Tuesday, November 17, 2026
8:43 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

बच्ची के फूल तोड़ने पर भड़का विवाद, घर में घुसकर परिवार पर हमला; सात घायल

Category Archives: क्राइम

बच्ची के फूल तोड़ने पर भड़का विवाद, घर में घुसकर परिवार पर हमला; सात घायल

 गाजियाबाद। पड़ोसियों के बीच की आपसी रंजिश और गुस्सा किस कदर इंसान को अंधा कर सकता है, इसका एक खौफनाक मामला भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव नंगौला अमीपुर में सामने आया है। यहां महज दो साल की एक मासूम बच्ची द्वारा पड़ोसी के आंगन से फूल तोड़ लेने पर ऐसा विवाद बढ़ा कि पड़ोसी पक्ष ने पूरे परिवार पर सरिये, फावड़े और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष में दो साल की बच्ची समेत एक ही परिवार के 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वारदात के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल है।

बच्ची को पीटने का विरोध करने पर भड़का विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव नंगौला अमीपुर निवासी आसिफ और फुरकान के परिवार पास-पड़ोस में रहते हैं। शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे आसिफ की दो वर्षीय पुत्री अनाया आंगन में खेलते हुए पड़ोसी के घर के पास चली गई और वहां लगा एक फूल तोड़ लिया। इस बात से नाराज होकर पड़ोसी की पत्नी ने मासूम बच्ची को धक्का देकर गिरा दिया और उसकी पिटाई कर दी। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर जब उसकी बुआ सायदा और बहन रिजा विरोध दर्ज कराने पहुंचीं, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी।

घर में घुसकर किया जानलेवा हमला, तोड़फोड़

मामला यहीं शांत नहीं हुआ; कुछ ही देर में आरोपी पक्ष के लोग हाथों में लोहे के सरिये, फावड़े और लाठी-डंडे लेकर आसिफ के घर में घुस गए। हमलावरों ने घर के भीतर जमकर तोड़फोड़ की और परिवार के सदस्यों पर धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। हद तो तब हो गई जब कंट्रोल रूम की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम के सामने भी आरोपी मारपीट करते रहे। आखिरकार पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए लाठियां फटकार कर हमलावरों को मौके से खदेड़ा।

एक युवक की हालत नाजुक, पुलिस जांच में जुटी

इस बर्बर हमले में आसिफ पक्ष के सायदा, समरीन, आरिफ, अयाज, रिजा, सलमान और दो वर्षीय मासूम अनाया लहूलुहान हो गए। सभी घायलों को तुरंत मोदीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां से अयाज की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर (दिल्ली/मेरठ) के लिए रेफर कर दिया है।

पीड़ित पक्ष की ओर से भोजपुर थाने में नामजद तहरीर दी गई है। मामले की जानकारी देते हुए एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि पुलिस ने घटना का संज्ञान ले लिया है। तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की जा रही है और फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस दबिश दे रही है।


मादक पदार्थो की तस्करी में लिप्त 02 नशा तस्करों को दून पुलिस ने किया गिरफ्तार

अभियुक्तों के कब्जे से 212 ग्राम अवैध चरस एवं 6.81 ग्राम अवैध स्मैक हुई बरामद

एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में नशा तस्करों के मंसूबों को नाकाम करती दून पुलिस

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग फ्री देवभूमि” अभियान को सफल बनाने के लिए देहरादून पुलिस लगातार नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत विकासनगर कोतवाली पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से स्मैक और चरस बरामद की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपदभर में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान विकासनगर पुलिस की टीमों ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आसन बैराज बस अड्डा क्षेत्र के ढालीपुर से नफीस नामक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके पास से 6.81 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।

वहीं दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने पीएचसी कुंजा के पास से मारुफ उर्फ काला को गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से 212 ग्राम अवैध चरस बरामद की गई। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया है कि मारुफ उर्फ काला पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड और नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

गिरफ्तार आरोपी

मारुफ उर्फ काला (29 वर्ष), निवासी कुंजा ग्रांट, विकासनगर, देहरादून
नफीस (30 वर्ष), निवासी बड़ा रामपुर, थाना सहसपुर, देहरादून

बरामदगी

212 ग्राम अवैध चरस
6.81 ग्राम अवैध स्मैक

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।


मुंबई एयरपोर्ट पर ₹11.8 करोड़ का ड्रग्स बरामद: बैंकॉक से लौट रही केरल की पूर्व ‘ब्यूटी क्वीन’ ट्रॉली बैग में गांजा ले जाते गिरफ्तार

मुंबई। मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम विभाग की एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) ने ड्रग्स तस्करी के एक बड़े और हाई-प्रोफाइल मामले का भंडाफोड़ किया है। बैंकॉक से एयर इंडिया की उड़ान से लौटी केरल की एक पूर्व ब्यूटी पेजेंट रनर-अप को 11.8 करोड़ रुपये की कीमत के हाई-ग्रेड हाइड्रोपोनिक गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपी महिला के पास से कुल 11.8 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद हुआ है, जिसे उसने अपने ट्रॉली बैग में बेहद शातिर तरीके से छुपाया था।

ब्यूटी कॉन्टेस्ट की रनर-अप और बैंक मैनेजर है आरोपी

गिरफ्तार की गई महिला की पहचान हर्षा सनी के रूप में हुई है। हर्षा एक प्रतिष्ठित निजी बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत है और पिछले साल केरल में आयोजित एक राज्य स्तरीय ब्यूटी प्रतियोगिता में रनर-अप भी रह चुकी है। 10-11 जून की दरमियानी रात जब वह बैंकॉक से मुंबई एयरपोर्ट पहुंची, तो नियमित जांच के दौरान कस्टम अधिकारियों को उसका व्यवहार संदिग्ध लगा। गहन तलाशी लेने पर उसके ट्रॉली बैग से वैक्यूम-सील किए हुए 12 पैकेट बरामद हुए, जिनमें एनडीपीएस (NDPS) किट की जांच में हाई-ग्रेड हाइड्रोपोनिक गांजा होने की पुष्टि हुई।

‘अजनबी दोस्त ने दिया था बैग’ — आरोपी का अजीब दावा

कस्टम की कड़ी पूछताछ में आरोपी हर्षा सनी ने खुद को बेकसूर बताते हुए एक अजीबोगरीब दलील दी। उसने दावा किया कि बैंकॉक यात्रा के दौरान उसकी मुलाकात एक व्यक्ति से हुई थी, जिसने उसे यह बैग भारत ले जाने के लिए सौंपा था। हर्षा के मुताबिक, उसे बैग के अंदर ड्रग्स होने की कोई जानकारी नहीं थी। हालांकि, जांच एजेंसियां इस दावे को महज एक बहाना मान रही हैं। कोर्ट में पेशी के बाद आरोपी महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट की जांच शुरू

कस्टम और केंद्रीय जांच एजेंसियां अब इस बात की तफ्तीश कर रही हैं कि बैंकॉक से लेकर भारत तक फैले इस अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क के पीछे कौन से बड़े चेहरे शामिल हैं। इतनी बड़ी मात्रा में और इतनी महंगी श्रेणी का हाइड्रोपोनिक गांजा भारत लाना किसी बड़े सिंडिकेट की ओर इशारा करता है। हाल ही में भारत-नेपाल सीमा पर भी करोड़ों का हाइड्रोपोनिक गांजा पकड़ा गया था, जिसके बाद से हवाई अड्डों और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं।


फर्जी शस्त्र लाइसेंस गिरोह पर STF का शिकंजा, दो और आरोपी गिरफ्तार

02 पिस्टल एवं 31 जिंदा कारतूस बरामद

ऊधमसिंहनगर। उत्तराखंड में फर्जी शस्त्र लाइसेंसों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ ने ऊधमसिंहनगर जिले के सितारगंज-रुद्रपुर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए फर्जी शस्त्र लाइसेंस नेटवर्क से जुड़े दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल और 31 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “अपराध मुक्त उत्तराखंड” विजन और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देशन में एसटीएफ राज्य में बाहरी राज्यों से स्थानांतरित होकर आए शस्त्र लाइसेंसों की वैधता और सत्यता की व्यापक जांच कर रही है। इसी क्रम में एसटीएफ की जांच के आधार पर 4 जून 2026 को काशीपुर कोतवाली में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया था।

मामले की विवेचना के दौरान एसएसपी एसटीएफ के निर्देशन में शुक्रवार देर रात दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करनजीत सिंह (35 वर्ष), निवासी बरेली, उत्तर प्रदेश और वर्तमान में सितारगंज स्थित एक रेस्टोरेंट संचालक, तथा विक्रमजीत सिंह तूर (36 वर्ष), निवासी सितारगंज, ऊधमसिंहनगर के रूप में हुई है।

एसटीएफ के अनुसार आरोपियों के पास से एक .30 बोर सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल, एक .32 बोर सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल तथा 31 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

एसएसपी एसटीएफ ने क्या कहा?

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ ने बताया कि वर्ष 2026 की शुरुआत से ही फर्जी शस्त्र लाइसेंस धारकों और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए अवैध लाइसेंस तैयार करने वाले गिरोहों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पिछले एक माह से एसटीएफ की टीमें पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हुई थीं।

उन्होंने कहा कि फर्जी शस्त्र लाइसेंस और अवैध हथियारों का कारोबार केवल कानून का उल्लंघन नहीं, बल्कि समाज और राज्य की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। जांच में सामने आने वाले प्रत्येक व्यक्ति, दलाल, लाइसेंस धारक और सहयोगी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अब तक की कार्रवाई

एसटीएफ द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक राज्य के विभिन्न जिलों में तीन मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं। कार्रवाई के दौरान नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। इसके अलावा 14 अवैध हथियार, 341 कारतूस और बड़ी संख्या में संदिग्ध एवं फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए गए हैं।

एसटीएफ ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को किसी संदिग्ध या फर्जी शस्त्र लाइसेंस की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तुरंत एसटीएफ को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।


रोहतक में तीन दिन से लापता किसान का तालाब में मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

रोहतक (हरियाणा)। हरियाणा के रोहतक जिले के खिड़वाली गांव में पिछले तीन दिनों से लापता एक किसान का शव शनिवार सुबह गांव के ही ‘डोभी वाले जोहड़’ (तालाब) में कीचड़ के बीच तैरता हुआ मिला। मृतक की पहचान गांव के ही निवासी रोहताश के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने गांव के ही तीन युवकों पर शराब पीने के बाद हुए झगड़े में रोहताश की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।

बुधवार रात से लापता थे किसान

मृतक के भतीजे अशोक ने शुक्रवार को ही सदर थाने में रोहताश की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि बुधवार रात करीब 12 बजे रोहताश को गांव के ही बलराज, श्रीओम और रविंद्र उर्फ बदलू के साथ जोहड़ के पास देखा गया था, जिसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिल रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू ही की थी कि शनिवार सुबह करीब 8 बजे तालाब में शव होने की सूचना मिली।

शव की स्थिति से हत्या का अंदेशा, FSL टीम ने की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक की जीभ बाहर निकली हुई थी, जिससे परिजनों का हत्या का शक और गहरा गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रोहतक पीजीआई (PGI) के डेड हाउस भेज दिया है।

सदर थाना पुलिस के अनुसार, रोहताश के शव का पोस्टमार्टम तीन डॉक्टरों के विशेष बोर्ड द्वारा कराया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई और एफआईआर (FIR) दर्ज की जाएगी। फिलहाल पुलिस नामजद तीनों युवकों से पूछताछ की तैयारी कर रही है।


शादी के दबाव से परेशान प्रेमी ने की नर्स की हत्या, बिजनौर के गन्ने के खेत से मिला शव

बिजनौर (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मर्डर केस सामने आया है। मुंबई में रहकर सैलून का काम करने वाले 21 वर्षीय युवक फैसल ने शादी का दबाव बनाने पर अपनी 35 वर्षीय प्रेमिका सना की गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोपी ने वारदात को छुपाने के लिए शव को बिजनौर के मंडावर क्षेत्र में एक गन्ने के खेत में गहरा गड्ढा खोदकर दफना दिया। मुंबई पुलिस ने कड़ियों को जोड़ते हुए आरोपी को हिरासत में लिया और उसकी निशानदेही पर शुक्रवार को बिजनौर से मृतका का शव बरामद कर लिया है।

सैलून में शुरू हुई थी प्रेम कहानी

पुलिस जांच के मुताबिक, मूल रूप से बिजनौर के सैफपुर खादर का रहने वाला फैसल अंसारी मुंबई के जोगेश्वरी इलाके में एक सैलून में काम करता था। वहीं उसकी मुलाकात अस्पताल में नर्स का काम करने वाली तलाकशुदा सना से हुई। प्रेम संबंधों के चलते सना ने अपने पति को छोड़ दिया था और वह अपने 9 साल के बेटे के साथ रह रही थी। फैसल सना से करीब 15 साल छोटा था। जब फैसल ईद मनाने अपने गांव बिजनौर आया, तो सना भी 29 मई को शादी की जिद लेकर उसके पीछे-पीछे बिजनौर पहुंच गई।

जंगल में ले जाकर की हत्या, शव को खेत में गाड़ा

शादी की बात से पीछा छुड़ाने के लिए फैसल सना को बाइक पर बैठाकर फतेहपुर सभाचंद के जंगल में ले गया। वहां उसने सना का गला घोंट दिया और एक किसान के गन्ने के खेत में शव को दफन कर वापस मुंबई भाग गया। मुंबई लौटने पर जब सना के परिजनों ने उससे पूछताछ की, तो वह ‘कमरे की चाबी खोने’ का बहाना बनाकर उनके साथ चाबी ढूंढने का नाटक करता रहा और परिजनों को गुमराह करता रहा।

कॉल डिटेल (CDR) और मोबाइल लोकेशन से खुला राज

परिजनों की शिकायत पर 2 जून को मुंबई के ओसीवारा थाने में सना की गुमशुदगी दर्ज की गई। मुंबई पुलिस ने जब सना के मोबाइल की आखिरी लोकेशन और कॉल डिटेल्स खंगाली, तो आखिरी लोकेशन बिजनौर मिली और फैसल पर शक गहरा गया। पुलिस ने 10 जून को फैसल को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। शुक्रवार शाम सीओ सिटी अभय प्रताप सिंह और मंडावर थाना पुलिस की मौजूदगी में मजिस्ट्रेट के आदेश पर खेत की खुदाई कराकर शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।


50 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, डेयरी संचालक हत्याकांड में था वांछित

लोनी (गाजियाबाद): उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में लोनी थाना पुलिस को शनिवार सुबह एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने गनौली गांव के डेयरी संचालक ओमकार के सनसनीखेज अपहरण और हत्याकांड में शामिल 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश गौरव को एक एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। बंथला चिरौड़ी मार्ग पर हुई इस मुठभेड़ में बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी है, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

चेकिंग के दौरान घेराबंदी, पेड़ से टकराई कार

सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) लोनी, सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि शनिवार तड़के पुलिस टीम बंथला चिरौड़ी मार्ग नहर के पास रूटीन चेकिंग कर रही थी। इसी बीच मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि गौतमबुद्ध नगर के बादलपुर का रहने वाला इनामी बदमाश गौरव एक स्विफ्ट कार से इसी रास्ते से गुजरने वाला है। कुछ ही देर में पुलिस को संदिग्ध कार आती दिखी।

जब पुलिस ने कार को रुकने का इशारा किया, तो आरोपी ने रफ्तार बढ़ा दी और भागने की कोशिश की। इसी आपाधापी में उसकी कार अनियंत्रित होकर एक पेड़ से जा टकराई।

बदमाश ने की फायरिंग, पुलिस ने दिया मुंहतोड़ जवाब

खुद को पुलिस से घिरता देख आरोपी गौरव ने कार से उतरकर पुलिस टीम पर सीधे फायरिंग झोंक दी और भागने लगा। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में पुलिस की गोलियां बदमाश के दोनों पैरों में जा लगीं, जिससे वह वहीं ढेर हो गया। पुलिस ने तुरंत आगे बढ़कर उसे दबोच लिया।

बरामदगी: आरोपी के पास से पुलिस ने एक .32 बोर की पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट कार बरामद की है।

पूछताछ में उगला मर्डर का राज

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी गौरव पर दिल्ली-NCR के अलग-अलग थानों में आधा दर्जन से ज्यादा संगीन मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद हुई शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर डेयरी संचालक ओमकार का अपहरण किया था और बाद में उसकी हत्या करके शव को रोहटा मेरठ रोड (गंगानगर) के पास फेंक दिया था। पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और इसके अन्य साथियों की तलाश में जुट गई है।


ट्रेडिंग और ऑनलाइन बिजनेस के नाम पर साइबर ठगी, युवक के खाते से दो करोड़ से अधिक का संदिग्ध लेनदेन

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में साइबर अपराधियों ने ऑनलाइन बिजनेस और स्टॉक ट्रेडिंग का झांसा देकर एक युवक के साथ करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम दिया है। जालसाजों ने पीड़ित को झांसे में लेकर उसका बैंक खाता, सिम कार्ड और डेबिट कार्ड अपने कब्जे में ले लिया और उसमें 2 करोड़ 9 लाख 29 हजार रुपये का संदिग्ध ट्रांजेक्शन कर डाला। न्यायालय के कड़े आदेश के बाद साइबर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

खिलौनों के बिजनेस और ट्रेडिंग का दिया था झांसा

मंदाकिनी विहार (कंडोली) निवासी पीड़ित लवी चौधरी ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि सुधीर कुमार मलिक नाम के व्यक्ति ने उसकी मुलाकात दया कृष्ण चंद्र पनेरू से कराई थी। पनेरू ने लवी को बेबी केयर प्रोडक्ट, खिलौनों और स्टॉक ट्रेडिंग के बिजनेस में मोटी कमाई का लालच दिया। शुरुआत में रेजरपे पर खाता खुलवाने के नाम पर पीड़ित से 18 हजार रुपये ऑनलाइन और 20 हजार रुपये नकद ले लिए गए।

दस्तावेज हड़पकर कॉल को किया डायवर्ट

साजिश के तहत आरोपियों ने पीड़ित को नोएडा बुलाया और अंतरराष्ट्रीय ट्रेडिंग सर्टिफिकेट बनवाने का बहाना बनाकर उसका सिम कार्ड, करंट अकाउंट की चेकबुक, डेबिट कार्ड, ईमेल आईडी और पासवर्ड अपने कब्जे में ले लिए। इसके साथ ही पीड़ित के मोबाइल की कॉल को दूसरे नंबर पर डायवर्ट करवा दिया। आरोपियों ने खाते से करोड़ों का लेनदेन करने के बाद चेकबुक और डेबिट कार्ड को ब्लॉक कर दिया, ताकि लवी को इस बात की भनक न लग सके।

इंदौर साइबर सेल से समन आने पर खुला राज

इस फ्रॉड का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित लवी चौधरी को मध्य प्रदेश की इंदौर साइबर सेल से एक मामले में समन जारी हुआ। जब पीड़ित ने घबराकर आरोपियों से संपर्क करने की कोशिश की तो उन्होंने फोन उठाना बंद कर दिया। आरोपी के हल्द्वानी स्थित घर पर भी ताला लटका मिला। इसके बाद पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और साइबर पुलिस की विशेष टीम मामले की बारीकी से तफ्तीश कर रही है।


रातों-रात अमीर बनने की चाहत में बेटे ने रचा खुद के अपहरण का ड्रामा, पिता से मांगी एक लाख की फिरौती

सागर (मध्य प्रदेश)। रातों-रात अमीर बनने की चाहत और नशे के काले कारोबार की लत ने एक बेटे को इस कदर अंधा कर दिया कि उसने अपने ही पिता को रंगदारी का शिकार बना डाला। मध्य प्रदेश के सागर जिले से एक ऐसा हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने गांजा तस्करी का धंधा शुरू करने के लिए अपने ही दोस्तों के साथ मिलकर खुद के अपहरण की झूठी साजिश रच डाली। हालांकि, सागर पुलिस और साइबर सेल की तत्परता के आगे यह ड्रामा महज ढाई घंटे भी नहीं टिक सका।

बर्थडे पार्टी के बहाने रची गई साजिश

पुलिस के अनुसार, देवरी थाना क्षेत्र का निवासी पवन जाटव 9 जून को अपने तीन दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाने का बहाना बनाकर ऑल्टो कार से सागर आया था। इसी पार्टी के दौरान चारों दोस्तों ने आसान तरीके से मोटी रकम ऐंठने का शॉर्टकट प्लान तैयार किया। गुरुवार दोपहर को पवन के साथियों ने उसके पिता राकेश जाटव को फोन कर भारी आवाज में धमकी दी कि उनके बेटे का अपहरण कर लिया गया है और उसे जिंदा देखने के लिए तुरंत एक लाख रुपये की फिरौती दी जाए।

पिता की सूझबूझ और पुलिस का ‘ढाई घंटे’ का एक्शन

घबराए पिता ने हिम्मत दिखाई और बिना वक्त गंवाए तुरंत पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सागर पुलिस और साइबर सेल ने तकनीकी सर्विलांस का सहारा लिया। महज ढाई घंटे के भीतर पुलिस ने राजघाट रोड स्थित किशोर संप्रेक्षण गृह के पास पहाड़ी पर दबिश दी। वहां का नजारा देखकर पुलिस भी दंग रह गई; कथित तौर पर अपहृत पवन अपने उन्हीं दोस्तों के साथ आराम से बैठा हुआ था।

पूछताछ में खुला ‘गांजा तस्करी’ का काला राज

हिरासत में लेकर जब सख्ती से पूछताछ की गई, तो मुख्य आरोपी पवन जाटव ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पवन पहले भी गांजा तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। उसने बताया कि वह बड़े पैमाने पर गांजे का अवैध कारोबार शुरू करना चाहता था, जिसके लिए उसे मोटी पूंजी की जरूरत थी। कहीं से पैसों का इंतजाम न होने पर उसने अपने ही पिता से रकम ऐंठने के लिए खुद के किडनैपिंग का हाई-वोल्टेज ड्रामा रचा।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा ने बताया कि इस संबंध में देवरी थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर मोतीनगर थाने में गहन पूछताछ कर रही है और इस रैकेट से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।


नोएडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हिस्ट्रीशीटर समेत चार बदमाश अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा: नोएडा कमिश्नरेट में अवैध हथियारों और वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत इकोटेक-3 कोतवाली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर समेत चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों के पास से अत्याधुनिक अवैध हथियार, भारी मात्रा में कारतूस और एक बिना नंबर प्लेट की लग्जरी फॉर्च्यूनर कार जब्त की गई है।

मुखबिर की सूचना पर खेड़ी गोल चक्कर के पास घेराबंदी
एडीसीपी (ADCP) सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस टीम को मुखबिर से बदमाशों के मूवमेंट की सटीक सूचना मिली थी। इसी आधार पर पुलिस ने सादुल्लापुर सर्विस रोड स्थित खेड़ी गोल चक्कर के पास जाल बिछाया। नाकेबंदी के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध फॉर्च्यूनर कार को रोककर उसमें सवार चार युवकों को हिरासत में लिया।

आरोपियों की पहचान और हथियारों की बरामदगी
पकड़े गए आरोपियों की पहचान राहुल यादव (निवासी होशियारपुर), यश नागर (निवासी सादुल्लापुर), अभिषेक उर्फ अन्नू (निवासी मिल्क लच्छी) और जोगेंद्र उर्फ हैप्पी (निवासी जलालपुर) के रूप में हुई है। जामा तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से निम्नलिखित बरामदगी हुई:

राहुल यादव: 01 अवैध पिस्टल और 03 जिंदा कारतूस

यश नागर: 01 अवैध पिस्टल और 02 जिंदा कारतूस

अभिषेक उर्फ अन्नू: 01 अवैध तमंचा और 02 जिंदा कारतूस

जोगेंद्र उर्फ हैप्पी: 01 अवैध तमंचा और 02 जिंदा कारतूस

वाहन: वारदात और आवाजाही में इस्तेमाल हो रही बिना नंबर प्लेट की फॉर्च्यूनर कार।

गिरफ्तार यश नागर है इलाके का हिस्ट्रीशीटर
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक, यश नागर, थाना इकोटेक-3 क्षेत्र का घोषित हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास (Attempt to Murder), बलवा, जानलेवा मारपीट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट जैसे करीब 10 गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस पकड़े गए अन्य तीनों आरोपियों के भी आपराधिक इतिहास (Crime Record) को खंगाल रही है।

पुलिस का बयान: “चारों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत नया मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है। अब इस बात की गहनता से तफ्तीश की जा रही है कि बरामद इन अवैध पिस्टलों और तमंचों का इस्तेमाल हाल-फिलहाल में किसी बड़ी वारदात में तो नहीं किया गया। साथ ही इनके हथियारों की सप्लाई चेन और सिंडिकेट से जुड़े अन्य साथियों की तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं।”


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp