Tuesday, November 17, 2026
8:51 PM

Drop Us An Email Any Enquiry Drop Us An Emailshailesh.lekhwar2000@gmail.com
Call Us For Consultation Call Us For Consultation +91 9818666272

शिमला पुलिस का नशा तस्करों पर शिकंजा, 915 ग्राम अफीम के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

Category Archives: क्राइम

शिमला पुलिस का नशा तस्करों पर शिकंजा, 915 ग्राम अफीम के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

शिमला (हिमाचल प्रदेश): जिला शिमला पुलिस द्वारा नशा तस्करी और ड्रग्स माफिया के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्पेशल सेल शिमला को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने 10 और 11 जून की मध्यरात्रि को एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो शातिर तस्करों को 915 ग्राम अफीम के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नशीले पदार्थ को जब्त करने के साथ ही तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे वाहन को भी अपने कब्जे में ले लिया है।

मध्यरात्रि को नाकेबंदी के दौरान पकड़े गए तस्कर
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, स्पेशल सेल शिमला की टीम क्षेत्र में यातायात जांच और आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए छोटा शिमला, ढली, मशोबरा, बसंतपुर, सुन्नी, कधरघाट और जलोग क्षेत्रों में मुस्तैदी से गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को एक गुप्त इनपुट मिला कि एक वाहन में भारी मात्रा में नशा ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोककर उसकी गहनता से तलाशी ली।

कार के डैशबोर्ड से बरामद हुई अफीम, आरोपियों की हुई पहचान
वाहन की तलाशी लेने पर उसके डैशबोर्ड के भीतर छुपाकर रखी गई करीब 915 ग्राम अफीम बरामद हुई। पकड़े गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:

दिनेश ठाकुर (45 वर्ष), निवासी गांव भोग (ठियोग, शिमला)

धर्मेंद्र हिमराल (33 वर्ष), निवासी गांव बनूना (सुन्नी, शिमला)

पूछताछ के दौरान आरोपी बरामद की गई अफीम के संबंध में कोई भी वैध कागजात या दस्तावेज पेश नहीं कर सके।

पुलिस की कानूनी कार्रवाई: आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना सुन्नी में अभियोग संख्या 23/2026 के तहत एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम की धारा 18 और 29 के अंतर्गत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाएगा।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से तफ्तीश जारी है। अब इस बात का पता लगाया जा रहा है कि अफीम की यह खेप कहाँ से लाई गई थी और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस इस पूरे नशा तस्करी नेटवर्क (बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज) को खंगालने में जुटी है ताकि इससे जुड़े अन्य लोगों को भी सलाखों के पीछे भेजा जा सके।


चंदौली के स्कूल में खूनी वारदात, सहपाठी के चाकू हमले में 16 वर्षीय छात्र की मौत

चंदौली (उत्तर प्रदेश): चंदौली कोतवाली क्षेत्र के एक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार सुबह एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ स्कूल परिसर में पढ़ाई के दौरान दो नाबालिग छात्रों के बीच हुआ मामूली विवाद इस कदर बढ़ा कि एक छात्र ने अपने ही सहपाठी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में गंभीर रूप से जख्मी छात्र की जिला अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए हमलावर छात्र को मौके से ही हिरासत में ले लिया है।

गणित की क्लास में हुआ खूनी संघर्ष
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह स्कूल में 10वीं कक्षा के बच्चों को गणित पढ़ाया जा रहा था। इसी बीच क्लास में बैठे दो छात्रों के बीच किसी बात को लेकर तकरार शुरू हो गई। देखते ही देखते इस विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और एक छात्र ने अपने पास रखे चाकू से सहपाठी लवकुश यादव (16 वर्ष) पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

अस्पताल में छात्र ने तोड़ा दम, भाग रहा आरोपी दबोचा
लवकुश को गंभीर हालत में आनन-फानन में नजदीकी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, घटना को अंजाम देकर भागने की कोशिश कर रहे आरोपी छात्र उत्कर्ष को पुलिस ने मौके से दबोच लिया। स्कूल के भीतर छात्र की हत्या की खबर आग की तरह फैल गई, जिससे स्कूल स्टाफ, छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में दहशत का माहौल है।


फर्जी हथियार लाइसेंस रैकेट पर एसटीएफ का बड़ा प्रहार, दो आरोपी गिरफ्तार

मुख्यमंत्री उत्तराखंड के निर्देश पर अवैध हथियारों के फर्जी लाइसेंस धारकों पर कार्यवाही हुई तेज

एसटीएफ.की फर्जी लाईसेंसधारकों के विरुध कार्यवाही करते हुए कल देर रात्रि रुद्रपुर क्षेत्र से 02 व्यक्तियों को भारी मात्रा में अवैध शस्त्रो व कारतूस सहित किया गिरफ्तार ।

एसटीएफ द्वारा काशीपुर कोतवाली में दर्ज कराये गये मुकदमें में एक ओर बड़ी कार्यवाही करते हुए रुद्रपुर क्षेत्र से 01 पम्प एक्शन बन्दूक 12 बोर, 01 पिस्टल सेमी ऑटोमैटिक 30 बोर, 01 पिस्टल 32 बोर, साथ 08 कारतूस (विभिन्न बोर) व दो फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद कर 02 अभियुक्तों को गिरफ्तार

दिनांकः 10-06-26 की रात्रि को उत्तराखण्ड एसटीएफ ने कार्यवाही करते हुए काशीपुर क्षेत्र से 04 अवैध हथियार व 237 कारतूस एक स्विफ्ट कार से किये गये थे बरामद, जिसमें नामजद फरार अभियुक्त सौरभ अग्रवाल आया एसटीएफ की गिरफ्त में*

एसएसपी एसटीएफ की मॉनिटरिंग में एसटीएफ की कई टीमें कार्यवाही को अंजाम दे रही हैं और अब एसटीएफ. द्वारा 03 अभियोग पंजीकृत कराकर संलिप्त 07 अभियुक्तों को अवैध शस्त्र व फर्जी कूटरचित लाइसेंस के साथ जेल भेजा जा चुका है। *

गिरफतार अभियुक्त ने पूछताछ में किए सनसनीखेज खुलासे जल्दी ही साक्ष्य के आधार पर अन्य अवैध शस्त्र धारकों पर होगी कार्यवाही: SSP STF

 देहरादून- मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के “अपराध मुक्त उत्तराखण्ड” के विजन तथा पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड दीपम सेठ के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) उत्तराखण्ड द्वारा राज्य में बाहरी राज्यों से स्थानान्तरित होकर आए शस्त्र लाइसेंसों की वैधता एवं सत्यता की जांच के उपरान्त दिनांक 04-06-2026 जनपद ऊधमसिंह नगर की काशीपुर कोतवाली में FIR No 213/2026 u/s 318(4), 338,336(3),340,61(2), 3(5),111 BNS 2023 पंजीकृत कराया गया था उसी मुकदमें की विवेचना के क्रम में दिनांकः 10-06-26 की रात्रि को उत्तराखण्ड एसटीएफ व जनपद ऊधमसिंह नगर पुलिस ने ज्वाइंट ऑप्रेशन में कार्यवाही करते हुए काशीपुर क्षेत्र से 04 अवैध हथियार व 237 कारतूस एक स्विफ्ट कार से बरामद किये गये थे, जिन्हें एसटीएफ द्वारा काशीपुर कोतवाली में ले जाकर दाखिल कराया गया था। बरामद अवैध शस्त्र, कारतूस, कूटरचित लाइसेंस एवं वाहन मुकदमा उपरोक्त में नामजद अभियुक्त सौरभ अग्रवाल, गौरव अग्रवाल पुत्रगण राकेश अग्रवाल निवासीगण रामनगर रोड चामुण्डा विहार काशीपुर व दीप्ति अग्रवाल पत्नी सौरभ अग्रवाल निवासी काशीपुर होने पाये गये।

जिस सम्बन्ध में फरार अभियुक्त सौरभ अग्रवाल व अन्य की सुरागरसी-पतारसी कर तलाश हेतु एसटीएफ. की विभिन्न टीमे दबिश दे रही थी, इसी क्रम मे दिनांक 11-06-26 की देर रात्रि को एस0टी0एफ0 द्वारा रुद्र्पुर रोडवेज के पास से काशीपुर में पंजीकृत अभियोग से सम्बंधित अभियुक्त सौरभ अग्रवाल पुत्र राकेश कुमार अग्रवाल निवासी काशीपुर जनपद उधसिंहनगर एवं उसके ड्राईवर अमित पाल पुत्र प्रमोद पाल निवासी कटोराताल थाना काशीपुर जनपद उधसिंहनगर को हिरासत मे लिया गया तथा इनके कब्जे से 01 पम्प एक्शन बन्दूक आँटोमैटिक 12बोर, 01 पिस्टल ऑटोमैटिक 30 बोर, 01 पिस्टल आँटोमैटिक 32 बोर, साथ 08 कारतूस (विभिन्न बोर) व दो फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किये गये ।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ ने जानकारी देते हुए बताया कि एसटीएफ. द्वारा राज्य में फर्जी शस्त्र लाइसेंस मामले की जांच की जा रही है और एसटीएफ द्वारा राज्य में इस सम्बन्ध में विभिन्न जनपदो में 03 अभियोग दर्ज कर संलिप्त 07 अभियुक्तों को जेल भेजा गया है तथा अब तक 12 अवैध शस्त्र, 315 कारतूस व फर्जी लाइसेंस बरामद किये जा चुके हैं।

एसएसपी एसटीएफ द्वारा बताया गया की कल रात्रि एसटीएफ को रुद्रपुर क्षेत्र से दो व्यक्तियों के पास भारी मात्रा में अवैध हथियार होने का गोपनीय इनपुट प्राप्त हुआ था जिस पर मेरे द्वारा टीम को निर्देशित किया गया था टीम द्वारा दिनांक 11-06-26 की रात्रि में कार्यवाही करते हुए इनके कब्जे से कब्जे से 01 पम्प एक्शन आँटोमैटिक बन्दूक 12बोर, 01 पिस्टल ऑटोमैटिक 30 बोर, 01 पिस्ट आँटोमैटिक 32 बोर, साथ 08 कारतूस (विभिन्न बोर) व दो फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किये गये ।

एसएसपी एसटीएफ द्वारा यह भी बताया गयी की दिनांक 10-06-26 को काशीपुर क्षेत्र से जो स्विफ्ट कार जिसमे भारी मात्रा में अवैध शस्त्र बरामद हुए थे वह कार गिरफ्तार किये गये अभियुक्त अमित पाल द्वारा सबूतों को मिटाने व साक्ष्य को छुपाने की नियत से काशीपुर में पार्किग मे छुपाकर खडी की गयी थी । एसटीएफ द्वारा अभियुक्त के कब्जे से पूर्व में बरामदा कार की चाबी भी बरामद हुई । पूछताछ में अन्य लोगो के नाम प्रकाश में आये है, जिस पर सूचना विकसित कर कार्यवाही की जा रही है।

उक्त के अतिरिक्त राज्य में बाहरी राज्यों से स्थानान्तरित होकर आए हजारों शस्त्र लाइसेंसों एवं उनके धारकों का सत्यापन जारी है। जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे भी लगातार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि फर्जी शस्त्र लाइसेंस राष्ट्रीय सुरक्षा, सार्वजनिक शांति एवं कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा हैं तथा ऐसे मामलों में उत्तराखण्ड पुलिस “जीरो टॉलरेंस” की नीति के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है।

एसटीएफ द्वारा आमजन से भी अपील की गई है कि यदि किसी व्यक्ति को फर्जी अथवा संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों के संबंध में कोई सूचना प्राप्त होती है तो वह तत्काल एसटीएफ को अवगत कराएं, सूचनाकर्ता का नाम गोपनीय रखा जायेगा।
एसटीएफ से संपर्क हेतु मो.नं. 9412029536

गिरफ्तारी-
1. सौरभ अग्रवाल पुत्र राकेश कुमार अग्रवाल निवासी काशीपुर जनपद उधसिंहनगर
2. अमित पाल पुत्र प्रमोद पाल निवासी कटोराताल थाना काशीपुर जनपद उधसिंहनगर

बरामदगीः-
1. एक पम्प एक्शन बन्दूक 12 बोर
2. एक ऑटोमैटिक पिस्टल .32 बोर मय 01 मैंगजीन
3.एक आटोमैटिक पिस्टल .30 बोर मय 01 मैगजीन
4. 08 जिन्दा कारतूस
5.दो फर्जी लाईसेंस
6. एक चाबी कार की

एसटीएफ उत्तराखण्ड टीमः-
1.निरीक्षक विकास चौधरी
2. निरीक्षक अरुण कुमार
3. निरीक्षक एम0पी0सिंह
4. उ0नि0 विपिन चन्द्र जोशी
5.उ0नि0 कृष्ण गोपाल मठपाल
6. हे0 का0 रविन्द्र सिह बिष्ट
7. हे0 का0 महेन्द्र गिरी
8- हे0का0 सुरेन्द्र सावंत
9.हे0का0 संजय कुमार
10.का0 सोनु पांण्डे
11.किशन चन्द्र शर्मा (सर्विलांस)


दिव्यांग सर्टिफिकेट के नाम पर 44 हजार की रिश्वत, एसीबी ने सीएमओ कार्यालय के ड्राइवर को रंगे हाथ गिरफ्तार

जींद (हरियाणा): हरियाणा के जींद जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। जींद के नागरिक अस्पताल में हैंडिकैप्ड (दिव्यांग) सर्टिफिकेट बनवाने की आड़ में रिश्वत लेने के आरोप में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) सिरसा की टीम ने सीएमओ (CMO) कार्यालय के ड्राइवर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी ड्राइवर की पहचान जगदीश के रूप में हुई है।

दिव्यांग सर्टिफिकेट के लिए मांगी थी ₹44,000 की घूस
मिली जानकारी के अनुसार, एक शिकायतकर्ता ने एंटी करप्शन ब्यूरो से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई थी कि उससे दिव्यांग सर्टिफिकेट जारी करने के बदले में 44 हजार रुपये की भारी-भरकम रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत मिलने के बाद एसीबी के अधिकारियों ने प्राथमिक जांच की और मामले का सत्यापन करने के बाद आरोपी को पकड़ने के लिए एक सुनियोजित जाल बिछाया।

अस्पताल के मुख्य गेट के पास रंगे हाथों गिरफ्तारी
तय योजना के मुताबिक, शुक्रवार को शिकायतकर्ता रिश्वत की राशि देने के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचा। अस्पताल के मुख्य गेट के पास स्थित वीटा बूथ के नजदीक जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी ड्राइवर जगदीश को ₹44,000 की नकद राशि थमाई, वैसे ही पूर्व निर्धारित योजना के तहत टीम को इशारा कर दिया गया।

एसीबी अधिकारियों की कार्रवाई: संकेत मिलते ही आस-पास घात लगाकर बैठी एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने तुरंत मौके पर धावा बोल दिया। टीम ने आरोपी ड्राइवर जगदीश को रंगे हाथों दबोच लिया। मौके पर ही तलाशी लेने के दौरान उसके कब्जे से रिश्वत में ली गई ₹44,000 की पूरी रकम भी बरामद कर ली गई।

एसीबी की टीम आरोपी को हिरासत में लेकर आगामी कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई में जुट गई है। इस कार्रवाई के बाद से स्वास्थ्य विभाग और सीएमओ कार्यालय के अन्य कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है।


ओमकार अपहरण कांड में बड़ी सफलता, 50 हजार के इनामी दो आरोपी दिल्ली पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

गाजियाबाद- लोणी के गनौली गांव निवासी ओमकार के गोली मारकर अपहरण करने के मामले में फरार चल रहे दो कुख्यात बदमाशों को दिल्ली पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सौरभ और गोपाल के रूप में हुई है, जिन पर गाजियाबाद पुलिस की ओर से 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इनकी गिरफ्तारी के लिए गाजियाबाद पुलिस की 10 अलग-अलग टीमें दिन-रात छापेमारी कर रही थीं।

नहर में ओमकार की तलाश जारी, आरोपियों से उगलवाए जाएंगे राज
डीसीपी ग्रामीण (गाजियाबाद) सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि दोनों शातिर बदमाशों की दिल्ली में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तारी की सूचना मिली है। पूरी जानकारी जुटाने और आगे की कागजी कार्रवाई के लिए गाजियाबाद पुलिस की एक विशेष टीम को दिल्ली रवाना कर दिया गया है। गाजियाबाद पुलिस अब अदालत के जरिए दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेगी, ताकि लापता ओमकार के बारे में सटीक जानकारी मिल सके।

डीसीपी ग्रामीण का बयान: “इस अपहरण कांड में शामिल मोहित समेत दो आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। घटना में नामजद एक और आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। वहीं, पीड़ित ओमकार की खोज के लिए पुलिस की टीमें लगातार नहर में सर्च अभियान चला रही हैं, हालांकि अभी तक सफलता नहीं मिल सकी है।”

परिजनों को भी मिली गिरफ्तारी की सूचना
लंबे समय से फरार चल रहे इन मुख्य आरोपियों के दिल्ली में पकड़े जाने की खबर ओमकार के परिजनों को भी मिल गई है। पुलिस को उम्मीद है कि सौरभ और गोपाल से रिमांड के दौरान कड़ाई से पूछताछ करने पर इस पूरे किडनैपिंग कांड का खुलासा हो जाएगा और ओमकार का सुराग भी मिल जाएगा।


अवैध संबंध का विरोध करने पर पति ने दुपट्टे से गला घोंटकर की पत्नी की निर्मम हत्या

सहरसा (बिहार): बिहार के सहरसा जिले के पंचवटी चौक के पास से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ एक किराए के मकान में रह रही 35 वर्षीय महिला सोनी कुमारी की उसके ही पति सोनू शर्मा ने कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतका की मां की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

अवैध संबंध के विरोध पर उपजा था विवाद

जानकारी के अनुसार, खगड़िया जिले की रहने वाली सोनी कुमारी की शादी करीब सात साल पहले सोनू शर्मा से हुई थी, जो पेशे से प्लंबर का काम करता है। दोनों के दो छोटे बेटे हैं। परिजनों के मुताबिक, दिल्ली में काम करने के दौरान सोनू का अपनी एक रिश्तेदार (चचेरी भाभी) के साथ कथित तौर पर अवैध संबंध हो गया था। जब पत्नी सोनी को इसकी भनक लगी, तो उसने इसका कड़ा विरोध किया। विवाद बढ़ने के बाद वह अपने बच्चों को लेकर सहरसा आ गई और पंचवटी चौक के पास एक मकान में किराए पर रहकर, दूसरों के घरों में काम करके बच्चों का भरण-पोषण करने लगी।

तीन दिन पहले ही आया था पति, बहस के बाद की हत्या

बताया गया है कि आरोपी सोनू शर्मा तीन दिन पहले ही अपनी पत्नी और बच्चों के पास सहरसा आया था। गुरुवार की देर रात दोनों के बीच पुराने विवाद को लेकर एक बार फिर तीखी बहस शुरू हो गई। आरोप है कि गुस्साए सोनू ने अपनी पत्नी का दुपट्टे से गला घोंट दिया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे सोनी की मौके पर ही मौत हो गई।

मासूम बच्चा बना गवाह: इस पूरी खौफनाक वारदात का गवाह दंपति का चार साल का मासूम बेटा विवान बना। बच्चे ने रोते हुए परिजनों को बताया कि उसके पापा ने ही उसकी मां के साथ मारपीट की और फिर उन्हें मार डाला।

FSL की टीम जांच में जुटी, आरोपी की तलाश तेज

घटना की सूचना मिलते ही सहरसा सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं।

सदर एसडीपीओ (SDPO) आलोक कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला पति-पत्नी के आपसी विवाद और हत्या का है। एफएसएल की टीम हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। फिलहाल आरोपी पति फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को दबोच लिया जाएगा।


घर में मिली 4 साल की मासूम की बेसुध लाश, दुष्कर्म के प्रयास के बाद गला दबाकर हत्या की आशंका

शिवपुरी (मध्य प्रदेश): शिवपुरी जिले के पोहरी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली और इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक गांव में चार साल की मासूम बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुरुआती चिकित्सीय परीक्षण में बच्ची के साथ गलत काम की कोशिश और फिर गला दबाकर उसकी हत्या किए जाने की गंभीर आशंका जताई गई है। इस जघन्य वारदात के बाद से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है।

सूने घर में बेसुध मिली मासूम

जानकारी के अनुसार, घटना के समय बच्ची के माता-पिता घर पर नहीं थे। पिता रोज की तरह मजदूरी पर गए थे और मां किसी जरूरी काम से भटनावर गई हुई थी। घर पर चार साल की मासूम अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। शाम करीब छह बजे जब पिता वापस लौटे, तो उन्हें बेटी घर के भीतर बेसुध हालत में मिली। घबराए पिता तुरंत उसे गोद में उठाकर पोहरी अस्पताल भागे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया।

डॉक्टरों ने जताई जघन्य कृत्य की आशंका

पोहरी अस्पताल के डॉक्टर जितेंद्र धाकड़ ने बताया कि प्राथमिक जांच में बच्ची के शरीर पर कुछ बेहद संदिग्ध निशान मिले हैं।

डॉक्टर का बयान: “हालात को देखकर अंदेशा है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने बच्ची के साथ गलत हरकत करने की कोशिश की और पहचान उजागर होने के डर से गला दबाकर उसकी जान ले ली। मौत की असल और सटीक वजह डॉक्टरों के पैनल द्वारा किए जाने वाले पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद ही साफ हो पाएगी।”

एसपी सहित भारी पुलिस बल मौके पर, जांच के लिए टीमें गठित

वारदात की गंभीरता को देखते हुए शिवपुरी पुलिस अधीक्षक (SP) यांगचेन डोलकर भूटिया, एसडीओपी पोहरी आनंद राय और स्थानीय थाना पुलिस तुरंत बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।

पुलिस गांव के बच्चों, पड़ोसियों और परिजनों से लगातार पूछताछ कर रही है। एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया ने बताया कि मामला बेहद संवेदनशील है और हर संभावित एंगल से इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया है कि आरोपी चाहे जो कोई भी हो, उसे किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश तेज कर दी है।


जाबी सिंगर गुरु रंधावा के ब्रांड से जुड़े जिम पर ताबड़तोड़ फायरिंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी

नई दिल्ली: बाहरी दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहाँ पुष्कर एन्क्लेव स्थित पंजाबी गायक गुरु रंधावा के ब्रांड से जुड़े ’24 ऑवर फिटनेस जिम’ पर बृहस्पतिवार तड़के बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलीबारी की इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है, लेकिन जिम के शीशे पूरी तरह टूट गए हैं।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी, सलमान खान का नाम आया सामने

वारदात के कुछ ही देर बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सक्रिय सदस्य अनिल पंडित (जो फिलहाल अमेरिका में रह रहा है) ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डालकर इस हमले की जिम्मेदारी ली। अनिल पंडित ने अपनी पोस्ट में साफ तौर पर लिखा कि यह फायरिंग गुरु रंधावा की फिल्म अभिनेता सलमान खान से बढ़ती नजदीकियों के कारण की गई है।

गैंगस्टर की सोशल मीडिया पोस्ट: “गुरु रंधावा आजकल सलमान खान के कुछ ज्यादा ही करीबी हो रहे थे। हमने पहले भी समझाया था कि उससे दूर रहो, वह हमारा दुश्मन है, लेकिन इन्हें समझ नहीं आई। जितने भी हमारे दुश्मन हैं, वो दुनिया के किसी भी कोने में छुप जाएं, जल्द ही सबसे मुलाकात होगी।”

फ्रेंचाइजी मॉडल पर चल रहा था जिम, पुलिस जांच तेज

बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि इस जिम का गुरु रंधावा से सीधा मालिकाना हक नहीं है। यह जिम टैगोर गार्डन के एक कारोबारी द्वारा इसी साल फरवरी से चलाया जा रहा है, जो गुरु रंधावा से जुड़े फिटनेस ब्रांड की महज एक ‘फ्रेंचाइजी’ है।

पुलिस अब जिम मालिक से दस्तावेज मांगकर जांच कर रही है। हालांकि, अधिकारियों ने बताया कि बिश्नोई गैंग द्वारा पहले भी गुरु रंधावा को सलमान खान से दूरी बनाने के लिए फोन और अन्य माध्यमों से धमकियां दी जा चुकी हैं।

स्पेशल सेल और क्राइम ब्रांच ने संभाला मोर्चा

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस के अलावा दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और अपराध शाखा (Crime Branch) की टीमों को भी जांच में लगा दिया गया है। हमलावरों की तलाश के लिए कई टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। बता दें कि अप्रैल 2024 में इसी गैंग ने सलमान खान के मुंबई स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर भी फायरिंग की थी और तब से बॉलीवुड के कई कलाकार इनके निशाने पर हैं।


सराय रोहिल्ला में दिनदहाड़े डेढ़ करोड़ की लूट, पिस्टल के बल पर कैश लेकर फरार हुए बदमाश

नई दिल्ली: उत्तरी दिल्ली के सराय रोहिल्ला इलाके में बुधवार दोपहर बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए एक रियल एस्टेट कंपनी के दो कर्मचारियों से दिनदहाड़े डेढ़ करोड़ रुपये लूट लिए। वारदात के बाद आरोपी हवा में पिस्टल लहराते हुए पंजाबी बाग की तरफ फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश के लिए आधा दर्जन से अधिक टीमें गठित की हैं।

ओवरटेक कर रोका रास्ता, पिस्तौल तानकर लूटा बैग

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित नितिन और करण पश्चिम विहार स्थित एक रियल एस्टेट कंपनी में कैशियर के रूप में काम करते हैं। बुधवार दोपहर वे अपने मालिक निशांत के कहने पर एक बैग में ₹1.5 करोड़ की नकदी लेकर स्कूटी से पुरानी दिल्ली के कूचा घासीराम स्थित एक फर्म के लिए निकले थे।

जैसे ही वे अशोक पार्क मेट्रो स्टेशन से इंद्रलोक के पास पहुंचे, लाल रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उनकी स्कूटी को ओवरटेक कर जबरन रोक लिया। एक बदमाश ने दोनों कैशियरों पर पिस्तौल तान दी, जबकि दूसरे ने रुपयों से भरा बैग छीन लिया। जब आस-पास के लोगों ने दखल देने की कोशिश की, तो बदमाशों ने गोली मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए।

आधा दर्जन टीमें जांच में जुटीं, अंदरूनी हाथ होने का शक

वारदात की सूचना मिलते ही जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी बल के साथ मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बदमाश पश्चिम विहार स्थित कार्यालय से ही पीड़ितों का पीछा कर रहे थे। फिलहाल पुलिस घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

पुलिस का बयान: “मामले की गंभीरता को देखते हुए सराय रोहिल्ला थाना पुलिस के अलावा स्पेशल स्टाफ और एएटीएस (AATS) समेत कई टीमों को जांच में लगाया गया है। दोनों कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि इस बड़ी लूट के पीछे किसी करीबी या जानकार का हाथ (अंदरूनी सूत्र) हो सकता है।”


3 बच्चों की विधवा मां को शादी का झांसा देकर सहकर्मी ने किया दुष्कर्म; इस्तीफा देकर हुआ फरार

पलवल: हरियाणा के पलवल से एक बेहद ही संवेदनहीन और दिल दुखाने वाला मामला सामने आया है। यहां तीन बच्चों की एक विधवा महिला को शादी का झांसा देकर उसकी ही कंपनी के एक सहकर्मी (साथ काम करने वाले) युवक द्वारा लंबे समय तक दुष्कर्म करने का संगीन आरोप लगा है। इतना ही नहीं, आरोपी महिला को बदनाम करने की नीयत से कंपनी से इस्तीफा देकर फरार हो गया है। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गदपुरी थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली पीड़िता के पति की मृत्यु हो चुकी है। उस पर अपने दो बेटों और एक बेटी के लालन-पालन की पूरी जिम्मेदारी है। बच्चों के बेहतर भविष्य और घर के भरण-पोषण के लिए महिला एक निजी कंपनी में नौकरी करती थी। इसी कंपनी में नूंह (मेवात) जिले का रहने वाला अन्सार अली नामक युवक भी काम करता था, जो महिला के ही गांव में किराए का कमरा लेकर रह रहा था। एक ही कंपनी में काम करने के कारण आरोपी ने महिला का पीछा करना शुरू कर दिया और धीरे-धीरे उससे बातचीत बढ़ा ली।

शादी का झांसा देकर फंसाया, दबाव बनाने पर नौकरी छोड़ भागा

आरोपी अन्सार अली ने महिला को अपने झांसे में लेते हुए विश्वास दिलाया कि वह उससे शादी करेगा और उसके बच्चों को सहारा देगा। शादी का झांसा देकर आरोपी ने महिला को अपने चंगुल में फंसा लिया और उसके साथ कई बार जबरन शारीरिक संबंध बनाए। जब पीड़िता ने उस पर शादी करने का कानूनी दबाव बनाना शुरू किया, तो आरोपी बीमारी का बहाना बनाकर दो दिन की छुट्टी की बात कहकर वहां से निकल गया।

इसके बाद जब महिला कंपनी पहुंची, तो उसे पता चला कि आरोपी कंपनी से हमेशा के लिए इस्तीफा देकर जा चुका है। हद तो तब हो गई जब नौकरी छोड़ने के बाद आरोपी ने कंपनी के कई अन्य कर्मचारियों को फोन किया और पीड़िता को बदनाम करने की नीयत से झूठ फैलाया कि महिला उस पर जबरन शादी का दबाव बना रही थी। कंपनी में इस तरह से हुई बदनामी और धोखे से आहत होकर आखिरकार पीड़िता ने न्याय के लिए महिला थाना पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस आरोपी अन्सार अली की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।


Latest News in hindi

Call Us On  Whatsapp