Saturday, November 21, 2026
3:56 AM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने पीएमजीएसवाई की बाधित सड़कों की समीक्षा की

Category Archives: राष्ट्रीय

ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने पीएमजीएसवाई की बाधित सड़कों की समीक्षा की

ग्राम्य विकास मंत्री ने बरसात से प्रभावित पुलों के शीघ्र पुनर्निर्माण के दिए आदेश

देहरादून। प्रदेश के ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने आज अपने कैंप कार्यालय में यूआरआरडीए के अधिकारियों के साथ प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत बरसात से बाधित सड़कों की समीक्षा की।

बैठक में मंत्री जोशी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बरसात के कारण अवरुद्ध हुई सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर युद्धस्तर पर खोला जाए। ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने दूरभाष के माध्यम से मुख्य सचिव से दूरभाष के माध्यम से वार्ता कर बरसात में क्षतिग्रस्त एवं बह चुके पुलों के शीघ्र पुनर्निर्माण के लिए ठोस कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इन पुलों के पुनर्निर्माण में तेजी लाई जाए ताकि ग्रामीणों को आवागमन की कठिनाइयों से शीघ्र निजात मिल सके।

बैठक में अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी दी गई कि प्रदेश में लगातार हो रही भारी वर्षा के चलते फिलहाल प्रदेशभर में कुल 166 सड़कें अवरुद्ध हैं, जिनमें गढ़वाल मंडल की 142 एवं कुमाऊं मंडल की 24 सड़कें शामिल हैं। वहीं, बरसात के कारण प्रदेश में अब तक कुल 07 पुल क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिनमें से 02 पुल पूरी तरह बह गए हैं। कुमाऊं क्षेत्र के पिथौरागढ़ जनपद के धारचूला स्थित सोबला उमचिया में 01 पुल तथा गढ़वाल क्षेत्र के जनपद रुद्रप्रयाग के जखोली ब्लॉक में खोली रणधार-बधाणीताल से खोड बक्सीर-छेनागड़ मोटर मार्ग का 01 पुल बह गया है।अधिकारियों ने बताया कि सड़कों एवं पुलों की बहाली कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। गढ़वाल क्षेत्र में 91 और कुमाऊं क्षेत्र में 13 जेसीबी मशीनों को अवरुद्ध मार्गों को खोलने के कार्यों में लगाया गया है।

बैठक में यूआरआरडीए के मुख्य अभियंता संजय कुमार पाठक सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


सीएम धामी ने आपदा राहत कार्यों की समीक्षा की, प्रभावितों को तत्काल सहायता राशि देने के दिए निर्देश

मौसम की चेतावनी के मद्देनजर अधिकारियों को निरंतर अलर्ट मोड में रहने का आदेश

देहरादून – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज उच्चाधिकारियों, समस्त जिलाधिकारियों और पुलिस विभाग के साथ आपदा राहत कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी ढंग से काम करने के निर्देश दिए गए।

सीएम धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार हर कदम पर आपदा प्रभावितों के साथ खड़ी है। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में प्रत्येक परिवार को तत्काल 5-5 लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराने के आदेश दिए।

बैठक में अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए कि प्रभावित परिवारों को समय पर राशन और आवश्यक दैनिक उपयोग की वस्तुएँ उपलब्ध कराई जाएँ। नदियों के जल स्तर की निरंतर निगरानी की जाए और बंद पड़ी सड़कों को शीघ्रता से खोला जाए।

स्यानाचट्टी के पास यमुना नदी पर आए मलबे को हटाने के लिए मशीनों का उपयोग करने और मलबे का सुरक्षित निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देश दिए गए। सीएम ने कहा कि बरसात का मौसम समाप्त होते ही सभी सड़कों की मरम्मत और सुधार कार्य में तेजी लाई जाए।

इसके अलावा, उन्होंने चारधाम यात्रा के लिए 15 सितंबर के बाद अपेक्षित बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए सभी व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने और मौसम की चेतावनी के मद्देनजर निरंतर अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए।


फर्जी ट्रस्ट बनाकर साइबर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, लाखों के दस्तावेज और उपकरण बरामद

देहरादून। एसटीएफ की साइबर क्राइम पुलिस टीम ने एक वरिष्ठ नागरिक के साथ हुई साइबर धोखाधड़ी के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त ने Shree Shiv Shyam Sewa Trust के नाम से बैंक खाते का दुरुपयोग कर विभिन्न साइबर अपराध किए।

मुख्य खुलासे:

आरोपी ने वरिष्ठ नागरिक को फेसबुक लिंक के माध्यम से ASB Invest & Grow और Abhinandan Stock Broking Pvt. Ltd. के व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर शेयर ट्रेडिंग और IPO/FPO में मोटा लाभ दिलाने का झांसा दिया।

वादी ने 10 जून से 5 अगस्त 2025 के बीच कुल ₹44,50,000/- ट्रांसफर किए।

आरोपी ने फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड, ट्रस्ट/कंपनियां बनाकर बैंक खाते खोले और धोखाधड़ी की।

आरोपी अंतरराष्ट्रीय गिरोहों (कम्बोडिया और थाइलैंड) से भी जुड़ा पाया गया।

गिरफ्तारी और बरामदगी:

गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार आरोपी अजय कुमार त्रिपाठी (28 वर्ष) के कब्जे से बरामद सामग्री:

05 चेक बुक

03 स्टैम्प

03 पैन कार्ड

02 आधार कार्ड

01 डेबिट कार्ड

03 ट्रस्ट/कंपनी फ्लैक्सी

01 मोबाइल फोन (सिम सहित) + 02 अतिरिक्त सिम

03 ट्रस्ट डीड

एसटीएफ की चेतावनी:
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ उत्तराखंड नवनीत सिंह ने जनता से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन जॉब या निवेश/ट्रेडिंग के लिए अनजान वेबसाइट, मोबाइल नंबर या लिंक का प्रयोग न करें। किसी भी ऑनलाइन एप या लिंक को डाउनलोड करने से पहले पूरी जांच-पड़ताल करें।

महत्वपूर्ण सलाह:

संदिग्ध लिंक या मैसेज पर क्लिक न करें।

कोई भी निवेश लालच में जल्दी लाभ पाने के लिए न करें।

साइबर अपराध की घटना पर तुरंत टोल-फ्री नंबर 1930 या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।


सोशल मीडिया से 12 दिन की दूरी के बाद फिर सक्रिय हुईं गौतमबुद्ध नगर की डीएम मेधा रूपम

ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर सोशल मीडिया से लगभग दो सप्ताह की दूरी बनाने के बाद जिलाधिकारी मेधा रूपम एक बार फिर सार्वजनिक मंचों पर सक्रिय हो गई हैं। उन्होंने 30 अगस्त को एक्स (पूर्व में ट्विटर) और 29 अगस्त को फेसबुक पर नई पोस्ट साझा कीं, जिससे यह संकेत मिला कि वे अब सोशल मीडिया पर दोबारा सक्रिय भूमिका में लौट रही हैं।

सूत्रों के अनुसार, डीएम मेधा रूपम ने यह ब्रेक उस समय लिया जब विपक्षी दलों द्वारा चुनाव आयोग पर वोटिंग में गड़बड़ी के आरोप लगाए गए थे। इसी क्रम में सोशल मीडिया पर मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) और उनके परिजनों को निशाना बनाया जाने लगा था। मेधा रूपम, जो सीईसी की पुत्री हैं, को भी कई पोस्टों में टैग किया गया और उनके पारिवारिक फोटो तक वायरल किए गए।

लगातार ट्रोलिंग और निजी हमलों से आहत होकर उन्होंने अपने सभी सोशल मीडिया अकाउंट — एक्स और फेसबुक — को कुछ समय के लिए निष्क्रिय कर दिया था। यह निर्णय तब चर्चा का विषय बन गया था, जब कई यूज़र्स ने उनकी अनुपस्थिति पर सवाल उठाने शुरू किए।

 फेसबुक पर भी उन्होंने शुक्रवार शाम को एक तस्वीर पोस्ट कर संकेत दिया कि वे सामान्य रूप से अपनी डिजिटल मौजूदगी फिर से शुरू कर चुकी हैं।

प्रशासनिक हलकों में इसे डीएम की प्रोफेशनल अप्रोच और संयमित प्रतिक्रिया के रूप में देखा जा रहा है, जहां उन्होंने निजी ट्रोलिंग से हटकर अब एक बार फिर जनता और विभागीय कार्यों को प्राथमिकता दी है।


राज्य में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी, नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर

राज्य आपातकालीन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों को येलो अलर्ट के मद्देनजर सावधानी बरतने और संभावित बाढ़ के खतरों से निपटने के निर्देश दिए

देहरादून। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने भारी बारिश को देखते हुए चेतावनी जारी की है। केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर 2 सितंबर तक येलो अलर्ट के मद्देनजर सावधानी बरतने और संभावित बाढ़ के खतरों से निपटने के निर्देश दिए हैं।

मौसम विभाग के हाइड्रोमेट डिवीजन के अनुसार, आगामी 24 घंटे में भारी बारिश की संभावना है, जिससे जलभराव और बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है। इसको ध्यान में रखते हुए अल्मोड़ा, देहरादून, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, टिहरी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ के जिलाधिकारियों को विशेष सावधान रहने के निर्देश दिए गए हैं।

बारिश के कारण नदियों का जलस्तर चेतावनी और खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। केंद्रीय जल आयोग, हिमालयी गंगा मंडल के आंकड़ों के अनुसार:

सौंग और गंगा नदी (देहरादून), अलकनंदा (श्रीनगर और रुद्रप्रयाग), कोसी नदी (बेतालघाट) का जल स्तर चेतावनी स्तर से ऊपर है।

रामगंगा, गौरी गंगा (बंगापानी), धौलीगंगा (कंज्योति, पिथौरागढ़) का जल स्तर चेतावनी स्तर के ऊपर पहुंचा हुआ है।

सरयू नदी (पिथौरागढ़), अगलार नदी (टिहरी गढ़वाल), अलकनंदा, भागीरथी और गंगा (पौड़ी व टिहरी गढ़वाल), अलकनंदा व मंदाकिनी (रुद्रप्रयाग) का जल स्तर खतरे के निशान से ऊपर है।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने जिलाधिकारियों से कहा है कि वे स्थानीय प्रशासन और जनता को आवश्यक सावधानियों के बारे में अवगत कराएं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखें।


उत्तराखंड SI भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित, देखें कैटेगरीवार कटऑफ

अभ्यर्थी psc.uk.gov.in पर देख सकते हैं अपना परिणाम

देहरादून। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने पुलिस सब इंस्पेक्टर (SI), गुल्मनायक और अग्निशमन द्वितीय अधिकारी भर्ती परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। अभ्यर्थी अपना रिजल्ट आयोग की आधिकारिक वेबसाइट psc.uk.gov.in पर देख सकते हैं। आयोग ने रिजल्ट के साथ ही कैटेगरीवार कटऑफ मार्क्स भी जारी किए हैं।

UKPSC SI Cut Off 2025: देखें कैटेगरीवार कटऑफ

पदनाम / कैटेगरी कटऑफ (Marks)

उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस)
यूआर (UR) 205.66
यूआर / यूएफ 179.23
ईडब्ल्यूएस (EWS) 201.85
ईडब्ल्यूएस / यूएफ 179.22
ओबीसी (OBC) 198.80
ओबीसी / यूएफ 175.41
एससी (SC) 174.14
एससी / यूएफ 168.55
एसटी (ST) 189.39
डीएफएफ 170.84
ईएक्सएस 151.26

उपनिरीक्षक (अभिसूचना)
यूआर (UR) 201.60
यूआर / यूएफ 182.53
ईडब्ल्यूएस (EWS) 195.24
ईडब्ल्यूएस / यूएफ 177.95
ओबीसी (OBC) 194.99
ओबीसी / यूएफ 174.65
एससी (SC) 167.78
एससी / यूएफ 162.95
एसटी (ST) 186.34
ईएक्सएस 154.06

गुल्मनायक (पुरुष – PAC/IRB)
यूआर (UR) 190.16
ईडब्ल्यूएस (EWS) 185.33
ओबीसी (OBC) 186.34
एससी (SC) 160.67
एसटी (ST) 177.45
डीएफएफ 163.46

कब हुई थी परीक्षा?

इस भर्ती के लिए शारीरिक मानक व दक्षता परीक्षा पास करने वाले अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा 12 जनवरी 2025 को आयोजित हुई थी। इसके बाद 14 मई 2025 को दस्तावेज सत्यापन किया गया। अंतिम चयन सूची लिखित परीक्षा के अंकों और उम्मीदवारों की दी गई प्राथमिकताओं के आधार पर तैयार की गई है।

कितने पदों पर होगी नियुक्ति?

गृह विभाग की इस भर्ती के तहत कुल 222 पदों पर चयन किया जाएगा। इनमें शामिल हैं –

सब इंस्पेक्टर (नागरिक पुलिस व अभिसूचना): 108 पद

गुल्मनायक (PAC/IRB): 89 पद

अग्निशमन द्वितीय अधिकारी (पुरुष/महिला): 25 पद

आगे की प्रक्रिया

लिखित परीक्षा का रिजल्ट घोषित होने के बाद अब चयनित उम्मीदवारों की मेडिकल परीक्षा होगी। इसमें उनकी शारीरिक फिटनेस और स्वास्थ्य की जांच की जाएगी। गौरतलब है कि शारीरिक माप परीक्षण और दक्षता परीक्षा पहले ही क्वालीफाइंग नेचर में हो चुकी है। अंतिम मेरिट सूची लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों और मेडिकल टेस्ट में पास उम्मीदवारों के आधार पर जारी होगी।


दिल्ली में आवारा कुत्तों पर नकेल कसने की तैयारी, एमसीडी ने तेज किया नसबंदी अभियान

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद राजधानी दिल्ली में लावारिस और खतरनाक कुत्तों की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। एमसीडी अब नसबंदी अभियान को गति देने और खतरनाक कुत्तों के लिए स्थायी शेल्टर होम बनाने की दिशा में ठोस कदम उठा रही है।

स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने इस पहल की कमान अपने हाथों में लेते हुए शनिवार को पांच प्रमुख नसबंदी केंद्रों का निरीक्षण करने का कार्यक्रम तय किया है। इन दौरों का उद्देश्य केंद्रों की वास्तविक स्थिति, संचालन क्षमता और स्टाफ की उपलब्धता का मूल्यांकन करना है।

एमसीडी के पास इस समय कुल 20 नसबंदी केंद्र हैं, लेकिन केवल 13 ही सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। सीमित संसाधनों और ढांचागत चुनौतियों के कारण नसबंदी की रफ्तार धीमी बनी हुई है, जिससे कुत्तों की आबादी पर नियंत्रण नहीं हो पा रहा है। नतीजतन, राजधानी में आवारा कुत्तों के हमले और झुंड में घूमने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे नागरिकों में असंतोष है।

एमसीडी के पास फिलहाल खतरनाक या बीमार कुत्तों के लिए कोई स्थायी आश्रय स्थल नहीं है। सुप्रीम कोर्ट के आदेशों को ध्यान में रखते हुए अब निगम शहर में शेल्टर होम स्थापित करने जा रहा है। इन शेल्टर होम्स में न केवल कुत्तों को रखा जाएगा, बल्कि उन्हें उचित देखभाल, चिकित्सा और पुनर्वास भी मिलेगा। इससे एक ओर जहां नागरिकों को राहत मिलेगी, वहीं दूसरी ओर पशु कल्याण के मानकों का भी पालन सुनिश्चित होगा।

सत्या शर्मा ने बताया कि वह निरीक्षण के दौरान यह जांचेंगी कि केंद्रों में डॉक्टर, दवाएं और आवश्यक उपकरण उपलब्ध हैं या नहीं, और रोजाना कितने ऑपरेशन हो रहे हैं। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि एमसीडी पहले ही इस विषय पर एक उप-समिति गठित कर चुकी है, जो नीति निर्माण में सहयोग दे रही है। अब स्थायी समिति के नेतृत्व में यह अभियान और भी आक्रामक रूप से आगे बढ़ेगा।

सत्या शर्मा ने स्पष्ट किया कि यह पहल केवल अदालत के आदेशों का पालन नहीं, बल्कि दिल्लीवासियों को एक सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण देने की दिशा में उठाया गया कदम है।


भारत-जापान साझेदारी ने खोला विकास का नया अध्याय

13 अरब डॉलर से अधिक निवेश, मेक इन इंडिया से मेक फॉर द वर्ल्ड की ओर बढ़ा कदम

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान के प्रधानमंत्री इशिबा के नेतृत्व में भारत-जापान संबंधों का नया दौर शुरू हुआ है। दोनों देशों की साझेदारी अब केवल ‘मेक इन इंडिया’ तक सीमित नहीं रही, बल्कि ‘मेक फॉर द वर्ल्ड’ के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रही है। बीते दो वर्षों में हुए 170 से अधिक समझौते और 13 अरब डॉलर से ज्यादा का निवेश इस भरोसे और मजबूत साझेदारी का प्रमाण हैं।

भारत के उद्योगों में जापानी विश्वास
जापान का निवेश भारत के कई अहम क्षेत्रों में दिखाई दे रहा है—इस्पात, ऑटोमोबाइल, नवीकरणीय ऊर्जा, एयरोस्पेस और सेमीकंडक्टर जैसे सेक्टरों में बड़े प्रोजेक्ट शुरू हो चुके हैं। निप्पॉन स्टील ने गुजरात व आंध्र प्रदेश में संयंत्र विस्तार की योजना बनाई है। वहीं, सुजुकी और टोयोटा भारत के अलग-अलग राज्यों में नए प्लांट्स लगाकर उत्पादन क्षमता बढ़ा रहे हैं। इससे लाखों रोजगार के अवसर पैदा होंगे और भारत को वैश्विक विनिर्माण केंद्र बनाने में मदद मिलेगी।

वैश्विक निर्यात का नया केंद्र
भारत-जापान के संयुक्त उपक्रम अब घरेलू उत्पादन को वैश्विक बाजार में उतारने की तैयारी कर रहे हैं। भारत में निर्मित हाइब्रिड और ईवी वाहन अफ्रीका, दक्षिण-पूर्व एशिया और मध्य-पूर्व जैसे बाजारों में निर्यात होंगे। यह कदम भारत को “विनिर्माण हब” बनाने की दिशा में अहम साबित होगा।

लघु उद्योगों और किसानों को सीधा लाभ
भारत-जापान सहयोग का सबसे बड़ा फायदा लघु और मध्यम उद्यमों (SMEs) और किसानों को मिल रहा है। टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स और जापानी कंपनियों के साथ मिलकर देश में सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम विकसित किया जा रहा है, जिसमें भारतीय SMEs को वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला का हिस्सा बनने का अवसर मिलेगा।
इसी तरह, सोजित्ज कॉरपोरेशन और इंडियन ऑयल की साझेदारी से 30 बायोगैस संयंत्र स्थापित होंगे, जहां किसान कृषि अवशेष बेचकर अतिरिक्त आय अर्जित कर सकेंगे।

रक्षा और रणनीतिक सहयोग
बढ़ते क्षेत्रीय सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए भारत और जापान ने सैन्य सहयोग को भी नई दिशा दी है। तीनों सेनाओं के बीच संयुक्त अभ्यास बढ़ाए जाएंगे और आधुनिक तकनीक आधारित सैन्य उपकरण विकसित किए जाएंगे। साथ ही, दोनों देशों ने खुफिया जानकारी साझा करने और आतंकवाद व संगठित अपराधों से मिलकर निपटने का भी संकल्प लिया।

सतत विकास और पर्यावरण पर जोर
ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी दोनों देशों ने साझेदारी बढ़ाने का निर्णय लिया है। इसके लिए संयुक्त क्रेडिट तंत्र पर सहमति बनी है, जो स्वच्छ ऊर्जा और हरित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।


गौचर-कमेड़ा के पास मलबे में फंसी बस, हाईवे पर लगी वाहनों की लंबी कतारें

कर्णप्रयाग-नैनीसैंण मार्ग 24 घंटे से बंद, गांवों का संपर्क टूटा

चमोली। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। कई नेशनल हाईवे और मोटर मार्ग मलबे व बोल्डरों के कारण बाधित हो गए हैं, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और गांवों का संपर्क कट गया है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

सिमली-ग्वालदम नेशनल हाईवे पर गौचर-कमेड़ा के पास भारी मलबा आने से एक बस फंस गई, जिसके चलते हाईवे के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई। बीआरओ की टीम बोल्डरों को हटाने में जुटी हुई है, लेकिन लगातार पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण आवागमन बाधित है।

वहीं, कर्णप्रयाग-नैनीसैंण मोटर मार्ग पर भी भारी मलबे के चलते आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है। कनखुल तल्ला क्षेत्र में शनिवार सुबह फिर से मलबा गिरने से मार्ग बंद हो गया। पिछले 24 घंटे से इस मार्ग पर यातायात बाधित है, जिससे कपीरी पट्टी के दर्जनों गांवों का मुख्य बाजार से संपर्क टूट गया है।

उधर, मानसून के रुकने के अभी आसार नहीं दिख रहे। मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश में लगातार हो रही बारिश का असर अब सितंबर मध्य तक बना रहेगा। निदेशक सीएस तोमर के अनुसार, अगले पांच दिन कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है और 15 सितंबर तक मानसून जारी रहेगा। हालांकि, इसके बाद धीरे-धीरे इसका असर कम हो सकता है। सितंबर के आखिरी सप्ताह में मानसून की विदाई की संभावना जताई जा रही है।


स्कूल में छात्र पर हमला, आंख गंवाने का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मामला

खटीमा। एक निजी स्कूल में पढ़ने वाले 10वीं के छात्र पर हमले का गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें छात्र की एक आंख क्षतिग्रस्त हो गई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने एक अन्य छात्र के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कंजाबाग पटिया क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बेटा स्थानीय निजी स्कूल में कक्षा 10 में पढ़ता है। 11 जुलाई 2025 को दोपहर में स्कूल से फोन आया कि उनके बेटे को चोट लगी है। स्कूल पहुंचने पर उन्होंने देखा कि उसके बाईं आंख पर पट्टी बंधी थी और खून निकल रहा था।

प्रधानाचार्य ने उन्हें बताया कि छात्र की हालत को देखते हुए उसे तुरंत हल्द्वानी के एक अस्पताल में रेफर किया गया है। परिजन तुरंत हल्द्वानी पहुंचे और इलाज करवाया, लेकिन डॉक्टरों ने बताया कि छात्र की बाईं आंख की रोशनी जा चुकी है।

महिला का आरोप है कि 29 जुलाई को उन्हें स्कूल बुलाकर सीसीटीवी फुटेज दिखाई गई, जिसमें एक छात्र उनके बेटे की आंख में पेन मारता नजर आया। उन्होंने यह भी दावा किया कि अस्पताल में समय पर और उचित इलाज नहीं मिलने के कारण उनका बेटा अब दृष्टिहीन हो गया है।

पीड़ित पक्ष का कहना है कि मामले को दबाने की कोशिश की गई और कुछ लोगों ने साजिशन सच्चाई छुपाने का प्रयास किया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी छात्र के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp