Tuesday, November 17, 2026
12:03 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

छतरपुर में 40 वर्षीय व्यक्ति की हत्या का खुलासा, 81 वर्षीय ससुर गिरफ्तार

Category Archives: क्राइम

छतरपुर में 40 वर्षीय व्यक्ति की हत्या का खुलासा, 81 वर्षीय ससुर गिरफ्तार

छतरपुर। छतरपुर थाना क्षेत्र के बभंण्डी गांव में 20 सितंबर को हुई गांधी भुइयां (40) की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक के 81 वर्षीय ससुर जगदेव भुइयां को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल टांगी भी बरामद कर जब्त कर ली है।

छतरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने बुधवार को अपने कार्यालय में बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उनके नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने कार्रवाई करते हुए 22 सितंबर को जगदेव भुइयां को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, गांधी भुइयां शराब के नशे में अपनी पत्नी निर्मला देवी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ अक्सर मारपीट करता था। इससे परेशान होकर निर्मला करीब दो-तीन माह पहले अपने मायके चली गई थी।

पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर को गांधी ने ससुर और परिवार के अन्य सदस्यों के सामने अपनी बेटी के साथ मारपीट और बदसलूकी शुरू कर दी। यह देखकर जगदेव आक्रोशित हो गया और उसने टांगी से गांधी पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण गांधी की मौत हो गई।

घटना के दो दिन बाद पुलिस ने आरोपी ससुर को गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी टीम में छतरपुर थाना प्रभारी सह अनुसंधानकर्ता सौरभ चौबे, पुलिस अवर निरीक्षक धनंजय गोप समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।


चलती ट्रेन में पैसे नहीं देने पर युवक को धक्का देने का आरोप, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

पटना। चलती ट्रेन से एक युवक को धक्का देकर उसकी जान लेने के मामले में रेल पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर आरा-जगजीवन हॉल्ट के बीच से युवक का शव भी बरामद कर लिया।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बारिसवन निवासी 25 वर्षीय रोहित तिवारी उर्फ गुड्डू तिवारी के रूप में हुई है। मामले में वैशाली जिले के महिसौर थाना क्षेत्र के चांद सराय निवासी मुकेश राय ने बक्सर रेल थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

पुलिस के अनुसार, मुकेश राय का 21 वर्षीय बेटा नितिन कुमार हैदराबाद में मजदूरी करता था। 19 सितंबर को वह ट्रेन संख्या 07091 दानापुर स्पेशल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान कथित तौर पर कुछ लोगों ने उससे रुपये मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर उसे चलती ट्रेन से धक्का दिए जाने की बात सामने आई।

घटना को लेकर 21 सितंबर को बक्सर रेल थाना में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए रेल पुलिस अधीक्षक अनंत कुमार राय के निर्देश पर रेल पुलिस उपाधीक्षक दानापुर कंचन राज के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। तकनीकी जांच और मानवीय सूचना के आधार पर टीम ने बक्सर और बनारस के बीच मोहनसराय से रोहित तिवारी को पकड़ लिया।

पूछताछ में पुलिस को पता चला कि आरोपित आरा-डीडीयू रेलखंड की पैसेंजर ट्रेनों में खुद को पुलिस, आरपीएफ या एसटीएफ का जवान बताकर यात्रियों से पैसे वसूलता था। वह टिकट जांच या धूम्रपान के नाम पर जुर्माना लगाने की बात कहकर रुपये मांगता था। पुलिस के मुताबिक, पैसे नहीं देने पर वह यात्रियों के साथ मारपीट भी करता था।

रेल पुलिस के अनुसार, रोहित तिवारी के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। दानापुर रेल थाना में 9 सितंबर 2026 को भी उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया था। वह पहले जेल जा चुका है और फिलहाल जमानत पर बाहर था।

आरोपित की निशानदेही पर बरामद पर्स से मृतक के नाम के इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक का डेबिट कार्ड, पीएनबी और एसबीआई के एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, दिव्यांग कार्ड और वोटर आईडी समेत अन्य दस्तावेज मिले। पर्स से आरोपित के नाम का आधार कार्ड भी बरामद हुआ है। पुलिस ने मृतक की पहचान उसके पिता मुकेश राय से कराई।

रेल पुलिस ने मामले में स्पीडी ट्रायल की कार्रवाई की बात कही है। एसपी ने अभियान में शामिल पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को नकद पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र देने के साथ राज्य स्तर पर सम्मानित करने की अनुशंसा की है। साथ ही पूरे रेल जिले में अपराधियों के खिलाफ छापेमारी जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।


बैद्यनाथ महतो हत्याकांड में पुलिस का बड़ा ऑपरेशन, ड्रोन से तलाशी के बाद मुख्य आरोपित त्रिभुवन गिरफ्तार

सीतामढ़ी। जिला पार्षद पति सह प्रतिनिधि बैद्यनाथ महतो हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने मंगलवार रात बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया। तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली थी कि नामजद आरोपित एजाज और त्रिभुवन केथरिया चौर के आसपास छिपे हुए हैं।

सूचना के बाद पुलिस की विशेष टीमों ने इलाके की घेराबंदी कर दी। तलाशी के दौरान चौर क्षेत्र से आरोपितों की बाइक बरामद हुई। पुलिस की बढ़ती घेराबंदी के बीच दोनों आरोपित रात के अंधेरे और जंगल-झाड़ियों का फायदा उठाकर वहां से छिप गए।

इसके बाद पुलिस ने रातभर इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी रखा। चौर और आसपास के जंगल-झाड़ियों में पुलिस की टीमें लगातार तलाशी लेती रहीं। ड्रोन कैमरे की मदद से भी संभावित ठिकानों पर नजर रखी गई।

बुधवार सुबह स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने हत्याकांड के मुख्य नामजद आरोपित त्रिभुवन को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस उससे हत्या में उसकी कथित भूमिका और फरारी के दौरान उसके ठिकानों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

वहीं, दूसरे नामजद आरोपित एजाज की तलाश अभी जारी है। पुलिस की कई टीमें जंगल-झाड़ियों और चौर के आसपास लगातार अभियान चला रही हैं। संभावित ठिकानों पर भी दबिश दी जा रही है। पुलिस अधीक्षक अमित रंजन के अनुसार, फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई लगातार जारी है।

बैद्यनाथ महतो हत्याकांड के बाद से ही पुलिस नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। बाइक मिलने के बाद पुलिस को उनके आसपास छिपे होने की आशंका हुई, जिसके बाद रातभर घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाया गया।


किराए के मकान में मिला 35 वर्षीय महिला का शव, प्रेमी पर हत्या का आरोप; जांच में जुटी पुलिस

नरकटियागंज  प्रकाशनगर वार्ड संख्या 11 में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का शव उसके किराए के मकान से बरामद हुआ। मृतका की पहचान 35 वर्षीय गुड़िया पटेल के रूप में हुई है। उसके गले पर जख्म के निशान मिले हैं।

बताया गया कि गुड़िया करीब आठ वर्षों से अपने पति से अलग रह रही थी। उसका पति नेपाल में रहता है। इसके बाद वह नरकटियागंज के प्रकाशनगर में किराए के मकान में रहने लगी थी। परिजनों के अनुसार, पिछले तीन-चार वर्षों से वार्ड संख्या एक निवासी आशीष जायसवाल उर्फ सिकु का उसके घर आना-जाना था।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतका की मां अंजनी देवी और बहन वर्षा देवी ने आशीष जायसवाल उर्फ सिकु पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों के मुताबिक, घटना से करीब चार दिन पहले गुड़िया का आशीष से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था और उसने इसकी जानकारी अपने मायके वालों को भी दी थी।

स्वजनों के अनुसार, घटना वाली रात गुड़िया का करीब नौ वर्षीय बेटा अपनी नानी के घर चला गया था। उस समय गुड़िया घर में अकेली थी। इसके बाद उसकी मौत की जानकारी सामने आई।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिवार में मातम का माहौल है। एसडीपीओ आईपीएस प्रसन्ना कुमार एमवी ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


हिसार के दो होटलों में पुलिस की छापेमारी, 22 महिलाएं और 19 पुरुष मिले

हिसार। अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हिसार पुलिस ने मॉडल टाउन क्षेत्र के दो होटलों में छापेमारी कर संदिग्ध गतिविधियों का खुलासा किया है। थाना अर्बन एस्टेट पुलिस ने डीएसपी महिला सुरक्षा प्रिया शर्मा के नेतृत्व में होटल राज और होटल 999 में कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, होटल राज से 9 महिलाएं और 8 पुरुष, जबकि होटल 999 से 13 महिलाएं और 11 पुरुष संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। पुलिस ने सभी को सुरक्षित बाहर निकालकर पूछताछ की और नियमानुसार कार्रवाई के बाद छोड़ दिया।

पुलिस ने बताया कि होटल 999 में पहले एक बोगस ग्राहक भेजा गया था। इशारा मिलते ही टीम ने छापा मारा और कमरा नंबर 205 से एक महिला को बरामद किया। उसके मेकअप किट से आपत्तिजनक सामान भी मिला। इसी तरह होटल राज के कमरा नंबर 112 में भी बोगस ग्राहक के साथ एक महिला मिली।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने होटल 999 के मैनेजर कुलदीप निवासी कौथ कलां, हांसी और होटल राज के मैनेजर अंकुश निवासी कैथल को गिरफ्तार किया। दोनों होटलों से कुल 1,000 रुपये और आपत्तिजनक सामान बरामद कर पुलिस ने उसे साक्ष्य के तौर पर सील कर दिया।

पुलिस जांच में दोनों मैनेजरों पर बाहर से महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार कराने का आरोप सामने आया है। इस मामले में थाना अर्बन एस्टेट में Immoral Traffic (Prevention) Act, 1956 की धारा 3(2)(A), 3(2)(B), 4 और 5 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

एसपी सिद्धान्त जैन ने कहा कि होटल, गेस्ट हाउस या अन्य प्रतिष्ठानों की आड़ में अवैध गतिविधियां संचालित करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


सहसपुर में 6.5 लाख की स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार, मिर्जापुर से लाकर बेचने की थी तैयारी

देहरादून। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सहसपुर पुलिस ने एक युवक को 20.78 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 6.5 लाख रुपये है। आरोपी के कब्जे से 3,620 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं।

पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर की रात बड़ा गौहर रामपुर में सिद्दिकी मस्जिद के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर आरोपी को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जावेद (24) पुत्र स्व. जहीद, निवासी सिद्दिकी मस्जिद के पास बड़ा गौहर रामपुर, सहसपुर के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह ड्राइवर का काम करता है और मिर्जापुर, उत्तर प्रदेश से एक ड्रग पैडलर से स्मैक खरीदकर देहरादून लाया था। इसे स्थानीय नशे के आदी लोगों को महंगे दामों में बेचकर मुनाफा कमाने की तैयारी थी।

पहले भी NDPS एक्ट में जा चुका है जेल

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ा मामला सामने आया है। उसके खिलाफ सहसपुर थाने में मु0अ0सं0 12/26, धारा 8/21 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज है।

वर्तमान मामले में आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 238/2026, धारा 8/21/27(ए) NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में सामने आए अन्य संभावित तस्करों की जानकारी जुटाते हुए पुलिस उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

बरामदगी:

20.78 ग्राम स्मैक, अनुमानित कीमत करीब 6.5 लाख रुपये

3,620 रुपये नकद

पुलिस टीम

वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रवीण पुंडीर

उपनिरीक्षक जावेद हसन

हेड कांस्टेबल त्रेपन सिंह

कांस्टेबल नवबहार

अनुराग और ब्रजपाल


हाड़गंज के स्पा सेंटर में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार, 8 महिलाएं पाबंद

नई दिल्ली। पहाड़गंज इलाके में स्पा सेंटर की आड़ में कथित रूप से चल रहे सेक्स रैकेट का नबी करीम थाना पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। मौके से आठ महिलाओं को भी पाबंद किया गया, जिन्हें पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों में पहाड़गंज निवासी स्पा मालिक विवेक कुमार, झारखंड निवासी मैनेजर दशरथ मंडल, छपरा निवासी अमन और गाजियाबाद निवासी गुड्डू करमाकर शामिल हैं। छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से कई आपत्तिजनक सामग्री भी मिली है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक 21 सितंबर की शाम करीब सात बजे सब इंस्पेक्टर नीरज राठी को सूचना मिली थी कि पहाड़गंज की मुल्तानी ढांडा स्थित गली नंबर तीन में प्रॉपर्टी नंबर 9139 की दूसरी और तीसरी मंजिल पर स्पा सेंटर की आड़ में अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने सब इंस्पेक्टर अमित को नकली ग्राहक बनाकर मौके पर भेजा। गैर-कानूनी गतिविधि की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम ने सेंटर पर छापा मार दिया। कार्रवाई के दौरान चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।

मौके से नेपाल, बंगाल, नोएडा और पंजाब की रहने वाली आठ महिलाओं को पाबंद किया गया था। पूछताछ के बाद सभी को छोड़ दिया गया। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।


NEET UG फर्जीवाड़े में दो गिरफ्तार, फर्जी प्रमाण पत्र से तीन अभ्यर्थियों को एमबीबीएस में दिलाया दाखिला

देहरादून। नीट यूजी-2025 के तहत फर्जी दस्तावेजों के आधार पर एमबीबीएस में दाखिला दिलाने के मामले में देहरादून पुलिस की एसआईटी ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित कोटे का लाभ दिलाने के लिए कथित तौर पर कूटरचित प्रमाण पत्र तैयार कर तीन अभ्यर्थियों को अलग-अलग मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश दिलाया गया।

मामले की शुरुआत 13 सितंबर 2026 को हुई, जब थाना रायपुर और थाना क्लेमेंटाउन में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित प्रमाण पत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन किए जाने की शिकायतें मिलीं। दस्तावेजों की जांच में इनके फर्जी पाए जाने पर दोनों थानों में अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने पुलिस अधीक्षक ग्रामीण-1 जया बलोनी के नेतृत्व में एसआईटी गठित की। टीम ने जांच के दौरान संबंधित अभ्यर्थियों के दस्तावेज और शिक्षण संस्थानों से जुड़े रिकॉर्ड कब्जे में लेकर उनका परीक्षण किया। जांच में दस्तावेजों पर दर्ज पते गलत पाए गए। इसके बाद शिक्षण संस्थानों से प्राप्त रिकॉर्ड के आधार पर अभ्यर्थियों के वास्तविक पते और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई गई।

जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर एसआईटी ने रूपेश पंडित और अरविंद कुमार को पूछताछ के लिए थाना रायपुर बुलाया। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में रूपेश पंडित ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ करीब पांच साल से एजुकेशन कंसल्टेंसी का काम कर रहा था। मेरठ में वह ‘मिकोडो (MECODO) पाठशाला’ नाम से कंपनी संचालित करता था। इसके माध्यम से निजी विश्वविद्यालयों और विदेशों में एमबीबीएस, बीटेक, बीसीए, बीबीए और बीकॉम सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों में कमीशन के आधार पर दाखिला दिलाने का काम किया जाता था।

जांच के अनुसार, अरविंद कुमार रूपेश का पुराना परिचित था। अपनी बेटी परी और दो अन्य परिचितों के बच्चों के एमबीबीएस दाखिले के लिए उसने रूपेश से संपर्क किया था। आरोप है कि रूपेश और उसके साथियों ने तीनों अभ्यर्थियों को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कोटे से एमबीबीएस में प्रवेश दिलाने की बात कही और प्रत्येक दाखिले के लिए 45 लाख रुपये मांगे।

पुलिस के मुताबिक, तीनों अभ्यर्थियों के परिजनों से 20-20 लाख रुपये एडवांस के तौर पर लिए गए थे। शेष रकम एमबीबीएस में दाखिला होने और कक्षाएं शुरू होने के बाद देने की बात तय हुई थी।

एसआईटी जांच में आरोप है कि रूपेश और उसके साथियों ने तीनों अभ्यर्थियों के लिए कूटरचित दस्तावेज तैयार कर फर्जी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित प्रमाण पत्र बनवाए। इन्हीं प्रमाण पत्रों के आधार पर अलग-अलग मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस में प्रवेश कराया गया।

पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच जारी है। एसआईटी प्रकरण में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।

गिरफ्तार आरोपित:
रूपेश पंडित, निवासी पूर्णिया, बिहार, हाल निवासी मेरठ, उत्तर प्रदेश, उम्र 30 वर्ष।
अरविंद कुमार, निवासी बहादरपुर खादर, थाना लक्सर, हरिद्वार।


बाजपुर में अवैध SIM Box टेलीकॉम गेटवे का भंडाफोड़, 114 सिम कार्ड समेत युवक गिरफ्तार

ऊधमसिंहनगर। उत्तराखंड एसटीएफ की साइबर कुमाऊं यूनिट ने बाजपुर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अवैध SIM Box के जरिए संचालित टेलीकॉम गेटवे का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, यह गेटवे विदेशी और VoIP कॉल को भारतीय मोबाइल नंबर के रूप में दिखाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान एक युवक को गिरफ्तार कर बड़ी संख्या में सिम कार्ड और टेलीकॉम उपकरण बरामद किए गए हैं।

एसटीएफ के मुताबिक, दूरसंचार विभाग के साथ समन्वय के बाद बाजपुर के मुड़िया, ईदगाह के पास एक मकान में अवैध टेलीकॉम गेटवे संचालित होने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर टीम ने दबिश देकर कादिर पुत्र जाबिर अली, उम्र करीब 24 वर्ष, निवासी मिलक जुम्मावाली, थाना भगतपुर, जिला मुरादाबाद को गिरफ्तार किया।

मौके से दो 32-स्लॉट SIM Box, 77 एंटीना, 114 एयरटेल सिम कार्ड, इंटरनेट राउटर, Samsung A35 मोबाइल फोन और कई अन्य टेलीकॉम उपकरण बरामद किए गए। मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

जांच में सामने आया कि SIM Box के माध्यम से विदेशी और इंटरनेट आधारित VoIP कॉल को भारतीय लोकल मोबाइल कॉल के रूप में प्रदर्शित किया जा रहा था। इसके चलते कॉल पाने वाले व्यक्ति के मोबाइल पर विदेशी नंबर के बजाय भारतीय नंबर दिखाई देता था। पुलिस के अनुसार, इस व्यवस्था से कॉल करने वाले की वास्तविक पहचान और लोकेशन छिपाने में मदद मिलती थी।

एसटीएफ के मुताबिक, गेटवे में अलग-अलग लोगों की आईडी का कथित रूप से दुरुपयोग कर हासिल किए गए सिम कार्ड लगाए गए थे। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी के बांग्लादेश के साइबर अपराधियों के संपर्क में होने और उनके जरिए आर्थिक लाभ लेने की जानकारी सामने आई है। आरोपी ने करीब सात महीने से गेटवे संचालित करने की बात बताई है।

पुलिस के अनुसार, कादिर पहले भी साइबर अपराधियों के संपर्क में रहा है। वर्ष 2023 में थाना कटघर, मुरादाबाद में SIM Box के जरिए अवैध टेलीकॉम गेटवे संचालित करने के मामले में उसे गिरफ्तार किया गया था। वर्तमान में वह जमानत पर था। एसटीएफ अब उसके विदेशी संपर्कों, साइबर नेटवर्क, बैंक खातों और अन्य सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

पुलिस का कहना है कि SIM Box का इस्तेमाल विदेशी कॉल को लोकल नंबर के रूप में दिखाने, पहचान छिपाने और फर्जी दस्तावेजों पर जारी सिम कार्डों के जरिए साइबर अपराधों में किया जा सकता है। डिजिटल अरेस्ट और फर्जी अधिकारी बनकर ठगी जैसे मामलों में भी इस तकनीक के इस्तेमाल की आशंका की जांच की जा रही है।

एसटीएफ ने बताया कि फर्जी दस्तावेजों के जरिए सिम उपलब्ध कराने वाले एजेंटों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।


मुठभेड़ में अंतरराज्यीय ट्रांसफार्मर चोर गिरोह का खुलासा, सरगना समेत तीन गिरफ्तार

बागपत। बालैनी थाना पुलिस ने मेरठ समेत आसपास के क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर और नलकूपों से चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरोह के सरगना समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। इस दौरान सरगना के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

एसपी सूरज कुमार राय के मुताबिक, सोमवार रात पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश हरियाखेड़ा गांव के वन क्षेत्र में ट्रांसफार्मर और नलकूपों में चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए पहुंचे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरेंद्र निवासी गणेशपुर, हाल निवासी पावली खास के पैर में गोली लगी और उसे पकड़ लिया गया।

मौके से पुलिस ने सुरेंद्र के साथ आशुतोष उर्फ आशु निवासी दौलतपुर और सलमान उर्फ गंजा निवासी पावली खास, मेरठ को भी गिरफ्तार किया। घायल सुरेंद्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपितों ने बागपत के बड़ौत कोतवाली, बालैनी और बिनौली थाना क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर तथा नलकूपों से चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से तमंचा, तीन कारतूस, एक खोखा, वारदात में इस्तेमाल रेहड़ा, बिना नंबर की दो बाइक, चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, केबल, स्टार्टर और कटआउट समेत अन्य सामान बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में सलमान कबाड़ी का काम करता है। गिरोह चोरी किए गए सामान को कबाड़ियों के यहां सस्ते दाम पर बेच देता था। पुलिस अब गिरोह के पांच अन्य सदस्यों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस के मुताबिक, सुरेंद्र गिरोह का सरगना है और वह अपने सात साथियों के साथ मिलकर वर्ष 2012 से गिरोह चला रहा था। वर्ष 2021 से गिरोह लगातार चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। सुरेंद्र के खिलाफ मेरठ रेंज और आसपास के अन्य जिलों में करीब 50 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। वहीं, आशुतोष और सलमान के खिलाफ बागपत में छह-छह मुकदमे दर्ज हैं।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp