लोनी (गाज़ियाबाद) – मामूली कहासुनी ने उस समय खतरनाक मोड़ ले लिया जब एक सिलाई फैक्ट्री के मालिक ने अपने ही कारीगर पर कैंची से हमला कर दिया। घायल कारीगर का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फैक्ट्री मालिक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पीड़ित के पिता याद मोहम्मद ने बताया कि उनका बेटा निठौरा रोड स्थित अल नजीर कॉलोनी का निवासी है और कंचन पार्क कॉलोनी में स्थित एक सिलाई कारखाने में मशीन ऑपरेटर के तौर पर काम करता है। कारखाना इंतजार नामक व्यक्ति की मिल्कियत है।
घटना शुक्रवार की है जब फैक्ट्री मालिक और कारीगर के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। पीड़ित के अनुसार, पहले उसे गालियां दी गईं और विरोध करने पर फैक्ट्री मालिक ने अचानक कैंची से उस पर हमला कर दिया। शोर सुनकर अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर घायल को अस्पताल पहुंचाया।
एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि 22 अगस्त को आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने फैक्ट्री में काम करने वाले अन्य कर्मचारियों से भी पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।