Tuesday, November 17, 2026
8:37 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

होशियारपुर में ग्रंथी ने की आत्महत्या: धार्मिक पाठ की कमाई में हिस्सा न देने पर मिली थी धमकी, 6 आरोपी गिरफ्तार

Category Archives: क्राइम

होशियारपुर में ग्रंथी ने की आत्महत्या: धार्मिक पाठ की कमाई में हिस्सा न देने पर मिली थी धमकी, 6 आरोपी गिरफ्तार

होशियारपुर (पंजाब): पंजाब के होशियारपुर जिले के माहिलपुर क्षेत्र से एक बेहद दुखद और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ धार्मिक पाठों से होने वाली आय (कमाई) के हिस्से को लेकर उपजे विवाद के बाद, 28 वर्षीय एक ग्रंथी जसपाल सिंह ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ निगलकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए मृतक के पिता की शिकायत पर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

आय में हिस्सा न देने पर मिला अपमान और धमकी
पुलिस को दी गई शिकायत में मृतक के पिता जगदीश सिंह, जो स्वयं एक गुरुद्वारे में ग्रंथी के रूप में सेवा निभाते हैं, ने बताया कि उनका बेटा जसपाल सिंह विभिन्न गुरुद्वारों में श्री अखंड पाठ और सहज पाठ करने की सेवा करता था। लगभग छह महीने पहले ही उनका परिवार माहिलपुर क्षेत्र के एक गुरुद्वारे में सेवा के लिए आया था।

आरोप है कि बीती 9 जून को कुछ लोग जसपाल सिंह के पास पहुंचे और उन्होंने इलाके में करवाए जा रहे धार्मिक पाठों से होने वाली आय में अपने हिस्से की मांग की। जब जसपाल ने इससे साफ इनकार कर दिया, तो आरोपियों ने उसे गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकियां दीं। इतना ही नहीं, आरोपियों ने जसपाल पर धार्मिक मर्यादा के उल्लंघन का झूठा आरोप लगाकर उसे समाज में मानसिक रूप से प्रताड़ित और अपमानित भी किया।

मानसिक तनाव के चलते उठाया आत्मघाती कदम
पिता के अनुसार, सरेआम हुए इस अपमान और लगातार मिल रही धमकियों के कारण जसपाल सिंह गहरे मानसिक तनाव में चला गया था। इसी तनाव के चलते 12 जून की शाम उसने कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

“इस पूरे मामले की जड़ धार्मिक आय से जुड़ा विवाद है। जगदीश सिंह की शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही कुछ अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।”

थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने  सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न संगीन धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा सके।


बठिंडा में संदिग्ध जासूसी नेटवर्क का खुलासा, सेना की गतिविधियों पर नजर रखने के आरोप में दो गिरफ्तार

बठिंडा: पंजाब के बठिंडा में पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस की संयुक्त टीम ने राष्ट्रीय सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले एक बड़े संदिग्ध जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। आरोप है कि देश विरोधी तत्वों ने सैन्य और पुलिस बलों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए बठिंडा-मलोट रोड पर बिना अनुमति के सोलर पावर आधारित एक हाईटेक खुफिया कैमरा लगाया था। इस कैमरे की लाइव फुटेज पाकिस्तान और कनाडा में बैठे देश विरोधी एजेंटों तक पहुंचाई जा रही थी। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य की सरगर्मी से तलाश जारी है।

सरकारी बिजली के खंभे पर लगा था ‘सिम कार्ड’ वाला कैमरा
सुरक्षा एजेंसियों की जांच में सामने आया कि मुख्य हाईवे (बठिंडा-मलोट रोड) पर अंबुजा फैक्ट्री के सामने सरकारी बिजली के खंभों पर मार्च महीने के दौरान यह सोलर कैमरा स्थापित किया गया था। इस खुफिया कैमरे में एक सक्रिय सिम कार्ड लगा हुआ था, जिसके जरिए संदिग्ध दूर बैठकर भी लाइव निगरानी कर रहे थे। जांच एजेंसियों को आशंका है कि इस कैमरे का मुख्य उद्देश्य राजस्थान, फाजिल्का और फिरोजपुर सीमा (बॉर्डर) की ओर जाने वाली भारतीय सेना की मूवमेंट और सुरक्षा बलों की तैनाती पर नजर रखना था।

9 जून को दर्ज हुआ था केस, टेक्निकल इनपुट से हुई गिरफ्तारी
इस बेहद संवेदनशील मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी बठिंडा डॉ. ज्योति यादव बैंस के निर्देश पर विशेष टीमें गठित की गईं। थाना थर्मल बठिंडा में 9 जून को आधिकारिक गोपनीयता कानून (Official Secrets Act) और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

काउंटर इंटेलिजेंस और पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से 10 जून को अमृतसर के अजनाला निवासी 40 वर्षीय अशोक सिंह को गिरफ्तार किया। अशोक से पुलिस रिमांड के दौरान हुई पूछताछ के आधार पर 14 जून को उसके ही गांव के 22 वर्षीय आकाशदीप सिंह को भी दबोच लिया गया।

अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं तार
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पकड़े गए दोनों आरोपियों ने बेहद सुनियोजित तरीके से इस स्थान को चुना था ताकि राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरने वाले सैन्य वाहनों की आवाजाही को आसानी से ट्रैक किया जा सके। पूछताछ में दो और स्थानीय मददगारों के नाम सामने आए हैं जिन्हें मामले में नामजद कर लिया गया है। पुलिस का मानना है कि यह केवल स्थानीय स्तर की साजिश नहीं है, बल्कि इसके तार अंतरराष्ट्रीय हैंडलर्स से जुड़े हैं। गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है, जिससे आने वाले दिनों में कई बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।


मसूरी-धनोल्टी मार्ग पर सनसनी: होमस्टे में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मुंह से निकल रहा था खून

मसूरी: उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मसूरी-धनोल्टी मार्ग स्थित कियाना टिपरीधार क्षेत्र के एक होमस्टे से बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ दिल्ली से घूमने आए एक नवविवाहित दंपती में से 27 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सुबह कमरे में महिला का शव बेसुध हालत में मिला और उसके मुंह से खून निकल रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची, जहां फार्मासिस्ट ने महिला को मृत घोषित कर दिया।

आईटी सेक्टर में कार्यरत था दंपती, नवंबर में हुई थी शादी
प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान के मुताबिक, मृतका की पहचान पी. राधा गायत्री (27 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से विशाखापट्टनम की रहने वाली थी और वर्तमान में अपने पति सौम्या श्रीचरण के साथ शकरपुर, पूर्वी दिल्ली में रह रही थी। दोनों आईटी (IT) क्षेत्र में कार्यरत थे; पति पुणे में जबकि मृतका गुरुग्राम में नौकरी करती थी। दोनों की शादी हाल ही में 8 नवंबर 2025 को हुई थी।

ऋषिकेश से होते हुए पहुंचे थे मसूरी; कमरे में मिले खून के निशान
पुलिस जांच में सामने आया कि यह दंपती 13 जून को दिल्ली से ऋषिकेश पहुंचा था और 14 जून की रात करीब 11:30 बजे इस होमस्टे में ठहरा था। पति के बयान के अनुसार, रात करीब 3:30 बजे दोनों कमरे में सो गए थे। सुबह जब पति की आंख खुली, तो उसने देखा कि राधा गायत्री के मुंह से खून निकल रहा था और वह कोई हलचल नहीं कर रही थी। चौंकाने वाली बात यह है कि कमरे के अंदर भी खून के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला और गहरा गया है।

“घटना की जानकारी मृतका के परिजनों को दे दी गई है, जो विशाखापट्टनम से मसूरी के लिए रवाना हो चुके हैं। कमरे में मिले खून के निशानों और परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस मामले की  जांच कर रही है।


पूर्वी दिल्ली में एएटीएस की बड़ी कार्रवाई, शातिर वाहन चोर गिरफ्तार; चार चोरी के वाहन बरामद

दिल्ली: दिल्ली पुलिस के पूर्वी जिले के ऑटो थेफ्ट सप्रेशन स्क्वॉड (AATS) ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपी की पहचान 30 वर्षीय आकाश के रूप में हुई है, जो खिचड़ीपुर (कल्याणपुरी) का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर चोरी के चार दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।

गाजीपुर चौक के पास जाल बिछाकर दबोचा
डीसीपी (ईस्ट) राजीव कुमार ने बताया कि सड़क पर होने वाले अपराधों और वाहन चोरी की बढ़ती वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए एएटीएस की टीम को विशेष रूप से सक्रिय किया गया था। एसीपी ऑपरेशंस पवन कुमार और एएटीएस प्रभारी इंस्पेक्टर आनंद सिंह के नेतृत्व में गठित टीम (जिसमें एसआई देवेंद्र, एएसआई प्रवीण, हेड कांस्टेबल विक्रांत और कांस्टेबल मनीष शामिल थे) 13 जून की रात गाजीपुर चौक के पास चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान करीब 10:40 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति बिना नंबर प्लेट की सफेद होंडा एक्टिवा के साथ राजबीर कॉलोनी इलाके में घूम रहा है। पुलिस टीम ने तुरंत नाला रोड पर घेराबंदी कर आरोपी आकाश को रोक लिया। जांच करने पर पता चला कि वह जो स्कूटी चला रहा था, वह थाना कल्याणपुरी इलाके से चोरी की गई थी।

पार्क में छुपाकर रखे थे चोरी के अन्य वाहन
गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने आकाश से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने वाहन चोरी के बड़े रैकेट का खुलासा किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने त्रिलोकपुरी स्थित एक पार्क से तीन अन्य चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए। जांच में सामने आया कि ये वाहन दिल्ली के शकरपुर, लक्ष्मी नगर और प्रीत विहार थानों के अंतर्गत आने वाले इलाकों से चुराए गए थे। पुलिस अब आरोपी से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह इन चोरी की गाड़ियों को किसे बेचने वाला था और इस गैंग में कौन-कौन शामिल है।


कुरुक्षेत्र में पुलिस-बदमाशों की मुठभेड़, गोली लगने के बाद दो आरोपी गिरफ्तार

कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में पुलिस और दो संदिग्ध बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को पिहोवा क्षेत्र में हुई लूट की एक वारदात में शामिल आरोपियों की तलाश थी। इसी दौरान गांव मुर्तजापुर के पास पुलिस टीम की संदिग्धों से आमना-सामना हो गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने बचने की कोशिश की, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच फायरिंग हुई।

मुठभेड़ के दौरान विशाल नामक आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे तत्काल लोकनायक जय प्रकाश अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने उसके साथी लविश को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घायल आरोपी विशाल करीब 12 दिन पहले ही जर्मनी से डिपोर्ट होकर भारत लौटा था। वहीं, दूसरा आरोपी लविश कैथल जिले के गांव किठाना का निवासी बताया जा रहा है।


2 साल की उम्र में पिता ने जिसे बेचा, 14 साल तक झेली बंधुआ मजदूरी और दरिंदगी; 4 पर केस दर्ज

लुधियाना: पंजाब के लुधियाना से मानव तस्करी और नाबालिग के शोषण का एक ऐसा दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। एक 16 वर्षीय पीड़िता ने पुलिस को अपनी आपबीती बताते हुए आरोप लगाया है कि जब वह महज दो साल की थी, तब उसके नशेड़ी पिता ने उसे एक दंपती को सौंप दिया था। इसके बाद अगले 14 वर्षों तक उसे बंधुआ मजदूरी, बेरहम मारपीट और अंततः जबरन शारीरिक शोषण का नरक झेलना पड़ा, जिससे वह गर्भवती भी हो गई।

नशेड़ी पिता ने महज 2 साल की उम्र में किया सौदा
पीड़िता के अनुसार, उसके पिता मनोज (जिनका दो साल पहले निधन हो चुका है) अत्यधिक नशे के आदी थे। पिता के प्रताड़ना भरे व्यवहार से तंग आकर पीड़िता की मां बहुत पहले ही अपने मायके चली गई थी। मां के जाने के बाद पिता ने अपनी दो साल की मासूम बेटी को हीरा राम और रेखा नामक दंपती के हवाले कर दिया। आरोप है कि इस दंपती ने बच्ची को बंधुआ मजदूर बनाकर रखा और सालों तक उसे जानवरों की तरह पीटते व प्रताड़ित करते रहे।

16 की उम्र में दोबारा बेची गई, दरिंदगी से हुई गर्भवती
नरक का यह सिलसिला यहीं नहीं रुका। जब पीड़िता करीब 16 वर्ष की हुई, तो हीरा राम और रेखा ने मोटी रकम लेकर उसे साहिल और मीना नाम के व्यक्तियों को बेच दिया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी साहिल ने उसे जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ लगातार जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इस दरिंदगी के कारण नाबालिग गर्भवती हो गई और उसने एक बच्चे को जन्म दिया।

दिल्ली में ‘जीरो FIR’ के बाद लुधियाना ट्रांसफर हुआ मामला
किसी तरह आरोपियों के चंगुल से भागकर पीड़िता अपनी मां के पास पहुंची और सुरक्षित स्थान पर आने के बाद दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। दिल्ली में ‘जीरो एफआईआर’ दर्ज होने के बाद इस केस को लुधियाना ट्रांसफर किया गया। अब लुधियाना के थाना जमालपुर की पुलिस ने मुख्य आरोपी साहिल, मीना, हीरा राम और रेखा के खिलाफ अपहरण, मानव तस्करी, मारपीट और जबरन शारीरिक संबंध बनाने जैसी संगीन धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी साहिल और उसके साथी अब भी उसका पीछा कर रहे हैं और शिकायत वापस न लेने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी सलाखों के पीछे होंगे।


भ्रूण लिंग जांच मामले में चार दोषियों को सजा, डॉक्टर और दलाल को तीन-तीन साल की कैद

कुरुक्षेत्र। हरियाणा की कुरुक्षेत्र अदालत ने कोख में ही बेटियों को मारने वाली मानसिकता और अवैध लिंग जांच रैकेट के खिलाफ एक नजीर पेश करने वाला सख्त फैसला सुनाया है। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट देवेंद्र की अदालत ने गर्भ में भ्रूण लिंग जांच  के मामले में एक एमबीबीएस (MBBS) डॉक्टर, एक दलाल और टेस्ट कराने आए दंपती समेत चार लोगों को दोषी करार देते हुए जेल की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषियों की दया याचिका को पूरी तरह खारिज करते हुए इस अपराध को महिलाओं की गरिमा और लैंगिक समानता पर सीधा प्रहार बताया है।

डॉक्टर और दलाल को 3-3 साल का कठोर कारावास

अदालत ने उत्तर प्रदेश के बिजनौर (शांतिनगर) निवासी एमबीबीएस चिकित्सक डॉ. कौशल कुमार और लाडवा (रविदास नगर) निवासी दलाल संदीप कुमार को पीसी-पीएनडीटी (PC-PNDT) एक्ट की विभिन्न धाराओं और आईपीसी की धारा 120-बी (साजिश रचने) के तहत दोषी पाया। दोनों को तीन-तीन साल के कठोर कारावास की सजा और ₹5,000 जुर्माने की सजा सुनाई गई है। जुर्माना न भरने पर उन्हें तीन महीने की अतिरिक्त सजा काटनी होगी।

जांच कराने पहुंचे माता-पिता को भी 1 साल की जेल

अदालत ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए न केवल रैकेट चलाने वालों, बल्कि अवैध जांच को बढ़ावा देने वाले माता-पिता को भी नहीं बख्शा। करनाल (इन्द्री) के गोदपुर निवासी दंपती रेखा और रिंकू, जो अपने गर्भस्थ शिशु की लिंग जांच कराने पहुंचे थे, उन्हें पीसी-पीएनडीटी एक्ट की धारा 6(सी) के तहत एक-एक वर्ष के कठोर कारावास और ₹1,000 जुर्माने की सजा सुनाई गई है।

‘सभ्य समाज के लिए गंभीर खतरा’ — अदालत की सख्त टिप्पणी

सुनवाई के दौरान दोषियों ने अपने छोटे बच्चों, बीमार माता-पिता और पहली बार अपराध में शामिल होने का हवाला देकर कोर्ट से रहम की गुहार लगाई थी। मगर सरकारी वकील ने इसका कड़ा विरोध किया। न्यायाधीश ने सजा का ऐलान करते हुए कहा कि यह मामला समाज के लिए एक गंभीर खतरा है। यह केवल कानून का उल्लंघन नहीं, बल्कि मानवता और संविधान के सिद्धांतों के खिलाफ एक गंभीर अपराध है, जिसमें किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जा सकती।


पटना के वीआईपी इलाके में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग, सरकारी कर्मचारी की पत्नी बनी शिकार

पटना। बिहार की राजधानी पटना में बेखौफ अपराधियों का मनोबल इस कदर बढ़ गया है कि अब वे वीआईपी और सुरक्षित माने जाने वाले इलाकों को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे हैं। ताजा मामला कदमकुआं थाना क्षेत्र के काजीपुर इलाके का है, जहां शुक्रवार की देर शाम बदमाशों ने दिनदहाड़े एक सरकारी आवास के मुख्य द्वार पर खड़ी महिला से सोने की चेन लूट ली और आसानी से फरार हो गए। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

डीएम कार्यालय के स्टेनो के घर को बनाया निशाना

प्राप्त जानकारी के अनुसार, काजीपुर रोड नंबर 1 स्थित मकान संख्या 10 (सरकारी आवास) के बाहर शुक्रवार शाम करीब छह बजे अर्चना कुमारी अपने बच्चों के साथ खड़ी थीं। अर्चना कुमारी के पति राजेश कुमार त्रिवेदी पटना के जिलाधिकारी (डीएम) कार्यालय में स्टेनो के पद पर कार्यरत हैं। जब वह घर के मुख्य गेट पर ही मौजूद थीं, तभी एक बाइक पर सवार दो नकाबपोश अपराधी वहां पहुंचे। इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती, बाइक के पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन उड़ा ली।

₹3 लाख की थी चेन, CCTV में कैद हुए बदमाश

वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों शातिर अपराधी तेजी से दक्षिण दिशा की ओर रफूचक्कर हो गए। पीड़िता के मुताबिक लूटी गई सोने की चेन करीब 20 ग्राम की थी, जिसकी मौजूदा बाजार कीमत लगभग तीन लाख रुपये आंकी जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही कदमकुआं थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले हैं। फुटेज में दोनों बदमाशों की हरकतें और मोटरसाइकिल साफ नजर आ रही है, हालांकि हेलमेट पहनने के कारण उनके चेहरे स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस ने अर्चना कुमारी के लिखित बयान के आधार पर प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है और बाइक नंबर के जरिए लुटेरों की धरपकड़ के लिए छापेमारी कर रही है।


ग्रेटर नोएडा में ड्रग्स सप्लाई रैकेट का खुलासा, दो नाइजीरियाई नागरिक गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा की ईकोटेक वन कोतवाली पुलिस ने कॉलेज छात्रों और रिहायशी सोसायटियों को निशाना बनाने वाले एक हाई-टेक ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने नाइजीरियाई मूल के दो विदेशी नागरिकों को प्रतिबंधित और बेहद नशीले मादक पदार्थों के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। ये आरोपी व्हाट्सएप ग्रुप्स के जरिए ऑनलाइन ऑर्डर लेकर डिमांड के आधार पर छात्रों को सिंथेटिक ड्रग्स की होम डिलीवरी कर रहे थे।

₹5 लाख की हाई-ग्रेड एमडीएमए बरामद

डीसीपी डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस टीम ने औद्योगिक क्षेत्र स्थित श्मशान भूमि कट के पास चेकिंग के दौरान एक दिल्ली नंबर की स्कूटी को रोका। तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से 39.27 ग्राम क्रिस्टल एमडीएमए (MDMA) और मेथामफेटामाइन श्रेणी के प्रतिबंधित ड्रग्स बरामद हुए। इसके अलावा उनके पास से एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी मिला है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त ड्रग्स की कीमत करीब 5 लाख रुपये आंकी गई है, जिसे ये आरोपी 5 हजार रुपये प्रति ग्राम के हिसाब से बेचते थे।

छात्र वीजा पर आकर फैलाई नशे की जड़ें

पकड़े गए आरोपियों की पहचान नाइजीरिया निवासी एंथनी चिनवुबा उर्फ डेविड और अमोस मूसा उर्फ लकी के रूप में हुई है। ये दोनों वर्तमान में बिसरख की नेचर वैली सोसायटी और नॉलेज पार्क-3 की सोसायटियों में छिपकर रह रहे थे। पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपी साल 2018 में स्टूडेंट वीजा पर भारत आए थे और पिछले 3 साल से लगातार दिल्ली-एनसीआर में ड्रग्स तस्करी के काले कारोबार में लिप्त थे।

सप्लाई चेन खंगालने में जुटी पुलिस

पूछताछ में आरोपियों ने कुबूल किया कि वे दिल्ली के एक सप्लायर से थोक में ड्रग्स खरीदकर लाते थे और फिर ग्रेटर नोएडा की सोसायटियों व कॉलेजों के छात्रों को व्हाट्सएप के जरिए जाल में फंसाकर बेचते थे। ईकोटेक वन थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट और विदेशी अधिनियम (Foreigners Act) के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। अब पुलिस इनके पूरे नेटवर्क और दिल्ली के मुख्य सप्लायर की तलाश में जुट गई है।


गर्ल्स हॉस्टल की महिला सुरक्षा गार्ड ने बिल्डिंग से कूदकर की आत्महत्या, पुलिस जांच जारी

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में स्थित एक निजी कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब वहां कार्यरत एक 19 वर्षीय महिला सुरक्षा गार्ड ने हॉस्टल की बहुमंजिला इमारत से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल महिला को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव बना वजह

ग्रेटर नोएडा के एडिशनल डीसीपी (ADCP) संतोष कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मृतका की पहचान पारुल (19 वर्ष) पत्नी सौरभ चौधरी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जनपद मेरठ की रहने वाली थी। पारुल नॉलेज पार्क क्षेत्र के एक गर्ल्स हॉस्टल में बतौर सुरक्षा गार्ड ड्यूटी कर रही थी। पुलिस की प्रारंभिक जांच और पूछताछ में यह बात सामने आई है कि मृतका का अपने पति के साथ कुछ पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी घरेलू कलह और अत्यधिक मानसिक तनाव के चलते महिला ने यह आत्मघाती कदम उठाया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

घटना के समय जानकारी मिलते ही मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंच गए थे, जिनसे पुलिस ने पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई है। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों की आधिकारिक पुष्टि होगी। फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और परिजनों से शिकायत मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp