Saturday, November 21, 2026
1:33 AM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

1947 का विभाजन अप्राकृतिक, अखंड भारत हमारा मिशन – गडकरी

Category Archives: राष्ट्रीय

1947 का विभाजन अप्राकृतिक, अखंड भारत हमारा मिशन – गडकरी

अखंड भारत संकल्प दिवस कार्यक्रम में बोले केंद्रीय मंत्री – हर क्षेत्र में मजबूती से ही दुनिया सुनेगी भारत की बात

नागपुर। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भारत को विश्वगुरु और महाशक्ति बनाने के संकल्प पर जोर देते हुए कहा कि जब देश हर क्षेत्र में मजबूत होगा, तब पूरी दुनिया भारत की आवाज़ सुनेगी। राष्ट्र निर्माण समिति द्वारा आयोजित अखंड भारत संकल्प दिवस कार्यक्रम में उन्होंने 1947 के देश विभाजन को अप्राकृतिक बताते हुए अखंड भारत के लक्ष्य को मिशन के रूप में अपनाने का आह्वान किया।

गडकरी ने विविधता में एकता, सशस्त्र बलों के साहस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण में हर नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा, “जो राष्ट्र अर्थव्यवस्था, रक्षा, विज्ञान, कृषि और संस्कृति में प्रगति करता है, वही विश्वगुरु बन सकता है।”

उन्होंने राष्ट्र निर्माण समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए युवाओं में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की जरूरत पर भी बल दिया।


रांची में भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

ऑटोरिक्शा और ट्रक की आमने-सामने टक्कर, एक महिला गंभीर रूप से घायल

रांची। झारखंड की राजधानी रांची में देर रात रांची–पुरुलिया मार्ग पर चामघाटी के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। ऑटोरिक्शा और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

अंगारा थाना प्रभारी हीरालाल साह ने बताया कि मृतकों में दो महिलाएं शामिल हैं। घायल महिला को गंभीर हालत में रांची के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में भर्ती कराया गया है।

नियंत्रण खोने से हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, रांची की ओर जा रहे ऑटोरिक्शा को मुरी से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ट्रक चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिसके चलते यह भीषण दुर्घटना हुई। टक्कर के बाद ट्रक पलट गया और चालक मौके से फरार हो गया।

मृतक और घायल की पहचान
मृतकों की पहचान ऑटोरिक्शा चालक शेख गयासुद्दीन, उनकी मां आयशा खातून, पत्नी जोराद्दीन और बेटे शेख अमन के रूप में हुई है। घायल महिला परिवार की रिश्तेदार बताई जा रही है। यह परिवार रांची के कांटाटोली इलाके में रहता था।

जांच जारी
पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और फरार ट्रक चालक की तलाश चल रही है।


धराली आपदा के कारणों की पड़ताल में जुटे शीर्ष वैज्ञानिक

भूस्खलन शमन, भूविज्ञान और भवन अनुसंधान संस्थानों के विशेषज्ञ कर रहे स्थलीय जांच

धराली। आपदा प्रभावित धराली क्षेत्र में नुकसान और घटना के संभावित कारणों की जांच के लिए शासन द्वारा गठित विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुँची। टीम में उत्तराखंड भूस्खलन शमन एवं प्रबंधन केंद्र (ULMMC) के निदेशक शांतनु सरकार, केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान (CBRI) रुड़की के मुख्य वैज्ञानिक डॉ. डी.पी. कानूनगो, भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (GSI) के निदेशक रवि नेगी, वाडिया हिमालय भूविज्ञान संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. अमित कुमार और ULMMC के प्रधान सलाहकार मोहित कुमार शामिल रहे।

विशेषज्ञों ने प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए मलबे के नमूनों का संग्रह किया, खीरगाड़ के प्रवाह क्षेत्र और मलबे के फैलाव का अध्ययन किया तथा स्थानीय निवासियों से प्रत्यक्ष जानकारी जुटाई। जांच का कार्य आगे भी जारी रहेगा।


श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में विश्व अंगदान दिवस पर किडनी दानदाताओं का सम्मान

अब तक 30 सफल किडनी प्रत्यारोपण कर चुका है अस्पताल

देहरादून। विश्व अंगदान दिवस के अवसर पर श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल, देहरादून ने समाज के सच्चे नायकों – गुर्दा दानदाताओं – को सम्मानित कर उनके अद्वितीय योगदान को सराहा। बुधवार को आयोजित इस विशेष समारोह में दानदाताओं को सम्मान-पत्र और पुरस्कार प्रदान किए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ श्री गुरु राम राय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड हेल्थ साइंसेज़ के प्राचार्य डॉ. अशोक नायक, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनिल मलिक और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय पंडिता द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

नेफ्रोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. आलोक कुमार ने अंगदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, “अंगदान किसी को दिया गया जीवन का सबसे बड़ा तोहफा है। एक मृत व्यक्ति अपने अंगों से आठ लोगों को नया जीवन दे सकता है।” उन्होंने एक प्रेरणादायक उदाहरण साझा करते हुए बताया कि पिछले वर्ष एक 19 वर्षीय युवक की असमय मृत्यु के बाद उसके परिजनों ने साहसी निर्णय लेकर उसकी दोनों किडनियां, लिवर और आंखें दान कीं, जिससे छह लोगों को नया जीवन और दृष्टि मिली।

डॉ. आलोक कुमार ने यह भी बताया कि श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में अब तक 30 सफल किडनी प्रत्यारोपण हो चुके हैं। इस कार्य में अस्पताल की अनुभवी और समर्पित टीम – डॉ. विवेक रुहेला, डॉ. गौरव शर्मा, डॉ. कमल शर्मा, डॉ. विवेक विज्जन और डॉ. विमल कुमार दीक्षित का महत्वपूर्ण योगदान है।

कार्यक्रम में अंगदान की प्रक्रिया, जनजागरूकता और परिवार की भूमिका पर भी चर्चा की गई। सभी उपस्थितजन इस बात पर एकमत रहे कि अंगदान को जन-जन तक पहुंचाना ही सबसे बड़ी सेवा है। इस अवसर पर डॉ. डोरछम ख्रेमे और किडनी ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर सुषमा कोठियाल भी उपस्थित रहीं।


केदारपुरम में योगा पार्क और विकास कार्यों का लोकार्पण, मुख्यमंत्री धामी ने किया ‘निगम सारथी’ लॉन्च

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को देहरादून नगर निगम के अंतर्गत केदारपुरम में योगा पार्क एवं अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने एआई चैटबॉट ‘निगम सारथी’ लॉन्च किया और हरित नीति के डोक्यूमेंट का अनावरण भी किया। मुख्यमंत्री ने पर एक पेड़ माँ नाम के नाम के तहत रूद्राक्ष का पौधा रोपा, जो सरकार द्वारा चलाये गये बृहद पौधारोपण अभियान के तहत नगर निगम क्षेत्र देहरादून के अन्तर्गत इस वर्ष रोपा गया एक लाखवां पौधा था। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्वच्छता सम्मान सेनानियों और कर निरीक्षकों को सम्मानित भी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नशा मुक्ति के लिए सामूहिक शपथ भी दिलाई।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि केदारपुरम में आधुनिक योगा पार्क के जरिए हम राजधानी देहरादून में स्वास्थ्य, खुशहाली और पर्यावरण को साथ लेकर चलने की दिशा में एक और मजबूत कदम उठा रहे हैं। यह योगा पार्क आने वाले समय में शहरवासियों के लिए न केवल आकर्षण का केंद्र बनेगा, बल्कि स्वास्थ्य, फिटनेस सहित सामाजिक गतिविधियों का भी एक प्रमुख केंद्र होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को योग एवं अध्यात्म की वैश्विक राजधानी बनाने के लिए संकल्पित होकर कार्य कर रही है। इसी उद्देश्य के साथ, इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रदेश में देश की पहली ’योग नीति’ लागू कर दी गई है। साथ ही राज्य में आयुर्वेदिक एवं प्राकृतिक चिकित्सा, योग और आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए गढ़वाल और कुमाऊं मंडलों में एक-एक ’’स्पिरिचुअल इकोनॉमिक ज़ोन’’ की स्थापना भी की जा रही है। सरकार का प्रयास है कि योग लोगों की जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बने, जिससे उनका शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास हो सके। इसी सोच के साथ केदारपुरम सहित अन्य पार्कों का निर्माण किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी क्रम में, देहरादून को एक आधुनिक और विकसित शहर बनाने के लिए लगभग 14 सौ करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न विकास परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर वर्ष 2020 में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रारंभ किए गए नशा मुक्त भारत अभियान की पांचवी वर्षगांठ भी मना रहे हैं। इस अभियान को सफल बनाने के लिए हम सभी को मिलकर नशे के खिलाफ एक बड़ी और निर्णायक जंग लड़नी होगी। नशा स्वास्थ्य और सामाजिक प्रतिष्ठा, दोनों को तो नुकसान पहुंचाता है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति के लिए प्रत्येक स्तर पर कार्य कर रहे हैं, इस महत्वपूर्ण कार्य में जनभागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उसके बिना “ड्रग्स फ्री उत्तराखंड“ का हमारा सपना पूरा नहीं हो सकता। राज्य में पिछले 3 वर्षों में जहां मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त चार हजार से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है, वहीं 203 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की नशीली सामग्री भी जब्त की गई है। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे स्वयं भी नशे को पूरी मजबूती के साथ “ना“ कहें और अपने साथियों को भी नशे के लिए ’’ना’’ कहने के लिए प्रेरित करें। मुख्यमंत्री ने पुष्कर सिंह धामी ने कहा का राज्य सरकार ड्रग्स के कारोबार और इससे होने वाली कमाई के खिलाफ ’’जीरो टॉलरेंस’’ की नीति के अनुरूप कार्यवाही कर रही है। इसलिए ’’नशा मुक्त उत्तराखण्ड से नशा मुक्त भारत’’ बनाने के लिए हम कोई कसर नहीं छोड़ेगें।

कार्यक्रम में मेयर सौरभ थपलियाल ने नगर निगम देहरादून द्वारा किये जा रहे विभिन्न कार्यों के बारे में जानकारी दी।

राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सेनी ने इस अवसर पर उत्तरकाशी के धराली में आई आपदा में पीड़ितों के पुनर्वास और राहत कार्यों के लिए एक माह का वेतन और अपने सांसद निधि से एक करोड़ रूपये निर्माण कार्य के लिए प्रदान करने की बात कही।

कार्यक्रम में विधायक उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, सचिव श्रीधर बाबू अदांकी, नगर आयुक्त देहरादून नमामि बंसल, पार्षदगण एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

विकास कार्यों का विवरण

शिलान्यास
गांधी पार्क का विकास एवं सौंदर्यकरण कार्य – 164.33 लाख।

नगर निगम टाउन हॉल का जीर्णोद्वार एवं हाल के अंदर और मुख्य बिल्डिंग के बाहर एफआरपी कार्य- 232.50 लाख।

लोकार्पण
वार्ड 33 यमुना कॉलोनी में पार्क निर्माण कार्य – 139.49 लाख।

वार्ड 88 हरबाजवाला में मछली तालाब का रखरखाव, वनीकरण एवं वाकिंग ट्रेक निर्माण – 170.32 लाख।

वार्ड 58 डिफेंस कॉलोनी केदारापुरम में योगा पार्क का निर्माण एवं अन्य विकास कार्य – 437.07 लाख।


गौलापार मासूम हत्याकांड: आरोपी ने पाटल गेहूं के ड्रम में छिपाया, परिवार की सीबीआई जांच की मांग

हल्द्वानी: गौलापार में हुए 10 वर्षीय मासूम की हत्या के मामले में पुलिस ने एक और सनसनीखेज खुलासा किया है। आरोपी निखिल जोशी ने मासूम का सिर काटने के बाद हत्या में प्रयुक्त पाटल को गेहूं के ड्रम में छिपा दिया था। रिमांड के दौरान उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हथियार बरामद कर लिया। मंगलवार को दो दिन की रिमांड पूरी होने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।

चार अगस्त को हुई थी वारदात
चार अगस्त को गौलापार निवासी मासूम की निर्मम हत्या कर दी गई थी। पांच अगस्त को उसका धड़ घर के पास मिला, जबकि नौ अगस्त को आरोपी की गोशाला से सिर और हाथ बरामद किए गए। जांच में सामने आया कि गला काटने से पहले बच्चे का गला घोंटा गया था। गला काटने के दौरान हाथ गलती से कट गया, ऐसा आरोपी ने कबूल किया, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

परिवार को दिखाया हथियार
पुलिस ने मंगलवार को मासूम के चाचा और चचेरे भाई की मौजूदगी में ड्रम से पाटल निकालकर हथियार परिजनों को भी दिखाया। मृतक के पिता ने कहा कि हथियार देखकर उन्हें कुछ संतोष मिला।

सीबीआई जांच की मांग पर धरना
मासूम के परिजनों ने पुलिस जांच पर अविश्वास जताते हुए हत्या में आरोपी के पूरे परिवार की संलिप्तता का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पुलिस बाकी सदस्यों को बचा रही है। सोमवार से जन एकता पार्टी के अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह के साथ परिवार ने बुद्धपार्क में धरना शुरू किया, जो अब अनिश्चितकालीन आंदोलन में बदल गया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि सीबीआई जांच की मांग पूरी न होने पर उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।


कारगी कूड़ा यार्ड हटाने को लेकर महिला कांग्रेस की मांग तेज, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

दुर्गंध, मच्छरों और जल प्रदूषण से महिलाओं-बच्चों की सेहत पर मंडरा रहा खतरा

देहरादून। उत्तराखंड महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने आज धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में स्थित कारगी कूड़ा प्रबंधन यार्ड से उत्पन्न जनस्वास्थ्य और पर्यावरणीय संकट को लेकर जिलाधिकारी देहरादून को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में यार्ड के तत्काल विस्थापन की मांग की गई है।

रौतेला ने कहा, “कारगी यार्ड से उठती दुर्गंध, मच्छरों का प्रकोप और जल स्रोतों का प्रदूषण क्षेत्रीय जनता के लिए अभिशाप बन चुका है। महिलाएं, बच्चे और वृद्धजन इस संकट से सबसे अधिक प्रभावित हैं। यह केवल स्वच्छता का नहीं, बल्कि जीवन की गरिमा का प्रश्न है।”

ज्ञापन में निम्नलिखित प्रमुख बिंदुओं को रेखांकित किया गया:
– यार्ड से उत्पन्न दुर्गंध और प्रदूषण से अस्थमा, एलर्जी, डेंगू जैसी बीमारियाँ बढ़ रही हैं।
– बरसात के मौसम में कूड़े का रिसाव जल स्रोतों को प्रदूषित कर रहा है।
– मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव, विशेषकर बच्चों और महिलाओं में चिंता और असहजता की स्थिति।

महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने प्रशासन से मांग की कि यार्ड को किसी गैर-आवासीय, पर्यावरणीय रूप से उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए और स्थानांतरण तक नियमित सफाई, छिड़काव और दुर्गंध नियंत्रण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन शीघ्र कार्रवाई नहीं करता, तो महिला कांग्रेस जनहित में आंदोलनात्मक कदम उठाने को बाध्य होगी। इस मौके में आशा मनोरमा शर्मा वरिष्ठ उपाध्यक्ष, नजमा खान वरिष्ठ उपाध्यक्ष, पूनम सिंह जिला अध्यक्ष, पुष्पा पंवार प्रदेश महासचिव, सुशीला शर्मा प्रदेश महासचिव, दीपा चौहान सचिव, भावना सचिव, अनुराधा तिवारी महासचिव, देवेंद्र कोर सचिव,आदि मौजूद रहे।


कोटद्वार के पुल अब रात में भी रहेंगे सुरक्षित और उज्ज्वल

मालन, सुखरो, सिद्धबली समेत सात पुलों पर लाइटें हुई चालू

कोटद्वार। उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूड़ी भूषण ने आज ₹1 करोड़ 29 लाख की लागत से कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के सात प्रमुख पुलों पर स्थापित एल.ई.डी. स्ट्रीट लाइट्स का लोकार्पण किया। कार्यक्रम के तहत सुखरो नदी के पुल पर क्षेत्रीय जनता की उपस्थिति में स्ट्रीट लाइट का स्विच ऑन कर इन्हें औपचारिक रूप से जनसमर्पित किया गया।

खण्डूड़ी भूषण ने बताया कि मुख्यमंत्री घोषणा संख्या-337 के अंतर्गत, राज्य वित्त आयोग से स्वीकृत इस परियोजना को प्रशासनिक वर्ष में शासन से अनुमोदन प्राप्त कराया गया था, जिसके बाद कार्य प्रारम्भ हुआ और आज यह सफलतापूर्वक पूर्ण हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का इस परियोजना की स्वीकृति और समर्थन के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा, “कोटद्वार के सभी सातों पुल — मालन, सुखरो, सिद्धबली, ग्रस्टानगंज, बीएल, गुल्लर और गाड़ीघाट — अब रात्रि में भी सुरक्षित और प्रकाशमान रहेंगे। इसके साथ ही प्रमुख चौराहों पर भी लाइटें लगाई गई हैं, जिससे यातायात और नागरिकों की सुविधा में उल्लेखनीय सुधार होगा।”

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राज गौरव नौटियाल, महापौर शैलेंद्र सिंह रावत, नगर आयुक्त पी.एल. शाह, मण्डल अध्यक्ष प्रेमा खंतवाल, पार्षद प्रमोद केष्टवाल, कमल नेगी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


चुनाव हारते ही ईवीएम और आयोग पर सवाल उठाना कांग्रेस की परंपरा- अनुराग ठाकुर

भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी के चुनाव आयोग पर लगाये आरोपों को बताया निराधार और भ्रामक

नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग पर लगाए गए आरोपों पर भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने बुधवार को कड़ा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके नेता चुनावी हार के बाद हमेशा नए बहाने ढूंढते हैं। ठाकुर ने तंज कसते हुए कहा, “कल कुछ कांग्रेस के लोग कह रहे थे कि राहुल गांधी और विपक्ष के नेताओं ने बवंडर खड़ा किया। बवंडर नहीं, ब्लंडर है। धूल चेहरे पर थी और आप आईना साफ करते रहे।”

भाजपा सांसद ने दावा किया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस 90 से अधिक चुनाव हार चुकी है। “जब भी हार मिलती है, कांग्रेस कभी ईवीएम पर सवाल उठाती है, कभी मतदाताओं को दोषी ठहराती है। पहले कहा कि भाजपा के लिए ईवीएम में हेरफेर हुई, फिर कहा ईवीएम पर प्रतिबंध लगाओ, और अब दावा करते हैं कि मशीनों को रिमोट से हैक किया जा सकता है,”।

ठाकुर ने कांग्रेस पर इतिहास से उदाहरण देते हुए भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 1952 के पहले आम चुनाव में कांग्रेस और सीपीआई ने मिलकर संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर को चुनाव में हराया था। “74,333 वोट खारिज हुए और अंबेडकर जी सिर्फ 14,561 वोट से हारे। कांग्रेस ने पहले ही चुनाव में चुनावी भ्रष्टाचार की नींव रखी थी,”।

भाजपा नेता ने कांग्रेस परिवार पर चुनाव आयोग और मतदाताओं को बदनाम करने की पुरानी परंपरा का आरोप लगाया। “इंदिरा गांधी ने मतदाताओं को मूर्ख कहा, राजीव गांधी ने बैलेट पेपर को दोष दिया, और अब राहुल गांधी कभी ईवीएम, कभी बैलेट पेपर की बात करते हैं,”।

ममता बनर्जी पर भी हमला बोलते हुए ठाकुर ने याद दिलाया कि 2005 में उन्होंने लोकसभा में दस्तावेज फेंककर आरोप लगाया था कि मतदाता सूची में अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों के नाम हैं। “अब जब हम उस गड़बड़ी को दूर कर रहे हैं, तो वह बाधाएं खड़ी कर रही हैं। सवाल यह है कि वह तब झूठ बोल रही थीं या अब?” ठाकुर ने पूछा।


ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने बरसात से बाधित सड़कों को प्राथमिकता के साथ खोलने के दिए निर्देश

उत्तराखंड में 136 सड़कें बंद, बहाली में लगी 124 जेसीबी

देहरादून। ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत बरसात से बाधित सड़कों को प्राथमिकता के साथ खोलने के लिए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं।

बुधवार को हाथीबड़कल स्थित कैंप कार्यालय में यूआरआरडीए की समीक्षा बैठक में मंत्री गणेश जोशी ने पीएमजीएसवाई के अंतर्गत बरसात से हुई क्षति और बंद सड़कों की स्थिति की विस्तार से जानकारी ली। बैठक में मंत्री जोशी ने कहा कि बरसात के कारण बंद हुई सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर युद्धस्तर पर खोला जाए। उन्होंने बरसात से क्षतिग्रस्त हुए सड़क मार्गों एवं पुलों के पुनर्निर्माण के कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण किया जाए। विभागीय मंत्री जोशी ने निर्देश दिए कि अधिग्रहित भूमि का मुआवजा ग्रामीणों को मौसम खुलते ही शिविर लगाकर शीघ्रता से वितरित किया जाए और मलबा निस्तारण के लिए उचित स्थानों पर डंपिंग यार्ड की व्यवस्था की जाए, ताकि सड़कों की बहाली के साथ पर्यावरणीय संतुलन भी बना रहे।

बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि भारी वर्षा के कारण गढ़वाल क्षेत्र में 106 सड़कें बंद हुई हैं, जिन पर 92 जेसीबी मशीनें लगाई गई हैं, जबकि कुमाऊं क्षेत्र में बंद 30 सड़कों को खोलने के लिए 32 जेसीबी कार्यरत हैं। पूरे प्रदेश में इस समय कुल 136 सड़कें बंद हैं, जिन्हें युद्धस्तर पर खोलने का कार्य जारी है। बैठक के दौरान मंत्री जोशी ने कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पीएमजीएसवाई की सड़कों, पुलों और अप्रोच रोड से जुड़े निर्माण कार्यों को भी समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्य अभियंता गढ़वाल मनीष मित्तल, अधिक्षण अभियंता अरुण कुमार, अधिशासी अभियंता रघुवीर सिंह गुसाई सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp