Sunday, October 11th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

शरीर में होने वाला दर्द दे सकता है दूसरी बीमारी का संकेत, जानें किन लक्षणों पर रहें सतर्क

Daily Archives: 11/10/2026

शरीर में होने वाला दर्द दे सकता है दूसरी बीमारी का संकेत, जानें किन लक्षणों पर रहें सतर्क

शरीर में दर्द होना आम बात है। काम की थकान, अधिक शारीरिक मेहनत या वायरल संक्रमण के कारण अक्सर लोग इस परेशानी का सामना करते हैं। कई बार आराम करने या सामान्य उपचार से दर्द ठीक हो जाता है, लेकिन अगर यह लंबे समय तक बना रहे या शरीर के दूसरे हिस्सों तक फैलने लगे, तो इसे हल्के में लेना ठीक नहीं है। कुछ मामलों में दर्द की असली वजह उस स्थान पर नहीं होती, जहां व्यक्ति इसे महसूस कर रहा होता है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक, शरीर के अलग-अलग अंगों और नसों से मिलने वाले संकेतों के कारण किसी एक हिस्से की समस्या का दर्द दूसरे हिस्से में भी महसूस हो सकता है। ऐसे में दर्द के साथ दिखाई देने वाले अन्य लक्षणों पर ध्यान देना जरूरी है।

दिल से जुड़ी परेशानी होने पर दर्द केवल सीने तक सीमित नहीं रहता। दिल की मांसपेशियों तक पर्याप्त खून और ऑक्सीजन नहीं पहुंचने पर सीने में दबाव, जकड़न, भारीपन या दर्द महसूस हो सकता है। कुछ लोगों में यह दर्द एक या दोनों हाथों, कंधों, गर्दन, पीठ या जबड़े तक भी फैल सकता है।

दिल का दौरा पड़ने के दौरान भी इस तरह के लक्षण दिखाई दे सकते हैं। यदि अचानक सीने, बांह या जबड़े में दर्द के साथ सांस लेने में परेशानी, बेचैनी या भारीपन महसूस हो, तो तत्काल चिकित्सा सहायता लेनी चाहिए।

पित्ताशय लिवर के नीचे स्थित एक छोटी थैली है, जिसमें पित्त जमा रहता है। यह पाचन प्रक्रिया में मदद करता है। पित्ताशय में पथरी बनने या पित्त के प्रवाह में रुकावट आने पर पेट के ऊपरी दाएं हिस्से में दर्द हो सकता है। कई बार यही दर्द पीठ या दाएं कंधे के नीचे भी महसूस होता है।

भारी या अधिक वसा वाला भोजन करने के बाद यह परेशानी बढ़ सकती है। यदि दर्द लगातार बना रहे और इसके साथ बुखार, उल्टी या आंखों व त्वचा में पीलापन दिखाई दे, तो डॉक्टर से जल्द संपर्क करना जरूरी है।

गर्दन या कमर की नसों पर दबाव पड़ने से दर्द शरीर के दूसरे हिस्सों तक पहुंच सकता है। कमर की नस प्रभावित होने पर दर्द कमर से होते हुए पैर तक फैल सकता है। इस तरह का दर्द अक्सर साइटिका से जुड़ा हो सकता है।

वहीं, गर्दन की नसों पर दबाव पड़ने से कंधे, बांह और उंगलियों में दर्द के साथ झनझनाहट या सुन्नपन महसूस हो सकता है। यदि हाथ-पैर में कमजोरी बढ़ने लगे, चलने में परेशानी हो या पेशाब और शौच पर नियंत्रण प्रभावित हो, तो तत्काल चिकित्सकीय जांच करानी चाहिए।

हर बार शरीर में दर्द होना किसी गंभीर बीमारी का संकेत नहीं होता, लेकिन लगातार बने रहने वाले या बार-बार होने वाले दर्द की वजह जानना जरूरी है। दर्द के साथ दिखाई देने वाले अन्य लक्षण भी बीमारी की पहचान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

अचानक तेज दर्द, सांस फूलने, बेहोशी या तेज बुखार जैसी समस्याएं होने पर तुरंत चिकित्सा सहायता लें। समय रहते लक्षणों को पहचानना और सही जांच कराना गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव में मददगार हो सकता है।


देहरादून में जिला योजना समिति चुनाव की नामांकन प्रक्रिया 12 अक्टूबर से, मतदान व मतगणना 16 अक्टूबर को

जिला निर्वाचन अधिकारी ने जारी किया चुनाव कार्यक्रम

देहरादून- जनपद देहरादून में जिला योजना समिति के सदस्यों के निर्वाचन की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न कराई जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान द्वारा जारी निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन 12 अक्टूबर को, नामांकन पत्रों की जांच 13 अक्टूबर को तथा नाम वापसी 14 अक्टूबर को होगी। मतदान और मतगणना की प्रक्रिया 16 अक्टूबर 2026 को संपन्न कराई जाएगी।

जारी कार्यक्रम के अनुसार, 12 अक्टूबर को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक नामांकन किए जाएंगे। नामांकन पत्रों की जांच 13 अक्टूबर को पूर्वाह्न 10 बजे से कार्य समाप्ति तक होगी। अभ्यर्थी 14 अक्टूबर को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक अपने नाम वापस ले सकेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत 16 अक्टूबर को पूर्वाह्न 8 बजे से अपराह्न 3 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद इसी दिन अपराह्न 3 बजे से मतगणना प्रारंभ होकर कार्य समाप्ति तक चलेगी। मतगणना के उपरांत निर्वाचन अधिकारी द्वारा नियमानुसार निर्वाचन परिणाम घोषित किए जाएंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिला पंचायत मुख्यालय, संबंधित कार्यालयों तथा नगरीय निकायों के सूचना पट्टों पर सार्वजनिक सूचना प्रदर्शित करने को कहा गया है, ताकि निर्वाचन से संबंधित जानकारी आमजन तक पहुंच सके।

निर्वाचन प्रक्रिया उत्तराखंड जिला योजना समिति अधिनियम, 2007 तथा जिला योजना समिति नियमावली, 2010 के प्रावधानों के अनुसार संपन्न कराई जाएगी। संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।


संभल में नाबालिगों से मोबाइल चोरी कराने वाले गिरोह का खुलासा, 42 फोन बरामद

बहजोई । उत्तर प्रदेश के संभल जिले में पुलिस ने मोबाइल चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। आरोप है कि गिरोह के सदस्य बिहार और झारखंड से नाबालिगों को काम दिलाने के बहाने लाते थे और उनसे भीड़भाड़ वाले बाजारों में मोबाइल चोरी कराते थे। इसके बदले बच्चों को 300 से 500 रुपये दिए जाते थे। चोरी किए गए फोन दिल्ली के फुटपाथ बाजार में कम कीमत पर बेच दिए जाते थे। पुलिस ने एक नाबालिग समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से अलग-अलग कंपनियों के 42 एंड्रॉयड मोबाइल और चोरी का एक आधार कार्ड बरामद हुआ है। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य दिनेश कुमार मेहतो, सुरजन कुमार शाह और करन कुमार झारखंड के रहने वाले हैं। गिरोह कोरोना काल के लॉकडाउन में मजदूरी बंद होने के बाद सक्रिय हुआ था। आरोप है कि इसके सदस्य बिहार और झारखंड के 10 से 15 वर्ष की उम्र के बच्चों को काम दिलाने का भरोसा देकर अपने साथ लाते थे।

पकड़ा गया 14 वर्षीय किशोर बिहार के कटिहार से लाया गया था। बताया गया कि उसके पिता पहले सुरजन के चाचा के साथ मजदूरी कर चुके थे।

गिरोह के सदस्य गूगल पर प्रसिद्ध बाजारों की तलाश करते थे और वहां पहुंचकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस के मुताबिक, दिनेश और सुरजन वारदात के दौरान नाबालिग के आगे-पीछे रहते थे। चोरी किया गया मोबाइल दूसरे साथी को सौंप दिया जाता था, जबकि करन बाजार से बाहर सड़क किनारे चोरी के फोन इकट्ठा होने का इंतजार करता था।

तीन-चार मोबाइल जमा होने के बाद सभी वहां से निकल जाते थे। पुलिस की सक्रियता बढ़ने पर गिरोह दूसरे जिले में जाकर वारदात करने लगता था। संभल के अलावा हाथरस, कासगंज, एटा और अलीगढ़ में भी इस गिरोह की गतिविधियां सामने आई हैं।

पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य चोरी किए गए मोबाइल दिल्ली के करोल बाग स्थित फुटपाथ बाजार में रात करीब 12 बजे से सुबह पांच बजे के बीच बेचते थे। बताया गया कि 25 हजार रुपये की कीमत वाला फोन करीब पांच हजार रुपये में बेचा जाता था। इन मोबाइलों को खरीदने वालों में ऐसे लोग भी शामिल थे, जो उनके पुर्जों का इस्तेमाल दूसरे मोबाइलों में करते थे।

पूछताछ में यह भी सामने आया कि गिरोह के सदस्य करीब तीन महीने से अलीगढ़ में रह रहे थे। करन लगभग एक महीने पहले मजदूरी की तलाश में उनके साथ जुड़ा था।

पुलिस को गूगल सर्च हिस्ट्री और आरोपियों के मोबाइल में मिली ऑडियो कॉल के आधार पर करीब 500 मोबाइल चोरी किए जाने का संदेह है। गिरोह की ओर से हाल में 1.93 लाख रुपये के मोबाइल बेचने की बात भी सामने आई है।

फिलहाल पुलिस चोरी के मोबाइल खरीदने वालों की पहचान करने और गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों का पता लगाने में जुटी है। बरामद मोबाइल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।


अमरोहा में मामूली कहासुनी पर बाइक मिस्त्री की हत्या, गला दबाकर फरार हुए दो युवक

अमरोहा। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में मामूली विवाद के बाद एक बाइक मिस्त्री की हत्या का मामला सामने आया है। आदमपुर थाना क्षेत्र के दढ़ियाल गांव में शनिवार रात बाइक सवार दो युवकों से कहासुनी के बाद 30 वर्षीय निजामुद्दीन के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि युवकों ने उनका गला दबा दिया, जिससे वह बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़े। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

जानकारी के मुताबिक, निजामुद्दीन बाइक मिस्त्री का काम करते थे। शनिवार रात करीब नौ बजे उनके कान में दर्द होने पर वह गांव में एक क्लीनिक संचालक से दवा लेने जा रहे थे। इसी दौरान ख्वाजेपुर से दढ़ियाल गांव में रामलीला देखने आए बाइक सवार दो युवकों ने उनके आगे से बाइक निकालते हुए कट मार दिया।

इस पर निजामुद्दीन ने बाइक सावधानी से चलाने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों युवकों से उनकी कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई।

आरोप है कि दोनों युवकों ने निजामुद्दीन के साथ मारपीट की और उनका गला जोर से दबा दिया। इसके बाद वह बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलने पर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और निजामुद्दीन को इलाज के लिए संभल अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

निजामुद्दीन की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे पत्नी जरीशा, दो छोटी बेटियों और एक बेटे को छोड़ गए हैं। घटना के बाद से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सीओ पंकज कुमार त्यागी के अनुसार, हत्या के मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।


प्रयागराज में डिजिटल अरेस्ट का मामला: 10 दिन तक डराकर महिला से ठगे 13.50 लाख रुपये

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में साइबर अपराधियों ने एक कारोबारी की पत्नी को मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में फंसाने की धमकी देकर 13.50 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने खुद को दिल्ली पुलिस का अधिकारी बताया और महिला के साथ-साथ उनके परिवार को भी जेल भेजने की धमकी दी। इस दौरान महिला को करीब 10 दिन तक डिजिटल अरेस्ट रखकर मानसिक दबाव बनाया गया। पीड़िता की शिकायत पर साइबर थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

लूकरगंज क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता के मुताबिक, 29 सितंबर को उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने दावा किया कि उनके नाम पर आईसीआईसीआई बैंक में एक खाता खोला गया है, जिसमें मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपी संदीप कुमार से जुड़ी रकम आई है।

महिला ने इस खाते की जानकारी होने से इनकार किया तो फोन करने वाले ने कहा कि खाता खोलने में उनके आधार कार्ड का इस्तेमाल किया गया है। इसके बाद अलग-अलग मोबाइल नंबरों से व्हाट्सऐप कॉल आने लगीं। कॉल करने वालों ने खुद को दिल्ली पुलिस का अधिकारी बताकर महिला को मामले में फंसाने की धमकी दी।

आरोप है कि साइबर अपराधियों ने महिला और उनके परिवार को एफआईआर में फंसाकर जिंदगीभर जेल में रखने की धमकी दी। इससे महिला घबरा गईं। ठगों ने उन्हें घर में ही डिजिटल अरेस्ट कर लिया और ऑनलाइन सुनवाई का नाटक करके लगातार दबाव बनाया।

महिला को डराने के बाद आरोपियों ने मुकदमे से उनका नाम हटाने के नाम पर भारतीय रिजर्व बैंक का कथित पत्र भेजा। इसके बाद उनसे एक बैंक खाते में 13.50 लाख रुपये ट्रांसफर करने को कहा गया। धमकियों और कार्रवाई के डर से महिला ने बताई गई रकम उस खाते में भेज दी।

बाद में ठगी का एहसास होने पर पीड़िता ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘Maverick Jaspal: The Man Who Changed Indian Shooting’ पुस्तक का किया विमोचन

जसपाल राणा के खेल जीवन, संघर्ष और भारतीय निशानेबाजी में योगदान को रेखांकित करती है पुस्तक

देहरादून- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में प्रसिद्ध निशानेबाज एवं खेल जगत की प्रतिष्ठित हस्ती स्वर्गीय जसपाल राणा के परिवारजनों ने भेंट की। इस अवसर पर श्री जसपाल राणा की पत्नी श्रीमती रीना राणा, पुत्र युवराज राणा और पुत्री देवांशी राणा उपस्थित रहे। उन्होंने मुख्यमंत्री को जसपाल राणा के जीवन और उपलब्धियों पर आधारित पुस्तक *‘Maverick Jaspal: The Man Who Changed Indian Shooting’* भेंट की। मुख्यमंत्री ने इस पुस्तक का विमोचन किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जसपाल राणा की खेल उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी प्रतिभा, मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर भारतीय निशानेबाजी को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनकी उपलब्धियां देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं और यह संदेश देती हैं कि निरंतर अभ्यास, समर्पण तथा आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जसपाल राणा ने निशानेबाजी के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करने के साथ ही उत्तराखंड का गौरव भी बढ़ाया है। उनका जीवन और खेल सफर युवा खिलाड़ियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि ‘Maverick Jaspal: The Man Who Changed Indian Shooting’ पुस्तक पाठकों, विशेषकर युवा खिलाड़ियों को श्री जसपाल राणा के अनुभवों, संघर्ष और उपलब्धियों से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने इस प्रयास के लिए श्री जसपाल राणा के परिवारजनों को शुभकामनाएं दीं।


आज का राशिफल: मेष से मीन तक जानें सभी 12 राशियों के लिए कैसा रहेगा दिन

आज का दिन सभी 12 राशियों के लिए अलग-अलग संभावनाएं लेकर आ सकता है। किसी राशि के जातकों को कार्यक्षेत्र में नए अवसर मिलने के संकेत हैं, तो कुछ लोगों को आर्थिक मामलों में सावधानी बरतनी पड़ सकती है। परिवार, स्वास्थ्य, करियर और रिश्तों के लिहाज से भी दिन कई महत्वपूर्ण संकेत दे रहा है। आइए जानते हैं मेष से मीन तक सभी राशियों का आज का राशिफल।
मेष राशि
मेष राशि के जातकों को आज कामकाज के दौरान कुछ चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। जिम्मेदारियां बढ़ने से दबाव महसूस हो सकता है, लेकिन धैर्य और मेहनत से परिस्थितियों को संभालने में मदद मिलेगी। आध्यात्मिक गतिविधियों में रुचि बढ़ सकती है और जरूरतमंद की सहायता करने से मन को संतुष्टि मिलेगी। जीवनसाथी की सेहत पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।

वृष राशि
वृष राशि वालों के लिए दिन खुशियां लेकर आ सकता है। परिवार में किसी शुभ समाचार या नए सदस्य के आगमन से उत्साह का माहौल बन सकता है। सामाजिक क्षेत्र में आपके काम की सराहना होने से मान-सम्मान बढ़ने की संभावना है। पुरानी गलतियों से सीख लेकर आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। वाहन चलाते समय सतर्क रहें और अपनी दिनचर्या में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करें।

मिथुन राशि
मिथुन राशि के जातकों के लिए आज का दिन नए अवसरों के लिहाज से अच्छा रह सकता है। नौकरी में वरिष्ठ अधिकारियों का सहयोग मिलने की संभावना है। करियर में बदलाव की योजना बना रहे लोगों को नए विकल्प मिल सकते हैं। कोई खोई हुई प्रिय वस्तु वापस मिलने की उम्मीद भी है। काम की व्यस्तता के बीच परिवार के लिए समय निकालना आपके लिए जरूरी रहेगा।

कर्क राशि
कर्क राशि वालों की सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि हो सकती है। आपके विचार और व्यवहार लोगों को प्रभावित कर सकते हैं। सरकारी योजनाओं में निवेश करने के अवसरों पर विचार कर सकते हैं, लेकिन किसी भी नई साझेदारी से पहले पूरी जानकारी जुटाना जरूरी होगा। पिता की सेहत को लेकर सतर्क रहें। उधार दिया हुआ पैसा वापस मिलने में देरी हो सकती है, इसलिए धैर्य बनाए रखें।

सिंह राशि
सिंह राशि के जातकों को आज परिवार और दोस्तों के साथ अच्छा समय बिताने का मौका मिल सकता है। किसी सामाजिक या राजनीतिक मामले में लंबे समय से रुका काम आगे बढ़ने के संकेत हैं। परिवार के किसी शुभ आयोजन में शामिल होने से मन प्रसन्न रहेगा। पसंद और सुविधाओं से जुड़ी चीजों पर खर्च बढ़ सकता है। ऐसे में अपने बजट का ध्यान रखना बेहतर होगा।

कन्या राशि
कन्या राशि वालों के लिए दिन राहत और प्रगति के संकेत दे रहा है। लंबे समय से चली आ रही किसी परेशानी का समाधान निकल सकता है और कामकाज की बाधाएं धीरे-धीरे कम हो सकती हैं। हालांकि, गुस्से और जल्दबाजी से बचना जरूरी होगा। अपने वादों को पूरा करने पर ध्यान दें। संतान की पढ़ाई या करियर को लेकर कोई महत्वपूर्ण निर्णय सामने आ सकता है। माता-पिता का सहयोग आपका आत्मविश्वास बढ़ाएगा।

तुला राशि
तुला राशि के जातकों की आर्थिक स्थिति में सुधार के संकेत मिल सकते हैं। आमदनी के नए स्रोत मिलने से भविष्य को लेकर भरोसा बढ़ेगा। विद्यार्थियों को प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर मिल सकता है। नए लोगों से संपर्क भविष्य में लाभकारी साबित हो सकते हैं। ससुराल पक्ष से सहयोग मिलने की संभावना है। परिवार में विवाह या किसी अन्य शुभ कार्य को लेकर चर्चा शुरू हो सकती है।

वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि वालों को आज अपनी सेहत को प्राथमिकता देनी चाहिए। पुरानी चिंताओं से बाहर निकलने का रास्ता मिल सकता है। आत्ममंथन करने से सही निर्णय लेने में मदद मिलेगी। परिवार के साथ किसी कार्यक्रम में शामिल होने या मनोरंजक गतिविधियों का आनंद लेने का मौका मिल सकता है। छोटी-मोटी बहस की स्थिति बन सकती है, लेकिन समझदारी और संयम से रिश्तों में मधुरता बनाए रख सकते हैं।

धनु राशि
धनु राशि के जातकों को आर्थिक फैसले लेते समय सावधानी बरतनी होगी। सुख-सुविधाओं में बढ़ोतरी के बावजूद जोखिम भरे निवेश या जल्दबाजी में निर्णय लेने से बचें। नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को अच्छी खबर मिल सकती है। अधिकारियों के साथ बातचीत करियर में नए अवसरों का रास्ता खोल सकती है। यात्रा के दौरान मिली कोई उपयोगी जानकारी भविष्य में काम आ सकती है। माता-पिता का आशीर्वाद मनोबल बढ़ाएगा।

मकर राशि
मकर राशि वालों के लिए परिवार और कार्यक्षेत्र के बीच संतुलन बनाए रखना आसान रह सकता है। पुराने मित्र से मुलाकात होने पर खुशी मिलेगी और पुरानी यादें ताजा होंगी। लंबे समय से अधूरी इच्छा पूरी होने की संभावना है। विद्यार्थियों को पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित रखना होगा। सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लेने का अवसर मिल सकता है। विदेश में शिक्षा या नौकरी की तैयारी कर रहे लोगों को सकारात्मक समाचार मिलने की उम्मीद है।

कुंभ राशि
कुंभ राशि के जातकों को आज अपने खर्चों पर नियंत्रण रखने की जरूरत है। दिखावे या दूसरों को प्रभावित करने के लिए अनावश्यक खर्च करने से बचें। संतान के भविष्य को लेकर परिवार में कोई महत्वपूर्ण फैसला लिया जा सकता है। ससुराल पक्ष से आर्थिक मदद मिलने के संकेत हैं। पैतृक संपत्ति से जुड़ा कोई मुद्दा सामने आ सकता है, जिसे शांतिपूर्वक सुलझाना बेहतर होगा। मित्रों के साथ समय बिताने से मन हल्का होगा।

मीन राशि
मीन राशि के जातकों के लिए दिन सकारात्मक समाचार और नए अवसर लेकर आ सकता है। वैवाहिक जीवन में आपसी तालमेल और प्रेम बना रहने की संभावना है। कानूनी मामले में अनुकूल परिणाम मिलने के संकेत हैं। नए काम शुरू करने को लेकर उत्साह बढ़ सकता है। आर्थिक परेशानियों में राहत मिलने की उम्मीद है। परिवार के साथ समय बिताने और माता-पिता व भाई-बहनों का सहयोग मिलने से रुके हुए कार्यों को पूरा करने में मदद मिल सकती है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp