Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

नकली जीवनरक्षक दवाओं का कारोबार करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार

Category Archives: क्राइम

नकली जीवनरक्षक दवाओं का कारोबार करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार

सोशल मीडिया के जरिए चल रहा था नकली दवाओं का कारोबार

देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ ने ऑनलाइन माध्यम से नकली जीवनरक्षक दवाओं का कारोबार करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह देश की नामी दवा कंपनियों के नाम पर नकली दवाएं तैयार कर उन्हें सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए कई राज्यों में बेच रहा था। एसटीएफ की कार्रवाई में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि ये दवाएं बाजार मूल्य से आधे दाम पर बेची जा रही थीं, जिससे लोगों के स्वास्थ्य और जीवन के साथ गंभीर खिलवाड़ किया जा रहा था।

“ऑपरेशन फेक पिल” के तहत यह कार्रवाई की गई। एसटीएफ की विशेष टीम पिछले दो महीनों से नकली दवाओं के नेटवर्क पर निगरानी रखे हुए थी। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि जांच में सामने आया कि “एसके हेल्थ केयर” नामक फेसबुक पेज के माध्यम से Sun Pharma, Mankind, Zydus, Glenmark, Torrent और Macleods जैसी कंपनियों की नकली दवाएं ऑनलाइन बेची जा रही थीं।

एसटीएफ ने ग्राहक बनकर आरोपियों से दवाएं मंगाईं, जिसके बाद Gudcef Plus और Tydol-100 जैसी नकली दवाएं कोरियर के माध्यम से देहरादून पहुंचीं। जांच में पुष्टि होने पर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में संगठित अपराध, धोखाधड़ी, जालसाजी, आईटी एक्ट, कॉपीराइट एक्ट और एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जतिन सैनी निवासी संभल उत्तर प्रदेश तथा गौरव त्यागी निवासी जीएमएस रोड देहरादून के रूप में हुई है। पूछताछ में गौरव त्यागी ने स्वीकार किया कि रुड़की में उसकी नकली दवा फैक्ट्री पहले भी पकड़ी जा चुकी है। वर्तमान में भगवानपुर क्षेत्र में ब्रांडेड कंपनियों के नाम से नकली दवाएं तैयार की जा रही थीं। कोटद्वार सिडकुल क्षेत्र की बंद पड़ी फैक्ट्री का भी जरूरत पड़ने पर उपयोग किया जाता था। एसटीएफ और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने रुड़की और कोटद्वार स्थित फैक्ट्रियों में कार्रवाई शुरू कर दी है।

कोटद्वार स्थित यूनिट को सीज करने की प्रक्रिया जारी है, जबकि फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए भेजा गया है। एसटीएफ के अनुसार, गौरव त्यागी के खिलाफ नकली दवाओं से जुड़े तीन अन्य मुकदमे हरिद्वार, देहरादून और महाराष्ट्र में पहले से दर्ज हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

एसटीएफ ने जनता से अपील की है कि बिना बिल दवाएं न खरीदें, दवा के बैच नंबर का मिलान अवश्य करें और अत्यधिक छूट के लालच में अज्ञात ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से दवा खरीदने से बचें। नकली दवा कारोबार की सूचना एसटीएफ के हेल्पलाइन नंबर 0135-2656202 और 9412029536 पर दी जा सकती है।


भुच्चो मंडी हमला मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, कापा और बाइक बरामद

बठिंडा– पंजाब के बठिंडा जिले की भुच्चो मंडी में युवक पर तेजधार हथियार से हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और कापा भी बरामद किया है। घटना में घायल युवक जयदीप गर्ग बताया जा रहा है, जिसके पिता नरदीप गर्ग वार्ड नंबर दो से अकाली दल के प्रत्याशी हैं।

पुलिस के अनुसार थाना नथाना में 17 मई को विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी सुंदर सिंह उर्फ खुशी और गुरप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। वहीं मामले में करण सिंह उर्फ फिरंगी और भंगू को भी नामजद किया गया है, जिनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

एसएसपी डॉ. ज्योति यादव बैंस के निर्देश पर एसपी सिटी नरेंद्र सिंह और डीएसपी भुच्चो प्रीतपाल सिंह की अगुवाई में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। पुलिस जांच में सामने आया कि 16 मई की रात आरोपी मोटरसाइकिल पर लहरा बेगा रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान स्कॉर्पियो सवार युवकों से मामूली टक्कर को लेकर विवाद हो गया।

बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष नशे की हालत में थे और कहासुनी के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि एक आरोपी ने कापे से जयदीप गर्ग के सिर पर हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी गुरप्रीत सिंह के खिलाफ मुंबई के नेहरू नगर और घाटकोपर थानों में एटीएम तोड़कर करीब 12 लाख रुपये चोरी करने के मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।


महेंद्र पार्क में एंटी नारकोटिक्स सेल की बड़ी कार्रवाई, 122 पुड़िया स्मैक बरामद

 नई दिल्ली- दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिले में एंटी नारकोटिक्स सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महेंद्र पार्क इलाके में स्मैक की अवैध तस्करी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर राजस्थानी उद्योग नगर स्थित एक मकान पर छापा मारकर भारी मात्रा में स्मैक और नकदी बरामद की।

पुलिस के मुताबिक, 21 मई को एंटी नारकोटिक्स सेल को सूचना मिली थी कि इलाके के एक घर से नशीले पदार्थों की बिक्री की जा रही है। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर घर को घेर लिया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर पुलिस ने कटर की मदद से गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया।

छापेमारी के दौरान एक नाबालिग को छत के रास्ते भागने की कोशिश करते हुए पकड़ लिया गया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घर की तलाशी ली, जहां से 85.41 ग्राम स्मैक से भरी 122 पॉलीथीन की पुड़िया और 9,580 रुपये नकद बरामद किए गए।

कार्रवाई के दौरान फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने सबूत जुटाए। उत्तर-पश्चिम जिले की पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।


दोस्ती बनी दुश्मनी, घर के पास युवक को माथे पर मारी गोली, इलाके में दहशत

सागर- मध्य प्रदेश के सागर जिले में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना मोतीनगर थाना क्षेत्र के मछरिया इलाके की है, जहां गुरुवार रात करीब 10:30 बजे आरोपी ने घर के पास ही युवक को निशाना बनाकर फायर कर दिया। गोली युवक के माथे पर लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 28 वर्षीय मयंक साहू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मयंक अपने दो दोस्तों के साथ घर के बाहर खड़ा था। तभी पड़ोस में रहने वाला यश सोनी अवैध कट्टा लेकर वहां पहुंचा। आरोपी को देखते ही मयंक और उसके साथी भागने लगे, लेकिन यश ने पीछा करते हुए मयंक पर फायर कर दिया।

फायरिंग के दौरान आरोपी का कट्टा भी फट गया। पुलिस को मौके से 315 बोर के कट्टे का बट बरामद हुआ है। परिजन घायल मयंक को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही एएसपी लोकेश सिन्हा और थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी मिली है, जिसमें आरोपी और अन्य लोग भागते दिखाई दे रहे हैं।

जांच में सामने आया है कि मयंक और यश पहले करीबी दोस्त थे, लेकिन पिछले एक साल से दोनों के बीच गहरी दुश्मनी चल रही थी। पुलिस का कहना है कि दोनों का आपराधिक गतिविधियों से भी संबंध रहा है। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।


महेंद्रगढ़ में पुलिस और कच्छाधारी गैंग के बीच मुठभेड़, दो बदमाश घायल, सात गिरफ्तार

महेंद्रगढ़ – हरियाणा के महेंद्रगढ़ में देर रात सीआईए टीम और कच्छाधारी गुलेल गैंग के बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। करीब तीन बजे हुई इस कार्रवाई में दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग हुई, जिसमें गैंग के दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने मौके से कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घायल आरोपियों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, पारदी गुलेल गैंग के सदस्य ट्रेन के जरिए महेंद्रगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचे थे और वहां से छाजूपुरम कॉलोनी की तरफ बढ़ रहे थे। बदमाशों की गतिविधि की सूचना मिलते ही सीआईए महेंद्रगढ़, सीआईए नारनौल और थाना शहर महेंद्रगढ़ की संयुक्त टीम ने इलाके में घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस को देखकर आरोपी हुड्डा सेक्टर की ओर भागने लगे और पीछा कर रही टीम पर फायरिंग कर दी।

जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला। शुरुआती जानकारी के अनुसार पुलिस की ओर से आठ राउंड फायर किए गए, जबकि बदमाशों ने चार राउंड गोलियां चलाईं। मुठभेड़ के दौरान गैंग के दो सदस्य घायल हो गए, जबकि सात आरोपियों को दबोच लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील, वीरेंद्र, अभय, चांद, मनीराम, विजय और अर्जुन के रूप में हुई है। सभी आरोपी मध्य प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी विजय पर 15 हजार रुपये और चांद पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य मामलों और नेटवर्क की जांच में जुटी है।


अमृतसर बॉर्डर पर बीएसएफ की बड़ी कार्रवाई, भारतीय सीमा में घुसे दो पाकिस्तानी नागरिक गिरफ्तार

अमृतसर- पंजाब के अमृतसर सेक्टर में भारत-पाकिस्तान सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारतीय सीमा में अवैध रूप से प्रवेश करने वाले दो पाकिस्तानी नागरिकों को हिरासत में लिया है। दोनों आरोपियों के पास से एक कार भी बरामद की गई है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां उनसे गहन पूछताछ कर रही हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों व्यक्ति पाकिस्तान के कसूर इलाके में विभिन्न दुकानों पर सामान सप्लाई करने का कार्य करते थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान वे अपनी निजी कार से सीमा पार करते हुए भारतीय क्षेत्र में पहुंच गए। सीमा पर सतर्क बीएसएफ जवानों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार किए गए पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान मोहम्मद सलीम (60) निवासी नास्टर कॉलोनी, फिरोजपुर रोड, लाहौर और आमिर नवाज (40) निवासी जसहीन टाउन, गज्जी रोड, लाहौर के रूप में हुई है।

बीएसएफ अधिकारियों ने इस घटना की जानकारी पाकिस्तान रेंजर्स को भी दे दी है। फिलहाल अमृतसर सेक्टर में सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि दोनों गलती से भारतीय सीमा में दाखिल हुए थे या इसके पीछे कोई संदिग्ध मकसद छिपा है। मामले की जांच जारी है।


इंस्टाग्राम पर दोस्ती, फिर धर्मांतरण और गैंगरेप का आरोप, जामिया नगर से जुड़े मामले में 4 गिरफ्तार

नई दिल्ली- दिल्ली के जामिया नगर से जुड़े एक सनसनीखेज मामले में फरीदाबाद की युवती ने गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि इंस्टाग्राम पर साहिल नामक युवक ने अपनी पहचान छिपाकर हिंदू बनकर उससे दोस्ती की। बाद में उसे अपने प्रेमजाल में फंसाकर मेरठ ले जाया गया, जहां जबरन धर्म परिवर्तन कर निकाह कराया गया। युवती ने आरोप लगाया कि इस दौरान उसके साथ लगातार यौन उत्पीड़न और सामूहिक दुष्कर्म किया गया।

मामले में जामिया नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी ससुर खुर्शीद, सास तस्लीम, देवर जैद और मौलवी मोहम्मद खालिद को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मुख्य आरोपी साहिल और एक अन्य आरोपी फिलहाल गाजियाबाद की डासना जेल में बंद हैं। पुलिस दोनों को प्रोडक्शन वारंट पर दिल्ली लाने की तैयारी कर रही है।

दक्षिण-पूर्व जिले के पुलिस उपायुक्त डॉ. हेमंत तिवारी के अनुसार, साहिल के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसका नाम अवैध हथियार कारोबार से भी जुड़ चुका है। पुलिस जांच में सामने आया कि वर्ष 2021 में इंस्टाग्राम के जरिए दोनों की पहचान हुई थी। आरोप है कि साहिल ने युवती को धोखे में रखकर उसके साथ जबरन संबंध बनाए और बाद में अपने साथियों के साथ उसे मेरठ ले गया।

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को मिली शिकायत के बाद दिल्ली पुलिस ने 14 मई को युवती से संपर्क कर केस दर्ज किया। पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2021 से 2025 के बीच उसके साथ लगातार शोषण होता रहा। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि निकाह के बाद कई लोगों ने उसका दुष्कर्म किया और मौलवी के संपर्क में आने वाले अन्य लोग भी उसका शोषण करते थे। पीड़िता की एक बेटी भी है।

पुलिस के मुताबिक, युवती वर्ष 2025 में मेरठ से भागकर दिल्ली पहुंची थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और फरार आरोपियों से पूछताछ की तैयारी की जा रही है।


छत्तीसगढ़ बोर्ड पेपर लीक कांड में बड़ा खुलासा, पीटीआई समेत तीन गिरफ्तार

व्हाट्सएप पर बिक रहा था बोर्ड परीक्षा का प्रश्नपत्र

रायपुर। छत्तीसगढ़ बोर्ड की 12वीं हिन्दी परीक्षा का प्रश्नपत्र परीक्षा शुरू होने से पहले सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में रायपुर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने इस हाईप्रोफाइल मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक स्कूल का पीटीआई भी शामिल है। घटना के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग और परीक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 17 मार्च 2026 को व्हाट्सएप पर हिन्दी विषय के हस्तलिखित प्रश्नपत्र के पन्ने वायरल होने की जानकारी मिली थी। शिकायत मिलने के बाद सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत की गई।

तफ्तीश के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी वेणु कुमार जंघेल ने एक छात्र को व्हाट्सएप के जरिए प्रश्नपत्र भेजा था। इसके बदले आरोपी ने छात्र से ऑनलाइन तीन हजार रुपये भी लिए थे। बैंक खातों की जांच में पैसों के लेनदेन की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए। पुलिस को जानकारी मिली कि प्रश्नपत्र आरोपी तक विकास सेन और बेमेतरा जिले में पदस्थ एक पीटीआई जवाहर लाल कुर्रे के माध्यम से पहुंचा था। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि प्रश्नपत्र सबसे पहले कहां से लीक हुआ और इस पूरे नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं। मामले की जांच लगातार जारी है और आने वाले दिनों में और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।


1 वर्ष पूर्व युवक की हत्या करने वाला सुपारी किलर गिरफ्तार

मृतक के सौतेले भाई ने ही दी थी सुपारी

देहरादून- राजपुर अंतर्गत जाखन में एक व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक के सौतेले भाई द्वारा ही प्रॉपर्टी के लालच में सहारनपुर के कुख्यात सुपारी किलर जैकी को उसकी हत्या की सुपारी देने का खुलासा करते हुए लगभग 1 साल की कड़ी कोशिशों के बाद कुख्यात हिस्ट्रीशीटर व सुपारी किलर जैकी उर्फ राजन को मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार किया है। सुपारी किलर जैकी द्वारा अपनी प्रेमिका की मदद से शराब व अय्याशी के आदी मृतक अजय बटेजा को जमकर शराब पिलाने के बाद तकिए से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी थी। मृतक का सौतेला भाई अपने भाई की प्रॉपर्टी में अपना हिस्सा चाहता था, और उसकी हत्या के एवज में सुपारी किलर जैकी को प्रॉपर्टी में आधा हिस्सा व नकुड़ में उसके द्वारा किये गए गोलीकांड में उसका नाम हटाने का लालच दिया गया था। मृतक सुपारी किलर को पूर्व से जानता था।

बीते वर्ष 26 मई को जतिन कुमार निवासी जी०एम०एस० रोड देहरादून द्वारा थाना राजपुर में तहरीर दी थी कि किसी के द्वारा उसके ममेरे भाई अजय बटेजा निवासी- 58/1 कृष्णा विहार जाखन देहरादून में उनकी हत्या कर दी है। मामले में राजपुर पुलिस द्वारा मु0अ0स0 101/25, धारा 103 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में गठित पुलिस टीम द्वारा मोबाइल सर्विलान्स, सीसीटीवी कैमरों व मुखबिर की सहायता से घटना में शामिल अभियुक्तों के सम्बन्ध में जानकारी जुटाई तो पुलिस को घटना में मुज्जफरनगर के शातिर अपराधी राजन उर्फ जैकी(36)पुत्र शिवलाल निवासी ग्राम उमाही कलां थाना रामपुर मनिहारान जिला सहारनपुर के शामिल होने की जानकारी मिली। जिसपर पुलिस टीम द्वारा राजन उर्फ जैकी के विषय मे और जानकारी जुटानी शुरू की। पुलिस द्वारा अभियुक्त के विषय मे लगातार जानकारी एकत्रित करते हुए व अभियुक्त के ठिकानों का पता करते हुए मंगलवार को खालापार जनपद मुज्जफरनगर उ0प्र0 से अभियुक्त राजन उर्फ जैकी को हिरासत में लिया व हत्या के मामले में और पूछताछ के लिए राजपुर थाना लाया गया। पूछताछ में अभियुक्त जैकी ने बीते वर्ष 26 मई को तकियें से गला दबाकर अजय भटेजा की हत्या करना कबूल कर लिया। पुलिस ने मामले में धारा 61(2) व 238 बीएनएस की वृद्धि करते हुये अभियुक्त राजन उर्फ जैकी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस कप्तान प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि अभियुक्त जैकी सुपारी किलर के नाम से जाना जाता है, वह अजय बटेजा व उसके सौतेले भाई अमित बटेजा को पिछले कई वर्षों से जानता था। मृतक अजय भटेजा के पास देहरादून व मसूरी में बहुत प्रॉपर्टी थी, किन्तु वह शराब पीने का आदी था। बीते वर्ष 23 मई को अमित बटेजा अपने सौतेले भाई अजय बटेजा, जैकी व अन्य दो महिलाओं के साथ मसूरी स्थित कार्टेज दिखाने ले गया था। इस दौरान अमित बटेजा द्वारा अभियुक्त जैकी को बताया गया था कि अजय बटेजा के पास जो सम्पति है उसमे उसके पिता का पैसा भी लगा हुआ है। उसके द्वारा कई बार अजय बटेजा को उसकी प्रोपर्टी मे से कुछ हिस्सा उसे देने को कहा गया लेकिन अजय बटेजा उसे संपत्ति न देकर उलटा सारा पैसा अय्याशी में लुटाया जा रहा है। जिस बीच अमित बटेजा ने अभियुक्त को उसके सौतेले भाई अजय बटेजा को रास्ते से हटाने तथा उसके एवज में जाखन स्थित प्रोपर्टी में से उसे आधा हिस्सा देने तथा नकुड सहारनपुर में पूर्व में हुए गोली काण्ड, जिसमे जैकी का नाम भी था, का नाम हटाने का आफर दिया गया था। जिसपर जैकी अजय बटेजा की हत्या करने को तैयार हो गया।

घटना को अंजाम देने के लिये 25 मई को अभियुक्त द्वारा अपनी प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया के साथ अमित बटेजा से सहारनपुर मे मिला, जहां उनके द्वारा अजय बटेजा की हत्या की योजना बनायी। उसके पश्चात अभियुक्त जैकी अपनी प्रेमिका जोया,अमित बटेजा व अपने साथी नीरज, जिसे उक्त प्लान की कोई जानकारी नहीं थी, को साथ लेकर मैक्स अस्पताल में ईलाज के लिए भर्ती अपने दोस्त अक्षय को देखने के बहाने से दून पहुँचा। योजना के तहत चारो लोग रात को अजय बटेजा के जाखन स्थित घर मे रुके। प्लान के अनुसार अभियुक्त द्वारा अपनी प्रेमिका जोया को अजय बटेजा के पास छोड दिया तथा खुद अपने अन्य साथियों के साथ मसूरी रोड स्थित शराब के ठेके में शराब लेने चला गया जहां उनके द्वारा गाड़ी में बैठकर शराब पी गयी व देर रात प्लान के अनुसार करीब 1 बजे अजय बटेजा के घर अकेले पहुँचा। प्लान में अनुसार अमित बटेजा अभियुक्त के साथी नीरज को बहाने से घर के बाहर से ही गाडी में बैठाकर अपने साथ ले गया। प्लान के मुताबिक जैकी द्वारा अपनी प्रेमिका की मदद से अजय बटेजा को जानबूझकर बहुत शराब पिलाई व मौका देखकर तकिए से उसका मुंह दबा दिया।

कप्तान ने बताया कि अभियुक्त के अनुसार नशा होने के कारण मृतक अजय बटेजा छटपटा नहीं पाया और मौके पर ही उसकी मौत हो गयी। हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए जैकी के द्वारा अजय की लाश को पंखे से लटकाने का प्रयास करने लगा, किन्तु जल्दबाजी में वह यह नही कर पाया। इस दौरान उसकी नज़र कमरे के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे पर पड़ी, पकड़े जाने के डर से अभियुक्त जैकी सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर निकाल कर अपने साथ ले गया था। घटना के बाद अभियुक्त ओटो के माध्यम से अपनी प्रेमिका के साथ आईएसबीटी पहुंचा और वहां से बस में बैठकर सहारनपुर चला गया।

कप्तान प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त बैंकी उर्फ राजन सहारनपुर का हिस्ट्रीशीटर भी है जिस पर शामली, सहारनपुर तथा अन्य स्थानों पर लूट, रंगदारी, हत्या के प्रयास सहित कई संगीन अपराधों के 21 मुकदमे पंजीकृत है। पुलिस मृतक के सौतेले भाई अमित बटेजा व हत्या में शामिल जैकी की प्रेमिका जोया की तलाश कर रही है।


ऋषिकेश में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, जेई 50 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

ऋषिकेश –  विजिलेंस टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक जूनियर इंजीनियर (जेई) को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी जेई की पहचान फैसल खान के रूप में हुई है, जो पशुलोक बैराज से जुड़े टेंडर की पेमेंट जारी करने के बदले रिश्वत मांग रहा था।

मामले की शुरुआत तब हुई जब एक ठेकेदार ने विजिलेंस के टोल-फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता के अनुसार, उसने पशुलोक बैराज में एक टेंडर कार्य पूरा किया था, लेकिन भुगतान के एवज में आरोपी अधिकारी 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहा था।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विजिलेंस ने ट्रैप टीम का गठन किया और योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने आरोपी को शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये लेते समय मौके पर ही पकड़ लिया। आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp