Friday, January 23rd, 2026

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

शहरों के विकास से ही बनेगा विकसित भारत- पीएम मोदी

Monthly Archives: January 2026

शहरों के विकास से ही बनेगा विकसित भारत- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने तिरुवनंतपुरम में किया भव्य रोड शो 

प्रधानमंत्री ने पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड योजना का किया शुभारंभ

तिरुवनंतपुरम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में भव्य रोड शो किया। थंपानूर ओवरब्रिज से पुथरिकंडम मैदान तक निकाले गए इस रोड शो के दौरान प्रधानमंत्री का जगह-जगह जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया, साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता प्रदान की।

प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड योजना का शुभारंभ किया और एक लाख से अधिक रेहड़ी-पटरी व लघु व्यवसाय से जुड़े लाभार्थियों को ऋण वितरित किए। उन्होंने इन योजनाओं को शहरी गरीबों और छोटे कारोबारियों के लिए आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम बताया।

विकसित भारत के निर्माण में शहरों की अहम भूमिका

सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए देश एकजुट होकर आगे बढ़ रहा है और इस यात्रा में शहरों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में केंद्र सरकार ने शहरी आधारभूत ढांचे पर व्यापक निवेश किया है, जिससे आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने शहरी गरीबों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं लागू की हैं। पीएम आवास योजना के तहत देशभर में चार करोड़ से अधिक पक्के घर बनाए गए हैं, जिनमें से एक करोड़ से अधिक घर शहरी गरीबों को मिले हैं। उन्होंने बताया कि केरल में भी सवा लाख से अधिक शहरी गरीब परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराया गया है।

गरीब और मध्यम वर्ग के लिए कल्याणकारी योजनाएं

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से गरीब परिवारों के बिजली खर्च में राहत दी जा रही है। आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को पांच लाख रुपये तक का मुफ्त स्वास्थ्य उपचार मिल रहा है। महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण को ध्यान में रखते हुए मातृ वंदना योजना लागू की गई है।

उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने 12 लाख रुपये तक की वार्षिक आय को कर मुक्त कर मध्यम वर्ग और नौकरीपेशा लोगों को बड़ी राहत दी है, जिसका लाभ केरल के लोगों को भी मिला है।

बैंकिंग से जुड़ रहे गरीब, सरकार बनी गारंटर

प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते 11 वर्षों में करोड़ों लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया है। अब एससी, एसटी, ओबीसी, महिलाएं और मछुआरे भी आसानी से बैंक ऋण प्राप्त कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिनके पास गारंटर नहीं है, उनके लिए सरकार स्वयं गारंटर बन रही है।

रेहड़ी-पटरी वालों को मिला क्रेडिट कार्ड

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना के जरिए रेहड़ी-पटरी वालों को पहली बार बैंकिंग सुविधा का लाभ मिला है। अब सरकार ने एक कदम आगे बढ़ाते हुए उन्हें क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराए हैं। उन्होंने बताया कि केरल में 10 हजार और तिरुवनंतपुरम में 600 रेहड़ी-पटरी वालों को पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह बदलाव सामाजिक और आर्थिक समावेशन की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।


मुख्यमंत्री धामी ने समस्त प्रदेशवासियों को दी बसंत पंचमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं

बसंत पंचमी का पर्व ज्ञान, विवेक और नवीनता का प्रतीक- मुख्यमंत्री

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समस्त प्रदेशवासियों को माँ सरस्वती की आराधना और ऋतुराज बसंत के आगमन के पावन पर्व बसंत पंचमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि बसंत पंचमी का पर्व ज्ञान, विवेक और नवीनता का प्रतीक है। उन्होंने कामना की कि यह पावन अवसर प्रदेशवासियों के जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मक सोच और सुख-समृद्धि का संचार करे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि माँ सरस्वती की कृपा से समाज में ज्ञान का प्रकाश फैले और प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़े। उन्होंने सभी से इस पर्व को उत्साह, श्रद्धा और सौहार्द के साथ मनाने का आह्वान किया।


शनाया कपूर–आदर्श गौरव की ‘तू या मैं’ का ट्रेलर रिलीज, दिखा रोमांस और थ्रिलर का जबरदस्त मेल

अभिनेत्री शनाया कपूर और आदर्श गौरव की आगामी फिल्म ‘तू या मैं’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। बेजॉय नाम्बियार के निर्देशन में बनी यह फिल्म रोमांस, सस्पेंस और थ्रिलर का अनोखा संगम पेश करती नजर आ रही है। फिल्म की कहानी दो सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनकी जिंदगी एक खतरनाक मगरमच्छ के कारण अचानक मुश्किलों में घिर जाती है।

कोलैबरेशन से शुरू होती है कहानी, खतरे में बदल जाता है सफर

ट्रेलर की शुरुआत 1988 की फिल्म ‘खून भरी मांग’ के मशहूर सीन से होती है, जिसमें रेखा को मगरमच्छों से भरे पानी में फेंका जाता है। इसके बाद कहानी में एंट्री होती है नालासोपारा के गली रैपर मारुति कदम उर्फ आला फ्लोपारा (आदर्श गौरव) और हाई-प्रोफाइल इन्फ्लुएंसर अवनी शाह उर्फ मिस वैनिटी (शनाया कपूर) की। दोनों की मुलाकात होती है और वे एक सोशल मीडिया कोलैबरेशन के लिए शहर से बाहर जाने का फैसला करते हैं।

हालांकि यह सफर जल्द ही डरावने मोड़ पर पहुंच जाता है, जब दोनों खुद को एक सुनसान स्विमिंग पूल में एक मगरमच्छ के साथ फंसा हुआ पाते हैं। ट्रेलर में रोमांस के साथ-साथ खौफ और सस्पेंस की झलक साफ नजर आती है।

मगरमच्छ से जंग और बढ़ता तनाव

ट्रेलर के आगे के हिस्सों में दिखाया गया है कि जैसे-जैसे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती हैं, वैसे-वैसे हालात और ज्यादा खतरनाक हो जाते हैं। पूल में आराम के दौरान अवनी को मगरमच्छ की मौजूदगी का एहसास होता है और फिर शुरू होती है जान बचाने की जद्दोजहद। मगरमच्छ बार-बार हमला करता है और दोनों किरदार उससे बचने के तरीके तलाशते नजर आते हैं।

ट्रेलर के आखिरी सीन में खून से सनी अवनी और मगरमच्छ के हमले की झलक फिल्म की थ्रिलर कहानी को और ज्यादा रहस्यमय बना देती है।

13 फरवरी को सिनेमाघरों में दस्तक देगी फिल्म

आनंद एल राय और हिमांशु शर्मा द्वारा निर्मित ‘तू या मैं’ को सस्पेंस और रोमांटिक थ्रिलर के तौर पर पेश किया गया है। बेजॉय नाम्बियार के निर्देशन में बनी यह फिल्म 13 फरवरी को वैलेंटाइन डे के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

(साभार)


उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, पहाड़ों पर हुई बर्फबारी, मैदानों में बढ़ी ठिठुरन

मसूरी, चकराता और धनौल्टी में सीजन की पहली बर्फबारी

28 जनवरी तक खराब मौसम के आसार

देहरादून। लंबे इंतजार के बाद उत्तराखंड में मौसम ने आखिरकार करवट ले ली है। राजधानी देहरादून सहित प्रदेश के कई हिस्सों में शुक्रवार सुबह से बारिश और बूंदाबांदी का सिलसिला जारी है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू हो गई है। मौसम में आए इस बदलाव से प्रदेशभर में ठिठुरन बढ़ गई है।

निचले इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो रही है, वहीं केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, मसूरी, चकराता और धनौल्टी जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ की फुहारें गिर रही हैं। बर्फबारी से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे शीतलहर का असर बढ़ गया है।

मसूरी, धनौल्टी और चकराता में सीजन की पहली बर्फबारी

पहाड़ों की रानी मसूरी के लालटिब्बा क्षेत्र में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों में खासा उत्साह देखने को मिला। वहीं धनौल्टी में बसंत पंचमी के दिन सीजन की पहली बर्फबारी हुई, जिससे पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है।

चकराता क्षेत्र की ऊंची पहाड़ियों लोखंडी, आसमाड़, खड़म्बा, देवबन, मशक, कोटी कंसार और मुंडोई में भी साल की पहली बर्फबारी हुई है। इन इलाकों में पहाड़ियां सफेद चादर से ढक गई हैं और तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है।

उत्तरकाशी, टिहरी और रुद्रप्रयाग में बदला मौसम

उत्तरकाशी जनपद के गंगोत्री और यमुनोत्री धाम सहित हर्षिल और खरसाली क्षेत्र में हल्की से मध्यम बर्फबारी हो रही है। गंगा के शीतकालीन प्रवास मुखबा और आपदा प्रभावित धराली क्षेत्र में भी बर्फ गिरने से ठंड बढ़ गई है।

नई टिहरी और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई है और बादल छाए हुए हैं। रुद्रप्रयाग जिले में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 2300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है, जबकि अन्य क्षेत्रों में ओलावृष्टि, बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।

28 जनवरी तक बना रह सकता है बदला मौसम

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेशभर में 28 जनवरी तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बने रहने की संभावना है। निचले इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी जारी रह सकती है।

सीजन की पहली बर्फबारी से जहां ठंड बढ़ी है, वहीं यह पर्यटन कारोबारियों, सैलानियों और किसानों के लिए राहत और उम्मीद भी लेकर आई है। लंबे समय से बर्फबारी का इंतजार कर रहे लोगों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आ रही है।


सीएम धामी के नेतृत्व में डोईवाला क्षेत्र में सड़क नेटवर्क मजबूत, एमडीडीए के कार्यों से आमजन को मिलेगी राहत

देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में देहरादून शहर एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है। इसी क्रम में डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न वार्डों और ग्राम क्षेत्रों में सड़क निर्माण एवं आंतरिक मार्गों के विकास से जुड़े कार्यों का स्थानीय विधायक बृजभूषण गैरोला द्वारा संबधित वार्डों के पार्षदों के साथ एमडीडीए अधिकारियों की मौजूदगी में शिलान्यास किया गया। विधायक ने कहा इन विकास कार्यों से स्थानीय नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा के साथ-साथ सुरक्षित और सुचारु यातायात का लाभ मिलेगा। डोईवाला विधानसभा क्षेत्र में किए गए इन सड़क निर्माण कार्यों का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों को मजबूत कनेक्टिविटी प्रदान करना है, जिससे स्थानीय निवासियों, विद्यार्थियों, बुजुर्गों और व्यापारियों को दैनिक आवागमन में सुविधा हो सके। विधायक डोईवाला विधानसभा बृजभूषण गैरोला के मार्गदर्शन में तथा क्षेत्रीय पार्षदों के सहयोग से इन विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर यथाशीघ्र गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जायेगा।

डोईवाला के वार्ड संख्या-08 अठुरवाला क्षेत्र में निर्मल डिमरी के आवास से दीपक पंवार के आवास तक सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। इसके साथ ही वार्ड संख्या-07 जोग्याणा में भी सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। इन कार्यों में स्थानीय पार्षद रमेश बिष्ट की सक्रिय भूमिका रही।

इसके अतिरिक्त डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बुल्लावाला मारखमग्रांट मार्ग पर सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। वार्ड संख्या-17 कुड़कावाला में हरजिंदर सिंह के आवास से खुशहाल सिंह के आवास तक सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। इन कार्यों में पार्षद विनीत राजपूत की सक्रिया भूमिका रही।

वार्ड संख्या-08 अठुरवाला के सुरकंडा विहार क्षेत्र में आंतरिक सड़क निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया। उक्त कार्य में पार्षद संदीप सिंह नेगी की भूमिका सराहनीय रही।

इसी क्रम में वार्ड संख्या-10 भानियावाला क्षेत्र में जगदम्बा चमोली के आवास से रौथाण मार्ट तक सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। इसी क्रम में वार्ड नंबर-10 बौराड़ी में निर्मल जुयाल के घर से शीशपाल नेगी के घर तक सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। वार्ड 10 की आंतरिक सड़कों के निर्माण कार्यों का भी शिलान्यास किया गया। इन सभी विकास कार्यों में पार्षद ईश्वर सिंह रौथाण द्वारा सक्रिय सहयोग प्रदान किया गया।

उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी का बयान
उपाध्यक्ष, बंशीधर तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में देहरादून एवं आसपास के क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए एमडीडीए लगातार कार्य कर रहा है। डोईवाला विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न वार्डों में सड़क निर्माण कार्य आमजन की लंबे समय से चली आ रही मांगों को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। बेहतर सड़कों से आवागमन सुगम होगा, दुर्घटनाओं में कमी आएगी और स्थानीय विकास को गति मिलेगी। प्राधिकरण का प्रयास है कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग से गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाए।

सचिव मोहन सिंह बर्निया का बयान
सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि भविष्य में भी क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप सड़क, जल निकासी एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे। एमडीडीए का लक्ष्य आम नागरिकों को बेहतर, सुरक्षित और टिकाऊ अधोसंरचना उपलब्ध कराना है, जिससे देहरादून शहर और आसपास के क्षेत्रों का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।


सेलाकुई में दर्दनाक हादसा- तेज रफ्तार जीप दीवार तोड़कर घर में घुसी, डेढ़ वर्षीय बच्ची की मौत

चालक फरार, जांच में जुटी पुलिस

विकासनगर। सेलाकुई थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से आ रही एक जीप अनियंत्रित होकर दुकान के सामने बनी दीवार तोड़ते हुए सीधे घर में जा घुसी। इस हादसे में डेढ़ वर्षीय बच्ची ताशी गुप्ता और 16 वर्षीय किशोर वेदांश वाहन की चपेट में आ गए।

दुर्घटना में मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि किशोर को मामूली चोटें आईं। परिजन घायल बच्ची को तत्काल धूलकोट स्थित ग्राफिक एरा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

पुलिस के अनुसार हादसे के समय वाहन सेलाकुई से बहादुरपुर की ओर जा रहा था, तभी अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया। प्रारंभिक जानकारी में वाहन का एक्सल टूटना या आगे अचानक जानवर का आ जाना दुर्घटना का कारण बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

थाना प्रभारी पीडी भट्ट ने बताया कि दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया है। वाहन को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। चालक लक्खनवाला क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है और उसके एक स्थानीय भाजपा नेता का भतीजा होने की भी चर्चा है।

पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष से तहरीर मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मृतका के पिता पेशे से इंजीनियर हैं और ताशी उनकी इकलौती संतान थी। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।


अवैध प्लॉटिंग पर एमडीडीए सख़्त, देहरादून–ऋषिकेश में सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई

बिना नक्शा मंजूरी निर्माणों पर सीलिंग,अवैध प्लॉटिंग पर बुलडोजर एक्शन

देहरादून। मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा प्राधिकरण क्षेत्रान्तर्गत अवैध निर्माणों और अवैध प्लॉटिंग के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए सीलिंग एवं ध्वस्तीकरण की कार्रवाई निरंतर जारी है। प्राधिकरण द्वारा स्पष्ट किया गया है कि बिना मानचित्र स्वीकृति एवं नियमों के विरुद्ध किए जा रहे किसी भी निर्माण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी क्रम में एमडीडीए की टीम द्वारा देहरादून एवं ऋषिकेश क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर चिन्हित अवैध निर्माणों एवं अवैध प्लॉटिंग पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान संबंधित निर्माणों को सील करने के साथ-साथ जहां आवश्यक हुआ, वहां ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया भी अपनाई गई।

ऋषिकेश क्षेत्र में निर्मल बाग बी-ब्लॉक मार्ग, लेन नंबर–10 के समीप किए जा रहे अवैध निर्माण पर प्राधिकरण की टीम द्वारा सीलिंग की कार्रवाई की गई। निर्माण कार्य बिना आवश्यक अनुमति के किए जाने पर यह कार्रवाई की गई।

तुलसी देवी द्वारा ओल्ड पोस्ट ऑफिस, बनखंडी क्षेत्र, ऋषिकेश में किए जा रहे अवैध निर्माण को भी नियमों के उल्लंघन के चलते सील कर दिया गया। इसके अतिरिक्त ऋषिकेश क्षेत्र में सुनील सोनी द्वारा किए जा रहे अवैध बहुमंजिले भवन पर एमडीडीए द्वारा सख्त रुख अपनाते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। यह भवन बिना स्वीकृत मानचित्र एवं नियमानुसार अनुमति के निर्माणाधीन था। ध्वस्तीकरण की इस कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज, अवर अभियंता अमित भारद्वाज, पूनम सकलानी सहित पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा, जिससे कार्रवाई शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित रूप से संपन्न कराई जा सके।

देहरादून क्षेत्र में भी अवैध प्लॉटिंग के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए फुरकान अन्य आदि द्वारा आसन विहार, हरभजवाला क्षेत्र में लगभग 20 से 25 बीघा भूमि पर की गई अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया। यह कार्रवाई संयुक्त सचिव गौरव चटवाल के आदेशों के क्रम में की गई। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता विजय सिंह रावत, अवर अभियंता अभिजीत सिंह थलवाल एवं सुपरवाइजर मौके पर उपस्थित रहे। एमडीडीए द्वारा दोहराया गया कि अवैध प्लॉटिंग न केवल शहरी नियोजन को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि आम नागरिकों के लिए भविष्य में गंभीर समस्याएं भी उत्पन्न करती है। प्राधिकरण आम जनता से अपील करता है कि किसी भी प्रकार की भूमि खरीदने या निर्माण कार्य शुरू करने से पूर्व संबंधित प्राधिकरण से आवश्यक अनुमति एवं मानचित्र स्वीकृति अवश्य प्राप्त करें।प्राधिकरण ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में भी अवैध निर्माणों एवं प्लॉटिंग के विरुद्ध ऐसी कार्रवाइयां लगातार जारी रहेंगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी का बयान
उपाध्यक्ष, मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग के विरुद्ध एमडीडीए की कार्रवाई पूरी सख़्ती के साथ लगातार जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना स्वीकृत मानचित्र एवं नियमों के विरुद्ध किए जा रहे किसी भी निर्माण को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। अवैध प्लॉटिंग शहरी नियोजन, पर्यावरण और नागरिक सुविधाओं के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि भूमि क्रय या निर्माण से पूर्व संबंधित प्राधिकरण से अनुमति अवश्य लें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

सचिव मोहन सिंह बर्निया का बयान
सचिव, मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि अवैध निर्माणों और प्लॉटिंग के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई नियमानुसार और चरणबद्ध तरीके से की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्राधिकरण की टीमें लगातार क्षेत्रों का निरीक्षण कर रही हैं और जहां भी अनियमितता पाई जा रही है, वहां तत्काल सीलिंग या ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है। आमजन के हितों की रक्षा एमडीडीए की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


भारतीय परंपराओं में विश्व की समस्याओं का समाधान निहित है- अमित शाह

हरिद्वार में गायत्री परिवार के शताब्दी समारोह में शामिल हुए गृह मंत्री अमित शाह

हरिद्वार। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरूवार को हरिद्वार में आयोजित अखिल विश्व गायत्री परिवार के शताब्दी वर्ष समारोह में गायत्री परिवार द्वारा किए जा रहे सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यों की सराहना की तथा आचार्य श्रीराम शर्मा के योगदान का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपराओं में विश्व की समस्याओं का समाधान निहित है।

गृह मंत्री ने कहा कि श्रीराम शर्मा आचार्य ने सनातन धर्म में व्याप्त विकृतियों को दूर कर आध्यात्मिकता को सामाजिक सरोकारों से जोड़ा तथा समानता, संस्कृति, एकता और अखंडता के मूल्यों को सुदृढ़ किया। उन्होंने “व्यक्ति निर्माण से समाज निर्माण और राष्ट्र निर्माण” के विचार को व्यवहार में उतारने का मार्ग प्रशस्त किया। शाह ने आचार्य जी के संदेश “हम सुधरेंगे, युग सुधरेगा” को मानव कल्याण का मूल मंत्र बताते हुए इसे जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।

गृह मंत्री ने कहा कि बीते दस वर्षों में देश की कार्य-संस्कृति और सोच में बड़ा सकारात्मक परिवर्तन आया है। आज भारत को उसकी गौरवशाली विरासत, संस्कृति और मूल्यों के संदर्भ में आदर भाव से देखा जा रहा है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद और अरविंद घोष जैसे युगपुरुषों के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत के उत्कर्ष से मानवता का उत्कर्ष सुनिश्चित होगा। उन्होंने कहा कि देवभूमि हरिद्वार में कदम रखते ही आध्यात्मिक अनुभूति होती है और गायत्री मंत्र व्यक्ति के भीतर सद्भाव, राष्ट्र सेवा और मानव कल्याण की चेतना को जाग्रत करता है। उन्होंने युवाओं से आत्म-सुधार को सबसे बड़ी सामाजिक सेवा मानकर इसे जीवन में अपनाने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि गायत्री परिवार एक वटवृक्ष के समान है, जो आध्यात्मिक चेतना का प्रचार-प्रसार करते हुए समाज को शांति और सकारात्मकता की छाया प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज भारत अपनी गौरवशाली संस्कृति, ज्ञान और विज्ञान को नए स्वरूप में पुनः स्थापित कर रहा है और सनातन संस्कृति का यह विराट संदेश विश्व तक पहुँचे, इसके लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि गायत्री परिवार समाज में आध्यात्मिक जनजागरण का कार्य कर रहा है।

अखिल विश्व गायत्री परिवार से डॉ. चिन्मय पांड्या ने कहा कि गायत्री परिवार का मूल दर्शन समाज से विमुख होना नहीं, बल्कि समाज में रहकर मानव कल्याण और सामाजिक उत्थान के कार्यों को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि संस्थान प्राचीन वेद, उपनिषद और गीता से प्रेरणा लेते हुए आधुनिक तकनीक को आत्मसात कर शिक्षा, प्रशिक्षण और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म रक्षा के लिए राष्ट्र धर्म रक्षा जरूरी हैं।

कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला, राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दया शंकर सिंह, विधायक मदन कौशिक सहित देश-विदेश से आए बड़ी संख्या में गायत्री साधक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।


जलवायु परिवर्तन से पर्वतीय कृषि प्रभावित, जल संरक्षण जरूरी- सतपाल महाराज

सतपुली में जलागम महोत्सव आयोजित, मंत्री सतपाल महाराज ने उत्कृष्ट किसानों को किया सम्मानित

सतपुली। जलागम मंत्री मंत्री  सतपाल महाराज प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना वाटरशेड विकास घटक 2.0 के अंतर्गत आयोजित जलागम महोत्सव में शामिल हुए।
उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों व ग्राम पंचायत को सम्मानित किया।

सतपुली के नगर पंचायत मैदान में आयोजित कार्यक्रम में सतपाल  महाराज ने कहा कि वैश्विक स्तर पर हो रहे जलवायु परिवर्तन का प्रभाव उत्तराखंड के पर्यावरण पर दिखाई दे रहा है और इससे पर्वतीय कृषि भी प्रभावित हो रही है। ऐसे में जलागम क्षेत्र के आधार पर मृदा एवं जल संरक्षण गतिविधियां काफी प्रभावकारी रही हैं।

उन्होंने कहा कि जलागम महोत्सव जैसे आयोजन जन भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। इसके अंतर्गत जल संरचनाओं की सफाई, प्रभात फेरी, वृक्षारोपण आदि विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि मानव वन्य जीव संघर्ष रोकने के लिए भी सरकार द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर सचिव जलागम  दिलीप जावलकर ने कहा कि जलागम विभाग द्वारा पिछले कई दशकों से सूक्ष्म जलागम स्तर पर जल संरक्षण एवं संरक्षण हेतु समग्र उपचार गतिविधियां की जा रही हैं।  इसी क्रम में केंद्र सरकार द्वारा वित्त पोषित “प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना- जलागम विकास 2.0” एक महत्वपूर्ण परियोजना है। यह परियोजना वर्ष 2021-22 से प्रदेश के तीन जनपदों पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और पौड़ी में संचालित की जा रही थी, जिसमें इसी वर्ष चम्पावत जिले के दो विकासखंडों को भी शामिल किया गया है।

अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी कहकशां नसीम ने जलागम विभाग की विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि पौड़ी जिले में जलागम की सभी परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जलागम महोत्सव जैसे कार्यक्रमों से गांव-गांव तक जलागम विकास की जानकारी पहुंचती है और लोग पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान देने के प्रति जागरूक होते हैं।

इस अवसर पर डीएफओ महातिम यादव ने लोगों से लिसा वाजली बूटी के उद्योग में आगे आने की बात कही। उन्होंने कहा कि मौसम परिवर्तन से भालू की जीवन चक्र में बदलाव आया है। साथी तेंदुओं की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है। इस विषय को लेकर वन विभाग लगातार काम कर रहा है।

जलागम महोत्सव में 14 उत्कृष्ट कृषक, 13 उत्कृष्ट गांव, 3 उत्कृष्ट जलागम, एक उत्कृष्ट अमृत सरोवर के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने वाली शख्सियतों को सम्मानित किया गया। इस दौरान जलवायु अनुकूल बारानी कृषि परियोजना के विभिन्न यूनिट कार्यालय के भवन का भी शुभारंभ किया गया।

संयुक्त निदेशक डा. एके डिमरी ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों का धन्यवाद व्यक्त किया। इस दौरान  उप निदेशक डा. डीएस रावत, उप परियोजना निदेशक  अजय कुमार व भरत सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र चौहान, जिला पंचायत सदस्य बलवंत सिंह नेगी आदि उपस्थित रहे।


बिना जिम के वजन घटाने का आसान तरीका, डॉक्टर ने बताया फॉर्मूला

वजन घटाने को लेकर आमतौर पर लोगों के मन में जिम, कठिन एक्सरसाइज और सख्त डाइट की तस्वीर उभरती है, लेकिन मशहूर चिकित्सक डॉ. मल्हार गणला ने इस सोच को चुनौती दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में उन्होंने दावा किया है कि सही पोषण और जीवनशैली में छोटे बदलाव अपनाकर बिना भारी वर्कआउट के मात्र ढाई महीने में 10 किलो तक वजन कम किया जा सकता है।

डॉ. गणला का कहना है कि वजन बढ़ने और घटने की प्रक्रिया केवल एक्सरसाइज पर निर्भर नहीं करती, बल्कि यह शरीर के अंदर पोषक तत्वों के संतुलन और रोजमर्रा की आदतों से जुड़ी होती है। गलत डाइट और भूखे रहने की आदत मेटाबॉलिज्म को कमजोर कर देती है, जिससे वजन घटने के बजाय बढ़ने लगता है।

जिम न जा पाने वालों के लिए राहत की खबर

यह तरीका खासतौर पर उन लोगों के लिए कारगर बताया जा रहा है, जो व्यस्त दिनचर्या या समय की कमी के कारण जिम नहीं जा पाते। डॉक्टर ने तीन बुनियादी सिद्धांत बताए हैं, जिन्हें अपनाकर शरीर को प्राकृतिक रूप से फैट बर्न करने की स्थिति में लाया जा सकता है।

भूख को दबाने की बजाय समझने की सलाह

डॉ. गणला के अनुसार, वजन घटाने की शुरुआत भूख को मारने से नहीं, बल्कि उसे समझने से होती है। जब शरीर को जरूरी पोषक तत्व नहीं मिलते, तो वह बार-बार खाने के संकेत देता है। इस समस्या से निपटने के लिए उन्होंने ओमेगा-3 और 6, विटामिन D, विटामिन K2, मैग्नीशियम और रोजाना मल्टीविटामिन लेने की सलाह दी है। उनका दावा है कि इससे शरीर की न्यूट्रिएंट की कमी पूरी होती है और अनावश्यक खाने की इच्छा कम हो जाती है।

बाहर का खाना छोड़ना है जरूरी

वजन घटाने का दूसरा अहम नियम है बाहर के जंक और प्रोसेस्ड फूड से दूरी। डॉक्टर का कहना है कि घर का बना संतुलित भोजन न केवल सुरक्षित होता है, बल्कि यह मेटाबॉलिज्म को स्थिर रखने में भी मदद करता है। ऑफिस या बाहर जाते समय घर से खाना लेकर निकलने की आदत वजन घटाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

शुरुआती दौर में भारी एक्सरसाइज से परहेज

डॉ. गणला का सुझाव है कि शुरुआती ढाई महीनों तक भारी जिम वर्कआउट करने की जरूरत नहीं होती। इस दौरान हल्की वॉक, सीढ़ियों का इस्तेमाल और योग जैसे सूर्य नमस्कार पर्याप्त हैं। जब शरीर इन बदलावों के साथ तालमेल बिठा ले, तब एक्सरसाइज को धीरे-धीरे बढ़ाया जा सकता है।

स्वस्थ और स्थायी वजन घटाने का संदेश

विशेषज्ञों के मुताबिक, यह तरीका “क्रैश डाइट” और जरूरत से ज्यादा कसरत के खतरों से बचाता है। सही पोषण, संतुलित भोजन और नियमित दिनचर्या अपनाकर वजन घटाना न केवल आसान बनता है, बल्कि लंबे समय तक बना भी रहता है।

नोट: यह लेख सामान्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार किया गया है। किसी भी प्रकार के सप्लीमेंट या डाइट प्लान को अपनाने से पहले चिकित्सक की सलाह लेना आवश्यक है।

(साभार)


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp