Saturday, November 21, 2026
6:56 AM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

हर्बटपुर–विकासनगर में एमडीडीए की ताबड़तोड़ कार्रवाई– अवैध प्लॉटिंग व निमार्णों पर शिकंजा, कई बहुमंज़िला भवन सील

Category Archives: राष्ट्रीय

हर्बटपुर–विकासनगर में एमडीडीए की ताबड़तोड़ कार्रवाई– अवैध प्लॉटिंग व निमार्णों पर शिकंजा, कई बहुमंज़िला भवन सील

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी का दो टूक संदेश, नियम तोड़ने वालों को नहीं मिलेगी राहत

सुनियोजित विकास और जनता की सुरक्षा को प्राथमिकता, अवैध निर्माण पर अभियान जारी रहेगा- बंशीधर तिवारी

देहरादून। मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) अवैध निर्माण व अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ लगातार सख़्त कार्रवाई कर रहा है। अब तक 200 से अधिक अवैध निर्माणों व प्लॉटिंग पर कार्यवाही की जा चुकी है। इसके साथ ही नियम विरुद्ध निर्माण कर रहे बहुमंज़िला भवनों को भी बड़ी संख्या में सील किया जा रहा है। एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नियमों के विपरीत काम करने वालों को किसी प्रकार की छूट नहीं दी जाएगी और उन पर सख़्त से सख़्त कार्रवाई जारी रहेगी। जो लोग प्राधिकरण के नियमानुसार निर्माण कर रहे हैं, उनके हित सुरक्षित हैं, लेकिन नियम तोड़ने वालों के खिलाफ यह अभियान बिना किसी दबाव के आगे भी जारी रहेगा।

हर्बटपुर में ध्वस्तीकरण
इसी कड़ी में आज मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण क्षेत्रान्तर्गत हर्बटपुर, विकासनगर और अन्य स्थानों पर आज भी एमडीडीए की संयुक्त टीम द्वारा अवैध प्लाटिंग व व्यवसायिक निर्माणों पर ध्वस्तीकरण एवं सीलिंग की कार्रवाई की गई।

एटनबाग, हर्बटपुर में प्रशान्त द्वारा लगभग 5 बिघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया गया। वहीं हर्बटपुर में अमर सिंह द्वारा अवैध रूप से निर्मित दो मंजिला व्यवसायिक भवन को सील कर दिया गया।

विकासनगर और डाकपत्थर में सीलिंग

मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण क्षेत्रान्तर्गत मुख्य चकराता रोड, बाबूगढ (हेरिटेज वैडिंग प्वाइंट) विकासनगर में भरत सिंह नेगी द्वारा किए गए अवैध व्यवसायिक निर्माण को सील किया गया।

निकट गुरुद्वारा चौक, विकासनगर में नीरज गुप्ता व मनोज कुमार द्वारा किए जा रहे व्यवसायिक निर्माणों को सील कर दिया गया।
तेलपुर मार्ग निकट दुर्गा मंदिर, विकासनगर में रामशाह द्वारा किए जा रहे अवैध व्यवसायिक निर्माण पर सीलिंग की कार्यवाही हुई।
जीवनगढ, डाकपत्थर में रविन्द्र चौहान, शाहिल एवं आशु आदि द्वारा किए जा रहे अवैध व्यवसायिक निर्माणों को भी सील किया गया।

सेलाकोई में क्रीड़ा मैदान पर भी कार्रवाई
आज मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण क्षेत्रान्तर्गत बहादुरपुर रोड, सेलाकोई में सुनील थापा द्वारा लगभग 2.5 बिघा भूमि पर कॉलम की सहायता से निर्माणाधीन क्रीड़ा मैदान पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई।

संयुक्त टीम और पुलिस बल की मौजूदगी
इस कार्यवाही में सेक्टर सहायक अभिषेक भारद्वाज, प्राधिकरण द्वारा गठित संयुक्त टीम तथा पुलिस बल मौके पर मौजूद रहे। प्राधिकरण की ओर से स्पष्ट किया गया है कि ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे।

अवैध निर्माण पर सख़्त रुख
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्रान्तर्गत किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण व अवैध प्लाटिंग को हरगिज़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनता की सुरक्षा और शहरी विकास की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों के विपरीत कार्य करने वालों के विरुद्ध सख़्त कार्रवाई आगे भी की जाती रहेगी।


राज्यपाल गुरमीत सिंह 23 सितम्बर को करेंगे ‘शिक्षा की बात’ कार्यक्रम का शुभारम्भ

1300 विद्यालयों में होगा कार्यक्रम का लाइव प्रसारण

देहरादून। प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को सशक्त और समावेशी बनाने के दृष्टिगत विद्यालयी शिक्षा विभाग समग्र शिक्षा के तहत आगामी 23 सितम्बर से ‘शिक्षा की बात’ कार्यक्रम की शुरूआत करेगा। इस अभिनव कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह करेंगे। इस कार्यक्रम के जरिये विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियां एवं प्रेरक व्यक्ति छात्र-छात्राओं से संवाद स्थापित कर अपने अनुभव साझा करेंगे, साथ ही छात्र-छात्राएं अपने सवाल भी उनसे पूछ सकेंगे। ‘शिक्षा की बात’ कार्यक्रम का प्रदेशभर के 1300 विद्यालयों में सजीव प्रसारण किया जायेगा।

सूबे के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मीडिया को जारी बयान में बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘परीक्षा पे चर्चा’ व ‘मन की बात’ कार्यक्रम की तर्ज पर प्रदेश में ‘शिक्षा की बात’ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया जायेगा। जिसका शुभारम्भ आगामी 23 तारीख को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह द्वारा राजीव गांधी नवोदय विद्यालय देहरादून में स्थापित केन्द्रीय वर्चुअल स्टूडियो से किया जायेगा। इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण प्रदेशभर के 1300 विद्यालयों में किया जायेगा। जिसमें 500 वर्चुअल क्लास व 800 हाईब्रिड मोड़ क्लास वाले विद्यालय शामिल हैं। डॉ. रावत ने बताया कि यह कार्यक्रम उत्तराखंड की भौगोलिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक विविधताओं को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों को प्रेरक व्यक्तित्वों से जोड़ने का एक सार्थक प्रयास है। ‘शिक्षा की बात’ की श्रंखला में प्रख्यात साहित्यकारों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों, रंगकर्मियों, पर्यावरणविदों, संस्कृति संवाहकों, वैज्ञानिकों, सैन्य अधिकारियों एवं व्यवसायियों सहित विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियां छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद करेंगे और भविष्य के प्रति उन्हें प्रेरित करेंगे। इस अवसर पर छात्र-छात्राएं अपनी जिज्ञासाओं, अपेक्षाओं एवं सीखने-सिखाने की प्रक्रिया पर संवाद भी कर सकेंगे।

डॉ. रावत ने बताया कि प्रदेश की विशिष्ट परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यह कार्यक्रम विद्यार्थियों की शैक्षिक आवश्यकताओं, कैरियर संबंधी समझ एवं उनके सर्वांगीण विकास की दिशा में एक सशक्त पहल सिद्ध होगा। उन्होंने बताया कि उत्तरकाशी की रवांई संस्कृति से लेकर सीमांत जनपद पिथौरागढ़, चमोली एवं उत्तरकाशी के जनजातीय समुदायों तक और हरिद्वार-देहरादून जैसे सुविधा-संपन्न क्षेत्रों तक, विभिन्न भौगोलिक पृष्ठभूमियों के छात्र-छात्रायें इस कार्यक्रम से लाभान्वित होंगे।


एसजीआरआर मेडिकल कॉलेज में उत्साहपूर्वक मनाया गया राष्ट्रीय फार्माकोविजिलेंस सप्ताह 2025

देहरादून। श्री गुरु राम राय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड हेल्थ साइंसेज (एसजीआरआरआईएमएण्डएचएस), देहरादून के फार्माकोलॉजी विभाग द्वारा राष्ट्रीय फार्माकोविजिलेंस सप्ताह 2025 बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। 17 से 23 सितंबर तक चलने वाले इस सप्ताह का मुख्य उद्देश्य दवाइयों के सही उपयोग, उनके दुष्प्रभाव, भ्रांतियों और रोगी सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को आम जनता और स्वास्थ्यकर्मियों तक पहुँचाना रहा।

सप्ताह के तीसरे दिन शनिवार को वाॅकथॉन का आयोजन किया गया। इसमें एमबीबीएस छात्र-छात्राओं ने हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर दवा सुरक्षा और एडवर्स ड्रग रिएक्शन (एडीआर) के प्रति आम जनमानस को जागरूक किया। कार्यक्रम में माननीय चेयरमैन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने स्वयं छात्र-छात्राओं से बातचीत कर उन्हें प्रेरित किया कि वे रोगी सुरक्षा को प्राथमिकता दें और प्रतिकूल दवा प्रतिक्रियाओं की तुरंत रिपोर्ट करें।

इस अवसर पर श्री गुरु राम राय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड हेल्थ साइंसेज में फार्माकोलॉजी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. शक्ति बाला दत्ता ने बताया कि फार्माकोविजिलेंस सप्ताह प्रतिवर्ष 17 से 23 सितंबर तक मनाया जाता है और इसका मकसद मरीजों और डॉक्टरों के बीच दवाओं के सुरक्षित उपयोग को लेकर जागरूकता फैलाना है। उन्होंने प्रतिकूल दवा प्रतिक्रियाओं के कई उदाहरण साझा किए, जैसेःएंटीबायोटिक दवा से एलर्जी के कारण खुजली या सांस लेने में कठिनाई, दर्द निवारक दवाओं के अत्यधिक प्रयोग से पेट दर्द या अल्सर, ब्लड प्रेशर की दवाओं से चक्कर आना, तथा शुगर की दवाओं से हाइपोग्लाइसीमिया की समस्या।

निदेशक डॉ. मनोज कुमार गुप्ता एवम् चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गौरव रतूड़ी ने भी रोगी सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि एडीआर रिपोर्टिंग स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने का एक अहम माध्यम है। अस्पताल परिसर में मरीजों के बीच बैनर और पैम्फलेट भी वितरित किए गए ताकि उन्हें एडीआर रिपोर्टिंग के महत्व के बारे में जानकारी दी जा सके।

फार्माकोलॉजी विभाग, एसजीआरआरआईएमएचएस का एडीआर निगरानी केंद्र प्रतिमाह संकलित रिपोर्टों को भारतीय फार्माकोलॉजी आयोग, गाजियाबाद को भेजता है। इस अभियान में विभाग के संकाय सदस्यों डॉ. सुमन बाला, डॉ. शालू बावा, डॉ. रश्मि सिंगला, डॉ. कविता, डॉ. भावना, डॉ. छवि जैन, डॉ. श्रुति मल्होत्रा, बिपिन टम्टा सहित तकनीकी कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। पूरे सप्ताह हुए आयोजनों ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि दवाइयाँ जीवन बचाती हैं लेकिन उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना हर किसी की जिम्मेदारी है। किसी भी प्रतिकूल दवा प्रतिक्रिया को नजरअंदाज न करें और तुरंत रिपोर्ट करें, क्योंकि “आपकी सुरक्षा बस एक क्लिक दूर है।”


चमोली आपदा- मलबे में दबा परिवार, मां और जुड़वा बच्चों की दर्दनाक मौत

मलबे में दबे कुंवर सिंह 16 घंटे बाद सुरक्षित बाहर निकाले गए, लेकिन उनका परिवार नहीं बच सका

नंदानगर। चमोली के नंदानगर में बादल फटने से हुई तबाही ने एक पूरे परिवार की जिंदगी उजाड़ दी। मलबे में दबे कुंवर सिंह को 16 घंटे बाद तो बचा लिया गया, लेकिन उनकी पत्नी और जुड़वा बच्चों की जान नहीं बच पाई। गांव में इस दर्दनाक मंजर ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया।

उत्तराखंड के चमोली जिले के नंदानगर के कुंतरी फाली गांव में बृहस्पतिवार तड़के बादल फटने से भारी तबाही हुई। मलबे में दबे लोगों की तलाश में राहत और बचाव अभियान जारी है। कुंवर सिंह का परिवार इस आपदा में सबसे अधिक प्रभावित हुआ। घर में सो रहे उनकी पत्नी कांती देवी और 10 वर्षीय जुड़वा बेटे विकास व विशाल मलबे में दब गए और उनकी मौत हो गई। जब बचावकर्मियों ने मलबा हटाया तो कुंवर सिंह की आवाज सुनाई दी और 16 घंटे बाद उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया।

फाली लगा कुंतरी के बलवंत सिंह का बेटा परिवार के साथ दूसरे शहर में रहता है, जबकि कुंवर सिंह और उनके परिवार ने गांव में ही मजदूरी करके अपना घर बनाया था। दोनों बच्चे सरस्वती शिशु मंदिर में पढ़ते थे। गांववासियों ने मलबे में दबे परिवार के शव और कुंवर सिंह को देखकर भारी दुःख व्यक्त किया। प्रशासन राहत कार्य में जुटा हुआ है और लापता लोगों की खोज जारी है।


राहुल गांधी का दावा- वोट चोरी का ‘हाइड्रोजन बम’ सबूत जल्द होगा सार्वजनिक

राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर भी साधा निशाना, सीईसी ज्ञानेश कुमार पर वोट चोरों की रक्षा करने लगाया आरोप

वायनाड— कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में विपक्ष नेता राहुल गांधी ने शनिवार को वायनाड में एक कार्यक्रम के दौरान चुनावी पारदर्शिता और मतदाता सूचियों से जुड़ी अनियमितताओं को लेकर भरी बहस छेड़ी। उन्होंने दावा किया कि उनके पास ऐसी “पुख्ता” सामग्री है जिसे उन्होंने उपहास में “हाइड्रोजन बम” कहा, जो पूरे मामले की सच्चाई बेनकाब कर देगी।

राहुल गांधी ने कहा, “हमारे पास स्पष्ट और ठोस प्रमाण हैं — मैं बिना सबूत के कुछ भी नहीं कहता। जो कुछ हुआ है, वह सामने आने वाला है।” उन्होंने बताया कि पार्टी ने पहले भी महादेवपुरा और आलंद से संबंधित मामलों में मतदाता सूचियों में किए गए बदलावों के काले-सफेद सबूत पेश किए हैं और उन्होंने आश्वासन दिया कि आगे भी इसी तरह के प्रमाण सार्वजनिक किए जाएंगे।

चुनाव आयोग और सीईसी पर आरोप
राहुल ने चुनाव आयोग के मुख्य चुनाव अधिकरी (सीईसी) ज्ञानेश कुमार पर आरोप लगाते हुए कहा कि आयोग ने “वोट चोरों” की रक्षा की है। उन्होंने विशेषकर कर्नाटक के आलंद विधानसभा क्षेत्र से छह हज़ार मतदाताओं के नाम हटाए जाने का जिक्र किया और इसे चुनाव आयोग प्रमुख के खिलाफ एक गंभीर आरोप बताया। राहुल ने कहा कि कर्नाटक में सीआईडी की जांच भी जारी है और सीआईडी ने वोट चोरी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नम्बरों की जानकारी मांगी है।

उन्होंने यह भी कहा कि यह कोई व्यक्तिगत बकवास नहीं है बल्कि तथ्यों पर आधारित मामला है, और जिन्होंने वोटों से छेड़छाड़ की उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

आलंद मामले और आयोग की प्रतिक्रिया
इस पर चुनाव आयोग ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि ऑनलाइन किसी भी आम व्यक्ति द्वारा मतदाता नामों को हटाया नहीं जा सकता और आलंद में किसी भी मतदाता का अनुचित रूप से नाम हटाए जाने का मामला सत्यापित नहीं हुआ है। आयोग के बयान का हवाला देते हुए अधिकारियों ने कहा कि संबंधित प्रक्रियाओं का पालन किया गया है और किसी भी तरह की गड़बड़ी के आरोपों की जांच की जाएगी।

व्यक्तिगत टिप्पणी व वायनाड का ज़िक्र
राहुल गांधी ने वायनाड के स्थानीय आयोजनों में भी भाग लिया और वहां के लोगों के साथ अपने भावनात्मक जुड़ाव का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जब उन पर हमला हुआ तो वायनाड के लोगों ने उनकी रक्षा की और उन्होंने स्थानीय समर्थकों के साथ अपने स्नेह व आभार का इज़हार किया। इसी कार्यक्रम में उन्होंने केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी की विनम्रता की भी प्रशंसा की और कहा कि कुछ राष्ट्रीय नेताओं में सत्ता मिलने पर अहंकार आ जाता है, जबकि ओमन चांडी विनम्र बने रहे।

आगे की कार्रवाई
राहुल गांधी की ओर से उठाए गए इन आरोपों के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। जहां कांग्रेस ने आगे साक्ष्य सार्वजनिक करने का एलान किया है, वहीं चुनाव आयोग ने पहले दिए गए अपने बयान को दोहराते हुए कहा है कि किसी भी अवैध कार्रवाई की जांच नियम के अनुसार की जाएगी। सीआईडी या अन्य जांच एजेंसियों की कार्रवाई और पार्टी द्वारा दिए जाने वाले नए सबूतों के आधार पर मामले में और पहल की संभावना बनी हुई है।


प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे जिलाधिकारी सविन बंसल, लोगों का जाना हाल

आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत अधिकारी तैनात

देहरादून। लगातार भारी वर्षा से तहसील सदर देहरादून के फुलेत, छमरोली, सिमयारी, सिल्ला, क्यारी, सिरोना, सरौना और चामासारी क्षेत्र में दैवीय आपदा से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मकानों, गौशालाओं, पशुधन, कृषि भूमि, सड़कों, सिंचाई गूलों और बिजली व्यवस्था को भारी नुकसान पहुंचा है। स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की धारा 34 व 72 के तहत आदेश जारी कर विशेष तहसीलदार, बीडीओ और अन्य विभागीय अधिकारियों को अग्रिम आदेश तक प्रभावित क्षेत्रों में प्रवास हेतु तैनात कर दिया है।

डीएम बंसल स्वयं दुर्गम गाड़-गदेरे और ढंगार पार कर हेली सेवा का विकल्प छोड़ प्रभावित गांवों तक पहुंचे और करीब चार हजार की आबादी का हाल जाना। उन्होंने प्रभावितों को राहत पहुंचाने और मुआवजे की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के लिए अधिकारियों को मौके पर ही रहने के निर्देश दिए। लोनिवि को भवन क्षति की तकनीकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने, पीएमजीएसवाई को खाले व पैदल मार्ग तत्काल खोलने, और शिक्षा विभाग को विद्यालयों की समस्याओं पर रिपोर्ट देने को कहा गया है।

डीएम ने साफ चेतावनी दी है कि राहत व पुनर्वास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन युद्धस्तर पर जनजीवन सामान्य बनाने के प्रयासों में जुटा है।


चमोली के कुंतरी गांव में आपदा प्रभावितों से मिले सीएम धामी

मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों का हालचाल जाना और राहत कार्यों की स्थिति का लिया जायजा

चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नंदानगर के आपदा प्रभावित कुंतरी गांव का दौरा किया। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों से मिलकर उनका हालचाल जाना और आपदा में हुए नुकसान तथा राहत कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को त्वरित राहत और पुनर्वास कार्य तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीड़ितों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

सरकार ने प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और मुआवजे की प्रक्रिया जल्द शुरू करने की भी जानकारी दी।


कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ की बैठक

मंत्री जोशी ने प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित पुनर्निर्माण के दिए निर्देश

देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कैंप कार्यालय में सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत हाल ही में आई आपदा से हुए नुकसान की समीक्षा की। बैठक में प्रभावित क्षेत्रों में बहाल किए जाने वाले कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।

मंत्री जोशी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुनर्निर्माण एवं सुरक्षात्मक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने कहा कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र के कई स्थानों पर आपदा के चलते नालों, पुलों, सड़क किनारे सुरक्षा दीवारों इत्यादि के कार्यों का त्वरित पुनर्निर्माण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्थानीय जनता को राहत पहुँचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए विभागीय अधिकारी बिना किसी देरी के कार्ययोजना तैयार कर उसे क्रियान्वित करें।

बैठक में कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को सभी प्रभावित स्थलों का मौके पर सर्वे करने और शीघ्र विस्तृत इस्टीमेट तैयार कर शासन को भेजने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस्टीमेट तैयार होने के बाद शासन स्तर पर आवश्यक बजट की स्वीकृति दिलाकर पुनर्निर्माण कार्य युद्धस्तर पर प्रारंभ किए जाएंगे। मंत्री जोशी ने यह भी कहा कि आपदा के चलते प्रभावित ग्रामीणों को परेशानियों का सामना न करना पड़े, इसके लिए विभागीय अधिकारी नियमित रूप से क्षेत्र का निरीक्षण करें और त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।


ब्रिगेडियर विकास ढींगरा का सीआईएमएस कॉलेज दौरा – एनसीसी कैडेट्स व पाइप बैंड की जमकर सराहना की

राष्ट्र निर्माण में एनसीसी की भूमिका अहम- ब्रिगेडियर विकास ढींगरा

देहरादून। एनसीसी ग्रुप हेडक्वार्टर देहरादून के ब्रिगेडियर विकास ढींगरा ने यूके-11 बटालियन देहरादून के कर्नल आदित्य जे. पॉल एवं सूबेदार मेजर लक्ष्मण सिंह के साथ सीआईएमएस कॉलेज देहरादून का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने एनसीसी यूके-11 बटालियन यूनिट और सीआईएमएस एवं यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेज के पाइप बैंड का निरीक्षण किया। आगमन पर एनसीसी कैडेट्स ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया, जो कॉलेज में उनकी विशिष्ट उपस्थिति को दर्शाता है।

कार्यक्रम की शुरुआत सीआईएमएस एंड यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेज के चेयरमैन एडवोकेट ललित मोहन जोशी ने सभी अतिथियों के स्वागत सत्कार से हुई। उन्होंने छात्रों से अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने, आत्म-अनुशासन बनाए रखने तथा देश सेवा की भावना को सदा जीवित रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पढ़ाई-लिखाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह चरित्र निर्माण और सामाजिक जिम्मेदारी भी सिखाती है।

ब्रिगेडियर ढींगरा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पाइप बैंड के प्रदर्शन और एनसीसी कैडेट्स की सराहना की। उन्होंने कहा कि एक पाइप बैंड को तैयार करने में काफी मेहनत करनी होती है और छात्रों ने यह साबित किया है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा, “आप जो भी कार्य करेंगे, देश का भविष्य उसी पर निर्भर करेगा। इसलिए हर काम पैशन और दिल से करें, बाधाएं स्वतः समाप्त होंगी और देश भी आपके साथ आगे बढ़ेगा।”

यूके-11 बटालियन देहरादून के कर्नल आदित्य जे. पॉल ने भी छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए उनके अनुशासन और गतिविधियों में भागीदारी की विशेष प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि इसी अनुशासन और तत्परता को देखकर ही एनसीसी उत्तराखंड के ब्रिगेडियर विकास ढींगरा को सीआईएमएस कॉलेज के दौरे के लिए आमंत्रित किया गया।

इस अवसर पर सीआईएमएस एंड यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेज के मैनेजिंग डायरेक्टर संजय जोशी, उत्तराखण्ड डिफेंस एकेडमी के डायरेक्टर मेजर ललित सामंत (रिटा), प्रशासनिक अधिकारी कर्नल जे. एस. नेगी, सीआईएमएस कॉलेज एनसीसी यूनिट एएनओ डॉ. अंजना गुंसाई, सीआईएमएस कॉलेज ऑफ पैरामेडिकल के प्रधानाचार्य डॉ आर. एन. सिंह, सीआईएमएस कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्रधानाचार्या प्रो. चेतना गौतम, बैंड ग्रुप के प्रशिक्षक विवेक, शिक्षक एवं कर्मचारीगण सहित 500 से अधिक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


प्रदेश के चार जिलों में भारी बारिश की संभावना, येलो अलर्ट जारी

25 सितंबर तक प्रदेशभर में हल्की बारिश होने के आसार

देहरादून। प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में आज भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार जनपदों के कुछ इलाकों में तेज बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, अन्य जिलों में भी रुक-रुककर बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। अनुमान है कि 25 सितंबर तक प्रदेशभर में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम दर्जे की बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp