Monday, August 10th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

‘असुर 3’ की तैयारियां तेज, सितंबर से शुरू हो सकती है शूटिंग; नई एक्ट्रेस की होगी एंट्री

Monthly Archives: August 2026

‘असुर 3’ की तैयारियां तेज, सितंबर से शुरू हो सकती है शूटिंग; नई एक्ट्रेस की होगी एंट्री

अरशद वारसी और बरुन सोबती स्टारर चर्चित वेब सीरीज ‘असुर’ के तीसरे सीजन का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। सीरीज के अगले पार्ट की तैयारियां शुरू होने की जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘असुर 3’ की शूटिंग इसी साल सितंबर से शुरू हो सकती है।

‘असुर’ के पहले दोनों सीजन को दर्शकों की ओर से शानदार प्रतिक्रिया मिली थी। क्राइम, साइकोलॉजी और पौराणिक संदर्भों से जुड़ी इसकी कहानी ने फैंस के बीच अलग पहचान बनाई। दूसरे सीजन के बाद से ही दर्शक कहानी के अगले अध्याय का इंतजार कर रहे हैं।

तीसरे सीजन में बदलेगा निर्देशन

‘असुर 3’ में इस बार कैमरे के पीछे भी बदलाव देखने को मिल सकता है।  सीरीज के क्रिएटर गौरव शुक्ला खुद तीसरे सीजन के निर्देशन की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। इससे पहले सीरीज के दोनों सीजन का निर्देशन ओनी सेन ने किया था। मेकर्स ने नए सीजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं।

श्वेता बसु प्रसाद की हो सकती है नई एंट्री

सीरीज की कास्ट में भी इस बार नया चेहरा जुड़ने की चर्चा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिनेत्री श्वेता बसु प्रसाद ‘असुर 3’ में नजर आ सकती हैं।

‘असुर’ का पहला सीजन साल 2020 में रिलीज हुआ था। अरशद वारसी और बरुन सोबती की जोड़ी को दर्शकों ने काफी पसंद किया। इसके बाद दूसरे सीजन ने भी दर्शकों की दिलचस्पी बनाए रखी। अब तीसरे सीजन की खबर सामने आने के बाद फैंस की उत्सुकता और बढ़ गई है।a

अरशद वारसी ने भी दिया था सीजन 3 का संकेत

अरशद वारसी पहले भी ‘असुर 3’ को लेकर बता चुके हैं कि सीरीज पर काम किया जा रहा है। हालांकि, उस समय अभिनेता ने कहा था कि उन्होंने अभी तक इसकी स्क्रिप्ट नहीं पढ़ी है। अब शूटिंग की संभावित तारीख सामने आने से सीरीज के जल्द फ्लोर पर जाने की उम्मीद बढ़ गई है।

वर्कफ्रंट की बात करें तो अरशद वारसी हाल ही में ‘धमाल 4’ में दिखाई दिए हैं। इसके अलावा अभिनेता की आने वाली फिल्मों में ‘गोलमाल 5’ भी शामिल है। अब फैंस उनकी वेब सीरीज ‘असुर 3’ में वापसी का भी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।


असम में बाढ़ से हाहाकार,मृतकों का आंकड़ा 100 पहुंचा, कई जिलों में अब भी हालात गंभीर

गुवाहाटी (असम): असम में प्राकृतिक आपदा का प्रकोप लगातार जारी है। राज्य में बाढ़ की विभीषिका के बीच जान गंवाने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़कर 100 हो गई है। राज्य के कई जिले अब भी जलमग्न हैं और लाखों की आबादी इससे प्रभावित हुई है। आपदा रिपोर्टिंग और सूचना प्रबंधन प्रणाली (DRIMS) के ताज़ा बुलेटिन के अनुसार, मृतकों में 60 पुरुष, 23 महिलाएं और 18 बच्चे शामिल हैं।

बाढ़ से सबसे अधिक तबाही शिवसागर और कछार जिलों में देखने को मिल रही है। आंकड़ों के प्रशासनिक संशोधन के बाद शिवसागर में मृतकों की संख्या 49 दर्ज की गई है, जबकि कछार जिले में 22 लोगों की जान गई है। इसके अलावा करीमगंज, गोलाघाट, जोरहाट, धेमाजी और नगांव समेत कई अन्य जिलों में भी भारी तबाही हुई है। अकेले जोरहाट जिले के 304 गांवों में करीब 1.66 लाख लोग बाढ़ की चपेट में हैं। पानी के तेज बहाव से बड़े पैमाने पर फसलें नष्ट हो गई हैं और पशुधन को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

राहत और बचाव कार्य के लिए राज्य सरकार, स्थानीय प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियां मुस्तैदी से जुटी हुई हैं। प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री और चिकित्सा सहायता पहुंचाई जा रही है। इस संकट के बीच छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एकजुटता दिखाते हुए असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा से फोन पर स्थिति का जायजा लिया और बाढ़ पीड़ितों के पुनर्वास के लिए 5 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। प्रशासन लगातार जलस्तर पर निगरानी रख रहा है ताकि स्थिति को जल्द नियंत्रण में लाया जा सके।


शिव घाट पर स्नान के दौरान कांवड़िया बेहोश, SDRF ने River Ambulance से पहुंचाया मेडिकल कैंप

हरिद्वार- कांवड़ मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों को त्वरित प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक चिकित्सक के साथ SDRF की एक टीम River Ambulance में शिव घाट, हर की पैड़ी क्षेत्र में तैनात है। River Ambulance को आपात परिस्थितियों में प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने तथा आवश्यकता पड़ने पर मरीज को तत्काल उच्च चिकित्सा सहायता हेतु निकटतम चिकित्सालय/मेडिकल कैंप तक सुरक्षित रूप से पहुंचाने के लिए तैनात किया गया है।

इसी क्रम में शिव घाट पर स्नान के दौरान एक कांवड़िए के अचानक बेहोश होने एवं फिट्स आने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही शिव घाट पर तैनात SDRF River Ambulance टीम एवं चिकित्सक तत्काल मौके पर पहुंचे। टीम द्वारा कांवड़िए को प्राथमिक चिकित्सा सहायता प्रदान की गई।

कांवड़िए की स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल उच्च चिकित्सा सहायता की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए SDRF ने 40 BN PAC की आपदा राहत दल के सहयोग से River Ambulance के माध्यम से कांवड़िए को लालतारा पुल मेडिकल कैंप पहुंचाया, जहां उसे आवश्यक उपचार एवं चिकित्सकीय निगरानी के लिए मेडिकल टीम के सुपुर्द किया गया।

कांवड़िए का विवरण

नाम : सूरज
निवासी: नागली, नई दिल्ली

कांवड़ मेला क्षेत्र में SDRF की टीमें श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए लगातार मुस्तैद हैं। River Ambulance की तैनाती से आपात परिस्थितियों में मौके पर प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराने तथा आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को बिना विलंब उच्च चिकित्सा सुविधा हेतु मेडिकल कैंप/चिकित्सालय तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण सुविधा मिल रही है।


2036 ओलंपिक की भारत में मेजबानी की मनोकामना: खेल मंत्री रेखा आर्या ने उठाई ‘संकल्प कांवड़ यात्रा’

हरिद्वार/रायवाला- भारत वर्ष 2036 में ओलंपिक खेलों की मेजबानी करे, इस ऐतिहासिक संकल्प और मनोकामना के साथ उत्तराखंड की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने ‘ओलंपिक 2036 संकल्प कांवड़ यात्रा’ की शुरुआत की है। यात्रा का शुभारंभ आज सुबह 7:00 बजे हरिद्वार स्थित विश्व प्रसिद्ध ‘हर की पैड़ी’ से हुआ।

हर की पैड़ी पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद देश में ओलंपिक खेलों के सफल आयोजन का संकल्प लेते हुए गंगाजल उठाया।

सैकड़ों खिलाड़ियों और महिलाओं की भागीदारी
हरिद्वार से शुरू हुई यह कांवड़ यात्रा अपने मार्ग पर आगे बढ़ते हुए रायवाला पहुंच चुकी है। यात्रा में खेल मंत्री के साथ सैकड़ों की संख्या में महिला खिलाड़ी, एथलीट और स्थानीय नागरिक उत्साहपूर्वक शामिल हो रहे हैं। यात्रा के दौरान ‘हर-हर महादेव’ और ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष से पूरा मार्ग गुंजायमान हो रहा है।

वीरभद्र मंदिर में होगा जलाभिषेक
मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं और खेल प्रेमियों द्वारा यात्रा का भव्य स्वागत किया जा रहा है। इस संकल्प कांवड़ यात्रा का समापन आज शाम ऋषिकेश के प्रसिद्ध वीरभद्र मंदिर में होगा। जहाँ खेल मंत्री रेखा आर्या भगवान शिव का पवित्र गंगाजल से जलाभिषेक कर भारत की ओलंपिक मेजबानी की सफलता की कामना करेंगी।


उत्तराखंड में देर रात कांपी धरती, उत्तरकाशी में 4.2 और टिहरी में 2.0 तीव्रता का भूकंप

उत्तरकाशी/टिहरी : उत्तराखंड के उत्तरकाशी और टिहरी गढ़वाल जिलों में सोमवार तड़के भूकंप के झटकों से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, उत्तरकाशी में देर रात 1:21 बजे आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.2 मापी गई। इसका केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर नीचे बड़कोट तहसील के राजगढ़ी क्षेत्र के पास स्थित था। झटके इतने तेज थे कि यमुना और गंगा घाटी क्षेत्रों में सो रहे लोग दहशत के मारे तुरंत अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए।

वहीं दूसरी ओर, टिहरी गढ़वाल के घनसाली और कीर्तिनगर इलाके में भी 2.0 तीव्रता का हल्का झटका दर्ज किया गया, जिसकी गहराई 5 किलोमीटर रही। अचानक धरती हिलने के बाद लोग देर रात एक-दूसरे को फोन कर स्थिति की जानकारी जुटाते नजर आए। जिला आपदा प्रबंधन विभाग और स्थानीय प्रशासन के अनुसार, दोनों जिलों में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और कहीं से भी किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।


15 अगस्त तक करा लें गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी, वरना सिलेंडर सप्लाई में आ सकती है दिक्कत

देहरादून- जिले में घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी कराना आवश्यक है। जिन उपभोक्ताओं ने 15 अगस्त तक अपनी ई-केवाईसी नहीं कराई, उन्हें आगे गैस सिलेंडर की आपूर्ति में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। गैस कंपनियों ने उपभोक्ताओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर ई-केवाईसी कराने की अपील की है।

गैस कंपनियों के अनुसार, ई-केवाईसी पूरी नहीं होने पर संबंधित कनेक्शन को निष्क्रिय श्रेणी में रखा जा सकता है। ऐसे उपभोक्ताओं को घरेलू श्रेणी के तहत मिलने वाले लाभ प्रभावित हो सकते हैं और उन्हें नियमानुसार व्यावसायिक श्रेणी के सिलेंडर की दरों के अनुसार शुल्क देना पड़ सकता है।

घरेलू गैस कनेक्शनों का आधार आधारित सत्यापन किए जाने का उद्देश्य गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाना तथा फर्जी और डुप्लीकेट कनेक्शनों की पहचान करना है। इसके साथ ही वास्तविक उपभोक्ताओं का रिकॉर्ड अपडेट करने और सरकारी योजनाओं का लाभ सही पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने में भी मदद मिलेगी। पीएनजी और एलपीजी दोनों प्रकार के कनेक्शन रखने वाले उपभोक्ताओं का डाटा भी इस प्रक्रिया के माध्यम से बेहतर तरीके से चिन्हित किया जा सकेगा।

जिला पूर्ति अधिकारी, गैस एजेंसी संचालकों और गैस कंपनियों के अधिकारियों द्वारा उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अंतिम समय का इंतजार न करें और जल्द से जल्द अपनी ई-केवाईसी पूरी करा लें।

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि उपभोक्ता अपनी संबंधित गैस एजेंसी पर जाकर बायोमेट्रिक सत्यापन के माध्यम से ई-केवाईसी करा सकते हैं। इसके अलावा कई गैस कंपनियों द्वारा अपने मोबाइल ऐप और अधिकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी ई-केवाईसी की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। घर-घर सिलेंडर पहुंचाने वाले डिलीवरी कर्मियों के माध्यम से भी ई-केवाईसी की सुविधा उपलब्ध कराई जा सकती है।

अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि 15 अगस्त की अंतिम तिथि से पहले ई-केवाईसी अवश्य करा लें, ताकि भविष्य में गैस आपूर्ति से संबंधित किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।


जनपदीय जूडो प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, विभिन्न भार वर्गों में विजेता घोषित

देहरादून- विद्यालयी जनपदीय जूडो प्रतियोगिता का आयोजन शनिवार को परेड ग्राउंड स्थित क्रीड़ा हॉल में किया गया। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपने खेल कौशल और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के अंडर-14 बालक वर्ग के 30 किलोग्राम भार वर्ग में अंश, देहरादून ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंडर-17 बालक वर्ग के 40 किलोग्राम भार वर्ग में नमन बहादुर, राजकीय इंटर कॉलेज काठ हरियावाला तथा 50 किलोग्राम भार वर्ग में आदित्य भंडारी, एसडीएस ऋषिकेश ने प्रथम स्थान हासिल किया।

इसी प्रकार अंडर-14 बालिका वर्ग के 44 किलोग्राम भार वर्ग में दिव्या, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज राजपुर रोड, अंडर-17 बालिका वर्ग के 40 किलोग्राम भार वर्ग में गुनगुन, राजकीय शिल्प विद्यालय तथा अंडर-19 बालिका वर्ग के 63 किलोग्राम भार वर्ग में आली जोशी, पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज काठ कालसी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में जया नौटियाल, तरुण, गौरव, नीलम सहित जूडो एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी सतीश शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रतियोगिता के दौरान शिक्षा विभाग से जयदेव रावत, प्रमोद रावत, घनश्याम कार्य, संख्य गैरोला, जितेंद्र सिंह, अशोक गंगोला, अमित कुमार, मधुलिका, सुषमा भवानी, नरगिस सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अनुशासन, आत्मविश्वास एवं खेल भावना का परिचय देते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। आयोजकों ने विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की तैयारी, आज से 17 अगस्त तक होंगे देशभक्ति के विविध कार्यक्रम

मुख्य बाजारों और शॉपिंग मॉल में लगेगी तिरंगा प्रदर्शनी, हर विधानसभा क्षेत्र में निकलेगी तिरंगा रैली

सरकारी कार्यालयों, स्कूल-कॉलेजों में तिरंगा थीम पर होगी आकर्षक विद्युत सज्जा

देहरादून- स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति एवं राष्ट्र गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जनपद देहरादून में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आज से 17 अगस्त तक विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। अभियान के माध्यम से आमजन को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान एवं राष्ट्रीय एकता की भावना से जोड़ने के साथ ही स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्र उत्सव के रूप में भव्यता के साथ मनाया जाएगा।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने जनपदवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक राष्ट्रीय पर्व ही नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान, गौरव और एकजुटता की भावना को अभिव्यक्त करने का अवसर भी है। उन्होंने जनपदवासियों से पूरे उत्साह के साथ अभियान में भागीदारी कर राष्ट्र उत्सव ‘इंडिपेंडेंस डे’ को भव्य एवं यादगार बनाने का आह्वान किया।

मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत जनपद की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में तिरंगा रैली आयोजित की जाएगी। विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में तिरंगा थीम पर रंगोली सहित विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के साथ ही मुख्य बाजारों एवं प्रमुख शॉपिंग मॉल में तिरंगा प्रदर्शनी लगाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को अभियान से जोड़ा जा सके और स्वतंत्रता दिवस के प्रति उत्साह का वातावरण तैयार किया जा सके।

उन्होंने बताया कि जनपद स्तर पर पर्यटन विभाग द्वारा 9 अगस्त को तिरंगा साइकिल रैली एवं तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया जाएगा। रैलियों के माध्यम से नागरिकों को राष्ट्रध्वज के सम्मान एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया जाएगा।

मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस से पूर्व जनपद के सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों को तिरंगा थीम पर आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया जाएगा। इससे शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वतंत्रता दिवस के उत्सव का माहौल और अधिक जीवंत एवं आकर्षक बनेगा।

जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराएं तथा देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें। सामूहिक सहभागिता से स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व को एकता, गौरव और देशभक्ति के उत्सव के रूप में मनाने का संदेश दिया जाएगा।


14 महिलाओं को तीलू रौतेली, 35 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को राज्य स्तरीय सम्मान

51-51 हजार रुपये की सम्मान राशि डीबीटी से खातों में भेजी

मुख्यमंत्री धामी और मंत्री रेखा आर्या ने किया सम्मानित

देहरादून। वीरांगना तीलू रौतेली के जन्मदिवस के अवसर पर  मुख्यमंत्री सेवक सदन, गढ़ी कैंट में राज्य स्त्री शक्ति तीलू रौतेली पुरस्कार (2025-26) एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्त्री पुरस्कार (2025-26) समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रदेश की 14 महिलाओं को तीलू रौतेली पुरस्कार और 35 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को राज्य स्तरीय आंगनवाड़ी कार्यकर्त्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने पुरस्कार विजेताओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किए।

सभी पुरस्कार विजेताओं को 51-51 हजार रुपये की सम्मान राशि डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में भेजी गई।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि सम्मानित महिलाएं उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश की नारी शक्ति के लिए अनुकरणीय उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को सशक्त, स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। महिलाओं की प्रतिभा और उनके योगदान को सम्मान देने के साथ उन्हें आगे बढ़ने के लिए आवश्यक अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि वीरांगना तीलू रौतेली के जन्मदिवस पर दिया जाने वाला यह सम्मान उन महिलाओं और बेटियों के योगदान को पहचान देने का माध्यम है, जिन्होंने विषम परिस्थितियों के बावजूद अपनी मेहनत और प्रतिभा से विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। शिक्षा, खेल, कला-क्राफ्ट, समाज सेवा और कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं प्रदेश का गौरव हैं।

रेखा आर्या ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां कुपोषण उन्मूलन, पोषण ट्रैकर के संचालन और स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। 51 हजार रुपये की सम्मान राशि, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न उनकी निष्ठा, लगन और समाज के प्रति समर्पण का सम्मान है।

बढ़ाई जाएगी ईनाम राशि

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इन दोनों पुरस्कारों की इनाम राशि बढ़ाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि आगे से तीलू रौतेली पुरस्कार के स्वरूप में 51000 के बजाय 75000 और उत्कृष्ट आंगनवाड़ी पुरस्कार के रूप में 51 हजार की जगह 61 हजार रुपए दिए जाएंगे।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विभागीय सचिव चंद्रेश कुमार आदि उपस्थित रहे।


BLO और फील्ड स्टॉफ को प्रोत्साहित करें जिलाधिकारी – सीईओ

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर SIR पर की समीक्षा

मतदाताओं से निरंतर संवाद करते रहें अधिकारी: सीईओ

देहरादून। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने शनिवार को कुमांऊ-गढ़वाल के मंडल आयुक्तों सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कांन्फ्रेंस कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा की। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जनपदों के डीईओ को निर्देश देते हुए कहा कि बूथ लेवल अधिकारी और फील्ड स्टॉफ मेहनत से कार्य कर रहे हैं, लिहाजा उन्हें प्रोत्साहित किया जाए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर बारिश के कारण आवाजाही प्रभावित है उन स्थानों पर विसंगति वाले मामलों में बीएलओ डाक्यूमेंट प्राप्त कर अपने स्तर पर रिपोर्ट लगाकर कार्रवाई करें। अनमैप्ड मतदाताओं की सुनवाई के लिए ईआरओ/एईआरओ सुविधाजनक रणनिति बनाते हुए कार्रवाई सुनिश्चित करें।

समीक्षा बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जनपदों के डीईओ को फार्म 6, फार्म 7 एवं फार्म 8 की वर्तमान स्थिति के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी ली। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि अधिकारी फील्ड पर जाकर मतदाताओं से संवाद स्थापित करें, ताकि मतदाताओं के मन में किसी भी प्रकार की भ्रांति न रहे। बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के जिलाधिकारियों को नोटिसों की सुनवाई के लिए और विस्तृत कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने आयुक्त कुमांऊ दीपक रावत एवं आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरुप के हाल में किए गए जनपद भ्रमण के बारे में फीडबैक लिया। इसके साथ ही दोनों आयुक्तों को निरंतर फील्ड विजिट कर करते रहने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास के अतरिक्त दोनों मंडलायुक्त एवं सभी जिलाधिकारी उपस्थित रहे।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp