Wednesday, November 18, 2026
12:56 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत

Category Archives: क्राइम

मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत

जमीन विवाद में युवक की हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर में अपराधियों का दुस्साहस लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। मुसहरी थाना क्षेत्र के रोहुआ बाजार के पास बुधवार को दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देकर बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

मृतक की पहचान प्रहलादपुर निवासी 30 वर्षीय प्रभात कुमार मिश्रा उर्फ अंकित कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, प्रभात जमीन कारोबार से जुड़े थे और शादी के बाद मुसहरी इलाके में किराये के मकान में रह रहे थे। शुरुआती जांच में जमीन विवाद को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है।

बताया जा रहा है कि प्रभात किसी काम से बाइक से रोहुआ की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। इसके बाद एक हमलावर ने बेहद करीब से ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली उनके सिर और चेहरे में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही मुसहरी थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, जिसमें दो संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिए हैं।

सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद का मामला सामने आया है। एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है।


ओडिशा में काला जादू के शक में युवक की हत्या, भीड़ ने पीट-पीटकर जलाया शव

ओडिशा –  कटक जिले से मॉब लिंचिंग की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। काला जादू करने के संदेह में ग्रामीणों की भीड़ ने एक व्यक्ति को घर से घसीटकर बाहर निकाला और पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। आरोप है कि वारदात के बाद सबूत मिटाने के लिए शव को आग के हवाले कर दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, यह घटना 10 मई को तलमुंडुली गांव में हुई थी। मामले में कार्रवाई करते हुए अब तक 25 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारियां मंगलवार को उस समय की गईं जब मृतक के पिता ने पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।

मृतक के पिता श्वेता बेहरा ने आरोप लगाया कि उनका बेटा टिकिमा बेहरा गांव में अपने भाई और भाभी के साथ रह रहा था। सात साल पहले उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। घटना वाले दिन गांव के लोगों ने उस पर काला जादू करने का आरोप लगाते हुए घर से बाहर खींच लिया और बेरहमी से हमला कर दिया।

कटक ग्रामीण के एसपी विनीत अग्रवाल ने बताया कि मामले की जांच के लिए तीन विशेष टीमें बनाई गई हैं। पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों में से एक ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने मृतक के आंशिक रूप से जले हुए शव और हड्डियां भी बरामद कर ली हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।


प्रयागराज में पांच रुपये के विवाद में मासूम बच्ची की बेरहमी से हत्या

भूसे के कमरे में मिला मासूम का शव, परिवार के लोगों पर हत्या का केस

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। औद्योगिक थाना क्षेत्र के ब्योहरा गांव में महज पांच रुपये के विवाद में आठ वर्षीय मासूम बच्ची जाह्नवी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि बच्ची के नाबालिग चाचा ने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। हत्या के बाद शव को घर के एक कमरे में भूसे के बीच चादर से ढंककर छिपा दिया गया।

मृतक बच्ची के पिता सुनील कुमार चौधरी मजदूरी का काम करते हैं। सोमवार शाम जब वह काम से लौटे तो उनकी बड़ी बेटी जाह्नवी घर में नहीं मिली। परिवार के अन्य बच्चे बाहर खेल रहे थे, लेकिन जाह्नवी का कहीं पता नहीं चला। काफी देर तक तलाश के बाद परिवारवालों ने पुलिस को सूचना दी और आसपास खोजबीन शुरू की।

इसी दौरान सुनील अपनी बेटी की तलाश करते हुए अपने चाचा मुन्नीलाल के घर पहुंचे। वहां मौजूद परिजनों ने बच्ची के बारे में कोई जानकारी होने से इनकार कर दिया। जब सुनील घर के अंदर जाने लगे तो उन्हें रोकने की कोशिश की गई। शक होने पर वह परिवार के अन्य लोगों के साथ अंदर पहुंचे, जहां भूसा रखने वाले कमरे में चादर से ढंका जाह्नवी का शव मिला। शव खून से लथपथ था और शरीर पर कई गंभीर घाव मौजूद थे।

पुलिस जांच और पूछताछ में सामने आया कि बच्ची को 20 रुपये देकर सामान लाने भेजा गया था। वह 15 रुपये का सामान लेकर लौटी, लेकिन बाकी पांच रुपये को लेकर सवाल पूछे जाने पर सही जवाब नहीं दे पाई। इसी बात को लेकर गुस्से में आकर नाबालिग आरोपी ने परिवारवालों के साथ मिलकर उस पर हंसिए और धारदार हथियार से हमला कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची के शरीर पर 14 गंभीर चोटों के निशान मिले हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बच्ची के चचेरे दादा मुन्नीलाल, दादी गीता देवी और चाचा करन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, वारदात में शामिल नाबालिग आरोपी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को पकड़ लिया जाएगा। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है।


जमीन विवाद में खूनी संघर्ष, फायरिंग और पथराव में परिवार के चार लोग घायल

फतेहाबाद- गांव ढाणी रामपुरा में जमीन बंटवारे को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि करीब 20 से 25 युवकों ने एक ढाणी पर हमला कर फायरिंग और पथराव किया, जिसमें एक ही परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल देशराज ने बताया कि उनके बड़े बेटे मंगत के साथ लंबे समय से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि सोमवार रात मंगत अपने साथियों के साथ ढाणी पर पहुंचा और अचानक हमला शुरू कर दिया। हमलावरों ने गोलीबारी करने के साथ-साथ जमकर पत्थरबाजी भी की, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

हमले में देशराज, उनकी पत्नी, मां और बेटे को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। सदर थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हमले में शामिल आरोपियों की पहचान कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


उज्जैन में अंधे कत्ल का खुलासा, चाचा ने फावड़े से की भतीजे की हत्या

उज्जैन –  मुरलीपुरा क्षेत्र में मजदूर युवक की हत्या के मामले में महाकाल थाना पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए मृतक के चाचा को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूछताछ में फावड़े से हमला कर अपने भतीजे की हत्या करने की बात कबूल कर ली है।

पुलिस के मुताबिक, मुरलीपुरा इलाके में खून से लथपथ एक युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। जांच में मृतक की पहचान 35 वर्षीय मुकेश नायक के रूप में हुई, जो मजदूरी और भूसा भरने का काम करता था। अविवाहित मुकेश इलाके में अकेला रहता था।

मृतक के सिर और शरीर पर धारदार हथियार जैसे फावड़े से किए गए हमले के गंभीर निशान मिले थे, जिसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना महाकाल में अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल के आसपास कोई सीसीटीवी फुटेज नहीं मिला। साथ ही यह भी सामने आया कि आरोपी मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करता था, जिससे जांच और चुनौतीपूर्ण हो गई। पुलिस ने इलाके के लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि मृतक का चाचा मनोहर नायक घटना के बाद से गायब है।

संदेह के आधार पर पुलिस ने मनोहर नायक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने बताया कि खाना खाने के दौरान उसका अपने भतीजे मुकेश से विवाद हो गया था। उस समय वह शराब के नशे में था। गुस्से में उसने पास में रखे लोहे के फावड़े से मुकेश के सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।


अमृतसर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 14 किलो ड्रग्स के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

अमृतसर – जिला शहरी पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 किलो आईस (मेथामफेटामाइन) और 4 किलो हेरोइन बरामद की है। बरामद नशे की खेप की अंतरराष्ट्रीय बाजार में करोड़ों रुपये कीमत आंकी जा रही है।

पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी दुबई और आबू धाबी में सक्रिय एक बड़े ड्रग तस्कर के संपर्क में थे। आरोपी उसके निर्देश पर पंजाब और दिल्ली समेत कई इलाकों में नशे की सप्लाई का नेटवर्क चला रहे थे।

जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक हाल ही में दुबई से लौटा था, जहां उसे आईस और हेरोइन की तस्करी से जुड़ी गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पंजाब के माझा और दोआबा क्षेत्रों में ड्रग सप्लाई चेन को मजबूत करने में लगे हुए थे।

बरामद की गई खेप को आगे विभिन्न जिलों में सप्लाई किया जाना था। मामले में थाना छेहरटा में एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब इस नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाल रही है ताकि गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों और राज्यों व विदेशों तक फैले नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े अपराधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।


ऑनलाइन निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी, दिल्ली पुलिस ने 8 साइबर ठग दबोचे

 नई दिल्ली- दिल्ली पुलिस की साइबर टीम ने ऑनलाइन निवेश के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। दक्षिण-पश्चिम जिले के साइबर पुलिस स्टेशन ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार आरोपियों में कई उच्च शिक्षित युवक शामिल हैं, जिनके पास बी.टेक, एमबीए और साइबर सिक्योरिटी जैसी डिग्रियां हैं।

पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी फर्जी ऑनलाइन स्टॉक निवेश प्लेटफॉर्म बनाकर लोगों को ज्यादा मुनाफे का लालच देते थे। इसी तरीके से एक शिकायतकर्ता से करीब 24 लाख रुपये की ठगी की गई। जांच में पता चला कि बीते 14 दिनों में इस गिरोह से जुड़े बैंक खातों में 4.5 करोड़ रुपये के लेन-देन से संबंधित 60 से अधिक शिकायतें सामने आई हैं।

पुलिस को जांच के दौरान इस नेटवर्क के तार कंबोडिया से जुड़े होने की जानकारी भी मिली है। इसके बाद दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और मध्य प्रदेश में कई जगहों पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 8 मोबाइल फोन, बैंकिंग दस्तावेज और अन्य डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में मोहाली निवासी हरमनजोत सिंह और कैसर मसूदी, पानीपत का अभिषेक, दिल्ली के जाफराबाद निवासी मो. जाहिद और आमिर मलिक, जबकि मध्य प्रदेश के जबलपुर और रीवा से अमरजीत अहिरवार, आलोक शर्मा और अनंत पांडे शामिल हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और विदेशी कनेक्शन की जांच में जुटी है।


घर में सो रहे युवक पर हथौड़े से हमला, इलाज के दौरान मौत

प्रेम विवाह की रंजिश का आरोप

मुंगेर। बिहार के मुंगेर जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव में घर में सो रहे एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमलावरों ने युवक पर हथौड़े और धारदार हथियार से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है। परिजनों ने इस हत्या के पीछे प्रेम विवाह की रंजिश होने की आशंका जताई है।

मृतक की पहचान कपिलदेव बिंद के बेटे नीतीश कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नीतीश अपने भाइयों के साथ मेलों में चाट-चाउमीन की दुकान लगाकर परिवार का खर्च चलाता था। सोमवार रात वह चंदवली स्थान में लगे यज्ञ मेले से दुकान बंद कर घर लौटा था और घर के नए बने हिस्से में सो गया था। उसका भाई मनीष दूसरे कमरे में मौजूद था।

सुबह करीब चार बजे परिवार के लोगों को घर के आसपास कुछ संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। शक होने पर जब कमरे में जाकर देखा गया तो नीतीश खून से लथपथ हालत में बिस्तर पर पड़ा मिला। उसके सिर और शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान थे। आनन-फानन में परिजन उसे इलाज के लिए हवेली खड़गपुर स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से बेहतर इलाज के लिए मुंगेर सदर अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

परिजनों का आरोप है कि यह हत्या प्रेम विवाह की रंजिश में की गई है। मृतक के चचेरे भाई तुलसी कुमार के अनुसार, नीतीश के छोटे भाई रविनंदन ने हाल ही में गांव की एक युवती से प्रेम विवाह किया था। इस शादी से युवती का परिवार नाराज था और लगातार धमकियां दे रहा था। परिजनों का कहना है कि हमलावर असल में रविनंदन को निशाना बनाना चाहते थे, लेकिन पहचान की गलती में नीतीश की हत्या कर दी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


नोएडा की कंपनी में करोड़ों की क्रिप्टो ठगी का आरोप, साइबर थाने में केस दर्ज

नोएडा- नोएडा सेक्टर-62 स्थित एक कंपनी के संचालक ने अपने कारोबारी साझेदार समेत कई लोगों पर करोड़ों रुपये की क्रिप्टो करेंसी और बिटकॉइन की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। मामले में साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।

दिल्ली के विवेक विहार निवासी प्रतीक गौरी ने शिकायत में बताया कि उनकी मुलाकात वर्ष 2021 में प्रतीक द्विवेदी से हुई थी। इसके बाद दोनों ने तुर्क और कैकोस द्वीप समूह में फाइवआयर टेक्नोलॉजी नाम से फॉरेन एक्सचेंज कंपनी शुरू की। कंपनी का एक कार्यालय नोएडा सेक्टर-62 में भी संचालित किया जा रहा था, जहां दोनों निदेशक के रूप में कार्य कर रहे थे।

शिकायत के अनुसार कंपनी ने ‘सिंपल एग्रीमेंट फॉर फ्यूचर टोकन्स’ मॉडल के तहत करीब 2 करोड़ 10 लाख अमेरिकी डॉलर जुटाए थे। निवेश और कंपनी की रकम को सुरक्षित रखने के लिए कई डिजिटल वॉलेट बनाए गए थे, जिनमें बिटकॉइन, यूएसडीटी और अन्य क्रिप्टो संपत्तियां रखी गई थीं। इन वॉलेट्स की पहुंच दोनों निदेशकों के पास संयुक्त रूप से थी।

आरोप है कि अगस्त 2025 के बाद प्रतीक द्विवेदी ने कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर साजिश रची और वर्चुअल वॉलेट की गोपनीय जानकारी हासिल कर डिजिटल संपत्तियों को बिना अनुमति ट्रांसफर कर दिया। शिकायतकर्ता का दावा है कि दुबई में एक बैठक के दौरान सुरक्षा के नाम पर मोबाइल फोन अलग रखवा लिए गए थे, इसी दौरान वॉलेट के पिन और पासवर्ड तक पहुंच बनाई गई।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच साइबर विशेषज्ञों की मदद से की जा रही है और डिजिटल ट्रांजैक्शन की पड़ताल की जा रही है। विशेषज्ञों ने निवेशकों को सलाह दी है कि वे अपने क्रिप्टो वॉलेट की जानकारी सुरक्षित रखें और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन जैसी सुरक्षा सुविधाओं का उपयोग करें।


केशव चौक पर हत्या से सनसनी, बदले की भावना को लेकर परिवार का बड़ा दावा

 नई दिल्ली- उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम थाना क्षेत्र स्थित केशव चौक के पास एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई। इलाके में वारदात के बाद तनाव का माहौल बना हुआ है।

प्रारंभिक जांच के दौरान मृतक के परिजनों ने हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और बदले की भावना होने की आशंका जताई है। मृतक के पिता ने कहा कि परिवार पहले से ही गहरे आक्रोश में था और उन्हें शक है कि इसी दुश्मनी के चलते वारदात को अंजाम दिया गया।

वहीं, मृतक की मां ने भी भावुक होते हुए कहा कि परिवार लंबे समय से न्याय की मांग कर रहा था और इस घटना ने उनके दर्द को और बढ़ा दिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा किया गया है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp