Tuesday, November 17, 2026
5:51 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

ऑनलाइन गेम के बहाने बच्चों को निशाना बना रहे साइबर ठग, फिशिंग लिंक से रहें सावधान

Category Archives: क्राइम

ऑनलाइन गेम के बहाने बच्चों को निशाना बना रहे साइबर ठग, फिशिंग लिंक से रहें सावधान

मुजफ्फरपुर: डिजिटल युग में जहां मोबाइल गेम्स बच्चों के मनोरंजन का मुख्य साधन बन चुके हैं, वहीं अब ये साइबर अपराधियों का एक खतरनाक हथियार भी बनते जा रहे हैं। बच्चों को ऑनलाइन गेमिंग के जरिए फिशिंग (Phishing) के जाल में फंसाने के बढ़ते मामलों को देखते हुए गृह मंत्रालय के ट्विटर हैंडल ‘साइबर दोस्त’ ने एक विशेष कॉमिक शृंखला जारी की है। इसके माध्यम से बच्चों और अभिभावकों को गेमिंग के पीछे छिपे इस बड़े खतरे के प्रति सचेत किया गया है।इस जागरूकता अभियान में 13 वर्षीय आरव नाम के एक काल्पनिक पात्र की कहानी दिखाई गई है। आरव अपनी मां के मोबाइल पर ऑनलाइन गेम खेल रहा था। गेम के आखिरी लेवल पर पहुंचते ही स्क्रीन पर एक लुभावना मैसेज आया, जिसमें कुछ कॉइन्स खरीदकर अगला लेवल तुरंत अनलॉक करने का दावा किया गया था। आरव ने जैसे ही उस लिंक पर क्लिक किया, फोन की स्क्रीन फ्रीज हो गई और बैकग्राउंड में उसका निजी डेटा चोरी होने लगा। इसके तुरंत बाद मोबाइल अपने आप रीस्टार्ट होने लगा।

डर के मारे आरव ने यह बात अपनी मां से छुपाई, लेकिन उसके जागरूक दोस्तों ने, जो एक साइबर सेफ्टी क्लब चलाते हैं, फोन चेक करके बताया कि यह एक फर्जी यूआरएल (URL) और नकली डोमेन वाला फिशिंग लिंक था, जिससे हैकर्स ने फोन का पूरा कंट्रोल ले लिया था। आरव ने बाद में माता-पिता को सच बताया और बिना गुस्सा किए परिवार ने तुरंत ‘राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल’ पर इसकी शिकायत दर्ज कराई।

ऑनलाइन गेम में हारना बेहतर, परिवार का डेटा खोना नहीं: विशेषज्ञ
इस घटनाक्रम के बाद साइबर विशेषज्ञों ने बच्चों और अभिभावकों के लिए जरूरी गाइडलाइंस जारी की हैं:

अज्ञात लिंक से बचें: गेम के दौरान चैट या मैसेज में आए किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें, खासकर तब जब वह पैसे या पासवर्ड मांग रहे हों। असली गेमिंग कंपनियां इस तरह रैंडम लिंक भेजकर पेमेंट नहीं मांगतीं।

गलती न छुपाएं: विशेषज्ञों का साफ कहना है कि ऑनलाइन गेम में हार जाना मंजूर है, लेकिन परिवार का डेटा खोना खतरनाक है। अगर अनजाने में कोई गलती हो भी जाए, तो बच्चे डरने के बजाय तुरंत अपने माता-पिता या शिक्षकों को बताएं।

यहाँ करें शिकायत: किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी या साइबर फ्रॉड होने पर तुरंत नेशनल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या आधिकारिक पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।


देहरादून में सड़क हादसे के बाद विवाद बना मारपीट का कारण, मुख्य आरोपी अंकुर वाल्मीकि गिरफ्तार

देहरादून- आजाद रावत पुत्र मुरली धर रावत निवासी जाखन कैनाल रोड राजपुर ने  थाना पटेल नगर पर तहरीर दिनांक 03/07/2026 की रात्रि समय करीब 08:00 बजे लालपुल के पास स्कूटी चालक अंकुर वाल्मीकि द्वारा उन्हें टक्कर मारने व घटना में अंकुर का मोबाइल सड़क पर गिरने से क्षतिग्रस्त होने तथा मोबाइल टूटने को लेकर हुए विवाद में स्कूटी चालक अंकुर व उसके साथियों द्वारा उन्हें बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट कर अमानवीय व्यवहार करने के संबंध में लिखित तहरीर दी गयी। वादी द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर स्कूटी चालक व उसके अन्य साथियों के विरुद्ध मु०अ०सं०- 420/26 धारा 115(2)/125(b)/127(2)/281/352/351(2) bns का अभियोग पंजीकृत किया गया।

घटना की विवेचना के दौरान तथ्य प्रकाश में आए हैं कि दिनांक 03 जून 2026 को सायं के समय विशाल मेगा मार्ट की बगल वाली रोड से आने के दौरान अंकुर द्वारा वादी आजाद सिंह को टक्कर मारी गई, घटना में वादी आजाद के पैर पर चोट आई तथा अंकुर का मोबाइल फोन नीचे गिरने से टूट गया, जिस कारण दोनों का आपस में विवाद हो गया तथा अभियुक्त अंकुर द्वारा अपने साथियों को मौके पर बुलाते हुए अपने टूटे हुए फोन को सही करने की बात कहते हुए वादी आजाद सिंह को अपने साथ मंडी ले जाया गया, जहाँ अंकुर और उसके साथियों द्वारा वादी के साथ मारपीट की गई।

अब तक की विवेचना में वादी, अन्य गवाहों, डॉक्टरों के बयानों व घटनास्थल की सीसीटीवी फूटजो के अवलोकन के आधार पर अभियोग में धारा 109 बीएनएस की वृद्धि करते हुए घटना में नामजद अभियुक्त अंकुर वाल्मिकी पुत्र श्री प्रीतम वाल्मिकी निवासी न्यू बस्ती पटेल नगर देहरादून को पुलिस द्वारा गिरफतार किया गया है।

विवेचना में डॉक्टरों के बयानों व प्राप्त अन्य साक्ष्यों के आधार पर वादी को बिजली का करंट लगाने, गर्म लोहे की रोड व गुप्तांग पर पेंचकश से चोट पहुंचने के संबंध में न ही कोई साक्ष्य मिले है और न ही इसकी पुष्टि हो पाई है। घटना में शामिल अन्य अभियुक्तों के संबंध में विवेचना की जा रही है, विवेचना के दौरान यह भी तथ्य प्रकाश में आए हैं कि वादी आजाद व अभियुक्त अंकुर पूर्व से एक दूसरे के परिचित थे।

नाम पता गिरफ्तार अभियुक्त :-

अंकुर वाल्मिकी पुत्र  प्रीतम वाल्मिकी निवासी न्यू बस्ती पटेल नगर देहरादून


हलवारा की अनाज मंडी में अर्धनग्न हालत में मिला युवक का शव, सिर पर चोटों के निशान; हत्या की आशंका”

लुधियाना (हलवारा): पंजाब के लुधियाना जिले के अधीन आते हलवारा गांव में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 26 वर्षीय युवक का लहूलुहान शव गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर पक्के फड़ वाली अनाज मंडी से बरामद हुआ। मृतक की पहचान करनजोत सिंह (पुत्र अजीतपाल सिंह) के रूप में हुई है, जो लुधियाना की एक निजी कंपनी में काम करता था। शव की स्थिति और उस पर मिले गंभीर चोटों के निशान को देखते हुए परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या कर शव को मंडी में फेंकने का अंदेशा जताया है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना सुधार के प्रभारी साहिबमीत सिंह के निर्देश पर एएसआई जॉन मसीह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में घटनास्थल की परिस्थितियां बेहद संदिग्ध पाई गईं। मृतक का शव केवल अंडरगारमेंट्स में था, जबकि उसके कपड़े मंडी परिसर में अलग-अलग जगहों पर बिखरे पड़े मिले। करनजोत के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गहरे जख्म थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल लुधियाना भेज दिया है।

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, सोमवार रात करीब आठ बजे करनजोत घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने यह भी स्वीकार किया कि करनजोत पिछले कुछ समय से हेरोइन की लत से जूझ रहा था और उसका इलाज भी चल रहा था।

इस घटना ने हलवारा और आसपास के इलाकों में पैर पसार चुके ड्रग्स नेटवर्क को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले दो वर्षों के भीतर गांव के 10 से अधिक युवाओं की संदिग्ध परिस्थितियों में जान जा चुकी है।

 सरपंच सुखविंदर सिंह हलवारा और स्थानीय पंचायत ने पुलिस प्रशासन से इस मामले में तुरंत हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक पुलिस नशा तस्करों के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त नहीं करेगी, तब तक युवाओं की जिंदगी सुरक्षित नहीं की जा सकती। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।


मोदीनगर में तंज कसने पर युवक की बेरहमी से हत्या, आरोपी गिरफ्तार

गाजियाबाद: दिल्ली से सटे गाजियाबाद के मोदीनगर (पूठरी गांव) में मामूली विवाद में क्रूरता की सारी हदें पार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ सिर्फ ‘भंगजी बाबा’ कहकर मजाक उड़ाने से नाराज एक सनकी युवक ने 22 वर्षीय तरुण उर्फ नमित की दरांती से गोदकर निर्मम हत्या कर दी। आरोपी ने क्रूरता की सीमा लांघते हुए मृतक की आंखें तक फोड़ दीं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को आलाकत्ल (दरांती) और मृतक के मोबाइल के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

 डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मूल रूप से मुजफ्फरनगर के रहने वाले तरुण का शव सोमवार को गांव से 500 मीटर दूर एक गन्ने के खेत में वीभत्स हालत में मिला। तरुण रविवार शाम को टहलने निकला था और जब वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने रात में पुलिस को सूचना दी थी। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने रामवीर नाम के किसान के खेत में खून से लथपथ शव देखा, जिसके बाद हड़कंप मच गया।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी निरांचल उर्फ मंत्री (33 वर्ष) ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि शुक्रवार को तरुण और उसके दोस्तों ने उसे ‘भंगजी बाबा’ कहकर चिढ़ाया था। रविवार को जब तरुण दोबारा मिला और उसने वही शब्द दोहराया, तो आरोपी ने दरांती से उसके चेहरे, पेट, गर्दन और अंगों पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हत्या के बाद वह शव को बोरे में छिपाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन नाकाम रहने पर भाग गया। जाने से पहले उसने शव के पास संस्कृत के श्लोक भी पढ़े। पुलिस के अनुसार, आरोपी सनकी और नशेड़ी प्रवृत्ति का है जो तांत्रिक क्रियाएं भी करता है। वह उन अन्य युवकों को भी मारने की फिराक में था जिन्होंने उसका मजाक उड़ाया था।

तरुण परतापुर की एक गद्दा फैक्ट्री में काम करता था और अपने परिवार में सबसे बड़ा था। उसके पिता निर्दोष सैन मजदूरी करके घर चलाते हैं। तरुण की मौत से मां मधुबाला, भाई और दो बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में इस क्रूर हत्याकांड के बाद से दहशत और आक्रोश का माहौल है। परिवार ने हत्यारे को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।


मंगोलपुरी में सरेराह दो भाइयों पर चाकू से हमला, एक की मौत; पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल

नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके (राज पार्क थाना) से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ चार से पांच बदमाशों ने सरेआम दो सगे भाइयों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में एक भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा भाई गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 इस घटना ने दिल्ली पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और मुस्तैदी पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतक की पत्नी और घायल भाई मुकेश ने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है। ठीक एक साल पहले भी उनकी ननद और देवर (बहन और भाई) पर जानलेवा हमला हुआ था। पीड़ित परिवार का गंभीर आरोप है कि उस समय शिकायत के बावजूद पुलिस ने कोई सख्त कार्रवाई नहीं की। अगर पुलिस ने साल भर पहले ही कदम उठा लिया होता, तो आज परिवार का सदस्य जिंदा होता।

 मृतक की पत्नी ने संजय गांधी अस्पताल के प्रशासन पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जब वे लहूलुहान हालत में अपने पति को लेकर अस्पताल पहुंचीं, तो वहाँ कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था, जिससे समय पर इलाज नहीं मिल सका। फिलहाल पुलिस इलाके के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।


17 वर्षीय बेटे की हत्या के दोषी पिता को उम्रकैद, अदालत ने लगाया 10 हजार रुपये का जुर्माना

फतेहाबाद: हरियाणा के फतेहाबाद जिला अदालत ने अपने ही 17 वर्षीय इकलौते बेटे की बेरहमी से हत्या करने के दोषी पिता सरजीत सिंह को उम्रकैद (आजीवन कारावास) की सजा सुनाई है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश दीपक अग्रवाल की अदालत ने मामले की अंतिम सुनवाई करते हुए दोषी पर 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। अदालत ने अभियोजन पक्ष द्वारा पेश किए गए चश्मदीद गवाहों, मेडिकल रिपोर्ट और पुख्ता सबूतों के आधार पर आरोपी पिता को दोषी करार दिया।

यह पूरा मामला फतेहाबाद के गांव भूथन कलां का है। मृतक परमजीत सिंह की मां रोशनी देवी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। घटना के वक्त रोशनी देवी अपनी शादीशुदा बेटी के ससुराल गई हुई थीं। इसी दौरान आरोपी सरजीत सिंह शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा और किसी बात को लेकर उसका अपने बेटे परमजीत से विवाद हो गया। गुस्से में आकर कलयुगी पिता ने लकड़ी के भारी डंडे (लठ) से बेटे के सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

 जिला अटॉर्नी देवेंद्र मित्तल और सहायक जिला अटॉर्नी अरुण बंसल ने अदालत में सरकार का पक्ष रखते हुए प्रभावी पैरवी की। पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम ने मौके से जो वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए थे, वे अदालत में बेहद अहम साबित हुए। इसके अलावा पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर भिरड़ाना माइनर के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया लठ भी बरामद किया था। सभी गवाहों और सबूतों को मद्देनजर रखते हुए माननीय अदालत ने इसे गंभीर अपराध माना और दोषी को उम्रकैद की सजा सुनाई।


दिल्ली पुलिस की बड़ी कामयाबी: ‘शहजाद भट्टी नेटवर्क’ के दो मॉड्यूल ध्वस्त, पेट्रोल बम और हथियारों के साथ 6 गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़े ऑपरेशन के तहत कुख्यात ‘शहजाद भट्टी नेटवर्क’ के दो अलग-अलग मॉड्यूल्स का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दिल्ली और पंजाब के विभिन्न इलाकों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर छह संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से भारी मात्रा में अवैध पिस्तौल, जिंदा कारतूस और खतरनाक पेट्रोल बम (मोलोटोव कॉकटेल) बरामद किए गए हैं। सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने इस पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक जानकारी साझा की।

दो अलग-अलग विंग्स से चल रहा था नेटवर्क
पुलिस जांच के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी दो बेहद खतरनाक और अलग-अलग नेटवर्क के जरिए काम कर रहे थे:

पहला मॉड्यूल (आतंकी विंग): इसका सीधा संबंध आतंकी गतिविधियों और देश विरोधी साजिशों से था। यह मॉड्यूल किसी बड़ी अप्रिय घटना या हमले को अंजाम देने की फिराक में था।

दूसरा मॉड्यूल (हथियार तस्करी विंग): यह पूरी तरह से अवैध हथियारों की तस्करी (आर्म्स स्मगलिंग) में लिप्त था, जो स्थानीय अपराधियों और गैंगस्टरों को हथियारों की खेप सप्लाई करता था।

देशव्यापी कनेक्शन की जांच शुरू
शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह पूरा नेटवर्क बेहद संगठित तरीके से काम कर रहा था। पुलिस को अंदेशा है कि इस गिरोह के तार देश के कई अन्य राज्यों से भी जुड़े हुए हैं। स्पेशल सेल अब इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि इन पेट्रोल बमों और अवैध हथियारों का इस्तेमाल किस बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए किया जाना था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अन्य संभावित ठिकानों पर भी छापेमारी कर रही है।


मामा के ₹2.25 लाख हड़पने को भांजे ने रची लूट की साजिश, पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में लूट की एक कथित वारदात की जांच के दौरान पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। मसूरी थाना क्षेत्र में भांजे ने अपने मामा के 2.25 लाख रुपये हड़पने के लिए लूट की झूठी कहानी रच दी। पुलिस ने मामले का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1.67 लाख रुपये बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, युवक ने सूचना दी थी कि बाइक से लौटते समय 10 से 12 बदमाशों ने उसे रोककर नकदी लूट ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। जांच के दौरान युवक की कहानी पर संदेह तब हुआ जब फुटेज में उसके पीछे कोई संदिग्ध दिखाई नहीं दिया।

सख्ती से पूछताछ करने पर युवक टूट गया और उसने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पिलखुआ के सिद्दीकपुरा निवासी नवेद, शादाब और फुरकान के रूप में हुई है, जबकि उनका एक साथी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

जांच में सामने आया कि मसूरी निवासी स्क्रैप कारोबारी रिजवान ने अपने रिश्ते के भांजे नवेद को खिचरा स्थित साझेदार दानिश के पास से 2.25 लाख रुपये लाने के लिए भेजा था। रास्ते में रुपये हड़पने की योजना बनाई गई। जब रिजवान ने फोन किया तो नवेद अपने दोस्तों के साथ मौजूद था। सभी ने मिलकर लूट की झूठी कहानी गढ़ी और रकम आपस में बांट ली।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के पास से 1.67 लाख रुपये बरामद कर लिए हैं। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती, शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप; ट्रेनी रेंजर गिरफ्तार

इंदौर: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के आजाद नगर थाना क्षेत्र से एक हाई-प्रोफाइल दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने एक थानेदार (सब-इंस्पेक्टर) की बेटी की शिकायत पर वन विभाग के ट्रेनी रेंजर अजय सोलंकी को गिरफ्तार किया है। आरोपी और पीड़िता की मुलाकात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम (Instagram) के जरिए हुई थी, जिसके बाद शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का यह खेल शुरू हुआ। खास बात यह है कि आरोपी अजय सोलंकी की बहन भी पुलिस विभाग में एक उच्च पदस्थ अधिकारी हैं।

 आजाद नगर थाना प्रभारी लोकेश सिंह भदौरिया ने बताया कि २६ वर्षीय पीड़िता इंदौर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। कुछ समय पहले उसकी दोस्ती इंस्टाग्राम पर जुलवानिया निवासी ट्रेनी रेंजर अजय सोलंकी से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों में नजदीकियां बढ़ीं और वे भंवरकुआं और मूसाखेड़ी क्षेत्र के अलग-अलग होटलों में मिलने लगे। आरोपी अजय ने पीड़िता के सामने प्रेम प्रस्ताव रखा और शादी का पक्का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। आरोप यह भी है कि पीड़िता ने इस दौरान आरोपी को ४० हजार रुपये की आर्थिक मदद भी दी थी।

कुछ समय बाद जब अजय सोलंकी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया, तो पीड़िता ने अपनी बहन और पिता के साथ आजाद नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जब आरोपी अजय को थाने बुलाकर एफआईआर (FIR) दर्ज होने की बात कही, तो कानूनी कार्रवाई के डर से अजय और उसके पिता शादी के लिए तैयार हो गए। पीड़िता की बड़ी बहन और पिता ने भी उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन पीड़िता आरोपी के इस धोखे के बाद केस दर्ज कराने पर अड़ गई और शादी के प्रस्ताव को सिरे से ठुकरा दिया।

महिला पुलिस अधिकारियों द्वारा पीड़िता के बयान दर्ज करने के बाद आरोपी ट्रेनी रेंजर को गिरफ्तार कर लिया गया। रविवार को आरोपी को स्थानीय कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे के साक्ष्य जुटा रही है।


ऑपरेशन प्रहार: बठिंडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 12 घंटे में 90 वांछित आरोपी गिरफ्तार

बठिंडा: पंजाब में अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बठिंडा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पंजाब पुलिस के महानिदेशक (DGP) और बठिंडा रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) के निर्देशों पर चलाए गए ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस ने महज १२ घंटों के भीतर ९० वांछित (Wanted) अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस व्यापक कार्रवाई से पूरे जिले के अपराधियों और तस्करों में हड़कंप मच गया है।

 बठिंडा की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. ज्योति यादव ने बताया कि कानून व्यवस्था को चाक-चौबंद करने और नशे के नेटवर्क को ध्वस्त करने के उद्देश्य से यह अभियान रविवार तड़के ३ बजे शुरू किया गया था। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने योजनाबद्ध तरीके से एक साथ छापेमारी की। लगातार १२ घंटे चली इस कार्रवाई में कई संगीन मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे ९० आरोपियों को दबोचा गया।

एसएसपी डॉ. ज्योति यादव ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के आंकड़ों को साझा करते हुए बताया कि इस अभियान के अब तक १३ चरण पूरे किए जा चुके हैं, जिसके तहत कुल ९५० से अधिक अपराधियों को जेल भेजा जा चुका है। इनमें १७४ घोषित अपराधी (PO) और ४०० से अधिक गंभीर मामलों के आरोपी शामिल हैं।

इसके साथ ही, बठिंडा पुलिस ने ड्रग तस्करों पर भी चौतरफा प्रहार किया है। मादक पदार्थ निरोधक कानून (NDPS Act) के तहत अब तक १,०३0 से अधिक मामले दर्ज कर १,३०० से ज्यादा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन कार्रवाइयों के दौरान पुलिस ने लगभग १३ किलोग्राम हेरोइन (स्मैक) और १३ लाख रुपये से अधिक की ‘ड्रग मनी’ भी जब्त की है। पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि संगठित अपराध और नशे के पूरे सिंडिकेट को तोड़ने के लिए भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे। साथ ही पुलिस ने आम जनता से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत साझा करने की अपील की है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp