Tuesday, November 17, 2026
9:11 AM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

मेथी का पानी- हर रोज सुबह खाली पेट पीने से आपके शरीर में होंगे ये सकारात्मक बदलाव

Category Archives: जीवन शैली

मेथी का पानी- हर रोज सुबह खाली पेट पीने से आपके शरीर में होंगे ये सकारात्मक बदलाव

हर कोई चाहता है कि उसका शरीर फिट और स्वस्थ दिखे और पेट संबंधी परेशानियों से हमेशा के लिए छुटकारा मिले। लेकिन आज की व्यस्त जीवनशैली में लोग अक्सर अपने स्वास्थ्य पर ध्यान नहीं दे पाते। ऐसी स्थिति में आपकी रसोई में मौजूद एक साधारण चीज — मेथी का पानी — आपके लिए वरदान साबित हो सकती है।

रोजाना सुबह खाली पेट मेथी का पानी पीने की आदत आपके शरीर में कई सकारात्मक बदलाव ला सकती है। मेथी में फाइबर, प्रोटीन, आयरन और मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्व मौजूद हैं, जो इसे प्राकृतिक औषधि बनाते हैं। आयुर्वेद में सदियों से इसका इस्तेमाल कई बीमारियों के इलाज के लिए किया जाता रहा है, और आधुनिक विज्ञान भी इसके फायदों को मान रहा है।

आइए जानते हैं मेथी के पानी के 4 बड़े फायदे:

1. वजन घटाने में सहायक

मेथी का पानी वजन कम करने के लिए सबसे लोकप्रिय घरेलू उपायों में से एक है। इसमें मौजूद घुलनशील फाइबर लंबे समय तक पेट भरा रखने में मदद करता है। इससे अनावश्यक भूख और क्रेविंग कम होती है, जिससे आप कम कैलोरी का सेवन करते हैं और वजन नियंत्रित रहता है।

2. ब्लड शुगर को नियंत्रित करे

डायबिटीज के मरीजों के लिए मेथी का पानी किसी प्राकृतिक दवा से कम नहीं। इसमें मौजूद गैलेक्टोमैनन फाइबर और अमीनो एसिड भोजन से ग्लूकोज के अवशोषण को धीमा करते हैं, जिससे ब्लड शुगर में अचानक उछाल नहीं आता।

3. पाचन तंत्र को मजबूत बनाए

सुबह खाली पेट मेथी का पानी पीने से पाचन क्रिया सुधारती है। यह कब्ज और अपच जैसी समस्याओं को दूर करने में मदद करता है। मेथी के तत्व आंतों को साफ रखते हैं और आंतों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं।

4. कोलेस्ट्रॉल और दिल के लिए फायदेमंद

मेथी में मौजूद फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स खराब कोलेस्ट्रॉल को कम और अच्छे कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाते हैं। इससे हृदय रोग का जोखिम घटता है। यही वजह है कि मेथी का पानी शुगर, कब्ज और हृदय संबंधी बीमारियों के लिए लाभकारी माना जाता है।

(साभार)


तनाव और अनिद्रा से जूझ रहे हैं? शरीर में हो सकती है इस पोषक तत्व की कमी

स्वस्थ और तंदुरुस्त जीवन के लिए सही खानपान का होना बेहद जरूरी है। अक्सर हम विटामिन, प्रोटीन और मिनरल्स की बात करते हैं, लेकिन शरीर के सही विकास और कार्य के लिए आवश्यक सूक्ष्म पोषक तत्वों पर ध्यान कम दिया जाता है। इनमें मैग्नीशियम एक अहम खनिज है, जो हमारी सेहत को कई तरीकों से प्रभावित करता है।

मैग्नीशियम का महत्व
अध्ययनों से पता चलता है कि मैग्नीशियम हड्डियों को मजबूत रखने, मांसपेशियों के सही कार्य, नसों के सिग्नल, ब्लड शुगर लेवल को नियंत्रित करने और हार्टबीट को सामान्य बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसकी कमी होने पर थकान, मांसपेशियों में ऐंठन, अनिद्रा, उच्च रक्तचाप और मानसिक तनाव जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं।

विशेषज्ञों की राय
वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. पी.बी. मिश्रा का कहना है कि मैग्नीशियम शरीर के लिए अत्यंत जरूरी है। इसकी कमी से मांसपेशियों में ऐंठन, हृदय की अनियमित धड़कन, थकान, अवसाद, चिंता और नींद की समस्याएं हो सकती हैं। गंभीर मामलों में दौरे भी पड़ सकते हैं।

कैसे करें आहार में सुधार
डॉ. मिश्रा के अनुसार मैग्नीशियम की कमी दूर करने के लिए आहार में फलियां, हरी सब्जियां, बादाम, चिया और कद्दू के बीज, ब्राउन राइस, केला और एवोकाडो शामिल किए जा सकते हैं। आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सक से परामर्श लेना भी जरूरी है।

मैग्नीशियम कैल्शियम और पोटैशियम के स्तर को प्रभावित करता है। यह हड्डियों में जमा होकर हड्डियों को मजबूत बनाए रखता है और ऑस्टियोपोरोसिस जैसी समस्याओं से बचाव करता है। इसके अलावा यह मस्तिष्क के कार्यों, ऊर्जा उत्पादन और तनाव नियंत्रण में भी अहम भूमिका निभाता है।

थकान और नींद की समस्या का कारण
मैग्नीशियम की कमी से शरीर को पर्याप्त ऊर्जा नहीं मिलती, जिससे थकान, सुस्ती और कमजोरी महसूस होती है। यह शरीर का नेचुरल रिलैक्सर भी है, जो नींद और मानसिक शांति बनाए रखने में मदद करता है। कमी होने पर अनिद्रा, बेचैनी और तनाव बढ़ सकते हैं।

(साभार)


तनाव और चिंता से राहत पाने के 5 आसान योगासन

आज की तेज़ और व्यस्त जिंदगी में तनाव और चिंता आम हो गए हैं। ऑफिस का दबाव, पारिवारिक जिम्मेदारियां और रोज़मर्रा की चुनौतियां अक्सर मन को बेचैन कर देती हैं। ऐसे समय में योग सिर्फ शरीर को ही लचीला नहीं बनाता, बल्कि मानसिक शांति और स्थिरता भी प्रदान करता है।

कुछ विशेष योगासन ऐसे हैं जो चिंता को कम करने, मानसिक संतुलन बनाए रखने और जीवन में सुकून लाने में मदद करते हैं। रोज़ाना सिर्फ 20 मिनट का अभ्यास आपके मन को शांत, शरीर को स्वस्थ और आत्मविश्वास को बढ़ा सकता है।

आइए जानते हैं कुछ असरदार योगासन, जिन्हें अपनाकर आप अपने मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बना सकते हैं:

1. बालासन (Child Pose)

बालासन दिमाग को ठंडक और मन को स्थिरता देता है। यह तनाव, थकान और सिरदर्द में राहत देने के लिए बेहद प्रभावी है।
अभ्यास: घुटनों के बल बैठें, सिर को धीरे-धीरे जमीन पर टिकाएं और हाथ आगे फैलाएं। गहरी और शांत सांस लें।

2. शवासन (Corpse Pose)

शवासन सबसे प्रभावी रिलैक्सेशन आसन है। यह पूरे शरीर को शिथिल कर मानसिक शांति देता है।
अभ्यास: पीठ के बल लेटें, आंखें बंद करें और अपनी सांसों पर ध्यान केंद्रित करें।

3. अनुलोम-विलोम प्राणायाम (Alternate Nostril Breathing)

सांसों के संतुलन से मानसिक ऊर्जा भी संतुलित होती है। यह चिंता, गुस्सा और डिप्रेशन कम करने में मदद करता है।
अभ्यास: एक नथुने को बंद करके दूसरे से धीरे-धीरे सांस लें, फिर नथुने बदलें और दोहराएं।

4. अधोमुख श्वानासन (Downward Dog Pose)

यह आसन नर्वस सिस्टम को मजबूत करता है और ब्लड सर्कुलेशन सुधारता है। अभ्यास से शरीर हल्का और मन शांत महसूस होता है।

5. सुखासन (Easy Pose)

सुखासन सबसे सरल लेकिन असरदार ध्यान मुद्रा है। नियमित अभ्यास से मन स्थिर होता है और मानसिक बेचैनी कम होती है।

(साभार)


जोड़ों का दर्द अब सिर्फ बुजुर्गों की नहीं, युवाओं की भी परेशानी, आइये जानते हैं इससे राहत पाने के आसान उपाय

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में जोड़ों और हड्डियों का दर्द तेजी से युवा आबादी को भी अपनी चपेट में ले रहा है। पहले जहां यह परेशानी केवल बुजुर्गों में आम थी, वहीं अब 25 से 40 वर्ष की उम्र के लोग भी घुटनों और पीठ दर्द की शिकायत लेकर डॉक्टरों के पास पहुंच रहे हैं।

अनियमित जीवनशैली, घंटों एक जगह बैठे रहना, पोषण की कमी और प्रदूषण जैसी वजहें इसके प्रमुख कारण हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार, आर्थराइटिस (गठिया) जोड़ों में सूजन और दर्द का एक प्रमुख रोग है, जो शरीर की गतिशीलता को प्रभावित करता है। समय रहते ध्यान न देने पर यह आजीवन परेशानी का रूप ले सकता है। खासतौर पर जिन लोगों का वजन अधिक होता है, उनके घुटनों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है, जिससे दर्द और सूजन बढ़ जाती है।

हर साल 12 अक्टूबर को ‘विश्व गठिया दिवस (World Arthritis Day)’ मनाया जाता है, ताकि इस रोग के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके और लोग समय पर उपचार और जीवनशैली सुधार अपनाएं।

घुटनों के दर्द से राहत पाने के आसान उपाय

संतुलित और पोषक आहार अपनाएं

हड्डियों को मजबूत रखने के लिए आहार में कैल्शियम, विटामिन-डी, ओमेगा-3 फैटी एसिड और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में शामिल करें।
दही, दूध, बादाम, मछली, अलसी के बीज और हरी सब्जियां इन पोषक तत्वों के अच्छे स्रोत हैं।
साथ ही, प्रोसेस्ड फूड, जंक फूड और अधिक चीनी का सेवन कम करें — ये शरीर में सूजन बढ़ाने का काम करते हैं।

तेल से मालिश और सेकाई करें

सरसों, नारियल या नीलगिरी तेल से हल्की मालिश करने से रक्त संचार बेहतर होता है और सूजन में राहत मिलती है।
रोजाना 10-15 मिनट हल्के हाथों से मालिश करने से जोड़ों की जकड़न घटती है।
गर्म पानी की सेकाई (हीट थेरेपी) मांसपेशियों को आराम देती है, जबकि ठंडे पैक से सूजन में कमी आती है। दर्द की स्थिति के अनुसार दोनों का संतुलित उपयोग करें।

नियमित व्यायाम और योग करें

घुटनों की सेहत के लिए हल्की एक्सरसाइज और योग बेहद जरूरी हैं।
वॉकिंग, स्विमिंग, साइक्लिंग जैसे लो-इम्पैक्ट व्यायाम आर्थराइटिस से राहत दिलाते हैं।
योगासन जैसे त्रिकोणासन, वज्रासन और भुजंगासन घुटनों की लचीलापन बढ़ाते हैं और मांसपेशियों को मजबूत करते हैं।

वजन को नियंत्रित रखें

अधिक वजन घुटनों पर दबाव डालता है, जिससे दर्द और सूजन बढ़ सकती है।
संतुलित आहार और नियमित व्यायाम से वजन नियंत्रण में रखें।
अलसी के बीज और फाइबरयुक्त भोजन का सेवन वजन घटाने और जोड़ों की सूजन कम करने में सहायक होता है।

निष्कर्ष

जोड़ों का दर्द केवल उम्र बढ़ने का परिणाम नहीं है, बल्कि यह हमारी जीवनशैली से गहराई से जुड़ा हुआ है। अगर आप समय रहते सही खानपान, नियमित व्यायाम और वजन नियंत्रण पर ध्यान दें, तो आर्थराइटिस जैसी समस्याओं से बचाव संभव है।

स्वस्थ दिनचर्या अपनाएं — ताकि जीवन हर उम्र में सक्रिय और दर्द-मुक्त बना रहे।

(साभार)


फोकस करने बैठते ही आने लगती है नींद? हो सकता है यह आलस नहीं, शरीर में पोषक तत्वों की कमी का हो संकेत

कई बार ऐसा होता है कि जैसे ही हम किसी जरूरी काम पर ध्यान केंद्रित करने बैठते हैं — खासकर पढ़ाई या ऑफिस के काम के दौरान — अचानक आलस और नींद हावी होने लगती है। कुछ देर तक फोकस बनाए रखना मुश्किल हो जाता है, आंखें भारी हो जाती हैं और दिमाग सुस्त पड़ जाता है। अगर यह समस्या कभी-कभार हो तो चिंता की बात नहीं, लेकिन अगर यह स्थिति रोजाना बनी रहती है, तो यह केवल आलस नहीं बल्कि शरीर के भीतर किसी कमी का संकेत हो सकता है।

विशेषज्ञों के अनुसार, लगातार नींद और थकान महसूस होना अक्सर आयरन या विटामिन डी की कमी (Deficiency) से जुड़ा होता है। जब शरीर में ये पोषक तत्व पर्याप्त मात्रा में नहीं होते, तो एनर्जी लेवल गिर जाता है और दिमाग तक पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं पहुंच पाती। इसके परिणामस्वरूप ब्रेन फॉग, ध्यान भटकना और बार-बार नींद आना जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं।

जब शरीर में आयरन की मात्रा कम हो जाती है, तो लाल रक्त कोशिकाओं का निर्माण घट जाता है। इससे दिमाग और शरीर के अन्य हिस्सों तक ऑक्सीजन की आपूर्ति कम हो जाती है, जिससे व्यक्ति थका हुआ और नींद से भरा महसूस करता है। इसी तरह विटामिन डी की कमी भी शरीर की ऊर्जा और मूड दोनों को प्रभावित करती है, जिससे दिनभर सुस्ती और काम में अरुचि बनी रहती है।

अनियमित नींद और डाइट भी बड़ा कारण

थकान और नींद की समस्या केवल पोषक तत्वों की कमी से ही नहीं, बल्कि गलत दिनचर्या से भी बढ़ती है।
यदि आप रोजाना पूरी नींद (7–8 घंटे) नहीं लेते या देर रात भारी भोजन करते हैं, तो अगले दिन फोकस करना स्वाभाविक रूप से मुश्किल होता है।
इसके अलावा, ज्यादा चीनी और प्रोसेस्ड फूड्स का सेवन शरीर में अचानक एनर्जी का उछाल लाता है, जिसके बाद एनर्जी तेजी से गिरती है और नींद हावी हो जाती है।

इन उपायों से करें शुरुआत

हर 45–50 मिनट के अध्ययन या काम के बाद 5 मिनट का ब्रेक जरूर लें।

कमरे को हवादार और रोशनी से भरपूर रखें।

डाइट में हरी पत्तेदार सब्जियां, फल, दालें, अंडे और नट्स शामिल करें।

कैफीन पर निर्भर रहने के बजाय पर्याप्त पानी पिएं और नींद का रूटीन ठीक रखें।

अगर समस्या बनी रहे तो ब्लड टेस्ट कराकर आयरन, विटामिन डी और बी12 का स्तर जांचें।

कब लें विशेषज्ञ की सलाह

यदि पर्याप्त नींद और संतुलित आहार के बाद भी थकान और नींद की समस्या खत्म नहीं होती, तो यह किसी क्रोनिक बीमारी जैसे हाइपोथायरायडिज्म या एनीमिया का संकेत हो सकती है।

इसलिए देर न करें — डॉक्टर या डायटिशियन से परामर्श लेकर सही जांच और उपचार करवाएं। सही समय पर ध्यान देने से न केवल फोकस बढ़ेगा, बल्कि आपकी सेहत और कार्यक्षमता दोनों में सुधार होगा।

(साभार)


बार-बार रहता है कमर या पैरों में दर्द? तो न करें नज़रअंदाज, हो सकता है गंभीर बीमारी का संकेत

अक्सर लोग कमर या पैरों में दर्द को सामान्य थकान या दिनभर की भागदौड़ का नतीजा मानकर नज़रअंदाज़ कर देते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह दर्द कई बार शरीर में छिपी किसी गंभीर समस्या का संकेत भी हो सकता है? यह परेशानी न सिर्फ आपकी दिनचर्या को प्रभावित करती है, बल्कि समय पर इलाज न मिलने पर चलने-फिरने में दिक्कत और स्थायी नुकसान का कारण भी बन सकती है।

आज की व्यस्त जीवनशैली, लंबे समय तक बैठकर काम करना, गलत पोस्चर और व्यायाम की कमी—ये सभी कारण इस तरह के दर्द को बढ़ावा देते हैं। हालांकि, सिर्फ जीवनशैली ही नहीं, बल्कि रीढ़ की हड्डी, नसों या रक्त संचार से जुड़ी बीमारियां भी इस दर्द के पीछे जिम्मेदार हो सकती हैं।

आइए जानते हैं, कमर से पैरों तक दर्द के चार प्रमुख कारण, जिन्हें हल्के में लेना खतरनाक साबित हो सकता है—

साइटिका (Sciatica)

साइटिका एक ऐसी स्थिति है, जिसमें कमर से लेकर पैरों तक जाने वाली साइटिक नस पर दबाव पड़ता है। इसके कारण तीखा, जलनभरा या चुभन जैसा दर्द महसूस होता है। यह दर्द आमतौर पर एक पैर में ज्यादा होता है और लंबे समय तक बैठने या झुकने पर बढ़ जाता है।

अगर आपको पैर में अचानक झटके जैसा दर्द या झुनझुनी महसूस होती है, तो यह साइटिका का संकेत हो सकता है।

स्लिप डिस्क (Slip Disc)

जब रीढ़ की हड्डियों के बीच की डिस्क अपने स्थान से खिसक जाती है, तो यह आसपास की नसों पर दबाव डालती है। इससे कमर, पैरों या कभी-कभी गर्दन तक दर्द फैल सकता है। साथ ही पैरों या पंजों में झुनझुनी, सुन्नपन या कमजोरी भी महसूस हो सकती है।

यह दर्द झुकने या भारी सामान उठाने पर बढ़ जाता है, इसलिए तुरंत डॉक्टर की सलाह लें।

स्पाइनल स्टेनोसिस (Spinal Stenosis)

उम्र बढ़ने के साथ रीढ़ की हड्डी की जगह संकरी होने लगती है, जिससे नसें दब जाती हैं। इस स्थिति को स्पाइनल स्टेनोसिस कहते हैं। इसमें व्यक्ति को चलने या लंबे समय तक खड़े रहने पर कमर और पैरों में दर्द होता है, जबकि आराम करने पर राहत मिलती है।

अगर चलते-चलते पैरों में भारीपन या सुन्नता महसूस हो रही है, तो इसे नजरअंदाज न करें।

पेरिफेरल आर्टरी डिजीज (Peripheral Artery Disease – PAD)

यह बीमारी तब होती है जब पैरों की धमनियां संकरी हो जाती हैं, जिससे खून का प्रवाह कम हो जाता है। इसके कारण चलने या व्यायाम के दौरान पैरों में दर्द, ऐंठन या भारीपन महसूस होता है।

आराम करने पर दर्द कुछ देर में ठीक हो जाता है, लेकिन यह हृदय रोग का संकेत भी हो सकता है, इसलिए डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है।

सावधानी ही सुरक्षा है

अगर आपका दर्द लंबे समय से बना हुआ है या चलने-फिरने में मुश्किल पैदा कर रहा है, तो इसे “साधारण थकान” समझने की भूल न करें। समय पर जांच और उपचार से न केवल दर्द कम किया जा सकता है, बल्कि गंभीर बीमारियों से भी बचा जा सकता है।

(साभार)


गैस, एसिडिटी और कब्ज से छुटकारा चाहते हैं? तो अपनी डाइट में शामिल करें ये प्राकृतिक खाद्य पदार्थ

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में पेट से जुड़ी समस्याएं बेहद आम हो गई हैं। हर उम्र का व्यक्ति कभी न कभी गैस, अपच या पेट फूलने जैसी परेशानी झेलता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं कि पाचन प्रणाली शरीर की नींव है—अगर पेट ठीक है तो शरीर स्वस्थ रहता है। लेकिन गड़बड़ दिनचर्या, जंक फूड और तनाव के कारण पाचन संबंधी विकार तेजी से बढ़ रहे हैं। अगर समय रहते ध्यान न दिया जाए, तो यह समस्या लंबे समय में गंभीर बीमारियों को जन्म दे सकती है।

क्या आपके साथ भी कभी ऐसा हुआ है कि खाना खाने के तुरंत बाद पेट भारी और फूला हुआ महसूस हुआ हो? अगर हां, तो आप अकेले नहीं हैं। दुनियाभर में करोड़ों लोग इसी तरह की दिक्कतों से जूझ रहे हैं।

अच्छी बात यह है कि कुछ प्राकृतिक खाद्य पदार्थ आपकी पाचन प्रणाली को मजबूत बनाने और पेट की असुविधाओं को दूर करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। हार्वर्ड प्रशिक्षित गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. सौरभ सेठी ने ऐसे कुछ फलों और बीजों की सूची बताई है जो पाचन को बेहतर बनाए रखते हैं।

क्यों बढ़ रही हैं पाचन की दिक्कतें?

डॉ. सौरभ सेठी बताते हैं कि आज ज्यादातर पाचन संबंधी परेशानियां हमारी खान-पान की गलत आदतों से जुड़ी हैं।

अत्यधिक तला-भुना खाना

देर रात भोजन करना

फाइबर की कमी

तनाव और नींद की कमी

ये सभी कारण पेट की सेहत पर सीधा असर डालते हैं। विशेषज्ञ कहते हैं कि “जो हम खाते हैं, वही हमारे पेट की सेहत तय करता है।” इसलिए सही खानपान अपनाना ही पाचन को मजबूत रखने का सबसे आसान उपाय है।

पाचन को दुरुस्त करने वाले सुपरफूड्स

1. कीवी — पेट के लिए फाइबर और एंजाइम का खज़ाना

कीवी में पाया जाने वाला एक्टिनिडिन एंजाइम प्रोटीन को तोड़ने में मदद करता है, जिससे खाना जल्दी पचता है। इसमें मौजूद फाइबर कब्ज को दूर करता है और आंतों की मूवमेंट को बेहतर बनाता है। साथ ही इसके एंटीऑक्सीडेंट पेट की सूजन और एसिडिटी को कम करते हैं।

2. पपीता — प्राकृतिक पाचन बूस्टर

पपीते में मौजूद पेपेन एंजाइम भारी भोजन को आसानी से पचाता है। यह फल हल्का होता है और कब्ज से राहत दिलाता है। अध्ययन बताते हैं कि रोजाना पपीता खाने से दो हफ्तों में पेट फूलना और अपच की समस्या कम हो सकती है।

3. अनानास — सूजन और गैस का इलाज

अनानास में ब्रोमेलिन एंजाइम होता है जो प्रोटीन को तोड़कर गैस, सूजन और अपच को दूर करता है। यह पेट में हानिकारक बैक्टीरिया को भी नियंत्रित करता है और इम्यूनिटी बढ़ाता है।

4. खीरा — ठंडक और हाइड्रेशन का स्रोत

खीरे में 95% पानी होता है, जो शरीर को हाइड्रेट रखता है और मल त्याग को आसान बनाता है। गर्मियों में खीरा खाने से एसिडिटी और पेट की जलन से तुरंत राहत मिलती है।

5. चिया सीड्स — पेट की सफाई के लिए बेहतरीन

फाइबर और ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर चिया सीड्स पानी में भिगोकर खाने से जेल जैसा बनते हैं, जो आंतों की सफाई और कब्ज से राहत में मदद करते हैं।

6. सौंफ — हर भारतीय रसोई का पाचन मित्र

सौंफ में मौजूद ऐनेथोल तत्व गैस और पेट फूलने की समस्या को तुरंत कम करता है। यह पाचन एंजाइम्स को सक्रिय करता है और खाने के बाद पेट को हल्का रखता है। यही कारण है कि भारतीय परंपरा में सौंफ को भोजन के बाद खाना जरूरी माना गया है।

छोटे बदलाव, बड़ा असर

पेट को स्वस्थ रखने के लिए केवल खाने पर ध्यान देना ही नहीं, बल्कि जीवनशैली में सुधार भी जरूरी है।

भोजन धीरे-धीरे चबाकर खाएं

पर्याप्त पानी पिएं

फाइबर युक्त फल-सब्जियां लें

तनाव कम करें और नियमित व्यायाम करें

अगर आप रोजमर्रा की जिंदगी में इन प्राकृतिक चीजों को शामिल कर लें, तो पाचन से जुड़ी ज्यादातर समस्याओं से आसानी से छुटकारा पाया जा सकता है।

(साभार)


शराब और धूम्रपान बढ़ा रहा महिलाओं में स्तन कैंसर का खतरा – डॉ. सौरभ

Breast Cancer Awareness Month October: हर साल अक्टूबर महीने को स्तन कैंसर जागरूकता माह मनाया जाता है ताकि तेजी से बढ़ रहे स्तन कैंसर के प्रति महिलाओं को जागरूक किया जा सके। इसके बावजूद भी स्तन कैंसर के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं जो महिलाओं के लिए एक गंभीर समस्या बनती जा रही है। ऐसे में स्तन कैंसर जागरूकता को लेकर उत्तराखंड राज्य में भी अभियान चलाए जा रहे है जिससे महिलाओं को स्तन कैंसर के प्रति जागरूक किया जा सके। 

महिलाएं स्तन कैंसर के प्रति नहीं जागरूक 

स्तन कैंसर भारत देश ही नहीं दुनिया भर के लिए एक बड़ी चुनौती बन रहीं है। जिसकी मुख्य वजह यही है कि आज भी महिलाएं इस बीमारी के प्रति जागरूक नहीं है। जिसके चलते हर साल हज़ारों महिलाओं की म्रत्यु हो रही है।

हर साल 50 हज़ार की वृद्धि होने की संभावना

नेचर जर्नल में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार, अगले 10 सालों में भारतीय महिलाओं में स्तन कैंसर के आंकड़ों में हर साल 50 हज़ार की वृद्धि होने की संभावना है। महिलाओं में स्तन कैंसर की जनसंख्या के आधार पर बताया गया है जिसके तहत 25 से 49 साल की महिलाओं में घटना दर 32.8 फीसदी, 50 से 69 साल उम्र की महिलाओं में 27.9 फीसदी और 70 साल से ज्यादा उम्र की महिलाओं में 23.4 फीसदी है।

ख़राब लाइफस्टाइल की भूमिका अहम 

मैक्स हॉस्पिटल के चिकत्सक डॉ सौरभ तिवारी ने बताया कि भारत देश में स्तन कैंसर के साथ ही अन्य कैंसर के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। आने वाले समय में स्तन कैंसर के आंकड़ों में बढ़ोतरी देखी जाएगी जो लोगों के लिए एक गंभीर समस्या भी बन सकती हैं। मुख्य रूप से स्तन कैंसर होने में खराब लाइफस्टाइल की महत्वपूर्ण भूमिका है। स्तन कैंसर होने के प्रमुख वजहों पर बताया कि मौजूदा समय में महिलाओं का शराब पीना और धूम्रपान करना भी स्तन कैंसर समेत अन्य कैंसर के लिए प्रमुख भूमिका निभाते हैं।

वेस्टर्न कल्चर को तेजी से अपनाना भी एक कारण 

वेस्टर्न वर्ल्ड में ब्रेस्ट कैंसर के मामले काफी ज्यादा देखे जा रहे हैं और वेस्टर्न कल्चर को तेजी से हम अपनाते जा रहे हैं। यही वजह है कि आने वाले समय में महिलाओं में होने वाले ब्रेस्ट कैंसर की संख्या बढ़ाने की काफी ज्यादा संभावना है। साथ ही कहा कि पहले बुजुर्ग लोगों में कैंसर के मामले ज्यादा देखे जा रहे थे लेकिन अब यंग पेशेंट में भी कैंसर के मामले देखे जा रहे हैं। पहले 60 साल से ज्यादा उम्र की महिलाओं में स्तन कैंसर के मामले देखे जा रहे थे लेकिन वर्तमान समय में 50 साल से कम उम्र की महिलाओं में स्तन कैंसर आम बात हो गई है। इसके अलावा एक स्पेसिफिक उम्र की बात करें तो 30 से 40 साल उम्र की महिलाओं में सबसे ज्यादा स्तन कैंसर के मामले सामने आ रहे हैं।

70 से 80 फीसदी गांठे नहीं होती कैंसर 

डॉ सौरभ तिवारी ने बताया कि स्तन में होने वाले 70 से 80 फ़ीसदी गांठे, बिनाइन होती हैं। इसका मतलब यह है कि स्तन में मौजूद वह गांठ कैंसर नहीं है बल्कि एक सामान्य गांठ है। इसके बाद फोर्थ स्टेज में स्तन में बनी गांठ का कैंसर दूसरी जगह भी फैल जाता है। हालांकि, आमतौर पर यह धारणा रहती है की फोर्थ स्टेज में कैंसर पहुंचने पर इलाज होना संभव नहीं है जबकि कैंसर के इलाज को लेकर तमाम तरह के रिसर्च किए गए हैं और वर्तमान समय में हर स्टेज में कैंसर का इलाज होना संभव है बस  जरुरत है जागरूकता की।


खराब नींद आपके दिमाग को समय से पहले बूढ़ा बना सकती है, यूके स्टडी में खुलासा

हम अपनी ज़िंदगी का लगभग एक तिहाई हिस्सा सोने में बिताते हैं। यह सुनने में भले ही लंबा लगे, लेकिन नींद शरीर और दिमाग दोनों के लिए उतनी ही जरूरी है जितनी कि खाना या सांस लेना। नींद सिर्फ आराम का समय नहीं है—यह शरीर की मरम्मत और मस्तिष्क को स्वस्थ रखने का अहम हिस्सा है।

हाल ही में हुए एक बड़े अध्ययन में यह खुलासा हुआ कि जिन लोगों की नींद खराब थी, उनका मस्तिष्क उनकी वास्तविक उम्र से ज़्यादा बूढ़ा दिख रहा था।

27,000 लोगों पर हुआ अध्ययन

यूके में 40 से 70 वर्ष की उम्र के 27,000 से अधिक लोगों के नींद के पैटर्न और मस्तिष्क के एमआरआई स्कैन का विश्लेषण किया गया। परिणाम चौंकाने वाले थे। जिन लोगों की नींद की गुणवत्ता खराब थी, उनके दिमाग की उम्र उनकी असली उम्र से कहीं अधिक पाई गई।

मस्तिष्क का “बूढ़ा होना” कैसे होता है?

जैसे शरीर बूढ़ा होने पर झुर्रियां पड़ती हैं, वैसे ही मस्तिष्क में भी उम्र के साथ बदलाव आते हैं। लेकिन हर मस्तिष्क एक ही गति से बूढ़ा नहीं होता।
आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से वैज्ञानिक अब मस्तिष्क की “जैविक उम्र” का अनुमान लगा सकते हैं। इसमें ऊतक घनत्व, कॉर्टेक्स की मोटाई और रक्त वाहिकाओं की स्वास्थ्य स्थिति का मूल्यांकन किया जाता है।

मस्तिष्क की उम्र कैसे मापी गई?

अध्ययन में 1,000 से अधिक एमआरआई संकेतों (इमेजिंग मार्कर) का विश्लेषण किया गया। मशीन लर्निंग मॉडल को उन लोगों के डेटा पर प्रशिक्षित किया गया जिनकी सेहत पूरी तरह ठीक थी। फिर बाकी प्रतिभागियों के परिणामों से तुलना की गई।

नतीजा: खराब नींद वाले लोगों में मस्तिष्क की उम्र असल उम्र से अधिक पाई गई। इसका मतलब है कि खराब नींद मस्तिष्क को समय से पहले बूढ़ा कर सकती है, जिससे भविष्य में संज्ञानात्मक क्षमता में कमी, डिमेंशिया और असमय मृत्यु का खतरा बढ़ सकता है।

नींद के पांच पहलुओं का विश्लेषण

शोध में नींद के निम्न पांच पहलुओं को ध्यान में रखा गया:

  1. व्यक्ति का क्रोनोटाइप (सुबह का या रात का व्यक्ति)

  2. औसतन कितने घंटे की नींद लेते हैं (7–8 घंटे आदर्श माने गए)

  3. अनिद्रा या सोने में कठिनाई

  4. खर्राटे लेना

  5. दिन में अत्यधिक नींद या थकान महसूस करना

इन सभी पहलुओं को जोड़कर “स्वस्थ नींद स्कोर” बनाया गया। जिनके चार या पांच पहलू स्वस्थ थे, उनकी नींद सबसे अच्छी पाई गई। वहीं जिनके पास केवल एक या दो स्वस्थ पहलू थे, उनमें मस्तिष्क की उम्र सबसे अधिक बढ़ी हुई दिखी।

सूजन और मस्तिष्क उम्र का संबंध

अध्ययन में प्रतिभागियों के खून के नमूनों का विश्लेषण भी किया गया। पाया गया कि खराब नींद शरीर में सूजन को बढ़ाती है। यह सूजन मस्तिष्क की उम्र बढ़ाने की प्रक्रिया में लगभग 10% योगदान करती है।

अपनी नींद कैसे सुधारें?

वैज्ञानिकों के अनुसार, कुछ सरल आदतों से नींद की गुणवत्ता बेहतर हो सकती है:

  • सोने से पहले कैफीन, शराब और मोबाइल स्क्रीन से दूरी रखें

  • अंधेरा और शांत वातावरण तैयार करें

  • हर दिन एक ही समय पर सोने और उठने की आदत डालें

इन छोटे बदलावों से न केवल नींद सुधरेगी, बल्कि आपका मस्तिष्क भी लंबे समय तक जवान और सक्रिय रहेगा।


लगातार थकान और बाल झड़ना क्या सिर्फ तनाव का असर है या कोई गंभीर बीमारी? आइये जानते हैं

आज की तेज़ रफ्तार ज़िंदगी में थकान महसूस होना या कुछ बाल झड़ना अब आम बात लगती है। हममें से ज़्यादातर लोग इसे काम के बोझ, तनाव या नींद की कमी से जोड़कर अनदेखा कर देते हैं। लेकिन अगर पर्याप्त आराम के बावजूद आप हर समय थके-थके रहते हैं, ऊर्जा की कमी महसूस करते हैं और बाल सामान्य से कहीं ज़्यादा झड़ रहे हैं, तो यह सिर्फ एक साधारण समस्या नहीं, बल्कि किसी गंभीर बीमारी का संकेत भी हो सकता है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार थकान और बाल झड़ना थायराइड जैसी हार्मोनल समस्या की शुरुआती चेतावनी हो सकती है। यह एक ऐसी स्थिति है, जब गले में मौजूद तितली के आकार की थायराइड ग्रंथि पर्याप्त मात्रा में हार्मोन नहीं बना पाती, जिससे शरीर का मेटाबॉलिज्म प्रभावित होने लगता है।

क्यों होते हैं थकान और बाल झड़ने के लक्षण?

थायराइड ग्रंथि हमारे शरीर की ऊर्जा निर्माण और उपयोग की प्रक्रिया यानी मेटाबॉलिज्म को नियंत्रित करती है।
थायराइड दो तरह का होता है —

हाइपरथायरॉयडिज्म (Overactive Thyroid) – जब हार्मोन ज़रूरत से ज़्यादा बनते हैं।

हाइपोथायरॉयडिज्म (Underactive Thyroid) – जब हार्मोन पर्याप्त मात्रा में नहीं बनते।

हाइपोथायरॉयडिज्म की स्थिति में शरीर की ऊर्जा उत्पादन प्रक्रिया धीमी हो जाती है, जिससे लगातार थकान, सुस्ती और कमजोरी महसूस होती है। साथ ही, थायराइड हार्मोन बालों की जड़ों के विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। जब हार्मोन की कमी होती है, तो बालों की ग्रोथ साइकिल प्रभावित होती है, जिससे बाल रूखे, बेजान और झड़ने लगते हैं।

हाइपोथायरॉयडिज्म के अन्य शुरुआती लक्षण

थकान और बाल झड़ने के अलावा इसके और भी संकेत हो सकते हैं—

वजन में अचानक वृद्धि

ठंड अधिक लगना

त्वचा का रूखापन और बालों का टूटना

कब्ज की समस्या

मूड में बदलाव और एकाग्रता में कमी

किन लोगों को होता है अधिक खतरा?

थायराइड की समस्या महिलाओं में पुरुषों की तुलना में अधिक आम है, खासकर 30 वर्ष की उम्र के बाद।
यदि परिवार में किसी को यह समस्या रही है, तो आनुवंशिक रूप से इसका जोखिम बढ़ जाता है।
इसके अलावा, ऑटोइम्यून बीमारियां, आयोडीन की कमी, और हार्मोनल बदलाव भी इसके प्रमुख कारण हो सकते हैं।

क्या करें?

अगर आप लंबे समय से थकान, वजन बढ़ने या बाल झड़ने की समस्या झेल रहे हैं, तो इसे नजरअंदाज न करें।
TSH टेस्ट जैसे सामान्य ब्लड टेस्ट से थायराइड की पहचान आसानी से की जा सकती है।
समय पर जांच और उचित दवा से इस बीमारी को पूरी तरह नियंत्रित किया जा सकता है।
संतुलित आहार, पर्याप्त नींद और नियमित व्यायाम भी थायराइड को नियंत्रित रखने में मदद करते हैं।

(साभार)


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp