Saturday, November 21, 2026
7:42 AM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

भर्ती परीक्षा नकल मामले की एसआईटी जांच, सीएम धामी ने कहा- छात्रों के हित में कदम उठाए जाएंगे

Category Archives: राष्ट्रीय

भर्ती परीक्षा नकल मामले की एसआईटी जांच, सीएम धामी ने कहा- छात्रों के हित में कदम उठाए जाएंगे

मुख्यमंत्री धामी ने युवाओं से अपील की- आंदोलन का राजनीतिकरण न होने दें

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि एसआईटी हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में यूकेएसएसएससी स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा में नकल मामले की जांच कर रही है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यदि जांच के दौरान छात्रों के हित में कोई निर्णय करना पड़े तो सरकार पीछे नहीं हटेगी।

मुख्यमंत्री धामी ने मीडिया से बातचीत में युवाओं से अपील की कि वे सही जानकारी के आधार पर ही आंदोलन का निर्णय लें। उन्होंने कहा कि कुछ लोग राजनीतिक स्वार्थ के लिए युवाओं को भड़काकर सड़क पर ला रहे हैं, जबकि उनका परीक्षा और छात्रों से कोई संबंध नहीं है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार की प्राथमिकता पारदर्शिता, निष्पक्षता और बिना भ्रष्टाचार के भर्ती प्रक्रिया को सुनिश्चित करना है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 25 हजार नियुक्तियां पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ की गई हैं। यूकेएसएसएससी की परीक्षा के दौरान एक केंद्र पर नकल की शिकायत मिलने पर भर्ती प्रक्रिया को एक माह के लिए स्थगित कर दिया गया है।

धामी ने कहा कि कुछ लोग छात्रों की आड़ में सरकार को निशाना बना रहे हैं और मामले का राजनीतिकरण कर रहे हैं। उन्होंने देशभक्ति और सनातन धर्म के प्रति सम्मान बनाए रखने का भी संदेश दिया और कहा कि उत्तराखंड के युवा राष्ट्रवादी हैं और वे इस मुद्दे पर सोच-समझकर आगे बढ़ेंगे।


झाड़सा फ्लाईओवर पर हुआ भीषण सड़क हादसा, पांच की मौत

एक युवक गंभीर रूप से घायल

गुरुग्राम। गुरुग्राम के झाड़सा फ्लाईओवर के पास शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार यूपी नंबर की काली थार SUV अनियंत्रित होकर एग्जिट 9 डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में छह में से पांच लोग मौके पर ही जान गंवा बैठे। मृतकों में तीन युवतियां और दो युवक शामिल हैं, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है।

जानकारी के अनुसार, दुर्घटना सुबह करीब 4.30 बजे दिल्ली से जयपुर की ओर जा रही वाहन में हुई। थार में कुल छह लोग सवार थे। मृतकों में प्रतिष्ठा मिश्रा (25, रायबरेली), आदित्य प्रताप सिंह (30, आगरा), गौतम (31, सोनीपत/ग्रेटर नोएडा), लावण्या (26, आगरा) और एक अज्ञात महिला शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल युवक कपिल शर्मा (28, बुलंदशहर) को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मरने वालों में प्रतिष्ठा मिश्रा और लावण्या लॉ कॉलेज की छात्रा थीं। दोनों ग्रेटर नोएडा के लॉयड लॉ कॉलेज में एलएलबी की पढ़ाई कर रही थीं। वहीं, आदित्य प्रताप सिंह और कपिल शर्मा इंजीनियर थे। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है और वाहन की तेज गति को हादसे का मुख्य कारण बताया जा रहा है।


अवैध निर्माणों पर एमडीडीए की सख़्त कार्रवाई, अजबपुर कला मोथरोवाला रोड पर अवैध व्यावसायिक निर्माण सील

नियम विरुद्ध निर्माणों के खिलाफ एमडीडीए की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी— बंशीधर तिवारी

देहरादून। मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने नियमविरुद्ध निर्माणों के खिलाफ अपनी कार्रवाई को जारी रखते हुए, देहरादून क्षेत्र में एक अवैध व्यावसायिक निर्माण को सील कर दिया। प्राधिकरण क्षेत्रान्तर्गत अजबपुर कला मोथरोवाला रोड, प्राथमिक विद्यालय के निकट कोठियाल द्वारा किये जा रहे अवैध व्यावसायिक निर्माण पर सयुंक्त सचिव गौरव चटवाल के आदेशों पर कार्यवाही की गई। इस दौरान सहायक अभियंता निशांत कुकरेती, अवर अभियंता जयदीप राणा और सुपरवाइजर मौके पर मौजूद रहे।

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण नियमविरुद्ध निर्माणों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहा है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा। किसी भी अवैध निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा। निर्माण मानकों और स्वीकृत नक्शों के अनुरूप ही कार्य करने वालों को ही अनुमति मिलेगी।


चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं का आंकड़ा 45 लाख पार, बारिश थमते ही फिर बढ़ी रफ्तार

केदारनाथ में सबसे ज्यादा 15.73 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

देहरादून। उत्तराखंड की चारधाम यात्रा एक बार फिर रफ्तार पकड़ चुकी है। बारिश और आपदा से उपजे व्यवधान के बाद श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार धामों की ओर उमड़ रही है। अब तक 45.25 लाख से अधिक तीर्थयात्री चारधाम और हेमकुंड साहिब में दर्शन कर चुके हैं। सिर्फ एक दिन में ही 13 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने विभिन्न धामों के साथ हेमकुंड साहिब के दर्शन किए।

चारधाम यात्रा का शुभारंभ 30 अप्रैल को गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने से हुआ था। इसके बाद 2 मई को केदारनाथ और 4 मई को बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ यात्रा पूर्ण रूप से शुरू हुई। हालांकि, खराब मौसम और प्राकृतिक आपदाओं ने बीच-बीच में यात्रा को प्रभावित किया। 5 अगस्त को धराली क्षेत्र की आपदा के कारण गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा पूरी तरह से ठप रही, लेकिन चुनौतियों को पार करते हुए अब यात्रा पटरी पर लौट आई है।

यात्रा मार्गों पर भूस्खलन और सड़कों की क्षति से श्रद्धालुओं को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है, बावजूद इसके श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ है। पर्यटन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार को हरिद्वार, ऋषिकेश और हरबर्टपुर केंद्रों में 1480 तीर्थयात्रियों ने ऑफलाइन पंजीकरण कराया।

अब तक धामों में दर्शन करने वाले श्रद्धालु:

  • केदारनाथ: 15,73,796

  • बदरीनाथ: 13,93,317

  • गंगोत्री: 6,95,113

  • यमुनोत्री: 5,99,507

  • हेमकुंड साहिब: 2,63,873


शहीद हवलदार बहादुर सिंह बोहरा की 18वीं पुण्यतिथि पर मंत्री गणेश जोशी ने दी श्रद्धांजलि

देहरादून। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने आज ‘अशोक चक्र’ विजेता अमर शहीद हवलदार बहादुर सिंह बोहरा की 18वीं पुण्यतिथि पर बिलासपुर कांडली स्थित उनके आवास पहुंचकर प्रतिमा पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनकी वीरता को नमन किया।

इस अवसर पर मंत्री जोशी ने कहा कि शहीदों को कोई भी वापस नहीं ला सकता, लेकिन यह सरकार का दायित्व है कि वह शहीदों और उनके परिजनों के प्रति अपनी गंभीरता और संवेदनशीलता दिखाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार शहीदों के सम्मान और कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चला रही है।

मंत्री जोशी ने कहा कि देहरादून में बन रहा भव्य सैन्य धाम अब निर्माण की अंतिम चरण में है और शीघ्र ही उसका लोकार्पण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहीदों के परिजनों के कल्याण और उनके सम्मान के लिए राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है।

ज्ञात हो कि हवलदार बहादुर सिंह बोहरा भारतीय सेना की 10वीं बटालियन, पैराशूट रेजिमेंट के वीर सैनिक थे और उन्हें देश के सर्वोच्च शांतिकालीन वीरता पुरस्कार अशोक चक्र से सम्मानित किया गया था। 26 सितम्बर 2008 को जम्मू-कश्मीर के लवंज क्षेत्र में आतंकवादियों से लड़ते हुए उन्होंने असाधारण बहादुरी का प्रदर्शन किया और मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। मंत्री ने अमर शहीद के नाम पर कंडाली में शहीद द्वार का निर्माण करने तथा क्षेत्र की सड़क का नाम शहीद के नाम पर रखने की घोषणा भी की।

हवलदार बहादुर सिंह बोहरा का जन्म उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के रावलखेत गाँव में हुआ था। वे चार भाई-बहनों में सबसे छोटे थे। उनके परिवार में पत्नी शांति बोहरा और दो बेटियां मानसी व साक्षी हैं।

इस अवसर पर शहीद की पत्नी शांति बोहरा, बेटी मानसी, वंदना बिष्ट, चंदन बिष्ट, मंजु देऊपा, वंदना ठाकुर, प्रधान विनोद प्रकाश अवस्थी, लक्ष्मण खनका, विक्रम सिंह, गिरीश उनियाल, भुवन चंद्र भट्ट, जगदीश चंद्र पांडे, जीवन सिंह रौतेला, गोविंद सिंह, नन्दन सिंह सहित स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


दिव्यांगजन समाज का अभिन्न अंग, उनके सम्मान की रक्षा को सरकार प्रतिबद्ध- सीएम धामी

सचिवालय में दिव्यांग सलाहकार बोर्ड की बैठक, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय में राज्य दिव्यांग सलाहकार बोर्ड की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजनोें के अधिकारों एवं सम्मान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दिव्यांगजनों के कल्याण के चलाई जा रही योजनाओं और कार्यक्रमों का पूरा लाभ उन्हें सुगमता एवं पारदर्शिता के साथ मिले। समाज के इस वर्ग की समस्याओं का समाधान शासन-प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में होना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने सचिव स्वास्थ्य को निर्देश दिए कि समय-समय पर प्रदेशभर में दिव्यांगजनों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाए। इन शिविरों में दिव्यागजनों को उन्हें उपचार एवं चिकित्सा सुविधाओं के साथ ही प्रमाण-पत्र, कृत्रिम अंग एवं अन्य सहायक उपकरण भी मौके पर ही उपलब्ध कराए जाएं।

मुख्यमंत्री ने सचिव समाज कल्याण को निर्देश दिए कि बैठक में प्राप्त सुझावों पर शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि विभिन्न शासकीय सेवाओं में नियुक्ति प्रक्रिया के दौरान आरक्षण के प्रावधानों के अनुसार दिव्यांगजनों को पूरा लाभ दिया जाए। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि समाज कल्याण विभाग पेंशन योजनाओं में विशेष रूप से यह सुनिश्चित करे कि जो भी पात्र व्यक्ति दिव्यांग पेंशन या अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के दायरे में आते हों, उन्हें योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ मिले।

उन्होंने सभी सचिवगणों से अपेक्षा की कि दिव्यांगजनों से जुड़े मुद्दों पर विभागीय स्तर पर सतत गंभीरता से कार्यों का अनुश्रवण कर उनके हितों से सीधे जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को प्राथमिकता दी जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिव्यांगजन समाज का एक अभिन्न अंग हैं और उन्हें सक्षम बनाने के लिए सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है।

बैठक में उपस्थित विधायकगणों एवं बोर्ड सदस्यों ने भी कई महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। मुख्यमंत्री ने उन सभी सुझावों पर सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों की समस्याएँ किसी भी सरकार के लिए केवल प्रशासनिक विषय न रहकर मानवीय सरोकार से जुड़ी जिम्मेदारी भी हैं, और इसी भाव से राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है।

बैठक में विधायक भरत चौधरी, श्रीमती सविता कपूर के साथ ही सचिव श्रीधर बाबू अद्दांकी, रंजीत सिन्हा, चन्द्रेश कुमार, वी. षणमुगम, डॉ. आर. राजेश कुमार, निदेशक समाज कल्याण प्रकाश चन्द्र एवं राज्य दिव्यांग सलाहकार बोर्ड के सदस्यगण उपस्थित रहे।


दिल्ली-एनसीआर में पटाखों की बिक्री पर सुप्रीम कोर्ट ने लगाया प्रतिबंध

नई दिल्ली। दिवाली से ठीक पहले सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर में सभी तरह के पटाखों की बिक्री पर रोक लगाने का बड़ा फैसला सुनाया है। हालांकि, अदालत ने ग्रीन पटाखे बनाने की अनुमति दी है, लेकिन स्पष्ट रूप से कहा गया कि ये पटाखे दिल्ली-एनसीआर में नहीं बेचे जाएंगे, जब तक कि अगला आदेश नहीं आता।

प्रमाण पत्र होगा तभी बना पाएंगे पटाखे

 सुप्रीम कोर्ट ने यह भी शर्त रखी है कि सिर्फ वही निर्माता ग्रीन पटाखे बना सकते हैं जिनके पास एनईईआरआई (NEERI) या पीईएसओ (PESO) जैसी अधिकृत एजेंसियों से प्रमाणपत्र होगा। पटाखा निर्माता यह भी लिखित वचन देंगे कि वे दिल्ली-एनसीआर में कोई पटाखा नहीं बेचेंगे।

2024 में प्रदूषण का स्तर 494 तक पहुंचा

कोर्ट ने यह कदम इसलिए उठाया क्योंकि दिवाली के समय राजधानी में प्रदूषण का स्तर बहुत बढ़ जाता है। नवंबर 2024 में दिल्ली का औसत AQI 494 तक पहुंच गया था, जिससे शहर घने स्मॉग में लिपट गया और लोगों के लिए सांस लेना मुश्किल हो गया।

पूरे देश में पटाखों की बिक्री पर नहीं लगी रोक 

मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई की अध्यक्षता वाली बेंच ने यह फैसला सुनाते हुए कहा कि पूरे देश में पटाखों की बिक्री पर रोक नहीं लगाई जा सकती, क्योंकि केंद्र सरकार ने अभी तक राष्ट्रीय स्तर पर कोई प्रतिबंध प्रस्तावित नहीं किया है।

सुप्रीम कोर्ट की अगली सुनवाई होगी अहम

सुप्रीम कोर्ट की अगली सुनवाई में यह तय किया जाएगा कि दिल्ली-एनसीआर में पटाखों की बिक्री पर आगे क्या कदम उठाए जाएँ। इस फैसले का उद्देश्य राजधानी में हवा की गुणवत्ता बनाए रखना और दिवाली पर प्रदूषण को नियंत्रित करना है।


मुख्यमंत्री धामी ने वैक्यूम बेस्ड रोड स्वीपिंग मशीन का किया फ्लैग ऑफ

देहरादून में स्मार्ट तकनीक से सफाई व्यवस्था को और मजबूत बनाने की पहल

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय परिसर में नगर निगम, देहरादून द्वारा संचालित वैक्यूम बेस्ड रोड़ स्वीपिंग मशीन का फ्लैग ऑफ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने देहरादून को साफ सुथरा आधुनिक शहर बनाने की दिशा में नगर निगम देहरादून के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्मार्ट तकनीक आधारित यह पहल राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के उद्देश्यों को साकार करने में सहायक सिद्ध होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून को स्वच्छ एवं प्रदूषण रहित बनाने के लिए तकनीक के माध्यम से सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। नगर निगम द्वारा बेड़े में शामिल की गई उन्नत मशीनों से सड़कों की नियमित सफाई अधिक प्रभावी और तेजी से होगी। साथ ही धूल व प्रदूषण के स्तर में कमी आएगी, जिससे आमजन को स्वच्छ वातावरण मिल सकेगा। मुख्यमंत्री ने नगर निगम एवं संबंधित विभागों से आह्वान किया कि देहरादून शहर को स्वच्छ, सुंदर और हरा – भरा बनाए रखने के लिए इन गतिविधियों को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए ।

इस अवसर पर मेयर देहरादून सौरभ थपलियाल, नगर आयुक्त नमामि बंसल एवं नगर निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की जयंती पर पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनके योगदान को नेताओं ने किया याद 

नई दिल्ली। आज देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की जयंती है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया। डॉ. मनमोहन सिंह का जन्म 26 सितंबर 1932 को अविभाजित पंजाब के गाह (अब पाकिस्तान) में हुआ था। वे एक साधारण परिवार से उठकर देश के प्रमुख अर्थशास्त्रियों में शामिल हुए और बाद में सार्वजनिक जीवन में अपनी छाप छोड़ी।

पीएम मोदी ने किया याद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि डॉ. मनमोहन सिंह की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि। उन्होंने उनके प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री के रूप में निभाए गए अहम योगदानों को देश की प्रगति में महत्वपूर्ण बताया।

कांग्रेस अध्यक्ष खरगे का बयान
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने डॉ. सिंह को “भारत की आर्थिक परिवर्तन का सौम्य शिल्पकार” करार दिया। उन्होंने कहा कि उनकी नीतियों ने समृद्ध मध्यवर्ग का निर्माण किया और करोड़ों परिवारों को गरीबी से बाहर निकाला। खरगे ने उनके जीवन को सार्वजनिक सेवा, ईमानदारी और सत्यनिष्ठा का उदाहरण बताया।

राहुल गांधी ने दी श्रद्धांजलि
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि डॉ. सिंह की अटूट प्रतिबद्धता, गरीबों और वंचितों के लिए उनके साहसिक निर्णय और मजबूत अर्थव्यवस्था के निर्माण में योगदान हमेशा मार्गदर्शन देगा।

राजनीतिक सफर
डॉ. मनमोहन सिंह 1991-96 में पी. वी. नरसिम्हा राव सरकार में वित्त मंत्री रहे और देश में आर्थिक उदारीकरण की शुरुआत की। इसके बाद 2004-2014 तक लगातार दो कार्यकाल तक प्रधानमंत्री रहे। उनके नेतृत्व में देश ने तेज आर्थिक विकास देखा और कई कल्याणकारी योजनाएं लागू हुईं।


डीएम सविन बंसल ने भंडारीबाग रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्यों का किया स्थलीय निरीक्षण

धीमी रफ्तार पर कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को लगाई फटकार, समय पर निर्माण पूरा करने के दिए निर्देश

देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल ने भंडारीबाग रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान धीमी रफ्तार पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को फटकार लगाई और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि भंडारीबाग रेलवे ओवरब्रिज मुख्यमंत्री का महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट है, जो जनहित से सीधा जुड़ा है। ऐसे विकास कार्यों में लापरवाही या देरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके स्थलीय निरीक्षण से अब कार्यों की रफ्तार तेज होगी।

उन्होंने निर्देश दिए कि ओवरब्रिज का निर्माण निर्धारित समय सीमा में हर हाल में पूरा किया जाए। इस कार्य की मॉनिटरिंग के लिए एसडीएम और लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के एक्सईएन को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो रेलवे अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर गार्डर प्‍लेसमेंट और अन्य निर्माण गतिविधियों की क्लोज मॉनिटरिंग करेंगे। जिलाधिकारी स्वयं भी इसकी नियमित समीक्षा करेंगे।

डीएम बंसल ने कहा कि शहर के बीचो-बीच वर्षों से अधूरे पड़े इस प्रोजेक्ट के कारण आमजन को लगातार असुविधा और जाम की समस्या झेलनी पड़ रही है। भंडारीबाग रेलवे ओवरब्रिज परियोजना सहारनपुर रोड पर यातायात दबाव कम करने और शहरवासियों को जाम से राहत दिलाने के उद्देश्य से शुरू की गई थी। यह ओवरब्रिज भंडारीबाग को रेसकोर्स चौक से जोड़ेगा, जिससे प्रिंस चौक और हरिद्वार रोड के बीच आवागमन और अधिक सुगम होगा।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp