Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

दिल्ली के 50 स्कूलों को बम धमकी, मेल में पहली बार पैसों की मांग

Category Archives: क्राइम

दिल्ली के 50 स्कूलों को बम धमकी, मेल में पहली बार पैसों की मांग

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के स्कूलों को एक बार फिर से बम से उड़ाने की धमकी मिली है। बुधवार सुबह तकरीबन 50 स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल भेजे गए। इनमें नजफगढ़ और मालवीय नगर के स्कूल भी शामिल हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा, लेकिन अब तक किसी भी स्कूल से संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।

32 स्कूलों को मिल चुकी थी धमकी

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के अधिकारियों ने बताया कि बीते सोमवार को भी दक्षिण जिले के 7, दक्षिण-पश्चिमी जिले के 13, द्वारका के 11 और मध्य जिले के 1 स्कूल को धमकी भरे ई-मेल मिले थे। खास बात यह रही कि उस बार ईमेल में पहली बार पैसों की मांग भी की गई थी। धमकी देने वालों ने स्कूलों से 500 अमेरिकी डॉलर (₹4,35,427.50) की फिरौती मांगी थी और पैसे नहीं देने पर बम विस्फोट की चेतावनी दी थी।

VPN से भेजे गए मेल

पुलिस जांच में सामने आया है कि सभी मेल Gmail आईडी से भेजे गए और इसमें VPN का इस्तेमाल किया गया। इसके कारण मेल का आईपी एड्रेस अलग-अलग देशों का दिखाई दे रहा है। अधिकारियों के अनुसार, गूगल से जानकारी मांगी गई थी, लेकिन कंपनी ने सिर्फ इतना बताया कि मेल विदेशी आईपी से भेजे गए हैं, विस्तृत जानकारी देने से इनकार कर दिया।

आईएसआई पर शक

दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आशंका जताई है कि इन धमकियों के पीछे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई का हाथ हो सकता है। उद्देश्य दहशत फैलाना और सुरक्षा एजेंसियों को व्यस्त कर संसाधन बर्बाद कराना बताया जा रहा है।

कांग्रेस ने जताई चिंता

दिल्ली कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने लगातार मिल रही धमकियों पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि छात्र, अभिभावक और स्कूल प्रबंधन भय और असुरक्षा के माहौल में जी रहे हैं, जिससे उनकी मानसिक स्थिति पर नकारात्मक असर पड़ रहा है। यादव ने मुख्यमंत्री और उपराज्यपाल से गृहमंत्री के हस्तक्षेप की मांग की और कहा कि सुरक्षा की जिम्मेदारी भाजपा सरकार की है।

बार-बार मिल रही धमकियाँ

जुलाई में चार दिनों में 50 से ज्यादा स्कूलों को धमकी भरे मेल मिले थे। जनवरी से अगस्त 2025 तक 100 से अधिक स्कूल धमकी झेल चुके हैं। पिछले वर्ष मई 2024 से अब तक 300 से ज्यादा स्कूल और कॉलेज को इस तरह के ईमेल मिल चुके हैं।


दिल्ली से लापता किशोरी को मेरठ में अगवा कर 40 वर्षीय अविवाहित को बेच दिया, 26 दिन बाद बरामद

नई दिल्ली। उत्तर-पश्चिम दिल्ली के भारत नगर इलाके से लापता हुई 13 वर्षीय किशोरी को पुलिस ने 26 दिन बाद बरामद कर लिया। जांच में सामने आया कि मेरठ रेलवे स्टेशन से किशोरी का अपहरण कर आरोपियों ने उसे 40 वर्षीय अविवाहित व्यक्ति को बेच दिया था। आरोपी ने फर्जी आधार कार्ड बनवाकर जबरन शादी की और लगातार दुष्कर्म करता रहा। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

ऐसे हुआ खुलासा

भारत नगर की रहने वाली एक महिला ने 21 जुलाई की रात को थाने में शिकायत दी थी कि उसकी 13 वर्षीय बेटी ट्यूशन पढ़ने गई थी, लेकिन घर नहीं लौटी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल में किशोरी इंद्रलोक बस स्टैंड के पास दिखाई दी। इसके आधार पर करीब 30 मोबाइल नंबरों की निगरानी की गई। जांच टीम मेरठ तक पहुँची और सुराग मिला कि किशोरी को शामली जिले के झाल गांव निवासी राजीव (40) को बेच दिया गया है।

ऐसे किया गया सौदा

पुलिस जांच में सामने आया कि मेरठ रेलवे स्टेशन पर किशोरी को विकास (20) और आशु (55) ने देखा। दोनों ने उसे बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया और शादी कराने के नाम पर राजीव को 20 हजार रुपये में बेच दिया। इसके बाद रमनजोत सिंह (24), जो गाजियाबाद में इंटरनेट कैफे चलाता है, ने फर्जी आधार कार्ड बनवाने में मदद की। 24 जुलाई को राजीव ने किशोरी से जबरन शादी कर ली और लगातार दुष्कर्म करता रहा।

पुलिस की कार्रवाई

भारत नगर थाना प्रभारी राम किशोर की अगुवाई में टीम ने लोकल पुलिस की मदद से शामली में दबिश दी। वहां से किशोरी को बरामद कर मुख्य आरोपी राजीव को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में विकास और आशु के नाम सामने आए, जिन्हें बाद में गिरफ्तार किया गया। इनके बताए अनुसार पुलिस ने गाजियाबाद से रमनजोत को भी पकड़ा। चारों आरोपियों से चार मोबाइल फोन और किशोरी का फर्जी आधार कार्ड बरामद किया गया है।

घर की परेशानी बनी वजह

जांच में पता चला कि किशोरी अपने घर की समस्याओं से परेशान होकर निकली थी। पिता और मां दोनों ने दूसरी शादी कर ली थी। किशोरी अपने पिता और सौतेली मां के साथ रहती थी, जो उसे प्रताड़ित करती थी। इसी कारण वह घर छोड़कर निकल गई और मेरठ में आरोपियों के चंगुल में फँस गई।

पुलिस का बयान

उत्तर-पश्चिम जिले के पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि, “किशोरी को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उनसे पूछताछ जारी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।”


बरनाला में खालिस्तानी नारे लिखने के आरोप में तीन युवक गिरफ्तार, विदेश से मिले थे निर्देश

बरनाला: पंजाब के बरनाला जिले में पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर खालिस्तान समर्थित गतिविधियों को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना आम आदमी पार्टी के विधायक कुलवंत सिंह पंडोरी के पैतृक गांव पंडोरी में सामने आई थी, जहां दीवारों पर खालिस्तानी नारे लिखे गए थे।

एसएसपी मोहम्मद सरफराज आलम ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरमीत सिंह, गुरसेवक सिंह और किरपा सिंह के रूप में हुई है, जो सभी संगरूर जिले के महल खुर्द गांव के निवासी हैं।

विदेशी संपर्क और उकसावा
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि इस आपराधिक कृत्य के पीछे अमेरिका में रहने वाला एक शख्स सुरिंदर सिंह ठीकरीवाल है, जिसने सोशल मीडिया के जरिए आरोपियों से संपर्क साधा। आरोप है कि सुरिंदर सिंह ने इन्हें पैसे और नशे का लालच देकर खालिस्तानी नारे लिखवाए। यह मामला पंजाब में विदेश-प्रेरित अस्थिरता फैलाने की साजिश से जुड़ा माना जा रहा है।

बरामदगी और सबूत
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल, तीन खाली और एक भरी हुई स्प्रे कैन, पांच मोबाइल फोन तथा निहंगों के दो जोड़ी कपड़े बरामद किए हैं। इन सामग्रियों का उपयोग कथित रूप से दीवारों पर नारे लिखने और पहचान छुपाने के लिए किया गया था।

घटना की पृष्ठभूमि
यह घटना 14 और 15 अगस्त की दरम्यानी रात को हुई थी, जब गांव पंडोरी की दीवारों पर खालिस्तान समर्थक नारे उकेरे गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई की और अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। टेक्निकल सर्विलांस और खुफिया इनपुट के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।


दिल्ली: भतीजे ने चाचा को चाकू मारकर उतारा मौत के घाट, पारिवारिक विवाद से जुड़ा मामला

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के सुंदर नगरी इलाके में सोमवार शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई। मामूली विवाद के बाद भतीजे ने अपने ही चाचा पर चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।

कैसे हुआ विवाद?

जानकारी के मुताबिक, मृतक ने अपनी नाबालिग भतीजी को किसी बात पर डांट दिया था। इससे नाराज़ होकर भतीजी ने अपने भाई को पूरी बात बताई। बहन की शिकायत पर गुस्साए भतीजे ने अपने चाचा पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल हुए 48 वर्षीय व्यक्ति को परिवार वाले तुरंत जीटीबी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मौके पर पहुँची पुलिस और एफएसएल टीम

घटना की सूचना पाकर नंद नगरी थाने की पुलिस, अपराध शाखा और एफएसएल की टीम मौके पर पहुँची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुँचे और जांच की रूपरेखा तैयार की।

हत्या का केस दर्ज

पुलिस ने मामले में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी भतीजे की तलाश की जा रही है। फिलहाल पुलिस परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ कर रही है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।


फरीदाबाद में युवक का अपहरण, पुलिसकर्मी बनकर मांगी फिरौती; दो आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद: शहर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां दो युवकों ने एक युवक का अपहरण कर उसके भाई को फोन पर पुलिसकर्मी बनकर धमकाया और अवैध हथियार के केस में फंसाने का डर दिखाकर आठ हजार रुपये की फिरौती मांगी। अपराध शाखा बॉर्डर की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम

पुलिस जांच में सामने आया कि 16 अगस्त को पिंटू नामक युवक बिहार से फरीदाबाद आया था। जैसे ही वह बाईपास रोड नया पुल सेक्टर-37 पर ऑटो से उतरा, तभी सरस्वती कॉलोनी निवासी राजेश और यूपी फिरोजाबाद निवासी दीपक ने उसका अपहरण कर लिया।
दोनों आरोपी पिंटू को बाइक पर बैठाकर राजेश के मकान सरस्वती कॉलोनी ले गए और एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए उसके भाई को कॉल किया और फिरौती की मांग की।

आरोपी निकले नशे के आदी

पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी नशे के आदी हैं और पैसों की आवश्यकता के चलते उन्होंने यह वारदात की। दोनों को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।


15 अगस्त से पहले बड़ी आतंकी साजिश नाकाम: बीकेआई से जुड़े पांच आतंकियों की गिरफ्तारी

जालंधर –  पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस (CI) यूनिट ने स्वतंत्रता दिवस से पहले एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम करते हुए बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़े आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। इस अभियान में राजस्थान के टोंक और जयपुर जिलों से पांच संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें तीन नाबालिग शामिल हैं।

इनपुट मिलने के बाद सीआई जालंधर और एसबीएस नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता हाथ लगी। गिरफ्तार आरोपियों पर आरोप है कि वे सात अगस्त को नवांशहर में एक शराब के ठेके पर ग्रेनेड हमला करने में शामिल थे। पुलिस ने बताया कि इस मॉड्यूल के तार कनाडा में बैठे बीकेआई सरगनाओं जीशान अख्तर और अजय गिल से जुड़े हैं, जो इन्हें निर्देश दे रहे थे।

इससे पहले, सीआई जालंधर ने बीकेआई से जुड़े दो अन्य गुर्गों — रितिक नरोलिया और एक किशोर को राजस्थान से पकड़ा था। उनसे पूछताछ के बाद दो और नाम सामने आए: विश्वजीत, जिसे कोलकाता एयरपोर्ट से मलेशिया भागने की कोशिश करते वक्त पकड़ा गया, और जैक्सन, जिसे नकोदर से गिरफ्तार किया गया। इनके पास से एक 86पी हैंड ग्रेनेड बरामद हुआ, जिसकी सप्लाई ब्यास से की गई थी।

पुलिस पर गोलीबारी, जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल
फॉलो-अप ऑपरेशन के दौरान एक आरोपी सोनू उर्फ काली ने पुलिस टीम पर गोली चलाने की कोशिश की। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। उसे तुरंत एसबीएस नगर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 109, 324(5), 61(2) और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धाराएं 3, 4, और 5 के तहत थाना सिटी नवांशहर में एफआईआर दर्ज की है।


किच्छा: दरऊ गांव में दिनदहाड़े युवक की हत्या, परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का लगाया आरोप

रुद्रपुर: ऊधमसिंहनगर जिले के किच्छा क्षेत्र के दरऊ गांव में सोमवार को हुई दिनदहाड़े हत्या की वारदात से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। मृतक के परिजनों ने घटना को सुनियोजित करार देते हुए दरऊ चौकी पुलिस पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।

मृतक के चाचा और भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष गफ्फार खान ने बताया कि हत्या चुनावी रंजिश का नतीजा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में ग्राम प्रधान चुनाव में उनकी भाभी दो वोटों से हार गई थीं, जिसके बाद से ही रंजिश चली आ रही थी। इस बार उनकी पत्नी नाजिया खां प्रधान चुनी गईं, जिससे तनाव और बढ़ गया।

गफ्फार खान ने आरोप लगाया कि 13 अगस्त को भी विरोधी पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर उनके भतीजे और परिजनों से बदसलूकी की थी। इसकी शिकायत पुलिस को दी गई, लेकिन कार्रवाई के बजाय उल्टा उनके खिलाफ केस दर्ज कर दिया गया। रविवार रात भी वे चौकी गए थे, मगर पुलिस ने कोई संज्ञान नहीं लिया। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस गंभीरता दिखाती तो यह घटना टाली जा सकती थी।

हत्याकांड के बाद गांव में दहशत का माहौल है। सोमवार सुबह बीडीसी सदस्य साजिद उर्फ केके पर भी हमलावरों ने चार राउंड फायरिंग की। किसी तरह दीवार फांदकर वे बच निकले, लेकिन हमलावरों ने उनकी कार में तोड़फोड़ कर फायरिंग की।

पुलिस का पक्ष

एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि पुलिस हत्या से जुड़े हर एंगल से जांच कर रही है। दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था और कई बार पुलिस को मौके पर हस्तक्षेप करना पड़ा था। घटना पारिवारिक या राजनीतिक रंजिश में हुई है, इसे भी जांच के दायरे में लिया गया है। दरऊ चौकी पुलिस पर लगे आरोपों की भी जांच की जा रही है।


गाजियाबाद में पुलिस मुठभेड़, हत्या प्रयास में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार

गाजियाबाद: मसूरी थाना क्षेत्र में सोमवार को पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान हत्या के प्रयास में वांछित अभियुक्त छोटू उर्फ श्याम पुत्र सरनाम, निवासी न्यू विकास नगर लोनी, पुलिस की गोली लगने से घायल होकर पकड़ा गया।

जानकारी के अनुसार, मसूरी पुलिस टीम जेल नाहल रोड पर मसूरी झील कट के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक स्कूटी सवार संदिग्ध व्यक्ति नाहल झील की ओर से आता दिखा। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी ने स्कूटी रोकने के बजाय पुलिस पर फायर झोंक दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से उसके दोनों पैर घायल हो गए।

पकड़े गए आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और एक स्कूटी बरामद की गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी थाना मसूरी से वांछित चल रहा था।

घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का स्थायी पता आज़ाद नगर, भरतपुर (राजस्थान) है, जबकि वर्तमान में वह न्यू विकास नगर, थाना लोनी, गाजियाबाद में रह रहा था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


गाजियाबाद में पति ने पत्नी की गला रेतकर की हत्या, इलाके में सनसनी

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से सोमवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। मोदीनगर थाना क्षेत्र के हापुड़ मार्ग स्थित गांव गादना में एक पति ने पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते सोमवार दोपहर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने गुस्से में आकर धारदार हथियार से पत्नी का गला रेत दिया। घटना के बाद महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं आरोपी पति की तलाश शुरू कर दी गई है। घटना स्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


दिल्ली-NCR में बम धमकी से हड़कंप, 30 से ज्यादा स्कूलों को मिला ई-मेल

नई दिल्ली: सोमवार सुबह दिल्ली के कई नामचीन स्कूलों को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिससे हड़कंप मच गया। सबसे पहले दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), वंदना इंटरनेशनल स्कूल, मॉडर्न कॉन्वेंट स्कूल और श्रीराम वर्ल्ड स्कूल को धमकी भरे मेल मिले। इसके बाद संख्या बढ़ती गई।

दक्षिण-पश्चिमी जिला डीसीपी अमित गोयल के अनुसार, उनके जिले में 13 स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल मिले। वहीं दक्षिण जिला डीसीपी अंकित चौहान ने बताया कि उनके क्षेत्र के 7 स्कूल, जिनमें साकेत का बिड़ला विद्या निकेतन और अमेटी इंटरनेशनल शामिल हैं, को भी धमकी मिली। इसके अलावा द्वारका स्थित 11 और सेंट्रल दिल्ली के एक स्कूल में भी ऐसे मेल भेजे गए।

धमकी के बाद सभी स्कूलों में बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वॉड और पुलिस की टीमें पहुंचीं। तलाशी अभियान के दौरान कहीं से भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। डीपीएस द्वारका ने सुरक्षा को देखते हुए स्कूल बंद रखने की घोषणा की और छात्रों को घर भेजा।

साइबर जांच जारी

दिल्ली पुलिस ने बताया कि साइबर फॉरेंसिक टीमें ई-मेल हेडर और डिजिटल फुटप्रिंट का विश्लेषण कर रही हैं ताकि मेल भेजने वाले की पहचान हो सके। प्रारंभिक जांच में इसे शरारती तत्वों की हरकत माना जा रहा है, हालांकि किसी संगठित पैटर्न की संभावना से इनकार नहीं किया गया।

बार-बार मिल रही धमकियां

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, जनवरी से अगस्त तक दिल्ली-एनसीआर के 100 से ज्यादा स्कूलों और कॉलेजों को इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। जुलाई में चार दिनों के भीतर 50 से ज्यादा स्कूलों को बम की झूठी धमकी मिली थी। उस दौरान पुलिस ने एक 12 वर्षीय बच्चे को गिरफ्तार किया था, जिसने सेंट स्टीफंस कॉलेज और सेंट थॉमस स्कूल को धमकी मेल भेजा था।

“बेहद चिंताजनक स्थिति”

स्कूल एक्शन कमेटी के अध्यक्ष भरत अरोड़ा ने कहा कि लगातार मिल रही धमकियां बेहद चिंताजनक हैं। इससे न केवल शैक्षणिक गतिविधियां बाधित हो रही हैं बल्कि छात्रों और अभिभावकों के बीच भय का माहौल भी बन रहा है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp