Wednesday, November 18, 2026
10:31 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

अजेंद्र अजय ने बीकेटीसी को दिया नया आयाम

Category Archives: राष्ट्रीय

अजेंद्र अजय ने बीकेटीसी को दिया नया आयाम

03 साल के दौरान बदली बीकेटीसी की कार्यसंस्कृति, किया सुधार

विकास कार्यों के लिए चर्चित रहेगा अजेंद्र अजय का कार्यकाल

देहरादून। श्री बदरीनाथ – केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष अजेंद्र अजय का तीन वर्ष का कार्यकाल इस 7 जनवरी को पूरा हो जाएगा। अध्यक्ष के रूप में अजेंद्र ने तमाम गतिरोधों के बीच अभूतपूर्व कार्य करते हुए बीकेटीसी को एक नई पहचान दिलाई। अजेंद्र ने अपने खिलाफ हुए विरोधों को दरकिनार करते हुए सुधारों की बयार को जारी रखा। अपने तीन वर्ष के कार्यकाल में उन्होंने हर मोर्चे पर बीकेटीसी में कई मील के पत्थर तय किये।

वर्ष 2022 में उत्तराखंड चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड भंग करने के बाद सरकार ने विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले बीकेटीसी का गठन कर भाजपा के युवा नेता अजेंद्र अजय को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी थीं। तब कोविड काल के पश्चात मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चारधाम यात्रा को फिर से एक नया स्वरुप देने की कोशिशों में लगे हुए थे। अजेंद्र ने भी पदभार ग्रहण करते ही यात्रा को सुव्यवस्थित करने और बदरीनाथ व केदारनाथ समेत 47 छोटे-बड़े मंदिरों का प्रबंधन देखने वाली बीकेटीसी के ढांचे व कार्य संस्कृति में बड़े बदलाव लाने की पहल शुरू की।

वर्ष 1939 में अंग्रेजों के समय गठित बीकेटीसी में अजेंद्र ने सफाई अभियान चलाया। उन्होंने पहली बार बीकेटीसी में व्यापक स्तर पर कार्मिकों का स्थानांतरण कर भूचाल ला दिया। कई कार्मिकों ने स्थानांतरण नीति को असफल करने की कोशिश की। मगर अजेंद्र किसी दवाब में नहीं आये और उन्होंने स्थानांतरण आदेशों का सख्ती से पालन कराया। बीकेटीसी में पहली बार किसी कार्मिक का निलंबन भी उनके कार्यकाल में ही हुआ। उन्होंने बीकेटीसी के विश्राम गृहों और प्रोटोकॉल व्यवस्था से जुड़े कार्मिकों को यात्रियों के साथ आतिथ्य पूर्ण व्यवहार के तौर – तरीके सिखाने के लिए गढ़वाल विश्वविद्यालय के पर्यटन विभाग में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कराया।

अजेंद्र ने बीकेटीसी में वित्तीय पारदर्शिता और वित्तीय प्रबंधन पर जोर दिया। बीकेटीसी जैसे महत्पूर्ण संस्थान में वित्त अधिकारी का पद नहीं था। उन्होंने शासन से वित्त अधिकारी का पद सृजित कराते हुए इस पर प्रदेश वित्त सेवा के अधिकारी की तैनाती कराई। उनके कुशल वित्तीय प्रबंधन का परिणाम है कि कभी वेतन और पेंशन देने के लिए परेशानियों का सामना करने वाली बीकेटीसी की आय में आज कई गुना वृद्धि हुई है। यही नहीं पहली बार बीकेटीसी ने यात्रा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए विगत यात्राकाल में दस करोड़ रूपये की धनराशि प्रदेश सरकार को सौंपी।

अध्यक्ष के रूप में अजेंद्र के कार्यकाल में एक अभूतपूर्व कार्य कार्मिकों के लिए सेवा नियमावली बनाना रहा है। सेवा नियमावली के अभाव में कर्मचारियों की नियुक्ति से लेकर पदोन्नति आदि में पारदर्शिता नहीं रहती थी। मनमाने तरीके से नियुक्तियां होने के कारण आज बीकेटीसी में करीब सात सौ कार्मिकों का भारी-भरकम ढांचा खड़ा हो गया है। बीकेटीसी में सेवा नियमावली बनाना आसान काम नहीं था। संवैधानिक पहलुओं के साथ ही धार्मिक मान्यताओं व परम्पराओं में समन्वय स्थापित करते हुए नियमावली का गठन चुनौतीपूर्ण था। कुछ लोगों ने इसमें भी बाधा पैदा करने के कई कोशिशें की। मगर अजेंद्र ने विरोध झेलते हुए भी इसे प्रदेश कैबिनेट से पारित करा दिया।

अजेंद्र ने अपने कार्यकाल में अपने अधीन उपेक्षित पड़े तमाम मंदिरों के जीर्णोद्वार व सौंदर्यीकरण के कार्य व्यापक स्तर पर कराये। विश्राम गृहों का मरम्मत व उच्चीकरण किया। वर्ष 2013 की आपदा में केदारनाथ धाम में नष्ट हो गयी बीकेटीसी की सम्पत्तियों को फिर से खड़ा करने की पहल की। उनके कार्यकाल में केदारनाथ धाम के गर्भगृह को स्वर्ण मंडित करने का निर्णय चर्चाओं में रहा। राजनीतिक कारणों से कुछ लोगों ने भले ही इस पर विवाद खड़ा करने की कोशिश की हो। मगर गर्भगृह की स्वर्णिम आभा देश-दुनिया के श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना है।

बदरी- केदार में श्रद्धालुओं को दर्शन कराने के नाम पर बड़ा खेल होता है। इसमें संगठित गिरोह काम करता है, जो श्रद्धालुओं से अवैध रूप से पैंसा लेकर उनको दर्शन कराता है। अजेंद्र ने व्यवस्थाओं में सुधार कर इस पर काफी हद तक लगाम लगाने की कोशिश की। इस कारण वो दर्शनों का अवैध कारोबार चलाने वाले गिरोह की आंखों की किरकिरी बन गए। अजेंद्र ने भविष्य में दर्शन व्यवस्था को बेहत्तर बनाने के लिए बीकेटीसी का अपना सुरक्षा संवर्ग बनाने की पहल की। सुरक्षा संवर्ग का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक स्तर का अधिकारी करेगा। शासन ने सुरक्षा संवर्ग के लिए 57 पदों के सृजन की अनुमति दे दी है। यदि सब कुछ योजनानुसार रहा तो आगामी यात्राकाल में मंदिरों में दर्शन व्यवस्था का जिम्मा बीकेटीसी के सुरक्षाकर्मियों के हाथ में होगी।

अजेंद्र के सुधारवादी कदम कई लोगों को रास नहीं आये। उन्होंने बीकेटीसी की कार्यप्रणाली में पूर्व से चली आ रही नियम विरुद्ध कई परम्पराओं को तोड़ने का प्रयास किया। पूर्व के कई अध्यक्षों के कार्यकाल में बीकेटीसी के सदस्यों को मन माफिक तरीके से कार्य करने की छूट मिली थी। अजेंद्र ने नियमों और अनुशासन की सीमा रेखा खींच दी तो कुछ सदस्यों ने अपने स्वार्थों की पूर्ति नहीं होते देख पूरे समय अध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोले रखा। अजेंद्र के विरुद्ध अफवाहों और दुष्प्रचार का एक संगठित अभियान चलाया गया। मगर अजेंद्र ने ऐसे तमाम हथकंडों की परवाह किए बिना अपने कार्यों को अंजाम दिया। बहरहाल, बीकेटीसी अध्यक्ष के रूप में अजेंद्र कुछ लोगों की आंखों की किरकिरी भले बने रहे हों। मगर उनके द्वारा ईमानदारी व निर्भीकता से लिए गए निर्णयों ने उन्हें आम जनता में एक कुशल प्रशासक के रूप में स्थापित किया है।


नाबालिग खिलाड़ी ने अपने कोच पर लगाया दुष्कर्म का आरोप, कोच को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू 

हरिद्वार। आगामी दिनों में रोशनाबाद में राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होना है। जिसके लिए फिलहाल तैयारी चल रही है, वहीं खिलाड़ियों के भी रोशनाबाद स्पोर्ट्स स्टेडियम में शिविर चल रहे हैं, जहां खिलाड़ियों को अभ्यास कराया जा रहा है। इस बीच पुलिस को तहरीर देते हुए एक नाबालिग खिलाड़ी ने बताया कि उसके कोच ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया है। पुलिस ने किशोरी को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है। कोच से भी पूछताछ शुरू कर दी गई। मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है।

इसके तुरंत बाद पुलिस ने खिलाड़ी को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भिजवाया और कोच को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई।

थानाध्यक्ष मनोहर भंडारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।


साइबर क्राइम और मिस इनफॉर्मेशन पर पी आर एस की कॉन्फ्रेंस

साइबर क्राइम की शिकायत के लिए 1930 पर तुरंत कॉल करें

भ्रामक सूचनाओं से बचने के लिए थिंक बिफ़ोर यू शेयर के साथ साथ थिंक बिफ़ोर यू केयर जरूरी

देहरादून। पब्लिक रिलेशंस सोसाइटी ऑफ इंडिया (PRSI), देहरादून चैप्टर द्वारा “साइबर क्राइम और मिस इन्फोर्मेशन : चुनौतियां और समाधान” विषय पर एक राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीपप्रज्वलन कर किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य साइबर अपराध और गलत सूचना के बढ़ते खतरे पर जागरूकता बढ़ाना और इन चुनौतियों का समाधान ढूंढना था।

मुख्य अतिथि संयुक्त निदेशक सूचना विभाग, डॉ. नितिन उपाध्याय ने कहा कि सोशल मीडिया में मिलने वाली किसी भी सूचना को मानने या फॉरवर्ड करने से पहले उस पर कुछ पल के लिए विचार कर लेना चाहिए। हमारी जिम्मेवारी है कि जल्दी सूचना देने में गलत या भ्रामक सूचना न चली जाए। थिंक बिफ़ोर यू शेयर के साथ साथ थिंक बिफ़ोर यू केयर भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने फेक न्यूज़ या मिस इनफार्मेशन के लिए AAA प्लान की बात कही। इसमें अवेयरनेस यानी जागरूकता, एडवोकेसी यानी सही नीतियों नियम क़ानून के लिए बात उठाना और एक्शन यानी सही जानकारी देकर मिस इंफ़ॉर्मेशन को ख़त्म करना शामिल है।

अंकुश मिश्रा, उप पुलिस अधीक्षक, साइबर क्राइम स्टेशन ने कहा कि 1930 भारत में राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन का टोल-फ्री नंबर है, जिसके माध्यम से नागरिक ऑनलाइन साइबर अपराध और वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज करा सकते हैं। यह सेवा 24×7 उपलब्ध है और साइबर सुरक्षा को मजबूत बनाने में मदद करती है। उन्होंने कहा कि साइबर क्राइम से बचाव केवल जागरूकता के माध्यम से ही हो सकता है। आम लोगों को जागरूक करने में मीडिया महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

मिश्रा ने साइबर अपराध के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डीप फेक में कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग कर नकली वीडियो और ऑडियो तैयार किए जाते हैं। पेंशन धारकों को फर्जी कॉल्स और मैसेज भेजकर ठगी के मामले होते हैं। मिश्रा ने सिम अपग्रेडेशन फ्रॉड, निवेश धोखाधड़ी, बायोमेट्रिक डेटा चोरी कर ठगी, अवैध गतिविधियों का डिजिटल नेटवर्क डॉकनेट, कूरियर फ्रॉड, फिशिंग और विशिंग, स्किमिंग और आरएफआईडी स्किमिंग, नकली क्यूआर कोड के माध्यम से पैसा चुराना, केवाईसी धोखाधड़ी,नकली मोबाइल ऐप के जरिए ठगी, एआई आधारित वॉयस क्लोनिंग की विस्तार से जानकारी देते हुए इनसे बचाव के उपाय बताए।

मिश्रा ने कहा कि साइबर अपराधियों को ट्रेस करने और कार्यवाही करने में उत्तराखंड पुलिस की परफोर्मेंस काफी बेहतर रही है। उन्होंने ऐसे बहुत से मामलों की भी जानकारी दी कि किस प्रकार लोग शिकार हुए और उत्तराखंड पुलिस ने कार्यवाही की। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि हमें अपने बायोमैट्रिक जानकारी को लॉक करके रखना चाहिए। आधार की वेबसाइट पर जाकर आसानी से ये किया जा सकता है। किसी भी अनजान लिंक को भूलकर भी ना खोलें। हेल्पलाइन नंबर गूगल से न लेकर संबंधित की आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त करें। अंजान नंबर से आए व्हाट्सप्प वीडियो कॉल को न उठाएं। अंजान नंबर से कोई धमकी दी जाती है या किसी भी तरह की बात की जाती है तो घबराएं नहीं, एकदम से रिएक्ट न करें और दी गई जानकारी को वेरिफाई करा लें। जागरूक बने, भय और लालच से बचें।

ईशान भूषण, सहायक प्रबंधक, कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन, टीएचडीसी ने कहा कि स्मार्टफोन की उपलब्धता आज सभी को है। हम जो भी बोलते हैं, सर्च करते हैं, उस पर नजर रहती है। व्यक्ति विशेष के अनुसार भ्रामक सूचनाएं सृजित कर भेजी जाती हैं। ऐसे में निरंतर सजगता बहुत जरूरी है। उन्होंने बिग डाटा और सूचनाओं के सोर्स की जानकारी के लिए विभिन्न टूल्स के बारे में बताया।

इस अवसर पर पीआरएसआई देहरादून के अध्यक्ष रवि बिजारणियां ने कहा कि देहरादून चैप्टर द्वारा जनजागरूकता के उद्देश्य से आज का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। भविष्य में भी अन्य विषयों पर ऐसे ही कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। इस अवसर पर उपाध्यक्ष डॉ. अमरनाथ त्रिपाठी, सचिव अनिल सती, कोषाध्यक्ष सुरेश चंद्र भट्ट, वैभव गोयल, संजय सिंह, शिवांगी सिंह, अजय डबराल, संजय भार्गव, अनिल दत्त शर्मा, अनिल सती सहित अन्य सदस्य और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन अनिल वर्मा ने किया।


दून-मसूरी पैदल ट्रैक के नैचुरल लुक को बरकरार रखा जाय- सीएम धामी

सीएम ने देहरादून- मसूरी ट्रैक पर ट्रैकर्स से लिया फीडबैक

राज्य में स्थित दूसरे ट्रैक रूट में भी किया जाएगा सुधार

मसूरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून से मसूरी ट्रैक रूटबक पैदल निरीक्षण करते हुए इस मार्ग पर मूलभूत सुविधाएं तय करने के निर्देश दिए। उन्होंने एमडीडीए को निर्देश दिए कि ट्रैक के नैचुरल लुक को बरकरार रखते हुए इस मार्ग पर देश – विदेश से आने वाले ट्रैकर्स, टूरिस्ट और आम – जनमानस को बैठने, खाने – पीने, शौचालय इत्यादि की बेसिक सुविधाएं डेवलप की जाए। बेहतर स्वच्छता, रूट मार्गदर्शन हेतु आकर्षक साइनेज और रेलिंग लगाई जाए। इसके साथ ही सुरक्षा और आपातकालीन उपाय भी किए जाएं।

अवलोकन के दौरान उन्होंने सीनियर सिटीजन और पुराने ट्रैकर्स से भी बातचीत की तथा उनके द्वारा प्राप्त फीडबैक को भी रूट डेवलपमेंट में शामिल करने के अधिकारियों को निर्देश दिए।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में स्थित दूसरे ट्रैकिंग रूट को भी और बेहतर बनाया जाएगा जिससे देश- विदेश से आने वाले टूरिस्ट और ट्रैकर्स उत्तराखंड की नैसर्गिकता, सुंदरता और वसुधैव कुटुंबकम की संस्कृति का आनंद ले सके तथा यहां से अच्छे अनुभव लेकर जाएं।

इस दौरान महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, सदस्य सचिव प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड पराग धकाते सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।


सेना का वाहन खाई में गिरा, चार सैनिकों की मौत 

दो जवान घायल 

जम्मू-कश्मीर। बांदीपोरा जिले में सेना का एक वाहन खाई में गिर गया। हादसे में चार सैनिकों की मौत हो गई। जबकि दो अन्य घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर राहत एवं बचाव कार्य चल रहा है। जानकारी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा में शनिवार दोपहर यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि फिसलन के कारण सेना का एक ट्रक पहाड़ी से नीचे खाई में गिर गया। इस हादसे में चार जवानों की मौत हो गई।

जबकि दो  घायल हो गए। इनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।यह दुर्घटना बंदीपोरा के सदरकूट पाईन इलाके में हुई जहां सेना का ट्रक फिसलन के कारण खाई में जा गिरा। हादसे के बाद स्थानीय पुलिस और सेना के अन्य जवान राहत कार्य में जुट गए। इस घटना के कारणों की जांच की जा रही है। 


सीएम धामी ने शहंशाही आश्रम से – झड़ीपानी पैदल रूट को नापा

सीएम धामी ने रविवार को सपरिवार ट्रैकिंग के पर्यटकों को दिया संदेश

..और कहा, चले आइए….इस शीतकाल यात्रा में देवभूमि उत्तराखण्ड !

देहरादून। सीएम धामी ने शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए दून से मसूरी की पहाड़ियों तक सपरिवार ट्रैकिंग की। इस दौरान सीएम के चिकित्सक डॉ एन एस बिष्ट, पत्नी गीता धामी,पुत्र व स्टाफ के सदस्य भी पैदल ट्रेक पर चले। शहंशाही आश्रम, ओल्ड राजपुर रोड (देहरादून) – झड़ीपानी (मसूरी) रूट पर ट्रेकिंग की। यह ट्रेक न केवल साहसिक गतिविधियों का हिस्सा है बल्कि इस यात्रा के दौरान प्रकृति की अद्भुत सुंदरता, शुद्ध हवा और शांत वातावरण का भी अनुभव होता है।

उत्तराखण्ड में इस तरह के अनेक ट्रेक विशेष आकर्षण का केंद्र हैं। शीतकालीन यात्रा के दौरान भी राज्य में आने वाले पर्यटक व स्थानीय लोग भी ट्रेकिंग का आनंद ले सकते हैं। इस मौके पर सीएम धामी ने कहा कि शीतकाल में बर्फ से ढके पहाड़, शीतल व शुद्ध हवा और मनमोहक दृश्य उत्तराखंड के प्राकृतिक सौंदर्य को और भी अद्वितीय बना देते हैं। साहसिक गतिविधियों के लिए भी उत्तराखण्ड आदर्श स्थल है, अब केवल ग्रीष्मकाल ही नहीं बल्कि शीतकाल में भी उत्तराखण्ड आपके स्वागत के लिए तैयार है।

गौरतलब है कि इस बार भाजपा सरकार ने जाड़ों में मुखबा, उखीमठ, जोशीमठ व खरसाली के मंदिरों में आने के लिए श्रद्धालुओं को गेस्ट हाउस किराये में छूट दी है। अभी तक इन धार्मिक स्थलों में लगभग 30 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं।


कॉमन सर्विस सेंटरों किसी भी धोखाधड़ी गतिविधि में शामिल न हों – सीएस

मूल आधार कार्ड और राशन कार्ड मांगने के लिए सूचीबद्ध अस्पतालों को निर्देश जारी

देहरादून। मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने जानकारी दी है कि आयुष्मान कार्ड राज्य के एनएफएसए/एसएफएसए राशन कार्ड धारक लाभार्थी को जारी किया जाता है। सीएस ने स्पष्ट किया कि कार्ड निर्माण के दौरान आधार का उपयोग केवल केवाईसी के लिए किया जाता है। राज्य के पास संग्रहित डेटाबेस ( Stored Database) में मौजूद आधार के विवरण तक किसी भी प्रकार की पहुंच नहीं है।फर्जी कार्डों की जांच के लिए एनएचए की मदद से पहले से जारी आयुष्मान कार्डों का विश्लेषण और सत्यापन किया जाता है ।

भर्ती के दौरान आधार पर अंकित पते की प्रामाणिकता की जांच करने और मूल आधार कार्ड और राशन कार्ड मांगने के लिए सूचीबद्ध अस्पतालों को एडवाइजरी जारी की जा रही है। पिछले 1-2 वर्षों के दौरान बने राशन कार्डों, विशेष रूप से राशन कार्ड में केवल एक सदस्य होने के सत्यापन के लिए खाद्य विभाग को निर्देश जारी किए जा रहे हैं |

मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने जानकारी दी है कि अन्य राज्यों से आने वाले लाभार्थियों के मामले में अधिक सतर्क रहने और मूल आधार कार्ड और राशन कार्ड मांगने के लिए सूचीबद्ध अस्पतालों को निर्देश दिए जा रहे हैं।

कॉमन सर्विस सेंटरों को सख्त निर्देश दिए जा रहे हैं कि वे किसी भी धोखाधड़ी गतिविधि में शामिल न हों अथवा सख्त कार्रवाई का सामना करें। एसएचए ऐसी किसी भी धोखाधड़ी गतिविधि का पता लगाने के लिए अधिक सतर्क रहेगा।


लगातार चलेंगे मतदाता जागरूकता कार्यक्रम- मुख्य निर्वाचन अधिकारी

मतदाता जागरूकता में सभी वर्गों की भागीदारी के लिए हर महीने आयोजित होंगे कार्यक्रम, थीम तय की गईं

पीआरएसआई भी करेगा सहयोग, अपने प्लेटफार्म पर करेगा प्रचार

पीआरएसआई, देहरादून ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से की भेंट, मतदाता जागरूकता पर चर्चा

देहरादून। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ बी वी आर सी पुरुषोत्तम ने कहा है कि लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने ले लिए मतदाता जागरूकता कार्यक्रम सतत रूप से चलते रहेंगे। इसके लिए पूरी व्यवस्था की गई है। हर महीने थीम आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों की थीम इस प्रकार बनाई गई है कि सभी वर्गों को मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों से जोड़ा जा सके।

पब्लिक रिलेशंस सोसाइटी ऑफ इंडिया (PRSI), देहरादून चैप्टर ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ बी वी आर सी पुरुषोत्तम से शिष्टाचार भेंट कर मतदाता जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान की रूपरेखा पर चर्चा की। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाता जागरूकता के लिए की गई नई पहलों की जानकारी देते हुए अपेक्षा की कि पीआरएसआई भी मतदाता जागरूकता में सक्रिय सहयोग करेगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने वर्ष 2025 के लिए प्रत्येक महीने की थीम की जानकारी दी।

थीम
जनवरी : नया साल, नए मतदाता लक्ष्य
फरवरी: मतदाता बनें, विजेता बनें
मार्च: सशक्त महिलाएं, सशक्त राष्ट्र
अप्रैल: “शिक्षा से जागरूकता, जागरूकता से मतदान”
मई: “मेरा काम, मेरी पसंद; मेरा वोट, मेरी आवाज़”
जून: हर बारिश की बूंद और हर वोट मायने रखता है
जुलाई: “हरेला का संदेश, वोट बने विशेष”
अगस्त: स्वतंत्रता और चुनावी कर्तव्य
सितंबर: “शिक्षक: चुनावी भागीदारी के स्तंभ”
अक्टूबर: आसान पंजीकरण, आसान सुधार
नवंबर: “संविधान, संकल्प और मतदान – उत्तराखंड के साथ नई उड़ान”
दिसंबर: “सुगम मतदान, सबका सम्मान”

मुख्य निर्वाचन अधिकारी “हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हर नागरिक को अपने मताधिकार का महत्व समझ आए और वह इसका उपयोग करें। इन थीम के माध्यम से, हम पूरे साल जागरूकता अभियान चलाएंगे।”

यह पहल न केवल मतदान प्रक्रिया को सरल बनाने में सहायक होगी, बल्कि समाज में लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में भी योगदान देगी।

पीआरएसआई देहरादून चैप्टर के अध्यक्ष रवि बिजारणियां ने कहा कि पीआरएसआई भी मतदाता जागरूकता के लिए अपने स्तर पर प्रचार प्रसार करेगा। मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों में हर संभव सहयोग किया जाएगा।

इस अवसर पर पीआरएसआई देहरादून के सचिव अनिल सती, कोषाध्यक्ष सुरेश भट्ट, सदस्य प्रताप सिंह बिष्ट, दिनेश कुमार, प्रियांक वशिष्ठ उपस्थित थे।


यूएलएमएमसी ने बनाई यूपी के लिए डीपीआर

खारा हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट में हो रहे भूस्खलन की रोकथाम

यूएलएमएमसी ने सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमान को सौंपी डीपीआर

देहरादून। उत्तराखण्ड भूस्खलन न्यूनीकरण एवं प्रबंधन केन्द्र, देहरादून (यूएलएमएमसी) उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम के नियंत्रणाधीन खारा हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट (सहारनपुर, यूपी) के पिछले भाग में हो रहे भूस्खलन रोकथाम के लिए अहम सुझाव देगा।
इसके लिए डीपीआर बनाने का काम यूएलएमएमसी ने पूरा कर लिया है। यूएलएमएमसी इस पूरी परियोजना की सतत निगरानी भी करेगा।
शनिवार को यूएलएमएमसी के विशेषज्ञों ने सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास/महानिदेशक यूएलएमएमसी विनोद कुमार सुमन को डीपीआर सौंपी।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि खारा हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट के पिछले भाग में भूस्खलन हो रहा है।
परियोजना के प्रतिनिधियों ने डीपीआर बनाने के लिए उत्तराखण्ड भूस्खलन न्यूनीकरण एवं प्रबंधन केन्द्र से संपर्क किया। यूएलएमएमसी के वैज्ञानिकों ने भूस्खलन की रोकथाम हेतु संपूर्ण भूगर्भीय, भू-भौतिकी एवं भू-तकनीकी परीक्षण कर डीपीआर बना ली है। उन्होंने बताया कि यूएलएमएमसी इस परियोजना की निगरानी भी करेगा और भूस्खलन की रोकथाम के लिए उपाय भी सुझाएगा।

बता दें कि खारा हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट (सहारनपुर, यूपी) आसन नदी में ताजेवाला डैम के ऊपर स्थित है। सन् 1992 से विद्युत उत्पादन कर रहे इस डैम की विद्युत उत्पादन क्षमता 72 मेगावाट है। इसका स्वामित्व उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम के पास है। खारा हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट अतिसंवेदनशील पहाड़ियों के मध्य स्थित है, जिनकी भूगर्भीय संरचना संवेदनशील है, जिसमें समय-समय पर भूस्खलन की घटनाएं होती रहती हैं।

इस मौके पर अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रशासन आनंद स्वरूप, वित नियंत्रक अभिषेक आनंद, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मो. ओबैदुल्लाह अंसारी, यूएलएमएमसी के निदेशक शांतनु सरकार, यू-प्रीपेयर के परियोजना निदेशक एसके बिरला आदि मौजूद थे।

बाजार से आधी दरों पर परामर्श देगा यूएलएमएमसी

आपदा प्रबंधन विभाग के अंतर्गत संचालित उत्तराखण्ड भूस्खलन न्यूनीकरण एवं प्रबंधन केंद्र (यूएलएमएमसी) अपने कार्यक्षेत्र में विस्तार करते हुए विभिन्न विभागों को कंसलटेंसी सर्विसेज यानी परामर्श सेवाएं प्रदान कर रहा है। यूएलएमएमसी द्वारा दी जाने वाली सेवाओं की दरें बाजार की मौजूदा दरों से लगभग आधी होंगी। केंद्र विभिन्न विभागों के लिए डीपीआर निर्माण तथा अध्ययन, भूस्खलन प्रबंधन और न्यूनीकरण पर प्रशिक्षण, जलवैज्ञानिक सर्वेक्षण, भूभौतिकीय एवं भूतकनीकी सर्वेक्षण, न्यूनीकरण उपायों की डिजाइनिंग आदि कई अन्य कार्य करेगा। वर्तमान में जो भी कंसलटेंसी फर्में में हैं, उनकी सेवाएं काफी महंगी हैं और यूएलएमएमसी बाजार दरों से आधी दरों पर यह सेवाएं प्रदान करेगा।


उत्तरांचल प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को मुख्यमंत्री धामी ने दिलाई शपथ

देहरादून। उत्तरांचल प्रेस क्लब देहरादून के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य अतिथि के रूप में नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शपथ दिलाई और उन्हें शुभकामनाएं दीं।मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, “इस समारोह में उपस्थित होकर मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। मैं नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देता हूं और आशा करता हूं कि वे अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करेंगे। पत्रकार साथियों को मैं अपना सहयोगी मानता हूं और उनके योगदान को सलाम करता हूं।”

उन्होंने आगे कहा, “मैंने हमेशा कलम को सशक्त माध्यम माना है। मेरी बचपन की इच्छा थी कि मैं कलम का सिपाही बनकर समाज का दर्पण बनूं। सरकार पत्रकारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और शीघ्र ही प्रेस क्लब के लिए नए भवन का निर्माण कार्य प्रारंभ होगा। इसके लिए मैंने सूचना महानिदेशक को आवश्यक निर्देश दिए हैं।”

नवनिर्वाचित पदाधिकारी
इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह कंडारी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अभिषेक मिश्रा, महामंत्री सुरेंद्र सिंह डसीला, संयुक्त मंत्री अभय सिंह कैंतुरा, रश्मि खत्री, कोषाध्यक्ष अनिल चंदोला, संप्रेक्षक शिवेश शर्मा समेत सदस्य कार्यकारिणी सदस्य कार्यकारिणी पद पर मो. असद, शूरवीर सिंह भंडारी, संदीप बड़ोला, पंकज भट्ट, योगेश रतूड़ी, रमन कुमार जायसवाल, मनबर सिंह रावत, किशोर रावत, दीपक बड़थ्वाल ने शपथ ग्रहण की।

कनिष्ठ उपाध्यक्ष सुलोचना पयाल और सदस्य कार्यकारिणी के संदीप बड़ोला व्यक्तिगत कारणों से समारोह में शामिल नहीं हो सके।

पत्रकार गिरिश भंडारी को दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी के दिवंगत पत्रकार गिरिश भंडारी के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, “पत्रकारिता जगत ने एक कर्मठ साथी को खो दिया है। उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।” इस मौके पर गिरिश भंडारी की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।

प्रेस क्लब के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र भसीन और सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने भी कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं और भविष्य में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम का समापन उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह कंडारी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें उन्होंने पत्रकारों के हित में लगातार प्रयास करने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम का संचालन प्रेस क्लब महामंत्री सुरेंद्र सिंह डसीला ने किया।

इस अवसर पर प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष अजय राणा, कार्यवाहक महामंत्री मीना नेगी के साथ ही कई वरिष्ठ सदस्य मौजूद थे।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp