Saturday, November 21, 2026
6:50 AM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

नए जीएसटी सुधारों से देशवासियों की जेब में बचेंगे दो लाख करोड़- वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण

Category Archives: राष्ट्रीय

नए जीएसटी सुधारों से देशवासियों की जेब में बचेंगे दो लाख करोड़- वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण

22 सितंबर से बदलेंगे जीएसटी नियम, आम जनता को मिलेगी बड़ी राहत

चेन्नई। आगामी 22 सितंबर से लागू होने वाले नए जीएसटी सुधारों को लेकर देशभर में चर्चा तेज हो गई है। इस बीच केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने साफ किया है कि संशोधित दरों के कारण उपभोक्ताओं की जेब में करीब दो लाख करोड़ रुपये बचेंगे। उनका कहना है कि इस बचत से घरेलू खपत और बाजार की गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी।

तमिलनाडु फूडग्रेन मर्चेंट्स एसोसिएशन के 80वें स्थापना दिवस समारोह में वित्त मंत्री ने बताया कि अब जीएसटी की दरों को चार स्लैब से घटाकर दो स्लैब में समेटा जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा है कि इस बदलाव का सीधा लाभ गरीब, मध्यमवर्गीय परिवारों और छोटे-मध्यम उद्योगों तक पहुंचे।

सीतारमण ने कहा कि नए सुधारों से सामान की कीमतों में कमी आएगी, जिससे खरीदारी बढ़ेगी। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि यदि लोग साबुन जैसी रोजमर्रा की वस्तुएं अधिक मात्रा में खरीदते हैं तो उत्पादन बढ़ेगा, जिससे रोजगार के अवसर सृजित होंगे और टैक्स वसूली भी बढ़ेगी।

उन्होंने यह भी बताया कि जीएसटी लागू होने से पहले देश में टैक्स देने वाले उद्यमियों की संख्या जहां 65 लाख थी, वहीं अब यह बढ़कर 1.5 करोड़ तक पहुंच चुकी है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आलोचना पर पलटवार करते हुए सीतारमण ने कहा कि जीएसटी को “गब्बर सिंह टैक्स” बताना पूरी तरह गलत है। इसके विपरीत इस व्यवस्था ने टैक्स आधार को मजबूत किया है। उनका कहना है कि पिछले आठ वर्षों में सरकार ने किसी भी वस्तु पर अतिरिक्त बोझ नहीं डाला है, बल्कि अब दरों में कटौती कर लोगों को सीधा लाभ देने की कोशिश की जा रही है।

सीतारमण का मानना है कि ये सुधार न केवल आम लोगों और एमएसएमई को राहत देंगे, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेंगे।


3300 शिक्षकों की वरिष्ठता सूची 23 सितंबर से पहले कोर्ट में पेश होगी- डॉ. धन सिंह

शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अधिकारियों को 3 दिन में सूची तैयार करने के निर्देश दिए

देहरादून। विद्यालयी शिक्षा विभाग के अंतर्गत माध्यमिक शिक्षकों की वरिष्ठता प्रकरण को लेकर उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के क्रम में वरिष्ठता सूची तीन दिन के भीतर न्यायालय को सौंप दी जायेगी। इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिये गये हैं है। इसके अलावा विभाग में अधिकारियों के लम्बित पदोन्नति के प्रकरण पर भी शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिये गये हैं।

सूबे विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अपने शासकीय आवास पर उच्च न्यायालय में चल रहे शिक्षकों की वरिष्ठता, पदोन्नति एवं स्थानांतरण प्रकरण को लेकर शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक ली। जिसमें निर्णय लिया गया है कि उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के क्रम माध्यमिक शिक्षा के करीब 3300 शिक्षकों की वरिष्ठता सूची अगली सुनवाई से पूर्व न्यायालय में प्रस्तुत कर दी जायेगी। इसके लिये विभागीय अधिकारियों को शीघ्र सूची तैयार कर अगली सुनवाई की तिथि 23 सितम्बर से पूर्व न्यायालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये हैं। इसके अलावा विभाग में अधिकारियों की शीघ्र डीपीसी करा कर रिक्त पदों के सापेक्ष पदोन्नति करने के भी निर्देश दिये गये हैं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को धारा-27 के तहत विभिन्न श्रेणियों के शिक्षकों के स्थानांतरण हेतु एक सप्ताह के भीतर प्रस्ताव मांगने के भी निर्देश दिये, जिसके तहत स्वयं गंभीर रोग से ग्रसित शिक्षक एवं कार्मिक, उनके माता-पिता, पति-पत्नी एवं बच्चे शामिल है।

इसके अलावा स्वयं दिव्यांग शिक्षक एवं कार्मिक व उनके माता-पिता, पति-पत्नी एवं बच्चे तथा विधवा, विधुर, तलाकशुदा, परित्यागता, सैनिक एवं अर्द्धसैनिक बलों में तैनात शिक्षकों के पति एवं पत्नी शामिल है। इसके अलावा बैठक में डायट एवं आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिये निकटतम विकासखण्ड/जनपद के अधिकारियों को प्राचार्यों के रिक्त पदों का अतिरिक्त प्रभार देने को कहा। विभागीय मंत्री ने आपदा से क्षतिग्रस्त विद्यालयों के मरम्मत एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। जिस पर उन्होंने अधिकारियों को आपदा मोचन निधि के तहत स्वीकृत धनराशि का नियत समय पर उपयोग करने के निर्देश दिये। साथ ही आपदा संबंधित कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगने को भी कहा।

बैठक में अपर सचिव विद्यालयी शिक्षा रंजना राजगुरू, एम.एम. सेमवाल, उप सचिव अनिल कुमार पाण्डेय, निदेशक एससीईआरटी वंदना गर्ब्याल, निदेशक प्राथमिक अजय नौडियाल, निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल सती, अपर निदेशक पदमेन्द्र सकलानी, अनु सचिव विकास श्रीवास्तव, प्रेम सिंह राणा सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


देहरादून आपदा में अब तक 30 लोगों की मौत, 10 अब भी लापता

एसडीआरएफ-एनडीआरएफ का रेस्क्यू अभियान जारी, राहत कार्य तेज

देहरादून। देहरादून में आपदा का कहर जारी है। अब तक 30 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 10 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। शुक्रवार को चौथे दिन राहत-बचाव कार्य के दौरान मजाडा से झारखंड निवासी विरेंद्र सिंह का शव बरामद हुआ। वहीं, मसांदावाला कैंट से लापता प्रीतम सिंह का शव सहारनपुर से और पुष्पेंद्र का शव यमुनानगर से मिला।

एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें लापता लोगों की तलाश में लगातार अभियान चला रही हैं। गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर प्रशासन को राहत कार्य और तेज करने के निर्देश दिए। इससे पहले जिलाधिकारी सविन बंसल ने भी पैदल दौरा कर नुकसान का जायजा लिया।

आपदा में सबसे बड़ी घटना परवल में हुई थी। यहां से लापता हुए 14 लोगों में से 12 के शव बरामद हो चुके हैं, जबकि 2 की तलाश अब भी जारी है। वहीं, फुलेत गांव में छह लोग लापता हुए थे, जिनमें से तीन के शव मिल चुके हैं।

प्रशासन की ओर से बताया गया कि कई मार्गों पर वैकल्पिक व्यवस्था शुरू की गई है। मसूरी मार्ग को शाम 7 बजे से सुबह 6 बजे तक बंद रखा जाएगा। प्रेमनगर में टोंस नदी पर पुल टूटने के बाद डायवर्जन मार्ग से यातायात कराया जा रहा है। मालदेवता क्षेत्र में अस्थायी कच्ची सड़क बनाकर आपातकालीन वाहनों की आवाजाही शुरू की गई है।


देहरादून में नवरात्रि गरबा नाइट्स 2025: कहां कहां मचेगा डांडिया का धमाल? जानें तारीखें, टिकट प्राइस और लोकेशन

Dehradun Garba Nights 2025:  नवरात्रि सिर्फ एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, संगीत और नृत्य का उत्सव भी है। जैसे ही शारदीय नवरात्र का आगाज़ होता है, पूरा देश गरबा और डांडिया की रौशनी में डूब जाता है और इस उत्साह में देहरादून भी पीछे नहीं है, इस बार देहरादून में नवरात्रि के अवसर पर कई जगह गरबा नाइट्स, डीजे इवेंट्स और डांडिया महोत्सव आयोजित हो रहे हैं ,जो पारंपरिक और मॉडर्न मिक्स कल्चर का शानदार मेल हैं। अगर आप भी सोच रहे हैं कि इस नवरात्रि कहां गरबा खेलने जाएं, तो ये ब्लॉग पोस्ट आपके लिए है।

देहरादून में कहां-कहां होंगे गरबा इवेंट्स?

1. विरासत फार्म की डांडिया नाइट

स्थान: विरासत फार्म्स, माता मंदिर रोड, देहरादून

तारीख: 27 सितंबर 2025

समय: शाम 5:30 बजे से

टिकट कीमत:

सिंगल एंट्री: ₹499

कपल एंट्री: ₹899

एज लिमिट: 3 वर्ष और उससे ऊपर

2. Centrio मॉल की रंगतारी डांडिया नाइट

स्थान: Centrio Mall, देहरादून

तारीख: 29 सितंबर 2025

समय: शाम 6:00 बजे से

टिकट कीमत:

जनरल एंट्री: ₹899 से शुरू

VIP सिंगल एंट्री: ₹1,999

VIP फैमिली (4 लोगों के लिए): ₹3,699

3. हिंदुस्तान डांडिया नाइट इन बन्नू स्कूल

स्थान: बन्नू स्कूल, देहरादून

तारीख: 5 अक्टूबर 2025

समय: शाम 7:00 बजे से

टिकट कीमत:

महिला: ₹399

पुरुष: ₹499

फैमिली पास: ₹1,099

सेलिब्रिटी परफॉर्मेंस: स्टार डांसर श्वेता महारा लाइव परफॉर्म करेंगी।

4. लीची बाग डिस्को डांडिया नाइट

 स्थान: लीची बाग बाय मोनियाक गार्डन, देहरादून

तारीख: 1 अक्टूबर 2025

 टिकट कीमत:

सिंगल एंट्री: ₹299

कपल एंट्री: ₹499

फैमिली एंट्री: ₹999

इस नवरात्रि देहरादून में गरबा और डांडिया की धूम मचने वाली है। पारंपरिक कपड़े पहनिए, डांडिया स्टिक्स उठाइए, और तैयार हो जाइए इन रंग-बिरंगे इवेंट्स में शामिल होने के लिए। हर इवेंट की अपनी खासियत है, चाहे वो VIP एंट्री हो, फैमिली पास हो या सेलेब्रिटी परफॉर्मेंस। समय रहते टिकट बुक करें और इस नवरात्रि को बना दीजिए यादगार। टिकट बुक माय शो की साईट से आप करवा सकते है, पहले आने वालों के लिए कई आकर्षक ऑफर इंतज़ार कर रहे हैं।


थाने में युवक को निर्वस्त्र कर बेल्ट-डंडों से पीटा, पिलाया पेशाब

पौड़ी/टिहरी: उत्तराखंड पुलिस का बर्बरतापूर्ण चेहरा एक बार फिर सामने आया है। टिहरी के लमगांव के एक युवक ने आरोप लगाया है कि पुलिस अधिकारियों ने उसे निर्वस्त्र कर बेल्ट और डंडों से पीटा, पेशाब पिलाया और जूते चाटने पर मजबूर किया। युवक की आपबीती सुनकर हर कोई स्तब्ध रह गया।

“थूका हुआ पानी पिलाया, जूते चाटने पर किया मजबूर”

पीड़ित युवक ने मंडल मुख्यालय पौड़ी पहुंचकर बताया कि 9 मई की शाम जब वह मसूरी रोड पर टहल रहा था, तभी लमगांव थानाध्यक्ष और दो एसआई कार से आए और उसे एसएसपी द्वारा बुलाए जाने की बात कहकर गाड़ी में बैठा लिया। लेकिन उसे एसएसपी के पास ले जाने के बजाय नई टिहरी कोटी कॉलोनी चौकी ले जाया गया, जहां उसकी बेरहमी से पिटाई की गई।

युवक ने आरोप लगाया कि पुलिस ने न केवल डंडों और बेल्ट से पीटा बल्कि उसकी चीख-पुकार के बाद गला सूखने पर थूका हुआ पानी पिलाया और जूते चाटने पर मजबूर किया।

जेल भी भेजा, हाथ में थमाया चाकू

पीड़ित का कहना है कि पुलिस बाद में उसे जाख तिराहे पर ले गई और हाथ में चाकू थमा दिया। इसके बाद उसे चार महीने तक जेल में रहना पड़ा।

जांच के आदेश

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए गढ़वाल रेंज के आईजी राजीव स्वरूप ने कहा, “टिहरी के लमगांव के युवक के साथ पुलिस अधिकारियों द्वारा मारपीट का प्रकरण संज्ञान में आया है। एसएसपी टिहरी से रिपोर्ट तलब की गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”


बॉम्बे हाईकोर्ट को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, 7 दिन में दूसरी बार मचा हड़कंप

मुंबई: बॉम्बे हाईकोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी (Bomb Threat to Bombay High Court) मिली है, जिससे कोर्ट परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मुंबई पुलिस ने जानकारी दी कि धमकी मिलते ही अदालत परिसर को तुरंत खाली कराया गया और बम निरोधक दस्ता (Bomb Squad) एवं डॉग स्क्वॉड को मौके पर तैनात किया गया। हालाँकि, जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया है।

धमकी के बाद कोर्ट परिसर में सुरक्षा बढ़ाई गई

यह घटना तब सामने आई जब बॉम्बे हाईकोर्ट को एक ईमेल या फोन कॉल के ज़रिए धमकी मिली कि परिसर को बम से उड़ा दिया जाएगा। पुलिस ने ऐहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र की घेराबंदी की और तलाशी अभियान चलाया। कई घंटे की छानबीन के बाद किसी भी तरह का विस्फोटक पदार्थ नहीं मिला।

7 दिनों में दूसरी बार मिली धमकी

गौरतलब है कि सिर्फ 7 दिन पहले भी बॉम्बे हाईकोर्ट को इसी तरह की धमकी दी गई थी। उस समय भी बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की मदद से पूरे इलाके की तलाशी ली गई थी, लेकिन कोई विस्फोटक नहीं मिला था। बार-बार मिल रही धमकियों ने मुंबई पुलिस और खुफिया एजेंसियों को सतर्क कर दिया है।

मुंबई पुलिस की प्रतिक्रिया

मुंबई पुलिस ने बताया कि वह मामले को गंभीरता से ले रही है और धमकी देने वाले की पहचान करने की कोशिश कर रही है। साइबर सेल और ATS (Anti-Terrorism Squad) को भी मामले की जांच में लगाया गया है। पुलिस का मानना है कि यह शरारती तत्वों की करतूत हो सकती है, लेकिन किसी भी संभावना को नज़रअंदाज़ नहीं किया जा रहा।

कानून व्यवस्था को लेकर चिंता

बार-बार कोर्ट जैसी संवेदनशील जगहों को धमकी मिलना देश की न्याय व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था दोनों पर सवाल खड़े करता है। प्रशासन को चाहिए कि वह ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई करे ताकि भविष्य में कोई ऐसी हरकत करने की हिम्मत न कर सके।


आपदा क्षेत्र फुलेत पहुंचे डीएम सविन बंसल, पैदल तय किया 12 किमी दुर्गम रास्ता

देहरादून: जनपद के सबसे दुर्गम आपदाग्रस्त क्षेत्र फुलेत तक जिला प्रशासन ने हेली सेवा छोड़ पैदल रास्ता चुना। जिलाधिकारी सविन बंसल प्रशासनिक अमले के साथ लगभग 40 किमी छमरौली तक वाहन से पहुँचे और वहां से करीब 12 किमी दुर्गम पैदल मार्ग तय कर फुलेत पहुंचे।

डीएम ने आपदा से हुई क्षति का स्थलीय निरीक्षण किया और प्रभावित ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने और जनजीवन सामान्य करने के निर्देश दिए।

आपदा में पुलिया, पुल, सड़कें और पगडंडियां बह गई हैं,  जिससे प्रभावित गाँवों तक पहुँच बेहद कठिन हो गया है। गाड़, गदेरे और ढौंड पार कर डीएम प्रभावित परिवारों के पास पहुँचे और उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार और प्रशासन हर हाल में उनके साथ खड़ा है तथा युद्ध स्तर पर सामान्य जीवन बहाल करने के प्रयास जारी हैं।


पित्रोदा के बयान से सियासी तूफान, भाजपा ने साधा कांग्रेस पर निशाना

नई दिल्ली: कांग्रेस नेता और ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा के ताजा बयान ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। पित्रोदा ने पड़ोसी देशों से रिश्ते बेहतर बनाने की बात कही और पाकिस्तान का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां जाकर उन्हें “घर जैसा” महसूस हुआ।

उनके इस बयान को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा, “राहुल गांधी के खास आदमी और कांग्रेस ओवरसीज के प्रमुख कहते हैं कि उन्हें पाकिस्तान में घर जैसा लगा। इसमें कोई हैरानी नहीं कि 26/11 हमले के बाद भी यूपीए सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ कोई सख्त कदम नहीं उठाया। पाकिस्तान का पसंदीदा, कांग्रेस का चहेता!”

पित्रोदा ने कहा था, “मेरी राय में हमारी विदेश नीति में सबसे पहले हमें अपने पड़ोस पर ध्यान देना चाहिए। क्या हम पाकिस्तान और अन्य पड़ोसी देशों से रिश्ते बेहतर कर सकते हैं? मैं पाकिस्तान गया हूं, वहां मुझे घर जैसा लगा। मैं बांग्लादेश और नेपाल भी गया हूं और वहां भी ऐसा ही अनुभव हुआ।”

यह पहली बार नहीं है जब सैम पित्रोदा अपने बयानों को लेकर विवादों में आए हों। इससे पहले उन्होंने कहा था कि भारत चीन के खतरे को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करता है।

गौरतलब है कि 1980 के दशक में पित्रोदा राजीव गांधी के करीबी टेक्नोक्रेट के रूप में प्रसिद्ध हुए थे और गांधी परिवार के भरोसेमंद माने जाते हैं। हालांकि, उनके बयान अक्सर कांग्रेस को असहज स्थिति में डाल देते हैं।


कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने खंडूड़ी का जाना हालचाल, शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना

देहरादून। शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मेजर जनरल भुवनचंद्र खंडूड़ी का हालचाल जानने उनके वसंत विहार स्थित आवास पर पहुंचीं। मुलाकात के दौरान उन्होंने उनके स्वास्थ्य लाभ की जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

रेखा आर्या ने कहा कि मेजर जनरल खंडूड़ी प्रदेश और देश की राजनीति में सदैव प्रेरणा के स्रोत रहे हैं। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि खंडूड़ी जी दीर्घायु हों और समाज को अपने अमूल्य अनुभवों से आगे भी मार्गदर्शन देते रहें।


पिथौरागढ़: जीआईसी खतेड़ा में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी बने ‘प्रिंसिपल’, आंदोलन के कारण अजीब हालात

पिथौरागढ़: सीमांत जिले पिथौरागढ़ के मुनस्यारी विकासखंड में शिक्षा विभाग की व्यवस्था सवालों के घेरे में है। यहां के जीआईसी खतेड़ा में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को प्रभारी प्रधानाचार्य की जिम्मेदारी सौंप दी गई है। यह स्थिति तब बनी जब आंदोलनरत शिक्षकों ने दायित्व संभालने से इंकार कर दिया।

शिक्षकों के आंदोलन से बिगड़ी स्थिति

राजकीय शिक्षक संघ लंबे समय से विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलनरत है। आंदोलन के तहत शिक्षकों ने पठन-पाठन के अलावा किसी भी विभागीय दायित्व को संभालने से मना कर दिया है। इसी क्रम में जीआईसी खतेड़ा में हिंदी प्रवक्ता छोटे सिंह, जिन्हें प्रभारी प्रधानाचार्य बनाया गया था, ने भी लिखित रूप से अपना प्रभार त्याग दिया।

चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को सौंपा गया प्रभार

विद्यालय में स्थायी प्रधानाचार्य और पर्याप्त कर्मचारी नहीं होने के कारण अब यहां तैनात एकमात्र चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी राजू गिरी को प्रभारी प्रधानाचार्य बना दिया गया है। अब सरकारी जिम्मेदारियां निभाने से लेकर फैसले लेने तक का दायित्व उनके कंधों पर है। यह शायद पहला मौका है जब शिक्षा विभाग में किसी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को इस तरह का दायित्व सौंपा गया है।

विभाग में हड़कंप

विद्यालय में इस समय हिंदी प्रवक्ता के अलावा एक अन्य स्थायी शिक्षक और पाँच अतिथि शिक्षक तैनात हैं। चूँकि अतिथि शिक्षकों को किसी भी प्रकार का सरकारी दायित्व नहीं सौंपा जा सकता, इसलिए चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को प्रभार सौंपने का निर्णय लिया गया।

खंड शिक्षा अधिकारी ने जताई नाराजगी

इस मामले पर खंड शिक्षा अधिकारी मुनस्यारी दिगंबर आर्या ने कहा, “राजकीय शिक्षक छात्र और विभागीय हित में गलत निर्णय ले रहे हैं। यदि प्रभारी प्रधानाचार्य का चार्ज किसी को देना ही था तो मुझसे संपर्क किया जा सकता था। यह निर्णय सही नहीं है और जल्द ही उचित कदम उठाए जाएंगे।”


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp