Tuesday, November 17, 2026
3:36 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

जूडियो फ्रेंचाइजी के नाम पर 39.53 लाख की साइबर ठगी, बैंक खाते सप्लाई करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Category Archives: क्राइम

जूडियो फ्रेंचाइजी के नाम पर 39.53 लाख की साइबर ठगी, बैंक खाते सप्लाई करने वाला आरोपी गिरफ्तार

 दिल्ली। जूडियो की फ्रेंचाइजी दिलाने का झांसा देकर 39.53 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में शाहदरा साइबर थाना पुलिस ने एक आरोपी को बिहार के शेखपुरा से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मोहसिमपुर गांव निवासी 23 वर्षीय सोनू चौधरी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, सोनू साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराने का काम करता था और अब तक 100 से अधिक खाते मुहैया कराने की बात सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, गांधी नगर निवासी सुशांत जैन जूडियो की फ्रेंचाइजी लेने के लिए इंटरनेट पर जानकारी तलाश रहे थे। इसी दौरान वह एक ऐसी फर्जी वेबसाइट के संपर्क में आए, जो देखने में ट्रेंट-टाटा और जूडियो की आधिकारिक वेबसाइट जैसी लग रही थी। इसके बाद राजेश नाम के व्यक्ति ने खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताकर उनसे संपर्क किया।

आरोपितों ने फ्रेंचाइजी की प्रक्रिया, फीस और अन्य शुल्क के नाम पर पीड़ित से अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा कराई। भरोसे में आकर सुशांत जैन ने अपने और अपने पिता के खातों से कुल 39.53 लाख रुपये आरोपितों द्वारा बताए गए खातों में ट्रांसफर कर दिए।

ठगी की शिकायत मिलने के बाद साइबर शाहदरा थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने रकम के लेनदेन और जिन खातों में पैसा पहुंचा, उनकी जांच की। इसी दौरान सोनू चौधरी की भूमिका सामने आई। तकनीकी निगरानी, मोबाइल नंबरों की पड़ताल और डिजिटल फुटप्रिंट के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की।

एसएचओ इंस्पेक्टर विजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बिहार में स्थानीय स्तर पर सत्यापन और निगरानी की। इसके बाद आरोपी को 12 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि सोनू अपने संपर्कों के माध्यम से अलग-अलग लोगों के बैंक खाते हासिल करता था और उन्हें साइबर ठगों को रकम लेकर उपलब्ध कराता था। इन खातों का इस्तेमाल ठगी की रकम जमा करने, दूसरे खातों में ट्रांसफर करने और रकम को निकालने के लिए किया जाता था।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने पश्चिम बंगाल के नदिया और उत्तर 24 परगना समेत अन्य क्षेत्रों में संपर्कों के जरिए 100 से ज्यादा बैंक खाते जुटाए थे। पुलिस ने उसके पास से तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनमें बैंक खातों की खरीद-फरोख्त से जुड़ी चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिले हैं।

पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों, बैंक खातों के वास्तविक लाभार्थियों और 39.53 लाख रुपये की ठगी की रकम के पूरे लेनदेन की जानकारी जुटाने में लगी है।


मुंगेर सदर अस्पताल में महिला डॉक्टर पर पति ने किया हमला, आंखों में स्प्रे डालने का आरोप

मुंगेर। सदर अस्पताल परिसर में बुधवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक महिला चिकित्सक ने अपने पति पर मारपीट और दुर्व्यवहार का आरोप लगाया। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. निधि का आरोप है कि उनके पति डॉ. कृष्ण गोपाल अस्पताल पहुंचे और उनके साथ मारपीट करने के बाद आंखों और चेहरे पर स्प्रे कर दिया। घटना के बाद अस्पताल के सुरक्षा कर्मियों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

डॉ. निधि ने कोतवाली थाने में दिए आवेदन में बताया कि वह सदर अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ के पद पर तैनात हैं। बुधवार सुबह उनके पति डॉ. कृष्ण गोपाल अस्पताल परिसर पहुंचे और कथित तौर पर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उन्होंने जूते से चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों पर हमला किया। इसके बाद आंखों और चेहरे पर स्प्रे कर दिया, जिससे उनकी दोनों आंखों में तेज जलन और परेशानी होने लगी।

महिला डॉक्टर के शोर मचाने पर अस्पताल में तैनात सुरक्षा गार्ड मौके पर पहुंचे। उन्होंने हस्तक्षेप कर आरोपी को पकड़ लिया और घटना की सूचना डायल 112 पर दी। कुछ ही देर में पुलिस अस्पताल पहुंची और डॉ. कृष्ण गोपाल को अपने साथ कोतवाली थाना ले गई। आरोपी पति जेएलएनएमसीएच में चिकित्सक के पद पर कार्यरत बताए जा रहे हैं।

डॉ. निधि के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच पहले से न्यायालय में मामला चल रहा है। घटना के बाद उन्होंने अस्पताल में उपचार कराया और पति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल घटना के कारणों और आरोपों की विस्तृत जांच की जा रही है।


दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स और हथियार तस्करी नेटवर्क का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने ड्रग्स तस्करी और हथियारों की सप्लाई से जुड़े एक अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि भारत से कूरियर के जरिए अफीम कनाडा भेजी जाती थी और इसके बदले पाकिस्तान सीमा के रास्ते ड्रोन के माध्यम से पंजाब में हथियार पहुंचाए जाते थे। जांच एजेंसियों के मुताबिक, इस नेटवर्क का संबंध खालिस्तानी आतंकी संगठन खालिस्तान टाइगर फोर्स (KTF) की गतिविधियों के लिए फंडिंग और हथियार जुटाने से था।

पुलिस के अनुसार, इस पूरे नेटवर्क को नामित खालिस्तानी आतंकी अर्शदीप सिंह गिल उर्फ अर्श डाला के इशारे पर संचालित किया जा रहा था। क्राइम ब्रांच के विशेष पुलिस आयुक्त एचजीएस धालीवाल ने बताया कि गिरोह का मुख्य उद्देश्य आतंकी गतिविधियों के लिए आर्थिक मदद और हथियार उपलब्ध कराना था।

करीब एक महीने तक चली कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सिमरनजीत सिंह, हरदीप सिंह, यादविंदर सिंह उर्फ जशन संधू और जीवन सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और उनसे जुड़े ठिकानों से 5.8 किलोग्राम से अधिक अफीम बरामद की गई है।

जांच में पता चला कि आरोपी पश्चिमी दिल्ली के मोती नगर स्थित एक कूरियर कंपनी के माध्यम से कनाडा पार्सल भेजते थे। अफीम को कपड़ों और खाद्य सामग्री के डिब्बों में छिपाया जाता था। तस्कर सिल्वर फॉयल की मदद से पैकेट के अंदर अलग से जगह बनाकर उसमें नशीला पदार्थ रखते थे, ताकि सामान्य सामान की आड़ में उसे विदेश भेजा जा सके।

पार्सल की बुकिंग के दौरान फर्जी केवाईसी और गलत पते का इस्तेमाल किया जाता था। पुलिस ने कूरियर से जुड़ी पूरी चेन की जांच करते हुए पंजाब, हरियाणा और राजस्थान तक कार्रवाई का दायरा बढ़ाया और नेटवर्क से जुड़े लोगों को गिरफ्तार किया।

पुलिस जांच के मुताबिक, भारत से कनाडा भेजी जाने वाली अफीम से होने वाली कमाई का इस्तेमाल हथियारों की खरीद और आतंकी गतिविधियों के लिए किया जाता था। पाकिस्तान सीमा से ड्रोन के जरिए हथियार पंजाब में गिराए जाने की बात भी जांच में सामने आई है।

अफीम की कीमत में भारत और कनाडा के बीच बड़ा अंतर होने के कारण तस्करों को भारी मुनाफा मिलता था। पुलिस के मुताबिक, भारत में करीब 1.5 लाख रुपये प्रति किलोग्राम की कीमत पर खरीदी गई अफीम कनाडा में कई गुना अधिक कीमत पर बेची जाती थी।

क्राइम ब्रांच ने एनक्रिप्टेड मैसेजिंग एप सिग्नल और कनाडाई व्हाट्सऐप नंबरों की गतिविधियों का विश्लेषण कर नेटवर्क की कड़ियों का पता लगाया। फिलहाल पुलिस पूरे सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों और हथियारों की सप्लाई के नेटवर्क की जांच कर रही है।


गुरुग्राम में 33 वर्षीय युवक की नुकीली चीज से हत्या, दोस्तों पर आरोप; जांच तेज

गुरुग्राम। उद्योग विहार थाना क्षेत्र में 33 वर्षीय युवक की नुकीली वस्तु से हमला कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। सोमवार शाम उसका शव ओल्ड दिल्ली रोड स्थित पार्क अस्पताल के पास लहूलुहान हालत में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और मंगलवार को परिजनों को सौंप दिया। मामले में हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

मृतक की पहचान डूंडाहेड़ा गांव निवासी हरिजीत कुमार के रूप में हुई है। वह अपने परिवार के साथ रहता था और अविवाहित था। पुलिस के मुताबिक, हरिजीत नशे का आदी था और फिलहाल कोई काम नहीं करता था। परिवार ने उसे नशे की लत से बाहर निकालने के लिए कई बार दिल्ली स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था। करीब छह महीने पहले वह इलाज के बाद घर लौटा था, लेकिन दोबारा नशे की संगत में पड़ गया।

परिजनों के अनुसार, सोमवार सुबह हरिजीत ने बताया था कि वह अपने दोस्तों हरकेश, मोनू नेपाली और अन्य लोगों के साथ बाहर जा रहा है। इसके बाद वह घर से निकल गया। शाम को परिवार को उसके शव के पार्क अस्पताल के पास पड़े होने की जानकारी मिली। राहगीरों से सूचना मिलने के बाद उद्योग विहार थाना पुलिस के साथ एफएसएल और सीन ऑफ क्राइम की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हरिजीत के शरीर पर नुकीली वस्तु से कई वार किए गए थे। परिजनों ने उसके दोस्तों पर ही हत्या करने और शव को वहां फेंकने का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि नशे को लेकर हरिजीत का दोस्तों के साथ अक्सर विवाद होता था।

उद्योग विहार थाना पुलिस ने आरोपितों की तलाश के लिए टीमें गठित की हैं। कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर जल्द ही हत्या की पूरी घटना का खुलासा किया जाएगा।


हरदोई में शाम से लापता सात वर्षीय बालक का तालाब में मिला शव, डूबने से मौत

हरदोई। टड़ियावां थाना क्षेत्र के जयराजपुर गांव में सोमवार शाम से लापता सात वर्षीय बालक का शव मंगलवार सुबह गांव के बाहर स्थित तालाब से बरामद हुआ। शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बालक की हत्या कर शव तालाब में फेंके जाने की आशंका जताते हुए गांव के एक व्यक्ति पर आरोप लगाया। हालांकि पुलिस की प्रारंभिक जांच में पैर फिसलने के बाद तालाब में डूबने से मौत की बात सामने आई है।

जयराजपुर निवासी विनय का सात वर्षीय बेटा शिवा गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा एक में पढ़ता था। परिजनों के मुताबिक, सोमवार शाम शिवा पड़ोस के एक बच्चे के साथ खेलने के लिए घर से निकला था। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। साथ गए बच्चे से भी शिवा के बारे में जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी।

मंगलवार सुबह परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान गांव के बाहर बाग में स्थित तालाब में शिवा का शव पड़ा मिला। परिजनों ने शव पर कुछ चोट के निशान होने की बात कहते हुए हत्या की आशंका जताई और एक व्यक्ति पर आरोप लगाया। हालांकि परिवार ने किसी पुरानी रंजिश से इनकार किया है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से आवश्यक नमूने और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बालक की मौत डूबने से होने की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट में किसी चोट का उल्लेख नहीं किया गया है। थाना प्रभारी इख्तियार हुसैन ने बताया कि प्रथम दृष्टया पैर फिसलने के कारण बालक के तालाब में गिरने और डूबने से मौत होने की आशंका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


ऊखीमठ पुलिस ने अवैध शराब के साथ दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, 31 बोतल बरामद

रुद्रप्रयाग। शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली ऊखीमठ पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 31 बोतल अवैध शराब बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक रौकाया पुत्र सर्जन रौकाया और गंग बिष्ट पुत्र हीरालाल बिष्ट के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से कालिकोट, नेपाल के रहने वाले हैं और वर्तमान में सोनप्रयाग के लाल बाजार क्षेत्र में रह रहे थे। तलाशी के दौरान दीपक के पास से 16 बोतल और गंग बिष्ट के कब्जे से 15 बोतल अवैध शराब बरामद हुई।

एसपी रुद्रप्रयाग के निर्देशन में जिले में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में ऊखीमठ पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान दोनों आरोपियों को पकड़ा।

पुलिस ने दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह पुजारा, आरक्षी पूरन और आरक्षी राकेश नेगी शामिल रहे।


पटेलनगर होटल से कॉपर वायर चोरी का खुलासा, नशे की लत पूरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में होटल से एसी की कॉपर वायर चोरी करने के मामले का दून पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 60 मीटर कॉपर वायर बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त को प्रभुदयाल निवासी इको दून होटल, पटेलनगर ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि होटल में लगे एसी की कॉपर तार अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

घटना के खुलासे के लिए पटेलनगर पुलिस ने होटल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने 24 अगस्त को चक्की टोला जाने वाले रास्ते पर चेकिंग के दौरान तीन युवकों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ललित साहनी उर्फ लाल बुआ (18), विवेक साहनी उर्फ मार्टिन (19) और वंश यादव (19) के रूप में हुई है। तीनों वर्तमान में न्यू पटेलनगर, देहरादून में रह रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई 60 मीटर कॉपर वायर बरामद की।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उन्होंने चोरी की थी। आरोपी चोरी की गई कॉपर वायर को बेचने की तैयारी में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, विवेक साहनी के पूर्व में भी चोरी के एक मामले में जेल जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड के संबंध में अन्य जानकारी जुटा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक ओमवीर सिंह, कांस्टेबल राजदीप मलिक और कांस्टेबल हरीश नेगी शामिल रहे।


कौशांबी में युवक की गला रेतकर हत्या, खेत में मिला शव; जांच में जुटी पुलिस

कौशांबी। मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के समदा गांव में सोमवार रात एक युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह खेत में शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान समदा गांव निवासी 40 वर्षीय शकील अहमद पुत्र इबले हसन के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, शकील सोमवार को छोटे भाई के लिए दवा लेने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। मंगलवार सुबह खेत में शव पड़े होने की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे।

शकील के गले पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के निशान मिले हैं। हत्या की सूचना मिलते ही मंझनपुर कोतवाली के इंस्पेक्टर विनीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वाड को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई।

पुलिस के अनुसार, हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। मृतक के परिजनों ने फिलहाल पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है। सीओ सिटी सौरभ सामंत ने बताया कि हत्या के कारण और आरोपितों का पता लगाने के लिए कई पहलुओं पर जांच की जा रही है। परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।


अमृतसर में घर पर ग्रेनेड फेंकने के मामले में दो गिरफ्तार, गैंगस्टर के इशारे पर वारदात का आरोप

अमृतसर। पंजाब के अमृतसर स्थित गांव जट्टा पासिया में दलजीत सिंह के घर पर ग्रेनेड फेंकने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों ने विदेश में बैठे गैंगस्टर हैपी पासिया के कथित निर्देश पर वारदात को अंजाम दिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरदासपुर जिले के डेरा बाबा नानक क्षेत्र के गांव गाजीनंगल निवासी जगरूप सिंह और गांव कोटली सूरत निवासी विश्व प्रीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी बाइक से पहुंचे थे और उन्होंने दलजीत सिंह के घर पर दो ग्रेनेड फेंके थे।

पुलिस जांच में वारदात के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि ग्रेनेड हमले से दो दिन पहले दलजीत सिंह ने विदेश में रह रहे गैंगस्टर हैपी पासिया की मां के घर के बाहर कथित तौर पर हवाई फायरिंग की थी। पुलिस को आशंका है कि इसी घटना का बदला लेने के लिए दलजीत के घर को निशाना बनाया गया।

दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उनसे पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपियों तक ग्रेनेड कैसे पहुंचे और इस साजिश में स्थानीय स्तर पर कौन-कौन लोग मददगार रहे। इसके अलावा विदेश में बैठे कथित गैंगस्टर और आरोपियों के बीच संपर्क के माध्यम की भी जांच की जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चाहल की ओर से जल्द प्रेस कॉन्फ्रेंस किए जाने की बात सामने आई है। इसमें पुलिस कार्रवाई और जांच से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा किया जा सकता है।


जमशेदपुर में जेल से छूटे अपराधी की हत्या, चबूतरे पर मिला शव; गला दबाने की आशंका

जमशेदपुर। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर में मंगलवार सुबह जेल से हाल ही में बाहर आए चंदन गिरी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। उसका शव एक चबूतरे पर पड़ा मिला। शरीर पर मिले परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है।

स्थानीय लोगों ने सुबह चबूतरे पर शव पड़ा देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी आनंद मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।

पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका है कि चंदन की हत्या किसी अन्य स्थान पर करने के बाद शव को छायानगर लाकर फेंका गया। हत्या की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस पुरानी रंजिश और आपराधिक संपर्कों समेत विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

चंदन गिरी सीतारामडेरा के होमपाइप इलाके का रहने वाला था और उसका आपराधिक इतिहास बताया जा रहा है। वह कई बार जेल जा चुका था और कुछ समय पहले ही बाहर आया था। बताया गया है कि उसने हाल ही में छायानगर की एक युवती से प्रेम विवाह भी किया था। पुलिस उसके निजी विवादों को भी जांच के दायरे में रख रही है।

थाना प्रभारी आनंद मिश्रा के अनुसार, युवक की हत्या की गई है। हत्यारों की पहचान और वारदात के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच शुरू कर दी है। टीम यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चंदन को आखिरी बार किसके साथ और कहां देखा गया था। साथ ही शव को छायानगर तक लाने वालों की पहचान के लिए फुटेज और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि सीसीटीवी से मामले में अहम सुराग मिल सकते हैं।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp