Tuesday, November 17, 2026
10:38 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

सहरसा में बदमाशों का आतंक, स्टेशन जा रहे परिवार से लाखों के जेवर और नकदी लूटी

Category Archives: क्राइम

सहरसा में बदमाशों का आतंक, स्टेशन जा रहे परिवार से लाखों के जेवर और नकदी लूटी

परिवार को बंधक बनाकर की लाखों की लूट

सहरसा। बिहार के सहरसा जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। मंगलवार तड़के सदर थाना क्षेत्र में बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने एक ई-रिक्शा को रोककर उसमें सवार यात्रियों से लाखों रुपये के सोने के आभूषण, नकदी और मोबाइल फोन लूट लिए। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

हैदराबाद जाने के लिए स्टेशन जा रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार, बनगांव थाना क्षेत्र निवासी सूरज कुमार अपनी बहन सरिता देवी, बहनोई दिलीप मिश्रा और भांजे कृष्ण कुमार को हैदराबाद जाने वाली ट्रेन पकड़वाने के लिए मंगलवार सुबह सहरसा रेलवे स्टेशन जा रहे थे। उनके साथ ई-रिक्शा चालक अभिषेक कुमार भी मौजूद था। परिवार रेलवे स्टेशन पहुंचने ही वाला था कि रास्ते में अपराधियों ने उन्हें निशाना बना लिया।

कहरा कुटी के पास वारदात को दिया अंजाम

पीड़ितों के मुताबिक, सुबह करीब चार बजे जैसे ही ई-रिक्शा कहरा कुटी इलाके के पास पहुंचा, तभी एक बाइक पर सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे और हथियार दिखाकर वाहन रुकवा लिया। इसके बाद अपराधियों ने यात्रियों को धमकाते हुए उनके पास मौजूद कीमती सामान लूट लिया।

लाखों के जेवरात और नकदी लेकर फरार

बदमाशों ने परिवार के सदस्यों के गले से सोने की चेन, लॉकेट और अन्य आभूषण छीन लिए। इसके अलावा करीब सात हजार रुपये नकद और ई-रिक्शा चालक का मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए। पीड़ित परिवार के अनुसार, लूटे गए सोने के जेवरात की कीमत लगभग चार लाख रुपये आंकी गई है। वारदात के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद पीड़ित परिवार ने सदर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है।

पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।


एनडीपीएस केस में फरार आरोपी हबीब अली पकड़ा गया, भोपाल पुलिस की बड़ी कार्रवाई

 भोपाल- भोपाल पुलिस ने देशभर में चोरी, लूट और डकैती जैसी वारदातों को अंजाम देने वाली कुख्यात ईरानी गैंग के एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। निशातपुरा थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी हबीब हसमत अली को देर रात घेराबंदी कर दबोच लिया। आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस के अनुसार, हबीब फरवरी में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में फरार चल रहा था। उसके खिलाफ वारंट भी जारी किया गया था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि आरोपी इलाके में घूम रहा है, जिसके बाद पेट्रोलिंग टीम ने उसका पीछा शुरू किया।

पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा। बचने के लिए उसने रास्ते में एक व्यक्ति से लिफ्ट ली और कुछ दूरी तक फरार होने की कोशिश की। बाद में वह वाहन छोड़कर गलियों के रास्ते ईरानी डेरे की ओर भागा, लेकिन पुलिस ने पहले ही इलाके की घेराबंदी कर रखी थी।

निशातपुरा थाना पुलिस ने तुरंत अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर तीन तरफ से घेराबंदी की, जिसके चलते आरोपी डेरे तक पहुंचने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि आरोपी डेरे के भीतर पहुंच जाता तो गिरफ्तारी मुश्किल हो सकती थी।

गिरफ्तार आरोपी हबीब अली को कुख्यात बदमाश राजू ईरानी का भाई बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, एनडीपीएस मामले में उसकी पत्नी नाजमा अली मुख्य आरोपी है, जबकि हबीब पर सहयोगी की भूमिका निभाने का आरोप है।

गिरफ्तारी के दौरान इलाके में हलचल का माहौल रहा। हालांकि पुलिस ने पथराव की खबरों से इनकार किया है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।


पत्नी को जिंदा जलाने के प्रयास में फरार पति दोषी करार,अदालत ने सुनाई 10 साल की सजा

धनबाद।  दहेज प्रताड़ना और पत्नी को जलाकर हत्या के प्रयास के मामले में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाते हुए भूली बाईपास निवासी मुहम्मद शाहबाज उर्फ डेनियल को 10 वर्ष की कठोर कारावास की सजा सुनाई है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और अदालत द्वारा उसे भगोड़ा घोषित किया जा चुका था।

मामले की सुनवाई जिला एवं सत्र न्यायाधीश तृतीय पारस कुमार सिन्हा की अदालत में हुई। आरोपी की गैरमौजूदगी में अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर फैसला सुनाया।

पीड़िता जुगनू प्रवीण ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, 8 अप्रैल 2012 को आरोपी ने घर पहुंचकर खाना बनाने को लेकर विवाद किया और पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उसने गला दबाने के बाद कपड़ों में आग लगा दी, जिससे महिला करीब 60 प्रतिशत तक झुलस गई।

घटना के बाद पीड़िता को गंभीर हालत में बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं, परिवार के लोगों के पहुंचने से पहले आरोपी मौके से फरार हो गया था।

पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया था कि शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। उसके तीन बच्चे भी हैं। मामले की जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने 17 मई 2012 को अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया था।

पुलिस ने आरोपी को 11 अप्रैल 2012 को गिरफ्तार किया था, लेकिन बाद में उसे जमानत मिल गई। इसके बाद वह 2016 से अदालत में पेश नहीं हुआ और फरार घोषित कर दिया गया।

अदालत ने आरोपी को मारपीट, दहेज प्रताड़ना और हत्या के प्रयास के अलग-अलग मामलों में सजा सुनाई है। हत्या के प्रयास के मामले में उसे 10 वर्ष की कठोर कारावास और जुर्माने की सजा दी गई है।


बार परिसर में सिख युवक से बर्बरता, पगड़ी उतारकर बेरहमी से पीटा, दो गिरफ्तार

कानपुर। सिविल लाइंस स्थित एक बार परिसर में सिख युवक के साथ कथित तौर पर बर्बरता और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक की पगड़ी उतारकर उसके बाल खींचे गए और उसे बेरहमी से पीटा गया। मामले में कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

जानकारी के मुताबिक, आजाद नगर निवासी और कार खरीद-बिक्री का कारोबार करने वाले सहज भाटिया का छोटा भाई वंश भाटिया शुक्रवार रात अपने परिवार के साथ स्टूडियो एक्सओ बार गया था। देर रात करीब 2:12 बजे वंश अकेले लिफ्ट से नीचे उतर रहा था, तभी किसी बात को लेकर उसकी पांडु नगर निवासी धैर्य गुप्ता से कहासुनी हो गई।

आरोप है कि विवाद के बाद धैर्य अपने तीन साथियों और एक लड़की के साथ नीचे पहुंचा और बार परिसर में ही वंश के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने वंश को लात-घूंसों से पीटा, उसकी पगड़ी उतार दी और बाल खींचते हुए सिर दीवार से टकरा दिया। इस दौरान उसका गला दबाने का भी आरोप लगाया गया है।

हमले में वंश के चेहरे और नाक पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद पीड़ित की मां सोनिया भाटिया ने कोतवाली थाने में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।

कोतवाली प्रभारी जगदीश पांडेय ने बताया कि मामले में मुख्य आरोपी धैर्य गुप्ता और उसके साथी सचिन गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों को जल्द अदालत में पेश कर जेल भेजा जाएगा।


ग्रेटर नोएडा में किन्नर चांदनी हत्याकांड का आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा-  थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र स्थित तुगलपुर गांव में किन्नर मनोरंजन शर्मा उर्फ चांदनी की हत्या के मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की, लेकिन जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार के अनुसार, 24 मई को तुगलपुर गांव में चांदनी का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश में विशेष टीमें गठित की गई थीं।

जांच और सर्विलांस के दौरान मंगलवार तड़के पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सेक्टर-148 मेट्रो लाइन के पास कच्चे रास्ते पर मौजूद है। इसके बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और मौके से भागने का प्रयास किया।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान अभिषेक उर्फ मोना उर्फ मानव निवासी अलीगढ़ के तालिम नगर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक वह फिलहाल तुगलपुर गांव में रह रहा था।

गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, एक कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।

मामले में बीएनएस की धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है।


दिल्ली के हाई सिक्योरिटी DRDO कॉम्प्लेक्स में चोरी, महिला वैज्ञानिक के घर से लाखों का सामान गायब

नई दिल्ली- दिल्ली के तिमारपुर थाना क्षेत्र स्थित डीआरडीओ के हाई सिक्योरिटी रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने डीआरडीओ की एक महिला वैज्ञानिक के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के गहने, नकदी और कीमती सामान चोरी कर लिया। घटना के बाद परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

पुलिस के अनुसार, महिला वैज्ञानिक 15 मई को अपने परिवार से मिलने चंडीगढ़ गई थीं। जब वह 23 मई को वापस लौटीं, तो घर का सामान बिखरा पड़ा मिला। जांच करने पर पता चला कि घर से सोने-चांदी के आभूषण, महंगी घड़ियां, चांदी के बर्तन और अन्य कीमती सामान गायब था।

बताया जा रहा है कि जिस रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स में यह वारदात हुई, उसे दिल्ली के सबसे सुरक्षित परिसरों में गिना जाता है। ऐसे में हाई सिक्योरिटी जोन में चोरी की इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।

घटना की सूचना मिलने के बाद दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। साथ ही परिसर में तैनात सुरक्षा कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीमें लगाई गई हैं और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।


दोस्त के घर गया युवक की गला दबाकर हत्या, हत्या के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को दी सूचना

पानीपत- हरियाणा के पानीपत जिले के मतलौडा थाना क्षेत्र के वैसर गांव में एक युवक की गला दबाकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सतीश के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, सतीश सोमवार रात करीब 12 बजे गांव निवासी विकास के घर गया था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद इतना बढ़ गया कि विकास ने सतीश का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

 बताया जा रहा है कि हत्या के बाद आरोपी विकास ने खुद पुलिस को फोन कर वारदात की जानकारी दी। उसने पुलिस को बताया कि सतीश की हत्या हो चुकी है और शव उसके घर में पड़ा हुआ है।

सूचना मिलते ही मतलौडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


नोएडा में परिवार पर चाकू से हमला करने वाला आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

नोएडा – फेज-1 थाना क्षेत्र स्थित हरौला पुलिस चौकी इलाके में परिवार पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी हरिनाम सिंह को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चाकू, देसी पिस्तौल और चोरी का स्कूटर बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी को इलाज और मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेज दिया है, जबकि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

पुलिस के अनुसार, 23 और 24 तारीख की दरमियानी रात सुरेश शर्मा अपने परिवार के साथ घर की छत पर सो रहे थे। इसी दौरान आरोपी हरिनाम सिंह वहां पहुंचा और परिवार के सदस्यों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान संजू देवी की गंभीर चोटों के चलते मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है।

एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीमों का गठन किया गया था। जांच और तलाश के दौरान आरोपी की लोकेशन मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी की। इस दौरान आरोपी ने पुलिस पर हमला करने की कोशिश की, जिसके बाद हुई मुठभेड़ में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।


पीरागढ़ी में सिक्योरिटी गार्ड की बेरहमी से हत्या, 48 घंटे में दिल्ली पुलिस ने दबोचे आरोपी

 नई दिल्ली- दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके के पीरागढ़ी गांव में 60 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड की निर्मम हत्या के मामले का दिल्ली पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज वारदात में पुलिस ने दो नाबालिगों सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने हत्या के बाद घटना को सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की थी।

जानकारी के अनुसार, पीरागढ़ी टेंपो स्टैंड पर चौकीदारी करने वाले दिव्यांग बुजुर्ग विजेंद्र की रविवार तड़के SUV से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामले की तह तक पहुंचकर आरोपियों को गिरफ्तार किया।

बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि रविवार सुबह करीब 4 बजे पुलिस को सड़क हादसे की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर विजेंद्र गंभीर हालत में मिले, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

शुरुआती जांच में इसे सड़क दुर्घटना माना जा रहा था, लेकिन घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज ने पूरी सच्चाई सामने ला दी। फुटेज में देखा गया कि SUV सवार युवकों ने पहले विजेंद्र के साथ विवाद किया, फिर डंडे से हमला किया और बाद में SUV से उन्हें दो बार कुचल दिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहचान छिपाने के लिए गाड़ी की नंबर प्लेट और फास्टैग तक हटा चुके थे। वारदात के बाद घटना को एक्सीडेंट साबित करने की भी कोशिश की गई, लेकिन तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के जरिए पुलिस ने आरोपियों तक पहुंच बनाई।


बिहार में ऑनर किलिंग से सनसनी, पिता ने मां-बेटे संग मिलकर बेटी को मार डाला

बिहार – नवादा जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। आरोप है कि कथित प्रेम प्रसंग से नाराज एक पिता ने पत्नी और बेटे के साथ मिलकर अपनी ही शादीशुदा बेटी की हत्या कर दी। इतना ही नहीं, हत्या के बाद शव को पहले नदी में फेंका गया और बाद में सबूत मिटाने के लिए जमीन में दफना दिया गया।

मृतका की पहचान धरहरा गांव निवासी 20 वर्षीय नंदिनी कुमारी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, नंदिनी की शादी दो साल पहले राजस्थान में हुई थी, लेकिन कुछ समय बाद वह मायके लौट आई थी। इसके बाद परिवार में उसके कथित प्रेम संबंध को लेकर लगातार विवाद होने लगा।

जांच में सामने आया कि 30 अप्रैल की रात पिता बिरजू चौधरी ने पत्नी लखिया देवी और बेटे जितेंद्र चौधरी के साथ मिलकर नंदिनी की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को बोरे में भरकर कौड़ीहारी नदी में फेंक दिया गया। कुछ दिनों बाद शव नदी में ऊपर आने लगा तो आरोपी घबरा गए और रात में शव निकालकर दूसरी जगह जमीन में दफना दिया।

करीब 26 दिनों तक मामला दबा रहा, लेकिन पुलिस को मिली गुप्त सूचना के बाद धमौल थाना पुलिस ने जांच शुरू की। पूछताछ में पिता, मां और भाई ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी पिता ने पुलिस को बताया कि वह बेटी के कथित अफेयर और चाल-चलन से नाराज था।

पुलिस ने आरोपी बेटे की निशानदेही पर नदी किनारे खुदाई कर शव बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। फिलहाल तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp