Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

आजमगढ़ में पत्नी की हत्या कर फरार हुआ पति, घर में मिला शव

Category Archives: क्राइम

आजमगढ़ में पत्नी की हत्या कर फरार हुआ पति, घर में मिला शव

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक युवक ने कथित रूप से अपनी पत्नी की हत्या कर दी और शव को घर के अंदर छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, रसीदगंज चौकी अंतर्गत ग्राम रानीपुर के मिल्कीपट्टी गांव निवासी अर्जुन बनवासी पर आरोप है कि उसने अपनी 22 वर्षीय पत्नी चिंता देवी की बीती रात बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने शव को चारपाई पर कंबल से ढककर कमरे का दरवाजा बंद कर दिया और मौके से फरार हो गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय घर से विवाद और मारपीट की आवाजें आ रही थीं, लेकिन किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया। बताया जा रहा है कि आरोपी उस समय नशे में था और उसी दौरान यह वारदात हुई।

सुबह जब घटना की जानकारी ग्राम प्रधान के माध्यम से पुलिस को मिली, तो तुरंत पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी की यह दूसरी शादी थी। पुलिस अधिकारी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी पति की तलाश जारी है।

घटना के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में भी माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।


दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन: अंतरराज्यीय कार चोरी गिरोह का भंडाफोड़, 31 लग्जरी गाड़ियां बरामद

नई दिल्ली- दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस ऑपरेशन में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके कब्जे से 31 लग्जरी गाड़ियां बरामद की गई हैं।

पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह खासतौर पर महंगी गाड़ियों को निशाना बनाता था और मांग के अनुसार चोरी करता था। चोरी के बाद वाहनों के चेसिस नंबर में बदलाव कर दिए जाते थे और फर्जी दस्तावेजों के जरिए उन्हें दोबारा रजिस्टर कर पूरे देश में बेच दिया जाता था।

क्राइम ब्रांच के डीसीपी आदित्य गौतम ने बताया कि यह कार्रवाई इंटर-स्टेट सेल की टीम ने की है। टीम में सब-इंस्पेक्टर राजेंद्र ढाका, एएसआई प्रवीण और हेड कांस्टेबल मोनित की अहम भूमिका रही। उनकी मेहनत से गिरोह का नेटवर्क उजागर हुआ और बड़ी संख्या में चोरी की गाड़ियां बरामद की जा सकीं।

बरामद वाहनों में टोयोटा फॉर्च्यूनर, इनोवा, महिंद्रा थार और स्कॉर्पियो जैसी महंगी एसयूवी शामिल हैं। इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों में बिलासपुर लाइसेंसिंग अथॉरिटी का एक कर्मचारी भी शामिल है, जो फर्जी दस्तावेज तैयार करने में मदद करता था।

पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है, ताकि इस पूरे रैकेट को पूरी तरह खत्म किया जा सके।


जालंधर में जिम के अंदर महिला ट्रेनर से छेड़छाड़, रिसोर्ट मालिक गिरफ्तार

जालंधर- पंजाब के जालंधर में महिला सुरक्षा से जुड़ा एक मामला सामने आया है, जहां 66 फुटी रोड स्थित एक रिसोर्ट के मालिक को जिम में महिला ट्रेनर के साथ कथित छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान हनी रंधावा के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 8 बजे की है जब आरोपी जिम पहुंचा। आरोप है कि उसने अचानक पीछे से महिला ट्रेनर को पकड़ लिया। पीड़िता द्वारा विरोध करने पर भी आरोपी नहीं रुका और उसके साथ अशोभनीय हरकतें कीं। इस दौरान जिम में मौजूद अन्य लोगों में हड़कंप मच गया।

घटना के बाद पीड़िता ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को जिम से ही हिरासत में ले लिया। बाद में महिला से छेड़छाड़ से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद शहर में एक बार फिर महिला सुरक्षा को लेकर चिंता जताई जा रही है।


रोहतक में दिनदहाड़े लूट, टेंपो चालक की आंखों में मिर्ची डालकर 4.39 लाख रुपये छीने

रोहतक रोहतक के सोनीपत रोड पर हुमायूंपुर गांव के पास दिनदहाड़े लूट की वारदात सामने आई है। बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक टेंपो चालक को निशाना बनाते हुए उसकी आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर करीब 4.39 लाख रुपये लूट लिए और फरार हो गए।

श्याम कॉलोनी निवासी चालक आकाश नाथ ने आईएमटी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उसने पुलिस को बताया कि वह हिसार रोड स्थित लक्ष्मी सेल्स कॉरपोरेशन में ड्राइवर के तौर पर काम करता है। शुक्रवार को वह टेंपो में करियाना का सामान लेकर सोनीपत गया था और वहां विभिन्न स्थानों पर माल सप्लाई किया।

बैंकों की छुट्टी होने के चलते उसने ग्राहकों से भुगतान नकद में लिया था। अलग-अलग दुकानों से मिले पैसों को मिलाकर उसके पास कुल 4,39,285 रुपये थे। दोपहर बाद करीब साढ़े चार बजे वह टेंपो लेकर रोहतक के लिए रवाना हुआ।

रास्ते में हुमायूंपुर गांव के पास काले रंग की बाइक पर आए तीन युवकों ने उसे ओवरटेक कर टेंपो रुकवा लिया। इसके बाद बदमाशों ने चालक की आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया और उसे नीचे उतारकर मारपीट की। एक आरोपी ने टेंपो की चाबी छीन ली, जबकि दूसरे ने डैशबोर्ड में रखी नकदी निकाल ली। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल व साइबर टीम की मदद से जांच शुरू की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।


लुधियाना: 35 वर्षीय युवक ने फंदा लगाकर की आत्महत्या, पुलिस जांच जारी

हलवारा- पंजाब के अकालगढ़ कलां गांव में एक 35 वर्षीय युवक ने घर के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान अमरजीत सिंह उर्फ दीपू के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही थाना सुधार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लुधियाना के सिविल अस्पताल भेज दिया।

पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था और पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में चल रहा था।

मृतक की पत्नी के अनुसार, शुक्रवार रात परिवार के सभी सदस्य आंगन में सो रहे थे। देर रात दीपू चुपचाप घर के अंदर चला गया और छत से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। सुबह जब पत्नी घर के अंदर गई तो उसने दीपू का शव लटका हुआ पाया, जिसके बाद तुरंत गांव की पंचायत और पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने पत्नी के बयान के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल किसी पर शक जाहिर नहीं किया गया है और न ही किसी तरह की दुश्मनी की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के मुताबिक, दीपू पहले जबरन वसूली के एक मामले में नामजद था और कुछ दिन पहले ही जेल से जमानत पर रिहा हुआ था। इसके अलावा, अपने भाई की नशे की ओवरडोज से मौत के बाद उसने कई नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई में पुलिस की मदद भी की थी, जिसके चलते वह चर्चा में रहा था।


तीर्थ से लौट रहे श्रद्धालुओं पर हमला, कैलाभट्ठा में पथराव से 10 घायल, 10 आरोपी हिरासत में

गाजियाबाद तीर्थ यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं पर शुक्रवार शाम कैलाभट्ठा इलाके में हमला हो गया। आरोप है कि कुछ युवकों ने पहले रास्ते को लेकर विवाद किया और फिर अचानक पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान महिलाओं के साथ अभद्रता भी की गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हमले में करीब 10 श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें एक गर्भवती महिला भी शामिल है। सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से छह लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि चार का इलाज जारी है।

घटना के बारे में पीड़ित टिंकू ने बताया कि वह अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ कई तीर्थ स्थलों के दर्शन कर लौट रहे थे। शुक्रवार शाम वे देवी मंदिर से जयकारे लगाते हुए घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीएसी चौक के पास कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया और रास्ता घेरकर चलने का आरोप लगाया।

विवाद उस समय बढ़ गया जब टिंकू के भाई साजन और एक युवक की फल की टोकरी आपस में टकरा गई। इस मामूली बात ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि युवकों ने साजन पर हमला कर दिया और फिर महिलाओं व बच्चों को भी निशाना बनाया। कुछ लोगों ने छतों से पत्थर भी फेंके।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। नगर कोतवाली पुलिस ने इस मामले में 10 आरोपियों को हिरासत में लिया है और अन्य की तलाश जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


त्रिलोकपुरी में 17 वर्षीय अयान की चाकू से हत्या, दो आरोपियों को गिरफ्तार

 नई दिल्ली पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुरी में गुरुवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां 17 वर्षीय किशोर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान अयान के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, अयान अपने एक दोस्त के साथ 28 ब्लॉक स्थित पार्क में मौजूद था, तभी करीब छह युवकों ने उसे घेर लिया। हमलावरों ने पहले उसे जमीन पर गिराया और फिर उस पर लगातार चाकू से हमला कर दिया। हमले की क्रूरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आरोपियों ने उसके शरीर पर कई वार किए और उसका हाथ काटने तक की कोशिश की।

गंभीर रूप से घायल अयान को पहले लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे एम्स ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, क्राइम टीम और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। शुरुआत में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था, लेकिन अयान की मौत के बाद इसे हत्या में बदल दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विशाल और तुषार नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश हो सकती है। बताया जा रहा है कि जनवरी में इलाके में हुई फायरिंग की घटना में अयान का नाम सामने आया था, जिसके चलते बदले की भावना में इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की गहन जांच कर रही है।

अयान अपने परिवार के साथ त्रिलोकपुरी के 32 ब्लॉक में रहता था और वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। परिवार में उसकी मां, पिता और एक बहन हैं। बेटे की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।


दिनदहाड़े युवती का अपहरण, दो आरोपी भीड़ के हत्थे चढ़े, पुलिस को सौंपे गए

 गाजियाबाद- सोसाइटी के बाहर एक 22 वर्षीय युवती के अपहरण की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद परिवार और स्थानीय लोग तुरंत सक्रिय हो गए और पीछा कर अपहरण में शामिल दो आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया।

गुस्साए लोगों ने दोनों आरोपियों की पिटाई कर दी, जिसके बाद उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि इस वारदात में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है।

जानकारी के मुताबिक, युवती सोसाइटी के बाहर मौजूद थी, तभी कुछ बदमाशों ने उसे जबरन उठाकर ले गए। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और सोसाइटी के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को दबोच लिया।

फिलहाल, अपहृत युवती का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। कई जगहों पर नाकेबंदी की गई है और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही युवती को सुरक्षित बरामद करने की कोशिश की जा रही है।


बसंत विहार में घर-घर जाकर धर्म परिवर्तन के आरोप, दो महिलाएं पुलिस हिरासत में

देहरादून: बसंत विहार थाना क्षेत्र में कथित धर्म प्रचार और प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने के आरोपों को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। इस संबंध में स्थानीय निवासियों और एक सामाजिक संगठन की ओर से पुलिस को शिकायत सौंपी गई है।

शिकायत के मुताबिक, कांवली माड़ी इलाके में दो महिलाएं घर-घर जाकर ईसाई धर्म का प्रचार कर रही थीं। आरोप है कि वे कुछ महिलाओं को धर्म परिवर्तन के लिए कथित तौर पर लालच भी दे रही थीं। इस गतिविधि की जानकारी स्थानीय निवासी द्वारा संगठन के सदस्यों को दी गई, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे।

बताया गया कि जब लोग मौके पर पहुंचे तो दोनों महिलाएं धर्म परिवर्तन के कथित लाभों के बारे में जानकारी दे रही थीं। स्थिति को देखते हुए पुलिस हेल्पलाइन 112 पर कॉल किया गया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों महिलाएं वहां से जा चुकी थीं।

इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों महिलाओं को विकास मॉल क्षेत्र से ढूंढकर थाने लाया और उनसे पूछताछ शुरू की। मामले में शिकायतकर्ता की ओर से मांग की गई है कि उत्तराखंड के धर्मांतरण विरोधी कानून के तहत सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


मयूर विहार में देर रात चाकूबाजी, युवक पर हमला कर आरोपी फरार

 नई दिल्ली दिल्ली के मयूर विहार इलाके में देर रात चाकूबाजी की घटना से हड़कंप मच गया। दो अज्ञात हमलावरों ने एक युवक पर अचानक चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत को देखते हुए बाद में एम्स ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया।

पुलिस के अनुसार, घटना 30 अप्रैल की रात करीब 10 बजे की है, जब मयूर विहार थाना पुलिस को वारदात की सूचना मिली। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घायल युवक अपने परिचित के साथ त्रिलोकपुरी इलाके में मौजूद था, तभी दो हमलावर वहां पहुंचे और उस पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

शिकायतकर्ता के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया जा रहा है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp