Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

लुधियाना में अवैध संबंध के शक में युवक की बेरहमी से हत्या

Category Archives: क्राइम

लुधियाना में अवैध संबंध के शक में युवक की बेरहमी से हत्या

तेजधार हथियार से वार कर की गई हत्या, आरोपी परिवार सहित फरार, पुलिस कर रही छापेमारी

पंजाब- लुधियाना के ग्यासपुरा स्थित मक्कड़ कॉलोनी में सोमवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां एक व्यक्ति ने अपने पड़ोसी की तेजधार हथियार से हत्या कर दी। मृतक की पहचान नंदलाल (30) के रूप में हुई है, जो घटनास्थल पर खून से लथपथ पाया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी शिव सागर को नंदलाल पर अपनी पत्नी के साथ अवैध संबंध होने का शक था।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपना सारा सामान समेट कर परिवार सहित रातोंरात कमरे से फरार हो गया। जब मकान मालिक को इस अचानक खाली किए गए कमरे पर संदेह हुआ, तो एक अन्य पड़ोसी को जांच के लिए भेजा गया। वहां नंदलाल का शव देख इलाके में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही चौकी ग्यासपुरा की पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का मुआयना कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया और आरोपी शिव सागर के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है।

थाना साहनेवाल के एसएचओ इंस्पेक्टर जगदेव सिंह ने बताया कि मृतक और आरोपी दोनों ही जसपाल सिंह के मकान में किराये पर रहते थे। कुछ समय से आरोपी अपने पड़ोसी नंदलाल पर शक कर रहा था, जिसको लेकर उनके बीच कई बार विवाद भी हो चुका था। आखिरकार, आरोपी ने मौका पाकर नंदलाल पर जानलेवा हमला कर दिया।

फिलहाल आरोपी फरार है, और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और मामले की तफ्तीश जारी है।


कांवड़ यात्रा में सेवा कर रहे युवक पर जानलेवा हमला

कांवड़ कार्यक्रम के बाद सामान समेटते वक्त हुआ हमला, आरोपी फरार

हरयाणा – फतेहाबाद के रतिया क्षेत्र के रत्ताखेड़ा गांव में बुधवार रात एक दुखद घटना सामने आई। हरिद्वार से लौटे कांवड़ियों की सेवा में लगे कुलदीप (25) पर गांव के ही एक युवक ने गोली चला दी। यह हमला उस समय हुआ जब मंदिर के पास सेवा कार्य समाप्त होने के बाद कुलदीप व उनके साथी सामान समेट रहे थे।

घटना के बाद घायल कुलदीप को रतिया की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

सूचना मिलने पर डीएसपी नरसिंह और सिटी थाना प्रभारी रणजीत सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की गई।

पुलिस प्रवक्ता विनोद कुमार ने जानकारी दी कि आरोपी विष्णु उर्फ डोगर बिश्नोई की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन कर दिया गया है। घटना की तह तक पहुंचने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है।


ग्रेटर नोएडा में युवक ने की आत्महत्या, पेड़ से लटका मिला शव

मुरैना का रहने वाला 25 वर्षीय अजय घरेलू तनाव से था परेशान

दिल्ली- बुधवार को ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र स्थित एक निजी कॉलेज के पास बने पार्क में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान अजय (25) के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश के मुरैना का निवासी था और वर्तमान में तुगलपुर क्षेत्र में रह रहा था।

प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिला है कि अजय ने संभवतः पारिवारिक तनाव के चलते आत्मघाती कदम उठाया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और फील्ड यूनिट की सहायता से शव को नीचे उतार कर पंचनामा भरते हुए पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।

पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है। अजय कुछ समय से निजी काम के सिलसिले में ग्रेटर नोएडा में रह रहा था। परिवार से बातचीत कर आत्महत्या के पीछे की वजह जानने का प्रयास किया जा रहा है।


अलकायदा नेटवर्क से जुड़े चार संदिग्ध युवक गिरफ्तार, नोएडा, दिल्ली और गुजरात से पकड़े गए

उत्तर प्रदेश –   देश की सुरक्षा एजेंसियों को आतंक के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुजरात एटीएस ने बीती रात नोएडा, दिल्ली और गुजरात में एक साथ ऑपरेशन चलाकर अलकायदा इन इंडियन सबकॉन्टिनेंट  से कथित रूप से जुड़े चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार युवकों की पहचान इस प्रकार हुई है:

  • मोहम्मद फैक, दिल्ली निवासी

  • मोहम्मद फरदीन, अहमदाबाद निवासी

  • सेफुल्ला कुरेशी, मोडासा (गुजरात) निवासी

  • जीशान अली, जो फिलहाल नोएडा में रह रहा था, लेकिन मूल रूप से मेरठ से जुड़ा माना जा रहा है

सूत्रों के मुताबिक, इन संदिग्धों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। देश विरोधी कंटेंट और संदिग्ध ऑनलाइन संपर्कों के चलते इनकी गतिविधियों की निगरानी की जा रही थी। तकनीकी निगरानी और फील्ड इनपुट के आधार पर गुजरात एटीएस ने अलग-अलग लोकेशन से इन्हें हिरासत में लिया।

अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान कुछ अंतरराष्ट्रीय लिंक और संभावित आतंकी साजिशों के सुराग भी सामने आए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां इनके संपर्कों और नेटवर्क को खंगाल रही हैं।

एटीएस डीआईजी सुनील जोशी ने पुष्टि की है कि गिरफ्तार आरोपियों का संबंध AQIS से है और इस विषय में विस्तृत जानकारी जल्द प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से साझा की जाएगी।


खून के रिश्ते हुए शर्मसार, बेटे ने ही ले ली पिता की जान

गुस्से और लालच ने बनाया बेटे को हत्यारा, पिता की हत्या कर लूटे 1.48 लाख रुपये

उत्तर प्रदेश- श्रावस्ती जिले के गिलौला क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक बेटे ने संपत्ति और पैसों की लालच में अपने ही पिता की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बेटे और उसके नाबालिग साथी को गिरफ्तार कर लिया है।

एएसपी मुकेश चंद्र उत्तम ने बताया कि 18 जुलाई की रात मीरामऊ गांव के रहने वाले चिनकू साहू की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। घर से करीब 1.48 लाख रुपये भी गायब मिले थे। मृतक के एक और बेटे होलीराम साहू ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस में अज्ञात के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।

जांच के लिए एसपी घनश्याम चौरसिया ने गिलौला पुलिस और एसओजी टीम को लगाया। पूछताछ के दौरान चिनकू के बेटे सोमेंद्र और एक किशोर ने जुर्म कबूल किया। दोनों ने बताया कि पैसों को लेकर झगड़े और इलाज के लिए पैसे न देने की वजह से उन्होंने हत्या की साजिश रची।

पुलिस ने उनके पास से हत्या में इस्तेमाल लाठी, लकड़ी की फंटी और चोरी किए गए पूरे 1.48 लाख रुपये भी बरामद कर लिए हैं। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।


अमृतसर में हथियार तस्करों का भंडाफोड़, चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त कार्रवाई में आठ पिस्तौल और मैगजीन बरामद

पंजाब- पंजाब में हथियार और नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अमृतसर देहाती पुलिस और बीएसएफ ने संयुक्त ऑपरेशन में बड़ी सफलता हासिल की है। कार्रवाई के दौरान चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जिनके कब्जे से आठ अवैध पिस्तौल और कई मैगजीन बरामद की गईं।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान लखविंदर सिंह और हरप्रीत सिंह (दोनों निवासी डांडे, अमृतसर) तथा आकाशदीप सिंह और गुरप्रीत सिंह (निवासी कसेल, तरनतारन) के रूप में हुई है।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि खुफिया सूचना मिली थी कि पाकिस्तान से सरहद पार हथियारों की खेप भेजी गई है। आरोपियों ने इन हथियारों को सीमा से रिसीव किया और इन्हें पंजाब के अलग-अलग जिलों में गैंगस्टरों तक पहुंचाने की योजना बना रहे थे।

पुलिस और बीएसएफ की सतर्कता से चारों आरोपियों को पहले ही ट्रैप लगाकर गिरफ्तार कर लिया गया।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ये सभी आरोपी लंबे समय से नशा और हथियारों की तस्करी में सक्रिय हैं। फिलहाल इनके खिलाफ थाना घरिंडा में मामला दर्ज कर जांच जारी है, ताकि इनके नेटवर्क और सरगनाओं का भी खुलासा हो सके।


झुग्गी बस्ती में बच्चा चुराने आई महिला गिरफ्तार

महिला का दावा—पति पहले ही बेच चुका है एक बच्चा 10 हजार रुपये में

29 जून को लापता हुआ था 9 साल का बच्चा, इलाके में फैली थी दहशत

हरयाणा- अंबाला छावनी के सरकारी कॉलेज के पास झुग्गियों में उस वक्त हड़कंप मच गया जब स्थानीय लोगों ने एक महिला को बच्चा चुराने की कोशिश करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। भीड़ ने महिला को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

पूछताछ में महिला ने बताया कि वह राजस्थान की रहने वाली है और उसका पति पहले ही एक बच्चा 10 हजार रुपये में जालंधर में बेच चुका है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, 29 जून को 9 साल का एक बच्चा इलाके से गायब हो गया था। जब महिला दोबारा झुग्गियों के पास संदिग्ध हालात में घूमती नजर आई तो लोगों ने शक के आधार पर पकड़ लिया।

सदर थाना प्रभारी अजायब सिंह ने बताया कि महिला को डायल 112 की टीम ने थाने में सौंपा है और उससे गहराई से पूछताछ की जा रही है।


वेलकम में ई-रिक्शा मालिक की चाकू मारकर हत्या, तीन नाबालिग गिरफ्तार

शराब पीने से रोका तो हुआ हमला, मृतक को पहले भी मिल चुकी थीं धमकियां

दिल्ली –  वेलकम इलाके में सोमवार रात ई-रिक्शा मालिक मुस्तकीम अहमद (39) की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वह जनता कॉलोनी में किराया लेने गए थे, जहां कुछ युवक शराब पी रहे थे। विरोध करने पर उन पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार किए गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। देर रात तीन नाबालिगों को हत्या के आरोप में पकड़ लिया गया। उनके पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद हुआ है।

परिजनों का कहना है कि मुस्तकीम को पहले से जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। कुछ महीने पहले उन्होंने इसकी शिकायत भी की थी। उन्हें शक है कि हत्या की वजह शराब पीने से मना करना नहीं, बल्कि कोई पुरानी रंजिश हो सकती है।

मुस्तकीम अपने परिवार के साथ न्यू जाफराबाद में रहते थे। चार दिन पहले ही उनके घर बेटे का जन्म हुआ था। पहले भी एक बेटी की दिल की बीमारी के कारण मौत हो चुकी है। अब एक और दुखद घटना ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया है।

पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और अन्य पहलुओं पर भी गौर किया जा रहा है।


दसूहा में पुलिस टीम पर हमला, जवाबी फायरिंग में दो घायल

नशा तस्करों की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर भीड़ ने किया हमला, आत्मरक्षा में चलानी पड़ी गोली

पंजाब- दसूहा के गांव बुद्धोबरकत में मंगलवार देर रात नशा तस्करी की सूचना पर कार्रवाई के लिए गई पुलिस टीम पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया। हालात बेकाबू होने पर पुलिस को आत्मरक्षा में गोलियां चलानी पड़ी, जिसमें दो व्यक्ति घायल हो गए।

दसूहा के डीएसपी बलविंदर सिंह जोड़ा ने बताया कि 112 हेल्पलाइन पर सूचना मिली थी कि गांव में नशे का धंधा चल रहा है। इस पर थाने से सब-इंस्पेक्टर सरबजीत सिंह और सुखदेव सिंह को मौके पर भेजा गया। दोनों अधिकारी जब गांव पहुंचे तो वे पहले वहां के पूर्व सरपंच भूपिंदर सिंह के घर गए, जिनकी पत्नी वर्तमान में गांव की सरपंच हैं।

पुलिस ने भूपिंदर सिंह से सहयोग मांगा, लेकिन वह पुलिस टीम से उलझने लगा। तभी कुछ अन्य ग्रामीण भी वहां इकट्ठा हो गए और पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिससे दो लोग घायल हो गए।

घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए दसूहा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के संबंध में कुल 24 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


फार्मा फर्जीवाड़ा: सहसपुर में खुलासा, युवक की पहचान का दुरुपयोग कर बेची जा रही थीं नकली दवाएं

देहरादून/सहसपुर। बिहार के एक युवक को नौकरी का झांसा देकर उसके दस्तावेज के आधार पर फर्जी दवा कंपनी खोलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सहसपुर पुलिस ने आरोपी नवीन बंसल के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी राजस्थान के भिवाड़ी का रहने वाला है और दवाओं का अवैध कारोबार करता था।

डिलीवरी बॉय की पहचान चुराकर खोली फर्जी कंपनी
बिहार के नालंदा जिले के सहोकर गांव निवासी डब्लू कुमार ने सहसपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। वर्तमान में वह जोमैटो में डिलीवरी बॉय के तौर पर काम कर रहा है। डब्लू कुमार ने बताया कि वर्ष 2020 में वह भिवाड़ी (राजस्थान) की एक फैक्ट्री में कार्यरत था, जहां उसकी मुलाकात नवीन बंसल नामक एक व्यक्ति से हुई। बंसल ने खुद को गुड़गांव स्थित एक दवा कंपनी का मालिक बताया और अधिक वेतन पर नौकरी देने का झांसा देकर उसके दस्तावेज ले लिए।

बैंक खाता, चेकबुक, सिम और दस्तावेजों का दुरुपयोग
डब्लू कुमार के अनुसार, आरोपी ने वेतन खाता खुलवाने के नाम पर उसका आधार, पैन कार्ड और एक सिम कार्ड ले लिया। साथ ही खाली स्टाम्प पेपर और चेकबुक पर भी हस्ताक्षर करवाए। बाद में उसके नाम से ‘रीलाइन फार्माटेक’ नामक फर्जी दवा कंपनी खोली गई। इस कंपनी के माध्यम से आरोपी ने देहरादून के सहसपुर क्षेत्र में स्थित डॉक्टर मित्तल लेबोरेट्री सहित अन्य कंपनियों से दवाएं मंगवाकर हरियाणा और राजस्थान में बेचीं।

नामी कंपनियों के नकली लेबल लगाकर बेचता था दवाएं
जांच में यह भी सामने आया कि नवीन बंसल सहसपुर की फार्मा कंपनियों से थोक में दवा बनवाकर उस पर नामचीन ब्रांडों के नकली लेबल लगाकर बाजार में सप्लाई करता था। पूरा फर्जीवाड़ा डब्लू कुमार की पहचान के सहारे किया गया, जिससे कि कोई शक उस पर न आए।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच जारी
सहसपुर थानाध्यक्ष शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि एसएसपी एसटीएफ नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी व आईटी अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp