Saturday, August 29th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

छात्र-छात्राओं को बाल अधिकारों और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की दी जानकारी

Monthly Archives: August 2026

छात्र-छात्राओं को बाल अधिकारों और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की दी जानकारी

राजकीय इंटर कॉलेज क्यार्क में आयोजित किया गया जन-जागरुकता अभियान

पौड़ी- जिला बाल संरक्षण इकाई, जिला बाल कल्याण समिति, विशिष्ट दत्तक ग्रहण अभिकरण एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के संयुक्त तत्वावधान में जनपद पौड़ी गढ़वाल के राजकीय इंटर कॉलेज, क्यार्क में एक दिवसीय वृहद जन-जागरुकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को बाल अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ ही बच्चों की सुरक्षा एवं संरक्षण से संबंधित प्रावधानों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना रहा।

अभियान के दौरान विभागीय अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने छात्र-छात्राओं को बाल अधिकारों, बच्चों की सुरक्षा एवं संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। साथ ही लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो एक्ट) के प्रावधानों के बारे में जागरुक किया गया। बच्चों को किसी भी प्रकार की परेशानी, हिंसा, शोषण अथवा संकट की स्थिति में सहायता प्राप्त करने के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के उपयोग एवं इसकी कार्यप्रणाली की जानकारी भी दी गयी।

इसके अतिरिक्त छात्र-छात्राओं को कानूनी रूप से दत्तक ग्रहण की प्रक्रिया एवं नियमों से अवगत कराया गया। अधिकारियों ने बच्चों को सुरक्षित रहने, किसी अनजान व्यक्ति के संपर्क में सावधानी बरतने तथा किसी भी समस्या को अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित हेल्पलाइन के माध्यम से साझा करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य अजय पंवार, बाल कल्याण समिति की सदस्य सुनीता भट्ट, संरक्षण अधिकारी प्रज्ञा नैथानी, जिला समन्वयक अभिषेक नेगी एवं परामर्शदाता कविता सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


बेटियां उठायेंगी नशे के विरुद्ध मशाल- डाॅ. धन सिंह रावत

एमकेपी पीजी काॅलेज से 100 दिवसीय नशामुक्ति महाभियान का शुभारम्भ

प्रदेशभर में गूंजेगा नशे के विरूद्ध युवा संकल्प, दिलाई जायेगी शपथ

देहरादून। सूबे के युवाओं को नशे की लत से दूर रखने व उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने लिये प्रदेशभर में 100 दिवसीय नशामुक्ति महाभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में प्रदेश की बेटियां नशे के विरुद्ध जागरूकता की मशाल थामेगी। अभियान के दौरान प्रदेशभर के सभी शिक्षण संस्थानों में युवाओं को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई जाएगी तथा आमजन को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

प्रदेश के विद्यालयी शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं उच्च शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने आज एम.के.पी. पी.जी. काॅलेज, देहरादून से नशे के विरुद्ध 100 दिवसीय महाभियान का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नशा युवाओं की ऊर्जा, क्षमता और भविष्य को प्रभावित करने के साथ-साथ समाज को भी भीतर से खोखला करता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को नशे से बचाने के लिये निरंतर जागरूकता एवं जनभागीदारी आधारित अभियान चला रही है।

डाॅ. रावत ने कहा कि एमकेपी पीजी काॅलेज से इस महाभियान की शुरुआत करने का विशेष उद्देश्य यह है कि प्रदेश की बेटियां नशे के विरुद्ध सामाजिक जागरूकता की सशक्त वाहक बन सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश की मातृशक्ति ने हमेशा अपनी शक्ति, क्षमता और सामाजिक नेतृत्व के बल पर परिवर्तन लाये हैं। ऐसे में इस महाभियान में छात्राओं की भागीदारी सबसे अहम है। डाॅ. रावत ने कहा कि आगामी 100 दिनों में विभिन्न विद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों में नशे के विरुद्ध व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे जिसमें छात्र-छात्राओं को नशामुक्त जीवन का संकल्प दिलाया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान डाॅ. रावत ने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों और इसके सामाजिक, मानसिक एवं शारीरिक नुकसान के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि परिवार, शिक्षण संस्थानों और पूरे समाज का साझा दायित्व है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि युवा शक्ति, मातृशक्ति, सामाजिक एवं आध्यात्मिक संगठनों की एकजुट भागीदारी से नशामुक्त उत्तराखंड का संकल्प अवश्य साकार होगा।

कार्यक्रम में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बबीता दीदी ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि हमें नशे जैसे व्यसनों के अधीन होने के बजाय अपने जीवन को सकारात्मक विचारों और स्वस्थ आदतों से मजबूत बनाना चाहिए। वहीं नीलम दीदी ने ध्यान एवं आध्यात्मिक जीवनशैली के माध्यम से मन और तन को सशक्त बनाने का संदेश छात्राओं को दिया। मानसिक चिकित्सक डाॅ. रोहित गोंदवाल ने नशे के दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए युवाओं को इसके मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान छात्राओं ने संवाद के माध्यम से सक्रिय सहभागिता भी की।

एमकेपी पीजी काॅलेज की प्राचार्या डाॅ. ममता सिंह ने कहा कि जिस प्रकार एक दीपक अंधकार को दूर कर प्रकाश फैलाता है, उसी प्रकार एमकेपी पीजी काॅलेज की छात्राएं नशे के अंधकार के विरुद्ध जागरूकता का दीप बनकर स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएंगी।

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के एंटी ड्रग सेल द्वारा ‘‘नशा एक अभिशाप’’ विषय पर डिजिटल एवं हस्तनिर्मित पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। डिजिटल पोस्टर प्रतियोगिता में नैना ने प्रथम, दीक्षा ने द्वितीय तथा मरियम जैदी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं हस्तनिर्मित पोस्टर प्रतियोगिता में अनुप्रिया ने प्रथम, ईशिता ने द्वितीय तथा विमला ने तृतीय स्थान हासिल किया। इसके अतिरिक्त खेलकूद समिति द्वारा आयोजित मैराथन में साइमा अंसारी, कविता राणा, दिव्यांशी, दिव्या, हिमानी एवं सरस्वती ने बाजी मारी। सभी विजेताओं को कैबिनेट मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में डाॅ. रावत ने एमकेपी पीजी काॅलेज, एमआईटी, हैरिटेज स्कूल एवं एमकेपी इंटर काॅलेज के विद्यार्थियों को नशे के विरुद्ध शपथ दिलाई और नशामुक्त, स्वस्थ एवं जागरूक उत्तराखंड के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन डाॅ. एल्वी दास एवं डाॅ. पुनीत सैनी ने किया।


हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय का शिलान्यास, पहले शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ

मुख्यमंत्री धामी और खेल मंत्री रेखा आर्या ने गौलापार में किया भूमि पूजन

हल्द्वानी। राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर उत्तराखंड के खेल क्षेत्र को बड़ी सौगात मिली। हल्द्वानी के गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम परिसर में राज्य के पहले खेल विश्वविद्यालय के प्रथम चरण के निर्माण कार्यों का शिलान्यास और भूमि पूजन किया गया। इसके साथ ही करीब 150 विद्यार्थियों के प्रवेश के साथ विश्वविद्यालय के पहले शैक्षणिक सत्र की शुरुआत भी हो गई।

समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और खेल मंत्री रेखा आर्या ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और संसाधन उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है, ताकि उनकी प्रतिभा को उचित मंच मिल सके और खेलों में करियर के नए अवसर तैयार हों।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि गौलापार में खेल विश्वविद्यालय की स्थापना प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के जरिए युवाओं को उच्चस्तरीय कोचिंग के साथ खेल विज्ञान, स्पोर्ट्स मेडिसिन और चोट से उबरने जैसी सुविधाएं प्रदेश में ही उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। अब खिलाड़ियों को इन सुविधाओं के लिए दिल्ली या विदेशों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

उन्होंने खिलाड़ियों से मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार ने खिलाड़ियों को मंच और सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है। अब खिलाड़ियों की मेहनत से देश-प्रदेश का तिरंगा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और ऊंचा फहराना चाहिए।

पदक विजेता खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि

समारोह के दौरान राज्य के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि का डीबीटी के माध्यम से सीधे हस्तांतरण किया गया। वहीं, मुख्यमंत्री उदयीमान खिलाड़ी एवं प्रोत्साहन योजना के तहत चयनित खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति भी प्रदान की गई।

वर्ष 2024-25 के देवभूमि खेल रत्न और देवभूमि द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को स्मृति चिह्न, प्रशस्ति पत्र और चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, विधायक सरिता आर्या, मोहन सिंह बिष्ट, दीवान सिंह बिष्ट, हल्द्वानी मेयर गजराज सिंह बिष्ट, पूर्व विधायक महेश नेगी, उत्तराखंड ओलंपिक संघ के सचिव डीके सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि, खेल पदाधिकारी, प्रशिक्षक और खिलाड़ी मौजूद रहे।


चतरा में बंद घर का ताला तोड़कर 20 लाख के जेवर और नकदी चोरी, जमीन के कागजात भी ले गए चोर

चतरा। सदर थाना क्षेत्र के नगवां मोहल्ले में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी कर ली। चोर घर से करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, डेढ़ लाख रुपये नकद और जमीन से जुड़े दस्तावेज लेकर फरार हो गए। घटना 28 अगस्त की रात की बताई जा रही है।

मामले को लेकर सीआरपीएफ जवान सुनील कुमार सिंह ने सदर थाने में लिखित शिकायत दी है। उन्होंने पुलिस से घटना की जांच कर आरोपितों को गिरफ्तार करने और चोरी का सामान बरामद करने की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, सुनील कुमार सिंह 28 अगस्त की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे परिवार के साथ घर में ताला लगाकर हंटरगंज गए थे। मकान में एक किरायेदार भी रहता था, लेकिन वह भी किसी काम से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान चोरों ने मकान को सुनसान पाकर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और अंदर दाखिल हो गए।

घर में प्रवेश करने के बाद चोरों ने अलमारी समेत विभिन्न स्थानों की तलाशी ली। इसके बाद सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और जमीन के दस्तावेज लेकर फरार हो गए।

29 अगस्त की सुबह करीब छह बजे पड़ोसी ने फोन कर मकान का ताला टूटे होने की जानकारी दी। सूचना मिलने के करीब दो घंटे बाद सुनील कुमार सिंह घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजा खुला था और घर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा मिला। अलमारी की जांच करने पर आभूषण, डेढ़ लाख रुपये नकद और जमीन के कागजात गायब मिले।

शिकायत में हार, मंगलसूत्र, झुमका, अंगूठी और चेन समेत करीब 23 प्रकार के आभूषणों का उल्लेख किया गया है। पीड़ित ने चोरी हुए आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई है। उन्होंने आशंका जताई है कि वारदात में किसी परिचित की भूमिका हो सकती है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों की मदद से चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।


स्वरोजगार से आत्मनिर्भर बन रहीं पहाड़ की महिलाएं, खुद रोजगार से जुड़कर दूसरों को भी दे रहीं काम

मुख्यमंत्री की पहल से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को मिल रहा प्रशिक्षण, ऋण और आजीविका का सहारा

पौड़ी। उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में महिलाएं अब रोजगार के लिए गांव छोड़ने के बजाय स्थानीय स्तर पर ही स्वरोजगार के नए अवसर तैयार कर रही हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल और ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं प्रशिक्षण, ऋण और सरकारी सहयोग का लाभ उठाते हुए आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही हैं। पौड़ी विकासखंड की कलावती देवी और ग्राम गहड़ की रामेश्वरी देवी इसकी मिसाल बनी हैं।

खांड़यूंसैंण निवासी कलावती देवी मां भगवती स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हुई हैं। हिमोत्थान सोसाइटी से मिले 20 हजार रुपये के अनुदान से उन्होंने सिलाई मशीन खरीदी। इसके अलावा समूह की अन्य महिलाओं के साथ उन्होंने आरसेटी से 13 दिवसीय जूट बैग निर्माण का प्रशिक्षण भी लिया। फिलहाल वह सिलाई के साथ ब्यूटी पार्लर का संचालन कर रही हैं। उनके स्वरोजगार से एक अन्य महिला को भी रोजगार मिला है।

कलावती देवी ने बताया कि जल्द ही जूट बैग बनाने का काम भी शुरू किया जाएगा। इसमें स्वयं सहायता समूह की अन्य महिलाओं को भी शामिल किया जाएगा। वर्तमान में उन्हें स्वरोजगार से करीब 15 हजार रुपये प्रतिमाह की आय हो रही है, जबकि 10 से 12 हजार रुपये तक की बचत हो जाती है। उनका कहना है कि स्वरोजगार शुरू करने के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति में काफी सुधार हुआ है।

इसी तरह ग्राम गहड़ की रामेश्वरी देवी भी स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के साथ अपनी आय का जरिया तैयार कर रही हैं। डांडा नागराजा स्वयं सहायता समूह से जुड़ी रामेश्वरी देवी ने पुलिस लाइन के पास ग्राम दुकान शुरू की है। यहां वह मंडुवा, झंगोरा, पहाड़ी दाल, जैम, अचार, बद्री गाय का घी और स्थानीय सब्जियों समेत कई पहाड़ी उत्पाद बेच रही हैं। दुकान से उन्हें हर महीने करीब छह से सात हजार रुपये की शुद्ध आय हो रही है।

रामेश्वरी देवी के मुताबिक, वर्ष 2025 में एनआरएलएम, नाबार्ड और हिमोत्थान सोसाइटी के सहयोग से उन्होंने तीन लाख रुपये का सीसीएल ऋण लिया था। इसी आर्थिक सहयोग से उन्होंने ग्राम दुकान की शुरुआत की। दुकान के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बाजार मिल रहा है और उनकी आय का स्थायी साधन भी तैयार हुआ है।

ब्लॉक मिशन मैनेजर विजय बिष्ट ने बताया कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षण, ऋण और अन्य जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जिले में कई महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं और अन्य महिलाओं को भी आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य महिलाओं को गांव में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उनकी आजीविका मजबूत करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।


दरभंगा में जमीनी विवाद को लेकर खूनी संघर्ष, मारपीट में 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत

सिंहवाड़ा (दरभंगा)। सिमरी थाना क्षेत्र के भराठी पंचायत के भरवाड़ा टोल में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान अमीरी सहनी के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई, जिसके चलते पुलिस बल तैनात किया गया है।

बताया जा रहा है कि जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले विवाद हुआ। इसके बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान अमीरी सहनी गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने, इसके लिए इलाके में पुलिस बल की तैनाती की गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद के कारणों और मारपीट में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।

सदर एसडीपीओ एसके सुमन ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


25 हजार का इनामी गैंगस्टर सोनौली से गिरफ्तार

नेपाल भागने की फिराक में था आरोपी 

देहरादून। दून पुलिस ने ‘किंग ऑफ उत्तराखंड’ गैंग के 25 हजार रुपये के इनामी सदस्य रवि कुमार गुप्ता को उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले के सोनौली से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित रवि गिरफ्तारी से बचने के लिए नेपाल भागने की तैयारी में था। पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया।

ऋषिकेश कोतवाली में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा समेत तीन अन्य आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं, मुकदमा दर्ज होने के बाद से रवि कुमार गुप्ता फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर एसएसपी परमेन्द्र डोभाल ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

पुलिस जांच में सामने आया कि गैंग के सदस्य भूमि और पारिवारिक विवादों में हस्तक्षेप कर लोगों को डराने-धमकाने, मारपीट, अवैध वसूली और ब्लैकमेलिंग जैसी गतिविधियों में शामिल थे। आरोप है कि लोगों को फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर भी भयभीत किया जाता था।

रवि की तलाश में पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने साथियों की मदद से सोनौली सीमा के रास्ते नेपाल भागने की कोशिश कर रहा है। सूचना के आधार पर दून पुलिस ने स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय कर सोनौली में दबिश दी और महिंद्रा स्कॉर्पियो संख्या UK-14-N-5344 से रवि कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नेपाल कस्टम द्वारा जारी वाहन आवाजाही से संबंधित दस्तावेज, नेपाल में वाहन ठहरने की अवधि बढ़ाने से जुड़े अभिलेख और वाहन अनुमति-पत्र भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, रवि कुमार गुप्ता के खिलाफ विभिन्न आपराधिक मामलों में चार मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी से पूछताछ के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


मंदिर में अंडे फोड़ने से बढ़ा तनाव, तांत्रिक समेत तीन गिरफ्तार; पुलिस ने किया मामले का खुलासा

कोटवा। थाना क्षेत्र के मच्छरगांवा गांव स्थित एक मंदिर में अंडे फोड़े जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। घटना के बाद इलाके में दो समुदायों के बीच तनाव की स्थिति बन गई थी। मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने कार्रवाई करते हुए एक कथित तांत्रिक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान स्थानीय लोगों से पूछताछ और अन्य तथ्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान की गई। गिरफ्तार लोगों में बनिया टोला नवादा निवासी कथित तांत्रिक जितेंद्र ठाकुर के अलावा मुन्ना साह और जितेश साह शामिल हैं।

जांच में सामने आया कि तांत्रिक जितेंद्र ठाकुर हाल ही में नेपाल से कथित तौर पर तंत्र-मंत्र सीखकर लौटा था। आरोप है कि उसने एक अशिक्षित और अंधविश्वासी परिवार को सुनसान स्थान पर स्थित माता के मंदिर में तंत्र साधना करने की सलाह दी। परिवार को कथित तौर पर बताया गया कि इससे घर में भूत-प्रेत का प्रभाव नहीं रहेगा और आर्थिक स्थिति में सुधार होगा।

पुलिस के मुताबिक, 25 अगस्त की रात करीब 10 बजे के बाद परिवार के लोग टेंपो और बाइक से मंदिर पहुंचे। वहां कथित तांत्रिक के निर्देश पर तंत्र साधना और पूजा-पाठ किया गया। इसी दौरान मंदिर परिसर में नौ अंडे फोड़े गए।

अगली सुबह जब संबंधित लोग मंदिर की सफाई करने पहुंचे तो स्थानीय लोगों ने उनसे पूछताछ की। मामला सामने आने के बाद इसकी जानकारी तेजी से आसपास के क्षेत्र में फैल गई और दोनों समुदायों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले में केस दर्ज करने के साथ स्थानीय लोगों की बैठक कर शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। इसके बाद एसआईटी ने जांच आगे बढ़ाते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि एसआईटी का नेतृत्व एएसपी सुनील कुमार ने किया। टीम में इंस्पेक्टर सुरेश कुमार, कोटवा थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, गौरव कुमार, कृष्णजी राय समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।


चिड़ोंवाली में क्षतिग्रस्त पुल का मंत्री गणेश जोशी ने किया निरीक्षण

एक सप्ताह में डीपीआर तैयार करने के निर्देश

देहरादून। चिड़ोंवाली के मंदाकिनी विहार क्षेत्र में बारिश के चलते क्षतिग्रस्त हुए पुल को लेकर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को तत्काल सुरक्षा और मरम्मत संबंधी कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।

पुल पर हुए धंसाव को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने प्रभावित हिस्से में तत्काल भरान कराने को कहा, ताकि लोगों के आवागमन में परेशानी न हो। साथ ही धंसाव वाले स्थान पर तुरंत बैरिकेडिंग कर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने के निर्देश दिए गए।

गणेश जोशी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि नए पुल के निर्माण के लिए एक सप्ताह के भीतर डीपीआर तैयार कर शासन को उपलब्ध कराई जाए, जिससे पुनर्निर्माण की प्रक्रिया को जल्द आगे बढ़ाया जा सके।

मंत्री ने कहा कि बरसात के कारण पुल और आसपास के क्षेत्र में हुए नुकसान को देखते हुए सुरक्षा उपायों और आवश्यक मरम्मत कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से क्षेत्रवासियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी जरूरी कार्य तेजी से पूरा करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान भाजपा नेता सुरेंद्र राणा, मंजू, कुलदीप रावत, विजय ध्यानी समेत लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता ओमपाल सिंह, अधिशासी अभियंता बीएन द्विवेदी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।


वेलावन सेंथिलकुमार ने जीता बुडापेस्ट ओपन स्क्वाश खिताब, फाइनल में दर्ज की शानदार जीत

फाइनल में फरकास को हराया

नई दिल्ली। भारतीय स्क्वाश खिलाड़ी वेलावन सेंथिलकुमार ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए बुडापेस्ट ओपन स्क्वाश टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया। हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट में खेले गए फाइनल मुकाबले में सेंथिलकुमार ने स्थानीय खिलाड़ी बालाज फरकास को सीधे गेमों में हराकर अपने करियर का पहला पीएसए कॉपर-लेवल खिताब हासिल किया।

विश्व रैंकिंग में 54वें स्थान पर मौजूद और टूर्नामेंट में आठवीं वरीयता प्राप्त सेंथिलकुमार ने फाइनल में फरकास को 11-4, 11-2, 11-3 से मात दी। करीब 43,500 अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि वाले इस टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ी ने पूरे मुकाबले के दौरान अपना दबदबा बनाए रखा। इस जीत के साथ उनके नाम पीएसए टूर के 11 खिताब हो गए हैं।

तीसरी भिड़ंत में भी सेंथिलकुमार का दबदबा

सेंथिलकुमार और फरकास के बीच यह तीसरा मुकाबला था। इससे पहले 2024 में हुई भिड़ंत में भी भारतीय खिलाड़ी ने जीत दर्ज की थी। बुडापेस्ट ओपन में खिताबी सफर के दौरान सेंथिलकुमार ने सेमीफाइनल में हमवतन वीर चोटरानी को कड़े मुकाबले में 9-11, 11-8, 11-7, 1-11, 12-10 से शिकस्त दी थी।

इससे पहले क्वार्टर फाइनल में उन्होंने मलेशिया के ईन यो को को हराकर अंतिम चार में जगह बनाई थी। लगातार मुश्किल मुकाबलों में जीत दर्ज करने के बाद सेंथिलकुमार ने फाइनल में भी अपनी लय बरकरार रखी और एकतरफा अंदाज में खिताब पर कब्जा जमाया।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp