Tuesday, November 17, 2026
2:52 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

पुलिस चौकी के पास हिस्ट्रीशीटर की गोली मारकर हत्या, दो महीने पुरानी कहासुनी बनी वजह

Category Archives: क्राइम

पुलिस चौकी के पास हिस्ट्रीशीटर की गोली मारकर हत्या, दो महीने पुरानी कहासुनी बनी वजह

अमरोहा। नगर के कसाईखाना मोहल्ला निवासी हिस्ट्रीशीटर अफ्फान कुरैशी की मंगलवार रात जट बाजार पुलिस चौकी के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के पीछे करीब दो महीने पहले हुई कहासुनी को वजह बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 12 बजे अफ्फान कुरैशी अपने दोस्त शाहबाज के साथ जट बाजार चौकी के पास खड़ा था। आरोप है कि इसी दौरान मोहल्ला शिवद्वारा निवासी तीन युवक वहां पहुंचे। उन्होंने अफ्फान के सिर पर तमंचा सटाकर गोली मार दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

पुलिस चौकी के पास हुई हत्या की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

एसपी लखन सिंह यादव ने बताया कि मामले में शानदार, शन्नू और शहजाद निवासी मोहल्ला शिवद्वारा के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रारंभिक जांच में करीब दो महीने पहले हुई कहासुनी को हत्या की वजह माना जा रहा है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें प्रयास कर रही हैं।


अवैध शराब के खिलाफ दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो तस्कर गिरफ्तार

देहरादून। ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत दून पुलिस ने अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से अवैध देशी और कच्ची शराब बरामद की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रायवाला और विकासनगर पुलिस ने चेकिंग के दौरान अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की।

रायवाला में 50 टेट्रा पैक शराब बरामद

रायवाला पुलिस ने 31 अगस्त को सत्यनारायण मंदिर के पास कच्चे रास्ते पर चेकिंग के दौरान एक युवक को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 50 टेट्रा पैक अवैध देशी माल्टा मसालेदार शराब बरामद हुई। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान निखिल पुत्र मनीष, निवासी कृष्णा नगर कॉलोनी, आईडीपीएल ऋषिकेश, उम्र 22 वर्ष के रूप में हुई है। मामले में कोतवाली रायवाला में धारा 60(1) आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

विकासनगर में 5 लीटर कच्ची शराब पकड़ी

वहीं, विकासनगर पुलिस ने भोजावाला तप्पड़ के पास चेकिंग के दौरान 05 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान नरेश पुत्र स्व. क्रेशन मिस्त्री, निवासी नूर बस्ती बुलाकीवाला, विकासनगर, उम्र 26 वर्ष के रूप में हुई है। उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।


कानपुर में महिला की गोली मारकर हत्या का खुलासा, पति के भाई समेत दो गिरफ्तार

कानपुर। कैंट थाना क्षेत्र के सत्तीचौरा में रविवार को घर में घुसकर चांदनी की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया। डीसीपी पूर्वी शिवा सिंह ने बताया कि मामले में नामजद आरोपित मृतका की छोटी बहन सरोजनी के पति संतोष निषाद और उसके भाई विनोद निषाद को गिरफ्तार किया गया है। आरोपितों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल तमंचा और बाइक बरामद हुई है। दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद मृतका की छोटी बहन अंजली निषाद की तहरीर पर कैंट थाने में हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में उन्नाव के कल्लूपुरवा, गंगाघाट निवासी विनोद निषाद, संतोष निषाद, अंशू और दो अज्ञात लोगों को आरोपित बनाया गया था। आरोपित घटना के बाद फरार हो गए थे।

मामले की जांच के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई थीं। मंगलवार को पुलिस ने छबीलेपुरवा मोड़ स्थित एक बारातघर के पास घेराबंदी कर संतोष निषाद उर्फ कल्लू और विनोद निषाद उर्फ मोदी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से घटना में प्रयुक्त तमंचा और बाइक बरामद की है। फरार आरोपित अंशू और दो अज्ञात आरोपितों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।

पुलिस पूछताछ में आरोपित विनोद ने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार की। उसके अनुसार, चांदनी करीब दो साल से मायके में रह रही थी, जिससे उसका पति संतोष परेशान था। आरोपितों का दावा है कि संतोष कई बार चांदनी को घर वापस लाने और समझौता कराने का प्रयास कर चुका था, लेकिन बात नहीं बनी।

विनोद ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन संतोष चांदनी को घर ले जाने के लिए आया था। उसके साथ कथित तौर पर नशे की हालत में मारपीट की गई। इसके बाद विवाद बढ़ गया और विनोद ने तमंचे से चांदनी को गोली मार दी। पुलिस अब आरोपित के बयान और अन्य साक्ष्यों का मिलान कर मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान विनोद ने वारदात में तमंचे के इस्तेमाल की बात कही है। हालांकि, उसने हथियार कहां से खरीदा था, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस तमंचे की खरीद-फरोख्त और आरोपितों के अन्य आपराधिक संपर्कों की भी जांच कर रही है।

फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।


यूपी-112 डेटा और Google Map से वाहन चोर गिरोह का खुलासा, पांच गिरफ्तार; 12 वाहन बरामद

हाथरस। हाथरस पुलिस ने यूपी-112 के डेटा और Google Map के जरिए वाहन चोरी के हॉटस्पॉट चिन्हित कर एक अंतर्जनपदीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। SOG और कोतवाली नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। उनकी निशानदेही पर चोरी की 11 मोटरसाइकिल और एक स्कूटी, यानी कुल 12 दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं।

एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा के अनुसार, पिछले तीन से चार महीनों में जिले में हुई वाहन चोरी की घटनाओं का यूपी-112 के रिकॉर्ड के आधार पर विश्लेषण किया गया। पुलिस ने जिन इलाकों में लगातार अधिक घटनाएं सामने आईं, उन्हें Google Map पर चिन्हित कर हॉटस्पॉट मैपिंग तैयार की।

इन संवेदनशील स्थानों पर पुलिस ने निगरानी बढ़ाने के साथ संदिग्ध लोगों और वाहनों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान पुलिस को वाहन चोरी गिरोह के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले। जांच आगे बढ़ने पर SOG और कोतवाली नगर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि चोरी किए गए वाहनों को किला खाई क्षेत्र में छिपाकर रखा जाता था। इसके बाद वाहनों के पुर्जे अलग-अलग कर उन्हें कबाड़ में बेच दिया जाता था। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर 11 मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद की है।

पुलिस अब बरामद वाहनों के आधार पर जिले और आसपास के क्षेत्रों में हुई अन्य वाहन चोरी की घटनाओं से इनके कनेक्शन की जांच कर रही है। साथ ही गिरफ्तार आरोपितों के आपराधिक इतिहास और गिरोह में शामिल अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।


पुलिस की वर्दी और सर्विस रिवॉल्वर लेकर बनाई रील, सोशल मीडिया पर वायरल होते ही युवक गिरफ्तार

सूर्यगढ़ा (लखीसराय)। सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पीटीसी (प्रमोशन ट्रेनिंग कोर्स) के पुलिस जवान की वर्दी और सर्विस रिवॉल्वर लेकर सोशल मीडिया पर रील बनाना एक युवक को भारी पड़ गया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार युवक की पहचान नवादा जिले के रूपो थाना क्षेत्र के चहल गांव निवासी सुधांशु कुमार के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस जवान संतोष कुमार का साढ़ू का बेटा है और उनका वाहन भी चलाता है।

मामले को लेकर पीटीसी जवान सुमित कुमार ने थाने में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत के मुताबिक, जिला अभियोजन कार्यालय के आदेश के तहत रामपुर गांव निवासी अरुण कुमार सिंह के पुत्र संतोष कुमार की सुरक्षा में 23 मई 2026 से पुलिस जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई थी।

बताया गया कि संतोष कुमार 20 से 26 अगस्त तक आकस्मिक अवकाश पर थे। छुट्टी समाप्त होने के बाद ड्यूटी पर लौटने के करीब तीन दिन बाद पुलिसकर्मियों को सोशल मीडिया पर एक वीडियो के बारे में जानकारी मिली। वीडियो में सुधांशु कुमार पुलिस जवान की वर्दी पहने हुए और सामने सर्विस रिवॉल्वर रखकर रील बनाता दिखाई दे रहा था।

आरोप है कि युवक ने यह वीडियो ‘एएलओके राज’ नाम की इंस्टाग्राम आईडी से सोशल मीडिया पर प्रसारित किया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग की वर्दी और सरकारी हथियार के कथित दुरुपयोग का मामला सामने आया।

शिकायत के अनुसार, संतोष कुमार को जिला परिषद में लकड़ी की अलमारी रखने के लिए निर्देशित किया गया था। इस अलमारी की चाबी पीटीसी जवान सुमित कुमार के अलावा सुधांशु के पास भी रहती थी। आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर उसने कथित तौर पर चोरी-छिपे पुलिस की वर्दी और सर्विस रिवॉल्वर निकाल लिया और हथियार के साथ रील बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दी।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों को मामले की जानकारी दी गई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुधांशु कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।


ऋषिकेश में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला, मुख्य आरोपी समेत होटल मैनेजर और संचालक गिरफ्तार

होटल के लाइसेंस निरस्तीकरण हेतु मजिस्ट्रेट को भेजी रिपोर्ट

ऋषिकेश। ऋषिकेश में 16 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत होटल मैनेजर और संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, नाबालिग को बहला-फुसलाकर होटल ले जाया गया था, जहां उसके साथ मारपीट और दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद तबीयत बिगड़ने पर पीड़िता को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त को पीड़िता के परिजनों की ओर से कोतवाली ऋषिकेश में शिकायत दी गई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुजफ्फरनगर निवासी 21 वर्षीय सोफियान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।

हरिद्वार में दबोचा गया मुख्य आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर कोतवाली ऋषिकेश में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। इसी दौरान 31 अगस्त को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सोफियान को हरिद्वार क्षेत्र में सिंहद्वार फ्लाईओवर के नीचे से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोटोरोला कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद किया। पुलिस का दावा है कि मोबाइल की जांच के दौरान घटना के समय पीड़िता की बनाई गई फोटो और वीडियो भी मिले हैं।

होटल प्रबंधन की भूमिका भी जांच में आई सामने

जांच और आरोपी से पूछताछ के दौरान पुलिस को होटल प्रबंधन की भूमिका से जुड़े कई अहम तथ्य मिले। पुलिस के मुताबिक, नाबालिग को होटल में बिना उचित पहचान और सत्यापन के प्रवेश दिया गया था। आवश्यक रजिस्टर में भी उसकी एंट्री नहीं की गई थी।

पुलिस का कहना है कि होटल प्रबंधन को घटना की जानकारी होने के बावजूद संबंधित पुलिस या सहायता एजेंसी को सूचना नहीं दी गई। इसके अलावा, पीड़िता को होटल से बाहर ले जाते समय होटल के सीसीटीवी कैमरे बंद किए जाने की बात भी जांच में सामने आई।

होटल मैनेजर और संचालक भी गिरफ्तार

जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने होटल मैनेजर वैभव गुप्ता और संचालक राहुल अग्रवाल को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पूछताछ और विवेचना के दौरान दोनों की कथित संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट की अतिरिक्त धाराओं के साथ बीएनएस की संबंधित धाराएं भी बढ़ाई हैं। इस कार्रवाई के बाद इस प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है।

होटल का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई

पुलिस ने बताया कि संबंधित होटल के लाइसेंस को निरस्त करने के लिए सराय एक्ट के तहत उप जिलाधिकारी ऋषिकेश को रिपोर्ट भेज दी गई है। मामले में पुलिस आगे भी उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।

गिरफ्तार आरोपी:

सोफियान (21) — निवासी ग्राम गढ़ी, थाना जानसठ, मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
वैभव गुप्ता (34) — होटल मैनेजर, ऋषिकेश
राहुल अग्रवाल (36) — होटल संचालक, ऋषिकेश

पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई करने वाली टीम में कोतवाली ऋषिकेश के प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन जोशी समेत उपनिरीक्षक विकसित पंवार, राजकुमार, निखलेश बिष्ट, महिला उपनिरीक्षक ज्योति शर्मा और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।


बिजली तार लूट की निकली फर्जी कहानी, कर्मचारी समेत 7 गिरफ्तार; 9.80 क्विंटल तार बरामद

बहजोई । कैलादेवी क्षेत्र में बिजली के तार की कथित लूट के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए कर्मचारी समेत सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि जिस कर्मचारी ने खुद को बंधक बनाकर गोदाम से करीब 30 क्विंटल तार लूटे जाने की सूचना दी थी, वही कथित तौर पर पूरी साजिश का मास्टरमाइंड था। सौदे में हिस्सा नहीं मिलने पर उसने अपने साथियों को फंसाने और पुलिस को गुमराह करने के लिए लूट की झूठी कहानी रची।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से 9.80 क्विंटल कटा हुआ एल्युमिनियम तार, तार काटने के उपकरण और 25 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में छह अन्य वांछित आरोपितों की तलाश की जा रही है।

एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी के मुताबिक, गोरखपुर निवासी आनंद शुक्ला शकरपुर गांव के पास सड़क चौड़ीकरण और बिजली लाइन शिफ्टिंग का काम कर रही एक निजी कंपनी के गोदाम में कर्मचारी था। आनंद ने 28 अगस्त को पुलिस को सूचना दी थी कि 27 अगस्त की रात बदमाशों ने उसे बंधक बनाकर गोदाम से करीब 30 क्विंटल बिजली का तार लूट लिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए चार टीमें गठित कीं। जांच के दौरान आनंद के बयानों में कई विरोधाभास मिले। इसके बाद पुलिस का शक उस पर गहराने लगा। पूछताछ में कथित तौर पर उसने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।

पुलिस जांच के अनुसार, आनंद ने आठ अगस्त को संभल निवासी गौतम सिंह से संपर्क कर तार बेचने की योजना बनाई थी। गौतम ने दिल्ली के खरीदारों से सौदा तय कराया। 27 अगस्त की रात आनंद ने कथित तौर पर गोदाम से तार कटवाकर वाहनों के जरिए दिल्ली भिजवा दिया।

हालांकि, दिल्ली में माल की एंट्री नहीं मिलने के कारण सौदा रद्द हो गया और साथी तार लेकर वापस लौटने लगे। पुलिस के मुताबिक, सौदे में तय हिस्सा नहीं मिलने पर आनंद ने अपने साथियों को फंसाने के लिए खुद को बंधक बनाए जाने और तार लूटे जाने की कहानी गढ़ दी।

पुलिस ने लोकेशन ट्रैकिंग और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक सितंबर को भटौला अंडरपास के पास से सात आरोपितों को गिरफ्तार किया। इनमें अली खान, शमशुल, खुशनूद अली, गौतम सिंह, पुष्पेंद्र, अरशद और आनंद शुक्ला शामिल हैं।

जांच में यह भी सामने आया कि आनंद इससे पहले 24 जुलाई को अरशद को 27 हजार रुपये में दो क्विंटल तार बेच चुका था। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 9.80 क्विंटल कटा हुआ एल्युमिनियम तार, कटाई के उपकरण और नकदी बरामद की है।

पुलिस अब मामले में शामिल शेरे पठान समेत छह अन्य वांछित आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि बरामदगी और पूछताछ के आधार पर मामले की आगे की जांच जारी है।


बकरी पालन योजना में करोड़ों की ठगी का आरोप, सहायक प्रोफेसर समेत दो दर्जन लोग हुए शिकार

दुमका। बकरी पालन योजना में निवेश कर कम समय में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय की सहायक प्रोफेसर डॉ. अंजुला मुर्मू समेत करीब दो दर्जन लोगों से लगभग 1.37 करोड़ रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर नगर विश्वविद्यालय ओपी पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, ब्लैकमेलिंग और रंगदारी मांगने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राथमिकी के अनुसार, दिसंबर 2025 में बिहार के नवादा निवासी विनोद कुमार सिंह, रंजीत शर्मा, मनीष कुमार सिंह और विवेक कुमार ने ‘रियल वर्ल्ड एसेट्स’ नाम की कंपनी की बकरी पालन परियोजना में निवेश का प्रस्ताव दिया। आरोप है कि निवेशकों को दो तरह के पैकेज की जानकारी दी गई। एक में 13 महीने में और दूसरे में महज आठ महीने में निवेश की रकम दोगुनी करने का दावा किया गया।

आरोपियों ने निवेशकों को करीब 5 प्रतिशत और 75 प्रतिशत रिटर्न का लालच दिया और 1,000 रुपये से लेकर 15 लाख रुपये तक का निवेश कराया। इसके साथ ही कई अन्य लोगों के नाम पर भी निवेश आईडी बनाए जाने की बात सामने आई है।

डॉ. अंजुला मुर्मू का आरोप है कि शुरुआती दौर में मुख्य आरोपी विनोद कुमार सिंह ने कई बैठकें कर लोगों को योजना में निवेश के लिए तैयार किया। आरोप है कि उनकी सामाजिक छवि और समुदाय में साख का इस्तेमाल कर अन्य लोगों को भी निवेश के लिए प्रेरित किया गया।

शिकायत में विलियम जैकब, सुष्मिता सोरेन और रीता की भूमिका का भी उल्लेख किया गया है। आरोप है कि इन लोगों ने प्रोफेसर के नाम का इस्तेमाल करते हुए कई आदिवासी निवेशकों को कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए योजना में फंसाया।

पीड़िता के अनुसार, 13 अगस्त को कंपनी का ऑनलाइन प्लेटफॉर्म अचानक बंद हो गया। इसके बाद मुख्य आरोपी विनोद ने मोबाइल फोन बंद कर दिया और फरार हो गया। कंपनी का प्लेटफॉर्म बंद होने के बाद खुद को पत्रकार बताने वाले विलियम जैकब ने व्हाट्सएप पर ‘रा पब्लिक’ नाम से एक ग्रुप बनाया, जिसमें 32 सदस्यों को जोड़ा गया।

आरोप है कि विलियम जैकब अब डॉ. अंजुला मुर्मू को कंपनी की निदेशक और सुमित नायक को सिस्टम ऑपरेटर बताते हुए निवेशकों का पैसा जमा नहीं करने का आरोप लगा रहा है। वहीं डॉ. अंजुला का कहना है कि वह और सुमित नायक खुद इस कथित ठगी के शिकार हैं।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि उन्हें झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर 60 लाख रुपये की रंगदारी मांगी जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब निवेश से जुड़े दस्तावेज, लेन-देन और आरोपितों की भूमिका की जांच कर रही है।


गोरखपुर में पुलिस और बदमाशों की मुठभेड़, सिपाही को लगी गोली; जवाबी फायरिंग में बदमाश घायल

गोरखपुर। पिपराइच थाना क्षेत्र के जंगल धूषण तिराहे पर मंगलवार तड़के संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। आरोप है कि रोकने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से एक सिपाही घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र कुमार के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब तीन बजे पिपराइच थाना पुलिस और एंटी थेफ्ट सेल की संयुक्त टीम जंगल धूषण तिराहे पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पादरी बाजार की ओर से स्कूटी सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों ने स्कूटी मोड़कर भागने का प्रयास किया। इसी दौरान स्कूटी अनियंत्रित होकर गिर गई।

पुलिस के अनुसार, टीम ने स्कूटी सवार को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उसने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से सिपाही हनुमान घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी और वह मौके पर गिर गया। पुलिस ने उसे तत्काल हिरासत में ले लिया।

पकड़े गए बदमाश की पहचान मुमताज अहमद उर्फ राजू, निवासी निजामपुर, तिवारीपुर के रूप में हुई है। वहीं उसका साथी सरफराज पुत्र मासेउल्लाह, निवासी बक्शीपुर, थाना कोतवाली, अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है।

घायल मुमताज को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी पिपराइच ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा, एक जिंदा कारतूस, 2,200 रुपये नकद और स्कूटी बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, बरामद स्कूटी और अन्य सामान पिपराइच थाने में दर्ज तीन नकबजनी के मामलों से संबंधित हैं। गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ जिले के अलग-अलग थानों में चोरी, लूट, चोरी का माल रखने, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत 14 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब फरार आरोपित सरफराज की गिरफ्तारी के साथ ही मुठभेड़ और चोरी की घटनाओं से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।


गोरखपुर में आधी रात घर में घुसे 4 नकाबपोश, नौ माह की बच्ची की गर्दन पर चाकू रखकर लूटे 5 लाख के जेवर

गोरखपुर। पीपीगंज थाना क्षेत्र के तिघरा गांव में सोमवार देर रात चार नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर करीब पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। बदमाशों ने घर में मौजूद महिला की नौ माह की बच्ची को उसकी गोद से छीन लिया और उसकी गर्दन पर चाकू रखकर जान से मारने की धमकी दी। बच्ची की सुरक्षा को देखते हुए महिला ने विरोध नहीं किया और बदमाशों को घर में रखे जेवर सौंप दिए।

बताया गया कि सोमवार रात करीब एक बजे चार नकाबपोश बदमाश करन गुप्ता के घर में घुस आए। उस समय उनकी पत्नी पूजा अपनी नौ माह की बच्ची के साथ मौजूद थीं। बदमाशों ने बच्ची को मां की गोद से छीनकर उसकी गर्दन पर चाकू लगा दिया। इसके बाद महिला को धमकाते हुए घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण निकालने के लिए मजबूर किया।

डर के कारण पूजा ने आलमारी और बक्से में रखे जेवर बदमाशों के हवाले कर दिए। आरोप है कि बदमाशों ने महिला के शरीर से भी झुमके, नाक की कील और मंगलसूत्र उतरवा लिया। इसके बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस रात करीब दो बजे मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है।

वहीं, सुबह करीब 10 बजे तक फोरेंसिक टीम के मौके पर नहीं पहुंचने को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए। पुलिस बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में जांच कर रही है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp