Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

गाजियाबाद के फ्लैट में मिले दो बुजुर्गों के शव, बदबू आने पर खुला मामला

Category Archives: क्राइम

गाजियाबाद के फ्लैट में मिले दो बुजुर्गों के शव, बदबू आने पर खुला मामला

गाजियाबाद –  शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र स्थित डीएलएफ कॉलोनी में एक फ्लैट से दो बुजुर्गों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शुक्रवार सुबह फ्लैट से तेज बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फ्लैट के अलग-अलग कमरों से दो शव बरामद किए, जिनकी पहचान राकेश शर्मा (74) और नेम सिंह (60) के रूप में हुई।

पुलिस के मुताबिक राकेश शर्मा फ्लैट में किराये पर रहते थे, जबकि नेम सिंह उनका ऑटो चलाने के साथ उनकी देखभाल भी करता था। दोनों लंबे समय से परिवार से अलग रह रहे थे। प्रारंभिक जांच में दोनों की मौत स्वाभाविक मानी जा रही है, हालांकि सही कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

एसीपी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि फ्लैट का दरवाजा खुला मिला और अंदर किसी तरह के संघर्ष या चोरी के निशान नहीं पाए गए। शवों पर भी चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। पुलिस को फ्लैट से शराब की खाली बोतलें भी मिली हैं। जांच में सामने आया कि राकेश शर्मा लंबे समय से बीमार थे और बिस्तर से उठने की स्थिति में नहीं थे, जबकि नेम सिंह शराब के आदी बताए जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों बुजुर्ग बेहद साधारण जीवन जी रहे थे और आर्थिक स्थिति भी अच्छी नहीं थी। पुलिस अब दोनों के परिजनों की तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।


मुरादनगर में दिनदहाड़े फायरिंग, पड़ोसी ने युवक को मारी गोली

गाजियाबाद-  मुरादनगर थाना क्षेत्र की आदर्श कॉलोनी में शनिवार सुबह दिनदहाड़े हुई फायरिंग से इलाके में सनसनी फैल गई। आपसी रंजिश के चलते पड़ोसी ने विरेंद्र त्यागी को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुबह करीब 10 बजे अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल विरेंद्र त्यागी को निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पुरानी रंजिश और आपसी विवाद की बात सामने आ रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

घटना के बाद आदर्श कॉलोनी और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।


IGI एयरपोर्ट पर 48 करोड़ की ड्रग्स बरामद, बैंकॉक से आए दो थाई नागरिक गिरफ्तार

नई दिल्ली- दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 48 करोड़ रुपये मूल्य की हाइड्रोपोनिक गांजा (मारिजुआना) की खेप बरामद की है। इस मामले में बैंकॉक से आए दो थाई नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक हाल के समय में एयरपोर्ट पर हुई यह सबसे बड़ी ड्रग्स बरामदगी में से एक मानी जा रही है।

कस्टम अधिकारियों के अनुसार, 22 मई को एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2356 से बैंकॉक से पहुंचे दो यात्रियों पर पहले से निगरानी रखी जा रही थी। दोनों जैसे ही ग्रीन चैनल पार कर बाहर निकलने लगे, उन्हें रोककर पूछताछ की गई और उनके सामान की तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान यात्रियों के बैग से कुल छह वैक्यूम-सील पैकेट बरामद हुए, जिनमें हाइड्रोपोनिक गांजा छिपाकर रखा गया था। एक यात्री के बैग से करीब 29 किलो और दूसरे के सामान से लगभग 19 किलो गांजा बरामद किया गया। कुल मिलाकर 47.805 किलो मादक पदार्थ जब्त किया गया।

कस्टम विभाग के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त ड्रग्स की कीमत करीब 48 करोड़ रुपये आंकी गई है। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस तस्करी नेटवर्क के पीछे कौन लोग शामिल हैं।


रिश्तों का कत्ल: जमीन विवाद में पोते ने दादा को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

हांसी- हरियाणा के गांव कुंभा में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। 80 वर्षीय बुजुर्ग बरखा राम की कथित तौर पर उनके ही पोते अंकित ने डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मृतक की बेटी की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक घटना वीरवार रात करीब 10 बजे की है। गंभीर रूप से घायल बरखा राम को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की बेटी कमलेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पिता बरखा राम गांव में बेटे रामफल के साथ रहते थे और आरोपी अंकित अक्सर मकान अपने नाम करवाने को लेकर उन्हें परेशान करता था।

परिजनों का आरोप है कि बुजुर्ग के साथ लंबे समय से दुर्व्यवहार किया जा रहा था। उन्हें समय पर खाना नहीं दिया जाता था और घर से निकालने की धमकियां भी दी जाती थीं। घटना वाले दिन जमीन विवाद को लेकर परिवार में कहासुनी हुई, जिसके बाद अंकित ने कथित तौर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में बरखा राम के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौत हो गई।

ग्रामीणों ने भी आरोप लगाया कि बुजुर्ग के साथ अक्सर मारपीट की जाती थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।


30 एकड़ जमीन घोटाले में ED का एक्शन, मुख्य प्रवर्तक अजय सहगल गिरफ्तार

 जालंधर बहुचर्चित सनटेक सिटी जमीन घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इंडियन कोऑपरेटिव हाउस बिल्डिंग सोसायटी के सचिव और सनटेक सिटी परियोजना के मुख्य प्रवर्तक अजय सहगल को गिरफ्तार कर लिया है। ईडी ने उन्हें धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत हिरासत में लिया है और अब विशेष अदालत से रिमांड लेकर पूछताछ की तैयारी कर रही है।

जांच एजेंसी के अनुसार मामले में करोड़ों रुपये की हेराफेरी, निवेशकों से धोखाधड़ी और जमीन से जुड़े बड़े फर्जीवाड़े के प्रमाण मिले हैं। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि करीब 30.5 एकड़ जमीन से जुड़े कथित फर्जी कंसेंट लेटर तैयार किए गए थे, जिन पर किसानों के नकली हस्ताक्षर और फर्जी अंगूठे के निशान लगाए गए।

ईडी का दावा है कि इन कथित फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सनटेक सिटी के अलावा ‘ला कैनेला’ नाम की रिहायशी परियोजना और ‘डिस्ट्रिक्ट-7’ कमर्शियल कॉम्प्लेक्स भी विकसित किए गए। मामले में ग्रेटर मोहाली क्षेत्र विकास प्राधिकरण (GMADA) के मुख्य प्रशासक संदीप कुमार को भी पूछताछ के लिए तलब किया गया है।

जांच एजेंसियों ने इस मामले में बिल्डरों, बिचौलियों और अन्य सहयोगियों की भूमिका की भी जांच तेज कर दी है। आरोप है कि प्रभावशाली लोगों की सांठगांठ से निवेशकों से करोड़ों रुपये जुटाए गए और नियमों की अनदेखी कर परियोजनाएं चलाई गईं। फिलहाल ईडी डिजिटल रिकॉर्ड, बैंक खातों और कथित हवाला लेनदेन की गहन जांच कर रही है।


SSC परीक्षा में हाईटेक नकल गैंग का भंडाफोड़, STF ने सात आरोपियों को दबोचा

ग्रेटर नोएडा- एसएससी जीडी कांस्टेबल भर्ती परीक्षा-2026 में धांधली कराने वाले एक हाईटेक गिरोह का उत्तर प्रदेश एसटीएफ नोएडा यूनिट ने बड़ा खुलासा किया है। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित बालाजी डिजिटल जोन परीक्षा केंद्र पर छापेमारी कर एसटीएफ ने गिरोह के सरगना समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ऑनलाइन परीक्षा के सर्वर को बाईपास कर प्रॉक्सी सर्वर और स्क्रीन शेयरिंग तकनीक के जरिए बाहर बैठे सॉल्वर से प्रश्नपत्र हल करा रहे थे।

एसटीएफ के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में प्रदीप चौहान, अरुण कुमार, संदीप भाटी, निशांत राघव, अमित राणा, शाकिर मलिक और विवेक कुमार शामिल हैं। इनमें दो आरोपी परीक्षा देने वाले अभ्यर्थी बताए जा रहे हैं, जबकि बाकी लोग पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 50 लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन, लैपटॉप, राउटर, एडमिट कार्ड और परीक्षा कंपनी के आईडी कार्ड बरामद किए हैं।

जांच में सामने आया कि गिरोह तकनीकी खामियों का फायदा उठाकर परीक्षा केंद्र के कंप्यूटर की स्क्रीन बाहर बैठे सॉल्वर तक पहुंचाता था। इसके बाद सॉल्वर तुरंत प्रश्नों के उत्तर भेज देता था। मुख्य आरोपी प्रदीप चौहान परीक्षा केंद्र का संचालन करता था और लंबे समय से ऑनलाइन परीक्षाओं में धांधली कराने में शामिल था।

एसटीएफ अधिकारियों के मुताबिक आरोपी अभ्यर्थियों से परीक्षा पास कराने के लिए करीब चार लाख रुपये वसूलते थे। इसमें हिस्सा दलालों, तकनीकी टीम और सॉल्वर के बीच बांटा जाता था। पुलिस अब जब्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फोरेंसिक जांच करा रही है ताकि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और संभावित अन्य परीक्षाओं में हुई धांधली का खुलासा हो सके।


महिलाओं पर कैंची से हमला करने वाला सिरफिरा गिरफ्तार, इलाके में फैली थी दहशत

नोएडा –  सेक्टर-58 क्षेत्र में महिलाओं पर हमले की सनसनीखेज घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक सिरफिरे युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि वह स्कूटी से घूमकर अकेली पैदल चल रही महिलाओं को निशाना बनाता था और उनके कमर के नीचे कैंची से हमला करता था। घटना के सामने आने के बाद इलाके में भय और चिंता का माहौल बन गया था।

पुलिस के मुताबिक आरोपी एक निजी कंपनी में काम करता है और उसने एक ही दिन में दो महिलाओं पर हमला किया था। वह सुनसान स्थानों पर महिलाओं को देखकर वारदात को अंजाम देता था। हमले का तरीका बेहद खौफनाक था, जिससे स्थानीय लोग भी दहशत में आ गए।

घटना की जानकारी मिलते ही सेक्टर-58 थाना पुलिस ने जांच शुरू की और तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी अमित तोमर ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने इस तरह की घटनाओं को क्यों अंजाम दिया और क्या वह पहले भी ऐसी वारदातों में शामिल रहा है। साथ ही उसकी मानसिक स्थिति की भी जांच कराई जा रही है।


लूट के लिए चचेरे भाई ने की महिला और बेटे की हत्या, मुठभेड़ के बाद आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली- दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में मां-बेटे की निर्मम हत्या के मामले में दिल्ली पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स टीम ने मुख्य आरोपी सौरभ को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर 20 मई की रात गृहिणी शारदा और उनके 13 वर्षीय बेटे खुशहाल की चाकू मारकर हत्या करने का आरोप है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सौरभ के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी सौरभ मृतका शारदा का चचेरा भाई है और वह संगम विहार इलाके का रहने वाला है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने लूटपाट के इरादे से वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद घर से नकदी और आभूषण भी गायब मिले हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक सौरभ पर पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

दक्षिण-पूर्वी जिले के डीसीपी हेमंत तिवारी ने बताया कि पुलिस को रात 1:11 बजे घटना की सूचना मिली थी। मृतका के पति विष्णु साहू, जो फल और सब्जियां बेचने का काम करते हैं, देर रात जब घर लौटे तो मुख्य दरवाजा बाहर से बंद मिला। अंदर पहुंचने पर उन्होंने पत्नी और बेटे के शव खून से लथपथ हालत में पड़े देखे। दोनों के शरीर पर चाकू के कई वार के निशान थे।

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने अपराध शाखा और एफएसएल टीम की मदद से जांच शुरू की। मामले में हत्या और लूटपाट की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। परिवार के मुताबिक कुछ दिन पहले विष्णु साहू ने कमेटी से बड़ी रकम निकाली थी, जिसके बाद घर में नकदी होने की जानकारी आरोपी को थी। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।


भिवानी से 35 करोड़ की हेरोइन बरामद, गुरुग्राम STF ने तस्कर को दबोचा

गुरुग्राम – एसटीएफ ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा के भिवानी से एक कथित हेरोइन तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 35 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित के रूप में हुई है। एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि वह भिवानी स्थित अपने घर से बड़े स्तर पर नशीले पदार्थों का कारोबार चला रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके घर से भारी मात्रा में हेरोइन बरामद हुई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पंजाब से हेरोइन की खेप लाकर हरियाणा के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई करता था। पुलिस के अनुसार इस नेटवर्क में उसका भाई भी शामिल है, जो फिलहाल फरार है। पुलिस ने उसे भगोड़ा घोषित कर रखा है। बताया जा रहा है कि आरोपी के भाई के खिलाफ पंजाब में भी नशा तस्करी के कई मामले दर्ज हैं।

एसटीएफ अब आरोपी से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। अधिकारियों का मानना है कि इस गिरोह के तार कई राज्यों से जुड़े हो सकते हैं। पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है ताकि नशा तस्करी के इस रैकेट का पूरा खुलासा किया जा सके।


‘ऑपरेशन प्रहार’ में बड़ी सफलता, भूमि धोखाधड़ी के मास्टरमाइंड समेत दो आरोपी गिरफ्तार

फर्जी दस्तावेज बनाकर हड़पे लाखों रुपये

देहरादून। दून पुलिस ने जमीन के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पहाड़ के लोगों, फौजियों और दूसरे राज्यों में रहने वाले उत्तराखंड मूल के लोगों को सस्ते दामों पर जमीन दिलाने का लालच देकर धोखाधड़ी करता था। पुलिस ने 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी प्रदीप सकलानी को उसके सहयोगी अजय सजवाण के साथ डालनवाला क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार सहस्त्रधारा रोड निवासी विक्रम सिंह ने थाना रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि प्रदीप सकलानी, अभय कुमार और अजय सजवाण ने ग्राम सौंडा सरोली स्थित भूमि को अपना बताकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए और जमीन का सौदा करने के नाम पर उनसे 30 लाख रुपये की अग्रिम राशि ले ली। बाद में जांच में सामने आया कि जमीन के वास्तविक मालिकों ने आरोपियों को भूमि बेचने का कोई अधिकार नहीं दिया था।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपियों ने फर्जी अनुबंध पत्र तैयार कर पीड़ित को धोखे में रखा। जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों द्वारा दिए गए चेक भी बाउंस हो गए। मामला दर्ज होने के बाद मुख्य आरोपी प्रदीप सकलानी लगातार फरार चल रहा था, जिस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

एसएसपी परमेन्द्र डोभाल के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत गठित विशेष पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर एकता विहार, डालनवाला में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक प्रदीप सकलानी लोगों का विश्वास जीतने के लिए खुद को पहाड़ी मूल का बताता था और कम कीमत पर जमीन दिलाने का लालच देकर दूसरे लोगों की संपत्तियों को अपनी बताकर मोटी रकम वसूल लेता था।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ देहरादून के विभिन्न थानों में भूमि धोखाधड़ी, जालसाजी और अन्य गंभीर धाराओं में 27 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। वहीं, एनआई एक्ट से जुड़े दो दर्जन से अधिक मामले विभिन्न न्यायालयों में लंबित बताए जा रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp