Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

देहरादून में देर रात लूट के बाद पुलिस-मुठभेड़, एक बदमाश ढेर, थाना प्रभारी घायल

Category Archives: क्राइम

देहरादून में देर रात लूट के बाद पुलिस-मुठभेड़, एक बदमाश ढेर, थाना प्रभारी घायल

देहरादून में देर रात लूट से मचा हड़कंप, पुलिस एनकाउंटर में एक बदमाश ढेर, थाना प्रभारी घायल

देहरादून। शहर के प्रेमनगर क्षेत्र में बीती देर रात लूट की सनसनीखेज घटना के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश मारा गया, जबकि थाना प्रभारी प्रेमनगर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे जिले में अलर्ट जारी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस कंट्रोल रूम को देर रात सूचना मिली कि अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति के साथ लूटपाट की और उसे गोली मार दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रेमनगर नरेश राठौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे, जहां घायल अवस्था में मिले व्यक्ति ने अपना नाम देवराज बताया। उसने पुलिस को बताया कि काले रंग की गुजरात नंबर की कार में सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर उससे करीब दो लाख रुपये, मोबाइल फोन, हिसाब-किताब की डायरी, आईडी और अन्य दस्तावेज लूट लिए और विरोध करने पर गोली मारकर फरार हो गए।

घायल को प्राथमिक उपचार दिलाने के बाद पुलिस टीम बदमाशों के बताए गए दिशा में पीछा करने निकली। कुछ दूरी पर जंगल क्षेत्र में संदिग्ध कार दिखाई दी। पुलिस के पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और गाड़ी छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की।

मुठभेड़ के दौरान एक गोली थाना प्रभारी नरेश राठौर को लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश भी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

घायल थाना प्रभारी, पीड़ित देवराज और घायल बदमाश को तत्काल प्रेमनगर अस्पताल ले जाया गया, जहां से तीनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान घायल बदमाश की मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी देहरादून और एसपी सिटी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पूरे जिले में नाकाबंदी कर दी गई है तथा सभी सीमाओं पर कड़ी निगरानी और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। फरार बदमाशों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू पर जांच की जा रही है और जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


घरेलू विवाद बना खूनखराबा: दामाद ने ससुर और साले को गोली मारकर उतारा मौत के घाट

सुनाम- संगरूर के दिड़बा इलाके से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गांव शादीहरी में एक दामाद ने अपने ससुर और साले की गोली मारकर हत्या कर दी, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

मिली जानकारी के अनुसार, गुरविंदर सिंह का अपनी पत्नी वीरपाल कौर के साथ लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। विवाद को सुलझाने के लिए वीरपाल कौर के पिता लखबीर सिंह और भाई जगसीर सिंह, जो पटियाला के रहने वाले थे, गांव शादीहरी पहुंचे थे।

घर में बातचीत के दौरान मामला सुलझने की बजाय और बिगड़ गया। बहस के बीच गुरविंदर सिंह ने गुस्से में आकर घर में रखी बंदूक से ससुर और साले पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेर लिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच पंजाब पुलिस द्वारा की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। इस घटना के बाद गांव में भय और शोक का माहौल बना हुआ है।


निलंबन से परेशान एएसआई ने तीसरी मंजिल से कूदकर दी जान

दिल्ली- दिल्ली में एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां नगर निगम के असिस्टेंट सेनेटरी इंस्पेक्टर (एएसआई) ने तीसरी मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। मृतक की पहचान 58 वर्षीय राजकुमार सोलंकी के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि राजकुमार सोलंकी को करीब तीन महीने पहले ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया था। तब से वह लगातार अधिकारियों के चक्कर लगाकर बहाली की कोशिश कर रहे थे। बुधवार को भी उन्होंने कई अधिकारियों से मुलाकात की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।

निराश होकर उन्होंने निगम कार्यालय की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। घटना के बाद कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर कर्मचारियों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद काफी देर तक घायल को अस्पताल नहीं ले जाया गया। फिलहाल पुलिस परिजनों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।

अधिकारियों के अनुसार, राजकुमार सोलंकी उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सबोली गांव में अपने परिवार के साथ रहते थे। उनके परिवार में पत्नी और एक बेटा है। वह निगम के डेम्स विभाग में तैनात थे और उनकी पोस्टिंग सुंदर नगरी वार्ड में थी।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह आत्महत्या का मामला है या किसी अन्य कारण से हुआ हादसा। इस घटना के बाद निगम कर्मचारियों में शोक और हैरानी का माहौल है।


हत्या के आरोपी सूरज उर्फ काना को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद किया गिरफ्तार

नई दिल्ली- दिल्ली के प्रेमबाड़ी पुल के पास गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब दिल्ली पुलिस और एक वांछित बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान सूरज उर्फ काना के रूप में हुई है, जो हत्या के एक गंभीर मामले में फरार चल रहा था। लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने प्रेमबाड़ी पुल के पास जाल बिछाया था।

जैसे ही आरोपी अपनी स्कूटी से वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की। खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। एक गोली पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट को छूते हुए निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गया।

इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की और बदमाश के पैर में गोली मार दी। घायल होने के बाद आरोपी मौके पर ही गिर पड़ा, जिसे तुरंत काबू कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध हथियार भी बरामद हुआ।

घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के बाद कई अन्य मामलों का खुलासा हो सकता है।


2020 के हत्या मामले में बड़ा फैसला, तीनों आरोपियों को मिली आजीवन कारावास की सजा

बिहार। बाढ़ व्यवहार न्यायालय ने हत्या के एक बहुचर्चित मामले में कड़ा फैसला सुनाते हुए तीन आरोपियों को दोषी ठहराया है। अदालत ने सभी दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाने के साथ-साथ प्रत्येक पर 50-50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। इस फैसले को पीड़ित परिवार के लिए बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है।

अभियोजन पक्ष के अनुसार, यह घटना 7 जून 2020 को भदौर थाना क्षेत्र के चकजलाल गांव में हुई थी। गांव निवासी धर्मवीर प्रसाद पर आरोपियों ने चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी थी। हमले के दौरान जब उनकी पत्नी रीना देवी और पुत्र बचाव के लिए आगे आए, तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना के बाद मृतक की पत्नी के बयान पर भदौर थाने में मामला दर्ज किया गया, जिसमें पंकज कुमार उर्फ पंकज सिंह, प्रमाम किशोर उर्फ श्याम किशोर महतो और वसंती देवी उर्फ प्रेमलता देवी को आरोपी बनाया गया था। पुलिस ने जांच के बाद आरोपपत्र दाखिल कर मामले को अदालत में प्रस्तुत किया।

सत्र वाद संख्या 369/21 के तहत चले इस मामले में अदालत ने गवाहों के बयान और साक्ष्यों का गहन परीक्षण किया। सुनवाई पूरी होने के बाद न्यायाधीश ने तीनों आरोपियों को हत्या का दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई और जुर्माना भी लगाया। फैसले के बाद दोषियों को तुरंत न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।


पानीपत हत्याकांड: पति का शव देख बेसुध हुई पत्नी, आरोपी की तलाश तेज

पानीपत –  बापौली थाना क्षेत्र के बिहौली गांव में युवक रणजीत की हत्या के बाद परिवार में मातम पसरा है। वारदात के तीन दिन बाद मृतक की पत्नी और बच्चे बिहार के पूर्णिया से पानीपत पहुंचे। जिला अस्पताल में पति का शव देखते ही पत्नी बेसुध हो गई, जिसे परिजनों ने संभाला।

पुलिस के मुताबिक रणजीत की हत्या उसके साथी विनोद पर की गई है, जो घटना के बाद पत्नी और बच्चों के साथ फरार हो गया। जांच के दौरान बापौली के पास एक पेट्रोल पंप के सीसीटीवी में आरोपी साइकिल पर जाते हुए दिखाई दिया है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है।

मृतक की पत्नी ने कहा कि विनोद के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। वहीं पुलिस ने शव की शिनाख्त कराकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की और मामले की जांच तेज कर दी है।

बताया जा रहा है कि रणजीत बिहौली गांव में खेत पर रहकर काम करता था। हत्या के बाद खेत में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। अब पुलिस आरोपी और उसके साथियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।


20 रुपये के किराए पर खूनी हमला, ऑटो चालक पर चाकू और बेल्ट से वार

 हरियाणा- सोनीपत के कुंडली थाना क्षेत्र में मामूली किराए के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। महज 20 रुपये के ऑटो किराए को लेकर दो युवकों ने चालक पर चाकू और बेल्ट से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के मुताबिक गांव कवाली निवासी अनिल सोमवार को कुंडली बॉर्डर से सवारियां लेकर सोनीपत की ओर जा रहा था। नाथूपुर के पास सवारियों को उतारने के बाद जब उसने किराया मांगा, तो दो युवक भड़क गए और विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया और आरोपियों ने चालक पर हमला कर दिया।

हमले में घायल अनिल किसी तरह खुद अस्पताल पहुंचा, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में किराए के मामूली विवाद को हमले की वजह माना जा रहा है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।


गुरुग्राम के कई निजी स्कूलों को बम धमकी वाले ई-मेल, मचा हड़कंप

गुरुग्राम – गुरुग्राम में बुधवार सुबह कई प्रमुख निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल मिलने के बाद हड़कंप मच गया। धमकी की सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन, अभिभावकों और पुलिस महकमे में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एहतियातन कई स्कूलों को खाली कराया गया और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तत्काल कदम उठाए गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड को मौके पर तैनात किया गया। टीमों ने स्कूल परिसरों की गहन तलाशी शुरू कर दी। फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं।

साइबर पुलिस धमकी भरे ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। ईमेल आईडी और भेजने वालों की पहचान के लिए तकनीकी जांच तेज कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की गई है।

लगातार मिल रही ऐसी धमकियों के बीच गुरुग्राम में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है।


पटियाला के निजी स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल मिलने से मचा हड़कंप

पंजाब –  पटियाला में एक निजी स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। स्कूल प्रशासन को ईमेल के जरिए मिली धमकी के बाद एहतियातन स्कूल खाली कराया गया और बच्चों को सुरक्षित घर भेज दिया गया। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गई हैं।

धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। स्कूल परिसर और आसपास के इलाके में गहन तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन धमकी को गंभीरता से लेते हुए हर एंगल से जांच की जा रही है। साथ ही धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर सेल को भी जांच में लगाया गया है।

हाल ही में शंभू के पास रेलवे ट्रैक पर हुए धमाके के बाद इस धमकी ने सुरक्षा चिंताओं को और बढ़ा दिया है। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और लोगों से अफवाहों से बचने की अपील की है।


शक में कत्ल: पत्नी के कथित प्रेमी की पति ने की हत्या, हत्या के बाद आरोपी ने किया सरेंडर

 नई दिल्ली- दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में रिश्तों के शक ने खूनी रूप ले लिया। एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के कथित प्रेमी समझे जाने वाले किरायेदार की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और पुलिस के सामने अपना गुनाह कबूल कर लिया।

पुलिस के मुताबिक इंदिरा कॉलोनी निवासी वीरेंद्र ने मंगलवार शाम खुद सूचना दी कि उसने अपने किरायेदार कन्हैया की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां झुग्गी के अंदर कन्हैया का शव बिस्तर पर पड़ा मिला। उसके गले पर गहरे वार और शरीर पर चाकू के कई निशान पाए गए। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी को पत्नी और किरायेदार के बीच संबंधों को लेकर शक था। इसी शक के चलते उसने कथित तौर पर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की जांच जारी है।

घटनास्थल से एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं, जबकि सीसीटीवी फुटेज में भी आरोपी की मौजूदगी की पुष्टि हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम के हर पहलू की जांच कर रही है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp