलिस को तकनीकी जांच और मोबाइल चैट से ऐसे संकेत मिले हैं कि वह आरोपियों के संपर्क में था। इसके बाद पुलिस ने संबंधित पुलिसकर्मी को हिरासत में लेकर उसके मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर लिए हैं।

कई और लोगों के फंसने की आशंका

पुलिस को शक है कि यह गिरोह लंबे समय से प्रभावशाली और संपन्न लोगों को निशाना बनाकर ब्लैकमेलिंग का नेटवर्क चला रहा था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह का नेटवर्क कितना बड़ा है और इसमें और कौन-कौन शामिल हो सकते हैं।


पत्नी के मायके जाने से बौखलाया कारोबारी, परिवार को दी सोशल मीडिया पर बदनाम करने की धमकी

लुधियाना – पंजाब के लुधियाना में पारिवारिक विवाद से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक कारोबारी पर मासूम बच्ची और महिला की तस्वीरों का दुरुपयोग कर परिवार को ब्लैकमेल करने के आरोप लगे हैं। पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपी ने तकनीक का इस्तेमाल कर तस्वीरों को आपत्तिजनक रूप देकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी।

मामले की शिकायत मिलने के बाद मोती नगर थाना पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में आरोपों के समर्थन में साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने गुरविंदर सिंह उर्फ प्रिंकल के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, आईटी एक्ट, आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

जानकारी के अनुसार आरोपी पेशे से जूता कारोबारी होने के साथ सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय था। पारिवारिक विवाद और आपसी मनमुटाव के बाद रिश्तों में तनाव बढ़ गया। इसी बीच पत्नी के मायके चले जाने से नाराज आरोपी ने कथित तौर पर ससुराल पक्ष को बदनाम करने की योजना बनाई।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी ने सात साल की बच्ची और एक महिला की तस्वीरों से छेड़छाड़ कर उन्हें वायरल करने की धमकी दी। इतना ही नहीं, वीडियो कॉल के जरिए कथित तौर पर डराने-धमकाने का प्रयास भी किया गया। लगातार मिल रही धमकियों के बाद परिवार ने पुलिस की शरण ली।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं और बच्चों से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।


पंजाबी गायिका इंदर कौर की हत्या से सनसनी, एकतरफा प्यार में वारदात का आरोप

लुधियाना- पंजाब की म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़ी मशहूर पंजाबी गायिका यशइंदर कौर उर्फ इंदर कौर की हत्या के मामले ने पूरे प्रदेश में सनसनी फैला दी है। छह दिनों से लापता चल रही गायिका का शव नीलो नहर से बरामद होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। शुरुआती जांच में एकतरफा प्यार और शादी का दबाव इस वारदात की बड़ी वजह बनकर सामने आया है।

परिजनों के अनुसार, 13 मई की रात इंदर कौर घर से घरेलू सामान लेने के लिए अपनी कार से बाजार गई थीं, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिवार ने उनकी तलाश शुरू की और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान सामने आया कि मोगा जिले के भलूर गांव निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा लंबे समय से इंदर कौर पर शादी का दबाव बना रहा था। प्रस्ताव ठुकराए जाने के बाद आरोपी कथित तौर पर बदला लेने की फिराक में था।

परिवार का आरोप है कि आरोपी विशेष तौर पर कनाडा से पंजाब आया और अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने रास्ते में गायिका की कार रोककर उनका अपहरण किया और बाद में हत्या कर शव नहर में फेंक दिया। घटना के बाद मुख्य आरोपी वापस कनाडा फरार हो गया।

पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि 15 मई को ही मुख्य आरोपी और उसके सहयोगियों के खिलाफ नामजद शिकायत दी गई थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं होने से आरोपी देश छोड़कर भाग निकला।

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। मुख्य आरोपी को विदेश से वापस लाने के लिए कानूनी प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात भी सामने आई है।


मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त एक अभियुक्त को दून पुलिस ने किया गिरफ्तार

अभियुक्त के कब्जे से 454 ग्राम अवैध चरस हुई बरामद

एसएसपी देहरादून की सटीक रणनीती के दून पुलिस के चक्रव्यूह में फंसते नशा तस्कर

देहरादून। मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” विजन को साकार करने और पुलिस मुख्यालय स्तर पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत देहरादून पुलिस लगातार नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी क्रम में रायपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 454 ग्राम चरस के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी सीज कर दी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान रायपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर 1 मित्तल वेंडिंग प्वाइंट रायपुर के पास चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शराफत पुत्र लियाकत निवासी जस्मौरे, थाना बेहट, जिला सहारनपुर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 454 ग्राम चरस बरामद की गई। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल संख्या यूके-07-एफके-9938 को भी सीज किया गया। आरोपी के खिलाफ थाना रायपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह जल्दी पैसा कमाने के लालच में स्थानीय नशा करने वालों से कम मात्रा में चरस खरीदकर अन्य लोगों को ऊंचे दामों में बेचने की फिराक में था। हालांकि, इससे पहले ही पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

देहरादून पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


उत्तराखंड में हत्याओं का ग्राफ 14 फीसदी बढ़ा

उत्तराखंड की शांत वादियों में अपराधों का बढ़ रहा ग्राफ चिंताजनक हालात दर्शा रहा है। नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (एनसीआरबी) की रिपोर्ट में सामने आया है कि उत्तराखंड में हत्या जैसे संगीन अपराधों में 14 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है।

अपराधों के आंकड़े

एनसीआरबी की 2024 की हाल में जारी रिपोर्ट में अपराधों को लेकर चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। आंकड़ों के मुताबिक 2022 के मुकाबले 2024 में हत्या के मामलों में 14 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज हुई है। 2022 में प्रदेश में 187 हत्याएं दर्ज की गई थीं। यह संख्या वर्ष 2024 में 213 के पार पहुंच गई। इन तीन सालों में कुल 583 हत्या के मामले सामने आए। 2022 में राज्य में अपहरण के कुल 1169 मामले आए। 2023 में इनमें बढ़ोतरी हुई और संख्या 1264 पहुंची। वहीं 2024 में संख्या 1123 थी। राज्य में अपहरण की दर 9.5 रही।

हिमालयी राज्यों में स्थिति

हिमालयी राज्यों में उत्तराखंड अपराधों के मद्देनहर दूसरे नंबर पर है। पहले स्थान पर असम है। अन्य हिमालयी राज्यों में उत्तराखंड के मुकाबले काफी कम मामले दर्ज किए गए। हालांकि, इसकी एक वजह अधिक आबादी भी रही है।

अपहरण के मामले

रिपोर्ट के मुताबिक उत्तराखंड में अपहरण के मामले आंध्र प्रदेश से अधिक हैं। जहां 2022 से 2024 तक तीन साल में आंध्र प्रदेश में 2100 से ज्यादा अपहरण के मामले दर्ज हुए वहीं उत्तराखंड में 3500 मामले दर्ज किए गए।

पुलिस की मुस्तैदी

आईजी कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल ने कहा कि पुलिस कानून व्यवस्था और अपराध रोकने को लेकर गंभीर है। पुलिस कप्तानों को निर्देश दिए गए हैं कि दिन रात बीट अधिकारियों से गश्त कराना सुनिश्चित करें ताकि अपराध पर लगाम लग सके।


प्रेमनगर क्षेत्र में हुई लूट की घटना में फरार अभियुक्त को दून पुलिस ने किया गिरफ्तार

एसएसपी दून के आगे पस्त होते अपराधियों के हौसले

देहरादून। देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवक के साथ लूट और मारपीट की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से लूटा गया रियलमी मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस पहले ही इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है।

पुलिस के अनुसार, 8 मई 2026 को शिवाजी मार्ग, कांवली रोड निवासी विनोद कुमार ने कोतवाली प्रेमनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनका पुत्र आकाश, जो आईटी पार्क स्थित एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है, 6 मई की रात करीब 2:15 बजे सहस्त्रधारा क्रॉसिंग पर घर लौटने के लिए खड़ा था। इसी दौरान दो स्कूटी सवार युवक उसे जबरन अपने साथ जमुनवाला पुल की ओर ले गए। वहां आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, दो मोबाइल फोन और 600 रुपये लूट लिए तथा उसे पुल से नीचे धक्का दे दिया। गंभीर रूप से घायल आकाश का उपचार दून अस्पताल में चल रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर प्रेमनगर पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। पुलिस ने 12 मई को घटना में शामिल आरोपी मृदुल गुरुंग को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटा गया आईफोन बरामद किया था। पूछताछ में दूसरे आरोपी अश्मित थापा का नाम सामने आया, जिसकी तलाश लगातार की जा रही थी।

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अश्मित थापा को कोल्हूपानी रोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में लूटा गया रियलमी फोन भी बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी मृदुल गुरुंग के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अश्मित थापा (21 वर्ष) पुत्र अमित थापा निवासी कौलागढ़, थाना कैंट, देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।


हॉस्टल के कमरे में मिले दो मजदूरों के खून से लथपथ शव, पुलिस जांच में जुटी

ग्रेटर नोएडा- ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में स्थित एक निर्माणाधीन हॉस्टल में दो लोगों की हत्या से इलाके में हड़कंप मच गया। सीताराम इंस्टिट्यूट के हॉस्टल परिसर के एक कमरे में दोनों के शव खून से लथपथ हालत में मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि धारदार हथियार से हमला कर दोनों की बेरहमी से हत्या की गई। पुलिस को मौके पर एक अन्य मजदूर भी मिला है, जिसके चलते संदेह जताया जा रहा है कि शराब पार्टी के दौरान किसी विवाद के बाद वारदात को अंजाम दिया गया हो सकता है।

पुलिस के मुताबिक, मृतक हाल ही में निर्माणाधीन बिल्डिंग में माली का काम करने आए थे और वहीं रह रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के मजदूरों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई।

फॉरेंसिक टीम ने कमरे से अहम साक्ष्य जुटाए हैं और पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल पुलिस मृतकों की पहचान और हत्या के पीछे की वजह तलाशने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp