Tuesday, November 17, 2026
5:59 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

तीन साल के प्रेम संबंध का दर्दनाक अंत, शादी से बचने के लिए प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या

Category Archives: क्राइम

तीन साल के प्रेम संबंध का दर्दनाक अंत, शादी से बचने के लिए प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या

बदायूं: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के बिल्सी थाना क्षेत्र में तीन साल पुराने प्रेम प्रसंग का बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाला अंत सामने आया है। एक १९ वर्षीय युवक जुगेंद्र ने अपनी नाबालिग प्रेमिका से पीछा छुड़ाने के लिए गला घोंटकर उसकी बेरहमी से हत्या कर डाली। इस वारदात में सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि हत्या जैसे जघन्य अपराध को अंजाम देने के बाद भी आरोपी के चेहरे पर कोई शिकन या पछतावा नहीं दिखा। गिरफ्तारी के बाद वह बिल्सी थाने की हवालात में आराम से टहलता और आने-जाने वालों से सामान्य बात करता नजर आया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी जुगेंद्र ने बताया कि वह और १७ वर्षीय मृतका पिछले तीन साल से प्रेम संबंध में थे। जुगेंद्र उससे शादी करना चाहता था, लेकिन दोनों के परिवार वाले इस रिश्ते के खिलाफ थे। इस बीच जुगेंद्र के परिजनों ने उसकी शादी दूसरी जगह तय कर दी, जिसके लिए उसने रजामंदी दे दी थी। इस बात की भनक लगते ही उसकी नाबालिग प्रेमिका लगातार उससे विरोध और झगड़ा कर रही थी।

शनिवार को जब पीड़िता की मां घर पर नहीं थी, तो वह अपने भाई-बहन के स्कूल से टीसी (Transfer Certificate) लेने की बात कहकर घर से निकली थी। रास्ते में जुगेंद्र उसे मिला और दोनों पास के एक मक्के के खेत में चले गए। वहां दोबारा शादी की बात पर विवाद बढ़ने पर जुगेंद्र ने पीछा छुड़ाने की नीयत से किशोरी का गला घोंट दिया।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी काफी देर तक खेत में शव के पास ही बैठा रहा। इसके बाद वह घर चला गया और लाश को ठिकाने लगाने की योजना बनाने लगा। देर शाम वह दोबारा शव की स्थिति देखने खेत पहुंचा, जहां पीड़िता के परिजनों ने उसे संदिग्ध हालत में देख लिया। शक होने पर जब खोजबीन की गई, तो रात करीब साढ़े दस बजे हत्या का खुलासा हुआ।

बिल्सी इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने पुष्टि की है कि हत्या सुबह के वक्त ही कर दी गई थी। उधर, एसपी देहात डॉ. हृदेश कठेरिया द्वारा मीडिया को दी गई बाइट में घटनास्थल को ‘गन्ने का खेत’ बताने से कुछ समय के लिए भ्रम की स्थिति बनी रही, जबकि शव ‘मक्के के खेत’ से बरामद हुआ था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


प्रेमी संग चौथी शादी की चाह में तीसरे पति की हत्या, पत्नी समेत तीन गिरफ्तार

जबलपुर (मध्य प्रदेश): मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही तीसरे पति की बेरहमी से हत्या कर दी, ताकि वह प्रेमी से चौथी शादी कर सके। अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाते हुए नरसिंहपुर पुलिस ने मुख्य आरोपी महिला, उसके प्रेमी और एक अन्य मददगार को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।

पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. ऋषिकेश मीना ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि बहोरीपार निवासी तुलसीराम मेहरा और उनकी ३५ वर्षीय पत्नी सरोज मेहरा के बीच पिछले काफी समय से चरित्र को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस जांच में आरोपी महिला के अतीत को लेकर बेहद हैरान करने वाले खुलासे हुए हैं। सरोज की पहली शादी १८ साल पहले जबलपुर के चरगवां में हुई थी। इसके बाद उसने गाडरवारा में दूसरी शादी की। फिर कुछ समय बाद उसने तुलसीराम से तीसरी शादी रचाई।

इसी तीसरी शादी के दौरान सरोज का संपर्क अपने दूसरे पति के रिश्तेदार महेंद्र मेहरा से हुआ, जिससे उसके अवैध प्रेम संबंध बन गए। दोनों ने साथ रहने और शादी करने की योजना बनाई, लेकिन इसमें सबसे बड़ा रोड़ा पति तुलसीराम था। उसे रास्ते से हटाने के लिए सरोज और उसके प्रेमी महेंद्र ने खूनी साजिश रच डाली।

 प्रेमी महेंद्र मेहरा ने इस साजिश को अंजाम देने के लिए अपने एक साथी विष्णु रजक (३०) को भी अपने साथ मिलाया। योजना के मुताबिक, विष्णु रविवार को तुलसीराम को शराब पिलाने के बहाने घर से दूर एक पुल के पास ले गया, जहां महेंद्र पहले से ही घात लगाकर बैठा था। वहां दोनों ने मिलकर तुलसीराम का गला घोंट दिया और उसकी मौत सुनिश्चित करने के बाद शव को पास की झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए।

लापता तुलसीराम का शव मिलने के बाद हरकत में आई पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस और गहन पूछताछ के आधार पर महज कुछ ही समय में पूरे मामले से पर्दा उठा दिया। पुलिस ने सरोज मेहरा, उसके प्रेमी महेंद्र और सहयोगी विष्णु रजक को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया है। पुलिस मामले की गहनता से आगे की जांच कर रही है।


बठिंडा में एक दिन में चोरी की तीन वारदातें, लाखों के जेवर-नकदी समेत कार और गीजर पर हाथ साफ

बठिंडा: पंजाब के बठिंडा शहर में लगातार पैर पसार रहे चोर गिरोहों ने कानून व्यवस्था और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रविवार को शहर के तीन अलग-अलग इलाकों में चोरी की सनसनीखेज वारदातें सामने आईं। इनमें से सबसे हैरान कर देने वाली घटना रामबाग रोड की है, जहां चोरों ने एक पूरे परिवार को कथित रूप से बेहोश कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। एक ही दिन में हुई इन तीन वारदातों से शहरवासियों में दहशत का माहौल है।

 रामबाग रोड स्थित एक रिहायशी मकान में रहने वाले पीड़ित परिवार के मुताबिक, शनिवार रात वे सभी कमरे में कूलर चलाकर सोए थे। रविवार सुबह जब उनकी आंख खुली, तो घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियों के ताले टूटे हुए थे। पीड़ितों का आरोप है कि चोरों ने रात में कूलर के जरिए कोई बेहोशी का पदार्थ कमरे में फैला दिया था, जिससे किसी की नींद नहीं खुली। चोरों ने बड़ी इत्मीनान से पूरे घर को खंगाला, फ्रिज से ठंडा पानी पिया और करीब डेढ़ तोला सोना, आधा किलो चांदी व १३ हजार रुपये की नकदी लेकर रफूचक्कर हो गए। हालांकि, पुलिस इस ‘बेहोश करने वाले’ दावे की गहनता से वैज्ञानिक जांच कर रही है।

 चोरी की दूसरी वारदात बसंत विहार इलाके की है, जहां घर के बाहर खड़ी एक व्यक्ति की कार रात के अंधेरे में चोरी हो गई। वहीं, तीसरी घटना अजीत रोड की गली नंबर २० में रविवार शाम करीब चार बजे सामने आई। यहां दुस्साहस दिखाते हुए एक अज्ञात युवक दिनदहाड़े मकान का गेट फांदकर अंदर घुस गया। छत पर कीमती सामान न मिलने पर आरोपी बाथरूम में लगा गीजर उखाड़कर फरार हो गया।

इन बैक-टू-बैक वारदातों के बाद स्थानीय निवासियों ने पुलिस गश्त व्यवस्था पर कड़े सवाल उठाए हैं और संवेदनशील इलाकों में रात व दिन की पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है। मामले पर बठिंडा पुलिस का कहना है कि तीनों घटनाओं की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। क्राइम सीन से सबूत जुटाए जा रहे हैं और सीसीटीवी (CCTV) फुटेज के आधार पर चोरों की धरपकड़ के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं।


साहिबगंज में जाली नोटों का नेटवर्क बेनकाब, 200 रुपये के नकली नोटों के साथ एक गिरफ्तार

साहिबगंज (झारखंड): भारत-बांग्लादेश सीमा के करीब स्थित झारखंड के साहिबगंज जिले में जाली नोटों (फेक करेंसी) का नेटवर्क एक बार फिर सक्रिय होता दिख रहा है। राजमहल थाना पुलिस ने शनिवार शाम एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए डेढ़गामा इलाके से जाली नोट खपाने की कोशिश कर रहे एक व्यक्ति को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से २०० रुपये के १४ जाली नोट (कुल मूल्य २,८०० रुपये) जब्त किए हैं।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान डेढ़गामा निवासी ४२ वर्षीय संतोष मंडल के रूप में हुई है। पुलिस की कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह इस अवैध धंधे में शामिल है। उसने खुलासा किया कि बरामद किए गए नकली नोट उसे टपुआ निवासी आनंदो मंडल ने बाजार में चलाने के लिए दिए थे। मुख्य आरोपी का नाम सामने आते ही पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की, लेकिन वह भागने में सफल रहा। फिलहाल पुलिस आनंदो मंडल की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

साहिबगंज जिला अपनी भौगोलिक स्थिति और बांग्लादेश से निकटता के कारण लंबे समय से जाली नोटों के तस्करों के निशाने पर रहा है। पुलिस के अनुसार, सीमा पार से चोरी-छिपे नकली नोटों की खेप पहुंचना यहां एक बड़ी चुनौती है, जिस पर सुरक्षा एजेंसियां नजर रखती हैं। पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। संतोष मंडल की गिरफ्तारी को इस रैकेट के बड़े नेटवर्क को खंगालने की दिशा में एक अहम कड़ी माना जा रहा है।


गाजियाबाद में भ्रूण लिंग जांच रैकेट का भंडाफोड़, अस्पताल संचालक समेत चार गिरफ्तार

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में भ्रूण का लिंग परीक्षण करने और अवैध गर्भपात कराने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार देर रात महामाया स्टेडियम के पास घेराबंदी कर एक अस्पताल संचालक सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चीन निर्मित पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन, एक कार, उपकरण और २० हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी इतने शातिर थे कि पकड़े जाने के डर से चलती कार में ही पोर्टेबल मशीन से लिंग जांच के खेल को अंजाम देते थे।

 एसीपी कोतवाली उपासना पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप (अस्पताल संचालक, बागपत), तस्लीम (बुलंदशहर), सलमान (गढ़मुक्तेश्वर) और साहिद (सिहानी, गाजियाबाद) के रूप में हुई है। आरोपी संदीप लोनी में बंथला फ्लाईओवर के पास स्थित ‘साईं अस्पताल’ का संचालक है, जो पहले भी ऐसे मामलों में जेल जा चुका है। पूछताछ में सामने आया है कि यह गिरोह पिछले ६ सालों से सक्रिय था और अब तक करीब २०० से अधिक महिलाओं की अवैध जांच कर चुका है। इनके नेटवर्क के तार हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड जैसे राज्यों से भी जुड़े हुए थे, जहां से महिलाएं जांच के लिए गाजियाबाद आती थीं।

पीसीपीएनडीटी (PCPNDT) के नोडल अधिकारी व उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुराग संजोग ने एक बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि बरामद की गई चीनी पोर्टेबल मशीन को अवैध तरीके से नेपाल के रास्ते भारत लाया गया था। जहां मान्यता प्राप्त मेडिकल मशीनें ५ से २५ लाख रुपये की आती हैं, वहीं यह चीनी मशीन मात्र २ से ३ लाख रुपये में मिल जाती थी।

पूछताछ में आरोपी तस्लीम ने कबूला कि वे केवल लिंग जांच के लिए १५ से २० हजार रुपये वसूलते थे, जबकि जांच और गर्भपात (Abortion) दोनों का पूरा पैकेज ५० से ६० हजार रुपये का होता था। इस रैकेट में सरकारी और निजी अस्पतालों के बाहर दलाल सक्रिय रहते थे, जिन्हें प्रति केस २,५०० से १०,००0 रुपये तक का कमीशन दिया जाता था। पुलिस को शक है कि इस नेटवर्क में कुछ आशा कार्यकर्ता भी शामिल हो सकती हैं, जिसकी गहनता से जांच की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, नियमों के उल्लंघन पर पिछले एक साल में ९ सेंटर्स के रजिस्ट्रेशन सस्पेंड किए जा चुके हैं, जबकि ३६ अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर केस दर्ज है।


नाबालिग तस्करी और यौन शोषण का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, एक लाख का इनामी चढ़ा पुलिस के हत्थे

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (आरके पुरम एनडीआर यूनिट) ने मानव तस्करी और पोक्सो (POCSO) एक्ट के मामले में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक लाख रुपये के इनामी मुख्य आरोपी मोहम्मद फिरोज को गिरफ्तार कर लिया है। डीजीपी क्राइम ब्रांच चंद्र कुमार सिंह ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी से सघन पूछताछ की जा रही है।

 यह पूरा मामला साल २०२३ में दिल्ली के गोविंदपुरी थाने में दर्ज हुआ था। मूल रूप से मुजफ्फरपुर (बिहार) का रहने वाला आरोपी मोहम्मद फिरोज (४६) गुरुग्राम के उद्योग विहार की एक फैक्ट्री में काम करता था। इसी दौरान वह तुगलकाबाद एक्सटेंशन में पर्स बनाने का काम सीख रही एक नाबालिग किशोरी के संपर्क में आया। आरोप है कि फिरोज ने किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने जाल में फंसाया और शादी का झांसा देकर अलग-अलग स्थानों पर उसका यौन शोषण किया। हद तो तब हो गई जब आरोपी ने बाद में दो लाख रुपये लेकर उस नाबालिग की शादी राजस्थान के झुंझुनू में किसी अन्य व्यक्ति से करा दी।

किशोरी के लापता होने के बाद परिजनों ने पुलिस से गुहार लगाई थी, जिसके बाद मुस्तैद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पीड़िता को सुरक्षित रेस्क्यू किया। मेडिकल जांच में नाबालिग के यौन उत्पीड़न की पुष्टि होने के बाद मामले में पोक्सो एक्ट और मानव तस्करी की गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था। तब से ही मुख्य आरोपी फिरोज फरार चल रहा था और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। आखिरकार, क्राइम ब्रांच ने टेक्निकल सर्विलांस और मुखबिरों से मिली सटीक सूचना के आधार पर जाल बिछाकर आरोपी फिरोज को गुरुग्राम से दबोच लिया।


कहासुनी के बाद बेटे ने उठाया खौफनाक कदम, मां को मारी गोली

ऋषिकेश- दिनांक 05/07/2026 को कोतवाली ऋषिकेश पर गली नंबर तीन ए ब्लॉक मंदिर के पास पशुलोक विस्थापित ऋषिकेश में एक व्यक्ति द्वारा अपनी माता को गोली मारने की सूचना प्राप्त होने पर स्थानीय पुलिस फोर्स तत्काल मौके पर पहुंचा। मौके पर जानकारी करने पर ज्ञात हुआ कि सुमित गौड़ ( उम्र 32 वर्ष) द्वारा अपनी माता श्रीमती उषा देवी गौड़ ( उम्र 63 वर्ष) को कहासुनी होने पर 12 बोर के तमंचे से फायर किया गया, जिससे श्रीमती उषा देवी गौड़ के माथे पर गंभीर चोट आई जिन्हें उपचार के लिए सुमित गौड़ स्वयं एम्स अस्पताल ऋषिकेश पर लाया, जिनका स्थानीय चिकित्सकों द्वारा उपचार किया जा रहा है।

सुमित गौड़ आरोपी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की जा रही है घटना के संबंध में पीड़िता के बड़े पुत्र अमित गौड़, जो माजरी ग्रांट थाना डोईवाला में रहते हैं, द्वारा एक प्रार्थना पत्र दिया गया है। इस संबंध में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।


राजपुर रोड पर हुड़दंग पड़ा भारी, वायरल वीडियो के आधार पर 6 युवक हिरासत में, 2 कारें सीज

देहरादून: सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो का संज्ञान लेते हुए देहरादून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर राजपुर रोड पर खतरनाक ढंग से वाहन चलाने और हुड़दंग करने वाले छह युवकों को हिरासत में लिया। पुलिस ने दोनों कारों को भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया।

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर कोतवाली डालनवाला पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच कर कार संख्या UK07HJ-3133 और UK07FD-8178 की पहचान की। दोनों वाहनों के चालकों समेत कुल छह युवकों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया। पुलिस ने सभी के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए भविष्य के लिए सख्त चेतावनी दी।

पुलिस ने दोनों वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) के तहत सीज कर दिया है।

 


अमेठी युवती हत्याकांड में पुलिस को मिले अहम सुराग, नामजद आरोपी की तलाश तेज

अमेठी: जिले के रणवीर नगर मजरे जंगल रामनगर में हुई युवती काजल सिंह की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस को तीसरे दिन अहम सुराग हाथ लगे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की 10 टीमें मुख्य नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।

रणवीर नगर निवासी काजल सिंह बीते मंगलवार की रात करीब 11 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में अपने घर से लापता हो गई थी। बुधवार दोपहर करीब एक बजे घर से महज 200 मीटर की दूरी पर सीवान (खेत) में उसका शव बरामद हुआ था। मृतका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आ गई है, जिसमें दम घुटने (Asphyxia) के कारण मौत होने की पुष्टि हुई है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस को आशंका है कि हत्यारे ने मुंह दबाकर युवती की जान ली है। मृतका के पिता अमरजीत सिंह ने बेटी के प्रेमी पर हत्या की आशंका जताते हुए प्रतापगढ़ जिले के रेहुआ (थाना उदयपुर) निवासी सुरजीत सिंह के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपी सुरजीत की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को आधार बनाया है। युवती और नामजद आरोपी के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) निकाली गई है। इस दौरान जिन अन्य युवकों से उनकी बातचीत हुई थी, पुलिस ने उन्हें भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

क्षेत्राधिकारी (सीओ) मनोज मिश्र ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए स्वाट, सर्विलांस और स्थानीय पुलिस सहित कुल 10 टीमों को लगाया गया है। मोबाइल लोकेशन के आधार पर विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस हत्यारोपी के बेहद करीब है और जल्द ही इस पूरी घटना का सफल अनावरण किया जाएगा।


अमेठी में किराना व्यापारी की संदिग्ध मौत, कुएं से मिला शव; परिजनों के बदलते बयानों से बढ़ा रहस्य

अमेठी: जिले के हथकिला गांव में एक किराना व्यापारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला लगातार उलझता जा रहा है। गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे घर से निकले किराना व्यापारी ननकऊ का शव शाम करीब साढ़े छह बजे गांव से कुछ दूरी पर स्थित एक कुएं से बरामद हुआ। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है, वहीं परिजनों के बदलते बयानों और पुलिस के दावे ने इस केस को पूरी तरह रहस्यमय बना दिया है।

घटना के पहले दिन मृतक के बेटे भागीरथी ने पिता के हाथ-पैर बांधकर कुएं में फेंके जाने की आशंका जताते हुए हत्या का आरोप लगाया था और निष्पक्ष जांच की मांग की थी। लेकिन शुक्रवार को भागीरथी ने अचानक यू-टर्न लेते हुए पुलिस को एक लिखित प्रार्थना पत्र दिया, जिसमें उसने बताया कि उसके पिता मानसिक रूप से स्वस्थ नहीं थे और उनका इलाज चल रहा था।

बेटे के इस विरोधाभासी रुख ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और चर्चाओं के अनुसार, यदि मृतक मानसिक रूप से अस्वस्थ भी थे, तो उनके हाथ-पैर बंधे होने की बात सामने क्यों आई? क्या यह सोची-समझी हत्या है या फिर कुछ और, इसे लेकर शक की सुई गहरी होती जा रही है।

इस पूरे मामले पर पुलिस का रुख अलग है। क्षेत्राधिकारी (सीओ) मनोज मिश्र ने बताया कि बुजुर्ग की मानसिक बीमारी की दवा चल रही थी और परिजनों के मुताबिक वह अस्वस्थ थे। पुलिस ने इस बात से इनकार किया है कि बुजुर्ग के हाथ-पैर बंधे हुए थे।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की बारीकी से जांच कर रही है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp