खटीमा। एक निजी स्कूल में पढ़ने वाले 10वीं के छात्र पर हमले का गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें छात्र की एक आंख क्षतिग्रस्त हो गई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने एक अन्य छात्र के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कंजाबाग पटिया क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बेटा स्थानीय निजी स्कूल में कक्षा 10 में पढ़ता है। 11 जुलाई 2025 को दोपहर में स्कूल से फोन आया कि उनके बेटे को चोट लगी है। स्कूल पहुंचने पर उन्होंने देखा कि उसके बाईं आंख पर पट्टी बंधी थी और खून निकल रहा था।
प्रधानाचार्य ने उन्हें बताया कि छात्र की हालत को देखते हुए उसे तुरंत हल्द्वानी के एक अस्पताल में रेफर किया गया है। परिजन तुरंत हल्द्वानी पहुंचे और इलाज करवाया, लेकिन डॉक्टरों ने बताया कि छात्र की बाईं आंख की रोशनी जा चुकी है।
महिला का आरोप है कि 29 जुलाई को उन्हें स्कूल बुलाकर सीसीटीवी फुटेज दिखाई गई, जिसमें एक छात्र उनके बेटे की आंख में पेन मारता नजर आया। उन्होंने यह भी दावा किया कि अस्पताल में समय पर और उचित इलाज नहीं मिलने के कारण उनका बेटा अब दृष्टिहीन हो गया है।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि मामले को दबाने की कोशिश की गई और कुछ लोगों ने साजिशन सच्चाई छुपाने का प्रयास किया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी छात्र के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।