Monday, July 20th, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

‘द ओडिसी’ का बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन, फिल्म ने पहले वीकेंड में कमाए इतने करोड़ रुपये

Daily Archives: 20/07/2026

‘द ओडिसी’ का बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन, फिल्म ने पहले वीकेंड में कमाए इतने करोड़ रुपये

हॉलीवुड निर्देशक क्रिस्टोफर नोलन की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘द ओडिसी’ रिलीज के साथ ही दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। मैट डैमन, टॉम हॉलैंड और जेंडाया स्टारर इस एक्शन-एडवेंचर फिल्म ने पहले ही वीकेंड में रिकॉर्डतोड़ कमाई करते हुए नोलन के करियर की सबसे बड़ी वैश्विक ओपनिंग दर्ज कर ली है। भारत में भी फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है।

17 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई ‘द ओडिसी’ ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर दमदार शुरुआत की। रिलीज से पहले फिल्म के प्रचार के लिए निर्देशक क्रिस्टोफर नोलन और स्टारकास्ट भारत पहुंचे थे, जहां मुंबई में इसका भव्य प्रीमियर भी आयोजित किया गया। इसका असर टिकट खिड़की पर भी साफ दिखाई दिया।

फिल्म ने पहले दिन 17.40 करोड़ रुपये की कमाई की, जबकि दूसरे दिन इसका कारोबार बढ़कर 22 करोड़ रुपये पहुंच गया। तीसरे दिन रविवार को फिल्म ने 21.90 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इस तरह शुरुआती तीन दिनों में फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन 61.77 करोड़ रुपये हो गया।

वैश्विक स्तर पर भी फिल्म ने शानदार प्रदर्शन किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘द ओडिसी’ ने पहले वीकेंड में दुनियाभर में 264.1 मिलियन अमेरिकी डॉलर (करीब 2,212 करोड़ रुपये) की कमाई की। इसमें 139.6 मिलियन डॉलर अंतरराष्ट्रीय बाजारों से और 124.5 मिलियन डॉलर घरेलू बॉक्स ऑफिस से आए।

करीब तीन घंटे लंबी यह फिल्म किसी स्थापित फ्रेंचाइजी का हिस्सा नहीं है, फिर भी इसने शानदार शुरुआत कर कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं। होमर की प्रसिद्ध महाकाव्य कविता पर आधारित इस फिल्म ने क्रिस्टोफर नोलन की पिछली सुपरहिट फिल्मों ‘द डार्क नाइट राइजेज’ और ‘द डार्क नाइट’ की शुरुआती कमाई के रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिए हैं।

बॉक्स ऑफिस पर मिली इस ऐतिहासिक सफलता के साथ ‘द ओडिसी’ साल की सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्मों की सूची में भी अपना स्थान बनाने में सफल रही है, जिससे फिल्म की आगे की कमाई को लेकर भी उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं।

(साभार)


सावन के पहले सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, भोलेनाथ के जयकारों से गूंजे मंदिर

चमोली/श्रीनगर। सावन माह के पहले सोमवार पर उत्तराखंड के विभिन्न शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। शिवभक्तों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिरों में पूरे दिन भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा।

चमोली जिले के प्रसिद्ध भगवान गोपीनाथ मंदिर, बटलेश्वर महादेव मंदिर, गंजेश्वर मंदिर, बामनाथ मंदिर और रुद्रनाथ मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। इस दौरान मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंज उठे।

वहीं श्रीनगर के प्रसिद्ध कमलेश्वर महादेव मंदिर में भी तड़के चार बजे से ही श्रद्धालुओं की कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। बारिश के बीच भी शिवभक्तों का उत्साह देखने लायक रहा। मौसम की परवाह किए बिना लोग जलाभिषेक और दर्शन के लिए घंटों तक कतारों में खड़े रहे।

इसके अलावा आराघर स्थित लक्ष्मी नारायण पंचायती मंदिर और केदारपुरम स्थित श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में भी भक्तों की अच्छी-खासी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का अभिषेक कर देश और प्रदेश की खुशहाली के साथ अपने परिवार के मंगल की कामना की।


भूस्खलन और खराब मौसम के चलते चारधाम यात्रा पर अस्थायी रोक

गढ़वाल आयुक्त ने यात्रा कर बाबत दिए अहम निर्देश

देहरादून।  प्रदेश में लगातार हो रही भारी वर्षा, भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी रेड एवं ऑरेंज अलर्ट तथा चारधाम यात्रा मार्ग के विभिन्न स्थानों पर भूस्खलन के कारण उत्पन्न परिस्थितियों को देखते हुए आज एहतियातन चारधाम यात्रा का संचालन अस्थायी रूप से कुछ समय के लिए रोकने का निर्णय लिया गया है।

गढ़वाल मंडल आयुक्त ने संबंधित जिलाधिकारियों एवं अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यात्रा मार्गों पर मौजूद तीर्थयात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया जाए तथा मार्ग पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद ही आगे की यात्रा कराई जाए। साथ ही मीडिया एवं अन्य माध्यमों से जनसामान्य और तीर्थयात्रियों तक समय पर सही जानकारी पहुंचाने के भी निर्देश दिए हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय केवल यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वर्तमान मौसम एवं मार्ग की स्थिति के मद्देनज़र एहतियाती उपाय के रूप में लिया गया है। मार्ग सुरक्षित होने और परिस्थितियां सामान्य होने पर यात्रा का संचालन पुनः शुरू किया जाएगा।

तीर्थयात्रियों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं का पालन करें तथा मौसम और मार्ग की स्थिति सामान्य होने तक संबंधित जनपद प्रशासन के निर्देशों का अनुपालन करें।


शराब ठेके पर लूटकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

कांगड़ा। नगरोटा बगवां क्षेत्र में शराब ठेके के सेल्समैन पर जानलेवा हमला कर लाखों रुपये की लूट करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस को अहम सफलता मिली है। वारदात के मुख्य आरोपियों में शामिल एक आरोपी को पुलिस ने जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले से गिरफ्तार कर मामले की जांच को आगे बढ़ाया है।

पुलिस के अनुसार, 27 जून की देर रात पटियालकड़ (धलूं) स्थित शराब ठेके पर बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। बताया गया कि तीन युवक पहले ठेके के अहाते में शराब पीने पहुंचे और कुछ देर बाद दो अन्य साथियों के साथ दोबारा वहां लौटे। इसके बाद एक आरोपी ने सेल्समैन पर देसी कट्टा तान दिया, जबकि दूसरे ने धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

हमले के बाद आरोपी ठेके से करीब 1.75 लाख रुपये की नकदी और सेल्समैन का मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के उद्देश्य से उन्होंने मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पहले लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया और बाद में वारदात में इस्तेमाल की गई कार को कठुआ से कब्जे में लिया। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई जांच के आधार पर पुलिस ने गिरोह के मुख्य आरोपी राजेश उर्फ गार्डी को 19 जुलाई को कठुआ से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी और लूटी गई शेष नकदी की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।


सोशल मीडिया पर महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

महिला तथा बाल अपराधों के प्रति संवेदनशील दून पुलिस

देहरादून। सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ कथित रूप से अश्लील, अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में देहरादून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी पर महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की आशंका के चलते कानूनी कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई 2026 को भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री नेहा ने कोतवाली डालनवाला में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि ‘पहाड़ी प्रेमी राजेन्द्र उत्तराखण्डी’ नाम से फेसबुक अकाउंट संचालित करने वाले व्यक्ति ने महिलाओं के प्रति अत्यंत आपत्तिजनक, अश्लील और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा की, जिससे महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंची और समाज में तनाव का माहौल उत्पन्न होने की आशंका बनी।

शिकायत के आधार पर कोतवाली डालनवाला में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 352 और 79 सहित स्त्री अशिष्ट रूपण (प्रतिषेध) अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी राजेन्द्र सिंह रावत को नई दिल्ली स्थित उसके वर्तमान निवास से हिरासत में लेकर पूछताछ की और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की सोशल मीडिया गतिविधियों को लेकर आमजन, विशेषकर महिलाओं में भारी नाराजगी थी और उसके कारण कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी। इसे देखते हुए पुलिस ने आरोपी को धारा 170 BNSS के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर उसे जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया गया।

आरोपी की पहचान राजेन्द्र सिंह रावत पुत्र प्रेम सिंह, निवासी ग्राम भरगढ़ी, पोस्ट बजवाड़, थाना पौड़ी गढ़वाल तथा वर्तमान निवासी इंद्रापार्क, नई दिल्ली के रूप में हुई है।

इस कार्रवाई में आराघर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अश्वनी बलूनी, उपनिरीक्षक रजनीश कुमार सैनी, महिला उपनिरीक्षक विनयता चौहान सहित पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे।


मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर से की मुलाकात

ऊर्जा परियोजनाओं एवं पिटकुल की एडीबी सहायतित पारेषण परियोजना पर की चर्चा

देहरादून/नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर से भेंट कर उत्तराखण्ड की ऊर्जा आवश्यकताओं, जल विद्युत परियोजनाओं, पम्प्ड स्टोरेज परियोजनाओं, बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) तथा पिटकुल की एडीबी (ADB) सहायतित पारेषण परियोजना सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने राज्य की विद्युत आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए भारत सरकार द्वारा समय-समय पर केंद्रीय पूल से अतिरिक्त विद्युत उपलब्ध कराने में दिए जा रहे सहयोग के लिए केंद्रीय विद्युत मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमानों के अनुसार एल-नीनो की संभावित परिस्थितियों, वर्षा में कमी तथा जलाशयों में कम जलागम के कारण आगामी महीनों में जल विद्युत उत्पादन प्रभावित हो सकता है। वहीं चारधाम यात्रा एवं आगामी कांवड़ यात्रा के दौरान विद्युत मांग में और अधिक वृद्धि होने की संभावना है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री ने जुलाई 2026 की शेष अवधि के लिए 150 मेगावाट तथा अगस्त 2026 के लिए 200 मेगावाट अतिरिक्त विद्युत केंद्रीय पूल से उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड को पूर्वोत्तर राज्यों की तर्ज पर जल विद्युत परियोजनाओं के लिए विशेष वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध भी किया।

मुख्यमंत्री ने राज्य में लगभग 10 गीगावाट पम्प्ड स्टोरेज क्षमता के विकास के लिए आगामी पांच वर्षों में 7,800 करोड़ रुपये की केंद्रीय वित्तीय सहायता अथवा वायबिलिटी गैप फंडिंग (VGF) उपलब्ध कराने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने राज्य की ऊर्जा आवश्यकताओं और ग्रिड स्थिरता को देखते हुए बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) की स्वीकृत क्षमता 500 मेगावाट आवर से बढ़ाकर 665 मेगावाट आवर किए जाने तथा उसके अनुरूप वायबिलिटी गैप फंडिंग उपलब्ध कराने का अनुरोध भी किया।

मुख्यमंत्री ने बैठक में पिटकुल की 3,638.26 करोड़ रुपये (US $425.78 मिलियन) लागत वाली एडीबी सहायतित पारेषण परियोजना के विषय पर भी चर्चा की। उन्होंने अनुरोध किया कि इस परियोजना के लिए मूल 80:20 एडीबी ऋण एवं राज्यांश (ADB Loan : Counterpart Funding) की वित्तीय व्यवस्था को यथावत रखा जाए। उन्होंने बताया कि परियोजना के अंतर्गत 2,910.61 करोड़ रुपये (US $340.62 मिलियन) का एडीबी ऋण प्रस्तावित है, जिसे उत्तराखण्ड जैसे विशेष श्रेणी के हिमालयी राज्य के लिए निर्धारित वित्तीय व्यवस्था के अनुरूप स्वीकृत किया जाना आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (CEA) द्वारा परियोजना को तकनीकी रूप से उपयुक्त माना गया है तथा विद्युत मंत्रालय ने भी एडीबी सहायता पर कोई आपत्ति नहीं जताई है। हालांकि एडीबी हिस्सेदारी को 60 प्रतिशत तक सीमित करने का सुझाव दिया गया है। उन्होंने कहा कि यदि वित्तीय पैटर्न में परिवर्तन किया जाता है तो उत्तराखण्ड को विशेष श्रेणी राज्य के रूप में मिलने वाले वित्तीय लाभ प्रभावित होंगे। इसलिए मूल 80:20 वित्तीय व्यवस्था को बरकरार रखते हुए परियोजना को स्वीकृति प्रदान की जाए।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत एवं ऊर्जा आत्मनिर्भरता के संकल्प को साकार करने में उत्तराखण्ड की जल विद्युत क्षमता महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि भारत सरकार का सकारात्मक सहयोग राज्य के ऊर्जा क्षेत्र, आधारभूत संरचना तथा सतत विकास को नई गति प्रदान करेगा।

केंद्रीय विद्युत मंत्री ने मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया।


मुख्यमंत्री के निर्देशन में 4 से 19 जुलाई तक चले जनसेवा शिविर, द्वारीखाल में हुआ अभियान का समापन

182 प्रकरण प्राप्त, अधिकांश का मौके पर निस्तारण; विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हुए ग्रामीण

जनसेवा शिविर सुशासन का सशक्त माध्यम, अंतिम छोर तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता: भूपेंद्र सिंह कंडारी

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण–जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के अंतर्गत जनपद पौड़ी गढ़वाल के विभिन्न विकासखंडों में 4 जुलाई से 19 जुलाई तक बहुउद्देशीय जनसेवा शिविरों का आयोजन किया गया। अभियान के माध्यम से जिला प्रशासन ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचकर विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ आमजन को मौके पर ही उपलब्ध कराता रहा। अभियान का समापन रविवार को विकासखंड द्वारीखाल में आयोजित अंतिम जनसेवा शिविर के साथ हुआ।

शिविर का शुभारंभ उत्तराखंड गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह कंडारी ने किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशन में शासन की प्रत्येक जनकल्याणकारी योजना का लाभ अंतिम छोर पर बैठे पात्र व्यक्ति तक सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि जनसेवा शिविरों के माध्यम से लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं तथा अधिकांश समस्याओं का समाधान मौके पर ही किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर सुशासन की अवधारणा को धरातल पर साकार करने के साथ ही सरकार और जनता के बीच विश्वास को भी मजबूत कर रहे हैं।

द्वारीखाल में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 182 आवेदन एवं प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शिविर में 495 ग्रामीणों ने प्रतिभाग कर विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविर के दौरान कृषि एवं उद्यान विभाग ने 16 लाभार्थियों को उर्वरक एवं कृषि यंत्र वितरित किए। ग्रामोत्थान/एनआरएलएम के माध्यम से 24 स्वयं सहायता समूहों/लाभार्थियों ने लगभग 10 हजार रुपये के उत्पादों का विक्रय किया। बाल विकास विभाग ने 2 लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट प्रदान की। स्वास्थ्य विभाग ने 60 तथा आयुष विभाग ने 25 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क औषधियां वितरित कीं। राजस्व विभाग ने 4 लोगों को आय, जाति एवं निवास प्रमाण-पत्र सहित अन्य राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराईं। समाज कल्याण विभाग ने 15 पात्र व्यक्तियों का दिव्यांग, विधवा एवं वृद्धावस्था पेंशन संबंधी सत्यापन किया। वहीं पशुपालन विभाग ने 8 लाभार्थियों को गोट वैली (बकरीपालन) योजना के अंतर्गत चेक वितरित किए।

इस अवसर पर सिंचाई सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ऋषि कंडवाल, ब्लॉक प्रमुख बीना राणा, ज्येष्ठ उप प्रमुख नीलम नैथानी, जिला पंचायत सदस्य महेंद्र राणा, विक्रम सिंह बिष्ट एवं अर्जुन सिंह नेगी, विधायक प्रतिनिधि जयपाल सिंह, खंड विकास अधिकारी जयकृत बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


संतला देवी मंदिर के पास नदी में फंसे सात लोगों को SDRF ने निकाला सुरक्षित

देहरादून। लगातार हो रही बारिश के चलते संतला देवी मंदिर के समीप नदी का जलस्तर अचानक बढ़ जाने से सात लोग नदी के बीच बने टापू पर फंस गए। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) ने तत्काल मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

कंट्रोल रूम (CCR) देहरादून के माध्यम से SDRF को सूचना मिली कि कैंट थाना क्षेत्र के अंतर्गत संतला देवी मंदिर के पास नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण सात लोग बीच धारा में बने टापू पर फंस गए हैं। सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट सहस्त्रधारा से उप निरीक्षक राजबर राणा के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि लगातार बारिश के कारण नदी का बहाव काफी तेज हो चुका था और चारों ओर से पानी से घिरे लोग बाहर निकलने में असमर्थ थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए SDRF ने सिविल पुलिस के साथ समन्वय बनाकर तुरंत बचाव अभियान शुरू किया।

तेज बहाव, फिसलन भरे किनारों और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद SDRF के जवानों ने विशेष रेस्क्यू उपकरणों की मदद से टापू तक पहुंच बनाई। इसके बाद सुनियोजित अभियान चलाते हुए सभी सात लोगों को एक-एक कर सुरक्षित नदी से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।

SDRF की त्वरित कार्रवाई, बेहतर समन्वय और प्रशिक्षित टीम की मुस्तैदी से एक बड़ा हादसा टल गया और सभी लोगों की जान सुरक्षित बचा ली गई।

रेस्क्यू किए गए लोगों के नाम:

मुकेश (35), निवासी बल्लीवाला
सुशील (36), निवासी सीमा द्वार
प्रेम कुमार (27), निवासी सीमा द्वार
रोशन गुप्ता (32), निवासी सीमा द्वार
राजीव (30), निवासी सीमा द्वार
पवन सिंह (25), निवासी सीमा द्वार
सूरज साहनी (30), निवासी सीमा द्वार


3rd ODI- इंग्लैंड ने भारत को 27 रन से हराकर सीरीज की अपने नाम

टी20 के बाद भारत से वनडे सीरीज भी छीनी

नई दिल्ली। लॉर्ड्स में खेले गए रोमांचक तीसरे वनडे में भारत को जीत के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ी, लेकिन रोहित शर्मा की शानदार शतकीय पारी भी टीम को जीत नहीं दिला सकी। इंग्लैंड ने 27 रन से मुकाबला जीतकर तीन मैचों की वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। टी20 सीरीज में दबदबा बनाने के बाद इंग्लैंड ने वनडे में भी भारत को मात देकर घरेलू सरजमीं पर अपना वर्चस्व कायम रखा।

लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर रविवार को खेले गए सीरीज के निर्णायक मुकाबले में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 387 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में भारतीय टीम ने दमदार शुरुआत की और आखिरी तक संघर्ष किया, लेकिन सात विकेट पर 360 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने 2019 के बाद पहली बार भारत के खिलाफ वनडे सीरीज जीतने का कारनामा किया।

रोहित और गिल ने रखी जीत की मजबूत नींव

388 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को कप्तान शुभमन गिल और रोहित शर्मा ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 147 रन जोड़कर इंग्लैंड पर दबाव बनाया। गिल ने 77 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि रोहित ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 84 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। उन्होंने 110 गेंदों पर 138 रन बनाए, जिसमें 17 चौके और पांच छक्के शामिल रहे। इस दौरान रोहित लॉर्ड्स में वनडे शतक लगाने वाले सबसे उम्रदराज बल्लेबाज भी बन गए।

कोहली ने उम्मीद जगाई, लेकिन अंत में बिखर गई पारी

गिल के आउट होने के बाद विराट कोहली ने रोहित के साथ दूसरे विकेट के लिए 113 रन की अहम साझेदारी निभाई। रोहित के आउट होने के बावजूद कोहली एक छोर संभाले रहे और लॉर्ड्स में अपना पहला वनडे अर्धशतक लगाया। उन्होंने 74 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन उनके आउट होते ही भारतीय बल्लेबाजी लड़खड़ा गई। ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल और अक्षर पटेल बड़ी साझेदारी नहीं बना सके, जिससे टीम लक्ष्य से 27 रन दूर रह गई। इंग्लैंड के लिए सैम करन सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार विकेट झटके, जबकि आदिल राशिद, जोफ्रा आर्चर और जैकब बेथेल को एक-एक सफलता मिली।

इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने बनाया रिकॉर्ड स्कोर

इससे पहले इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों पर जमकर रन बरसाए। बेन डकेट ने शानदार 141 रन की पारी खेली, जबकि जैकब बेथेल ने 91 रन बनाकर उनका बेहतरीन साथ निभाया। अंत में जो रूट ने नाबाद 74 रन और जोस बटलर ने सिर्फ 13 गेंदों में 41 रन की विस्फोटक पारी खेलकर टीम का स्कोर 387 रन तक पहुंचा दिया, जो लॉर्ड्स में इंग्लैंड का सर्वोच्च वनडे स्कोर भी बन गया। भारत की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा ने दो और प्रिंस यादव ने एक विकेट हासिल किया।

सीरीज पर इंग्लैंड का कब्जा

तीसरे वनडे की जीत के साथ इंग्लैंड ने तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। इससे पहले मेजबान टीम ने पांच मैचों की टी20 सीरीज भी 4-0 से जीती थी। लगातार दो प्रारूपों में मिली सफलता ने इंग्लैंड की मजबूत फॉर्म को एक बार फिर साबित कर दिया, जबकि भारतीय टीम को अहम मौकों पर गेंदबाजी और मध्यक्रम की बल्लेबाजी में सुधार की जरूरत महसूस हुई।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp