Saturday, November 21, 2026
4:00 AM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

पुरी रथ यात्रा के तीन पहिए अब संसद परिसर में होंगे स्थापित

Category Archives: राष्ट्रीय

पुरी रथ यात्रा के तीन पहिए अब संसद परिसर में होंगे स्थापित

नई दिल्ली: विश्वप्रसिद्ध पुरी रथ यात्रा के रथों के तीन पहिए अब संसद परिसर में स्थापित किए जाएंगे। श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) ने बताया कि यह प्रस्ताव लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के सामने पुरी यात्रा के दौरान रखा गया था, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया।

एसजेटीए के प्रमुख प्रशासक अरविंद के मुताबिक, तीनों पहिए भगवान जगन्नाथ, देवी सुभद्रा और भगवान बलभद्र के रथों से निकाले जाएंगे। भगवान जगन्नाथ के रथ का नाम नंदीघोष, देवी सुभद्रा का रथ दर्पदलन और भगवान बलभद्र का रथ तालध्वज है। इन रथों से प्रत्येक रथ का एक पहिया दिल्ली भेजा जाएगा, जो संसद में स्थापित किया जाएगा।

संसद में संस्कृति का दूसरा प्रतीक

दो साल पहले 2023 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में स्पीकर की कुर्सी के बगल में सेंगोल स्थापित किया था। रथ यात्रा के पहिए लगाने के बाद यह संसद परिसर में स्थापित होने वाला संस्कृति से जुड़ा दूसरा प्रतीक होगा।

सेंगोल को अंग्रेजों ने 14 अगस्त 1947 की रात पंडित नेहरू को सत्ता हस्तांतरण के प्रतीक के रूप में सौंपा था। 1960 से पहले इसे आनंद भवन में रखा गया था और 1978 से यह इलाहाबाद म्यूजियम में रखा गया।


गोपेश्वर: प्रसव के दौरान महिला की मौत, नवजात वेंटिलेटर पर

लोगों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का लगाया आरोप, जांच के आश्वासन पर माने

गोपेश्वर। जिला अस्पताल गोपेश्वर में प्रसव के दौरान शनिवार को एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका नवजात वेंटिलेटर पर है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग अस्पताल पहुंचे और लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।

जानकारी के अनुसार, बछेर गांव की मीना देवी (30) पत्नी प्रदीप सिंह को प्रसव पीड़ा होने पर जिला अस्पताल लाया गया था। महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. अमृता ने बताया कि रात से ही प्रसव की तैयारी चल रही थी। तड़के करीब साढ़े तीन बजे प्रसव के दौरान महिला का ब्लड प्रेशर अचानक बढ़ गया और उसे दौरे पड़ने लगे। स्थिति नियंत्रण में न आने से प्रसव के करीब आधे घंटे बाद मीना देवी की मौत हो गई। डॉक्टरों ने पूरी कोशिश की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।

घटना की सूचना पर सीएमओ डॉ. अभिषेक गुप्ता और डीएसपी अमित सैनी भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने लोगों को मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। साथ ही पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराने की बात कही, जिसके बाद आक्रोशित लोग शांत हुए।

वहीं, नवजात की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।


उत्तरकाशी: स्यानाचट्टी में फिर बढ़ा यमुना का जलस्तर, कस्बा जलमग्न

उत्तरकाशी: देर रात हुई भारी बारिश के बाद उत्तरकाशी जिले के स्यानाचट्टी में यमुना नदी का जलस्तर एक बार फिर बढ़ गया है। नदी का पानी मोटर पुल के ऊपर से बहने लगा, जिससे पूरा कस्बा जलमग्न हो गया है। लगातार बारिश और मलबे के कारण जलस्तर बढ़ने से लोगों में दहशत का माहौल है।

कुछ दिन पहले भी यह क्षेत्र बाढ़ की चपेट में आया था, लेकिन हालात सुधरने से पहले ही फिर से खतरा बढ़ गया। गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) का बंगला पानी में डूब गया है। वहीं, स्कूल परिसर भी पानी से लबालब भर गया है, जिससे स्थानीय जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य आपदा प्रभावित क्षेत्र स्यानाचट्टी के लिए रवाना हो गए हैं। प्रशासनिक स्तर पर राहत और बचाव कार्य के लिए तैयारी शुरू कर दी गई है।

यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग स्यानाचट्टी, जर्जर गाड़, बनास और नारदचट्टी सहित कई स्थानों पर अवरुद्ध हो गया है। इसी तरह गंगोत्री हाईवे भी धरासू बैंड और नेताला के पास भूस्खलन से बंद है। मार्ग को सुचारु करने के लिए मशीनरी लगाई गई है और कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और नदी किनारे न जाने की अपील की है।


उत्तराखंड पत्रकार यूनियन ने बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर डीएम सविन बंसल को सौंपा ज्ञापन

पत्रकारों को अलग चिकित्सा विंडो व लोकल परचेज सुविधा मिले

जिलाधिकारी बोले- उचित मांग, शासन को भेजेंगे प्रस्ताव

देहरादून: राजधानी के पत्रकारों को राजकीय चिकित्सालयों में बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर उत्तराखंड पत्रकार यूनियन का प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को जिलाधिकारी सविन बंसल से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपा।

यूनियन ने कहा कि कोरोनेशन अस्पताल और दून मेडिकल कॉलेज में ओपीडी का पर्चा बनाने से लेकर दवा लेने तक पत्रकारों को घंटों लाइन में लगना पड़ता है। पूर्व में पत्रकारों के लिए अलग काउंटर होता था, जिसे अब बंद कर दिया गया है। इसे पुनः शुरू करने और अस्पतालों में दवा उपलब्ध न होने की स्थिति में पहले की तरह लोकल परचेज सुविधा बहाल करने की मांग की गई।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि पत्रकारों की मांग वाजिब है। वे इस संबंध में सचिव स्वास्थ्य को प्रस्ताव भेजेंगे और बातचीत भी करेंगे। उन्होंने अपेक्षा जताई कि पत्रकार जनहित से जुड़े मुद्दे भी प्रशासन के संज्ञान में लाते रहें।

प्रतिनिधिमंडल में यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष किरन कुमार शर्मा, प्रदेश महासचिव हरीश जोशी, जिला अध्यक्ष शशि शेखर, जिला महासचिव दरबान सिंह व जिला कोषाध्यक्ष विपनेश गौतम मौजूद रहे।


उत्तराखंड में अगले तीन दिन भारी बारिश, कई जिलों में रेड-येलो अलर्ट

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून का कहर जारी है। आने वाले दिनों में मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विज्ञान विभाग ने एक और दो सितंबर को देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल समेत कुछ जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है। तीन सितंबर को पूरे राज्य में येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए सभी जिलाधिकारियों को आवश्यक सावधानी बरतने और आपदा प्रबंधन के प्रभावी इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अब तक 1143.8 मिमी बारिश हो चुकी है। पिछले 24 घंटों में खटीमा में 63 मिमी, ऊखीमठ में 57.8 मिमी, कुथनौर में 49 मिमी, बाराकोट में 45 मिमी और जानकी चट्टी में 35 मिमी बारिश दर्ज की गई।

सिंचाई विभाग के केंद्रीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष की रिपोर्ट के मुताबिक, ऋषिकेश में गंगा और मदकोट में गोरी नदी का जल स्तर बढ़ रहा है। हालांकि, कई नदियों का स्तर स्थिर या घटने की स्थिति में है । सरकारी एजेंसियां हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और प्रभावित जिलों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।


उत्तराखंड और यूपी के राज्यपालों की भेंट, शिक्षा-स्वास्थ्य पर हुआ विचार-विमर्श

देहरादून/लखनऊ। उत्तराखण्ड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल से शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान दोनों राज्यों के बीच शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन एवं जनकल्याण से जुड़ी पहलों पर सार्थक विचार-विमर्श हुआ।

विद्या भारती विद्यालय की बच्चियों से संवाद

इस अवसर पर विद्या भारती संस्था से जुड़े विद्यालय की बच्चियों ने भी राज्यपालों से शिष्टाचार भेंट की। राज्यपाल गुरमीत सिंह ने बच्चियों से संवाद करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने बालिकाओं को जीवन में अनुशासन, परिश्रम, संस्कार और सकारात्मक सोच अपनाने की प्रेरणा दी।

राज्यपाल ने कहा कि विद्या भारती जैसे संस्थान बच्चों में शिक्षा के साथ-साथ चरित्र निर्माण पर भी विशेष ध्यान देते हैं, जो समाज और राष्ट्र के लिए अमूल्य योगदान है।


उत्तराखंड में सोशल मीडिया पर झूठ फैलाने वालों पर शिकंजा, सीएम बदलने की अफवाह फैलाने वालों पर मुकदमा दर्ज

भाजपा जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल की शिकायत के बाद की गई कार्रवाई

देहरादून। प्रदेश में आपदा राहत कार्यों के बीच मुख्यमंत्री परिवर्तन संबंधी अफवाहें फैलाने वालों पर उत्तराखण्ड पुलिस ने सख़्ती शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर भ्रामक व झूठी पोस्ट कर जनमानस को गुमराह करने वाले तीन फेसबुक पेज संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई भाजपा जिलाध्यक्ष देहरादून, सिद्धार्थ अग्रवाल की शिकायत के बाद की गई।

आपदा प्रभावित जिलों पर असर

वर्तमान में बागेश्वर, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिले आपदा की मार झेल रहे हैं। ऐसे हालात में मुख्यमंत्री बदलने जैसी अफवाहें राहत व बचाव कार्यों में बाधा डालने के साथ-साथ सरकारी कामकाज और प्रशासनिक व्यवस्था पर भी असर डाल रही हैं।

किन पेजों पर हुई कार्रवाई

पुलिस जांच में सामने आया कि फेसबुक पेज “आई लव माय उत्तराखंड संस्कृति”, “उत्तराखण्ड वाले” और “जनता जन आंदोलन इरिटेड” से मुख्यमंत्री परिवर्तन की झूठी पोस्ट फैलाई गई। पुलिस ने तीनों पेज संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और अब उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस की चेतावनी व अपील

उत्तराखण्ड पुलिस ने साफ कहा है कि अफवाह फैलाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। आम जनता से भी अपील की गई है कि बिना पुष्टि के किसी भी तरह की भ्रामक सूचना सोशल मीडिया पर शेयर न करें। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर लगातार पैनी नज़र रखी जा रही है और जो भी अफवाह फैलाने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ तुरंत सख़्त कदम उठाए जाएंगे।


भू-कानून अभियान के सदस्यों ने किया जिलाधिकारी देहरादून को सम्मानित

देहरादून। भू-कानून अभियान उत्तराखंड (2016) के सदस्यों ने आज जिलाधिकारी देहरादून को सम्मानित किया। यह सम्मान उन्हें सरकारी भूमि पर हो रहे अतिक्रमण के मामलों में त्वरित कार्यवाही और जनहित में लिए गए साहसिक निर्णयों के लिए प्रदान किया गया।

अभियान के संस्थापक एवं मुख्य संयोजक शंकर सागर ने कहा कि ऐसे अधिकारी, जो गरीब जनता की आवाज़ तुरंत सुनकर उसका निस्तारण करते हैं, वही जनता के बीच लोकप्रिय होते हैं। इतिहास में ऐसे अधिकारियों की संख्या गिनी-चुनी ही रही है। आज देहरादून ही नहीं बल्कि पूरे उत्तराखंड में जिलाधिकारी के जनहितकारी फैसलों की प्रशंसा हो रही है। उन्होंने आशा जताई कि इस तरह की कार्य संस्कृति पूरे प्रदेश में विकसित होगी।

इस अवसर पर सह संयोजक आनंद सिंह रावत, गढ़वाल संयोजक अशोक नेगी, कुमाऊं संयोजक उमेद बिष्ट, महिला संयोजक धना वाल्दिया सहित कृष्णा बिजलवाण, सुभागा फरसवान, ज्योतिका पांडे, कल्पेश्वरी नेगी, देवेश्वरी गुसाई, पूजा बुढ़ाथोकी, गीता शर्मा, राजेश पेटवाल, राजेश कुमार सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।


भूस्खलन की बढ़ती घटनाओं से निपटने के लिए उत्तराखंड के चार जिलों में लगेगा अर्ली वार्निंग सिस्टम

जीएसआई ने शुरू किया परीक्षण, समय रहते मिलेगी चेतावनी

देहरादून। उत्तराखंड में भूस्खलन की बढ़ती घटनाओं से निपटने के लिए भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (GSI) जल्द ही चार जिलों में अर्ली वार्निंग सिस्टम लगाने की तैयारी कर रहा है। वर्तमान में इस सिस्टम का परीक्षण चल रहा है और सफलता मिलने के बाद इसे उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और टिहरी जिलों में स्थापित किया जाएगा। इससे समय रहते चेतावनी जारी की जा सकेगी और जान-माल के नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकेगा।

जीएसआई देहरादून के निदेशक रवि नेगी ने बताया कि यह तकनीक भूस्खलन-प्रवण क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी बनाएगी। वहीं, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग के सचिव विनोद कुमार सुमन ने कहा कि अर्ली वार्निंग सिस्टम से न केवल पूर्वानुमान और सुरक्षा उपाय मजबूत होंगे, बल्कि स्थानीय लोगों को भी समय रहते सतर्क किया जा सकेगा।

सचिव सुमन ने भूस्खलन आपदा जोखिम न्यूनीकरण पर आयोजित कार्यशाला में कहा कि शोध संस्थानों द्वारा किए गए अध्ययनों को सरल भाषा में साझा किया जाना चाहिए ताकि विभाग आम जनता को जागरूक कर सके। उन्होंने जोर दिया कि पूर्वानुमान जारी करने के बाद इतना समय जरूर मिलना चाहिए कि लोग सुरक्षा के कदम उठा सकें।

कार्यशाला में विशेषज्ञों ने बताया कि राज्य में अधिकांश भूस्खलन बारिश के दौरान होते हैं और चमोली जिला सबसे अधिक प्रभावित है। आईआईआरएस के वैज्ञानिक डॉ. सोवन लाल ने कहा कि उपग्रह और ड्रोन तकनीक से संवेदनशील इलाकों की निगरानी और अध्ययन किया जा सकता है।

जीएसआई उप महानिदेशक संजीव कुमार और डॉ. हरीश बहुगुणा ने बताया कि रियल-टाइम डेटा मिलने पर अर्ली वार्निंग सिस्टम के नतीजे और बेहतर होते हैं। साथ ही, राज्य में कितने ऑल वेदर स्टेशन की जरूरत है, इस पर भी चर्चा की गई।

कार्यशाला में जीएसआई और आपदा प्रबंधन विभाग के बीच एक एमओयू भी साइन हुआ, जिससे शोध और सूचनाओं का आदान-प्रदान और अधिक सहज हो सकेगा। इस अवसर पर वाडिया संस्थान, सीबीआरआई सहित 28 संस्थानों के विशेषज्ञों ने भाग लिया।


बढ़ते वैश्विक दबाव के बीच और अधिक मजबूत होगा भारत- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री बोले – आत्मनिर्भरता अब विकल्प नहीं, बल्कि समय की जरूरत

नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि बदलते वैश्विक हालात और बढ़ते अंतरराष्ट्रीय दबाव के बीच भारत और अधिक रणनीतिक रूप से मजबूत, आत्मनिर्भर और लचीला बनकर उभरेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि चाहे महामारी हो, आतंकवाद या क्षेत्रीय संघर्ष – मौजूदा सदी ने हर स्तर पर चुनौतियाँ खड़ी की हैं, और इन परिस्थितियों ने आत्मनिर्भर भारत की आवश्यकता को और अधिक महत्वपूर्ण बना दिया है।

देश में युद्धपोत निर्माण का संकल्प
राजनाथ सिंह ने एक मीडिया कार्यक्रम में कहा कि आत्मनिर्भरता अब विकल्प नहीं, बल्कि समय की मांग है। उन्होंने बताया कि भारत अब अपने ही देश में युद्धपोतों का निर्माण कर रहा है और नौसेना ने यह ठाना है कि भविष्य में किसी भी विदेशी देश से युद्धपोत नहीं खरीदे जाएंगे।

स्वदेशी रक्षा प्रणाली पर जोर
रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत के रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भरता के प्रयासों को सराहा जाना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि स्वदेशी “सुदर्शन चक्र” रक्षा प्रणाली जल्द ही वास्तविकता बन जाएगी। साथ ही, विकसित देशों की संरक्षणवादी नीतियों पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि मौजूदा दौर वैश्विक स्तर पर “युद्ध जैसी स्थिति” पैदा कर रहा है।

भारत के लिए राष्ट्रीय हित सर्वोपरि
अमेरिका-भारत व्यापार समझौते के संदर्भ में राजनाथ सिंह ने कहा कि बाहरी दबाव चाहे कितना भी क्यों न हो, भारत अपने किसानों और छोटे उद्यमियों के हितों से समझौता नहीं करेगा। उन्होंने साफ कहा कि भारत किसी भी देश को अपना शत्रु नहीं मानता, लेकिन राष्ट्रीय हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp