Tuesday, November 17, 2026
6:11 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

इंस्टाग्राम पर चाकू लहराना पड़ा भारी, पुलिस ने युवक को किया गिरफ्तार

Category Archives: क्राइम

इंस्टाग्राम पर चाकू लहराना पड़ा भारी, पुलिस ने युवक को किया गिरफ्तार

नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर चाकू लहराकर इलाके में अपना दबदबा कायम करने की कोशिश कर रहे एक शातिर युवक को पटेल नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दिव्यांशु के रूप में हुई है, जिसके पास से पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है। पकड़े गए आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उस पर पहले से दो मामले दर्ज हैं।

मध्य जिला पुलिस उपायुक्त (DCP) रोहित राजवीर सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए हथियारों का प्रदर्शन करने और अपराध का महिमामंडन (glorification) करने वालों के खिलाफ पुलिस एक विशेष अभियान चला रही है। इसी निगरानी के दौरान पुलिस टीम को एक ऐसा इंस्टाग्राम अकाउंट मिला, जिस पर यह युवक चाकू लहराते हुए अपनी तस्वीरें और वीडियो पोस्ट कर रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पटेल नगर थाना प्रभारी नवीन कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण (technical analysis) और स्थानीय खुफिया जानकारी की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और उसे शादीपुर इलाके से धर दबोचा। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध चाकू बरामद हुआ।

पुलिस पूछताछ में आरोपी दिव्यांशु ने कबूल किया कि उसने सिर्फ सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने, लोकप्रियता हासिल करने और अपने इलाके में खौफ व दबदबा बनाने के लिए ये तस्वीरें पोस्ट की थीं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही मोती नगर और पटेल नगर थानों में दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस उससे आगे की पूछताछ कर रही है।


एसएसपी दून की सटीक रणनीति से एक वर्ष पूर्व हुई लाखों की चोरी का दून पुलिस ने किया खुलासा

इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उसमें हीरे के हार का प्रदर्शन करना अभियुक्ता को पड़ा भारी, पहुंची सलाखों के पीछे
घटना को अंजाम देने वाली अभियुक्ता को लाखों रूपये कीमत के हीरे व सोने के आभूषणों के साथ पुलिस ने किया गिरफ्तार
गिरफ्तार अभियुक्ता वादिनी के घर पर घरेलू सहायिका का करती थी कार्य, मौका देखकर किया था महंगे आभूषणों पर हाथ साफ 
घटना के बाद वादिनी को उनके द्वारा उक्त आभूषण अन्यत्र रखकर भूल जाने का दिलाया था विश्वास
देहरादून – घटना का विवरण: दिनांक 01-07-2026 को वादीनी श्रीमती नितिशा वत्स निवासी सिक्का किमाया ग्रीन आईटी पार्क द्वारा थाना राजपुर पर एक लिखित तहरीर दी गई कि करीब 01 वर्ष पूर्व उनके द्वारा अपने घर में रखे हीरे व अन्य आभूषणों को ढूंढने का प्रयास किया गया तो वे उन्हें घर पर कहीं नहीं मिले, जिस पर उन्हें लगा कि उनके द्वारा उक्त आभूषणों को या तो अपने किसी रिश्तेदार को दे दिया है या कहीं ऐसे जगह रख दिया है जो उन्हें याद नहीं आ रहा है, किन्तु तब उन्हें बिल्कुल भी शक नहीं था कि उनके आभूषण किसी ने चुरा लिए हैं। कुछ दिन पूर्व उनके किसी परिचित द्वारा उन्हें बताया गया कि एक महिला ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट में हीरे का हार के साथ अपनी एक फोटो लगाई है जो उनके खोये/चोरी गए हीरे के हार से मिलता जुलता है,  जिस पर उनके द्वारा उक्त फोटो को चैक किया गया तो उक्त फोटो उनकी पूर्व घरेलू सहायिका विमला की थी तथा उसके द्वारा फोटो में पहने गये आभूषण उनके पूर्व में खोये हुए आभूषणों से हूबहू मिलते जुलते थे। उन्हें शक है कि उनकी पूर्व घरेलू सहायिका  द्वारा ही उक्त आभूषणों को घर से चोरी किया गया है। वादिनी द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर तत्काल थाना राजपुर पर मु0अ0स0: 142/2026 धारा 306 बीएनएस का अभियोग पंजीकृत किया गया।
घटना के अनावरण तथा अभियुक्ता की गिरफ्तारी हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा दिये गये निर्देशों पर तत्काल थाना राजपुर पर पुलिस टीम का गठन किया गया, गठित पुलिस टीम द्वारा घटना में संलिप्त अभियुक्ता के सम्बन्ध में जानकारी हेतु सुरागरसी पतारसी करते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया तथा मुखबिर की सूचना पर दिनांक 03/07/2026 को घटना में शामिल महिला अभियुक्ता विमला को जोहड़ी रोड से गिरफ्तार किया गया। जिसकी निशानदेही पर पुलिस टीम द्वारा घटना में चोरी किये गये हीरे व सोने के आभूषण बरामद किये गये।
 पूछताछ का विवरण:-
 पूछताछ में अभियुक्ता द्वारा बताया गया कि वह श्रीमती नितिशा के आईटी पार्क स्थित घर में घरेलू सहायिका का कार्य करती थी। वादिनी के घर के एक कमरे के लॉकर में काफी महंगे आभूषण रखे हुए थे, जिन्हें वह अक्सर देखा करती थी, जिस कारण उसके मन में उन गहनो को चोरी कर लेने का लालच आ गया तथा करीब 01 वर्ष पूर्व उसके द्वारा मौका देखकर लॉकर से हीरे व सोने  के कीमती आभूषण चुरा लिये। घर की मालकिन उस पर काफी भरोसा करती थीं, जिस कारण उन्हें उस पर शक नहीं हुआ तथा उसके द्वारा भी घर की मालकिन को अपने भरोसे में लेकर यकीन दिलाया कि उनके द्वारा उक्त गहनों को शायद कहीं अन्यत्र रख दिया है अथवा अपने किसी परिचित को दिया गया है। घटना को अंजाम देने के बाद वह उक्त चोरी किए गए आभूषणों में से कुछ आभूषणों को बेचना चाहती थी लेकिन हीरे व सोने के महंगे आभूषण होने के कारण वह बिक नहीं पाए। वह अब भी लगातार उन्हें बेचने का प्रयास कर रही थी पर अचानक इतने समय बाद वह पुलिस की गिरफ्त में कैसे आई यह उसे नहीं पता।
विवरण गिरफ्तार अभियुक्ता: 
विमला पत्नी रंजीत निवासी ग्राम चकगामा, थाना पसीगमा, जनपद लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश, उम्र 34 वर्ष हाल निवासी बापू नगर, जाखन, देहरादून।
बरामदगी
1-हीरे का हार-01
2-सोने का लॉकेट-01
3-सोने की अंगूठी-02
4-सोने का पेंडल-01
5-मोबाइल फोन ओप्पो कंपनी-01
(बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपए है)
नोट :- घटना का अनावरण करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी देहरादून द्वारा 2500/- रुपए के नगद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।
पुलिस टीम:-  
1- उ०नि० पी०डी० भट्ट, थानाध्यक्ष राजपुर
2- उ0नि0 अनित कुमार
3- म0उ0नि0 ज्योति पवार
4- कां0 अमित
5- कां0 मोहित
6- हे0कां0 किरण कुमार (एसओजी)

मोती बाग में सीआरपीएफ जवान ने ड्यूटी के दौरान खुद को मारी गोली, जांच शुरू

नई दिल्ली: दक्षिण पश्चिम दिल्ली के मोती बाग इलाके से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां बृहस्पतिवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक 37 वर्षीय जवान ने ड्यूटी के दौरान कथित तौर पर अपनी सरकारी पिस्तौल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक जवान की पहचान नरसी लाल यादव के रूप में हुई है। यह घटना उस समय घटी जब यादव अपनी नियमित ड्यूटी पर तैनात थे। उन्होंने अपनी सर्विस पिस्तौल से खुद को गोली मार ली, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल इस आत्मघाती कदम के पीछे की सटीक वजह सामने नहीं आ पाई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।


पटेलनगर क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का दून पुलिस ने किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

अभियुक्त के कब्जे से घटना में चोरी किया गया माल हुआ बरामद

देहरादून। पटेलनगर पुलिस ने एसी की वायर चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई एसी वायर भी बरामद कर ली है। पूछताछ में आरोपी ने नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

पुलिस के अनुसार, 30 जून 2026 को सहारनपुर रोड निवासी सुशील कुमार त्यागी ने कोतवाली पटेलनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके कार्यालय अभियान टाइम्स से अज्ञात चोर एसी की वायर चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिरों को सक्रिय किया। जांच के दौरान मिली सूचना के आधार पर 1 जुलाई को विशाल मेघा मार्ट के पास एक खाली प्लॉट से आरोपी इमरान (36) को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से चोरी की गई एसी वायर भी बरामद की गई।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उसने चोरी की घटना को अंजाम दिया था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक मोहन सिंह, कांस्टेबल सुधांशु कुमार और कांस्टेबल विनोद कुमार की अहम भूमिका रही।


कॉस्मेटिक स्टोर की आड़ में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की सप्लाई करने वाला आरोपी गिरफ्तार

देहरादून/हरिद्वार। मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) एवं एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने हरिद्वार के कलियर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए कॉस्मेटिक स्टोर की आड़ में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की सप्लाई करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जांच में उसका संबंध एसटीएफ द्वारा पूर्व में बरामद किए गए 18 हजार ट्रामाडोल कैप्सूल के मामले से भी सामने आया है।

पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देश पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह के नेतृत्व में राज्यभर में नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 30 मई 2026 को एसटीएफ/एएनटीएफ की टीम ने ड्रग इंस्पेक्टर के साथ थाना कलियर क्षेत्र में कई संदिग्ध स्थानों और गोदामों पर छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान एहतिशाम कॉस्मेटिक जनरल स्टोर पर छापा मारकर उसके संचालक अहतशाम उल हक पुत्र शहीद, निवासी बुड्ढा हैदी, थाना पथरी (हरिद्वार) को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे तथा उससे जुड़े अन्य संभावित ठिकानों की तलाशी में 3.9 किलोग्राम कोडीन सिरप और ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए गए। जांच में पता चला कि आरोपी प्रतिबंधित दवाओं को मूल कीमत से कई गुना अधिक दाम पर बेचकर अवैध लाभ कमा रहा था।

एसटीएफ के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पहले भी एनडीपीएस अधिनियम के मामलों में जेल जा चुका है। उसके विरुद्ध वर्ष 2019 में एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की भूमिका की भी जांच कर रही है।

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने लोगों से नशे से दूर रहने और नशा तस्करी की सूचना तत्काल पुलिस या एसटीएफ/एएनटीएफ को देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


जमीन दिलाने के नाम पर करोड़ों की ठगी, दंपती के खिलाफ केस दर्ज

देहरादून। रायवाला क्षेत्र में जमीन खरीद के नाम पर करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने एक दंपती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि रिश्तेदारी का फायदा उठाकर जमीन का सौदा कराया गया और करोड़ों रुपये लेने के बावजूद न तो पूरी जमीन का बैनामा कराया गया और न ही कब्जा दिया गया।

पुलिस को दी गई शिकायत में न्यू वसंत विहार एन्क्लेव निवासी पंकज बहल ने बताया कि उनके रिश्तेदार मनीष बजाज ने रायवाला स्थित करीब 4030 वर्गमीटर भूमि का सौदा 75 लाख रुपये प्रति बीघा की दर से कराने का भरोसा दिलाया। आरोप है कि मनीष ने खुद को पूरी भूमि का विक्रय कराने में सक्षम बताते हुए उनसे नकद और चेक के माध्यम से कुल 3 करोड़ 75 लाख रुपये ले लिए।

शिकायतकर्ता के अनुसार, इतनी बड़ी रकम लेने के बावजूद उनके नाम केवल पांच बीघा भूमि का ही विक्रय पत्र कराया गया। इतना ही नहीं, संबंधित भूमि का वास्तविक कब्जा भी उन्हें नहीं सौंपा गया। बाद में पता चला कि विवादित जमीन पर किसी तीसरे पक्ष का कब्जा है।

पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने इस पर आपत्ति जताई तो मनीष बजाज और उसकी पत्नी गौरिका बजाज ने समझौते का प्रस्ताव रखा। दोनों ने नोटरी के समक्ष लिखित रूप से तय समय में पूरी रकम लौटाने का वादा किया। समझौते के अनुसार 75 लाख रुपये मार्च 2026 तक और शेष तीन करोड़ रुपये सितंबर 2026 तक लौटाने थे, लेकिन तय समय बीतने के बावजूद कोई भुगतान नहीं किया गया।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि रकम वापस मांगने पर आरोपितों ने झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


कैंट और रोडवेज पर सैलानियों को निशाना बनाने वाला शातिर चोर 15 मोबाइल संग गिरफ्तार

वाराणसी: धर्मनगरी वाराणसी के कैंट रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टैंड इलाके में आने वाले पर्यटकों व सैलानियों को अपना शिकार बनाने वाले एक शातिर अंतरजनपदीय चोर को सिगरा पुलिस ने बुधवार को मालगोदाम रोड से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बलरामपुर जिले के हरैया निवासी मोहम्मद शमशाद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी के 15 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 2 लाख 20 हजार रुपये आंकी जा रही है।

सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि तीन दिन पहले प्रयागराज निवासी सागर मिश्रा का मोबाइल फोन कैंट स्टेशन के सामने फ्लाईओवर के नीचे से चोरी हो गया था। इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम लगातार जांच-पड़ताल कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति मालगोदाम रोड पर घूम रहा है। सूचना मिलते ही रोडवेज पुलिस चौकी प्रभारी विकास सिंह, उपनिरीक्षक प्रशांत कुमार बंधु और उपनिरीक्षक दुर्गा प्रसाद की टीम ने घेराबंदी कर शमशाद को दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह भीड़भाड़ वाले इलाकों में सैलानियों के कीमती फोन उड़ाता था और बाद में अपनी मजबूरी का हवाला देकर अनजान राहगीरों को सस्ते दामों में बेच देता था। पुलिस ने बरामद 15 मोबाइल फोन में से 13 बेहद कीमती स्मार्टफोन बताए हैं। आवश्यक कानूनी और पुलिसिया कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी मोहम्मद शमशाद को जेल भेज दिया गया है।


नाबालिग छात्रा का दूसरी बार दिनदहाड़े अपहरण, पुलिस पर उठे सवाल

हिलसा (नालंदा): नगर परिषद क्षेत्र से एक 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा के दूसरी बार कथित अपहरण का मामला सामने आने के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। बुधवार को दिनदहाड़े घर से छात्रा को जबरन अगवा करने की पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। इस वारदात के बाद स्थानीय पुलिस की कार्यशैली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं।

पीड़िता के पिता ने हिलसा थाने में दोबारा एफआईआर दर्ज कराई है। पिता का आरोप है कि इससे पहले 4 दिसंबर 2025 को भी ट्यूशन जाने के दौरान छात्रा का अपहरण किया गया था, जिसके संदर्भ में हिलसा थाना में कांड संख्या 832/2025 दर्ज है। आरोप है कि पहली घटना के वक्त पुलिस ने अनुसंधान में घोर लापरवाही बरती और आरोपियों पर कोई सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की। इसी ढीली कार्रवाई के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हो गए और उन्होंने दोबारा इस वारदात को अंजाम दिया।

इस घटना से पीड़िता का परिवार गहरे सदमे और खौफ में है। परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि छात्रा की जल्द से जल्द सकुशल बरामदगी नहीं हुई, तो वे पुलिस अधीक्षक (SP) से मिलकर न्याय की गुहार लगाएंगे। इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए हिलसा थानाध्यक्ष अभिजीत कुमार ने बताया कि नई प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एक टीम गठित कर सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।


फर्जी मदरसे के नाम पर सरकारी धन हड़पने वाला आरोपी जितेंद्र सिंह चौहान गिरफ्तार

आजमगढ़: दीदारगंज थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी और अस्तित्वहीन मदरसे के नाम पर फर्जी दस्तावेज (कूटरचित अभिलेख) तैयार कर सरकारी अनुदान का गबन करने वाले वांछित आरोपी जितेंद्र सिंह चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी जितेंद्र सिंह दीदारगंज थाना क्षेत्र के शेखवलिया गांव का निवासी है और लंबे समय से फरार चल रहा था।

मामले की पृष्ठभूमि के अनुसार, 19 फरवरी 2025 को राज्य विशेष अपराध अनुसंधान दल (SIT), मुख्यालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निरीक्षक केबीपी सिंह की तहरीर पर दीदारगंज थाने में धोखाधड़ी और गबन का मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ था कि फूलपुर के पाइन्दापुर ग्राम में ‘गफ्फरुल ओलूम’ नाम का एक मदरसा कागजों पर दिखाया गया था, जो असलियत में था ही नहीं। इस अस्तित्वहीन मदरसे के नाम पर फर्जी दस्तावेज बनाकर विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ उठाया गया और सरकारी बजट का बड़ा गबन किया गया।

पुलिस के मुताबिक, इस बड़े घोटाले में मदरसे के तथाकथित प्रबंधक, शिक्षक और इसे फर्जी तरीके से मान्यता देने वाले संबंधित शिक्षा विभाग के अधिकारियों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज है, जिनकी जांच की जा रही है। विवेचना के दौरान फरार चल रहे आरोपी जितेंद्र सिंह चौहान की पुलिस लगातार तलाश कर रही थी, जिसे अब दबोच लिया गया है। पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई है।


मनीषा मित्तल हत्याकांड का खुलासा: सगे भाई ने ही रची थी मर्डर की साजिश, 4 गिरफ्तार

रोहतक: हिमाचल प्रदेश के शिमला में 13 जून को सरस्वती पैराडाइज स्कूल के पास हुई मनीषा मित्तल की सनसनीखेज हत्या के मामले को पुलिस ने पूरी तरह सुलझा लिया है। इस हत्याकांड का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि मनीषा का सगा छोटा भाई हिमांक मित्तल ही निकला। शिमला और रोहतक पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मुख्य आरोपी हिमांक मित्तल और उसके करीबी दोस्त गोविंद को रोहतक से गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में हत्या को अंजाम देने वाले दो शूटरों (आशीष अहलावत और दीपक) को पुलिस पहले ही दबोच चुकी है।

पुलिस जांच में जो खुलासे हुए हैं, वे बेहद चौंकाने वाले हैं। जांच के मुताबिक, भाई हिमांक और उसके दोस्त गोविंद का मनीषा के साथ संपत्ति (प्रॉपर्टी) को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। हिमांक रोहतक में बैठकर सीसीटीवी कैमरों के जरिए अपनी बहन की हर गतिविधि और लोकेशन पर नजर रख रहा था। वारदात को अंजाम देने के लिए गोविंद ने शूटरों को एक स्विफ्ट कार किराए पर लेकर दी थी और शूटर दीपक के खाते में पैसे ट्रांसफर किए थे। साजिश पूरी होने के बाद गोविंद विदेश भाग गया था, लेकिन भारत लौटते ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। गोविंद के कबूलनामे के बाद पुलिस ने मास्टरमाइंड भाई हिमांक को भी गिरफ्तार कर लिया।

दिलचस्प बात यह है कि हत्या के बाद गोविंद के खाते में साढ़े 8 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे। मनीषा को पहले से ही अपनी जान का खतरा था; वह पिछले कई महीनों से सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर आरोप लगा रही थी कि उसका भाई उसकी लोकेशन ट्रेस करवा रहा है। हत्या के बाद से ही हिमांक खुद को बेकसूर बताता रहा और बीमारी का बहाना बनाता रहा, लेकिन पुलिस की पुख्ता कड़ियों (बैंक और कॉल डिटेल्स) ने उसकी पोल खोल दी। मेडिकल चेकअप की रिपोर्ट आने के बाद आरोपी भाई को शिमला ले जाया जाएगा।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp